आज की टॉप 10 खबर 30 जनवरी 2026 शुक्रवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
  30  जनवरी  2026 शुक्रवार

✍️मनोज जायसवाल

 ————————

संपादकीय

‘महात्मा गांधी आज और भी प्रासंगिक हो गये ‘

-आज जब मै राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर कुछ लिखने बैठा हूंँ, तो बहुत ही महत्वपूर्ण विचारों को अपने समकक्ष पाता हूंँ।  एक ऐसा विचार जो इस दुनिया के लिए आज भी प्रासंगिक है। जब महात्मा गांधी जी देश की आजादी के लिए आजादी के जंग में कूद पड़े थे, तो निश्चित ही ब्रिटिश सरकार की हुकूमत के खिलाफ उनका यह चुनौती पूर्ण संघर्ष था।

महात्मा गांधी जी ने देश की आजादी के लिए एक ऐसे अस्त्र का प्रयोग करने का निश्चय किया, जो सत्य एवं अहिंसा पर आधारित थी। सत्य और अहिंसा का एक ऐसा अस्त्र जो किसी को नुकसान पहुंँचाये बिना अपने हक की प्राप्ति के लिए सतत आगे बढ़ने वाला था। देश में रहने वाली जनता के सामने वर्षों से इस गुलामी से छुटकारा पाने का साहस भरा कदम था।

गांधी जी का हर निर्णय लोगों के अंदर एक तूफान भर देता था, जो पूरी तरह से न्याय एवं धर्म पर आधारित होता था। राष्ट्र को एक सही राह पर प्रतिष्ठित करने एवं समूचे विश्व को एक अनोखा संदेश देने हेतु उनका यह महान कदम होता था। गांधी जी भगवान श्री राम के प्रति पूरी निष्ठा रखते थे। और राम राज्य की बात किया करते थे। आज जब देश आजाद हो चुका है हर परिप्रेक्ष्य में उनकी प्रासंगिकता और अधिक बढ़ती जा रही है।

आज समूचे विश्व को मै देखता हूँ तो पाता हूँ कि समूचा विश्व तुच्छ अहं व स्वार्थ के चलते युद्ध के मुहाने पर खड़ा है। विश्व में एक गंभीर चुनौतियां मुँह बाये खड़ीं है। ऐसे में महात्मा गांधी की सत्य, अहिंसा, स्वदेशी,एवं स्वावलंबन, की राह भारत को सशक्त मार्ग दिखलाती है, जिनसे भारत विश्व गुरू के पद पर प्रतिष्ठित हो सकता है।  इस दृष्टि से हम देखें तो भारत समूचे विश्व का मार्गदर्शक बन जाता है।महात्मा गांधी के इन विचारों को अपने अंदर आत्मसात करना समय की मांग है।  आइये हम महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर उनकी बनती प्रासंगिकता को चरितार्थ करेंं।

✍️डॉ.संतोष श्रीवास्तव “सम”

कांकेर‚छत्तीसगढ

 ————————
1 . गरिमामयी कार्यक्रम में किया गया सड़क सुरक्षा माह 2026 का समापन ।
— आज 30 जनवरी को निखिल राखेचा, पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशानुसार, आकाश श्रीश्रीमाल ASP, भानुप्रतापपुर के मार्गदर्शन एवं डॉ.मेखलेन्द्र प्रताप सिंह डीएसपी(बस्तर फाइटर्स)के पर्यवेक्षण में यातायात निरीक्षक दीपक साव यातायात प्रभारी कांकेर व यातायात पुलिस कांकेर के द्वारा माह भर से चल रहे 37वें सड़क सुरक्षा अभियान का समापन न्यू कम्यूनिटी हाॅल कांकेर में किया गया।

समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कांकेर विधायक आशाराम नेताम एवं कलेक्टर कांकेर निलेश कुमार क्षीरसागर, मछुवा कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा, नगरपालिका अध्यक्ष अरूण कौशिक, भाजपा जिला अध्यक्ष महेश जैन एवं अन्य जन प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन द्वारा कार्यक्रम के शुभारंभ के पश्चात छात्रा चाहत रजक के द्वारा सुंदर एकल गीत व नृत्य, नरहरदेव स्कूल के बच्चों द्वारा स्वागत गीत एवं सेंट माइकल स्कूल के छात्र आर्यन पाण्डेय द्वारा एकल नृत्य प्रस्तुत किया गया जिन्हे पुलिस विभाग द्वारा पुरस्कृत कर प्रशस्ति पत्र दिया गया। तत्पश्चात सुश्री विंकेश्वरी पिंदे  डीएसपी (मुख्यालय)द्वारा यातायात माह में चलाये गये कार्यक्रमों के व्याख्यान के बाद अतिथियों का संबोधन व पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा वर्ष 2025 की सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी दी गई।

यातायात माह के दौरान रील्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था जिसमें प्रथम स्थान पर रहे संजय बड़गा एवं टीम (अन्तागढ़) को 5000/- की राशि व प्रशस्ति पत्र, द्वितीय आशीष पुरोहित एवं टीम (भानुप्रतापपुर) को 2000/-की राशि व प्रशस्ति पत्र, तृतीय स्थान रितुराज साहू (तेलगरा चारामा) को 1000/- की राशि व प्रशस्ति पत्र एवं हिर्गरझर प्रा.शा. के बच्चों की रील्स को सांत्वना पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में नेक कार्य करने वाले, पुलिस मितान, पुलिस सहयोगियों, समाज सेवियों, स्वास्थ्य विभाग की टीम, आर०टी०ओ० विभाग की टीम, महिला रक्षा टीम कांकेर व पुलिस विभाग के यातायात सुरक्षा से संबधित उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधि०/कर्म० को प्रशस्ति पत्र, हेलमेट व फर्स्ट एड किट देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों व शिक्षकों के अतिरिक्त लगभग 500 की संख्या में अलग-अलग विभाग के व्यक्ति एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

———————— 

02. पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार शर्मा के सेवानिवृत्त होने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में दी गई विदाई।

— आज 30 जनवरी को कार्यालय उप पुलिस महानिरीक्षक, कांकेर रेंज में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार शर्मा के सेवानिवृत्त होने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में दी गई विदाई दी गई।

-बताते चलें राजीव कुमार शर्मा उप पुलिस अधीक्षक जिला रायपुर में दिनांक 18.09.1992 को उप निरीक्षक के पद पर नियुक्त हुये,उनके द्वारा दिनांक 05.01.2006 को निरीक्षक के पद पर एवं दिनांक 22.02.2018 को उप पुलिस अधीक्षक के पद पर पदोन्नति ली गई। इस दौरान वे जिला रायपुर, दंतेवाड़ा, दुर्ग, राजनांदगांव,बीजापुर,महासमुंद,बेमेतरा एवं पुलिस मुख्यालय के विभिन्न महत्वपूर्ण विभाग में पदस्थ रहे है।

इस अवसर पर निखिल राखेचा (भापुसे.) पुलिस अधीक्षक कांकेर, एवं आकाश श्रीश्रीमाल (भापुसे.) भानुप्रतापपुर, श्रीमती अंजली नाग कार्यालय कांकेर, डॉ0 मेखलेन्द्र प्रताप सिंह,   (बस्तर फाईटर), सुश्री विंकेश्वरी पिंदे, (मुख्यालय), गोविंद वर्मा, रक्षित निरीक्षक,दीपक साव, रक्षित निरीक्षक प्रभारी यातायात कांकेर द्वारा उनके सेवाकाल पर प्रकाश डालते हुए उनके द्वारा पुलिस विभाग में किये गये कार्यो की सराहना की गई सेवानिवृत्त पष्चात अपने अनुभव का लाभ समाज को देने प्रेरित किया साथ ही उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करते हुए प्रतीक चिन्ह, शाल व श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।

  ———————

03. स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान का शुभारंभ। जिले में 13 फरवरी तक चलाया जाएगा अभियान।

—राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा आज कुष्ठ रोगियों के प्रति उनके योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.सी. ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले में शुक्रवार 30 जनवरी से 13 फरवरी तक राष्ट्रव्यापी स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को कुष्ठ रोग के प्र्रति जागरूक कर कुष्ठ मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करना है। इस दौरान कुष्ठ रोगियों क प्रति भेदभाव खत्म करने, उनके गरिमा को सुनिश्चित करने कांकेर कलेक्टर का जनता के नाम संदेश का वाचन कर शपथ भी ली गयी।
डॉ. सुनील कुमार सोनी ने बताया कि इस अभियान के तहत् कुष्ठ रोग से जुड़े कलंक और भेदभाव की गलत भ्रांतियों को मिटाने, लोगों में कुष्ठ रोग के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जिले के समस्त माध्यमिक, हाई, हायर सेकण्डरी स्कूलों, कालेजों एवं सभी ग्राम पंचायतों में कलेक्टर का संदेश वाचन व शपथ एवं ग्राम सभा प्रमुख सरपंच भाषण का वाचन करेंगे। कार्यक्रम में स्वास्थ्य अमला सहित गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

———————

04. स्कूली छात्र छात्राओं द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की दीवारों को भरा गया रंग से।

—गत 29 जनवरी  को 37वाँ सड़क सुरक्षा सप्ताह के 29वाँ दिन यातायात पुलिस कांकेर द्वारा कांकेर शहर के विभिन्न स्कूलों पीएम श्री नरहरदेव, पैराडाइज, केंद्रीय विद्यालय, कन्या आश्रम सिंगारभाट,जेपी इंटरनेशनल एवं महिला आईटीआई कांकेर के छात्र-छात्राओं द्वारा भाग लेते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय कांकेर के दीवारों में यातायात संदेश,साइबर क्राइम व महिला सुरक्षा सम्बन्धी वॉल पेंटिंग बनाया गया । निखिल कुमार राखेचा, पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशानुसार,  आकाश श्रीश्रीमाल (एएसपी) एवं  दिनेश कुमार सिन्हा(एएसपी) कांकेर के मार्गदर्शन में, डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह (डीएसपी) के पर्यवेक्षण में , आरआई दीपक साव यातायात प्रभारी कांकेर एवं यातायात बल कांकेर के द्वारा स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा, साइबर क्राइम एवं महिला सुरक्षा के थीम पर वाल पेंटिंग करवाया गया ।

  जिसमें आम नागरिकों को जागरुक कर यातायात संदेश एवं सड़क सुरक्षा संबंधी चित्र प्रदर्शित किए गए जैसे -शराब सेवन कर वाहन न चलाना, सड़क संकेत का पालन करना, हेलमेट व सीटबेल्ट पहन कर वाहन चलाना, गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करना,तेज गति से वाहन न चलाना, साइबर सुरक्षा व महिला सुरक्षा से संबंधित पेंटिंग को प्रदर्शित किया गया।इस प्रतियोगिता में लगभग कुल 110 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के द्वारा वॉलपेंटिंग कार्य को पूरा किया गया ।

 उक्त कार्यक्रम में कांकेर विधायक माननीय आसाराम नेताम जी, मछुआ कल्याण बोर्ड अध्यक्ष   भरत मटियारा तथा शहर के गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार बंधु उपस्थित होकर छात्र- छात्राओं का उत्साहवर्धन किया गया ।वॉल पेंटिंग में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को यातायात पुलिस कांकेर द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया ।

 ———————

05.सरस्वती शिशु मंदिर‚शाहवाडा(चारामा) में मना वार्षिकोत्सव

—सरस्वती शिशु मंदिर शाहवाडा‚चारामा में वार्षिकोत्सव बडे धूम धाम से मनाया गया। 29 जनवरी की देर रात्रि तक ग्राम के लोगों ने कार्यक्रम का आनंद लिया। इस अवसर पर विभीन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आम लोगों के लिए रखी गई। विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 

 ———————–

06. जिला को पूर्ण साक्षर बनाने हेतु उल्लास मेला का आयोजन ।

—कलेक्टर एवं अध्यक्ष कार्यकारिणी  निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर तथा मुख्य कार्यापालन अधिकारी जिला पंचायत एवं उपाध्यक्ष  हरेश मंडावी तथा जिला शिक्षा अधिकारी  के कुशल मार्गदर्शन में जिले में असाक्षरों को साक्षर बनाने के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 26 जनवरी 2026 दिन सोमवार को प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक जिले के सातों विकासखंड के सभी गांवों में उल्लास मेला का आयोजन किया गया। शिक्षा सबके लिए जरूरी है। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम का उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक उम्र के वयस्कों को सशक्त बनाना है, जिन्होंने स्कूली शिक्षा प्राप्त नहीं की है। वर्ष 1988 में जब राष्ट्रीय साक्षरता मिशन की शुरुआत की गई तो लोगों की शैक्षिक भागीदारी और सहयोग पर आधारित थी । जिसके फल स्वरुप देश में 2011 के दौरान महिलाओं के बीच साक्षरता सहित संपूर्ण साक्षरता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। राष्ट्रीय सर्वेक्षण 2011 की जनगणना के पश्चात 2021 में हुई जनगणना का परिणाम प्राप्त नहीं हुआ है।

इसी क्रम पर जिले में वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार 15 वर्षों से ऊपर लगभग 239160 असाक्षर शेष है । वर्ष 2010 से 2018 तक जिले में संचालित साक्षर भारत कार्यक्रम एवं उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 123663 महिला व पुरुष साक्षर हुए हैं यानी यह देखा जाए तो जिले में 115497 शेष है । पुष्पांजलि ठाकुर जिला परियोजना अधिकारी जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण जिला उत्तर बस्तर कांकेर ने बताया कि 26 जनवरी 2026 को जिले के सभी ग्राम पंचायत में उल्लास मेला का आयोजन किया गया इसी दिन ग्राम पंचायत में युद्ध स्तर पर घर-घर जाकर सर्वे का कार्य सार्वजनिक रूप से असाक्षर एवं स्वयंसेवी शिक्षक की पहचान कर घोषित किया गया है। इसी क्रम में जिला जेल में बंद कैदियों तथा आत्म समर्पित नक्सलियों और नक्सल पीड़ित परिवारों को उल्लास मेला में सम्मिलित किए जाने हेतु निर्देश संचालक   राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर छत्तीसगढ़ द्वारा दिया गया। पूर्व में उल्लास मोबाइल ऐप के माध्यम से सभी असाक्षरों एवं स्वयं सेवी शिक्षकों का पहचान कर एंट्री किया जा चुका है।

साक्षरता देश के लिए जनतंत्र में मजबूती व आर्थिक तरक्की एवं विकास के लिए जरूरी है जिले में जन जन साक्षर बनाने के उद्देश्य से तथा जिले को पूर्ण साक्षर बनाने के उद्देश्य से उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम चलाया जा रहा है जिले के सातों विकासखंड के प्राथमिक शाला और माध्यमिक शाला में उल्लास मेला का आयोजन किया गया । इस दिन मेला में जिले के 454 सभी गांवों में सभी नवसाक्षरों का पंजीयन किया गया। इसी क्रम में जिला के विधानसभा भानुप्रतापपुर के माननीय विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी  द्वारा ग्राम सेलेगांव में उल्लास मेला का निरीक्षण करके सभी नवसाक्षरों को प्रेरित करते हुए जिला को पूर्ण साक्षर बनाने की बात कही गई साथ ही राज्य स्तर के अधिकारी डेकेश्वर वर्मा सहायक प्राध्यापक एससीईआरटी रायपुर प्रभारी एससीएल छत्तीसगढ़, पुष्पांजलि ठाकुर जिला परियोजना अधिकारी कांकेर एवं जिला निरीक्षण दल सदस्य चन्द्रशेखर महलवार, ओमप्रकाश डड़सेना के द्वारा क्रमशः ग्राम बर्देभाठा के नक्सल पीड़ित परिवारों, जिला जेल में बंद कैदियों , ग्राम मुल्ला कैंप के आत्मसमर्पित नक्सलियों का एसपी कार्यालय कांकेर में निरीक्षण तथा ग्राम सेलेगांव में आयोजित उल्लास मेला का निरीक्षण किया गया।

 ———————–

07. स्वच्छता पखवाड़ा पर महिला आईटीआई में विविध कार्यक्रम आयोजितA 

—सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा महिला आईटीआई कांकेर में बुधवार 28 जनवरी को स्वच्छता पखवाड़ा पर विविध कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगरपालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष  अरूण कौशिक उपस्थित थे। उक्त कार्यक्रम में केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय कांकेर द्वारा स्वच्छता पखवाड़े पर चित्रकला प्रतियोगिता, गीत, नुक्कड़ नाटक, रैली, प्रश्न मंच तथा चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से स्वच्छता की जानकारी दी गई। 

———————

08.जिले की पृथक पहचान स्थापित करने सभी अमले मिलकर कार्य करें : विधायक श्री नेताम। संपूर्णता अभियान 2.0 का जिले में शुभारंभ, आकांक्षी ब्लॉक की बैठक आयोजित  

—भारत सरकार, नीति आयोग के तहत आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम अंतर्गत संपूर्णता अभियान 2.0 के संबंध में जिला पंचायत के सभाकक्ष में आज दोपहर बैठक आहूत की गई, जिसमें कांकेर विधायक   आशाराम नेताम उपस्थित थे। बैठक में विधायक श्री नेताम ने अपने उद्बोधन में कहा कि 28 जनवरी से 14 अप्रैल तक चलने वाला संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत सभी संबंधित अधिकारी एवं मैदानी कर्मचारी निर्धारित इंडिकेटर्स (संकेतकों) के अनुसार कार्य करें। उन्हांने कहा कि आकांक्षी ब्लॉक के तहत विभाग प्रमुख ऐसा कार्य करें कि जिले की पृथक पहचान स्थापित हो, इसी उद्देश्य से शासकीय अमले स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण तथा कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी ढंग से निर्वहन करें। बैठक के अंत में विधायक श्री नेताम ने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को संकेतक के अनुसार शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की शपथ भी दिलाई।

सभाकक्ष में आज दोपहर को आयोजित बैठक में मौजूद जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी द्वारा दूरस्थ क्षेत्रों के विकास के लिए आकांक्षी ब्लॉक अभियान चलाया जा रहा है, जो सुदूरवर्ती ग्रामों के समुचित विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि अभियान सिर्फ कागजों तक ही सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर भी इसका वास्तविक क्रियान्वयन हो, इसके लिए अधिकारी-कर्मचारी समन्वित प्रयास करें। बैठक में कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने बताया कि आकांक्षी ब्लॉक के इंडिकेटर्स के अनुरूप क्रियान्वयन हेतु जिले के दुर्गूकोंदल ब्लॉक को रजत पदक प्राप्त हुआ था। इस वर्ष और बेहतर प्रयास करने से जिले को स्वर्ण पदक हासिल हो, इस उद्देश्य से सभी अधिकारी-कर्मचारियों और फेलो को मिलकर परस्पर समन्वय के साथ कार्य करना होगा। इस दौरान विधायक श्री नेताम ने संकेतक के अनुसार शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की शपथ सभी उपस्थित अधिकारियों व मैदानी अमलों को दिलाई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष  भरत मटियारा, हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, नागरिक  महेश जैन, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी तथा विभिन्न विभागां के अधिकारियों सहित दुर्गूकोंदल एवं कोयलीबेड़ा ब्लॉक के सीईओ व फेलो मौजूद थे।

संपूर्णता अभियान 2.0 का जिले में शुभारंभ
संपूर्णता अभियान 2.0 नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत एक राष्ट्रव्यापी जन-अभियान है, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं कृषि से जुड़े प्रमुख विकास संकेतकों में शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करना है। यह अभियान 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा। आकांक्षी जिला कांकेर में दो आकांक्षी ब्लॉक कोयलीबेड़ा एवं दुर्गूकोंदल को शामिल किया गया है। ज्ञात हो कि संपूर्णता अभियान 1.0 के दौरान देशभर में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त हुईं, जिनमें अनेक आकांक्षी जिलों एवं ब्लॉकों ने स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और कृषि के संकेतकों में पूर्ण या आंशिक संतृप्ति हासिल की। इन्हीं अनुभवों और सीखों के आधार पर संपूर्णता अभियान 2.0 को अधिक केंद्रित रणनीति, मजबूत अभिसरण और व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।
आकांक्षी ब्लॉक (कोयलीबेड़ा एवं दुर्गुकोंदल) के अंतर्गत प्रमुख संकेतक में 6 माह से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को नियमित रूप से पूरक पोषण प्रदाय करना, आंगनवाड़ी केंद्रों में नामांकित बच्चों की माप-दक्षता, इन केंद्रों में कार्यशील शौचालय, स्वच्छ पेयजल सुविधा, विद्यालयों में बालिका शौचालय की सुविधाओं का प्रतिशत, गोवंश पशुओं का एफएमडी टीकाकरण का प्रतिशत आदि शामिल है। इसी तरह आकांक्षी जिला के प्रमुख संकेतकों की संतृप्ति के लक्ष्य को हासिल करने विभिन्न विभागों के अभिसरण से अभियान का सतत् क्रियान्वयन किया जा रहा है।

 ———————

09. आज साहू समाज के शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरूण साव शामिल हुए। इस अवसर पर प्रदेश साहू समाज के पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधी मौजूद रहे। साामाजिक मंच को अरूण साव द्वारा संबोधित किया गया।

  ———————

10.कांकेर विधायक आशा राम नेताम आज अपने गृह ग्राम बेवरती में आयोजित देव मेला मिलन समारोह में शामिल होकर ग्राम से पधारे समस्त देवी-देवताओं के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। का दर्शन किया अपितु देवताओं के साथ हो लिये।

 ———————-

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

 

  • Related Posts

    आज की टॉप 10 खबर 1 फरवरी 2026 बुधवार

    कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   11  फरवरी  2026 बुधवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”मंच पर थोथी वाहवाही से अधिक दुवाएं” —यही समय होता है, मानवता दिखाने का!…

    आज की टॉप 10 खबर 10 फरवरी 2026 मंगलवार

    कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   10  फरवरी  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”युरिया खाद के नाम किसानों को हताशा” —जिले का चारामा विकासखंड जो स्वावलंबी और…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *