कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
24 नवंबर 2025 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
————————–
संपादकीय—
‘अपने अस्तित्व के लिए जुझ रहे महानदी के पुल’

सावधान ǃ अरौद पुल की ये दुर्गती हो रही है।
– महानदी में पुल की श्रेणियों में सबसे पहले धनेसरा पुल,सरंगपाल,नारा-कुरना, शाहवााडा-तारसगांव, अरौद,हाराडुला,भिरौद आता है। धमतरी से आगे मेघा घाट जैसे अहम पुल है।
————————
01. सीजी पीएससी में चयनित जिले के युवाओं का कलेक्टर ने किया सम्मान। मावा मोदोल कोचिंग संस्थान में अध्ययनरत सभी चयनित अभ्यर्थी ।
—छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा परीक्षा- 2024 की अंतिम चयन सूची जारी की गई है, जिसमें जिले के सात अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। जिले के कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिला प्रशासन की अभिनव पहल मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग सेंटर तथा सेंट्रल लाइब्रेरी कांकेर में सफलता प्राप्त करने वाले जिले की प्रतिभाओं का सम्मान आज किया गया। जिले से कुल सात अभ्यर्थियों का चयन सीजीपीएससी में हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कांकेर जिले से श्री कमल कुमार ठाकुर का चयन नायब तहसीलदार पद पर हुआ है। इसके पहले वे पटवारी के पद पर जिले में ही पदस्थ थे। इसी तरह आशीष कुमार जुर्री और ग्राम सिदेसर की रीना कोमरा, नरहरपुर विकासखंड के रिखीराम नेताम का चयन आबकारी उप निरीक्षक के पद पर चयन हुआ है। इसके अलावा श्रवण कुमार मेरिया जैसाकर्रा चारामा का चयन वाणिज्यिक कर निरीक्षक के पद पर हुआ है।

सम्मान समारोह के उद्बोधन कलेक्टर ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए मावा मोदोल संस्थान के विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने और आगामी परीक्षा हेतु कारगर रणनीति अपनाते हुए मेहनत, लगन और विषयवार अध्ययन करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि महाराष्ट्र पीएससी में पहले प्रयास में ही उनका भी चयन डिप्टी कलेक्टर के पर पर हुआ था तथा बाद में और अधिक मेहनत कर भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी ने भी सभी प्रतिभाओं एवं उनके पालकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिला प्रशासन निरंतर क्षेत्र के युवाओं को आगे लाकर उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए मावा मोदोल के माध्यम से प्रतिबद्ध रूप से कार्य कर रहा है। अगली परीक्षाओं में मावा मोदोल के विद्यार्थियों को सफल होने के लिए टिप्स दिए।

——————–
02. जिला स्तरीय पशु मेला का आयोजन 26 नवम्बर को ग्राम तेलावट में ।
— पशुधन विकास विभाग के तत्वाधान में जिला स्तरीय पशु मेला उत्सव एवं प्रदर्शनी का आयोजन 26 नवम्बर बुधवार को दोपहर 12 बजे से कांकेर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत तेलावट में किया जाएगा। उक्त पशु मेला के मुख्य अतिथि कांकेर विधायक आशाराम नेताम होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा, जिला पंचायत के अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, जिला पंचायत के कृषि स्थायी समिति के सभापति दिपांकर राय एवं जिला पंचायत सदस्य सुश्री मृदुला भास्कर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा कावड़े, उपाध्यक्ष श्रीमती तारिणी ठाकुर, जनपद पंचायत कृषि स्थायी समिति कांकेर के सभापति श्रीमती राजेशवरी नेताम और जनपद सदस्य नीतेश सलाम उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती लक्ष्मी चिराम द्वारा की जाएगी।
———————
03. दक्षिण क्षेत्रीय अंतर महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता 26 नवम्बर से।
— इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रामप्रसाद पोटाई कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र सिंगारभाट कांकेर में 26 से 29 नवम्बर तक दक्षिण क्षेत्रीय अंतर महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के कुलपति डॉ. (कर्नल) गिरीश चंदेल तथा कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर मौजूद रहेंगे।
———————
04. चारामा के खरथा धान खरीदी केंद्र में अव्यवस्थाओं के बीच धान खरीदी का शुभारंभ।
— आदिम जाति सेवा सहकारिता समिति मर्यादित ग्राम खरथा का खरीदी केंद्र में अव्यवस्थाओं के बीच धान खरीदी का शुभारंभ किया गया। खरीदी केंद्रों में किसान परेशान नजर आए। ऑनलाइन टोकन, ऑफलाइन टोकन नहीं कटने से किसान परेशान है। धान खरीदी का शुभारंभ तो कर दिए लेकिन ऑनलाइन प्रक्रिया के कारण तौल नहीं किया जा रहा है। जिससे किसान और परेशान नजर आ रहा है। ऑनलाइन सोसायटी मॉड्यूल लॉगिन बिना ओटीपी पासवर्ड नहीं आने के कारण सॉफ्टवेयर नहीं खुल रहा है। जिससे किसान को गेट पास नहीं हो रहा है। गेट पास होगा तब धान खरीदी होगा। शाम होने तक नहीं खुल रहा है, किसानों का धान तौल नहीं किया गए है जिससे किसान चिंतित एवं परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यही हाल शाहवाडा‚टांहकापार सहित अन्य केंद्रों का भी है।

———————–
05. विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य जोरों पर, जिले में 58.48 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूर्ण। जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ घर-घर जाकर कर रहे सत्यापन।
—भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रदेश में मतदाता सूची के सत्यापन हेतु गत 04 नवम्बर से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य जारी है। इसी तारतम्य में जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रांतर्गत बीएलओ मतदाताओं के घरों में जाकर सत्यापन का कार्य तेजी से कर रहे हैं। यह कार्य आगामी 04 दिसम्बर तक चलेगा। जिले के अंतागढ विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-79, भानुप्रतापपुर-80 और कांकेर-81 में कुल 734 बीएलओ द्वारा निर्वाचक गणना प्रपत्रों का 99.31 प्रतिशत वितरण पूर्ण हो चुका है। साथ ही जिले में प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य भी तेजी से चल रहा है, जिसका अब तक 58.48 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने सभी बीएलओ को एसआईआर की संपूर्ण प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। निर्वाचन शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में कुल 05 लाख 69 हजार 601 मतदाता पंजीकृत है, इनमें से अब तक 03 लाख 33 हजार 92 मतदाताओं के घर-घर जाकर निर्वाचक गणना प्रपत्रों का वितरण एवं सत्यापन कार्य पूरा हो चुका है। इनमें अंतागढ़ विधानसभा अंतर्गत 01 लाख 08 हजार 780 मतदाता, भानुप्रतापपुर में 01 लाख 26 हजार 793 और कांकेर में 97 हजार 519 मतदाता शामिल हैं। इस प्रकार अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 60.32 प्रतिशत, भानुप्रतापपुर में 61.87 तथा कांकेर विधानसभा क्षेत्र में 52.90 प्रतिशत यानी औसतन 58.48 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य जिले में सम्पन्न हो चुका है तथा शेष मतदाताओं के सत्यापन हेतु 2003 की मतदाता सूची से मिलान कर एसआईआर का कार्य शीघ्रता से किया जा रहा है।

————————
06. जिले में अब तक 26713 क्विंटल धान की खरीदी ।
— खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर 15 नवंबर से धान की खरीदी की जा रही है। इसके तहत जिले के सभी 149 उपार्जन केन्द्रों में धान की खरीदी तेजी से चल रही है। कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने धान खरीदी के संबंध में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम तथा संबंधित विभागों द्वारा समय समय पर जारी आदेशों एवं निर्देशों का अक्षरशः पालन करने के निर्देश जिला खाद्य अधिकारी, जिला विपणन अधिकारी, नोडल अधिकारी, सीसीबी तथा नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक को दिए हैं। साथ ही सभी अनुविभागीय अधिकारियों और प्रत्येक उपार्जन केन्द्र के लिए नियुक्त किए गए केन्द्र प्रभारियों को निर्देशित किया है कि जिले के किसानों से धान खरीदी का कार्य सुव्यवस्थित एवं निर्बाध रूप से किया जाए। इसके अलावा अवैध रूप से धान का परिवहन एवं विक्रय न हो इसके लिए सभी चेकपोस्ट में बारीकी से निगाह रखने के भी निर्देश कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। जिला खाद्य शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अब तक कुल 26713.20 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है, जिसमें 24392 क्विंटल मोटा धान तथा 2321 क्विंटल पतला धान सम्मिलित है। उन्होंने जिले के सभी किसानों से ऑनलाइन माध्यम से तथा उपार्जन केन्द्र में पहुंचकर टोकन प्राप्त करने की अपील की है।
————————
07. शोक—समाचार। मातृ शोक। स्व. प्यारी बाई सिन्हा।
— भानुप्रतापपुर सरस्वती शिशु मंदिर के प्राचार्य थानू राम सिन्हा की पुजनीया माताजी प्यारी बाई सिन्हा का आज 24 नंबर को दोपहर 4.00 बजे निधन हो गया। उनकी अंतिम यात्रा कल 25 नवंबर को सुबह 10.00 बजे चारामा से सटे ग्रह ग्राम उंकारी से मुक्ति धाम के लिये निकलेगी।

————————
08. ब्लाक स्तरीय गोवर्धन पूजा,गोपाष्टमी महोत्सव राऊत नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन भिरौद(चारामा) में 01 दिसंबर को आयोजित है।
——छत्तीसगढ यादव समाज ब्लाक चारामा एवं समस्त ग्रामवासी भिरौद एवं ग्राम पंचायत भिरौद तहसील चारामा द्वारा आने वाले 01 दिसंबर को लगातार द्वितीय वर्ष विकासखंड स्तरीय गोवर्धन पूजा,गोपाष्टमी राऊत नृत्य का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अरूण साव, उप-मुख्यमंत्री छ.ग. शासन होंगे। राकेश यादव अध्यक्ष यादव समाज ब्लाक चारामा की अध्यक्षता में कार्यक्रम सम्पन्न होगा। इस कार्यक्रम के साक्षी सारे जनप्रतिनिधी,पंचायत जनप्रतिनिधी कांकेर एवं भानुप्रतापपुर बनेंगे। कार्यक्रम के लिए सामाजिकजनों द्वारा जोरशोर से तैयारी किया जा रहा है। जिले में अभी से आमंत्रण कार्ड बांटी जा रही है। ग्राम भिरौद में कलश एवं शोभायात्रा सुबह 11.00 बे से निकलेगी। शीतला पूजा‚साहडा देव एवं गोवर्धन पूजा सम्पन्न होगी। अतिथियों का आगमन समय 2.30 बजे रखा गया है। क्षेत्र में इस कार्यक्रम की बेसब्री से उत्सुकता बनी हुई है।

———————–
09. भानुप्रतापपुर से लगे कच्चे में पं. प्रदीप मिश्रा के शिवमहापुराण कथा के लिए अंतिम तैयारी। बडे बडे पंडाल एवं भक्तों के लिए उचित व्यवस्था की जा रही। स्थानीय विधायक द्वारा भी गत दिनों कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया गया।
———————–
10. अंतागढ अंतर्गत गाम उसेली में 274.77 लाख की लागत से स्वीकृत पुलिया निर्माण कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। आयोजन में मुख्य अतिथि विक्रम देव उसेंडी (विधायक, अंतागढ़), अध्यक्ष मनोज पुरेटी (नगर पालिका परिषद अंतागढ़) एवं कांकेर जिला कलेक्टर की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस महती निर्माण कार्य से क्षेत्र की जनसुविधा और सुगम यातायात के लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित होगा,लोगों को सुविधाएं मिलेंगी।

———————–
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






