आज की टॉप 10 खबर 06 अक्टूबर 2026 मंगलवार

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

06  अक्टूबर  2026 मंगलवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

विज्ञापन

 

✍️ 01. मांडाभर्री में सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर, गांव में ही मिली विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं। 1015 ग्रामीणों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

—सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज नरहरपुर विकासखंड के ग्राम मांडाभर्री में जिला स्तरीय सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की अभिनव पहल के तहत दूरस्थ ग्रामीणों को उनके गांव में ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ, नाक-कान-गला विशेषज्ञ, जनरल मेडिसिन तथा हड्डी रोग विशेषज्ञ सहित अन्य चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, साथ ही शिविर स्थल पर सोनोग्राफी की सुविधा के अलावा एक्स-रे की भी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे गर्भवती ग्रामीण महिलाओं को अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराने, हड्डी की समस्या से पीड़ित व्यक्तियों को एक्स-रे कराने में सुविधा मिल रही है। शिविर में ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच एवं उपचार का लाभ लिया। विधायक   आशाराम नेताम एवं कलेक्टर   कुन्दन कुमार और जिला पंचायत सीईओ  हरेश मण्डावी ने मेगा स्वास्थ्य शिविर में मरीजों के उपचार का अवलोकन कर चिकित्सकों से जानकारी भी ली।  शिविर में कुल 1015 लोगों का ओपीडी पंजीयन किया गया। इस दौरान 19 लोगों की सोनोग्राफी की गई, जिसमें 15 गर्भवती महिलाएं शामिल थीं। गांव में ही सोनोग्राफी जैसी विशेषज्ञ जांच की सुविधा मिलने से गर्भवती महिलाओं को दूर शहर या अस्पताल जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। इसके अलावा 89 लोगों का एक्स-रे, 441 लोगों की रक्त जांच और 706 लोगों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। 86 लोगों को निःशुल्क चश्मे प्रदान किए गए तथा 93 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। शिविर में 34 लोगों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए और 04 लोगों ने रक्तदान कर ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना को मजबूत किया। गांव में ही सोनोग्राफी से गर्भवती महिलाओं को राहत । ग्राम मंडाभर्री निवासी आशुबती नेताम सोनोग्राफी कराने शिविर में पहुंचीं। उन्होंने बताया कि गांव में ही निःशुल्क सोनोग्राफी की सुविधा मिलने से उन्हें शहर नहीं जाना पड़ा। इससे समय और आने-जाने में होने वाला खर्च दोनों बचा। उन्होंने कहा कि इस तरह की स्वास्थ्य सुविधा गांव में मिलने से ग्रामीणों को काफी सहूलियत हो रही है। आशुबती नेताम ने मुख्यमंत्री   विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

एचपीवी टीकाकरण से किशोरियों को गंभीर बीमारियों से बचाव का संदेश
शिविर में किशोरियों के स्वास्थ्य और भविष्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 31 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया गया। एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) संक्रमण से भविष्य में होने वाली गंभीर बीमारियों, विशेषकर सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने की दिशा में यह टीकाकरण महत्वपूर्ण है। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बालिकाओं एवं उनके परिजनों को टीकाकरण के महत्व की जानकारी भी दी गई।शविर में एचपीवी का टीका लगवाने वाली कुमारी स्वाति शोरी ने बताया कि उन्होंने यह टीका भविष्य में होने वाली गंभीर बीमारियों से बचाव के उद्देश्य से लगवाया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा उन्हें टीके के महत्व की जानकारी दी गई, जिससे उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला।
फ्लोरोसिस से बचाव के लिए स्कूली बच्चों को नॉन-फ्लोराइडेट टूथपेस्ट
स्वास्थ्य जागरूकता के तहत शिविर में स्कूली बच्चों के दांतों की जांच कर उनमें फ्लोरोसिस के संभावित लक्षणों की पहचान की गई। अधिक फ्लोराइड युक्त पानी के लंबे समय तक सेवन से दांतों में फ्लोरोसिस की समस्या हो सकती है, जिसके कारण दांतों पर सफेद, पीले या भूरे रंग के धब्बे दिखाई दे सकते हैं। इसके बचाव और मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 32 स्कूली बच्चों को निःशुल्क नॉन-फ्लोराइडेट टूथपेस्ट वितरित किया गया। कुमारी अदिति मंडावी, स्कूली छात्रा ने बताया कि जांच के दौरान उनके दांतों में पीलापन और भूरापन होने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्हें नॉन-फ्लोराइडेट टूथपेस्ट प्रदान किया गया तथा चिकित्सकों ने उन्हें कैल्शियम एवं आयरन युक्त पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी। अदिति ने अपनी उम्र के अन्य बच्चों से भी पौष्टिक भोजन लेने और अपने दांतों की नियमित देखभाल करने की अपील की। शिविर में 3 एनीमिया जांच सहित अन्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किए गए। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, स्वच्छता एवं बीमारियों की रोकथाम के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।
सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से जिला प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूरस्थ क्षेत्रों से शहर तक आने की कठिनाई से राहत देते हुए विशेषज्ञ जांच, उपचार, दवाइयां और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं गांव के करीब उपलब्ध कराना है।
———————–

✍️ 02. छूटे एवं नए पात्र युवा मतदाताओं के पंजीयन के लिए विशेष अभियान शुरू।

— भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के सतत अद्यतनीकरण के अंतर्गत छूटे हुए एवं नए पात्र युवा मतदाताओं के पंजीयन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य ऐसे युवा एवं पहली बार पात्र बने मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया को सुगम बनाना है, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) द्वारा घर-घर भ्रमण कर पात्र नागरिकों की जानकारी ली जाएगी तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा सभी पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी  कुन्दन कुमार ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से इस विशेष अभियान का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना विधिवत पंजीकरण सुनिश्चित करने की अपील की है। मतदाता सूची में अपना पंजीकरण कराकर नाम जुड़वाने के लिए बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-6 में ऑफलाइन आवेदन के अलावा ईसीआईनेट (ECINET) मोबाइल ऐप अथवा वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6 में ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। आवेदन पत्र जमा करने की सुविधा के लिए जिले के सभी मतदान केंद्र स्तर पर शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान जिले के सभी स्कूलों एवं महाविद्यालयों में गठित निर्वाचक साक्षरता क्लब के माध्यम से पात्र विद्यार्थियों को मतदाता सूची में पंजीयन ऑफलाइन एवं ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी।

———————–

✍️ 03. मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के लिए 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित।

— मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत शिक्षण सत्र 2026-27 के लिए पात्र विद्यार्थियों से 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान एवं निम्न आय वर्ग के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के उच्च व्यावसायिक संस्थानों जैसे आईआईटी, एआईआईएमएस, आईआईएम, एनएलयू, एमबीबीएस, नीट, आईआईआईटी में चयन एवं प्रवेश के उपरांत तात्कालिक सहायता उपलब्ध कराना है।आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित प्रपत्र में ऑफलाइन आवेदन कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कांकेर में 30 अक्टूबर तक जमा करना होगा। आवेदन पत्र का प्रारूप कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कांकेर से अथवा विभागीय पोर्टल https://eklavya.cg.nic.in/ से प्राप्त किया जा सकता है। निर्धारित तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। पात्रता एवं आवश्यक शर्तें
योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थी को छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी होना चाहिए तथा छत्तीसगढ़ राज्य के लिए अधिसूचित अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अथवा अन्य पिछड़ा वर्ग की सूची में शामिल होना आवश्यक है। विद्यार्थी को निर्धारित उक्त राष्ट्रीय स्तर के उच्च व्यावसायिक संस्थान में चयन की पात्रता के साथ चयनित होने का प्रमाण-पत्र एवं प्रवेश लेने हेतु संबंधित संस्था द्वारा जारी सूचना-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के पालक की वार्षिक आय 02 लाख 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। शासकीय सेवकों के आश्रित इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे, किन्तु चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के बच्चे इस योजना का लाभ ले सकेंगे।

————————

✍️ 04. नगर पंचायत नरहरपुर के 15 वार्डों का किया गया आरक्षण।

—छत्तीसगढ़ नगरपालिका अधिनियम 1961 की धारा 29(क) तथा छत्तीसगढ़ नगरपालिका अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग महिलाओं के लिए वार्डों का आरक्षण नियम 1994 के नियम 3 उपनियम 3 व 5 तथा नियम 4 के प्रावधानों के तहत नगर पंचायत नरहरपुर के 15 वार्डों के आरक्षण की कार्यवाही जिला पंचायत कांकेर के सभाकक्ष में आज राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सम्पन्न की गई। जिसके अनुसार भजनाहालारी वार्ड को अजजा मुक्त, पंडित दीनदयाल वार्ड अजजा मुक्त, शहीद वीर नारायण सिंह वार्ड अजजा महिला, ईमलीपारा वार्ड अजजा मुक्त, भगत सिंह वार्ड अजा मुक्त, सुभाषचंद्र बोस वार्ड अनारक्षित मुक्त, लोकमान्य तिलक वार्ड अनारक्षित मुक्त, श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड अनारक्षित मुक्त, लाल बहादुर शास्त्री वार्ड अनारक्षित महिला, पंडित जवाहरलाल नेहरू वार्ड अनारक्षित महिला, डॉ. अम्बेडकर वार्ड अनारक्षित मुक्त, मंडीपारा वार्ड अजजा मुक्त, शहीद गैंदसिंह वार्ड अजजा महिला, अटल बिहारी वाजपेयी वार्ड अनारक्षित महिला तथा इन्दरू केंवट वार्ड अजजा मुक्त के लिए आरक्षित किया गया। वार्डों के आरक्षण की कार्यवाही अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन  जितेन्द्र कुर्रे, एसडीएम कांकेर एवं नोडल अधिकारी श्रीमती सरस्वती बंजारे, डिप्टी कलेक्टर श्री टीकाराम देवांगन के द्वारा राजनैतिक दलों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सम्पन्न कराई गई। इस अवसर पर तहसीलदार नरहरपुर  पुष्पराज पात्र और नगर पंचायत नरहरपुर के सीएमओ श्री रोशन सिंह ठाकुर सहित स्थानीय निर्वाचन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

————————

✍️ 05.  कल 7 अक्टूबर को यातायात व्यवस्था  परिवर्तित रहेगी।

—दिनांक 07.10.2026 को सुबह 9:00 बजे से  रैली ..और अन्य कार्यक्रमो के कारणों से शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने हेतु भारी वाहनों एवं बसों के आवागमन में डायवर्सन किया गया है।

बस एवं अन्य वाहनों  के लिए निर्धारित डायवर्सन मार्ग— रायपुर एवं भानुप्रतापपुर की ओर से आने वाली बसें निम्नवत जगदलपूर जायेंगी।

माकड़ी ➡️ KVK ➡️ज्ञानी चौक ➡️बस स्टैंड
बस स्टैंड से ➡️ KVK बाईपास ➡️ जगदलपुर की ओर रवाना होंगी।

इसी प्रकार  जगदलपुर की ओर से आने वाली बसें निम्नानुसार रायपुर की ओर जायेंगी।

जगदलपुर ➡️ बस स्टैंड ➡️ज्ञानी चौक➡️ KVK बाईपास ➡️ रायपुर की ओर रवाना होंगी।

 बस एवं समस्त भारी वाहन शाम 6 बजे तक शहर अंदर प्रवेश नहीं करेंगे। निर्धारित डायवर्सन मार्ग का ही उपयोग करें किया जा सकेगा। एम्बुलेंस और आवश्यक वाहनों का प्लान सम्बंधित विभागों को नोट करा दिया गया है। उक्ताशय की सुचना यातायात विभाग द्वारा वाट्सएप के माध्यम भी जारी किये गए हैं। आज देर शाम 6 बजे रायपुर एवं भानुप्रतापपुर की ओर जाने वाले यात्रियों को जानकारी नहीं होने से धोखा हुआ। कई यात्री भटकते देखे गए।

————————– 

✍️06.मतदाता साक्षरता एवं जागरूकता गतिविधियों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त

— भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले के समस्त शासकीय एवं निजी स्कूलों तथा महाविद्यालयों में मतदाता साक्षरता क्लब ईएलसी का गठन करने के लिए निर्देशित किया गया है।कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुन्दन कुमार द्वारा जारी निर्देशानुसार स्कूलों में शिक्षक, महाविद्यालयों में प्रोफेसर एवं सहायक प्रोफेसर तथा मतदान केंद्र स्तर पर बूथ लेवल अधिकारी बीएलओ को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इसी प्रकार जिले के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के माध्यम से प्रत्येक विधानसभा स्तर पर मतदाता साक्षरता क्लब की मॉनिटरिंग के लिए ईएलसी कॉर्डिनेटर की नियुक्ति की गई है।नोडल अधिकारियों एवं ईएलसी कॉर्डिनेटरों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्वाचकीय साक्षरता एवं जागरूकता गतिविधियों के आयोजन हेतु समय-समय पर आयोग से प्राप्त निर्देशानुसार मॉनिटरिंग करने डिप्टी कलेक्टर कांकेर सुश्री रानू मैथ्यूज को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

 ————————

✍️07.सेवा सेतु शिविर में 162 आवेदन प्राप्त, हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ। प्रधानमंत्री आवास के 10 हितग्राहियों को आवास की चाबी, 19 को आयुष्मान कार्ड वितरित।

—सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नरहरपुर विकासखंड के ग्राम मांडाभर्री में जिला स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विधायक   आशाराम नेताम एवं कलेक्टर  कुन्दन कुमार की उपस्थिति में ग्रामीणों की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदनों का निराकरण किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस दौरान 162 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 10 हितग्राहियों को आवास की चाबी प्रदान की गई तथा 19 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा 67 पेंशन प्रकरण स्वीकृत किए गए। मत्स्य विभाग द्वारा 5 कृषकों को आइस बॉक्स एवं जाल, कृषि विभाग द्वारा 10 कृषकों को रागी बीज एवं 6 किसानों को उड़द बीज वितरित किया गया। उद्यानिकी विभाग द्वारा 20 हितग्राहियों को पौधों का वितरण किया गया।
जल संसाधन विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के बेहतर संचालन के लिए 3 ग्राम पंचायतों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। बिहान योजना के अंतर्गत 18 महिलाओं को ऋण स्वीकृति प्रदान की गई तथा 19 लखपति दीदियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पशु चिकित्सा विभाग द्वारा 9 पशुपालकों को फर्टिलिटी किट प्रदान किए गए। शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

योजनाओं का लाभ उठाकर गांवों को बनाएं विकसित – विधायक श्री नेताम
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक   आशाराम नेताम ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के सभी विकासखंडों में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के साथ मेगा स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जा रहे हैं, जहां ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा मिल रही है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं को समझकर पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने की अपील की। विधायक श्री नेताम ने कहा कि वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, आंगनबाड़ी भवन, पीडीएस गोदाम, पंचायत भवन एवं राशन दुकान निर्माण के लिए आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपने गांव को विकसित गांव बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस संकल्प में प्रत्येक गांव की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने, पानी की बचत करने तथा वनों को कटने से बचाने की अपील भी की।

बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें – कलेक्टर
कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने कहा कि सेवा सेतु शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से शिविर में उपलब्ध सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने पालकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाने तथा 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगवाने की अपील की। कलेक्टर ने अधिकारियों को बाल आधार सेवा शिविर नियमित रूप से आयोजित करने, पीएम सूर्य घर योजना से अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने तथा शत-प्रतिशत स्कूली बच्चों के जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश दिए।कार्यक्रम को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी   हरेश मंडावी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री सोमन सिंह कावड़े एवं उपाध्यक्ष श्री संजू गोपाल साहू ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनपद सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

————————

✍️08.पुष्पा स्टील चेमल माइंस क्षेत्र में तीन चैन माउंटेन जेसीबी मशीनों में आग लगाने की घटना । थाना लोहत्तर में अपराध क्रमांक 12/2026, धारा 326 BNS के तहत प्रकरण पंजीबद्ध, विवेचना जारी । 

—दिनांक 05.10.2026 की रात्रि पुष्पा स्टील चेमल माइंस क्षेत्र में अज्ञात व्यक्ति/व्यक्तियों द्वारा तीन चैन माउंटेन जेसीबी मशीनों में आग लगाए जाने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई।सूचना प्राप्त होते ही थाना लोहत्तर पुलिस द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।घटना के संबंध में थाना लोहत्तर में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 12/2026, धारा 326 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। प्रारंभिक विवेचना एवं घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान घटना के नक्सली घटना होने अथवा नक्सली गतिविधि से संबंधित होने का कोई स्पष्ट प्रमाण प्रारंभिक रूप से सामने नहीं आया है। तथापि पुलिस द्वारा घटना के प्रत्येक पहलू की गंभीरता एवं सूक्ष्मता से जांच की जा रही है।पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्यों का संकलन, आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य एवं अन्य उपलब्ध तथ्यों का विश्लेषण कर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।प्रकरण की विवेचना जारी है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

✍️09.  कोरर चौक‚चारामा में   कांग्रेसियों के साथ ग्रामीणों ने किया चक्का जाम।

—

  ———————–

✍️ 10.एक दिवसीय सस्वर मानसगान सम्मेलन(चतुर्थ वर्ष) का आयोजन 11 अक्टूबर को तेलगरा के सुरावंड(चारामा)में।

— एक दिवसीय सस्वर मानसगान सम्मेलन(चतुर्थ वर्ष) का आयोजन 11 अक्टूबर को तेलगरा के सुरावंड(चारामा) में कार्यक्रम रखा गया है। सुबह शोभायात्रा 9 बजे होगी। मोर मयारू मानस परिवार गुदगुदा,विंध्येश्वरी महिला मानस मंडली गोकुलपुर धमतरी, जय महाकाल ामानस परिवार मांझी, आठगांव(फरसगांव) श्रीसीताराम बालिका मानस मण्डली भोथली(धमतरी)जैसी लोकप्रिय मानस मण्डलियां अपनी प्रस्तुति देंगी। श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी, विधायक भानुप्रतापपुर, श्रीमती किरण नरेटी जिला पंचायत अध्यक्ष कांकेर, मोहन मंडावी पूर्व सांसद कांकेर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मंच संयोजन बिसेश्वर साहू ने जानकारी दी है। 

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 08 अक्टूबर 2026 गुरूवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 08  अक्टूबर  2026 गुरूवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- विज्ञापन ✍️ 01.पुलिस बर्बरता,लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस ने काला दिवस मनाया। — अखिल…

आज की टॉप 10 खबर 07 अक्टूबर 2026 बुधवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 07  अक्टूबर  2026 बुधवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- विज्ञापन ✍️ 01.वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ मुहिम के साथ कांकेर में कांग्रेस का उग्र…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *