आज की टॉप 10 खबर 26 जनवरी 2026 सोमवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
  26  जनवरी  2026 सोमवार

✍️मनोज जायसवाल

 ————————

संपादकीय

”टांहकापार,भुईगांव पुल वर्चस्व की लडाई”

कांग्रेस सत्ताकाल के अंतिम बजट सत्र में भले ही टांहकापार,भुईगांव पुल पास नहीं हो सका हो,पर क्षेत्र में इस बाबत् मिथ्या प्रसार जरूर था कि पुल के लिए बजट की स्वीकृति हो चुकी है,तभी तो भाजपा सरकार आने के बाद लोग पिछले दिनों गोविंदपुर खेल मैदान के कार्यक्रम में उप-मुख्यमंत्री अरूण साव को आवेदन सौंपते दिखायी दिये। मांग यथावत पर चेहरे में वो रौनकता नहीं, उपेक्षा का दंश झेलते हताश गांव के सियान।  पर अब जो खबर वर्तमान भाजपा सरकार में टांहकापार पुल की स्वीकृति को लेकर आई है,वो निःसंदेह सबके लिए खुशी का क्षण है,और सबको खुश रहना भी चाहिए। यह तो सत्य है कि इस स्वीकृति वाले पुल जिसके निर्माण को लेकर संघर्ष समिति के बैनरतले स्व. मनोज मंडावी के साथ लोगों ने कई बार रायपुर तक दौड लगाकर आवाज बुलंद की।   पर यह क्या पुल की मॉंग करने वाले कई सियान जो गांव क्षेत्र के कट्टर कांग्रेस से ताल्लुकात रखते हैं,उन्होंने अपने पार्टी में अपनी मांग की जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए अपने संघर्ष का परिणाम बताया है,तो कुछ भाजपा जनप्रतिनिधी तात्कालीन विष्णुदेव सरकार के सुशासन काल में जनता को सुविधा देने के नाम पुल की स्वीकृती की बात की जा रही है।
कांग्रेस के लोग अपनी उपलब्धि बताने पीछे तो रहेंगे ही नहीं, भाजपा पार्टी के जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान भी सामने नहीं आ रहा है, लेकिन सोशल मीडिया में जरूर लिखने की शुरूआत हो चुकी है कि यह मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के सुशासन की देन है।  आज इसी टांहकापार का वार्षिक मेला है। टांहकापार में दो मेला का आयोजन होता है,एक महानदी के महादेव घाट में जहां जिस स्थान पर पुल निर्माण की बात की जा रही है,यह महाशिवरात्रि को होता है। लेकिन आज वार्षिक देव मेला है,तो इस बडी उपलब्धि पर चर्चा क्यों नहीं होगी? चर्चा तो विकासखंड मुख्याल के उन स्थलों में हो ही रही है,जहां यहां के नेता चाय की चुस्कियां लेते हैं।
खैर ! यह तो तय है कि आने वाले समय में चुनाव है,और उसके एक वर्ष के अंदर बयानबाजी और भी लोगों को देखने मिलेगी। पर अमूमन आम लोगों,बुद्विजीवियों का कहना है-सत्ता तो आनीजानी है,लेकिन क्षेत्र के विकास में जो कार्य होता है,उसका फायदा सभी जन को होता है। वर्चस्व की लडाई में कहीं पुल निर्माण कार्य देर ना हो जाये,इससे अच्छा पुल जल्द बने पर ध्यान रहे तो अच्छा है। लेकिन…किंतु…परंतु यह है कि निश्चित रूप से आने वाले समय में पुल की उपलब्धि भुनाया ही जायेगा,चुनाव भी जो जीता जाना है। फिर से लेकिन कि तात्कालीन सरकार तक बधाई देने के लिए कौन जा रहे हैं‚यह भी विचारणीय है देखी जाना है। वैसे बधाई के विज्ञापन किसी अखबार या नये जमाने के पोर्टल वेब चैनलों में भी अभी तक देखने नहीं मिला है।
✍️मनोज जायसवाल
 ————————
1 .गणतन्त्र दिवस 2026 सम्मान समारोह। ग्राम देवीनवागांव में घटित हत्या कर गंगरेल बांध डुबान में डम्प किये गये शव को निःस्वार्थ भाव से 05 दिन तक लगातार खोजबीन कर करने वाले 40 मछुआरों को पुलिस चौकी हल्बा प्रभारी द्वारा विशेष सम्मान ।
—देश का 77वां गणतन्त्र दिवस पूरे हर्षोल्लास के साथ चौकी हल्बा पुलिस द्वारा मनाया गया। इस  अवसर के दौरान गत 18 जनवरी 2026 को ग्राम देवीनवागांव में हुए घटित घटना के मृतक मोहरगंज शेारी को  04 आरोपियों एवं 04 विधि से संघर्षरत बालकों द्वारा, गाली गलौज कर हाथ-मुक्का एवं लाठी-डण्डा से  मारपीट करते हुए हत्या कर उसके शव को साक्ष्य छुपाने के नियत से गंगरेल बांध के गहरे डुबान में पत्थर  बांध कर डम्प किया गया था। मृतक मोहरगंज शेारी की लाश की तलाश में ग्राम देवीनवागांव, बारगरी,  कोसमी, मुस्केरा एवं बिरनपुर के मछुआरों द्वारा 05 दिन तक लगातार से खोजबीन कर अथक प्रयास कर  पुलिस टीम काे विशेष सहयोग प्रदान कर पुलिस के प्रति अपना योगदान दिये है । उक्त मछुआरों को  पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा के आदेशानुसार चौकी हल्बा प्रभारी (निरीक्षक)  कोमल भूषण पटेल चौकी हल्बा द्वारा 26 जनवरी (77वां, गणतन्त्र दिवस 2026) के पावन अवसर पर 40  मछुआरों को साल एवं मिठाई भेंठ कर सम्मानित किया गया।

———————— 

02. मुख्यधारा में वापस लौटे पुनर्वासी नक्सलियों ने पहली बार देखा गणतंत्र दिवस परेड व थिएटर में देशभक्ति फिल्म का आनंद लिया।

— आज 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टर  व पुलिस अधीक्षक  के निर्देश पर जिले में 55 आत्मसमर्पित नक्सलियों को समाज से जोड़ने की नई दिशा में एक साकारात्मक पहल लाने मुल्ला कैम्प से जिला मुख्यालय स्थित नरहरदेव खेल मैदान में गणतंत्र दिवस परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, व शासन के विभाग द्वारा प्रदर्शित झाकियों का मनमोहक दृष्य दिखाया गया, जो इन्होने जीवन में पहली बार अनुभव किया। साथ ही सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों सिनेमा सिटी सेंटर माल में देशभक्ति फिल्म “बार्डर-02” दिखाया गया। प्रशासन की इस प्रयास से उन्हे समाज के साथ मुख्यधारा में जुड़ने व आधुनिक जीवन जीने में सहयोग प्रदान करेगी। गणतंत्र दिवस कार्यक्रम व थिएटर में फ़िल्म देखकर आत्मसमर्पित नक्सली बहुत ही उत्साहित है व उनके द्वारा इस पहल के लिए जिला प्रशासन व पुलिस विभाग का सहृदय धन्यवाद दिया गया!।

  ———————

03. हाई स्कूल करप में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। 

—शासकीय हाई स्कूल करप में गणतंत्र दिवस का समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सर्वप्रथम प्रभात फेरी निकाली गई, ग्राम पंचायत में सरपंच यशोदा मंडावी,प्राथमिक शाला मावली पारा करप में कौशल पटेल शहीद संजय मंडावी के स्मारक पर श्रद्धांजलि पश्चात् पूर्व प्रधान पाठक नरेटी , हाई स्कूल करप में शाला विकास समिति के अध्यक्ष दीनदयाल नेताम ने ध्वजारोहण किया। तत्पश्चात् सांस्कृतिक कार्यक्रम का सामूहिक आयोजन हुआ, जिसमें कार्यक्रम की अध्यक्षता संकुल प्राचार्य मीरा आर्ची चौहान , मुख्य अतिथि ग्राम सरपंच यशोदा मंडावी एवं विशिष्ट अतिथि सरोना थाना के उप निरीक्षक रावत जी एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक थे।शहीद संजय मंडावी को श्रद्धांजलि पश्चात् प्राथमिक शाला मारी पारा के बच्चों ने आकर्षक राउत नाचा एवं देशभक्ति पूर्ण नृत्यों की प्रस्तुति दी ,वहीं हाई स्कूल के छात्राओं ने रानी लक्ष्मीबाई की वीरता की झांकी एवं छत्तीसगढ़ी हल्बी लोक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे दर्शक दीर्घा ने परितोषित देकर सराहा। वाटर एड इंडिया के द्वारा ग्रीटिंग बनाने वाले बच्चों एवं शाला त्यागी बच्चों को वापस लाने एवं उपचारात्मक शिक्षण हेतु शिक्षिकाओं को जिला प्रशासन द्वारा भेजे गए प्रशस्ति पत्र मुख्य अतिथि द्वारा प्रदान किये गये। मिष्ठान वितरण पश्चात् कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर शाला के समस्त स्टाफ, बच्चे एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति सराहनीय रही।

 ———————

04.कांकेर रियासतकालीन ऐतिहासिक प्रवेश द्वार के जीर्णोद्धार का लोकार्पण।

— पुराना कचहरी परिसर कांकेर स्थित रियासतकालीन ऐतिहासिक प्रवेश द्वार का 46 लाख 58 हजार रूपए की लागत से जीर्णोद्धार कराया गया है, जिसका आज लोकार्पण सांसद   भोजराज नाग के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस मौके पर स्थानीय विधायक  आशाराम नेताम, नगर पालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक सहित जिला कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर एवं जिला पंचायत सीईओ  हरेश मंडावी सहित जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे। जीर्णोद्धार के बाद कांकेर का रियासतकालीन ऐतिहासिक प्रवेश द्वार अब अपने मूल स्वरूप में दिखने लगा है।

 ———————

05. हर्षोल्लास के साथ मनाया गया देश का  77 वां गणतंत्र दिवस। कांकेर सांसद  भोजराज नाग ने  मुख्य अतिथि की आसंदी से  फहराया राष्ट्रध्वज, मुख्यमंत्री के संदेश का किया वाचन
स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति।

— जिले में राष्ट्रीय पर्व 77वां गणतंत्र दिवस हर्ष, उल्लास एवं गरिमामय ढंग से मनाया गया। गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग ने नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में प्रातः 09 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया, इस मौके पर जिले के कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर और पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा भी उनके साथ थे। परेड निरीक्षण पश्चात उन्हांने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। हर्ष फायर पश्चात पुलिस, होमगार्ड, बस्तर फाईटर्स, वन रक्षक, एनसीसी एवं स्काउट गाइड के कैडेटों द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट किया गया। मार्च पास्ट के प्लांटून कमांडरों से परिचय प्राप्त करने के बाद मुख्य अतिथि श्री नाग ने समारोह में शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इसके उपरांत विभिन्न स्कूलों के लगभग 01 हजार विद्यार्थियों ने एक साथ सामूहिक व्यायाम किया, इसके बाद उनके द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गये।हार्स राइडिंग का रोमांचक प्रदर्शनस्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम के पश्चात घुड़सवारी प्रशिक्षण केन्द्र सिंगारभाट के युवाओं द्वारा हॉर्स राईंडिंग का हैरतअंगेज एवं रोमांचक करतब दिखाया गया, जिसमें स्टैंंडिंग सैल्युट, स्टैण्ड लॉस टैगपेडिंग, मटकी कटींग, ट्रीपल टैड पैकिंग, फुटरोल टैड पैकिंग, बकेट पैकिंग, ग्रुप टैड पैकिंग, इंडियन फाईल, जंपिंग और इंडियन झण्डा इत्यादि का प्रदर्शन किया गया।हार्स राइडिंग पश्चात विभिन्न विभागों क्रमशः जिला पंचायत, वन विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, शिक्षा, कृषि, आदिम जाति कल्याण, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशु चिकित्सा सेवायें, मत्स्य पालन विभाग, रेशम, उद्यानिकी, जल संसाधन, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र और पुलिस विभाग के द्वारा विभागीय योजनाओं पर आधारित झांकी निकाली गई। गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा समाज सेवी, कलाकार, शिक्षाविद एवं कृषकों को सम्मानित किया गया। तत्पश्चात मार्चपास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं विभागीय झांकी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दलों को शील्ड एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर पुरस्कृत किया गया।मार्च पास्ट के गैर शालेय वर्ग में जिला पुलिस बल महिला को प्रथम, जिला पुलिस बल पुरूष द्वितीय एवं नगर सेना बल पुरूष एवं महिला बल को संयुक्त रूप से तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। शालेय वर्ग में एनसीसी सेंट माइकल एवं पंडित विष्णुप्रसाद शर्मा गोविन्दपुर को प्रथम, एनसीसी पीएमश्री नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर को द्वितीय और शहीद रामकुमार कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर को तृतीय पुरस्कार सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नेताजी सुभाषचंद्र कन्या आवासीय विद्यालय गोविन्दपुर को प्रथम, शहीद रामकुमार कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर को द्वितीय तथा जेपी इंटरनेशनल एवं सेंट माइकल स्कूल गोविन्दपुर को संयुक्त रूप से तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसी प्रकार विभागीय झांकियों में जिला पंचायत को प्रथम, महिला एवं बाल विकास, आदिम जाति कल्याण और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से द्वितीय पुरस्कार तथा स्कूल शिक्षा विभाग को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कांकेर विधायक   आशाराम नेताम, छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष  भरत मटियारा, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, नगरपालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष  अरूण कौशिक, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश   संजीव कुमार टामक, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती विभा पाण्डे, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट  भास्कर मिश्रा, जिला पंचायत के सीईओ  हरेश मण्डावी, एसडीएम कांकेर अरूण कुमार वर्मा, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले सहित जनप्रतिनिधिगण, जिला स्तर के अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं, शिक्षक, पालक, गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। मंच का संचालन कुशलानंद गजबल्ला एवं उनके टीम के द्वारा किया गया। 

———————–

06. चारामा नगर में मेला के चलते आज दूसरे दिन काफी भीड रही। राजमार्ग 30 से लेकर वार्ड की गलियों तक में वाहन रखने की जगह नहीं थी। जनपद कार्यालय के सामने एक स्कूटी जिसमें दो बुर्जुग थे‚चार पहिया वाहन को ठोकर मार दी। बुर्जुग को उसी चार पहिया वाहन से प्राथमिक चिकित्सा के लिए सामुदायिक अस्पताल चारामा ले जाया गया।

 ———————–

07. सरस्वती शिशु मंदिर उमा विद्यालय में गणतंत्र पर्व मनाया गया

—सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़पिछवाड़ी कांकेर में गणतंत्र दिवस का 77 वाँ पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।  इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व सांसद श्री मोहन मंडावी व कार्यक्रम अध्यक्ष  अशोक राठी के करकमलों से ध्वजारोहण किया गया।  विशिष्ट अतिथि के तौर पर पूर्व अध्यक्ष डॉ. एल सी लालवानी,सह सचिव अजय जैन, कोषाध्यक्ष राजगोपाल कोठारी,सदस्य ललित गांधी, पूर्व उपाध्यक्ष रामशरण जैन,पूर्व कोषाध्यक्ष नवरतन साव, यशवंत सिन्हा, सुखनंदन जैन, श्रीमती निर्मला देवी चोपड़ा, श्रीमती सुनीता जैन, लीना देवांगन, रुक्मणी ध्रुव, उपस्थित थे।  समस्त अतिथियों के स्वागत अभिनंदन के पश्चात विद्यालय की दीदी श्रीमती रूखमणी साहू ने ऐ मेरे वतन के लोगों, तुम खूब लगा लो नारा गीत की भावभीनी प्रस्तुती दी। विद्यालय के भैया बहनों के द्वारा आकर्षक मनमोहक देशभक्तिपूर्ण गीत व नृत्य प्रस्तुत किये गये। जिसमें प्रमुख रूप से गीतिशा साहू, सिद्धि यादव, हिमाद्री जैन, भाव्या, खुशबू, मीरा, गीता जैन पूर्णश्री दुबे,तरुण, प्राची आदि ने छत्तीसगढ़ की लोक कलाओं एवं बस्तर लोक परिवेश के परिपेक्ष में सुंदर नृत्य की प्रस्तुती दी।  कार्यक्रम के संबोधन की कड़ी में अभिनंदन संदेश व्यक्त करते हुए विद्यालय के प्राचार्य श्री कैलाश कुमार तारक ने कहा कि आज गणतंत्र दिवस का 77 वाँ पर्व हम सबके अंदर देश के प्रति निष्ठा का भाव जगाता है। इस देश के लिए जो शहीद हुए उन्हे मै अपनी श्रद्धांजलि देता हूंँ। गणतंत्र दिवस हमारे अंदर राष्ट्र के प्रति निष्ठा व्यक्त करने का दिन है। इस पुनीत अवसर पर आप सभी का मै हार्दिक अभिनंदन करता हूँ।

कार्यक्रम अध्यक्ष कांकेर शिक्षा समिति के व्यवस्थापक एवं छत्तीसगढ़ चेंबर आफ कामर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष   अशोक राठी ने अब तुम्हारे हवाले वतन साथियों के मर्मस्पर्शी गीत से अपना उद्बोधन प्रारंभ करते हुए कहा कि गणतंत्र का यह पर्व हमें अपने संविधान के प्रति निष्ठावान बनाता है। हमें देश की एकता भाईचारा बनाये रख विकसित राष्ट्र हेतु कार्य करने प्रेरित करता है। अधिकारों एवं कर्तव्य के प्रति जागरूक करता है। हम अपना समय राष्ट्र उत्थान के कार्य में लगायें। अपनी चंद पंक्तियों के माध्यम से उन्होंने कहा कि तिरंगा आन है मेरी, तिरंगा जान है मेरी, तिरंगा अरमान है मेरी, तिरंगे से ही पहचान है मेरी। मुख्य अतिथि के आसंदी पर पूर्व सांसद श्री मोहन मंडावी ने कहा कि गणतंत्र दिवस पर मै सभी को अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ। इस देश के राम आदर्श रहे हैं। उन्होने राम की तमाम गाथाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान राम इस देश के मूल में है। जिन्होंने अपने कर्मों के माध्यम से पूरे संसार को एक संदेश दिया है। सुखनंदन जैन ने भी गणतंत्र दिवस पर सभी को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वाहन करने की बात कही।  आचार्य एवं दीदीगणों ने भी देशभक्ति पूर्ण गीत व कविता की प्रस्तुति दी।  कार्यक्रम के अंत में माननीय व्यवस्थापक  अशोक राठी के आहान पर सभी आचार्य स्टाफ एवं अतिथि गण और भैया बहनों ने देश के प्रति अपना प्रेम एवं समर्पण व्यक्त करते हुए मेरे देश प्रेमियों आपस में प्रेम करो गीत पर झूम उठे। कार्यक्रम का संचालन आचार्य जीवन गंगबेर व सूरज नेताम ने किया।इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य दीदियाँ, पालक गण, भैया बहन उपस्थित थे। 

———————

08. दुर्गूकोंदल  में  77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जनपद पंचायत दुर्गूकोंदल कार्यालय परिसर में गरिमामय ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष गोपी बढ़ाई ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिसके पश्चात उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया गया।  कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष आनंद तेता, जनपद सदस्य सविता उईके, मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरेंद्र बंजारे, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी आर.डी. ठाकुर, करोपण अधिकारी आर.के. किशोरे सहित जनपद पंचायत दुर्गूकोंदल के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

———————

09.

  ———————

10.  

— 

  ———————-

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 10 फरवरी 2026 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   10  फरवरी  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”युरिया खाद के नाम किसानों को हताशा” —जिले का चारामा विकासखंड जो स्वावलंबी और…

आज की टॉप 10 खबर 09 फरवरी 2026 सोमवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   09  फरवरी  2026 सोमवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  ”जीवन को कैसे स्मार्ट बनायेगी ये स्मार्ट मीटर” लगातार महंगाई से त्रस्त लोगों के लिए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *