आज की टॉप 10 खबर 01 अक्टूबर 2026 गुरूवार

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

01  अक्टूबर  2026 गुरूवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

विज्ञापन

———————-

विज्ञापन

———————-

✍️ 01. मतदाता सुचियों में कथित धांधली(एसआईआर) लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं की रक्षा हेतु आम आदमी पार्टी कांकेर द्वारा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

— देश में चल रहे वोट चोरी के खिलाफ एवं(एसआईआर) के मामले को लेकर कांकेर आम आदमी पार्टी की टीम की तरफ से माननीय राष्ट्रपति महामहिम द्रोपति मुर्मू जी के नाम कांकेर जिला कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंप कर विरोध दर्ज कराया गया इस दौरान जिला कोषाध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर ने जिला तहसीलदार महोदय से जवाब क्लब करते हुए कहा कि अभी तक 2 साल में जिन-जिन राज्यों में चुनाव हुए उन उन राज्यों में बीजेपी के कहने पर भारत चुनाव आयोग श्री ज्ञानेश कुमार जी के द्वारा  एसआईआर  के नाम पर लोगों की वोट कटवा कर बीजेपी को जीताने मे मदद की अभी तक जितने भी राज्यों में चुनाव हो चुके हैं कुल मिलाकर 13 करोड़ 47 लाख वोट चोरी कर गायब कर दिए गए यह सरासर लोकतंत्र की हत्या है लोगों को वोट देने का अधिकार छीना जा रहा है आम आदमी पार्टी पूरी तरह से इसका विरोध करती है और मांग करती है दिल्ली में बैठे मुख्य चुनाव आयोग  ज्ञानेश कुमार  के खिलाफ ट्रायल कोर्ट चलाया जाए और इसकी स्वतंत्र जांच कराई जाए इन जैसे लोगों की वजह से ना लोकतंत्र बचेगा और ना ही देश बचेगा जिन-जिन प्रदेशों में लोगों के वोट काटे गए हैं उनके वोट फिर से जोड़े जाएं तभी लोकतंत्र मजबूत रहेगा आप नेत्री श्रीमती संगीता डोंगरे ने अपनी महिला समर्थकों के साथ ज्ञापन देने में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया ।  साथ में आए जिला उपाध्यक्ष अर्जुन ठाकुर  जगदीश नेताम आम आदमी पार्टी किसान प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष कांकेर  विष्णु नेताम कमलेश सेन कई अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए जिसके लिए सभी लोग बधाई के पात्र हैं।

———————–

✍️ 02.उजियारा अभियान के तहत अवैध शराब परिवहन के विरुद्ध कोयलीबेड़ा पुलिस की बड़ी कार्यवाही। 60,480 कीमत की अवैध शराब एवं 600 नगद बरामद, इंडिका वाहन क्रमांक CG 04 HC 1986, कीमत 50,000, जब्त।

—पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है–् कि— पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा (भापुसे.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ आशीष बंछोर के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अंतागढ़ संतोष कुमार जैन के पर्यवेक्षण में थाना कोयलीबेड़ा पुलिस एवं साइबर सेल कांकेर द्वारा अवैध शराब के परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।दिनांक 30 सितंबर 2026 को थाना कोयलीबेड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि इंडिका वाहन क्रमांक CG 04 HC 1986 में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक हेतु थाना प्रभारी द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित कर संदिग्ध वाहन की तलाश एवं घेराबंदी की गई। पुलिस टीम द्वारा उक्त वाहन को रोककर विधिवत तलाशी लेने पर वाहन से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब एवं बीयर बरामद हुई। मौके पर विधिवत जब्ती की कार्रवाई करते हुए शराब, नगद राशि एवं वाहन को जब्त किया गया। प्रकरण में दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम एवं धारा 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया गया तथा माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण 
01. मोहनलाल नेताम, पिता रामसिंह नेताम, उम्र 36 वर्ष, निवासी डुमरकोट, थाना सिकसोड़, जिला उत्तर बस्तर कांकेर।

02. भगत सिंह ताम्रकार, पिता मनीराम ताम्रकार, उम्र लगभग 39 वर्ष, निवासी डुमरकोट, कोयेपारा भैंसासूर, थाना सिकसोड़, जिला उत्तर बस्तर कांकेर।
बरामदगी का विवरण :-
– 05 पेटी ग्रांड कोलंबिया – प्रत्येक पेटी में 48 नग पौवा, प्रत्येक पौवा 180 एमएल।
– 04 पेटी शीम्बा बीयर – कुल 48 नग, प्रत्येक बोतल 650 एमएल।
– 09 पेटी प्रेसिडेंट 5000 सुपर स्ट्रॉन्ग बीयर – कुल 108 नग, प्रत्येक बोतल 650 एमएल।
– कुल 144.600 लीटर अवैध शराब, अनुमानित कीमत ₹60,480।
– नगद राशि ₹600।
– इंडिका वाहन क्रमांक CG 04 HC 1986, अनुमानित कीमत ₹50,000।
– कुल जुमला कीमत – ₹1,11,080।

इस कार्रवाई में थाना कोयलीबेड़ा से निरीक्षक निर्मल जांगड़े, सहायक उप निरीक्षक राजेश्वर दयाल ध्रुव, प्रधान आरक्षक 139 गजेंद्र गेंडरे, प्रधान आरक्षक 618 धर्मराज ध्रुव, आरक्षक 1099 गोविंद डडसेना, आरक्षक 803 मनोज शोरी । साइबर सेल कांकेर से निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद साहू, सउनि पुरुषोत्तम कतलाम, प्रधान आरक्षक 44 सचिन शोरी, प्रधान आरक्षक 918 नारद देवांगन, प्रधान आरक्षक यशवंत कोरटी, आरक्षक 160 ज्ञानचंद्र ठाकुर, आरक्षक 1013 रामरतन निषाद एवं बस्तर फाइटर्स आरक्षक 2112 भूपेश नेताम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 

———————–

✍️ 03. सेवा सेतु अभियान के तहत ग्राम भूरसातरहुल, लोहत्तर, जाड़ेकुर्से एवं परभेली में चलित थाना आयोजित। लगभग 500 ग्रामीणों को साइबर अपराध, यातायात नियम एवं महिला सुरक्षा की दी गई जानकारी । ग्राम स्तर पर पूर्ण नशाबंदी के लिए समिति गठित कर ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित।

—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर आकाश श्रीश्रीमाल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस  शेर बहादुर सिंह के पर्यवेक्षण में कांकेर पुलिस द्वारा सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत ग्राम स्तर पर पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा ग्रामीणों को अपराध एवं सुरक्षा संबंधी विषयों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना भानुप्रतापपुर के क्षेत्र के ग्राम भूरसातरहुल एवं थाना लोहत्तर क्षेत्र के ग्राम लोहत्तर, जाड़ेकुर्से एवं परभेली में चलित थाना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 500 ग्रामीणों की उपस्थिति रही। उपस्थित ग्रामीणों एवं ग्राम प्रमुखों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, महिला सुरक्षा एवं यातायात नियमों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देकर जागरूक किया गया।

ग्रामीणों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के संबंध में जानकारी देते हुए OTP, PIN, CVV, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी मैसेज एवं ऑनलाइन लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में जानकारी दी गई। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर बिना विलंब पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। साइबर अपराध अथवा ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा www.cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत करने की जानकारी दी गई।उपस्थित ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के संबंध में जागरूक किया गया। वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग, तेज गति से वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी गई।

नशे की हालत में वाहन चलाने से होने वाले गंभीर परिणामों के संबंध में भी ग्रामीणों को जानकारी दी गई तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था में आमजन की सहभागिता का महत्व बताया गया।महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान करते हुए किसी भी प्रकार की समस्या अथवा अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने के संबंध में समझाइश दी गई।

————————

✍️ 04.उजियारा अभियान के तहत थाना चारामा एवं साइबर सेल कांकेर की बड़ी कार्यवाही।अवैध रूप से चिट्टा (हेरोइन) की खरीदी-बिक्री करने वाले 03 आरोपी गिरफ्तार।आरोपियों के कब्जे से 01 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), कीमत लगभग ₹20,000 बरामद।

— पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— पुलिस अधीक्षक कांकेर  निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  आकाश श्रीश्रीमाल तथा  योगेश साहू (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर   हरीश कुमार पाटिल (रा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में थाना चारामा एवं साइबर सेल कांकेर द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्यवाही की गई।

प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा चिट्टा (हेरोइन) की अवैध खरीदी-बिक्री में संलिप्त वेदराज सिंह उर्फ बाली राजपूत, गौरव पटेल एवं दानिश अली को पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से 01 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), कीमत ₹20,000, 04 नग मोबाइल फोन कीमत ₹36,000, 02 नग मोटरसाइकिल कीमत ₹1,00,000 तथा नगदी ₹7,000, कुल ₹1,63,000 की सामग्री विधिवत जब्त की गई।आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(क), 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया तथा आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष न्यायिक रिमाण्ड हेतु पेश किया गया।
 बरामदगी एवं जब्ती
01. 01 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) ₹20,000
02. 04 नग मोबाइल फोन ₹36,000
03. 02 नग मोटरसाइकिल ₹1,00,000
04. नगदी ₹7,000
कुल — ₹1,63,000
गिरफ्तार आरोपीयों का विवरण
(01) वेदराज सिंह उर्फ बाली राजपुत पिता राजासिंह उम्र 21 साल निवासी धोबी चौक  रामसागर पारा धमतरी थाना धमतरी जिला धमतरी। 
(02) गौरव पटेल पिता देवकरण पटेल उम्र 27 साल निवासी अरौद चौकी हल्बा थाना नरहरपुर जिला कांकेर छ0ग0 ।
(03) दानिष अली पिता सैयद अली उम्र 21 निवासी संजय नगर जवाहरवार्ड कांकेर थाना कांकेर जिला उत्तर बस्तर कांकेर छ0ग0 ।
                  
  उक्त कार्यवाही में थाना चारामा एवं जिला सायबर सेल कांकेर की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर , निरीक्षक राजेन्द्र साहू सायबर सेल , उनि सोनराज सूर्यवंशी  , सउनि दुष्यंत दीवान ,सउनि भकेष पटेल , सउनि पुरूषोत्तम कतलाम , प्र0आर0 1201 छेदन सोनकर ,44 सचिन सोरी, प्र0आर0 918 नारद देवागन , आर0 1013 रामरतन निषाद , 1385 प्रणय यादव, 1338 जितेन्द्र नाग  , 2112 भूपेन्द्र नेताम 160 ज्ञानचंद ठाकुर , 2236 कृष्ण कुमार केसरी आर0 तरूण सिन्हा का विशेष योगदान रहा । 

————————

✍️ 05. महिला रक्षा टीम एवं साइबर सेल द्वारा एम.ए. इंस्टीट्यूट कांकेर में छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों के प्रति किया गया जागरूक।

—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में महिला रक्षा टीम एवं साइबर सेल कांकेर द्वारा एम.ए. इंस्टीट्यूट कांकेर में साइबर जागृति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा, मानव तस्करी, साइबर अपराध, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, ऑनलाइन फ्रॉड एवं कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।

छात्राओं को महिला सुरक्षा के लिए संचालित अभिव्यक्ति ऐप की उपयोगिता, विशेषताओं एवं शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड करने हेतु प्रेरित किया गया तथा कुल 81 अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड करवाए गए। कार्यक्रम में संस्थान की प्रभारी डॉ. निगार फातिमा, शिक्षिकाओं एवं 50 से अधिक छात्राओं की उपस्थिति रही। छात्राओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं सतर्कतापूर्वक उपयोग करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की समझाइश दी गई।

————————— 

✍️06.वन अधिकार अधिनियम एवं पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर टास्क फोर्स समिति की समीक्षा बैठक आयोजित।

— वन अधिकार अधिनियम, 2006 एवं पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन तथा वन अधिकार दावों के निराकरण में आ रही समस्याओं के समाधान को लेकर बुधवार को जिला कार्यालय कांकेर के सभाकक्ष में जिला स्तरीय वन अधिकार समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वन अधिकार अधिनियम एवं पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु गठित टास्क फोर्स समिति के सदस्य श्री कृष्ण कुमार वैष्णव एवं  सुबोध कुमार पांडे शामिल हुए। बैठक में सदस्यों द्वारा जिले में वन अधिकार अधिनियम, 2006 के क्रियान्वयन की प्रगति तथा वन अधिकार दावों के निराकरण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने जिला स्तरीय वन अधिकार समिति के सदस्यों से वन अधिकार अधिनियम एवं पेसा कानून से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सदस्यों ने वन अधिकार के क्रियान्वयन के लिए शासन स्तर से प्राप्त राशि का समुचित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामसभाओं से प्राप्त माइक्रोप्लान पर प्राथमिकता के साथ अग्रिम कार्यवाही करने को कहा, ताकि वन अधिकार प्राप्त हितग्राहियों एवं ग्राम समुदायों को योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके। बैठक में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत जिले में ग्रामों के चयन तथा सी.एस.ओ., अशासकीय संस्थाओं एवं स्थानीय संस्थाओं के चयन के संबंध में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास से विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिला स्तरीय वन अधिकार समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 ————————

✍️07. जिले के सभी ग्राम पंचायतों में 02 अक्टूबर से ग्रामसभा का आयोजन।

— कलेक्टर  कुंदन कुमार के निर्देशानुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 02 अक्टूबर 2026 से ग्रामवार ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। पंचायत संचालनालय विकास भवन, नवा रायपुर से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में ग्राम सभाओं के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। ग्रामसभा आयोजन के लिए सभी पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों को सूचना देने तथा आवश्यकतानुसार मुनादी कराने की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायत के पंचायत सचिव की होगी। ग्रामसभा में ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ शासन की योजनाओं, विकास कार्यों एवं स्थानीय विषयों पर चर्चा की जाएगी। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ग्रामसभा का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासकीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है, ये पर्यवेक्षक निर्धारित तिथि एवं स्थान पर उपस्थित होकर ग्रामसभा के आयोजन में आवश्यक मार्गदर्शन एवं समन्वय सुनिश्चित करेंगे। जिला प्रशासन ने पंचायत पदाधिकारियों, पंचायत सचिवों एवं ग्रामीणों से ग्रामसभा में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।

————————

✍️08.सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेेंज’ का आयोजन। पॉलिटेक्निक कॉलेज के 40 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा।

—सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, कांकेर द्वारा 01 अक्टूबर को शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, कांकेर में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेेंज’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के 40 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।कार्यक्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, कांकेर के महाप्रबंधक श्री टंकेश्वर देवांगन एवं सहायक प्रबंधक श्रीमती रेनू धु्रव ने विद्यार्थियों को सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य तथा नवाचार एवं उद्यमिता के महत्व की जानकारी दी। इस दौरान स्टार्टअप योजना एवं ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेेंज’ की विस्तृत जानकारी देते हुए पंजीयन प्रक्रिया तथा विभागीय प्रोत्साहन एवं सहयोग के संबंध में विद्यार्थियों को अवगत कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नवाचार एवं उद्यमिता के प्रति रुचि विकसित करना तथा स्थानीय एवं सामाजिक समस्याओं के व्यावहारिक समाधान के लिए नवीन विचार विकसित करने हेतु प्रोत्साहित करना था। विद्यार्थियों को बताया गया कि 23 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के लिए आधिकारिक पोर्टल   के माध्यम से पंजीयन किया जा सकता है। विद्यार्थियों को दैनिक जीवन, समाज एवं स्थानीय स्तर की समस्याओं की पहचान कर उनके व्यावहारिक एवं नवाचारी समाधान के रूप में अपने आइडिया प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज कांकेर के प्राचार्य श्री शैलेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए इस मंच का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा नवाचार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में सक्रिय सहभागिता करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नवाचार, स्टार्टअप एवं उद्यमिता से जुड़े विषयों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में नवाचार की भावना विकसित करने तथा उन्हें भविष्य में स्वरोजगार, स्टार्टअप एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।।

 ————————— 

✍️09. आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत

— कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 में दिए गए अधिकारों का प्रयोग करते हुए आग में जलने एवं तालाब में डूबने से मृत्यु होने के दो प्रकरण में मृतक के निकटतम परिजनों के लिए चार-चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत किए हैं। दुर्गूकोंदल तहसील के ग्राम भीरावाही निवासी 65 वर्षीय पुसऊ राम दुग्गा की आग में जलने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम परिजन श्रीमती जहिलाबाई दुग्गा और श्रीमती खारोबाई दुग्गा के लिए चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार सरोना तहसील के ग्राम भैंसमुण्डी (गागरू) निवासी 45 वर्षीय चम्पालाल की तालाब में डूबने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनकी पत्नी श्रीमती हरदई गुरूवर के लिए चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है। स्वीकृत सहायता राशि का भुगतान संबंधित तहसीलदार के द्वारा हितग्राही के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा।

  ———————–

✍️ 10.सर्व अन्य पिछड़ा वर्ग ब्लॉक चारामा की बैठक संपन्न, कई महत्वपूर्ण विषयों पर हुई चर्चा।

—आज सर्व अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) ब्लॉक चारामा की एक महत्वपूर्ण बैठक साहू समाज भवन, जैसाकर्रा में जिले से आए पदाधिकारियों एवं ब्लॉक के समस्त पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई।बैठक के दौरान संगठन की मजबूती, ब्लॉक स्तर पर सामाजिक विस्तार तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के अधिकारों एवं जनकल्याण से जुड़े प्रमुख विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने अपने बहुमूल्य सुझाव रखे।सामाजिक संगठन को मजबूत बनाने, ब्लॉक स्तर पर संगठन का विस्तार करने तथा समाज के विकास, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। बैठक में आगामी 18 अक्टूबर को सर्व अन्य पिछड़ा वर्ग का स्थापना दिवस मनाने के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई। स्थापना दिवस के आयोजन को सफल बनाने तथा आवश्यक तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा निर्धारित करने के लिए आगामी बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

सर्वसम्मति से आगामी बैठक की तारीख 10 अक्टूबर 2026 को तहसील साहू समाज भवन जैसाकर्रा में दोपहर 1 बजे निर्धारित की गई है। इस बैठक में सभी समाज के प्रमुखों व ब्लॉक अध्यक्षों की उपस्थिति में स्थापना दिवस के आयोजन को लेकर आवश्यक विचार-विमर्श किया जाएगा तथा कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

बैठक में प्रमुख रूप से हेमंत यादव जिलाध्यक्ष सर्व अन्य पिछड़ा वर्ग‚ जितेन्द्र साहू, दशरथ साहू जिला उपाध्यक्ष‚ अलित कुमार सिन्हा जिला महामंत्री‚ सत्कार पटेल जिला कोषाध्यक्ष‚ राजकुमार साहू जी ब्लॉक अध्यक्ष‚ प्रीतम जैन‚, जसवंत साहू‚ अमृतराज सिन्हा‚
बृजलाल साहू सचिव‚ गोपाल दुर्गासी इसरंक्षक धोबी समाज बस्तर संभाग‚ रविशंकर नागे जी अध्यक्ष धोबी समाज
रमाशंकर यादव जी यादव समाज प्रमुख
बैठक के अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही आगामी 10 अक्टूबर की बैठक में सभी समाजों के ब्लॉक अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संगठनात्मक एकता एवं स्थापना दिवस की तैयारियों में सहयोग करने की अपील की गई।

————————

विशेष—

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में शामिल हुए कांकेर विधायक श्रीनेताम

—आज ग्राम आतुरगांव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के अंतर्गत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा दीदियों के सेवा, समर्पण और योगदान के लिए उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के साथ संवाद कर उन्हें मिल रहे मध्याह्न भोजन एवं पोषण आहार की जानकारी ली। कहा— बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं समग्र विकास में आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

————————

नवागांव‚भावगीर(पारधीपारा) में टीना शेड सामुदायिक भवन का लोकार्पण कांकेर विधायक आशा राम नेताम के हाथों सम्पन्न

— आज ग्राम नवागांव भावगीर (पारधीपारा) में टीना शेड एवं सामुदायिक भवन के लोकार्पण तथा मुक्तिधाम के भूमिपूजन कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने इस अवसर पर मंच से कहा— गावों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार ग्रामीण जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सामुदायिक भवन सामाजिक आयोजनों, बैठकों और सामूहिक गतिविधियों के लिए उपयोगी स्थान उपलब्ध कराते हैं। वहीं, टीना शेड जैसी सुविधाएँ स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप लोगों को सहारा प्रदान करती हैं।मुक्तिधाम का विकास भी गाँव की आवश्यक नागरिक सुविधाओं का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसका उद्देश्य ग्रामवासियों को सम्मानजनक एवं व्यवस्थित व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करना है। ग्रामीण विकास केवल सड़कों और भवनों तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसी सुविधाओं का निर्माण भी है, जो लोगों की दैनिक जरूरतों और सामाजिक जीवन से सीधे जुड़ी हों। क्षेत्र के प्रत्येक गाँव में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार और जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। कहा— हमारा संकल्प है कि विकास की योजनाएँ गाँव-गाँव तक पहुँचें और प्रत्येक ग्रामवासी को बेहतर सुविधाएँ मिलें।

————————

हल्बा में सेवा सेतु शिविर- 145 आवेदन प्राप्त, 441 हितग्राही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित

—सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चारामा विकासखंड के ग्राम हल्बा में आयोजित सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासकीय योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की प्रभावी पहल देखने को मिली। शिविर में हल्बा सहित आसपास के ग्रामों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। इस दौरान कुल 145 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 139 मांग एवं 6 शिकायतें शामिल हैं। वहीं विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं के माध्यम से 441 हितग्राही लाभान्वित हुए। हल्बा में आयोजित सेवा सेतु शिविर ने जनसमस्याओं के निराकरण को अधिक पारदर्शी, सहभागी और समयबद्ध बनाने की दिशा में प्रभावी पहल प्रस्तुत की। ग्रामीणों की मौजूदगी में विभागवार संवाद और मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया से उन्हें अपनी समस्याओं के निराकरण की कार्रवाई एवं समय-सीमा की स्पष्ट जानकारी प्राप्त हुई।
सेवा सेतु शिविर को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए सांसद  भोजराज नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीबों, किसानों, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों के लिए केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्के मकान, उज्ज्वला योजना से रसोई गैस कनेक्शन, आयुष्मान योजना से निःशुल्क उपचार तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से किसानों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना तथा किसानों के हित में धान खरीदी सहित विभिन्न योजनाएं संचालित हैं। सांसद श्री नाग ने ग्रामीणों से अपील की कि शिविर में लगाए गए विभागीय स्टॉलों का लाभ उठाएं और अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखें। उन्होंने जल संरक्षण, वनों की सुरक्षा, जैविक खेती, गोबर आधारित खाद के उपयोग तथा गांव में संचालित निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी पर भी जोर दिया। उन्होंने स्व-सहायता समूहों से जुड़कर महिलाओं को लखपति दीदी बनने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं को केवल आवेदन के रूप में दर्ज करने के बजाय संबंधित विभागों के अधिकारियों से मौके पर ही चर्चा की और समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया एवं समय-सीमा की जानकारी ग्रामीणों को दिलाई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन और शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने ग्राम रानीडोंगरी के एक किसान को एक दिवस के भीतर विद्युत पंप कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। हल्बा क्षेत्र में वन्य प्राणियों से सुरक्षा के लिए अलर्ट सिस्टम तैयार करने तथा खुले में वेस्ट खाद्य सामग्री नहीं फेंकने के लिए ग्रामीणों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए। ग्राम हल्बा में नल-जल योजना के क्षतिग्रस्त नल कनेक्शनों को दुरुस्त करने के लिए तीन दिवसीय अभियान चलाने की जानकारी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा दी गई।कलेक्टर ने जल संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए ग्रामीणों से घरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने और वर्षा जल को संरक्षित करने की अपील की। ग्राम पंचायत अरौद में नल-जल योजना के लिए नया मोटर पंप लगाने, स्कूलों में पेयजल व्यवस्था के लिए जल जीवन मिशन के तहत नल कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा जर्जर आंगनबाड़ी भवनों के स्थान पर वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत नए भवन निर्माण के निर्देश दिए गए। पीडीएस भवन निर्माण की प्रक्रिया के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए। कृषि विभाग के उप संचालक को दुर्गूकोंदल सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर सूखा प्रभावित किसानों का आकलन करने और जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, मिशन रक्षक के अंतर्गत बेरोजगार युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए प्रशिक्षण केन्द्र प्रारंभ करने की पहल करने की बात कही गई। कार्यक्रम को   सतीश लाटिया,  महेश जैन एवं जिला पंचायत सीईओ  हरेश मंडावी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से सर्वाधिक 71 आवेदन, राजस्व विभाग से 21, खाद्य विभाग से 8, समाज कल्याण एवं शिक्षा विभाग से 6-6, विद्युत एवं वन विभाग से 5-5, क्रेड़ा विभाग से 4 तथा मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना से 3 आवेदन प्राप्त हुए। जल संसाधन, आदिम जाति कल्याण, कृषि एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से 2-2 आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, लोक निर्माण, सहकारिता, ग्रामीण बैंक हल्बा, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, मत्स्य, खनिज एवं दूरसंचार विभाग से भी आवेदन प्राप्त हुए।

एक ही स्थान पर योजनाओं का लाभ, 441 हितग्राही लाभान्वित
सेवा सेतु शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान किया गया। इनमें 45 जाति प्रमाण पत्र, 5 निवास प्रमाण पत्र, 100 अधिकार अभिलेख स्वामित्व योजना तथा 35 अधिकार अभिलेख स्वामित्व योजना के हितग्राही शामिल हैं। इसके अलावा 11 किसान क्रेडिट कार्ड, 3 मत्स्य नाव-जाल योजना, 10 सामाजिक सुरक्षा पेंशन, 32 इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, 8 इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन, 26 मुख्यमंत्री पेंशन, 8 कृषि उन्नत बीज वितरण, 3 पशुधन उन्नत नर बकरा, 42 आयुष्मान कार्ड, 4 सिकल सेल दिव्यांग प्रमाण पत्र, 3 टीबी मरीजों को फूड बास्केट तथा 12 आयुष्मान वय वंदन योजना के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इसी प्रकार 10 राशन कार्ड, 5 निःशक्तजनों को ट्रायसिकल एवं 4 निःशक्तजन को व्हीलचेयर, 21 को श्रवण यंत्र, 25 लखपति दीदी को प्रमाण पत्र, 23 वीवीजी रामजी योजना जॉब कार्ड, 1 श्रमिक सियान सहायता पेंशन, 1 नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना तथा 4 हितग्राहियों को राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत गेंदे के पौधे वितरित किए गए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद  भोजराज नाग द्वारा तीन बच्चों का अन्नप्राशन एवं एक महिला की गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई गई।

मेगा स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण
सेवा सेतु शिविर के साथ आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा आवश्यक जांच, परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। ग्रामीणों को विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर आवश्यक जानकारी भी दी गई।
————————

नगर पंचायत नरहरपुर में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण के लिए अधिकारी नियुक्त
— छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले की नगर पंचायत नरहरपुर के आम निर्वाचन 2026 के लिए फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार एवं पुनरीक्षित करने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) श्री कुन्दन कुमार द्वारा रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और अपील प्राधिकारी नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेशानुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कांकेर को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, तहसीलदार नरहरपुर को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा अपर कलेक्टर कांकेर को अपील प्राधिकारी नियुक्त किया गया है।
————————

नगर पंचायत नरहरपुर के 15 वार्डों में आरक्षण प्रक्रिया 06 अक्टूबर को
—नगर पंचायत नरहरपुर निर्वाचन-2026 के लिए वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया संशोधित तिथि के अनुसार अब 06 अक्टूबर मंगलवार को प्रातः 10 बजे से जिला पंचायत कांकेर के सभा कक्ष में की जाएगी। पूर्व में यह 14 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे से निर्धारित था, जिसमें आंशिक संशोधन किया गया है।
छत्तीसगढ़ नगर पालिका अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं महिलाओं के लिए आरक्षण नियम 1994 के तहत नगर पंचायत नरहरपुर के 15 वार्डों का आरक्षण किया जाएगा, वार्डो के आरक्षण की प्रक्रिया के समय जो नागरिक उपस्थित रहना चाहते हैं, वे 06 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे जिला पंचायत सभा कक्ष में उपस्थित हो सकते हैं। आरक्षण की प्रक्रिया उपस्थित नागरिकों के समक्ष संपन्न की जाएगी।

———————–

नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त
वार्ड आरक्षण की कार्यवाही को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को दायित्व सौंपा गया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कांकेर श्रीमती सरस्वती बंजारे को नोडल अधिकारी नियुक्त तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगर पंचायत नरहरपुर श्री रोशन सिंह ठाकुर को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सहायक कर्मचारी के रूप में सहायक ग्रेड-03  गणेश राम ध्रुव को दायित्व सौंपा गया है। कलेक्टर द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नगर पंचायत नरहरपुर के वार्डों के आरक्षण की कार्यवाही शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं निर्देशों के अनुरूप समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 30 सितंबर 2026 बुधवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 30  सितंबर  2026  बुधवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- विज्ञापन ———————- विज्ञापन ———————- ✍️ 01.दुर्गूकोंदल क्षेत्र में फसल क्षति का सर्वेक्षण जारी, प्रभावित…

आज की टॉप 10 खबर 29 सितंबर 2026 मंगलवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 29  सितंबर  2026  मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01. पटवारियों के बाद कृषि अधिकारियों ने भी पीवी एप से फसल गिरदावरी…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *