आज की टॉप 10 खबर 27 सितंबर 2026 रविवार

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

27  सितंबर  2026 रविवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

✍️ 01. मन की बात के बहाने बदली तस्वीर, लामकन्हाऱ के गांव में आत्मसमर्पित नक्सलियों,आदिवासियों और बच्चों के साथ मुख्यमंत्री ने सुना प्रधानमंत्री का संबोधन। प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा’ पहल की सराहना की, स्थानीय उत्पादों, स्वच्छता और नशामुक्ति जैसे विषयों पर भी दिया संदेश।

—लंबे समय तक नक्सल गतिविधियों के प्रभाव में रहे अंतागढ़ विकासखण्ड के ग्राम लामकन्हार में रविवार को एक अलग तस्वीर देखने को मिली। ग्राम लामकन्हार में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आत्मसमर्पित नक्सलियों, आदिवासी समुदाय के लोगों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और स्कूली बच्चों के साथ बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी सुनी। सामूहिक श्रवण के इस आयोजन में गांव का वातावरण उत्साह और उमंग से भरा रहा। इस अवसर पर ग्राम लामकन्हार स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में सांसद   भोजराज नाग, अंतागढ़ विधायक  विक्रम देव उसेंडी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, कलेक्टर कांकेर  कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक (एसपी) कांकेर   निखिल राखेचा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री के संबोधन में देशभर में जनभागीदारी से हो रहे सकारात्मक प्रयासों, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, स्वच्छता, नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों को प्रमुखता मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा’- ‘घर-घर मुनगा’ जैसी पहल का उल्लेख करते हुए इसके पोषण संबंधी लाभों और जनस्वास्थ्य की दृष्टि से उपयोगिता पर चर्चा की। इसके अलावा उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक की स्मृतियों, जनगणना, सोमनाथ स्वाभिमान पर्व, स्वच्छता अभियान और नशे के विरुद्ध युवाओं के संकल्प जैसे विषयों पर भी बात रखी।  ‘मन की बात’ में देश में स्थानीय स्तर पर किए जा रहे नवाचारों और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को भी रेखांकित किया गया। प्रतापगढ़ में समूह की महिलाओं द्वारा आंवला प्रसंस्करण सहित स्थानीय संसाधनों से जुड़े कार्यों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने ऐसे प्रयासों की सराहना की।  आत्मसमर्पित नक्सलियों के साथ मुख्यमंत्री की सहभागिता बनी चर्चा का केंद्र  कार्यक्रम में आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ चुके पूर्व नक्सलियों की मौजूदगी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। मुख्यमंत्री श्री साय ने उनके साथ बैठकर ‘मन की बात’ सुनी। लंबे समय तक नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्र में मुख्यमंत्री, आत्मसमर्पित नक्सलियों, आदिवासी समाज और स्कूली बच्चों का एक साथ बैठना सामाजिक बदलाव और मुख्यधारा से जुड़ने की प्रक्रिया की तस्वीर पेश करता नजर आया। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सामूहिक रूप से सुना। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की सहभागिता ने इसे व्यापक जनभागीदारी का रूप दिया।
नक्सल प्रभावित अंचल में संवाद और सहभागिता का संदेश
अंतागढ़ क्षेत्र लंबे समय तक नक्सल गतिविधियों से प्रभावित रहा है। ऐसे क्षेत्र में ‘मन की बात’ का यह सामूहिक श्रवण केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ग्रामीण समाज, प्रशासन और मुख्यधारा से जुड़ चुके लोगों के बीच संवाद और सहभागिता की तस्वीर भी सामने आई। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने प्रधानमंत्री के संबोधन के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे सामाजिक सरोकारों, जनभागीदारी और स्थानीय प्रयासों की जानकारी सुनी। लामकन्हार में मुख्यमंत्री श्री साय की मौजूदगी में आयोजित यह कार्यक्रम आदिवासी अंचल में बदलते सामाजिक वातावरण और आमजन की भागीदारी को रेखांकित करता है।।

 ———————–

✍️ 02. माननीय हाईकोर्ट के निर्देशों की अवहेलना पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी(सीएमएचओ) डॉ. रामचंद्र ठाकुर तत्काल प्रभाव से निलंबित। 

—माननीय हाईकोर्ट के निर्देशों की अवहेलना पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी(सीएमएचओ) डॉ. रामचंद्र ठाकुर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई हाईकोर्ट के एक मामले में निर्धारित समय-सीमा के भीतर जवाबदावा प्रस्तुत नहीं किये जाने,शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही के संदर्भ की गई है। हाईकोर्ट के प्रकरण डब्ल्युपीएस नंबर 3865/2025 में समय-सीमा के अंदर प्रस्तुत करने का निर्देश था,जिसे इन्होंने प्रस्तुत नहीं किया। सचिव लोकस्वास्थ्य विभाग द्वारा हाईकोर्ट में 3,000 जमा किये जाने के निर्देश थे। बावजूद इसके प्रस्तुत नहीं किया गया। इसे छत्तीसगढ सिविल सेवा(आचरण) नियम 1965 के नियम-3 का उल्लंघन बताया है। नियम 9(1)(क) के तहत निलंबन कार्रवाई की गई है। छत्तीसगढ सिविल सेवा(वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9(1) (क) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में डॉ. ठाकुर का मुख्यालय कार्याय संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, संभाग बस्तर निर्धारित किया गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि वे सक्षम अधिकारी की अनुमति के बगैर मुख्यालय नहीं छोड सकेंगे।

———————–

✍️ 03. महानदी पुल निर्माण भुमिपूजन एवं कालेज खोलने की मांग को लेकर 04 अक्टूबर को टांहकापार में होगी महा बैठक ।

—बहुप्रतीक्षित टांहकापार पुल की प्रशासकीय स्वीकृति की खबर पर अब इसके भुमिपूजन कार्यक्रम को मूर्तरूप देने साथ ही क्षेत्र की महती कालेज की मांग को लेकर क्षेत्रवासी आगामी 04 अक्टूबर को टांहकापार में विशेष सभा का आयोजन किया गया है। इस बैठक में क्षेत्र के जिला,जनपद,ग्राम पंचायत प्रतिनिधि एवं आम बुद्विजीवी वर्ग उपस्थित होंगे।

————————

✍️ 04. एग्रीटेक के नाम पर किसानों को बार-बार परेशान करना बंद करें भाजपा सरकार :- जगदीश नेताम

—जगदीश नेताम आम आदमी पार्टी किसान प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष कांकेर एग्रीटेक पंजीयन को लेकर हो रही परेशानी पर भाजपा सरकार को घेरा है।उन्होंने कहा की किसानों से बार-बार नई प्रक्रियाएं करवाने के बजाय सरकार को यहां सुनिश्चित करना चाहिए कि उनकी मेहनत से पैदा की गई धान की एक-एक दाना खरीदा जाए। उन्होंने आगे कहा छत्तीसगढ़ में कई छोटे बड़े जलाशय हैं डूब प्रभावित किसानों का समय में नवीन पंजीयन एग्रीटेक सोसाइटी समिति संबंधित विभाग को दिशा निर्देश किया जाए। उन्होंने सरकार से स्पष्ट जवाब मांगते हुए कहा कि यदि सभी किसानों का धान खरीद जाना है तो फिर किसानों पर आवश्यक अतिरिक्त प्रक्रियाएं क्यों थोपी जा रही है। आम आदमी पार्टी मांग करती है पट्टेद।र किसान डूब।न भूमि और वन अधिकार पट्टा धारी किसानों का एग्रीटेक नवीन पंजीयन जल्द से जल्द किया जाए

————————

✍️ 05. पुलिसकर्मियों को “जन सहयोग” ने जलपान करा कर किया सहयोग।

—नगर में अत्यंत ख़राब मौसम तथा गणेश विसर्जन की भीड़ के मध्य हार्ड ड्यूटी देते हुए पुलिसकर्मियों तक “जन सहयोग ” समाजसेवी संस्था ने नाश्ते के पैकेट तथा शुद्ध पानी जलपान पहुंचा कर दिया । इस संबंध में   “जन सहयोग ” के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने कहा कि हमारे काँकेर के कर्तव्यनिष्ठ पुलिस सिपाही त्योहारों की भीड़ की चाक-चौबंद व्यवस्था करते हैं और इसके लिए मौसम या अन्य किसी बाधा की परवाह नहीं करते। तकलीफ़ सहते हुए भी त्योहार के कार्यक्रम को पूर्णता तक पहुंचाते हैं । श्रीगणेश- विसर्जन में अक्सर इन लोगों की ड्यूटी दिन में 2:00 बजे से ही लग जाती है जबकि विसर्जन समाप्त होते होते रात के 4:00 बज जाते हैं । इस बीच इन पुलिसकर्मियों को भूख- प्यास भुलाकर लगातार भीड़ का प्रबंध करना पड़ता है। लोगों की सुरक्षा का भारी उत्तरदायित्व वहन करना पड़ता है । कभी-कभी गालियां भी खानी पड़ती हैं, फिर भी ये अपने कर्तव्य- पथ पर डटे रहते हैं। ऐसी स्थिति देखकर “जन सहयोग” ने निर्णय लिया कि हम उनके लिए कम से कम नाश्ता-पानी का तो इंतज़ाम कर ही सकते हैं , इसीलिए आज ड्यूटी दे रहे पुलिसकर्मियों तक “जन सहयोग ” के साथियों ने नाश्ते के पैकेट तथा शुद्ध पेयजल पहुंचा कर दिया है, जिस पर सिपाही भाइयों ने खुशी जाहिर की है । 

————————— 

✍️06. जिले में 30 सितंबर से 10 अक्टूबर तक होगा ‘सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर’ का आयोजन।

—“सेवा संकल्प अभियान” के तहत जिले में जिला स्तरीय ‘सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर’ 30 सितम्बर से 10 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर  कुन्दन कुमार द्वारा शिविरों के सफल क्रियान्वयन, पर्यवेक्षण तथा विभागीय सहयोग एवं समन्वय के लिए विभिन्न अधिकारियों को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।जारी आदेशानुसार 30 सितंबर को विकासखंड कांकेर के ग्राम मोदे के शासकीय हाई स्कूल परिसर में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग  समीर पाण्डे को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसी प्रकार 01 अक्टूबर को चारामा विकासखंड के ग्राम हल्बा के शासकीय हाईस्कूल प्रांगण टीना शेड में होने वाले शिविर के नोडल अधिकारी कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग कुंदन राणा, 02 अक्टूबर को कांकेर के मेलाभाठा, जनकपुर वार्ड में आयोजित शिविर हेतु नोडल अधिकारी जिला शिक्षा अधिकारी होंगे।इसी प्रकार में 03 अक्टूबर को कोयलीबेड़ा जनपद पंचायत परिसर में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी उप संचालक कृषि  जितेन्द्र कोमरा, 04 अक्टूबर को भानुप्रतापपुर विकासखंड के तरांदुल के हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक श्री टंकेश्वर देवांगन तथा 05 अक्टूबर को दुर्गूकोंदल विकासखंड के कोडे़कुर्से हाई स्कूल मैदान में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी जिला परिवहन अधिकारी  प्रकाश रावटे होंगे। इसी प्रकार 06 अक्टूबर को नरहरपुर विकासखंड के मांडाभर्री ग्राम पंचायत भवन में आयोजित शिविर हेतु सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सुश्री जया मनु, 07 अक्टूबर को अंतागढ़ विकासखंड के आमाबेड़ा बाजार स्थल में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी जिला खाद्य अधिकारी श्रीमती शांति ध्रुव तथा 10 अक्टूबर को कोयलीबेड़ा विकासखंड के ग्राम माहला के प्राथमिक शाला खेल मैदान में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी जिला योजना एवं सांख्यिकीय अधिकारी  विनोद कुमार अहिरवार को नियुक्त किया गया है।

————————

✍️07.सेवा संकल्प अभियान के तहत 28 से 30 सितंबर तक सेवा सेतु कैंप का आयोजन।  

—सेवा संकल्प अभियान के तहत 28 सितंबर से 30 सितंबर तक जिला मुख्यालय सहित सभी विकासखंड स्तर पर सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया जाएगा। सेवा सेतु कैंप के माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम तथा राज्य शासन की विभिन्न खाद्य संबंधी योजनाओं के हितग्राहियों को आवश्यक जानकारी एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिला खाद्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सेवा सेतु कैंप में हितग्राहियों के आधार सीडिंग, मोबाइल नंबर दर्ज कराने तथा ई-केवाईसी से संबंधित कार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के संबंध में जानकारी दी जाएगी। कैंप में खाद्यान्न सामग्री के सैंपल का प्रदर्शन एवं स्मार्ट पीडीएस में राशनकार्ड बनाने संबंधी प्रक्रिया की जानकारी भी किया जाएगा, जिससे हितग्राही खाद्यान्न की गुणवत्ता एवं संबंधित जानकारी से अवगत हो सके। खाद्य शाखा द्वारा जिले के नागरिकों एवं पात्र हितग्राहियों से सेवा सेतु कैंप में उपस्थित होकर उपलब्ध सुविधाओं एवं जानकारी का लाभ उठाने की अपील की गई है।

————————

✍️08.जल जन सेवा संकल्प अभियान के तहत 27 सितंबर से 4 अक्टूबर तक बाइक रैली का आयोजन।  

—जल संसाधन विभाग द्वारा “जल जन सेवा संकल्प” अभियान के अंतर्गत 27 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली के सफल एवं व्यवस्थित संचालन के लिए जल संसाधन विभाग के प्रमुख अभियंता कार्यालय द्वारा सभी संबंधित जिला अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।जारी निर्देशानुसार प्रत्येक जिले में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता को जिला नोडल अधिकारी नामांकित किया गया है। संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर बाइक रैली के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा गया है।

 ——————- 

✍️09.गुण्डाधूर सम्मान एवं प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान के लिए 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित।

—छत्तीसगढ़ शासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के सर्वाेत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रदान किए जाने वाले गुण्डाधूर सम्मान एवं महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान वर्ष 2026-27 के लिए इच्छुक एवं पात्र खिलाड़ियों से 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। निर्धारित अंतिम तिथि एवं समय के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग कांकेर ने बताया कि निर्धारित प्रारूप में आवेदन संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की विभागीय वेबसाइट http//sportsyw.cg.gov.in पर ऑनलाइन अपलोड करना होगा। उन्होंने बताया कि गुण्डाधूर सम्मान एवं महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान शासन द्वारा निर्धारित नियमावली, प्रावधानों एवं पात्रता शर्तों के अनुसार चयन जूरी द्वारा किसी एक खिलाड़ी अथवा एक दल को प्रदान किया जाएगा। सम्मान के तहत 01 लाख रुपये नगद, अलंकरण फलक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। सम्मान की नियमावली, चयन मापदंड एवं अन्य विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। इच्छुक आवेदक अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण, कांकेर से संपर्क कर सकते हैं।

  ———————–

✍️ 10.  लामकन्हार में मुख्यमंत्री से बच्चों ने पूछे बेबाक सवाल, साय ने संघर्ष से सत्ता तक का सुनाया सफर।

—प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी की मासिक रेडियो वार्ता ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी में शामिल होने कांकेर जिले के ग्राम लामकन्हार पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने संवाद किया। इस दौरान बच्चों ने मुख्यमंत्री से उनके राजनीतिक जीवन और नक्सलवाद के खात्मे को लेकर सीधे सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने सहजता से बच्चों के सवालों का जवाब दिया और अपने जीवन के संघर्षों से लेकर मुख्यमंत्री बनने तक के सफर की कहानी साझा की।कक्षा 12वीं के छात्र भानुप्रताप मरकाम ने मुख्यमंत्री से पूछा कि उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत कैसे हुई? जवाब में मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि उनका बचपन संघर्षों और जिम्मेदारियों के बीच बीता। कम उम्र में ही पिता का साया सिर से उठ जाने के बाद परिवार की जिम्मेदारियां उनके कंधों पर आ गईं। उन्होंने कहा कि यही परिस्थितियां उन्हें समाज और लोगों के बीच काम करने के लिए प्रेरित करती रहीं।मुख्यमंत्री ने बताया कि झारखंड और ओडिशा की सीमा पर स्थित छोटे से गांव बगिया से उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। पहली बार पंच के चुनाव में निर्विरोध निर्वाचित हुए। ग्रामीणों के आग्रह पर दूसरी बार सरपंच का चुनाव लड़ा और निर्विरोध चुने गए। इसके बाद वर्ष 1990 में पहली बार विधायक का चुनाव जीता। वर्ष 1999 में रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर संसद पहुंचे और लगातार चार बार सांसद रहे। उन्होंने बताया कि पहली बार लोकसभा चुनाव जीतने पर जीत का अंतर करीब 5,800 मतों का था, जबकि अंतिम लोकसभा चुनाव में यह अंतर लाखों मतों तक पहुंच गया। वर्ष 2014 में उन्हें केंद्रीय राज्य मंत्री की जिम्मेदारी मिली। वे तीन बार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। वर्ष 2023 में कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित होने के बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का पद संभाला।

ओज ने पूछा- नक्सलवाद खत्म करने की क्या योजना बनाई?
कक्षा 9वीं के छात्र ओज कुमार ने मुख्यमंत्री से पूछा कि नक्सलवाद को खत्म करने के लिए सरकार ने क्या योजना बनाई? मुख्यमंत्री श्री साय ने इसका श्रेय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन को देते हुए कहा कि पुनर्वास नीति, ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच और बेहतर सुरक्षा रणनीति के समन्वय से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि इसी प्रयास के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ को 31 मार्च 2026 को नक्सलवाद से मुक्त घोषित किया गया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के आत्मविश्वास और जिज्ञासा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सवाल उनकी जागरूकता और भविष्य के प्रति गंभीर सोच को दर्शाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 26 सितंबर 2026 शनिवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 26  सितंबर  2026 शनिवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01. कांकेर जिला राइस मिल एसोसिएशन द्वारा सम्मान एवं व्यापारियों की समस्याओं पर…

आज की टॉप 10 खबर 25 सितंबर 2026 शुक्रवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 25  सितंबर  2026 शुक्रवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01. भारी बारिश को देखते हुए जिले के सभी स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *