———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
09 मई 2026 शनिवार
✍️मनोज जायसवाल
———————–

—सर्जना साहित्य मंच कांकेर द्वारा कल 10 मई को सुबह 11 बजे से साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है‚जहां देश की विभीन्न साहित्यक विभुतियों का आगमन हो रहा है। आयोजित सम्मान समारोह में 25 महिला साहित्यकारों सहित अन्य क्षेत्र के विशिष्ट व्यक्तित्व को मिलाकर कुल 42 लोगों का सम्मान किया जायेगा। मुख्य अतिथि—् आचार्य संजीव वर्मा सलिल‚अंर्तराष्ट्रीय साहित्यकार जबलपुर‚ अध्यक्षता डॉ. गीता शर्मा(संस्थापिका सर्जना महिला साहित्य समिति कांकेर) विशिष्ट अतिथि — डॉ. शशि दुबे(धर्म पत्नी पद्मश्री स्व. सुरेंद्र दुबे) डॉ. चितरंजन कर( वरिष्ठ साहित्यकार एवं सेवानिवृत्त प्राध्यापक पं. रविशंकर शुक्ल वि.वि. रायपुर)डॉ. देवधर महंत(वरिष्ठ साहित्यकार रायपुर) अरूण कौशिक(नगर पालिकाध्यक्ष कांकेर) श्रीमती शालिनी राजपूत(अध्यक्ष हस्त शिल्प बोर्ड छ.ग.) होंगे। आयोजन कांकेर सिटी मॉल के होटल आनंदम हाल में होगा। प्रथम सत्र पश्चात अपरान्ह 2 बजे भोजन के बाद द्वितीय सत्र पांच बजे तक चलेगा जहां महिला साहित्यकारों द्वारा काव्य पाठ भी किया जायेगा। अलंकृत होने वाले अतिथियों के लिए अलग—अलग एवं नामित कुर्सियां लगायी जायेंग जिसमें नामित ही बैठ पायेंगे। उद्बोधन का प्रत्येक सदस्य के लिए निश्चित समय सीमा रहेगी। जहां सारगर्भित रूप से बगैर अनावश्यक विस्तार किये अपना उद्बोधन सीमित शब्दों में देना होगा‚ ताकि अन्य सभी लोगों को समय मिल सके।
———————–
01. प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा बैठक सम्पन्न।
—जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी द्वारा जनपद पंचायत कांकेर में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत स्वीकृत आवासों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद पंचायत कांकेर में कुल 2517 आवास स्वीकृत हैं, जिनमें से 279 आवास अप्रारंभ तथा 788 आवास अपूर्ण पाए गए।बैठक में समस्त ग्राम पंचायत सचिवों को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण शासन की महत्वपूर्ण योजना बताते हुए निर्धारित समय-सीमा में आवास पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान ग्राम पंचायत सुरेली, पीढा़पाल एवं नारा की प्रगति निराशाजनक पाए जाने पर संबंधित पंचायत सचिवों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए गए तथा 10 दिवस के भीतर कार्य में अपेक्षित प्रगति लाने हेतु आदेशित किया गया। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कांकेर अश्वनी यादव, ए.पी.ओ. पीएमएवाई-जी संतलाल गोटा, जिला समन्वयक प्रतीक तिवारी सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी और समस्त आवास नोडल अधिकारी जनपद पंचायत कांकेर एवं समस्त ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित थे।
———————–
02. भाषा दक्षता से करियर मार्गदर्शन, बोर्ड परीक्षा व प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए लगेगा मिनी समर कैंप 2026
— राज्य शासन के निर्देशानुसार विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास और भविष्य निर्माण को नई दिशा देने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग द्वारा “मिनी समर कैंप 2026”आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन भारत सरकार के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, एनसीईआरटी, राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा रायपुर तथा एससीईआरटी रायपुर द्वारा जारी निर्देशों के परिपालन में संचालित किया जाएगा।प्राप्त जानकारी के अनुसार यह समर कैंप पूर्णतः स्वैच्छिक होगा और केवल पालकों की सहमति से ही संचालित किया जाएगा। विद्यार्थियों की सुविधा एवं ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कैंप का समय प्रातः 7 बजे से 10:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।ज्ञात हो कि एससीईआरटी रायपुर द्वारा “भाषा समर कैंप” की अवधारणा प्रस्तुत की गई थी, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में भाषाई दक्षता एवं अधिगम क्षमता का विकास करना था। इसी अवधारणा को जिला उत्तर बस्तर कांकेर ने स्थानीय आवश्यकताओं एवं विद्यार्थियों के व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए विस्तारित रूप प्रदान किया है। अब इसे “मिनी समर कैंप 2026” नाम दिया गया है, जिसमें भाषाई विकास के साथ-साथ करियर निर्माण से जुड़ी कई उपयोगी गतिविधियों को भी शामिल किया गया है। इस विशेष कैंप में कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं एवं 12वीं में प्रवेशित विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग, विषयगत मार्गदर्शन, बोर्ड परीक्षा की तैयारी, प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति प्रारंभिक जागरूकता, व्यक्तित्व विकास तथा अध्ययन कौशल उन्नयन से संबंधित जानकारी प्रदान की जाएगी।साथ ही स्कूल शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विद्यार्थियों एवं पालकों से संपर्क कर अधिकाधिक बच्चों को विद्यालयों से जोड़ने, प्रवेश बढ़ाने तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता लाने का प्रयास भी इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा।
———————
03. जिला न्यायालय में द्वितीय नेशनल लोक अदालत का सफल आयोजन। एक लाख 04 हजार से अधिक प्रकरणों का हुआ तात्कालिक निराकरण।

— राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आज जिला एवं सत्र न्यायालय, कांकेर में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया, जिसमें 01 लाख 04 हजार 806 प्रकरणों का तात्कालिक निराकरण किया गया।नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ अवसर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संजीव कुमार टामक द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा लोक अदालत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित पक्षकारों एवं अधिवक्ताओं से आपसी सहमति के माध्यम से अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण हेतु सहयोग करने की अपील की गई।आज आयोजित नेशनल लोक अदालत के माध्यम से 2 हजार 968 लंबित प्रकरणों में कुल 2 हजार 629 प्रकरण निराकृत किया गया, जिसमें कुल 41 करोड़ रुपये से अधिक की अवार्ड राशि पारित की गई एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों जैसे बैंक वसूली, विद्युत एवं जलकर, टेलीफोन आदि के 1 लाख 02 हजार 177 प्रकरण प्रस्तुत किए गए, जिनमें से सभी प्रकरणों का निराकरण हुआ एवं 9 लाख 79 हजार 47 रुपये की राशि समझौते के माध्यम से वसूल की गई।नेशनल लोक अदालत के अवसर पर न्यायालय परिसर में आयुष चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें शुगर, आँख, नाक, कान, गला एवं त्वचा संबंधी रोगों की जांच एवं उपचार किया गया। उक्त शिविर में कुल 55 नागरिक लाभान्वित हुए, साथ ही 26 नागरिकों का नेत्र परीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त यातायात विभाग द्वारा नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित नागरिकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही परिवहन विभाग द्वारा भी सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों की जानकारी देकर नागरिकों को जागरूक किया गया।इस दौरान अतिथियों के द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” थीम के अंतर्गत न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया, वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण का संदेश दिया गया।नेशनल लोक अदालत के आयोजन के दौरान जिले में कुल 11 खंडपीठों का गठन किया गया था, जिनमें जिला न्यायालय कांकेर में 07, भानुप्रतापपुर में 02 एवं पखांजूर में 02 खंडपीठ का गठन किया गया था।इस अवसर पर प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्रीमती विभा पांडे, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भास्कर मिश्र, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती शांति प्रभु जैन, प्रतीक बंसोड़े (आईपीएस) अतिरिक्त कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अध्यक्ष अधिवक्ता संघ कांकेर एवं अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित थे।
————————
04.सोमनाथ स्वाभिमान पर्व ‘अटूट आस्था के 1000 वर्ष’ के अवसर पर गढ़िया पहाड़ विविध कार्यक्रमों का आयोजन।
—सोमनाथ स्वाभिमान पर्व ’अटूट आस्था के 01 हजार वर्ष’ आयोजन के अवसर पर 11 मई को सोमनाथ मंदिर गुजरात में विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में एक विशेष राष्ट्रीय शिखर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के केन्द्र एवं राज्य संरक्षित ऐतिहासिक पुरातात्विक प्राचीन शिवालय व स्मारक में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें मुख्य कार्यक्रम का भी सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसी क्रम में कांकेर के मेलाभाठा मैदान (गढ़िया पहाड़ मार्ग) पर स्थित शिव मंदिर परिसर में सोमवार 11 मई को अतिथियों की उपस्थिति में दर्शन श्रृंगार, पूजन, रूद्राभिषेक, शिवालय पर परिचर्चा, संगोष्ठी, सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामूहिक महाआरती इत्यादि का आयोजन किया जाएगा।
————————
05 . पहाड़ी रास्तों से होते हुए गांव तक पहुंचे सीईओ, एसडीएम।मुंजालगोंदी में नीम पेड़ के नीचे लगाई चौपाल।

—सुशासन तिहार, बस्तर मुन्ने और नियद नेल्लानार 2.0 अभियान के तहत कांकेर जिले के गांव -गांव में शिविर लगाकर ग्रामीणों की समस्या व शिकायतों का निराकरण किया जा रहा है, साथ ही विभिन्न 31 व्यक्तिमूलक योजनाओं से लाभान्वित भी किया जा रहा है। इसी क्रम में कांकेर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत मूरागांव के आश्रित ग्राम मुंजालगोंदी में शुक्रवार को शिविर लगाया गया। पहाड़ी पर बसे इस गांव में जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी और कांकेर एसडीएम अरुण वर्मा दुर्गम व पहाड़ी रास्तों से होकर लगभग 02 किलोमीटर मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव पहुंचे और नीम पेड़ के नीचे जमीन पर बैठकर अधिकारी द्वय ने चौपाल लगाई। उन्होंने ग्रामीणों की समस्या सुनीं, योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध पूछताछ किया और 31 व्यक्तिमूलक योजनाओं के संतृप्तता की जानकारी ली। ग्राम के सभी पात्र लोगों का जाब कार्ड बना हुआ है, 27 लोगों का आयुष्मान कार्ड नहीं बना है,जिसे बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अमले को निर्देशित किया गया। मौके पर 09 किसानों को बी-1,खसरा की प्रति नि: शुल्क उपलब्ध कराया गया। एक परिवार का राशन कार्ड बनाने तथा 01 व्यक्ति का आधार कार्ड बनाने का आवेदन प्राप्त हुआ,जिसे शीघ्र निराकृत करने के लिए निर्देशित किया गया। इसी तरह जल जीवन मिशन अन्तर्गत गांव में टंकी बनी है परंतु अभी तक नल कनेक्शन नहीं दिया गया है, जिसे जल्द शुरू करने कहा गया। शिविर में 07 किसानों को किसान सम्मान निधि के लिए चिन्हित किया गया तथा जिन किसानों के केसीसी नहीं बना है ,उनका केसीसी बनाने के लिए निर्देशित किया गया। शिविर में जनपद सीईओ अश्विनी यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।।
————————
06. स्टार्टअप को मिलेगा नया प्रोत्साहन तेजस कार्यशाला आयोजित।

—जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कांकेर द्वारा गत दिवस स्टार्टअप इंडिया, डीपीआईआईटी के अंतर्गत एक दिवसीय तेजस कार्यशाला का आयोजन किया गया । कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं एवं उभरते उद्यमियों को स्टार्टअप से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन, पंजीयन प्रक्रिया, शासकीय योजनाओं एवं वित्तीय सहायता के अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री आशाराम नेताम ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि इस कार्यशाला से जिले के युवाओं एवं उद्यमियों को स्टार्टअप के संबंध में जानकारी एवं मार्गदर्शन मिलेगा , जिससे वे उद्योग स्थापना की ओर अग्रसर होंगे। शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत बेरोजगार युवाओं को कम ब्याज दर पर ऋण के साथ अनुदान भी उपलब्ध कराया जाता है जिसका वे लाभ उठा सकते हैं। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, नगर पालिका अध्यक्ष , जिला पंचायत सदस्य मृदुला भास्कर, चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अनुप शर्मा,उद्योग विभाग के उपसंचालक प्रफुल्ल साहू, श्रीमती सिरिन देवांगन एवं महाप्रबंधक टंकेश्वर देवांगन उपस्थित रहे। इसके साथ-साथ महिला स्व सहायता समूह,चेंबर ऑफ़ कॉमर्स,एमएसएमई एवं आईटीआई,पालीटेक्निक ,लाईवलीहुड कालेज में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवा उपस्थित रहे । कार्यशाला में 05 प्रतिभागियों को बेस्ट स्टार्टअप एवं स्टार्टअप एक्सबिसन का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया l
————————
07. महिला रक्षा टीम द्वारा नगर सेना कार्यालय एवं मुरडोंगरी में जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं, छात्राओं एवं आमजन को किया गया जागरूक।

—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में एवं सुश्री प्रतिभा लहरे उप पुलिस अधीक्षक ( IUCAW ) के पर्यवेक्षण में महिला रक्षा टीम कांकेर द्वारा नगर सेना कार्यालय एवं मुरडोंगरी में आयोजित सुशासन त्योहार कार्यक्रम में पहुंचकर जागरूकता अभियान चलाया ।अभियान के दौरान महिला सैनिकों, छात्राओं एवं आमजन को शराब सेवन से परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव, यातायात नियमों के उल्लंघन से होने वाली जान-माल की क्षति, घरेलू हिंसा, मानव तस्करी, साइबर अपराध एवं महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही इन अपराधों से बचाव के उपाय एवं आवश्यक सावधानियों के बारे में भी अवगत कराया गया।महिला रक्षा टीम द्वारा महिलाओं एवं छात्राओं को अभिव्यक्ति एप की जानकारी देते हुए इसकी कार्यप्रणाली, ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई तथा कुल 75 से अधिक लोगों द्वारा एप डाउनलोड कराया गया। इसके अतिरिक्त कांकेर पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर स्थापित शिकायत पेटियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि इनके माध्यम से अपनी समस्या अथवा किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना गोपनीय रूप से दी जा सकती है।कार्यक्रम में गुड टच-बैड टच, बाल विवाह, पाक्सो एक्ट एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में भी जागरूक किया गया। साथ ही महिलाओं एवं छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए सेल्फ डिफेंस का डेमो प्रदर्शित कर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए।
————————
08. “उजियारा अभियान” के तहत थाना चारामा पुलिस की कार्यवाही।अवैध शराब बिक्री करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार, 17.670 लीटर शराब जप्त।

—पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे “उजियारा अभियान” के तहत अवैध गतिविधियों पर लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश सिन्हा (नोडल अधिकारी साइबर सेल) के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर श्री मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में थाना चारामा पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।कार्यवाही के दौरान थाना चारामा पुलिस एवं साइबर सेल टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम जामबहार निवासी चन्द्रहास सिन्हा अपने घर में अवैध रूप से अंग्रेजी एवं देशी शराब बिक्री हेतु रखे हुए है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम द्वारा तत्काल रेड कार्यवाही की गई।रेड के दौरान आरोपी चन्द्रहास सिन्हा पिता मेहत्तर राम सिन्हा उम्र 38 वर्ष निवासी जामबहार थाना चारामा जिला कांकेर के कब्जे से कुल 17.670 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 6,730 रुपये आंकी गई है। पुलिस द्वारा मौके पर शराब जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।आरोपी के विरुद्ध थाना चारामा में अपराध क्रमांक 97/2026 धारा 34 आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर दिनांक 09.05.2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
——————–
09. मानव तस्करी की आशंका पर पुलिस की त्वरित जांच, झारखंड में रोजगार हेतु स्वेच्छा से गई थीं सभी युवतियां ।
—सोशल मीडिया एवं कुछ समाचार माध्यमों में दुर्गकोंदल क्षेत्र की 35 लड़कियों को बंधक बनाकर झारखंड ले जाने संबंधी प्रकाशित समाचार के संबंध में जिला पुलिस कांकेर द्वारा तत्काल गंभीरता से जांच एवं सत्यापन कार्यवाही की गई।स्थानीय पुलिस द्वारा संबंधित क्षेत्रों में संपर्क स्थापित कर जानकारी प्राप्त की गई, जिसमें पाया गया कि कांकेर जिले की 19 एवं धमतरी जिले की 01 युवती जिला गढ़वा (झारखंड) में रोजगार हेतु गई हैं। सभी युवतियां बालिग हैं एवं अपने परिवारजनों को सूचना देकर स्वयं की इच्छा से कार्य करने गई हैं।प्रारंभिक जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि पिछले लगभग 08 माह के दौरान उक्त युवतियां अलग-अलग समय में झारखंड गई थीं तथा वहां “रॉयल हेल्थ इंडिया” कंपनी में ऑनलाइन सेल्स पर्सन के रूप में कार्यरत हैं।जिस युवती द्वारा वीडियो वायरल किया गया, उसका नाम विद्या भारती उम्र 24 वर्ष निवासी दुर्गकोंदल क्षेत्र है, जो लगभग 02 दिवस पूर्व अपनी सहेली के संपर्क में आकर कार्य करने झारखंड गई थी। वायरल वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से युवती एवं उसके परिवारजनों का संपर्क कराया गया तथा परिजनों को युवती से मिलवा दिया गया है। युवती को सकुशल वापस कांकेर लाया जा रहा है।जांच के दौरान मानव तस्करी अथवा बंधक बनाकर ले जाने जैसी किसी भी प्रकार की पुष्टि नहीं हुई है। अतः मानव तस्करी संबंधी प्रसारित खबरें भ्रामक एवं तथ्यहीन पाई गई हैं।
———————–
10. भगवती लाल सेन छत्तीसगढ़ी तथागत साहित्य सम्मान डुमनलाल ध्रुव को ।

—दिल्ली की तथागत संस्था के द्वारा छत्तीसगढ़ी साहित्य के विकास और प्रोत्साहन के लिए प्रथम ‘भगवती लाल सेन छत्तीसगढ़ी तथागत साहित्य सम्मान 2025’ छत्तीसगढ़ी के सुपरिचित लेखक डुमनलाल ध्रुव को उनकी रचना ‘मन के पाँखी ‘ के लिए प्रदान किया जायेगा। उन्हें यह सम्मान 11 मई को रायपुर में एक समारोह में प्रदान किया जाएगा।दिल्ली स्थित तथागत ट्रस्ट द्वारा शैक्षणिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्रोत्साहित किया जाता है। ट्रस्ट के संरक्षक पूर्व आई.ए.एस.एवं वर्तमान में भारतीय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉक्टर एन.पी. सिंह हैं। तथागत संस्था द्वारा इसी क्रम में छत्तीसगढ़ी साहित्य के विकास और प्रोत्साहन के लिए समादृत छत्तीसगढ़ी साहित्यकार स्व. भगवती लाल सेन के नाम पर यह सम्मान स्थापित किया गया है। पहली बार दिए जा रहे इस सम्मान के लिए चयन समिति के सदस्य डॉ. भुवाल सिंह ठाकुर, डॉ. भारती मंडावी, डॉ. सियाराम साहू और संकल्प यदु ने प्रो. पीयूष कुमार की अध्यक्षता में सम्मान के लिए आई प्रविष्टियों में से डुमनलाल ध्रुव की कृति ‘मन के पाँखी’ का चयन किया।सम्मान समारोह 11 मई को दिन में 12 बजे सभागार, निवास, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ विधानसभा में आयोजित होगा जिसके मुख्य अतिथि विधानसभा छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह होंगे। सम्मान समिति के संयोजक पीयूष कुमार ने इसे छत्तीसगढ़ी साहित्य के विकास और प्रोत्साहन का महत्वपूर्ण क्षण कहा है। तथागत संस्था द्वारा संस्था सम्मानित छत्तीसगढ़ी साहित्यकार डुमनलाल ध्रुव को 51 हजार नगद, अंगवस्त्रम् तथा स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित करेगी।
——————–
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






