आज की टॉप 10 खबर 22 जनवरी 2026 गुरूवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
  22  जनवरी  2026  गुरूवार

✍️मनोज जायसवाल

 ————————

संपादकीय

‘कौन थे, देवार,बसदेवा,लांझिया  ‘

-छत्तीसगढ़ में इनके गीतों का संवर्धन बेहद जरूरी।

—छत्तीसगढ़ में कही जाने वाली कथा के मुताबिक देवार जाति जो राजा महाराजाओं के यहां अपनी मीठी सुरों से गायन कर मनोरंजन करते थे। कहा जाता है कि एक बार उन्हीं राजाओं के द्वारा निकाले जाने के चलते इन्होंने घुमंतु जीवन जीना प्रारंभ किया जो आज भी भ्रमणशील जीवनयापन करते हैं। गोदना गोदने का काम देवार जाति के लोग ही किया जाता करते थे, अमूमन महिलाएं गोदना गोदवाती थी,जो स्वयं का शान हुआ करता था। यह भी बताते चलें कि सोना चांदी आदि महिला आभूषण जो श्रृंगार की महत्वपूर्ण वस्तु है,इसके अतिरिक्त गोदना भी अनिवार्य समझा जाता था वह इस कारण कि आदमी के मृत्यु उपरांत सोने चांदी नहीं जाता लेकिन शरीर में गोदना साथ जाता है। देवार जाति में इनके द्वारा गाए गीतों को छत्तीसगढ में देवार गीत कहते हैं। पूर्व में काफी प्रचलित ये देवार गीत आज लोक मंचों में मनोरंजन तक सीमित हो गयी है। यह देवार गीत ठुंगरू मांदर के साथ गाये जाते हैं। पांडव गाथा के वीर रस से युक्त कभी ये गीत होते हैं तो कभी करूणा तो हास्य का पुट भी देखने मिलता है। जरूरत इस बात का है कि देवार गीतों की इस कड़ी को संवर्धित किये जाने तथा बनाए रखने की। छत्तीसगढ़ में आज भी लोक मंचों पर जब देवार गीत की प्रस्तुती होती है,गावों में दर्शक इसे देखने सुनने जमे होते हैं। देवार जाति के लोग मदारी का भी काम करते थे, बंदर नचा कर भी अपनी आजीविका चलाते थे।एक बात और बता दें कि दौर में बसदेवा गीत भी प्रसिद्व हुआ करते थे। बसदेवा मूलतः जाति है जो भी घूमंतू होते थे, यह लोग रात्रि में पेंड़ में अलसुब चढ़कर गीत गाते थे और सुबह भिक्षा लेकर अपने डेरा में चले जाते थे। भीक्षा ही उनके आजीविका का साधन था। मुख्यतः धान की फसल कटने के समय आते थे,यह इसलिए कि अन्नदाता किसान खुले हाथ भिक्षा देते थे। लांझिया गोंड़ ये भी एक घुमंतु जाति की फेहरिस्त मे थे जो भी भिक्षा मांग कर जीवनयापन करते थे। इनकी भाषा भी एक रोचकपूर्ण बात करते थे।ये आयुर्वेदिक जड़ीबुटी दवाई देने का भी काम करते थे। छत्तीसगढ़ का भी एक प्रमुख घुमंतु के रूप में जाने जाते थे। छत्तीसगढ़ में देवार गीत,भरथरी गीतों के गायन में जानीमानी नाम है रेखा जलक्षत्री का। सुप्रसिद्व गायिका किरण शर्मा द्वारा भी वर्तमान में उनकी मंच में प्रस्तुती दी जाती है,जिसे उसी उत्साह से दर्शक सुनते और पसंद करते हैं।
✍️मनोज जायसवाल
 ————————
1 .नई दिल्ली में एक दिवसीय कार्यशाला में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम।
—आज नई दिल्ली स्थित गुलमोहर, इंडिया हैबिटैट सेंटर में एनएफपीआरसी द्वारा आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। कार्यशाला में इस विषय पर गहन चिंतन और सार्थक संवाद हुआ कि भारत की विकास गति को और तेज करने में संसद व विधायक किस प्रकार निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।
विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह संवाद प्रेरणादायी और मार्गदर्शक रहा।

———————— 

02. आयुष्मान वय वंदना कार्ड के पंजीयन हेतु वरिष्ठ नागरिकों को दोबारा करवाना होगा ई-केवाईसी। कलेक्टर ने किया   केवाईसी किये जाने की अपील ।

— जिले के 70 वर्ष से अधिक उम्र के हितग्राही जिनका पूर्व में आयुष्मान कार्ड बन चुका है उन्हें भी दोबारा पंजीयन ई-केवाईसी करवाने की आवश्यकता है। इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि आयुष्मान वय वंदना कार्ड में पंजीयन करवाने के लिए आधार कार्ड एवं मोबाइल नम्बर लेकर आना आवश्यक है। वर्तमान में आयुष्मान वय वंदना कार्ड पंजीयन का कार्य जिले के समस्त शासकीय स्वास्थ्य केन्द्रों, अस्पताल एवं च्वाइस सेंटरों में किया जा रहा है।  जिले को आयुष्मान वय वंदना कार्ड योजनांतर्गत पंजीयन के लिए 20323 का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसमें से 14,754 हितग्राहियों ने अपना पंजीयन करवा लिया है। विकासखण्ड कांकेर में 4131 के विरूद्ध 3228 हितग्राही, कोयलीबेडा में 3867 के विरूद्ध 285, चारामा में 3811 के विरूद्ध 2726, नरहरपुर में 3777 के विरूद्ध 2718, भानुप्रतापपुर में 2265 के विरूद्ध 1590, अंतागढ़ में 1113 के विरूद्ध 742 और दुगूकोंदल विकासखण्ड में 1359 में से 893 हितग्राहियों ने अपना पंजीयन करवा लिया है। कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले के समस्त वरिष्ठ नागरिकों से अपील किया है कि अपने नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केन्द्र, अस्पताल अथवा च्वाइस सेंटर में जाकर अपना आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनवा लेवे तथा शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। उल्लेखनीय है कि आयुष्मान वय वंदना कार्ड के माध्यम से 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के समस्त वरिष्ठ नागरिकों जिसमें एपीएल एवं बीपीएल श्रेणी शामिल है, को प्रति वर्ष 05 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार का प्रावधान है।

  ———————

03.कार्य स्थल पर लैंगिग उत्पीड़न अधिनियम अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन।

—कार्य स्थल पर महिलाओं का लैंगित उत्पीड़न अधिनियम 2013 के अंतर्गत जन जागरूकता के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला शिक्षा एवं प्रतिशक्षण संस्थान कांकेर के छात्र-छात्राओं और प्राथमिक विद्यालय में प्रशिक्षणरत शिक्षकों को कार्य स्थल पर महिलाओं का लैंगिग उत्पीड़न अधिनियम के संबंध में जानकारी दी गई। इसी प्रकार तहसील कार्यालय कांकेर के पास नुक्कड़-नाटक के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम एवं प्रचार-प्रसार किया गया।

 ———————

04. राज्य स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन 29 से 31 जनवरी तक रायपुर में।

—छत्तीसगढ़ शासन कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के द्वारा 29 से 31 जनवरी तक शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय सेजबहार रायपुर में राज्य स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र के तकनीकी एवं गैर तकनीकी लगभग 15 हजार पदों पर चयन के लिए साक्षात्कार लिया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि राज्य स्तरीय रोजगार मेला के लिए कांकेर जिले के लगभग 1710 आवेदकों द्वारा पंजीयन कराया जा चुका हैं, इन आवेदकों का साक्षात्कार 31 जनवरी दिन शनिवार को निर्धारित हैं। मेला में सहभागिता के लिए इच्छुक प्रतिभागी जो अपना पंजीयन करना चाहतें हैं, वे पोर्टल  erojgar.cg.gov.in पर अपना ऑनलाइन आवेदन कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं

 ———————

05.कलेक्टर ने किया धान खरीदी का औचक निरीक्षण। किसानों से ली तौलाई एवं भुगतान की जानकारी।

— जिले के कलेक्टर  निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने खरीदी केंद्र कोरर, पुरी लखनपुरी और गौरगांव का आकस्मिक निरीक्षण कर धान खरीदी की जानकारी ली, साथ ही मौके पर उपस्थित किसानों से चर्चा कर धान की तौलाई और विक्रय किए धान का भुगतान की जानकारी लिया। निरीक्षण के दौरान खाद्य अधिकारी और जिला विपणन अधिकारी भी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने धान खरीदी केन्द्र कोरर का निरीक्षण किया तथा लैंप्स प्रबंधक से केंद्र में आवश्यक व्यवस्था की जाने वाली सामग्री तथा किसानों की टोकन एवं अब तक की खरीदी और परिदान की जानकारी ली। मौके पर उपस्थित कृषक जागेश्वर जैन, नंदकुमार, सोनसिंह, फगनीबाई, पुनाराम, रामेश्वर जैन, अजीत राम, भुवन सिंह से चर्चा भी किया। धान खरीदी केंद्र कोरर के निरीक्षण पश्चात उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र कोरर और लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। उसके पश्चात कलेक्टर ने उपार्जन केंद्र ग्राम पुरी स्थित का निरीक्षण किया। धान खरीदी प्रभारी ने बताया कि किसानों से धान खरीदी न रुके इसलिए समीप के मैदान में भी वैकल्पिक व्यवस्था कर धान को रखा गया है और धान खरीदी निर्बाध जारी है। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने धान खरीदी केंद्र लखनपुरी और गौरगांव का भी निरीक्षण किया तथा जल निकासी, बोरो की सही स्टेकिंग और भंडारण के संबंध में दिशा निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य अधिकारी और डीएमओ को लगातार निरीक्षण करने के लिए निर्देशित किया।

———————–

06.  शिक्षक पात्रता परीक्षा 01 फरवरी को, अभ्यर्थियों के लिए दिशा-निर्देश जारी। जिले में प्रथम पाली में 4674 अभ्यर्थी और द्वितीय पाली में 7361 परीक्षार्थी होंगे शामिल।

—छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा 01 फरवरी को शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा। शिक्षक पात्रता परीक्षा में प्रथम पाली में प्राथमिक कक्षाओं के अध्यापन के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें राज्य के लगभग 01 लाख 19 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसी प्रकार द्वितीय पाली में माध्यमिक कक्षाओं में अध्यापन के लिए परीक्षा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग 02 लाख 05 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। यह परीक्षा 20 जिलों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें राज्य के सभी 33 जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे।  व्यापम द्वारा अभ्यर्थियों के लिए विस्तृत दिशा निर्देश जारी किया गया है, जिसके अनुसार परीक्षार्थियों को परीक्षा के एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केन्द्र का अनिवार्य रूप से अवलोकन कर लेने की सलाह दी गई है, ताकि उन्हें परीक्षा दिवस को कोई असुविधा न हो। परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम 02 घंटा पूर्व परीक्षा केन्द्र में पहुंचने के लिए कहा गया है, ताकि उनका फ्रिस्किंग एवं फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र से सत्यापन किया जा सके। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जायेगा। प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 9.30 बजे से प्रारंभ होगी, इसलिए मुख्य द्वार प्रातः 09 बजे बंद कर दिया जावेगा। इसी प्रकार द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 03 बजे से प्रारंभ होगा, अतः मुख्य द्वार दोपहर 2.30 बजे बंद कर दिया जाएगा।  परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपडे़ पहनकर परीक्षा देने आने कहा गया है। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी रंग व गहरे चॉकलेटी रंग का कपड़े पहनना वर्जित होगा। केवल साधारण स्वेटर, बिना पॉकेट की अनुमति होगी। सुरक्षा जांच के समय स्वेटर को उतारकर सुरक्षा कर्मी से जांच कराना होगा। स्वेटर हेतु हल्के रंग एवं आधे बांह का बंधन नहीं होगा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा, उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरने के उपरांत ही ऐसे पोशाक की अनुमति होगी। फुटवियर के रूप में चप्पल पहनने के निर्देश है, कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है। परीक्षा केंद्र में किसी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः वर्जित किया गया है। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी तथा अभ्यर्थिता समाप्त की जाएगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में केवल काले या नीले बॉल पाइंट पेन लेकर आने के निर्देश है। व्यापम द्वारा मिली जानकारी के अनुसार शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए कांकेर जिले में प्रथम पाली में 19 परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे, जिसमें 04 हजार 674 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसी प्रकार द्वितीय पाली के लिए 32 परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा, जिसमें 07 हजार 361 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

 ———————–

07. गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे सांसद   भोजराज नाग ।

—जिला मुख्यालय में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि सांसद श्री भोजराज नाग होंगे। उनके द्वारा शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में प्रातः 09 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली जाएगी।  उल्लेखनीय है कि गणतंत्र दिवस समारोह के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारी की जा रही है, बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम व मार्च पास्ट का रिहर्सल किया जा रहा है। गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न विभागों जैसे जिला पंचायत, वन, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, क्रेडा, आदिम जाति कल्याण, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशु चिकित्सा, मत्स्य पालन, रेशम, उद्यानिकी, जल संसाधन, उद्योग एवं व्यापार केंद्र, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, पुलिस इत्यादि विभागों के द्वारा शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों से संबंधित विभागीय झांकी भी निकाली जाएगी।

 ———————

08. ग्राम सभा का आयोजन 23 से 28 जनवरी तक।

—कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 में दिए गए प्रावधानों के तहत जिले के सभी ग्राम पंचायत मुख्यालय तथा उनके आश्रित ग्रामों में 23 से 28 जनवरी तक ग्राम सभा आयोजन के लिए सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया है। जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि अपने स्तर से पीठासीन अधिकारी नियुक्त कर तथा समय-सारणी बनाकर ग्राम सभा का आयोजन किया जावे, एक ही तिथि में ग्राम पंचायत के एक से अधिक ग्राम में ग्राम सभा का आयोजन न किया जाए। उन्हांने कहा कि इस प्रकार की व्यवस्था से सरपंच, सचिव सभी ग्राम सभाओं में अपनी उपस्थिति दे सकेंगे एवं ग्राम सभा का आयोजन सही ढंग से हो सकेगा। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने सभी जनपद पंचायत सीईओ को निर्देशित करते हुए कहा है कि जिले के सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा आयोजन कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए ग्राम सभा आयोजन की जानकारी ग्राम पंचायत के प्रत्येक पदधारी सरपंच तथा पंचों को दी जाए, जो अपने क्षेत्र के सदस्यों को ग्राम सभा में उपस्थित कराने के लिए उत्तरदायी होंगे। ग्राम पंचायतों के द्वारा ग्राम सभा सम्मेलन की सूचना सार्वजनिक स्थल, सहगोचर स्थानों पर चस्पा व मुनादी कराने के लिए भी निर्देशित किया गया है। ग्रामसभा की कार्यवाही सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के बाद लिए गए निर्णयों की अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकार्डिंग कर वीडियो को ‘‘ग्रामसभा निर्णय’’ (GS NIRNAY) मोबाईल एप में अपलोड कर ग्रामसभा के गतिविधियों को वाइब्रेंट ग्राम सभा पोर्टल https://meetingonline.gov.in एवं GPDP पोर्टल में शत-प्रतिशत अपलोड कराकर निर्धारित प्रपत्र में प्रतिवेदन जिला कार्यालय को 30 जनवरी 2026 तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

  ———————

09. गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को शुष्क दिवस घोषित।

—कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने 26 जनवरी को राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के अवसर पर शुष्क दिवस घोषित किया है। उक्त दिवस को जिले में स्थित समस्त देशी एवं विदेशी मदिरा की फुटकर दुकानों, देशी एवं विदेशी मदिरा की फुटकर दुकान से संलग्न आहातों एवं एफ.एल. 4(क) व्यावसायिक क्लब व एफ.एल.7, सैनिक कैन्टीन को पूर्णतः बंद रखे जाने आदेशित किया गया है। कलेक्टर ने शुष्क दिवस के दौरान जिले में अवैध मदिरा संग्रहण, विनिर्माण, परिवहन एवं विक्रय पर पूर्णतः प्रतिबंध रखने के लिए जिला आबकारी अधिकारी को निर्देशित किया है।

  ———————

10.एकल अभियान अंचल -कांकेर समिति संस्कार शिक्षा सचिव सुश्री पदमिनी साहू की उपस्थिति में अखण्ड रामायण प्रारम्भ।

—नगर में एकल अभियान अंचल -कांकेर समिति संस्कार शिक्षा सचिव सुश्री पदमिनी साहू की उपस्थिति में अखण्ड रामायण का आयोजन किया जा रहा है। इस तारतम्य में सेवाव्रती अंचल साधक कांकेर अनिता मरकाम,संच साधक सुंदरबती मरकाम, चैन कुमारी, नेताम, रताय नेताम, किशोर कुमार बघेल,,अंचल कोण्डागांव अंचल साधक चन्दरलाल बघेल, संघ साधक बलीराम पोटाई, सुश्री रामबती मरकाम, परमेश्वरी मरकाम,चैती नेताम,साधक (व्यास )कार्यालय प्रमुख गणेश सेठिया, श्रीमान राजेन्द्र यादव, प्रशिक्षण प्रमुख, सहयक रुपेश कुमार यादव संच प्रमुख कृष्णा पटेल, अजीत पटेल , सुकलु मरकाम, मनोज बघेल , सुश्री सरस्वती साहू आदि की उपस्थिति रही।

———————-

विशेष—

सशिमं कांकेर का शैक्षिक भ्रमण

— कांकेर शिक्षा समिति के सौजन्य से सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम संपन्न हुआ। जो अत्यंत ही रोमांचित, उत्साहित करने वाला था। इसमें शिक्षा समिति के माननीय व्यवस्थापक अशोक राठी, सह व्यवस्थापक अजय जैन, प्राचार्य कैलाश कुमार तारक सहित विद्यालय के समस्त आचार्य/ दीदियाँ, व विद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले भैया बहन सम्मिलित थे। विद्यालय बस के द्वारा यह शैक्षिक भ्रमण प्रात:4:00 बजे विद्यालय से शुरु हुई।रास्ते में सभी हनुमान चालीसा का पाठ, भजन एवं संगीत मय वातावरण में सफर को रोमांचित करते चल रहे थे। सर्वप्रथम सभी गीदम स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुँचे। उस दौरान गीदम के विद्यालयीन बच्चों ने घोष दल एवं पुष्प वर्षा से सभी का स्वागत अभिनंदन किया। तत्पश्चात दंतेवाड़ा देवी दर्शन को निकल पड़े। दंतेवाड़ा पहुँचकर माँ दंतेश्वरी माई का सभी ने श्रद्धापूर्ण दर्शन व पूजन अर्चन किया। उसके पश्चात सभी आगे बढ़ गए और बारसूर के श्री गणेश मंदिर व बत्तीसा मंदिर के दर्शन किये।गीदम विद्यालय के प्राचार्य विजय दुबे ने शैक्षिक भ्रमण में आये सभी आगन्तुकों का शाल श्रीफल व डायरी कलम से सम्मान किया। संस्कारक्षम वातावरण में सकारात्मक शैक्षिक चिंतन मनन के पश्चात सभी लोग विद्यालयीन बस से चित्रकूट जल प्रपात देखने रवाना हो गये। कुछ समय इस प्राकृतिक व मनलुभावने जल प्रपात को निहारने के पश्चात् सभी कांकेर के लिए वापिस हो गये। इस शैक्षिक भ्रमण में कुल शामिल होने वालो की संख्या 52 थी।

— किसानों की गंभीर समस्याओं को देखते हुए दुर्गूकोंदल ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा 23 जनवरी 2026, शुक्रवार को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यह धरना दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अंतर्गत आने वाले जोन, सेक्टर एवं मंडल स्तर के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी से जुड़े जनप्रतिनिधि भी धरना प्रदर्शन में सहभागिता करेंगे। 

— आज चारामा  विकासखंड में तारसगांव एवं चिनौरी वार्षिक देव  मेला शांति पूर्वक सम्पन्न हुआ। देर रात्रि 10 बजे से सांस्कृतिक नाचा कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। इधर जिला मुख्यालय से सटे ग्राम ढेकुना में भी मेला का आयोजन शांतिपूर्ण रहा।

 ———————-

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 28 मार्च 2026 शनिवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….  28 मार्च 2026 शनिवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- संपादकीय प्रिया राजवंश(अभिनेत्री) — 64-80 दशक की खुबसूरत अभिनेत्री रही। कुदरत,साहेब बहादुर,हँसते जख्म,चन्दा,हिन्दुस्तान की…

आज की टॉप 10 खबर 27 मार्च 2026 शुक्रवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….  27 मार्च 2026 शुक्रवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- संपादकीय प्रिया राजवंश(अभिनेत्री) — 64-80 दशक की खुबसूरत अभिनेत्री रही। कुदरत,साहेब बहादुर,हँसते जख्म,चन्दा,हिन्दुस्तान की…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *