———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
26 सितंबर 2026 शनिवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️ 01. कांकेर जिला राइस मिल एसोसिएशन द्वारा सम्मान एवं व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा।

—होटल सुंदरम में कांकेर जिला राइस मिल एसोसिएशन द्वारा भारतीय खाद्य निगम के सदस्य एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष हलधर साहू तथा कांकेर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष अनूप शर्मा का सम्मान किया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रताप साहू सहित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर राइस मिल व्यापारियों ने व्यवसाय से संबंधित शासन स्तर पर आ रही विभिन्न परेशानियों एवं समस्याओं से अतिथियों को अवगत कराया।व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए भारतीय खाद्य निगम के सदस्य हलधर साहू ने आश्वस्त किया कि राइस मिल व्यापारियों की सभी समस्याओं एवं मांगों से राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराया जाएगा तथा उनके निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में राइस मिल एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्यगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। व्यापारियों की समस्याओं के समाधान हेतु संवाद और प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
———————–
✍️ 02.कांकेर नगर में पेयजल व्यवस्था सुचारू हुई । नगरपालिका परिषद ने त्वरित कार्रवाई करते इंटकवेल तक कर्मचारियों को पहूंचाकर दुरूस्त कराया।
—महानदी में आई बाढ़ के कारण बागोड स्थित इंटेकवेल के चारों ओर पानी भर गया था और वहां तक पहुंचने वाला मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया था। इसके चलते कांकेर शहर की पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने लगी थी।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगरपालिकाध्यक्ष अरूण कौशिक स्वयं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने इंटेकवेल तक पहुंचने का मार्ग बंद होने के कारण प्रशासन से तत्काल चर्चा कर नगर सेना की बोट एवं विशेष टीम की व्यवस्था कराई गई, जिसके माध्यम से कर्मचारियों को इंटेकवेल तक पहुंचाया गया नगरपालिका कर्मचारियों एवं नगर सेना की टीम ने विपरीत परिस्थितियों में लगातार प्रयास करते हुए इंटेकवेल को दुरुस्त कर पुनः चालू कराया।इंटेकवेल के चालू होते ही कांकेर शहर की जल आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल कर दी गई है।इस पूरी व्यवस्था में तत्परता से कार्य करने वाले नगरपालिका कर्मचारियों एवं नगर सेना की टीम का आभार शहरवासियों की सुविधाओं और आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखना नगरपालिका की जिम्मेदारी है।
———————–
✍️ 03. भाई की हत्या के मामले में आरोपी को आजीवन कारावास। आरोपी द्वारा अपने बड़े भाई मंगतु राम कावड़े की भरमार बंदूक के बट से सिर पर वार कर की गई थी हत्या ।

—पुलिस जानकारी के अनुसार प्रकरण का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— दिनांक 20.10.2025 को थाना आमाबेड़ा क्षेत्रांतर्गत ग्राम गरदा में आरोपी मंगऊ राम कावड़े नारायणपुर से अपने घर आया हुआ था और घर के आंगन में बैठा था। उसी दौरान उसका बड़ा भाई मंगतु राम कावड़े भरमार बंदूक लेकर घर के आंगन में आया और मोटरसाइकिल नहीं देने की बात को लेकर आरोपी पर भरमार बंदूक से फायर कर दिया।फायरिंग से निकला लोहे का टुकड़ा आरोपी के दाहिने पैर में लगा, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद आरोपी ने अपने भाई से भरमार बंदूक छीनकर उसे जमीन पर पटककर तोड़ दिया तथा अत्यधिक आक्रोश में उसी बंदूक के बट से मंगतु राम के सिर पर दो बार वार किया।सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मंगतु राम आंगन में गिर गया और कुछ समय बाद उसकी मृत्यु हो गई।घटना की रिपोर्ट पर थाना आमाबेड़ा में मर्ग क्रमांक 18/2025 धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता तथा अपराध क्रमांक 13/2025 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। विवेचना एवं अभियोजन में— प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन पुलिस अधीक्षक आई.के. एलेशेला (भापुसे.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंछोर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी श्री शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में विवेचना की गई। विवेचना के दौरान प्रत्यक्षदर्शी साक्षियों के न्यायालयीन कथन, विवेचकगण द्वारा संकलित साक्ष्य तथा घटना से संबंधित परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को अभियोजन की ओर से लोक अभियोजक श्री ईश्वर लाल साहू द्वारा प्रभावी पैरवी करते हुए उपलब्ध साक्ष्यों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। माननीय न्यायालय द्वारा उपलब्ध मौखिक, परिस्थितिजन्य एवं अन्य साक्ष्यों का समग्र मूल्यांकन किया गया। अभियोजन द्वारा आरोपी के विरुद्ध लगाए गए आरोप संदेह से परे प्रमाणित पाए जाने पर आरोपी मंगऊ राम कावड़े को दोषसिद्ध कर आजीवन कारावास एवं ₹1,000 अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।अर्थदण्ड अदा नहीं करने पर आरोपी को 06 माह का अतिरिक्त कठोर कारावास की सजा सुनाई गई।
दोषसिद्ध आरोपी
मंगऊ राम कावड़े ,पिता – सोमरु राम कावड़े
उम्र – 31 वर्ष,जाति – गोंड,निवासी – ग्राम गरदा, थाना आमाबेड़ा,जिला–उत्तर बस्तर कांकेर (छत्तीसगढ़)
पुलिस टीम में—प्रकरण में प्रभावी विवेचना एवं कार्रवाई में थाना आमाबेड़ा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें- तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद साहू- उपनिरीक्षक भुनेश्वर चंद्रवंशी‚- प्रधान आरक्षक ईश्वर मंडावी‚- आरक्षक चेतन यादव‚- आरक्षक घनश्याम सिंह नाग‚ आरक्षक नंदकुमार ठाकुर‚- एवं अन्य सहयोगी पुलिस टीम रहे।
————————
✍️ 04.मोर मितान’ बीट आरक्षकों की कार्यप्रणाली एवं जनसंपर्क गतिविधियों की समीक्षा कर सतत बीट भ्रमण के निर्देश।थाना आने वाले नागरिकों के साथ संवेदनशील, सम्मानजनक एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर।

—जिला उत्तर बस्तर कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) द्वारा थाना- दुर्गकोंदल का वार्षिक निरीक्षण किया गया।थाना की समस्त प्रशासनिक व्यवस्थाओं, अपराध नियंत्रण एवं विवेचना कार्यों, अभिलेख संधारण, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, अनुशासन तथा कर्मचारियों के कल्याण से संबंधित व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी, विवेचकों एवं शाखा प्रभारियों से अपराधों की विवेचना, लंबित मामलों की स्थिति, शिकायतों के निराकरण, वारंट एवं समंस तामीली, प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा सामुदायिक पुलिसिंग गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने तथा जनता से बेहतर संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
अभिलेखों एवं रजिस्टरों की जांच :-
थाना कार्यालय में संधारित अपराध पंजी, दैनिक डायरी, आगंतुक रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर, वारंट रजिस्टर, समंस रजिस्टर, सीसीटीएनएस अभिलेख एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। रिकॉर्ड में अद्यतन प्रविष्टियों, दस्तावेजों की शुद्धता, समयबद्ध संधारण एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैरक एवं आवासीय परिसर का निरीक्षण :-
पुलिस कर्मचारियों के लिए निर्मित बैरकों एवं आवासीय परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया। कर्मचारियों को स्वच्छ एवं बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने तथा परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
शस्त्रागार (मालखाना) एवं सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण :-शस्त्रागार एवं मालखाना का परीक्षण कर शस्त्रों के रखरखाव, सुरक्षा मानकों, अभिलेख संधारण, जब्त संपत्तियों के रखरखाव तथा सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी हथियारों को सुरक्षित एवं कार्यशील स्थिति में रखने, नियमित सफाई करने तथा जवानों को समय-समय पर शस्त्र संचालन का अभ्यास कराने के निर्देश दिए गए।
थाना परिसर एवं शाखाओं का अवलोकन :-
थाना परिसर की स्वच्छता, सीसीटीएनएस शाखा, महिला सहायता कक्ष, रिकॉर्ड रूम, कंप्यूटर कक्ष, आगंतुक कक्ष एवं अन्य शाखाओं की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं जनसुविधा अनुकूल बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही थाना आने वाले नागरिकों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
‘मोर मितान’ बीट आरक्षकों की समीक्षा :-
थाना क्षेत्र में कार्यरत ‘मोर मितान’ बीट आरक्षकों की कार्यप्रणाली, जनसंपर्क गतिविधियों एवं बीट व्यवस्था की समीक्षा की गई। बीट आरक्षकों को क्षेत्र में सतत भ्रमण कर आमजन से संपर्क बनाए रखने एवं अपराध नियंत्रण हेतु सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।
कर्मचारियों से संवाद एवं समस्याओं की जानकारी :- अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यक्तिगत चर्चा कर उनकी विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं की जानकारी प्राप्त की गई। कर्मचारियों के कल्याण, स्वास्थ्य, आवासीय सुविधाओं एवं कार्यपरिस्थितियों से संबंधित आवश्यक सुझाव प्राप्त कर उनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
पुलिस अधीक्षक महोदय का संदेश :-
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने कहा कि थाना पुलिस व्यवस्था की मूल इकाई है। थाना स्तर पर अनुशासन, पारदर्शिता, संसाधनों का समुचित प्रबंधन एवं जनसहयोग जितना बेहतर होगा, कानून व्यवस्था उतनी ही अधिक प्रभावी होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने तथा जनता का विश्वास मजबूत करने हेतु निरंतर प्रयासरत रहने का निर्देश दिया गया।
————————
✍️ 05. पांच वर्षीय नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में दो आरोपियों को आजीवन कारावास। माननीय प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश, अतिरिक्त प्रभार अपर सत्र न्यायाधीश (FTC), कांकेर श्रीमती विभा पाण्डेय द्वारा आरोपियों को सुनाई गई उम्रकैद की सजा।
—————————
✍️06. जिले में 30 सितंबर से 10 अक्टूबर तक होगा ‘सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर’ का आयोजन।
—“सेवा संकल्प अभियान” के तहत जिले में जिला स्तरीय ‘सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर’ 30 सितम्बर से 10 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर कुन्दन कुमार द्वारा शिविरों के सफल क्रियान्वयन, पर्यवेक्षण तथा विभागीय सहयोग एवं समन्वय के लिए विभिन्न अधिकारियों को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।जारी आदेशानुसार 30 सितंबर को विकासखंड कांकेर के ग्राम मोदे के शासकीय हाई स्कूल परिसर में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग समीर पाण्डे को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसी प्रकार 01 अक्टूबर को चारामा विकासखंड के ग्राम हल्बा के शासकीय हाईस्कूल प्रांगण टीना शेड में होने वाले शिविर के नोडल अधिकारी कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग कुंदन राणा, 02 अक्टूबर को कांकेर के मेलाभाठा, जनकपुर वार्ड में आयोजित शिविर हेतु नोडल अधिकारी जिला शिक्षा अधिकारी होंगे।इसी प्रकार में 03 अक्टूबर को कोयलीबेड़ा जनपद पंचायत परिसर में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी उप संचालक कृषि जितेन्द्र कोमरा, 04 अक्टूबर को भानुप्रतापपुर विकासखंड के तरांदुल के हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक श्री टंकेश्वर देवांगन तथा 05 अक्टूबर को दुर्गूकोंदल विकासखंड के कोडे़कुर्से हाई स्कूल मैदान में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी जिला परिवहन अधिकारी प्रकाश रावटे होंगे। इसी प्रकार 06 अक्टूबर को नरहरपुर विकासखंड के मांडाभर्री ग्राम पंचायत भवन में आयोजित शिविर हेतु सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सुश्री जया मनु, 07 अक्टूबर को अंतागढ़ विकासखंड के आमाबेड़ा बाजार स्थल में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी जिला खाद्य अधिकारी श्रीमती शांति ध्रुव तथा 10 अक्टूबर को कोयलीबेड़ा विकासखंड के ग्राम माहला के प्राथमिक शाला खेल मैदान में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी जिला योजना एवं सांख्यिकीय अधिकारी विनोद कुमार अहिरवार को नियुक्त किया गया है।
————————
✍️07. कांकेर में सर्व पिछड़ा वर्ग समाज की रणनीति बैठक: 27% आरक्षण और जातिगत जनगणना की मांग को लेकर 3 अक्टूबर को कोंडागांव में महाआंदोलन।

—अपने संवैधानिक अधिकारों और लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ का पिछड़ा वर्ग समाज अब आर-पार की लड़ाई के मूड में आ गया है। शनिवार को कांकेर स्थित पुराना कमेटी हॉल में छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज की जिला स्तरीय समीक्षा व रणनीति बैठक संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य 3 अक्टूबर को कोंडागांव में आयोजित होने वाली विशाल रैली एवं धरना-प्रदर्शन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाना तथा संगठन का विस्तार करना था। बैठक में उपस्थित समाज के प्रमुख नेताओं ने राज्य व केंद्र सरकार की उपेक्षात्मक नीति पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी जायज मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो शांतिप्रिय तरीके से जारी यह आंदोलन उग्र रूप धारण कर लेगा।
3 अक्टूबर के ‘कोंडागांव महाआंदोलन’ की तैयारी: गांव-गांव पहुंचेगा संदेश
कोंडागांव में होने वाले विशाल प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए रूपरेखा तैयार की गई है। निर्णय लिया गया कि समाज के प्रतिनिधि हर गांव और ब्लॉक स्तर पर बैठकें आयोजित करेंगे तथा लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कोंडागांव पहुंचने की अपील करेंगे। इसके साथ ही संगठन को धरातल पर मजबूत करने के लिए महिला प्रकोष्ठ एवं युवा प्रकोष्ठ का जिला व ब्लॉक स्तर पर तेजी से विस्तार किया जाएगा। पिछड़ा वर्ग समाज कई वर्षों से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्षरत है, लेकिन शासन-प्रशासन द्वारा लगातार अनदेखी की जा रही है। समाज ने निम्नलिखित मुख्य मांगों को लेकर मोर्चा खोला है। पिछड़ा वर्ग को उनकी जनसंख्या के अनुपात में पूर्ण 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ तुरंत दिया जाए। छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में अविलंब जातिगत जनगणना कराई जाए। आगामी राष्ट्रीय जनगणना के प्रपत्र में ओबीसी समाज के लिए अलग से कॉलम की व्यवस्था की जाए।बैठक के दौरान वक्ताओं ने सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य की आबादी का एक बड़ा हिस्सा होने के बावजूद पिछड़ा वर्ग समाज को अपने हक और अधिकारों के लिए तरसना पड़ रहा है। समाज के प्रतिनिधियों ने कड़े शब्दों में कहा, “हम अब तक शांतिप्रिय और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात सरकार के सामने रखते आए हैं। लेकिन यदि सरकार हमारी मांगों को अनसुना करती रही, तो समाज को सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने में देर नहीं लगेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।”
————————
✍️08.जल जन सेवा संकल्प अभियान के तहत 27 सितंबर से 4 अक्टूबर तक बाइक रैली का आयोजन।
—जल संसाधन विभाग द्वारा “जल जन सेवा संकल्प” अभियान के अंतर्गत 27 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली के सफल एवं व्यवस्थित संचालन के लिए जल संसाधन विभाग के प्रमुख अभियंता कार्यालय द्वारा सभी संबंधित जिला अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।जारी निर्देशानुसार प्रत्येक जिले में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता को जिला नोडल अधिकारी नामांकित किया गया है। संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर बाइक रैली के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा गया है।
——————-
✍️09.गुण्डाधूर सम्मान एवं प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान के लिए 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित।
—छत्तीसगढ़ शासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के सर्वाेत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रदान किए जाने वाले गुण्डाधूर सम्मान एवं महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान वर्ष 2026-27 के लिए इच्छुक एवं पात्र खिलाड़ियों से 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। निर्धारित अंतिम तिथि एवं समय के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग कांकेर ने बताया कि निर्धारित प्रारूप में आवेदन संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की विभागीय वेबसाइट http//sportsyw.cg.gov.in पर ऑनलाइन अपलोड करना होगा। उन्होंने बताया कि गुण्डाधूर सम्मान एवं महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान शासन द्वारा निर्धारित नियमावली, प्रावधानों एवं पात्रता शर्तों के अनुसार चयन जूरी द्वारा किसी एक खिलाड़ी अथवा एक दल को प्रदान किया जाएगा। सम्मान के तहत 01 लाख रुपये नगद, अलंकरण फलक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। सम्मान की नियमावली, चयन मापदंड एवं अन्य विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। इच्छुक आवेदक अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण, कांकेर से संपर्क कर सकते हैं।
———————–
✍️
10. विभिन्न कोर्स में प्रमाणीकरण के लिए लाइवलीहुड कॉलेज में आवेदन आमंत्रित
—भारत सरकार, नई दिल्ली द्वारा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत जिले में Recognition of Prior Learning के तहत प्रमाणीकरण कार्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न कोर्स, ट्रेड एवं व्यवसाय में पूर्व प्रशिक्षित एवं अनुभवी हितग्राहियों को उनके कौशल का आंकलन कर कौशल प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।लाइवलीहुड कॉलेज कांकेर द्वारा इच्छुक हितग्राहियों से विभिन्न चिन्हित कोर्स असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन, राज मिस्त्री, सोलर पी.वी. इंस्टॉलर, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, डोमेस्टिक आई हेल्पडेस्क अटेंडेंट एवं जल वितरण संचालक में प्रमाणीकरण के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी लाइवलीहुड कॉलेज, गोविंदपुर कांकेर में उपस्थित होकर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
————————
विशेष—
सेवा संकल्प अभियान के तहत 28 से 30 सितंबर तक सेवा सेतु कैंप का आयोजन
—सेवा संकल्प अभियान के तहत 28 सितंबर से 30 सितंबर तक जिला मुख्यालय सहित सभी विकासखंड स्तर पर सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया जाएगा। सेवा सेतु कैंप के माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम तथा राज्य शासन की विभिन्न खाद्य संबंधी योजनाओं के हितग्राहियों को आवश्यक जानकारी एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिला खाद्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सेवा सेतु कैंप में हितग्राहियों के आधार सीडिंग, मोबाइल नंबर दर्ज कराने तथा ई-केवाईसी से संबंधित कार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के संबंध में जानकारी दी जाएगी। कैंप में खाद्यान्न सामग्री के सैंपल का प्रदर्शन एवं स्मार्ट पीडीएस में राशनकार्ड बनाने संबंधी प्रक्रिया की जानकारी भी किया जाएगा, जिससे हितग्राही खाद्यान्न की गुणवत्ता एवं संबंधित जानकारी से अवगत हो सके। खाद्य शाखा द्वारा जिले के नागरिकों एवं पात्र हितग्राहियों से सेवा सेतु कैंप में उपस्थित होकर उपलब्ध सुविधाओं एवं जानकारी का लाभ उठाने की अपील की गई है।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






