———————–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
29 मई 2026 शुक्रवार
✍️मनोज जायसवाल
———————–
01. महिला रक्षा टीम द्वारा “पुना परियान (नई उड़ान)” कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को यातायात, साइबर सुरक्षा एवं महिला संबंधी अपराधों के प्रति किया गया जागरूक।
बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, महिला संबंधी अपराध एवं मानव तस्करी के बारे में दी गई महत्वपूर्ण ।

— पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा के निर्देशन में ,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में, सुश्री प्रतिभा लहरे उप पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में महिला रक्षा टीम कांकेर द्वारा जिले में संचालित जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत “पुना परियान” (नई उड़ान) कार्यक्रम में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को विभिन्न सामाजिक, कानूनी एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान कर जागरूक किया गया।छात्र-छात्राओं को बाल विवाह निषेध अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, महिला संबंधी अपराध, मानव तस्करी, बाल अपराध एवं महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की घटना होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने हेतु प्रेरित किया गया।
इसके अतिरिक्त टीम द्वारा बच्चों एवं युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। ऑनलाइन फ्रॉड, फेक कॉल, ओटीपी शेयर करने के नुकसान, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर ठगी से बचाव तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सतर्क रहने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने, किसी भी प्रकार के शोषण अथवा उत्पीड़न का विरोध करने तथा पुलिस से निर्भीक होकर संपर्क करने हेतु प्रोत्साहित किया गया।
महिला सुरक्षा एवं त्वरित सहायता के उद्देश्य से अभिव्यक्ति ऐप की जानकारी दी गई तथा कार्यक्रम के दौरान 42 छात्र-छात्राओं द्वारा अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड कराया गया। टीम द्वारा ऐप के उपयोग, आपातकालीन सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया एवं इसके लाभों के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।
———————–
02. गरिमामय समारोह में उप निरीक्षक अनंत राम पाण्डेय, उप निरीक्षक रामखेलावन कोल एवं सउनि जगदेव नेताम को दी गई सम्मानपूर्वक विदाई। तीनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को दीर्घ एवं सराहनीय सेवाओं के लिए प्रतीक चिन्ह, शाल एवं श्रीफल भेंट कर किया गया सम्मानित।समारोह में पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन रहे उपस्थित।

—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय कांकेर में आज 29 मई को एक गरिमामय एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तीनों अधिकारियों के दीर्घ एवं सराहनीय सेवाकाल की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रतीक चिन्ह, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। उप निरीक्षक अनंत राम पाण्डेय दिनांक 09.09.1989 को जिला दंतेवाड़ा में आरक्षक पद से पुलिस विभाग में सेवा प्रारंभ की। लगभग 37 वर्षों के सेवाकाल में जिला दंतेवाड़ा, बीजापुर, जगदलपुर, कोण्डागांव एवं कांकेर सहित विभिन्न जिलों में पदस्थ रहकर उत्कृष्ट सेवाएँ प्रदान कीं। डीसीबी शाखा में पदस्थ रहते हुए अपराध नियंत्रण एवं विभागीय समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उप निरीक्षक रामखेलावन कोल दिनांक 17.09.1992 को आरक्षक पद पर नियुक्त होकर पुलिस विभाग में अपनी सेवाएँ प्रारंभ कीं। जिला जगदलपुर, जिला कांकेर (विशेष शाखा) एवं जिला दुर्ग (विशेष शाखा) में विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए उत्कृष्ट सेवाएँ प्रदान कीं विशेष शाखा में कार्यरत रहते हुए गोपनीय सूचनाओं के संकलन, विश्लेषण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
———————
03.बल्क कंज्यूमर को पेट्रोल, डीजल का उठाव सीधे डिपो से करने के निर्देश।
— कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे की अध्यक्षता में जिले के डीजल, पेट्रोल बल्क कंज्यूमर की बैठक लेकर उन्हें सीधे डिपो कंज्यूमर र्पाइंट से डीजल, पेट्रोल का उठाव करने के लिए निर्देशित किया गया है, ताकि जिले के रिटेल्स आउटलेट से आम उपभोक्ताआंे को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अपर कलेक्टर श्री कुर्रे द्वारा जिला खाद्य अधिकारी शांति धु्रव की उपस्थिति में शुक्रवार को जिले के डीजल, पेट्रोल बल्क कंज्यूमर- बजरंग पॉवर एंड इस्पात हाहालद्दी, सारटेक्स मिनिरल स्टील हाहालद्दी, पुष्पा स्टील चेमल, गोदावरी स्टील कच्चे, सीएमडी माईन्स आरीडोंगरी, सड़क ठेकेदार प्रदीप वर्मा एवं रेल्वे वर्क ऑफिसर अंतागढ़ की बैठक लेकर जिले में पेट्रोल, डीजल के उपलब्धता की समीक्षा गई तथा उन्हें गत माह की भांति बल्क डिपो कंज्यूमर र्पाइंट से सीधे डीजल, पेट्रोल का उठाव करने के लिए निर्देशित किया गया।।
————————
04.नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों में उप निर्वाचन,मतदान दिवस को सवैतनिक अवकाश घोषित
— नगरीय निकायों एवं त्रिस्तरीय पंचायतों में उप निर्वाचन सम्पन्न कराने के लिए 01 जून 2026 दिन-सोमवार को मतदान की तिथि निर्धारित है। उक्त नियत मतदान तिथि को छत्तीसगढ़ में निजी या सार्वजनिक प्रतिष्ठानों, दुकान, औद्योगिक उपक्रम या कारोबार, व्यवसाय में नियोजित हैं, ऐसे नियोजित, कार्यरत संबंधितों को उनके गृह ग्राम अथवा शहर में मतदान के दिन सवैतनिक अवकाश प्रदान किया जाएगा। साथ ही ऐसे कारखानों जो सप्ताह में सातों दिन कार्य करते हैं, वहां प्रथम एवं द्वितीय पॉली के श्रमिकों को मतदान के दिन 02-02 घंटे का अवकाश घोषित किये जाने तथा जो कारखाने निरंतर प्रक्रिया के अंतर्गत आते है, उनमें काम करने वाले श्रमिकों को बारी-बारी से मतदान की सुविधा दी जाएगी। मतदान की सुविधा समस्त कार्यरत श्रमिक अथवा कर्मचारी चाहे वे दैनिक वेतन भोगी या आकस्मिक श्रमिक हों, उन्हें अवकाश प्रदान किया जाएगा।
————————
05. विशेष ग्राम सभा का आयोजन 05 जून को।
—‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026’ के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिले के सभी ग्राम पंचायतों में 05 जून को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि विशेष ग्राम सभा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के संबंध में चर्चा कर संकल्प पारित किया जावे, साथ ही इस संबंध में सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय की अनुवादित प्रति का वाचन कर जानकारी दी जाए। विशेष ग्राम सभा ग्राम पंचायत विकास योजना 2026-27 हेतु 09 थीम अनुसार संकल्प भी पारित किया जाए। पीएआई 2.0 स्कोर कार्ड ग्राम पंचायतों में चस्पा कर उसका वाचन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने सभी जनपद पंचायत के सीईओ को निर्देशित करते हुए कहा है कि ग्रामसभा में लिए गए निर्णयों की अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकार्डिंग कर वीडियो को ‘‘ग्रामसभा निर्णय’’ ( GS NIRNAY ) मोबाईल एप में अपलोड किया जावे। उन्होंने कहा कि भारत सरकार पंचायती राज मंत्रालय द्वारा ग्राम सभाओं की कार्यवाही का ए.आई. आधारित कार्यवाही विवरण तैयार करने हेतु नवीन पोर्टल ‘सभासार’ बनाया गया है। सभी ग्राम पंचायतों में इस पोर्टल का उपयोग करते हुए कार्यवाही विवरण तैयार किया जाए। इसके अलावा ग्रामसभा के गतिविधियों को वाइब्रेंट ग्राम सभा पोर्टल https://meetingonline.gov.in एवं GPDP पोर्टल में शत-प्रतिशत अपलोड कराकर निर्धारित प्रपत्र में प्रतिवेदन जिला कार्यालय को 08 जून 2026 तक उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।
————————
06.माचपल्ली के जंगल में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ की दण्डाधिकारी जांच प्रारंभ,घटना के संबंध में जानकारी हो तो एसडीएम पखांजूर को 02 जून तक कराएं अवगत
-कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के आदेशानुसार एसडीएम पखांजूर मनीष देव साहू द्वारा छोटेबेठिया थाना अंतर्गत ग्राम माचपल्ली के जंगल पहाड़ी में हुई पुलिस-नक्सली मुठभेड़ घटना की दण्डाधिकारी जांच प्रारंभ कर दी गई है। उनके द्वारा विभिन्न 12 बिन्दुओं-घटना की पृष्ठभूमि, घटना में शामिल सशस्त्र बलों का सर्चिंग अभियान हेतु विभागीय आदेशों एवं निर्देशों का विवरण, दिनांक 13 अप्रैल 2026 की घटना क्या वास्तव में सशस्त्र नक्सलियों (माओवादियों) द्वारा पूर्व नियोजित और षड्यंत्रकारी घटना थी, मृतक माओवादी नक्सली की मृत्यु कैसे हुईा। मुठभेड़ में मारे गये नक्सलियों की पहचान, परिचय एवं अपराध वृतांत आदि का विवरण। मृतिका के पोस्ट मार्टम में पाये गये मौत का आधारभूत कारक, कारण एवं चिकित्सकीय अभिमत। घटना एवं मुठभेड में पुलिस बल, आम नागरिकों के हताहतों अथवा अन्य जन-धन-बल की हानि का विवरण । मौका मुआयना, सर्चिंग व घटना स्थल निरीक्षण के दौरान पाये गये जप्त सामग्री का विवरण। पुलिस नक्सली मुठभेड़ के सबंध में आसपास के ग्रामीणों का कथन साक्ष्य, गवाही, अभिमत। पुलिस थाना में दर्ज की गई एफआईआर, पुलिस विवेचना व अभिमत और सुसंगत धाराओं का विवरण। जांच अधिकारी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति, सूचना, समन्स आदि का विवरण एवं अन्य स्रोतों से प्राप्त जानकारी जो घटना के लिए प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से महत्वपूर्ण हो जिसका उल्लेख आवश्यक हो इत्यादि बिन्दुओं पर जांच की जा रही है। उपरोक्त जांच बिन्दु पर यदि किसी व्यक्ति के पास लिखित या मौखिक जानकारी हो तो वे अनुविभागीय दण्डाधिकारी पखांजूर के न्यायालय में 02 जून तक कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर जानकारी प्रस्तत कर सकते हैं।
————————
07. अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजनांतर्गत कक्षा 6वीं में प्रवेश प्रक्रिया स्थगित
— मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना अंतर्गत वर्ष 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश परीक्षा के आयोजन संबंधी आवेदन संबंधी प्रक्रिया को स्थगित करने की जानकारी देते हुए आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि वर्तमान में संस्था इम्पैनलमेंट एवं कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु की जा रही प्रक्रिया मे विलंब होने के कारण सत्र 2026-27 के लिए योजनांतर्गत प्रवेश प्रक्रिया को स्थगित किया गया है।
————————
08. पद्म पुरस्कार-2027 हेतु नामांकन 31 मई तक आमंत्रित
– भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा पद्म पुरस्कार-2027 के लिए नामांकन एवं अनुशंसा आमंत्रित किए गए हैं। राज्य आयुक्त दिव्यांगजन छत्तीसगढ़ द्वारा जारी निर्देश के अनुसार दिव्यांगजन सशक्तीकरण एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं के नाम प्रस्तावित किए जाएंगे। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले के सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा नगरपालिका एवं नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि जिले के पात्र संस्थाएं एवं व्यक्तियों से 31 मई तक भारत सरकार के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कराएं।
————————
09.प्री-डीएलएड प्रवेश परीक्षा 04 जून को, नोडल अधिकारी नियुक्त, परीक्षा में 4696 परीक्षार्थी होंगे शामिल
-छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल रायपुर द्वारा प्री-डीएलएड प्रवेश परीक्षा 04 जून गुरूवार को पूर्वान्ह 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें जिले के 4696 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आस्था बोरकर को नोडल अधिकारी और सहायक संचालक शिक्षा श्री लक्ष्मण कावड़े को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।उक्त परीक्षा के लिए जिले में 20 परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जिसमें शासकीय भानुप्रतापदेव स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर, शासकीय इंदरू केंवट कन्या कॉलेज भीरावाही अलबेलापारा कांकेर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल सिदेसर, स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मिडियम मॉडल कॉलेज कांकेर, कृषि महाविद्यालय एवं रिसर्च सेंटर सिंगारभाट, शासकीय नरहरदेव हायर सेकेंडरी स्कूल कांकेर, शासकीय कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल लट्टीपारा, शासकीय पंडित विष्णुप्रसाद शर्मा हायर सेकेण्डरी स्कूल गोविन्दपुर कांकेर, डाईट कांकेर और शासकीय महिला आईटीआई कांकेर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।इसी प्रकार शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल सिंगारभाट, कन्या हॉस्टल हाई स्कूल सिंगारभाट, शासकीय हाई स्कूल माकड़ी, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल आतुरगांव, शासकीय हाई स्कूल शीतलापारा कांकेर, सेंट माइकल हायर सेकेंडरी स्कूल गोविंदपुर, जेपी इंटरनेशनल स्कूल सरंगपाल कांकेर, पैराडाइज हायर सेकेण्डरी स्कूल ईमलीपारा, सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकेण्डरी स्कूल गढ़पिछवाड़ी और शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल डुमाली को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है।
———————–
10. पीओएस मशीन सुचारू रूप से कार्य करने से किसानों को हो रहा उर्वरक का वितरण
-दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर ‘सहकारी समितियों में कर्मचारियों की मनमानी’ के संबंध में जानकारी देते हुए कृषि विभाग के उप संचालक जितेन्द्र कोमरा ने बताया कि आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोयलीबेड़ा में 06 कर्मचारी पदस्थ हैं, इनमें से 25 मई को कार्यालय में 03 कर्मचारी उपस्थित रहे। समिति प्रबंधक सुबरन सिंह नाग कोयलीबेड़ा समिति के अतिरिक्त चारगांव समिति के भी प्रभार पर हैं। चारगांव समिति का पीओएस मशीन खराब होने के कारण नया पीओएस मशीन लेने के लिए वे उक्त दिवस को रायपुर जाने के कारण कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। कार्यालय में 02 लिपिक शोभीराम आंचले और अश्वन कुमार पटेल पदस्थ हैं, शोभीराम आंचले अवकाश पर थे, जिनका आवेदन उनके द्वारा दिया गया था। लिपिक अश्वन कुमार की पत्नी का स्वास्थ्य ठीक नहीं होने एवं चिकित्सा उपचार के कारण वे कार्यालय में लगभग 11.30 बजे उपस्थित हुए। सहकारी समिति में पदस्थ ऑपरेटर श्रीमती देवंतीन बघेल कार्यालय में उपस्थित थीं। ऑपरेटर विपिन कुमार उसेण्डी 25 मई को समिति प्रबंधकों की बैठक में कृषि विज्ञान केंद्र कांकेर में उपस्थित होने के कारण कार्यालय में उपस्थित नहीं हुए। उपरोक्त कारणों से तीन कर्मचारी कार्यालय में उपस्थित नहीं हुए। कार्यालय में पदस्थ चतुर्थ कर्मचारी उपस्थित था।उप संचालक कृषि ने बताया कि 25 मई सोमवार को ऑनलाइन सोसायटी माड्यूल में उर्वरक का स्टॉक प्रदर्शित नहीं होने के कारण उर्वरक का वितरण नहीं किया जा सका। पीओएस मशीन से रजिस्ट्रेशन नंबर डालने के बाद आगे प्रोसेस नहीं होेने के कारण उर्वरक का वितरण नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि 26 मई से पीओएस मशीन सुचारू रूप से कार्य कर रहा है और किसानों को उर्वरक का वितरण किया जा रहा है।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






