कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
28 जनवरी 2026 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
————————
संपादकीय
‘चहूं दिशा एक्शन मुड में कांकेर पुलिस ‘
-नये वर्ष के शुरूआत से कांकेर पुलिस चहूं दिशा ‘एक्शन मूड’ में नजर आ रही है। दूसरी बार यातायात पुलिस द्वारा ‘मॉडिफाईड’ कर्कश आवाज करने वाली मोटरसायकल के साईलेंसर को निकाल कर सडकों में बिछाकर उसके ऊपर बुलडोजर चला कर नष्ट किया गया। वाहन चालकों में इसे लेकर हडकंप मचा हुआ है। तो वहीं आम लोगों का कहना है कि यह कार्रवाई लगातार चलनी चाहिए। पुलिस द्वारा दो बार इस प्रकार की कार्रवाई के उपरांत भी राजमार्ग 30 पर फर्राटेदार बुलेट वाहन आज देखने मिला।

फर्राटेदार,हाईस्पीड वाहन चलायी जाना और लोगों से अलग दिखने दिखाने की फिराक में कुछ लोगों द्वारा इस प्रकार अपने वाहन में यातायात के नियम विरूद्व परिचालन निश्चित ही उचित नहीं है। कई बार तो नाबालिक बच्चे वाहन चला रहे हैं, हाईस्पीड एवं मॉडिफाईड कर्कश साईलेंसर लगा कर पता नहीं अपने को अमीर समझते हैं,या कोई ”हीरो ”यह वे जाने। पर आम लोग अंदर ही अंदर इन्हें गाली ही दे रहे होते हैं।
यातायात पुलिस की कार्रवाई स्पीड बाईकर्स तथा गावों में कम उम्र के नाबालिग ट्रेक्टर चालकों एवं हार्वेस्टर चालकों पर भी होनी चाहिए। निश्चित ही पुलिस का ध्यान इधर होगा। बहरहाल पुलिस अमूलचुल परिवर्तन या कहें ”बदलाव ”कांकेर थाने की साफ सफाई जो कि पिछले एक महीने से किया जा रहा है, कांकेर थाने का स्वरूप बदला बदला सा लगने लगा है। पेंडों की अनावश्यक डंगालियों,कचरे के ढेर सबकी सफाई कर दुरूस्त की जा रही है,जहां वाहनों की पार्किंग हो या पुराने वाहनों के रखरखाव के लिए काम आएगी,तो माननीय न्यायालय का यदि आदेश हो तो संभवतया कई वर्षों से जंग खाकर बर्बाद हो चुके वाहनों की नीलामी भी संभावना भी बनता है । कांकेर कोतवाली में नये थाना प्रभारी जितेंद्र साहू, नये पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा‚यातायात निरीक्षक दीपक साव के साथ डीएसपी,एएसपी अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई सक्रियता जिले में कानून व्यवस्था का बेहतर परिपालन होता दिखायी दे रहा है। आशा की जा सकती है,कि आगे सामाजिक बुराई जुआ,सट्टा पर भी कार्रवाई होती दिखायी देगी। कार्रवाई अवैध रूप से बिक रहे शराब पर भी हो। चारामा थानांतर्गत लखनपुरी जो कि एक प्रमुख केंद्रीय ग्राम है‚ साप्ताहिक बाजार‚ कांकेर जिले का औद्योगिक क्षेत्र एवं अब मेडिकल कालेज जैसी संस्थान है‚भविष्य में निश्चित रूप से यहां चौकी की आवश्कता होगी जिसकी मांग भी की जाती रही है‚लेकिन लखनपुरी चारामा के मध्य लगातार हो रहे हादसे एवं पूर्व में हुए हादसों एवं क्राईम को देखते यहां चौकी जब खुले तब पर वर्तमान का तकाजा है कि यहां प्रतिरोज 02 पुलिस बल की तैनाती किया जाना शांति व्यवस्था में अच्छा होगा।
✍️मनोज जायसवाल

————————
02. थाना पखांजूर पुलिस द्वारा शासकीय उचित मूल्य दुकान जयश्रीनगर के खाद्यान राशि गबन करने वाले “महिला विकास स्व सहायता समूह के अध्यक्ष सुचित्रा राय, सचिव पिंकी नाथ एवं विक्रेता सुमंत नाथ को किया गिरफ्तार किया गया।

— पुलिस जानकारी अनुसार आज 28 जनवरी को प्रार्थी मुकेश कुमार साहू खाद्य निरीक्षक पखांजूर ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि कार्यालय कलेक्टर खाद्य शाखा कांकेर से शासकीय उचित मूल्य दुकान जयश्रीनगर के भौतिक सत्यापन हेतु आदेशित करने पर खाद्य निरीक्षक पखांजूर के द्वारा दिनांक 10.04.2025 एवं 19.08.2025 को शासकीय उचित मूल्य की दुकान जयश्रीनगर पखांजूर का भौतिक सत्यापन किया गया। उक्त तिथि को खाद्यान्न जिसमें 312.99 क्विंटल चांवल, 5.41 क्विंटल शक्कर, 2.53 क्विंटल नमक, 7.17 क्विंटल चना एवं 5.74 क्विंटल गुड़ कम पाया गया था, जिसके परिपेक्ष्य में प्रार्थी खाद्य निरीक्षक पखांजूर के द्वारा विधिवत् कार्यवाही सम्पादित की गई थी जिसके कारण संचालक/विक्रेता के द्वारा उपरोक्त खाद्यान्न में से 58 क्विंटल चांवल तथा 7.17 क्विंटल चना जमा किया गया था। संचालक/विक्रेता के द्वारा शेष चांवल 254.99 क्विंटल, शक्कर 5.41 क्विंटल नमक 2.53 क्विंटल एवं गुड 5.74 क्विंटल को जमा ना करते हुये उसका सही-सही हिसाब नहीं दे रहे है। इसके अतिरिक्त उनके कार्यकाल का 34,343.74 रूपये डी.डी. राशि जमा किये जाने हेतु शेष है। शेष खाद्यान्न एवं डी.डी. की राशि जमा करने हेतु संचालक/विक्रेता को पर्याप्त अवसर प्रदाय किया गया था किन्तु उनके द्वारा अभी तक खाद्यान्न जिनका बाजार मूल्य चांवल 3,911.55 रूपये प्रति क्विंटल के हिसाब से 9,97,406.13 रूपये, शक्कर 3,804.75 रूपये प्रति क्विंटल के हिसाब से 20,583.70 रूपये, नमक 1,038.63 रूपये प्रति क्विंटल के हिसाब से 2,627.74 रूपये एवं गुड 5,304.30 रूपये के हिसाब से 30,446.68 रूपये कुल 10,51,064.25 रूपये का खाद्यान या राशि एवं डी.डी. की राशि 34,343.74 रूपये जमा नहीं किया गया है। एवं संचालक/विक्रेता दुकान में संधारित रजिस्टरो को पेश करने में असफल रहे, संचालक/विक्रेता के द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 के कंडिकाओं का जान बुझकर उल्लंघन कर कुल 10,51,064.25 रूपये के खाद्यान का गबन करय चना, गुड़, शक्कर व चावल (ं।च्स्) की डी.डी. राशि 34,343.74 रूपये जान बुझकर जमा नहीं कर शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाये हैं कि रिपोर्ट पर थाना पखांजूर में 26/2026 धारा- 316(5), 3(5) बीएनएस, 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
निखिल अशोक राखेचा (भापुसे) पुलिस अधीक्षक जिला उ0ब0कांकेर के निर्देशानुसार, श्री राकेश कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर के मार्गदर्शन में श्री रवि कुजूर अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पखांजूर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पखांजूर निरीक्षक लक्ष्मण केवट के नेतृत्व में पखांजूर पुलिस ने आरोपीगण 1. सुमन्त नाथ पिता सुधीर नाथ उम्र 34 वर्ष ग्राम 2. श्रीमती पिंकी नाथ पति सुमन्त नाथ उम्र 33 वर्ष 3. सुचित्रा राय उर्फ सुमित्रा राय पति निरींजन राय उम्र 45 वर्ष सभी ग्राम पीव्ही 43 जयश्रीनगर थाना पखांजूर जिला उ.ब. कांकेर को हिरासत में लेकर पूछताछ करने करने पर जुर्म स्वीकार किये एवं गबन राशि को कुल 1085407.99 रूपये में से 300000/- रूपये महिला स्व सहायता समुह के अध्यक्ष श्रीमति सुचित्रा राय उर्फ सुमित्रा राय तथा शेष राशि 785407.99 रूपये को आरोपी सेल्समेन सुमंत नाथ व सचिव पिंकी नाथ आपस में बटवारा कर खर्च किये है। आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य सबुत मिलने से दिनांक 28.01.2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया। माननीय न्यायालय के आदेश पर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया।
———————
03. आज ग्राम चोरिया में आयोजित रामचरितमानस गान कार्यक्रम मे कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए और उन्होंने आध्यात्मिकता के संदर्भ अपना उद्बोधन दिया। प्रभु श्रीराम के पथ पर जीवन में अनुसरण पर बल दिया।

———————
04. संस्कार भारती कांकेर जिला इकाई द्वारा भारत माता पूजन का आयोजन।

—कला एवं साहित्य को समर्पित अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती जिला इकाई कांकेर के समस्त कार्यकर्ताओं द्वारा 26 जनवरी को भारत माता पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉक्टर गीता शर्मा संस्कार भारती जिलाध्यक्ष ने करते हुए समस्त देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं संप्रेषित कर देश सेवा में सबकी भागीदारी सुनिश्चित हो कि कामना की। विशिष्ट अतिथि शिव सिंह भदोरिया, सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, राजेश शुक्ला आदि वरिष्ठ साहित्यकारों की पावन उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ । माँ भारती के चरणों में काव्यांजलि, पुष्पांजलि, गीतांजलि प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम में सर्वप्रथम वरिष्ठ साहित्यकार राजेश शुक्ला ने युवाओं के लिए प्रेरणा गीत प्रस्तुत किये । युवाओं की शक्ति, विश्व के इतिहास को बदलने में समर्थ होती हैं, जिसकी परिकल्पना उनकी कविताओं के माध्यम से देखने को मिली। तत्पश्चात शिवसिंह भदोरिया ने अपने व्यंग्यात्मक शैली में बहुत दिनों बाद पुरानी कवायदों की श्रृंखला को उद्धरित करती कविता के माध्यम से राष्ट्र प्रेम को पुनर्स्थापित करने का साक्षात्कार कराने का प्रयास किये।
अगले क्रम में श्रीमती रीना लारिया ने देशभक्ति गीत, दिल दिया है जान भी देंगे ए वतन तेरे लिए गीत गाकर सबका मन मोह लिया। इसी श्रृंखला में सुरेश चंद्र श्रीवास्तव ने राजनीति पर अपनी तंज कसते हुए वर्तमान परिदृश्य में अपनी सक्रियता और निष्क्रियता पर एक यक्ष प्रश्न उठाने का भरपूर प्रयास किये । कब तक मौन रहेंगे अब तो गांडीव उठाना होगा, सौ गलियां पूर्ण हुए, अब गिरधर चक्र उठाना होगा। बहुत ही ओजस्वी काव्य पाठ सुरेश चंद्र श्रीवास्तव के माध्यम से श्रवण करने का सुअवसर प्राप्त हुआ। साथ ही साथ अवधेश लारिया द्वारा भारत के स्वर्णिम इतिहास को पुनर्जागृत करने वाली गीत- है प्रीत जहां की रीत सदा, मैं गीत वहां के गाता हूँ। भारत का रहने वाला हूं भारत की बात सुनाता हूँ। शानदार मधुर गीत की प्रस्तुति से वातावरण आनंदित हो उठा। कार्यक्रम में उपस्थित कुशलानंद गजबल्ला ने अपनी अभिव्यक्ति मां भारती के चरणों में अर्पित किए । अध्यक्षीय उद्बोधन एवं आशीर्वचन में डॉ. गीता शर्मा ने अपनी ओजस्वी कविता माँ भारती के चरणों में अर्पित किए। विजयपथ के लिए जग में कोई तो एक स्यंदन हो, रहे बनाकर उदाहरण जग में महकता ऐसा चंदन हो, गिराता है उठाता है हमारा कर्म ही हमको, सुधा होगी क्षुधा से शांत मगर जनहित में मंथन हो । सर्वे भवन्तु सुखिनः की कामना संस्कार भारती परिवार की ओर से सबके मंगलमय जीवन की कामना करते हुए कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जिसमें प्रकाश मोटवानी, विनय मोटवानी, दिनेश शिंदे विजय साहू, डोमार साहू, फूफू, रफ़ीक एवं समस्त ऑटो चालक व बहुत अधिक संख्या में जन समुदाय सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का संचालन रिजेन्द्र गंजीर ने और अंत मे आयोजित कार्यक्रम के समापन का आभार संस्कार भारती कांकेर के महामंत्री अवधेश लारिया ने किया।
–———————
05. भीरावाही‚कांकेर में सभी ब्लॉक से आए आदिवासियों ने प्रदर्शनी लगाकर दी व्यंजन, आभूषण, सभ्यता की जानकारी। जनजातीय परंपरा को सहेजने व संवारने मुख्यमंत्री श्री साय की अनूठी पहल : विधायक श्री नेताम।

— बस्तर पंडुम-2026 का जिला स्तरीय एक दिवसीय आयोजन आज जिला मुख्यालय से लगे ग्राम पंचायत भीरावाही के गोंडवाना समाज भवन परिसर में किया गया, जिसमें बस्तर की आदिवासी जनजातियों के पारंपरिक रहन-सहन, खान-पान, वेशभूषा, आभूषण, लोक नृत्य, लोक गीत व प्राचीन सभ्यताओं का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जिले के सातों विकासखण्ड से आए समूहों के द्वारा स्टॉल लगाकर जनजातीय परंपराओं से अवगत कराया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर कांकेर विधायक आशाराम नेताम उपस्थित रहे।

06. सामान्य सभा की बैठक 04 फरवरी को।
— जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक 04 फरवरी को पूर्वान्ह 11 बजे से जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी। उक्त बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी की अध्यक्षता में आहूत की गई है। जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को एजेण्डावार अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया है।
———————–
07. अखिल भारतीय हिंदू परिषद में बड़ा संगठनात्मक विस्तार। उत्कर्ष सिंह गरेवाल बने। छत्तीसगढ़ प्रदेश उपाध्यक्ष, भव्य स्वागत समारोह आयोजित।
—महंत योगी राजकुमार नाथ राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारतीय हिंदू परिषद के निर्देश पर तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष आलोक पांडे की अनुशंसा पर आज दिनांक 26 जनवरी 2026 को संगठन में एक महत्वपूर्ण नियुक्ति की गई। तत्काल प्रभाव से संगठन महामंत्री गणेश तिवारी द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार उत्कर्ष सिंह गरेवाल को अखिल भारतीय हिंदू परिषद के छत्तीसगढ़ प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर नियुक्त एवं मनोनीत किया गया।इस नियुक्ति की जानकारी मिलते ही संगठन के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में उत्साह की लहर दौड़ गई। उत्कर्ष सिंह गरेवाल को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने की खुशी में कार्यकर्ताओं द्वारा आतिशबाजी की गई तथा गाजे-बाजे के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर संगठन से जुड़े अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे और सभी ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।स्वागत समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि उत्कर्ष सिंह गरेवाल लंबे समय से संगठन के लिए निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से कार्य करते आ रहे हैं। सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन को विश्वास है कि उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ प्रदेश में अखिल भारतीय हिंदू परिषद और अधिक सशक्त एवं प्रभावी रूप से कार्य करेगी।नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष उत्कर्ष सिंह गरेवाल ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत योगी राजकुमार नाथ, प्रदेश अध्यक्ष आलोक पांडे एवं संगठन महामंत्री गणेश तिवारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वे हिंदू समाज की एकता, संस्कृति की रक्षा और संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
———————
08.
—
———————
09.
—
———————
10.
—
———————-
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






