———————–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
15 जुलाई 2026 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
———————–
✍️
01. आत्मानंद एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के 500 से अधिक विद्यार्थियों को कांकेर पुलिस ने सिखाए सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा और साइबर सुरक्षा के गुर विद्यार्थियों को सड़क संकेतों की भाषा, यातायात नियम, हेलमेट-सीट बेल्ट के महत्व एवं सुरक्षित यातायात की दी जानकारी। महिला रक्षा टीम ने गुड टच-बैड टच, बाल अपराध, महिला सुरक्षा एवं अभिव्यक्ति ऐप के बारे में किया जागरूक।

— निखिल राखेचा, पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशन, आकाश श्रीश्रीमाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर एवं योगेश साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर के मार्गदर्शन तथा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह,उप पुलिस अधीक्षक व सुश्री प्रतिभा लहरे उप पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में 15 जुलाई 2026 को यातायात पुलिस, महिला रक्षा टीम एवं साइबर टीम द्वारा आत्मानंद स्कूल पटौद, हायर सेकेंडरी स्कूल पटौद एवं हायर सेकेंडरी स्कूल ठेमा में संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए यातायात नियमों का पालन, सड़क पर सुरक्षित चलने के तरीके, विभिन्न यातायात संकेतों एवं सिग्नल लाइटों का महत्व, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीड से बचने तथा शराब सेवन कर वाहन न चलाने के संबंध में प्रोजेक्टर के माध्यम से वीडियो दिखाकर जागरूक किया गया। यातायात पुलिस द्वारा राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को शासन द्वारा 25,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। साथ ही डायल-112 की त्वरित सहायता सेवाओं एवं आपातकालीन परिस्थितियों में उसकी उपयोगिता से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।महिला रक्षा टीम ने छात्र-छात्राओं को गुड टच-बैड टच, बाल अपराध, महिला सुरक्षा, अभिव्यक्ति ऐप एवं विभिन्न सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। वहीं साइबर टीम ने साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, बैंकिंग फ्रॉड एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा कर विद्यार्थियों को सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया।
———————-
✍️ 02.गौवंश संरक्षण के लिए कांकेर पुलिस की पहल, पुलिस-गौ सेवकों की समन्वय बैठक आयोजित ।अवैध गौ तस्करी पर प्रभावी रोकथाम हेतु बनाई गई संयुक्त रणनीति, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने की अपील ।

— कांकेर पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार राखेचा के निर्देशन में गौवंश संरक्षण एवं अवैध गौ तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से थाना पखांजूर में पुलिस एवं गौ सेवकों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर राकेश कुमार कुर्रे एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पखांजूर रवि कुमार कुजूर ने क्षेत्र के गौ सेवकों से संवाद कर पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गौ तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण तभी संभव है, जब आमजन और पुलिस मिलकर कार्य करें। बैठक के दौरान गौ सेवकों से अपील की गई कि यदि क्षेत्र में अवैध गौ परिवहन अथवा गौ तस्करी से संबंधित कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। प्राप्त प्रत्येक सूचना पर त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर गौवंश संरक्षण, अवैध गौ तस्करी की रोकथाम, सूचना तंत्र को मजबूत बनाने तथा पुलिस एवं गौ सेवकों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने के संबंध में विस्तृत चर्चा कर संयुक्त रणनीति तैयार की गई। बैठक में गौ सेवक विजय कुमार पटनायक, गिरीश प्रामाणिक, प्रशिक्षु उप निरीक्षक पीपल, सहायक उप निरीक्षक वेदांत सलमे, प्रधान आरक्षक उत्तम कुमार मंडल, दाऊ लाल सूर्यवंशी, शैलेंद्र नेताम एवं आरक्षक डोमेश्वर यमले सहित अन्य उपस्थित रहे।
———————
✍️ 03.थाना कांकेर में दर्ज अपराध क्रमांक 239/2026 के सेंधमारी एवं चोरी के मामले मेें घटना के 48 घण्टे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर माल मशरूका बरामद करने में कांकेर पुलिस को मिली बडी सफलता। आरोपी से पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी की घटना का खुलासा करते हुये चोरी गया माल एवं वाहन बरामद कर की गई वैधानिक कार्यवाही।
—पुलिस जानकारी के अनुसार मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार हैै कि दिनांक 13.07.2026 को थाना कांकेर क्षेत्रांतर्गत प्रार्थी राजा ठाकुर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि अज्ञात चोर द्वारा रात्रि के समय उसकी किराना दुकान का शटर तोड़कर दुकान में रखे विभिन्न प्रकार के गुटखा, सिगरेट एवं अन्य सामान तथा दुकान के सामने खड़ी स्कूटी चोरी कर ली गई। रिपोर्ट पर थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 239ध्2026, धारा 331(4), 305(ई) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा द्वारा जिले में लगातार घटित हो रही चोरी की घटनाओं को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र पतासाजी एवं चोरी गए माल-मशरूका की बरामदगी हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। उनके निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर) श्री दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्षन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में साइबर सेल कांकेर एवं थाना कांकेर की संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया।गठित टीम द्वारा घटना स्थल का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए सीसीटीवी फुटेज, साइबर तकनीकी विश्लेषण, संदिग्ध व्यक्तियों की तकनीकी प्रोफाइलिंग एवं अन्य वैज्ञानिक अनुसंधान तकनीकों का उपयोग कर सभी पहलुओं पर जांच प्रारंभ की गई। साइबर सेल द्वारा प्राप्त महत्वपूर्ण तकनीकी इनपुट एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उनकी गतिविधियों का विश्लेषण कर आरोपी सुखराम मंडावी, पिता संतु मंडावी, उम्र 19 वर्ष, निवासी नेहरपारा, थाना कोण्डागांव को चिन्हाकिंत करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर प्रारंभ में आरोपी द्वारा गुमराह करने का प्रयास किया गया, किन्तु उपलब्ध तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के समक्ष उसने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में बताया कि उसने रात्रि में चोरी करने के नियत से प्रार्थी के घर में घुसकर कुण्डी बाहर से बंद कर दिया तथा प्रार्थी के राजा किराना एवं डेलीनीड्स की दुकान में लगे ताला को लोहे राड से तोडकर शटर उठाकर भीतर प्रवेश किया तथा दुकान में रखे विभिन्न प्रकार के गुटखा, सिगरेट एवं अन्य सामान चोरी किया। इसके बाद दुकान के भीतर रखी स्कूटी की चाबी से दुकान के सामने खड़ी स्कूटी को भी चोरी कर जंगल क्षेत्र में छिपा दिया तथा चोरी का सामान भी अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर बाद में बेचने की योजना बनाई। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी गए माल एवं वाहन की विधिवत बरामदगी की गई। आरोपी को गिरफ्तार का न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया।संपूर्ण कार्यवाही मे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर) दिनेश कुमार सिन्हा के नेतृत्व में निरीक्षक यषवंत श्याम, जितेन्द्र साहू, सउनि.सामेन्द्र सिंह, प्र.आर. जितेश्वर आर. कुलदीप, शक्ति सिंह, राकेष बघेल, शैलेन्द्र चतुर्वेदी, ईष्वर साहू एवं साइबर सेल कांकेर से सउनि. भकेष पटेल, पुरूषोत्तम कतलाम प्र.आर. सचिन सोरी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
————————
✍️ 04. राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के वरिष्ठ विधिक सलाहकार ने बैठक लेकर कहा—’वन समितियों तथा आदिवासियों को पेसा अधिनियम के प्रति जागरूक होने की जरूरत’

— भारत सरकार के राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग नई दिल्ली के वरिष्ठ विधिक सलाहकार प्रकाश कुमार उईके आज जिले के प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने जिले की वन प्रबंधन समिति एवं ग्राम सभा के अध्यक्षों की बैठक लेकर कहा कि जनजातीय विकास, कल्याण तथा उनके हितों की रक्षा के लिए संविधान के तहत राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि पेसा कानून के क्रियान्वयन के लगभग 30 वर्षों के बाद भी अपने अधिकारों के प्रति आदिवासियों में यथा अपेक्षित जागरूकता नहीं आई है। श्री उईके ने कहा कि वन समितियों, ग्राम सभाओं तथा आदिवासियों को पेसा अधिनियम के प्रति जागरूक होने की नितांत आवश्यकता है। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आज दोपहर आयोजित बैठक में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के वरिष्ठ विधिक सलाहकार श्री उईके ने चर्चा के दौरान बताया कि जनजातीय कल्याण तथा उनके हितों की रक्षा के लिए संविधान की धारा 338 के तहत इस आयोग का गठन किया गया है, जिसमें जनजातियों के मौलिक हितों की रक्षा के लिए अनेक नियमों एवं अधिनियमों का प्रावधान किया गया है। आजादी के दौरान गुजरात के श्री ठक्कर बापा ने सर्वप्रथम जनजातियों के अधिकारों व हितों की कल्पना की, जो आज पेसा अधिनियम के रूप में परिलक्षित है। उनके सतत् प्रयासों से ही संविधान में अनेक प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पेसा कानून के तहत ग्राम सभाओं को प्रदत्त अधिकारों के प्रति आदिवासियों एवं जनजातियों में अपेक्षित जागरूकता नहीं आई है। आयोग के मंशानुसार पेसा अधिनियम एवं उसमें निहित शक्तियों की जानकारी होना बहुत जरूरी है, क्योंकि इसके अभाव में आज भी वे अपने जल, जंगल और जमीन की रक्षा करने में असमर्थ हैं। इस दौरान उन्होंने वन प्रबंधन समिति तथा ग्राम सभा के अध्यक्षों से सिलसिलेवार चर्चा कर पेसा के तहत प्राप्त शक्तियों एवं अधिकारों की जानकारी दी तथा उनका मार्गदर्शन किया।
इस दौरान भारतीय आदिमजाति सेवक संघ नई दिल्ली के अजय कुमार चौबे, आदिमजाति सेवक संघ छत्तीसगढ़ स्टेट बोर्ड के अध्यक्ष कुंवर जितेन्द्र सिंह राणा तथा जनजातीय सुरक्षा मंत्र नई दिल्ली के श्री सूर्यनारायण सूरी ने भी जनजातीय कल्याण और पेसा अधिनियम के प्रावधानों पर संक्षिप्त प्रकाश डाला। इस अवसर पर डीएफओ कांकेर रौनक गोयल, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सरस्वती बंजारे तथा सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सुश्री जया मनु सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जिले की वन प्रबंधन समितियों व ग्रामसभाओं के अध्यक्ष तथा सदस्यगण उपस्थित थे।
————————
✍️ 05. जिला पंचायत में संविदा भर्ती हेतु अंतिम चयन व प्रतीक्षा सूची जारी।
— जिले में दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत संविदा भर्ती प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद विकासखण्ड परियोजना प्रबंधक एवं लेखापाल के एक-एक पद के लिए अंतिम मेरिट सूची, चयन सूची एवं प्रतीक्षा सूची जारी कर दी गई है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि रिक्त पदों के विरूद्ध पात्र अभ्यर्थियों की प्रावीण्यता के आधार पर उनके दस्तावेजों का सत्यापन, कौशल परीक्षा एवं साक्षात्कार के उपरांत तैयार की गई अंतिम चयन एवं प्रतीक्षा सूची जिले की वेबसाइट www.kanker.gov.in पर अपलोड कर दी गई है। संबंधित अभ्यर्थी उक्त वेबसाइट पर जाकर सूची का अवलोकन कर सकते हैं।
————————
✍️0.6 तेन्दूपत्ता संग्राहकों को प्रोत्साहन पारिश्रमिक बोनस राशि का वितरण शुरू।
— तेन्दूपत्ता संग्रहण सीजन 2023 के लिए जिले के तेन्दूपत्ता संग्राहकों को प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) राशि का वितरण शुरू किया गया है। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिला वनोपज सहकारी संघ मर्यादित कांकेर, पूर्व एवं पश्चिम भानुप्रतापपुर के अंतर्गत बोनस राशि का भुगतान किया जा रहा है। सीजन 2023 में जिले की 104 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के 01 हजार 248 संग्रहण केन्द्रों के माध्यम से तेन्दूपत्ता संग्रहण कार्य सम्पन्न किया गया। इस दौरान 86 हजार 889 संग्राहकों द्वारा 1,48,110.625 मानक बोरा तेन्दूपत्ता का संग्रहण किया गया। जिला वनोपज सहकारी संघ मर्यादित कांकेर, भानुप्रतापपुर पूर्व एवं भानुप्रतापपुर पश्चिम अंतर्गत कुल 104 समितियों में से 84 लाभ अर्जित करने वाली समितियों के 84 हजार 658 तेन्दूपत्ता संग्राहकों को 33 करोड़ 26 लाख 38 हजार 657 रुपये की प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) राशि का भुगतान किया जाएगा।
————————
✍️07. राष्ट्रीय अजजा आयोग के विधिक सलाहकार ने वन-धन केन्द्र इच्छापुर का किया अवलोकन।

— भारत सरकार के राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग नई दिल्ली के वरिष्ठ विधिक सलाहकार श्री प्रकाश कुमार उईके आज जिले के प्रवास के दौरान कांकेर विकासखंड के ग्राम इच्छापुर पहुंचे जहां उन्होंने वन-धन केन्द्र का अवलोकन कर समूह की महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने हर्रा प्रसंस्करण केन्द्र (प्रोसेसिंग यूनिट) में समूह की महिलाओं से चर्चा की तथा इससे होने वाली आय के बारे मे ंपूछा। साथ ही और भी बेहतर ढंग से कार्य करने की बात कहीं। इस अवसर पर उनके द्वारा प्रसंस्करण केन्द्र परिसर में ’एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधे भी रोपे गए। इस मौके पर उनके साथ आए श्री अजय कुमार चौबे, श्री कंुवर जितेन्द्र सिंह राणा तथा श्री सूर्यनारायण सूरी तथा डीएफओ कांकेर श्री रौनक गोयल व वन विभाग का अमला मौजूद था।
————————
✍️08.विषय विशेषज्ञों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन।

—इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर छत्तीसगढ़ अंतर्गत नवनियुक्त विषयवस्तु विशेषज्ञों का ‘‘बदलते परिदृश्य में कृषि विज्ञान केन्द्रों की कार्यप्रणाली’’ विषय पर ओरिएंटेशन सह प्रशिक्षण कार्यक्रम 17 जुलाई तक कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर में आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने ऑनलाईन माध्यम से कहा कि विषय वस्तु विशेषज्ञ कृषि अनुसंधान एवं कृषक समुदाय के मध्य एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। विशेष रूप से बस्तर संभाग में पदस्थ नवनियुक्त विषयवस्तु विशेषज्ञों से समर्पण, नवाचार एवं सेवा भाव के साथ कार्य करते हुए किसानों तक उन्नत कृषि तकनीकों का प्रभावी प्रसार सुनिश्चित करने की बात कही। इसके अलावा डॉ. एस. आर. के. सिंह निदेशक ने कृषि विज्ञान केन्द्रों, राज्य कृषि विभाग एवं अन्य संबंधित संस्थाओं के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए डिजिटल एवं ई-एक्सटेंशन माध्यमों के प्रभावी उपयोग की महत्ता बताई। कृषि विज्ञान केन्द्र के डॉ. बीरबल साहू ने बताया कि उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य के 27 कृषि विज्ञान केन्द्रों के कुल 33 विषय विशेषज्ञ सम्मिलित हुए।
————————
✍️09.जिला स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन 16 जुलाई को।
-जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कोड़ेजुंगा कांकेर में एक दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन 16 जुलाई को सुबह 11 से अपरान्ह 03 बजे तक किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा 185 रिक्तियों के आधार पर भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी श्री बी.आर. ठाकुर ने बताया कि उक्त प्लेसमेंट कैम्प में फील्ड ऑफिसर के 30 पद, सिक्युरिटी गार्ड के 50 पद, फायरमैन के 20, फुड पैकिंग के 25, वाहन चालक हैवी के 10 और होम केयर के 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि इच्छुक आवेदक उक्त प्लेसमेंट कैम्प में उपस्थित होकर अथवा ई-रोजगार के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन https://erojgar.cg.gov.in/ पर अपना सम्पूर्ण बायोडाटा के साथ आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियोक्ता द्वारा प्राथमिक चयन कर साक्षात्कार लिया जाएगा, जिसकी सूचना पृथक से फोन के माध्यम से आवेदक को दी जाएगी।
———————–
✍️10. पखांजूर में आज ब्लॉक कांग्रेस मंडल कांग्रेस युवा कांग्रेस एवं एनएसयुआई के कार्यकर्ताओं द्वारा पखांजूर शहीद वीर गैंद सिंह महाविद्यालय में जनभागीदारी समिति द्वारा अतिरिक्त शुक्ल वसूली के विरुद्ध में पांच सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर कॉलेज घेराव किया गया। मौके पर बडी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हुए।।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






