आज की टॉप 10 खबर 28 सितंबर 2026 सोमवार

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

28  सितंबर  2026  सोमवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

✍️ 01. जिले में भाजपा को एक और झटका,कोमल हुपेंडी ने दिया इस्तीफा।

—आदिवासी भाजपा नेता कोमल हुपेंडी ने अपना इस्तीफा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव को भेज दिया है। आखिरकार भाजपा से इतना जल्दी मोहभंग  क्यों हो गयाॽ जबकि उन्होंने  वर्ष 2024 में भाजपा प्रवेश  किया था। इससे पूर्व  आम आदमी पार्टी(आप) के प्रदेश अध्यक्ष थे। उन्होंने इस्तीफे की     प्रतिलिपि- सत्यनारायण सिंह प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित जनजाति मोर्चा,भाजपा छ.ग.को दिया है। सोशल मीडिया में पोस्ट करते हुए उन्होंने अपने इस्तीफे पर लिखा है- विगत लोकसभा चुनाव के दौरान इंडिया गठबंधन के भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के खिलाफ काम करते हुए मैंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। पार्टी संगठन के साथ-साथ कांकेर व कोरबा लोकसभा के प्रत्याशियों के पक्ष में यथासंभव कार्य किया था।संगठन विस्तार के दौरान पार्टी ने मुझे अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया था किंतु वैचारिक कारणों से मैं दायित्वों का निर्वहन नहीं कर पा रहा हूँ।वरिष्ठ नेताओं का जिन्होंने मुझे स्नेह दिया तथा स्थानीय कार्यकर्ता व पदाधिकारियों का हृदय से धन्यवाद व आभार व्यक्त करते हुए पार्टी के दायित्वों व प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देता हूँ।जल-जंगल-जमीन,आदिम सांस्कृतिक परम्परा, शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार को लेकर हमारा अभियान जारी रहेगा।

 ———————–

✍️ 02. राज्य स्तरीय रोजगार मेले में 8720 से अधिक पदों पर भर्ती के अवसर।दो दिवसीय रोजगार मेला 07 और 08 अक्टूबर को होगा रायपुर में ।10वीं से स्नातकोत्तर तक के अभ्यर्थी ले सकेंगे हिस्सा। 

—कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 07 एवं 08 अक्टूबर को सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम रायपुर में दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्रों में 8,720 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती के अवसर उपलब्ध होंगे। रोजगार मेले के दूसरे दिन 08 अक्टूबर को मुख्यमंत्री की उपस्थिति में चयनित युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान किए जाएंगे।रोजगार मेले के लिए विभिन्न कंपनियों एवं प्लेसमेंट संस्थाओं से अब तक 36 नियोजकों के माध्यम से कुल 8,720 रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त हो चुकी है। इन रिक्तियों को ई-रोजगार पोर्टल पर प्रदर्शित किया जा रहा है। मेले में क्वेस कॉर्प, रैडस्टैड इंडिया, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर, एयरटेल पेमेंट बैंक, इंस्टाकार्ट, एनआईआईटी, आइसेक्ट और स्वतंत्र माइक्रोफाइनेंस सहित विभिन्न कंपनियां एवं संस्थाएं भाग लेंगी।जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, बी.ई./बी.टेक., बीएससी एग्रीकल्चर, स्नातक एवं स्नातकोत्तर तथा एमबीए, एमसीए उत्तीर्ण अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे। मशीन ऑपरेटर, इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिकल इंजीनियर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर, नर्सिंग स्टाफ, सुरक्षा गार्ड एवं डिलीवरी बॉय सहित विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार मेले में उपस्थित होकर भाग ले सकते हैं। इसके अलावा ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल पर अपना संपूर्ण बायोडाटा प्रस्तुत कर आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर संबंधित नियोक्ताओं द्वारा प्राथमिक चयन के बाद अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा।

———————–

✍️ 03. कलेक्टर जनदर्शन में मिले 75 आवेदन, शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश। विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर सौंपे आवेदन।

—जिला कार्यालय में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित 75 आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने आवेदकों से उनकी समस्याएं सुनीं और प्राप्त आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करते हुए निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जनदर्शन में ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास की राशि दिलाने, स्कूल भवन में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क की मरम्मत, प्राथमिक शाला में अतिरिक्त शिक्षक की व्यवस्था, हैंडपंप खनन, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, आंगनबाड़ी केन्द्र खोलने, आधार कार्ड एवं आबादी सर्वे सूची में नाम शामिल करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। इसी तरह आवेदकों द्वारा वनाधिकार पट्टे की भूमि को ऑनलाइन दर्ज कराने, स्मार्ट मीटर लगाने की मजदूरी का भुगतान कराने तथा टीना शेड निर्माण सहित अन्य समस्याओं के संबंध में भी आवेदन प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए तथा संबंधित आवेदकों को की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए। जनदर्शन में अपर कलेक्टर   ए.एस. पैकरा एवं श्री जी.डी. वाहिले, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

————————

✍️ 04. सेवा संकल्प अभियान: ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत नुक्कड़ नाटक से ग्रामीणों को किया जागरूक।

—सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ पहल के तहत लोक लहर प्रेरणा नाट्य दल द्वारा नरहरपुर ब्लॉक के ग्राम जामगांव एवं पेंड्रावन के स्थानीय रंगमंच भवन में प्रेरणादायी नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों ने स्थानीय और सरल संवादों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक किया।नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत बालिकाओं के संरक्षण एवं शिक्षा के महत्व का संदेश दिया गया। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन, आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा एवं निःशुल्क उपचार तथा स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से स्वच्छता को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कलाकारों ने सहज एवं प्रभावी प्रस्तुति के माध्यम से शासकीय योजनाओं से मिलने वाले लाभ और उनके महत्व को ग्रामीणों तक पहुंचाया। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने नुक्कड़ नाटक की सराहना की। आयोजन से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ ही युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनसेवा की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।इस अवसर पर जनपद पंचायत के सीईओ श्री भानुप्रताप चुरेंद्र,  संतोष भास्कर, श्री टिकेश्वर जैन, ग्राम जामगांव की सरपंच श्रीमती भगवती उइके, ग्राम पेंड्रावन की सरपंच श्रीमती मालती नेताम सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

————————

✍️ 05. कलेक्टर  कुन्दन कुमार ने पीएम श्री नरहरदेव स्कूल का किया औचक निरीक्षण।कक्षा 9वीं से 12वीं तक संचालित तिमाही परीक्षाओं का लिया जायजा।

—कलेक्टर  कुन्दन कुमार ने आज जिला मुख्यालय कांकेर स्थित शासकीय पीएम श्री नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की तिमाही परीक्षाएं संचालित हो रहा है।
कलेक्टर श्री कुमार ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर परीक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में परीक्षा देते हुए देखा। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की संख्या, परीक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में प्राचार्य श्रीमती रचना श्रीवास्तव से जानकारी ली। कलेक्टर ने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।। 

————————— 

✍️06. पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में तेजी लाने के निर्देश।

—कलेक्टर  कुन्दन कुमार ने आज जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिन हितग्राहियों की योजना संबंधी सम्पूर्ण प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, उनके घरों में तत्काल सोलर संयंत्र स्थापित किया जाए। कलेक्टर ने जिले के मूल निवासी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी अपने-अपने घरों में सोलर संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ दिलाने के लिए विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता को अपने-अपने प्रभार क्षेत्र में स्टॉल लगाकर लोगों को योजना की जानकारी देने तथा आवेदन फॉर्म भरवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने जिले में संचालित बड़ी परियोजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने विभाग से संबंधित बड़ी परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी तथा उनकी वर्तमान स्थिति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी कार्ययोजना की जानकारी भी उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि बड़ी परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए विभागवार समीक्षा की जाएगी। कलेक्टर ने हितग्राहीमूलक योजनाओं का क्रियान्वयन करने वाले विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभागों का एमआईएस तैयार करने तथा उसमें एजेण्डा भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी अधिकारी अपने विभाग में संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों एवं परियोजनाओं की पूरी जानकारी रखें तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित जानकारी तत्काल प्रस्तुत करें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर  ए..एस. पैकरा एवं  जी.डी. वाहिले, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

 ————————

✍️07.शासकीय शहीद गेंदसिंह महाविद्यालय चारामा में “सेवा संकल्प” के अभियान के साथ साइबर जागृति कार्यक्रम एवं “यातायात की पाठशाला” का आयोजन।  

—पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक   योगेश कुमार साहू के मार्गदर्शन में कांकेर पुलिस द्वारा “सेवा संकल्प अभियान” के तहत शासकीय शहीद गेंदसिंह महाविद्यालय, चारामा में साइबर जागृति कार्यक्रम एवं “यातायात की पाठशाला” का आयोजन किया गया।छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक “सेवा संकल्प अभियान” चलाया जा रहा है।सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जागरूकता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए कांकेर पुलिस का प्रयास है कि युवा साइबर अपराध और यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनें। इसी क्रम में यातायात प्रभारी दीपक साव, थाना प्रभारी चारामा   सुरेश कुमार राठौर एवं थाना स्टाफ द्वारा लगभग 250 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। जिसमें :-

विद्यार्थियों को OTP, पासवर्ड, बैंकिंग जानकारी एवं निजी जानकारी किसी से साझा नहीं करने की समझाइश दी गई।अनजान लिंक, संदिग्ध वेबसाइट एवं सोशल मीडिया पर अज्ञात व्यक्तियों से सावधान रहने की जानकारी दी गई।साइबर बुलिंग, ब्लैकमेलिंग एवं साइबर स्टॉकिंग से बचाव के उपाय बताए गए। साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 एवं cybercrime.gov.in पर शिकायत करने हेतु जागरूक किया गया।

वीडियो—यातायात पाठ शााला‚चारामा में यातायात संबंधी जानकारी देते यातायात प्रभारी दीपक साव।

इसके साथ ही ” यातायात की पाठशाला” के अंतर्गत विद्यार्थियों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने के संबंध में समझाइश दी गई। साथ ही नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, ट्रैफिक सिग्नल एवं सड़क संकेतों का पालन करने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने के संबंध में विशेष रूप से जागरूक किया गया। प्रोजेक्टर एवं वीडियो के माध्यम से सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी प्रदान की गई। राहवीर योजना एवं डायल-112 की जानकारी :-सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद करने वाले नागरिकों के लिए राहवीर योजना की जानकारी दी गई।आपातकालीन स्थिति में डायल-112 की सहायता लेने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया।

————————

✍️08.आज गृह ग्राम बेवरती स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक–2 में आयोजित “आंगन मिलन सेवा” समारोह में  कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल  होकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं उपस्थित जनों से  संवाद किए।

—गृह ग्राम बेवरती स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक–2 में आयोजित “आंगन मिलन सेवा” समारोह में  कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल  होकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं उपस्थित जनों से  संवाद किए। इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों, बच्चों एवं महिलाओं से जुड़ी आवश्यकताओं तथा क्षेत्र में संचालित जनकल्याणकारी कार्यों को लेकर उपस्थितजनों से चर्चा  किये।   उन्होंने आंगनबाडी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के समर्पण और सेवाभाव की सराहना करते हुए उनके अनुभव एवं सुझाव  भी जाना।मौके पर    उन्होंने कहा— आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की देखभाल और पोषण का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर भविष्य की नींव तैयार करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और परिवारों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे प्रयासों को निरंतर मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है।

 ————————— 

✍️09. चारामा विकासखंड के हाराडुला में पुल टूटने के बाद अब इसके उपरी भाग में  महानदी एनीकट टूटने की खबर।

— पिछली दफा जिस एनीकट का गेट  चोरों द्वारा चोरी कर लिये जाने और  अवैध तरीके से रेत पार  किये जाने के तरह तरह की चर्चाएं होती रही। इसी एनीकट के  उपर संक्शन मशीन से बारिश के   दिनों में रेत निकाले जाने जिस पर स्थानीय विधायक को आगे आने की जरूरत पडी। इसके बाद अवैध रेत उत्खनन  का दुष्परिणाम देखने मिला जहां  हाराडुला पुल टूट गई अब  पुनः दुष्परिणाम सामने है कि  करोडों की लागत से बनाई गई एनीकट भी टूटने की खबर है। भारी  बारीश के बाद जब महानदी से पानी उतर रहा है‚ तब ग्राम के लोगों को यह पता चल रहा है‚जो चित्र  सशक्त पथ संवाद‚ कांकेर टॉप 10 न्युज के लिए  ग्राम के  जागरूक युवा नेता ‚समाजसेवी जितेंद्र साहू ने भेजी है।

 

इन दिनों चारामा  विकासखंड के कई गावों में रामधुनी पार्टी का कार्यक्रम चल रहा है‚इस तारतम्य ग्राम गोलकुम्हडा में नरहरपुर से आई रामधुनी पार्टी द्वारा झांकियों के साथ मनोरम प्रस्तुति दी गई।

रामधुनी पार्टी की प्रस्तुति देने  खासकर मंचों में महिलाओं की भीड देखने मिल रही है।

गोलकुम्हडा(चारामा) में रामधुनी प्रस्तुति का आनंद लेते ग्रामवासी।

  ———————–

✍️ 10.छत्तीसगढ प्रदेश अन्य पिछडा वर्ग चारामा इकाई की बैठक सम्पन्न। विकासखंड के ग्रामीण अध्यक्ष सहित जिला स्तर के पदाधिकारी हुए शामिल।   

—छत्तीसगढ प्रदेश अन्य पिछडा वर्ग चारामा इकाई की बैठक सम्पन्न। विकासखंड के ग्रामीण अध्यक्ष सहित जिला स्तर के पदाधिकारी हुए शामिल। आने वाले तीन दिनों के भीतर संगठन की मजबूती के लिए पुनः विस्तृत चर्चा के लिए होगी बैठक। आने वाले 18 अक्टूबर को समाज के स्थापना दिवस जिला स्तर पर भानुप्रतापपुर में तथा प्रदेश स्तर पर रायपुर में मनाये जाने का निर्णय एवं तैयारी पर होगी चर्चा।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 27 सितंबर 2026 रविवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 27  सितंबर  2026 रविवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01. मन की बात के बहाने बदली तस्वीर, लामकन्हाऱ के गांव में आत्मसमर्पित…

आज की टॉप 10 खबर 26 सितंबर 2026 शनिवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 26  सितंबर  2026 शनिवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01. कांकेर जिला राइस मिल एसोसिएशन द्वारा सम्मान एवं व्यापारियों की समस्याओं पर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *