कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
20 मार्च 2026 शुक्रवार
✍️मनोज जायसवाल
————————

—देश में छत्तीसगढ़ ऐसा प्रदेश है,जहां पर बड़े शौक से बोहार भाजी खायी जाती है। मार्च अप्रेल में इसकी बहार होती है। खट्टे के साथ इसको पकाया जाता है। मुख्य रूप से बस्तर में बोहार पेंड़ से इसकी तुड़ाई की जाती है। बस्तर के प्रवेश द्वार चारामा विकासखंड सहित सम्पूर्ण बस्तर संभाग में इसके पेंड़ है। जंगलों में लाल चिंटी के चलते तोड़ने वालों को काफी मेहनत करनी पड़ती है। स्वाद के चलते इसका रेट है। स्थानीय बाजारों में 120 रूपये किलो पर बिक रही है,इसके साथ राजधानी मुख्यालय में इससे कुछ और मंहगी है। कांकेर जिले में स्थानीय लखनपुरी,चारामा,कोरर,पुरी,हल्बा,नरहरपुर,केशकाल,बहीगांव,फरसगांव,बस्तर,बीजापुर,दंतेवाड़ा,तोंगपाल,कोंटा हर जगह इन दिनों बोहार भाजी बाजार में उपलब्ध है। बोहार भाजी बनाने के लिए ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ती मुख्यतः यदि हमें 5 लोगों के लिए बनानी हो तो 1/2 किलो बोहार भाजी 2 प्याज मीडियम साइज बारीक कटा हुआ 8 टमाटर मीडियम साइज 6 लंबे आकार में कटी हुई हरी मिर्च स्वाद के अनुसार नमक आवश्यकतानुसार तेल 10 लहसुन कलियों की आवश्यकता पड़ती है।
————————
01. उजियारा अभियान के तहत् थाना नरहरपुर पुलिस ने अवैध शराब बिक्री करने वाले के विरूद्ध दर्ज अपराध। 15 लीटर देशी महुआ शराब के साथ किया गया आरोपी को गिरफ्तार।

-पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में अति. पुलिस अधीक्षक योगेश साहू, उप पुलिस अधीक्षक अविनाश ठाकुर के मार्गदर्शन में चलाये जा रहे उजियारा अभियान के तहत में अवैध शराब बिक्री करने वालों के विरूद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना नरहरपुर में थाना प्रभारी सोमेश सिंह बघेल के नेतृत्व में दिनांक 20.03.2026 को आरोपी चैत राम जुरी निवासी मारवाडी थाना नरहरपुर अपने घर में अवैध रूप से देशी महुआ शराब बिक्री हेतु रखा है कि सुचना पर रेड़ कार्य कार्यवाही कर आरोपी के घर से 15 लीटर देशी महुआ बरामद किया गया। जिसे गवाहों के समक्ष जप्त कर आरोपी चैनसिंग पिता स्व. मेहत्तर राम जुर्री उम्र 58 वर्ष निवासी मारवाडी थाना नरहरपुर के विरूद्ध अपराध क्रमांक 69/2026 थारा 34 (2) आबकारी अधिनियम कायम किया गया। आरोपी द्वारा अपराध घटित करने पर दिनांक 20.03.2026 को गिरफ्तार कर आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर माननीय न्यायालय पेश किया गया।
पुलिस बल का विवरण: निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल थाना प्रभारी नरहरपुर,स. उ. नि. पलटू मंडावी, प्र. आर. 973 संध्या लाल मण्डावी, आर. 1090 नीलेश साहु, महिला आर. 156 सरिता गोटी।
————————
02. विगत 09 माह पुराने मितानिन प्रेरक जयंती मंडल हत्याकांड का खुलासा। जयंती मंडल हत्याकांड में आरोपी गिरफ्तार। पैसों के विवाद में हुई थी मितानिन की हत्या।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है दिनांक 18 जून 2025 को थाना दुर्गूकोंदल क्षेत्र अंतर्गत लिगभंगदरहा जंगल के पगडंडी मार्ग में एक अज्ञात महिला (उम्र लगभग 30-35 वर्ष) का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने की सूचना प्राप्त हुई। मृतका के सिर एवं चेहरे पर पत्थर से वार कर हत्या किया जाना पाया गया। सूचना पर पुलिस टीम, ग्राम कोटवार एवं सरपंच के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया।मृतिका की पहचान जयंती मंडल पति सुभाष मंडल उम्र 40 वर्ष निवासी चिखली थाना बड़गांव जो कि दुगूकोंदल क्षेत्र में मितानिन प्रेरक का कार्य करती थी, के रुप में हुई। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला पाए जाने पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश सिन्हा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मामले के सभी पहलुओं की पुनः जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुआ।
आरोपी की गिरफ्तारी एवं खुलासा
संदेह के आधार पर ग्राम सोनपाल थाना बड़गांव निवासी आरोपी तारकचंद उर्फ चंदन से पूछताछ की गई, जिसने प्रारंभ में टालमटोल किया, किन्तु बाद में अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
हत्या का कारण :–
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी माता के नाम पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ₹40,000 की राशि प्राप्त हुई थी, जिसका निर्माण कार्य मृतिका जयंती मंडल (मितानिन प्रेरक) को दिया गया था। मृतिका द्वारा राशि लेने के बाद भी घर का निर्माण नहीं किया गया तथा बार-बार टालमटोल किया जाता रहा।राशि वापस मांगने पर भी मृतिका द्वारा इंकार करने से आरोपी आक्रोशित हो गया और हत्या की योजना बनाई।दिनांक 18 जून 2025 को आरोपी ने मृतिका को एक अन्य निर्माण कार्य दिलाने का झांसा देकर जंगल की ओर ले गया, जहां पैसे को लेकर विवाद होने पर पास पड़े पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
———————
03. जिला प्रशासन की अभिनव पहल मावा मोदोल कोचिंग संस्थान कांकेर व भानुप्रतापपुर में नवीन बैच हेतु पंजीयन प्रारंभ।
—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार सीजी पीएससी, सीजी व्यापमं एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी हेतु मावा मोदोल कोचिंग संस्थान कांकेर व भानुप्रतापपुर में नवीन बैच के लिए पंजीयन प्रारंभ किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा यह पहल अभ्यर्थियों के उज्जवल भविष्य एवं उत्कृष्ट परिणाम सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि नवीन बैच के लिए प्रवेश परीक्षा रविवार 05 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से दोपहर 01 बजे तक आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों के लिए अंतिम अवसर होगा, इच्छुक अभ्यर्थी इस अवसर का लाभ उठाते हुए शीघ्र पंजीयन करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए काउंसलिंग 9 अप्रैल से प्रारंभ होगी तथा नियमित कक्षाएं 13 अप्रैल से प्रारंभ की जाएंगी। इस कोचिंग के माध्यम से अभ्यर्थियों को विषय विशेषज्ञों द्वारा शिक्षण एवं नियमित अभ्यास की सुविधा तथा गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन प्रदान की जाएगी, जिससे वे प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने जिले के सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा है कि अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराकर सुनहरा अवसर का लाभ उठाएं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन हेल्पलाइन नंबर 7389562231 एवं 6264092516 से संपर्क किया जा सकता है।
————————
04. सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजनांतर्गत निर्माण कार्य हेतु 20 लाख रूपए की स्वीकृति।
— कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग की अनुशंसा पर कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजनांतर्गत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए ग्राम पंचायतों में विभिन्न निर्माण कार्य हेतु 20 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। उक्त स्वीकृति आदेश की अनुशंसा सांसद निधि पोर्टल ई-साक्षी के माध्यम से किए जाने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए हैं। चारामा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत पिपरौद में प्राथमिक शाला के पास कॉमन वर्क शेड (टीना शेड) निर्माण के लिए 15 लाख रूपए और नगर पंचायत चारामा के पंडित जवाहर लाल नेहरू वार्ड में स्कूल के पास रंगमंच निर्माण के लिए 05 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। उक्त निर्माण कार्य हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत चारामा तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगर पंचायत चारामा को क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त किया गया है।
————————
05. आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत।
—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 के तहत भानुप्रतापपुर तहसील के ग्राम घोठा निवासी दुर्गूराम और दुर्गेश्वरी को चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। उनके पिता श्री शर्मालाल उयके की मृत्यु नाले के पानी में डूबने से हो गई थी।
————————
06. बोर मशीन केबल वायर चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 02 नाबालिग सहित 05 आरोपी गिरफ्तार । चोरी का समान खरीदने वाले 02 कबाड़ी दुकान के संचालकों को भी किया गया गिरफ्तार। चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल सहित केबल वायर बरामद।

— पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है दिनांक 19.03.2026 को प्रार्थियों द्वारा थाना पखांजूर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा खेतों में लगे बोर मशीन के केबल वायर चोरी कर लिए गए हैं। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 51 एवं 52/2026 धारा 303(2) BNS के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गयाlसूचना की गंभीरता को देखते हुए निखिल अशोक राखेचा (भापुसे), पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशानुसार तथा राकेश कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर के मार्गदर्शन एवं रविकुमार कुजूर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पखांजूर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित कर तत्काल कार्यवाही की गई।विवेचना के दौरान प्राप्त मुखबिर सूचना के आधार पर ग्राम पीव्ही-10 के एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पखांजूर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में मोटरसाइकिल सेघूम-घूमकर बोर मशीन के केबल वायर चोरी करना स्वीकार किया।आरोपियों द्वारा चोरी किए गए केबल वायर को जलाकर उसमें से तांबा अलग किया जाता था, जिसे ग्राम पीव्ही-33 एवं कापसी के कबाड़ी दुकानों में बेचा जाता था। शेष सामग्री को आरोपियों द्वारा अपने घर के बाड़ी में छिपाकर रखा जाता था।प्रकरण में धारा 3(5) एवं 317(2) BNS जोड़ी गई। साथ ही आरोपियों द्वारा 7-8 माह पूर्व थाना भानुप्रतापपुर क्षेत्र से एक पल्सर मोटरसाइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया गया, जिसे बरामद कर जप्त किया गया है।चोरी के सामान खरीदने वाले ग्राम पीव्ही 33 के कबाड़ी दुकान के संचालक कलिंग महंत पिता स्व. कंगाली महंत उम्र 58 वर्ष एवं ग्राम कापसी के कबाड़ी दुकान के संचालक परितोष बर पिता मनिमोहन बर उम्र 38 वर्ष के द्वारा चोरी के सामान को खरीदना स्वीकार करने से दिनांक 20/03/2026 को गिरफ्तार किया गया है।थाना पखांजूर के अपराध क्रमांक 51, 52 /2026 धारा 303(2), 3(5), 317(2) BNS दर्ज किया गया।
पुलिस टीम का विवरण-
निरीक्षक लक्ष्मण केवट थाना प्रभारी पखांजूर, SI अनिल पालेश्वर, ASI पुरूषोत्तम ठाकुर, प्र.आर. लिहेन्द्र देवांगन, उत्तम मण्डल, हेमंत द्विवेदी, डोमेश्वर यामले, बसीर खान, सर्वजीत विश्वास।
————————
07. सट्टा के संगठित अपराध पर नरहरपुर पुलिस की कड़ी कार्यवाही। मोबाइल के माध्यम से सट्टा खिलाने वाला मुख्य खाईवाला गिरफ्तार। थाना नरहरपुर पुलिस द्वारा सट्टा के संगठित अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्यवाही करते हुए मुख्य खाईवाला आरोपी को गिरफ्तार किया गया ।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है दिनांक 04.02.2026 को मुखबिर सूचना के आधार पर देवीनवागांव मण्डी चौक नरहरपुर स्थित एक कपड़ा प्रेस दुकान में सट्टा पट्टी लिखकर लोगों को लालच देकर सट्टा खिलाने की सूचना मिली। जिस पर थाना नरहरपुर द्वारा अपराध क्रमांक 31/2026 धारा 6(क) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।प्रकरण में आरोपी रामेश्वर निर्मलकर (उम्र 52 वर्ष) को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा बताया गया कि वह ग्राहकों से प्राप्त पैसे एवं नंबर दिलीप कुमार साहू (उम्र 32 वर्ष, निवासी लखनपुरी, थाना चारामा) को देता था, जो मुख्य खाईवाली करता था। दोनों मिलकर संगठित रूप से सट्टा संचालन कर रहे थे, मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण में धारा 112 भारतीय न्याय संहिता जोड़ी गई। पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं उप पुलिस अधीक्षक (डीआरजी ) श्री अविनाश ठाकुर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी नरहरपुर निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा फरार आरोपी दिलीप कुमार साहू को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया पूछताछ में आरोपी ने सट्टा के माध्यम से अवैध लाभ अर्जित करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से प्रकरण में प्रयुक्त मोबाइल फोन जप्त किया गया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
————————
08. शासकीय राशन चावल की अवैध खरीद-फरोख्त पर पुलिस की बड़ी कार्यवाही, 44.50 क्विंटल चावल सहित 02 आरोपी गिरफ्तार।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कांकेर जिले में अपराध नियंत्रण हेतु पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में कांकेर पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्यवाही करते हुए शासकीय उचित मूल्य दुकान के चावल की अवैध खरीद-फरोख्त में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए ग्राम कोकड़ी चौक से नाथियानवागांव मार्ग पर घेराबंदी कर दो बोलेरो पिकअप रोककर पुछताछ करने पर पीकअप वाहन क्र. सी.जी. 19 बी.जी. 9566 के चालक भुपेन्द्र कुमार साहू और पीकअप वाहन क्र. 19 बी.क्यू. 5328 का चालक राहुल निषाद को उक्त चावल कोे ग्राम हाटकोगेंरा शासकीय राशन दुकान से आम जनता के राशन कार्ड से सस्ते दाम 16 रूपयें में चावल खरीद कर उसी चावल को चावल मिल में मिलिंग कराकर 26 रूपयें में बेचना बताये व खरीदे हुए चावल को ग्राम गौरगांव मिल में मिलिंग कराने ले जा रहें थे। जिसमें पीकअप क्र. सी.जी. 19 बी.जी. 9566 में प्लास्टिक बोरी से 37 कट्टा चावल (18 किवंटल 70 किग्रा. )एवं पीकअप वाहन क्र. 19 बी. क्यू. 5328 में प्लास्टिक बोरी में 45 कट्टा चावल (25 क्विंटल 80 किग्रा) कुल 83 कट्टा(बोरियों) में चावल 44 किवंटल 50 किग्रा. जुमला किमती 1,15,700 रूपयें को जप्त किया गया ।
———————-
09.जिले में पुनः मौसम खराब। महानदी पूरी तरह सुख गई। अगर दुधावा जलाशय से पानी नहीं छोडा जाता है,तो कई रकबे में किसानों द्वारा ली जा रही धान की फसल नष्ट हो जायेंगी।
————————
10. हिंदू नववर्ष के पावन शुभ अवसर पर कांकेर के शीतलापारा स्थित शीतला मंदिर परिसर में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा आयोजित भव्य गंगा आरती में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए।

————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






