आज की टॉप 10 खबर 24 दिसंबर 2025 बुधवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
  24  दिसंबर  2025 बुधवार

✍️मनोज जायसवाल

————————–

”कांकेर पुलिस द्वारा अपराध मुक्त समाज के निर्माण की अपील”

—अपराध मुक्त समाज की ओर एक कदम कांकेर पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों की सूचना हेतु व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर जारी कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) द्वारा “अपराध मुक्त समाज की ओर एक कदम” पहल के अंतर्गत आम नागरिकों से आपराधिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करने हेतु व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 जारी किया गया है। इस मोबाइल नंबर के माध्यम से नागरिक अपने क्षेत्र में होने वाली किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों अथवा अपराध में संलिप्त व्यक्तियों की सूचना व्हाट्सएप के माध्यम से दे सकते हैं। प्राप्त सूचनाओं पर वरिष्ठ अधिकारियों की सतत निगरानी में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही की जाएगी। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम एवं पता पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा। कांकेर पुलिस नागरिकों से इस पहल में सक्रिय सहभागिता कर सुरक्षित एवं अपराध मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग की अपील करती है।
———————— 

01. लोकसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का आज शुभारंभ हुआ। कलेक्टर ने प्रतिभागियों से की टीम भावना से उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करने की अपील। 

— जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में लोकसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव के दो दिवसीय आयोजन का आज नरहरदेव पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में शुभारंभ हुआ। इसमें कांकेर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी आठ विधानसभा क्षेत्र के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने मुख्य अतिथि की आसंदी से सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी प्रतिभागी अपने खेल हुनर का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टीम भावना के साथ खेलें। जिसने अधिक तैयारी और मेहनत की, उसकी जीत सुनिश्चित है।कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव की मेजबानी का मौका कांकेर जिले को मिलना हर्ष और गर्व की बात है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को अपनी अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए अपने जीवन का श्रेष्ठ प्रदर्शन कर समाज और प्रदेश को गौरवान्वित करने की बात कही। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी ने सांसद खेल महोत्सव के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए सभी 08 विधानसभा क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना से विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की अपील की। जिला शिक्षा अधिकारी  ने खेल महोत्सव से संबंधित प्रतिवेदन का वाचन किया। इस दौरान कलेक्टर ने सभी उपस्थित प्रतिभागियों को अनुशासन एवं संयम के साथ निष्पक्ष रूप से खेल का प्रदर्शन करने की शपथ दिलाई। इसके पहले सभी 08 विधानसभा क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने खेल मैदान में आकर्षक मार्चपास्ट किया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों के समक्ष रस्साकसी एवं 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ भी किया गया। इस अवसर पर एसडीएम कांकेर  अरूण वर्मा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सुश्री जया मनु, खेल अधिकारी श्री संजय जैन सहित आठों विधानसभा क्षेत्र से आए प्रतिभागी एवं उनके कोच व मैच रैफरी उपस्थित थे।उल्लेखनीय है कि उक्त दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता में तीन आयु वर्गों में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, व्हॉलीबॉल, गेड़ी दौड़, गिल्ली डंडा तथा रस्साकसी जैसे विभिन्न खेलों में प्रतिस्पर्धा आयोजित की जाएगी, जिसमें 800 पुरूष एवं 800 महिला प्रतिभागी सम्मिलित होंगीं, जिसका समापन गुरूवार 25 दिसम्बर को कांकेर सांसद  भोजराज नाग, विधायक कांकेर   आशाराम नेताम सहित जिले के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में होगा।

 ———————— 

02.राष्ट्रीय पेसा दिवस पर कहाड़गोंदी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए कलेक्टर। कहाड़गोंदी व पुरी में बनेगा गोटुल के लिए भवन।  कहाड़गोंदी में आंगनबाड़ी एवं पीडीएस भवन की स्वीकृति।

  — भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रायपुर  के निर्देशानुसार 28 अक्टूबर 2025 से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य प्रारंभ किया गया। इसके तहत मतदाताओं के सत्यापन एवं एसआईआर के डिजिटाइजेशन हेतु 04 नवम्बर से 18 दिसम्बर (संशोधित तिथि) के बीच बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर पूर्ण किया गया। आयोग के निर्देशानुसार आज एसआईआर के तहत निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज राजनैतिक दलों की बैठक एवं मीडिया प्रतिनिधियों की प्रेसवार्ता आहूत कर निर्वाचक नामावली के प्रारंभिक प्रकाशन के संबंध में विधानसभावार मतदाताओं की संख्या एवं इससे संबंधित जानकारी दी गई। चारामा विकासखण्ड के ग्राम कहाड़गोंदी में आयोजित कोया पुनेम व संवैधानिक विषयों पर आधारित पांच दिवसीय केन्द्रीय प्रशिक्षण शिविर में आज राष्ट्रीय पेसा दिवस के अवसर पर पेसा एक्ट के संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी, जिले के कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, जिला पंचायत सीईओ  हरेश मंडावी भी शामिल हुए।

भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी ने प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि पेसा दिवस के मूल भावना को गांव-गांव तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। गोंडवाना समाज की परंपरा, रीति-नीति व संस्कृति को समझने और उसके संवर्धन के लिए यह प्रशिक्षण बहुत उपयोगी होगा। हम सबको एक दूसरे का सहयोग करते हुए समाज की सेवा करना चाहिए। आदिवासी समाज प्रकृति के पुजारी हैं, जल, जंगल और जमीन को बचाकर रखें, शिक्षा को महत्व दें, कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। युवाओं को नशा से दूर रहने के लिए अपील भी उनके द्वारा की गई। इस अवसर पर विधायक श्रीमती मंडावी द्वारा ग्राम कहाड़गोंदी एवं ग्राम पुरी में गोटुल के लिए भवन निर्माण करवाने की घोषणा भी की गई।कलेक्टर ने राष्ट्रीय पेसा दिवस के अवसर पर प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यक्रम में पेसा एक्ट की भी जानकारी दी गई, जिससे प्रकृति के संरक्षण के साथ ही पारंपरिक ज्ञान व संस्कृति तथा परंपरा को बचाए रखने में मदद मिलेगी, वनों का संरक्षण व संवर्धन भी होगा। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में आदिवासी समाज निवास करते हैं, वह क्षेत्र जल, जंगल व खनिज से भरा हुआ है। लेकिन इन क्षेत्रों में सामाजिक सूचकांक भी बहुत कम है, साथ ही गरीबी भी है जिसे दूर करना शासन की प्राथमिकता में शामिल है। जनप्रतिनिधि एवं समाज के लोग मिलकर सामाजिक सूचकांक को बढ़ाने का प्रयास करें तो निश्चित रूप से सफलता मिलेगी। ग्रामीणों की मांग पर कलेक्टर द्वारा ग्राम कहाड़गोंदी में आंगनबाड़ी भवन एवं पीडीएस दुकान के लिए स्वीकृति प्रदान की। प्रशिक्षण सत्र को जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पेसा भाग-दो पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में गोंडवाना समाज समन्वय समिति से  विजय ठाकुर, ललित नरेटी, अश्वनी कांगे,   गोंडवाना समाज के पदाधिकारी, समाज प्रमुख व युवागण बड़ी संख्या में मौजूद थे।

  ———————

03.  पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाईन पंजीयन की तिथि में वृद्धि।

— छत्तीसगढ़ राज्य में संचालित शासकीय, अशासकीय महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक में अध्ययनरत अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को पात्रतानुसार पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति प्रदान की जानी है। शिक्षा सत्र 2025-26 हेतु पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा 12वीं से उच्चतर) के लिए आवेदन पंजीयन, स्वीकृति एवं वितरण की कार्यवाही वेबसाइट http://postmatric-scholarship.cg.nic.in पर ऑनलाईन माध्यम से की जा रही है।
आदिवासी विकास विभाग की सहायक आयुक्त ने बताया कि पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु ऑनलाइन पंजीयन की तिथि में वृद्धि करते हुए विद्यार्थियों से नवीन एवं नवीनीकरण का ऑनलाईन आवेदन 15 जनवरी 2026 तक प्राप्त की जाएगी। संस्थाओं द्वारा प्रपोजल लॉक कर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को प्रेषित करने की अंतिम तिथि 05 फरवरी निर्धारित है। इसी प्रकार शासकीय संस्था, जिला कार्यालय द्वारा सैंक्शन ऑर्डर लॉक करने की अंतिम तिथि 08 फरवरी तक, जिला कार्यालय द्वारा भुगतान हेतु राज्य कार्यालय को प्रेषित करने की अंतिम तिथि 10 फरवरी तथा छात्रवृत्ति भुगतान जारी करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। उक्त निर्धारित तिथियों के पश्चात शिक्षा सत्र 2025-26 की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु ऑनलाईन आवेदन की पोर्टल बंद कर दिया जाएगा। निर्धारित तिथि तक कार्यवाही पूर्ण नहीं करने पर यदि संबंधित संस्थाओं के विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रह जाते हैं तो इसके लिए संबंधित संस्था प्रमुख जिम्मेदार होंगे।

  ———————

04. मृत्यु के चार प्रकरणों में 16 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत।

– कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 में प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए तालाब में डूबने तथा सर्प काटने से मृत्यु होने के 04 प्रकरणों में मृतकों के निकटतम आश्रितों को चार-चार लाख रूपए की मान से 16 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की है। कांकेर तहसील अंतर्गत ग्राम तालाकुर्रा के 07 वर्षीय हिमांशु केमरो की तालाब में डूबने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके माता-पिता दिलेश केमरो और श्रीमती अंबिका केमरो के लिए चार लाख रूपए तथा ग्राम गौरगांव निवासी 89 वर्षीय कल्याण सिंग भास्कर की तालाब में डूबने से मृत्यु होने के कारण उनके निकटतम आश्रित मयाराम, सियाराम, सियाबाई, श्यामाबाई के लिए चार लाख रूपए की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार दुर्गूकोंदल तहसील के ग्राम गुड़फेल निवासी 68 वर्षीय खुजी बाई की नाला में डूबने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम वारिस बैजूराम बोगा के लिए चार लाख रूपए तथा ग्राम पर्रेकोड़ो के 05 वर्षीय दिव्यांश गावड़े की सर्प काटने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके माता-पिता मानेश गावड़े और श्रीमती ललिता गावड़े के लिए संयुक्त रूप से चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि कलेक्टर द्वारा स्वीकृत की गई है।

———————–

05. लखनपुरी मेला 27 को। आज से ही  साप्ताहिक बाजार में रौनकता दिखी।

—सर्व समाज द्वारा सम्पूर्ण छतीसगढ बंद का आव्हान पूर्णतः सफल रहा। कांकेर जिला मुख्यालय,चारामा,लखनपुरी आदि जगह स्वफुर्त बंद रहा। आगामी 27 दिसंबर से लखनपुरी वार्षिक मेला होना है, इस तारतम्य आज साप्ताहिक सब्जी बाजार में रौनकता देखी गई। 

———————

06.डीएमएफ व 15वें वित्त से काम नहीं मिलने पर सरपंच संघ का हड़ताल ऐलान, 25 दिसंबर प्रातः 7 बजे दुर्गूकोंदल मेन चौक में चक्काजाम 

— खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) एवं 15वें वित्त आयोग की राशि से खनन प्रभावित ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की स्वीकृति नहीं मिलने से सरपंचों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। शासन-प्रशासन द्वारा बार-बार अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं किए जाने से नाराज़ सरपंच संघ ब्लॉक दुर्गूकोंदल ने 25 दिसंबर 2025, गुरुवार को प्रातः 7:00 बजे दुर्गूकोंदल मुख्य चौक में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं चक्काजाम करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में सरपंच संघ दुर्गूकोंदल के सचिव मुकेश गावड़े के नेतृत्व में पूर्व में कलेक्टर कांकेर के नाम तहसीलदार दुर्गूकोंदल को ज्ञापन सौंपा गया थाज्ञापन में छह दिवस के भीतर माइंस प्रभावित पंचायतों में डीएमएफ मद से विकास कार्यों को स्वीकृति देने की मांग की गई थी। समयसीमा समाप्त होने के बाद भी प्रशासन द्वारा कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाए जाने के कारण अब सरपंच संघ एवं ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य हुए हैं।इस आंदोलन में सरपंच संघ के पदाधिकारी—राम गावड़े (उपाध्यक्ष), अनुपा कोवाची (उपाध्यक्ष), रमशिला कोमरा (प्रवक्ता) सहित कुबेर दर्रो, रजलाल आचला, मुकेश नरेटी, कन्हैया पात्र, उमेश्वरी मंडावी, बसंती भालेश्वर, फुलेश्वरी कड़ियाम, मनेसिंह सलाम, कमला हिड़को, सोनबत्ती ध्रुव, बलराम टेपरिया, हरिषा मंडावी सहित बड़ी संख्या में माइंस प्रभावित पंचायतों के सरपंच एवं ग्रामीण शामिल होंगे। सरपंचों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि डीएमएफ निधि का पारदर्शी उपयोग करते हुए शीघ्र विकास कार्यों को स्वीकृति दी जाए, ताकि क्षेत्र में बढ़ते असंतोष को रोका जा सके।

 ———————–

07. जिले के किसानों ने अब तक 19 लाख 28 हजार क्विंटल से अधिक धान बेचा।

— खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत जिले के सभी 149़ उपार्जन केंद्रों तथा 70 सहकारी समितियों में किसानों के द्वारा धान बेचा जा रहा है। खाद्य शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अब तक कुल 19 लाख 28 हजार 069 क्विंटल धान किसानों द्वारा बेचा जा चुका है। इसमें 19 लाख 06 हजार 170 क्विंटल मोटा धान तथा 20 हजार 670 क्विंटल पतला और 01 हजार 228 क्विंटल सरना वैरायटी का धान सम्मिलित है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उपार्जन केन्द्रों में खरीदी गए धान में से अब तक 41 हजार 310 क्विंटल का उठाव मिलर्स के द्वारा किया जा चुका है।इस संबंध में बताया गया कि ’टोकन तुंहर हाथ’ एप के जरिए सभी किसानों को अब सप्ताह के सातों दिन और 24 घण्टे ऑनलाइन माध्यम से तथा उपार्जन केन्द्र में पहुंचकर टोकन प्राप्त करने की सुविधा प्रारंभ हो गई है। उल्लेखनीय है कि कांकेर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए केन्द्र प्रभारी तथा पर्यवेक्षण व निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। साथ ही कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार धान के परिवहन, भण्डारण तथा विक्रय की अवैध गतिविधियों को रोकने गठित टीमों के द्वारा सतत् निगरानी की जा रही है।

 ———————–

08. जे.पी. इंटरनेशनल स्कूल के  कार्यक्रम मे शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम।  

— कांकेर नगर के जे. पी. इंटरनेशनल स्कूल, सरंगपाल में आयोजित खेलकूद समापन समारोह में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। इस गरिमामयी कार्यक्रम में अंतागढ़ विधानसभा के विधायक माननीय विक्रम उसेंडी , कांकेर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारीगण, सम्मानित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्रदृछात्राएं उपस्थित रहे। 

———————–

09.सर्व समाज द्वारा सम्पूर्ण छत्तीसगढ प्रदेश बंद का व्यापक असर पडा। आज इस तारतम्य कांकेर जिला मुख्यालय,लखनपुरी,चारामा सहित अन्य जगह बंद सफल रहा। लोगों ने स्वफुर्त बंद को समर्थन दिया। आगामी 27 दिसंबर को लखनपुरी मेला के चलते यहां आज साप्ताहिक सब्जी बाजार में रौनकता देखी गई। अभी से मेला व्यापारी अपनी जगह सुरक्षित कर लिये हैं,तो कुछ होटल अभी से खुल गये हैं।  आज 24 दिसंबर को नरहरपुर मेले का दूसरा दिन शांतिपूर्ण  तरीके से सम्पन्न हुआ। मेला व्यापारी कल से लखनपुरी आ जायेंगे। इसके बाद जिला मुख्यालय का मेला होगा।

 ———————

10.  महानदी से अवैध तरीके से रेत उत्खनन जारी है। इस तारतम्य में आज पहली बार चारामा मुख्यालय में प्रशासन द्वारा 07 हाईवा वाहनों पर कार्रवाई की। इसे लेकर रेत ठेकेदारों, वाहन मालिकों में हडकंप मच गया है। इस वर्ष इसे बडी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

 ———————-

विशेष—

छत्तीसगढ के धमधा(दुर्ग)  क्षेत्र से टमाटर की आवक नहीं होने के चलते स्थानीय बाजारों में टमाटर  के भाव कम नहीं। अभी भी 50 रूपये किलो बिक रहा। जबकि हरी शाक सब्जियां काफी सस्ती हो गई है।

 ———————-

  शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 10 फरवरी 2026 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   10  फरवरी  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”युरिया खाद के नाम किसानों को हताशा” —जिले का चारामा विकासखंड जो स्वावलंबी और…

आज की टॉप 10 खबर 09 फरवरी 2026 सोमवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   09  फरवरी  2026 सोमवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  ”जीवन को कैसे स्मार्ट बनायेगी ये स्मार्ट मीटर” लगातार महंगाई से त्रस्त लोगों के लिए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *