आज की टॉप 10 खबर 30 सितंबर 2026 बुधवार

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

30  सितंबर  2026  बुधवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

विज्ञापन

———————-

विज्ञापन

———————-

✍️ 01.दुर्गूकोंदल क्षेत्र में फसल क्षति का सर्वेक्षण जारी, प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत दिलाने प्रशासन ने तेज की कार्रवाई । राजस्व एवं कृषि विभाग का मैदानी अमला मौके पर पहुंचकर कर रहा फसल क्षति का आकलन।

—दुर्गूकोंदल क्षेत्र में फसल क्षति के संबंध में किसानों द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन एवं उनकी समस्याओं को जिला प्रशासन ने गंभीरता एवं संवेदनशीलता से लिया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की किसान हितैषी भावना एवं प्रभावित किसानों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति के सर्वेक्षण एवं आकलन की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने हाल ही में अतिवृष्टि एवं बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का सर्वे कर वास्तविक नुकसान का आकलन करने तथा पात्र प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की बात कही है। इसी क्रम में कलेक्टर  कुन्दन कुमार ने दुर्गूकोंदल क्षेत्र में फसल क्षति के प्रकरणों को प्राथमिकता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रभावित ग्रामों में तत्काल सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं।कलेक्टर   कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार राजस्व एवं कृषि विभाग का मैदानी अमला प्रभावित ग्रामों में पहुंचकर फसल क्षति का स्थल निरीक्षण एवं सर्वेक्षण कर रहा है। सहायक संचालक कृषि, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सहित कृषि विभाग के मैदानी अधिकारी-कर्मचारी एवं राजस्व अमले द्वारा मौके पर फसलों की स्थिति का निरीक्षण कर वास्तविक क्षति का आकलन किया जा रहा है। किसानों से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर पात्रता के अनुसार प्रकरण तैयार किए जा रहे हैं।अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अनिकेत अशोक फड़तरे द्वारा भी प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर किसानों से मुलाकात की गई तथा उनकी समस्याओं एवं फसल क्षति की स्थिति की जानकारी ली गई। इस दौरान किसानों द्वारा फसल क्षति, फसल बीमा, राजस्व संबंधी समस्याओं एवं अन्य मांगों से संबंधित जानकारी साझा की गई। प्राप्त समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

फसल बीमा के तहत भी निरीक्षण एवं कार्रवाई
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को योजना के प्रावधानों के अनुसार लाभ दिलाने के लिए संबंधित कृषि एवं फसल बीमा अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर फसलों की स्थिति एवं क्षति का निरीक्षण किया जा रहा है। फसल बीमा से संबंधित दावों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जा रही है।

प्रभावित परिवारों के लिए रोजगार मूलक कार्य शुरू कराने की कार्रवाई
फसल क्षति से प्रभावित ग्रामीण परिवारों को आर्थिक सहारा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पात्रतानुसार रोजगार मूलक कार्य प्रारंभ कराने की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है। इसके माध्यम से प्रभावित परिवारों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। जिला प्रशासन किसानों की समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशों एवं कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में प्रशासन का प्रयास है कि फसल क्षति का सर्वेक्षण निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से शीघ्र पूर्ण हो तथा पात्र किसानों को आरबीसी 6-4, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं अन्य लागू शासकीय प्रावधानों के तहत नियमानुसार एवं समयबद्ध रूप से राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए।

 ———————–

✍️ 02. अपर कलेक्टर श्री कुर्रे को उप जिला निर्वाचन अधिकारी का भी दायित्व। 

—कलेक्टर   कुन्दन कुमार द्वारा अपर कलेक्टर   जितेन्द्र कुमार कुर्रे को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ उप जिला निर्वाचन अधिकारी (सामान्य एवं स्थानीय निर्वाचन) का भी दायित्व सौंपा गया है।इसी प्रकार डिप्टी कलेक्टर  टीकाराम देवांगन को वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ नोडल अधिकारी (परीक्षा) का भी दायित्व सौंपा गया है। डिप्टी कलेक्टर परिवीक्षाधीन श्रीमती मृणमयी शुक्ला को जिला खनिज न्यास संस्थान (डीएमएफ) हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

———————–

✍️ 03. नगरपालिका के आम निर्वाचन एवं त्रिस्तरीय पंचायत के उप निर्वाचन हेतु फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने समय अनुसूची जारी

—छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरपालिकाओं के उप निर्वाचन के लिए फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने कार्यक्रम (समय अनुसूची) जारी किया गया है। आयोग के आदेशानुसार निर्वाचक नामावली तैयार करने की प्रक्रिया विभिन्न चरणों में पूरी की जाएगी।जारी कार्यक्रम के अनुसार रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति, प्रारंभिक प्रारूप निर्वाचक नामावली तैयार करने के लिए कर्मचारियों का चयन एवं नियुक्ति, निर्वाचक नामावली तैयार करने वाले रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं प्राधिकृत कर्मचारियों का प्रशिक्षण तथा भारत निर्वाचन आयोग की 01.10.2026 की स्थिति में तैयार विधानसभा की अद्यतन निर्वाचक नामावली जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त करने के लिए 05 अक्टूबर सोमवार तक निर्धारित की गई है। इसी प्रकार 06 अक्टूबर मंगलवार तक विधानसभा की निर्वाचक नामावली वार्डवार पृथक कर रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को उपलब्ध कराया जाएगा। 09 अक्टूबर को प्रचलित परिसीमन के आधार पर रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी निर्वाचक नामावली को वार्डवार एवं भागवार मार्किंग किया जाएगा। 12 अक्टूबर सोमवार तक वार्डवार एवं भागवार चिन्हित निर्वाचकों को साफ्टवेयर के माध्यम से दर्शित वार्ड के संबंधित भाग के अनुभाग में शिफ्ट किया जाएगा। 13 अक्टूबर मंगलवार तक निर्वाचक नामावली की चेकलिस्ट तैयार करना तथा 14 अक्टूबर बुधवार तक चेकलिस्ट की जांच कर आवश्यक त्रुटियों का सुधार कराया जाएगा। इसी प्रकार 16 अक्टूबर शुक्रवार तक चेकलिस्ट संशोधन पश्चात प्रारूप निर्वाचक नामावली मुद्रण हेतु जिला निर्वाचन कार्यालय को प्रदाय करना तथा 21 अक्टूबर तक जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा निर्वाचक नामावली का मुद्रण कराना एवं रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को उपलब्ध कराया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुन्दन कुमार ने बताया कि जारी कार्यक्रम के अनुसार द्वितीय चरण में 23 अक्टूबर शुक्रवार से निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन एवं दावे तथा आपत्तियां प्राप्त करने तथा मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को निर्वाचक नामावली उपलब्ध कराया जाएगा। दावे-आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर को अपरान्ह 03 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निपटारे की अंतिम तिथि 03 नवम्बर मंगलवार तथा प्ररूप क-1 में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को दावा प्रस्तुत करने की अंतिम 11 नवम्बर बुधवार निर्धारित की गई है। प्ररूप क-1 में प्राप्त दावा का निराकरण करने की अंतिम तिथि 13 नवम्बर शुक्रवार तक और दावे एवं आपत्तियां के निराकरण आदेश के विरूद्ध अपील करने की अंतिम तारीख निराकरण आदेश पारित होने के 05 दिवस के भीतर किया जाएगा। इसी प्रकार 19 नवंबर गुरूवार तक परिवर्धन, संशोधन एवं विलोपन के प्रकरणों की प्रविष्टि सॉफ्टवेयर में करना, 23 नवंबर सोमवार को चेकलिस्ट का निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा जांच करवाना तथा पीडीएफ मुद्रण के लिए जिला कार्यालय को सौंपा जाएगा तथा 27 नवंबर शुक्रवार को अनुपूरक सूची का मुद्रण कराना और अनुपूरक सूची को मूल सूची के साथ संलग्न किया जाएगा। इसके बाद 30 नवंबर सोमवार को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाना निर्धारित किया गया है।

————————

✍️ 04. बस्तर ओलंपिक के लिए 1 अक्टूबर से शुरू होगा पंजीयन। विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर होंगे खेल आयोजन, बिना पंजीयन प्रतिभागिता नहीं।

— बस्तर क्षेत्र के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी रचनात्मकता एवं खेल प्रतिभा को निखारने तथा उन्हें अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बस्तर संभाग के सभी जिलों में बस्तर ओलंपिक 2026 का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर कांकेर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिले में भी प्रतियोगिता का व्यापक आयोजन किया जाएगा।
बस्तर ओलंपिक में जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष आयु के बालक-बालिकाएं तथा सीनियर वर्ग में महिला एवं पुरुष प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए प्रतिभागियों एवं पुनर्वासित सदस्यों की प्रतिभागिता सीधे संभाग स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी।
1 से 30 अक्टूबर तक होगा पंजीयन
प्रतियोगिता के लिए 01 से 30 अक्टूबर 2026 तक पंजीयन किया जाएगा। विकासखंड स्तर पर जनपद पंचायत एवं कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी, जबकि जिला स्तर पर कार्यालय जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण, इंडोर स्टेडियम भवन कांकेर तथा कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कांकेर में पंजीयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पंजीयन भी किया जा सकेगा। बिना पंजीयन के किसी भी प्रतिभागी को प्रतियोगिता में शामिल नहीं किया जाएगा। पंजीयन के लिए आधार कार्ड अथवा वोटर आईडी तथा स्वयं के बैंक खाते की जानकारी देना अनिवार्य होगा। बैंक विवरण में नाम, पता, पिता का नाम, खाता क्रमांक एवं आईएफएससी कोड आवश्यक है। पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से प्रतिभागी के खाते में भेजी जाएगी।
नवंबर-दिसंबर में होंगे चरणबद्ध आयोजन
बस्तर ओलंपिक 2026 के तहत विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताएं 1 से 13 नवंबर, जिला स्तर की प्रतियोगिताएं 16 से 25 नवंबर तथा संभाग स्तर की प्रतियोगिताएं 7 से 11 दिसंबर तक आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स के अंतर्गत 100, 200 एवं 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और 4×100 मीटर रिले रेस शामिल हैं। इसके अलावा तीरंदाजी (30 एवं 50 मीटर), बैडमिंटन, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों में प्रतिभागिता होगी। हॉकी एवं वेटलिफ्टिंग का आयोजन सीधे जिला स्तर पर किया जाएगा। वहीं सीनियर महिला वर्ग के लिए रस्साकसी को प्रदर्शनात्मक खेल के रूप में शामिल किया गया है।

————————

✍️ 05. सोलर पैनल इंस्टालेशन तकनीशियन कोर्स के लिए 1 अक्टूबर को काउंसलिंग। लाइवलीहुड कॉलेज कांकेर में 30 सीटों पर निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण।

—जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से लाइवलीहुड कॉलेज गोविन्दपुर कांकेर में 30 सीटों में सोलर पैनल इंस्टालेशन तकनीशियन कोर्स में निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रारंभ किया जा रहा है।लाइवलीहुड कॉलेज कांकेर सहायक परियोजना अधिकारी द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार प्रशिक्षण के लिए 01 अक्टूबर को लाइवलीहुड कॉलेज गोविन्दपुर, कांकेर में सुबह 10 बजे से शाम 04 बजे तक काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। जिले के ऐसे युवा जिनकी आयु 18 वर्ष या उससे अधिक है और जो सोलर पैनल तकनीशियन के क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार या स्वरोजगार से जुड़ना चाहते हैं, वे काउंसलिंग में शामिल होकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। काउंसलिंग में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो एवं निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति साथ लाना आवश्यक है। इच्छुक युवा निर्धारित तिथि एवं समय पर लाइवलीहुड कॉलेज गोविन्दपुर पहुंचकर काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं। 

————————— 

✍️06. घर की बाड़ी में अवैध रूप से गांजा का पौधा उगाने वाला आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया जेल। नारियल पेड़ के नीचे उगाया गया गांजा का बड़ा पौधा, वजन 03 किलो 600 ग्राम एवं अनुमानित कीमत ₹1,80,000/- बरामद। थाना सरोना पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही।

—पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा (भापुसे) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक   योगेश साहू तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री हरिश पाटिल के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध गतिविधियों, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध “उजियारा अभियान” चलाया जा रहा है।इसी क्रम में दिनांक 29.09.2026 को थाना सरोना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सिंगनपुर निवासी भुनेश्वर साहू पिता स्व. रत्तीराम साहू, उम्र 52 वर्ष द्वारा अपने घर की बाड़ी में नारियल पेड़ के नीचे अवैध रूप से गांजा का पौधा उगाया गया है।सूचना की तस्दीक उपरांत थाना सरोना पुलिस टीम द्वारा आरोपी के घर एवं बाड़ी में विधिवत रेड कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान नारियल पेड़ के नीचे उगाया गया गांजा का बड़ा पौधा कुल वजन 03 किलो 600 ग्राम, अनुमानित कीमत ₹1,80,000/- बरामद कर जप्त किया गया।आरोपी के विरुद्ध थाना सरोना में अपराध क्रमांक 43/2026, धारा 20(क) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी भुनेश्वर साहू को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया।थाना प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र वर्मा, उनि केजूराम रावत, सउनि गोपाल, सउनि शंकर शोरी, आरक्षक डोमेश नागेश, दिलीप सलाम, लखन भास्कर, चन्द्रप्रकाश मरकाम, महिला आरक्षक अमिला उईके एवं भगवती कांगे का विशेष योगदान रहा।

 ————————

✍️07.उजियारा अभियान के तहत कांकेर पुलिस की कार्यवाही।अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई, 01 महिला सहित 02 आरोपी पकड़े गए ।

—   पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  आकाश श्रीश्रीमाल (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कांकेर   हरिश पाटील के पर्यवेक्षण में थाना चारामा पुलिस एवं साइबर सेल द्वारा उजियारा अभियान के अंतर्गत अवैध शराब के विरुद्ध कार्यवाही की गई। ग्राम उडकुड़ा, गायतापारा में सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी ज्योति निषाद (50 वर्ष) के कब्जे से 10 बल्क लीटर महुआ शराब एवं 30 नग देशी प्लेन मदिरा के पौवा, कुल 15.400 बल्क लीटर शराब बरामद की गई। महिला आरोपी के विरुद्ध थाना चारामा में अपराध क्रमांक 202/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। एक अन्य कार्यवाही में ग्राम पुरी निवासी धनश्याम धनकर (30 वर्ष) के कब्जे से बीयर, पार्टी स्पेशल, वन शॉट व्हिस्की एवं देशी प्लेन मदिरा सहित कुल 3.890 बल्क लीटर शराब जप्त की गई। उक्त प्रकरण में अपराध क्रमांक 203/2026, धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत विधिवत कार्यवाही की गई।दोनों प्रकरणों में कुल 19.290 बल्क लीटर अवैध शराब जप्त की गई। कार्यवाही में थाना चारामा प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर, साइबर सेल प्रभारी राजेन्द्र साहू सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

————————

✍️08.लगभग 31 वर्षों की समर्पित पुलिस सेवा के उपरांत एएसआई हेमसागर बरिहा को कांकेर पुलिस ने दी गरिमामय विदाई।

—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भापुसे) के निर्देशन में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति प्राप्त कर रहे सहायक उप निरीक्षक हेमसागर बरिहा के सम्मान में पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू, डीएसपी मुख्यालय सुश्री विंकेश्वरी पिंदे एवं रक्षित निरीक्षक दीपक साव सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर   हेमसागर बरिहा के दीर्घ, समर्पित एवं अनुकरणीय सेवाकाल का स्मरण करते हुए कांकेर पुलिस परिवार की ओर से उनके प्रति सम्मान एवं शुभकामनाएं व्यक्त की गईं।विदाई समारोह में हेमसागर बरिहा को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके प्रति सम्मान एवं आत्मीयता व्यक्त की।

31 वर्ष 05 माह 11 दिवस का समर्पित सेवाकाल:–
सहायक उप निरीक्षक श्री हेमसागर बरिहा ने 19 अप्रैल 1995 को आरक्षक के पद पर पुलिस सेवा प्रारंभ की। लगभग 31 वर्ष 05 माह 11 दिवस के सेवाकाल में उन्होंने दंतेवाड़ा, बीजापुर एवं उत्तर बस्तर कांकेर जिलों में विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं प्रदान कीं। सेवाकाल के दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र, डीआरजी टीम तथा थाना छोटेबेठिया, कोरर, रावघाट एवं चारामा में पदस्थ रहते हुए पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि पुलिस सेवा अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं समाज के प्रति समर्पण की भावना से जुड़ी सेवा है।  हेमसागर बरिहा ने अपने लंबे सेवाकाल में इन मूल्यों का निरंतर पालन करते हुए विभाग के प्रति अपनी निष्ठा बनाए रखी। अधिकारियों ने उनके दीर्घ अनुभव, कर्तव्यनिष्ठा एवंसेवाभाव को पुलिसविभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए सेवानिवृत्ति उपरांत उनके स्वस्थ, सुखमय एवं सफल भविष्य की कामना की। विदाई समारोह में निरीक्षक श्रीमती नीलिमा तिर्की, मुख्य लिपिक विजय देवांगन, वेतन शाखा प्रभारी राजेश भास्कर, उप निरीक्षक डी.एस. पिपरिया सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 ————————— 

✍️09. दुकान में सेंधमारी कर चोरी किए गए मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान 02 घंटे मेंबरामद अनुमानित कीमत -25000/-। घटना में संलिप्त 02 विधि संघर्षरत बालक अभिरक्षा में।

—पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंछोर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी अंतागढ़ संतोष जैन के पर्यवेक्षण में थाना ताड़ोकी पुलिस द्वारा चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्यवाही की गई। दिनांक 28.09.2026 को प्रार्थी कमलेश देवांगन, निवासी ताड़ोकी द्वारा थाना ताड़ोकी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसकी दुकान में सेंधमारी कर मोबाइल एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया गया है। रिपोर्ट पर थाना ताड़ोकी में अपराध क्रमांक 10/2026, धारा 305(अ), 331(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।विवेचना के दौरान प्राप्त सूचना के आधार पर थाना ताड़ोकी पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए 02 विधि संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में घटना में संलिप्तता सामने आने पर उनकी निशानदेही से चोरी किए गए मोबाइल एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया गया। घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल एवं मोटरसाइकिल HF Deluxe को विधिवत जप्त किया गया। प्रकरण में विधिसम्मत कार्यवाही पूर्ण करते हुए दोनों विधि संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

बरामद जप्त सामग्री में— 01 नाग Snexion  T 450 मोबाइल,01 नग Redmi कुल 02 नग,01नग HTC* का ट्रिमर,01 नग xiaomi कंपनी का पावर बैंक,01 नाग लोहे का संबल,01 नग हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल । अनुमानित कीमत -25000/- उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप पटेल, प्रआर. राजमन कोमरो, आरक्षक संजीत महावीर, आरक्षक विष्णु मंडावी, आरक्षक पंकज मरकाम एवं थाना ताड़ोकी पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

  ———————–

✍️ 10.सेवा सेतु शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण, योजनाओं का मिला लाभ। मोदे में जिले के पहले सेवा सेतु शिविर का आयोजन, मेगा स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण।

—सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में आज से सेवा सेतु शिविरों का शुभारंभ हुआ। कलेक्टर   कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में कांकेर विकासखंड के वनांचल क्षेत्र में प्रकृति की गोद में बसे ग्राम मोदे में जिले का पहला सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त किए गए तथा अनेक मामलों का मौके पर ही निराकरण कर उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। सेवा सेतु शिविर के साथ मेगा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उपचार एवं आवश्यक परामर्श दिया। बीपी, शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच के साथ रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, शिक्षा, वन, समाज कल्याण, विद्युत, जल संसाधन, आदिवासी विकास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, कृषि एवं उद्यानिकी, श्रम, मत्स्य पालन, अंत्यावसायी, उद्योग एवं व्यापार केन्द्र, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, महिला एवं बाल विकास, परिवहन, आबकारी तथा पशुधन विकास सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों को ऑनलाइन दर्ज कर गूगल शीट में अपलोड करने की व्यवस्था भी की गई।
मौके पर मिला योजनाओं का लाभ
सेवा सेतु शिविर में 39 किसानों को बी-1 एवं खसरा की नकल प्रदान की गई। किसानों रायसिंह बघेल, रघुनाथ मंडावी, भानुलाल, जयलाल, बृजलाल, शिवनाथ दुग्गा एवं तुलाराम को कटहल, अमरूद और आंवला जैसे फलदार पौधे वितरित किए गए। महेन्द्र चक्रधारी एवं जानकी को मौके पर ही राशन कार्ड बनाकर प्रदान किया गया। अनायरा मंडावी एवं रूद्र कुमार का आधार कार्ड भी शिविर स्थल पर बनाया गया। वहीं 27 स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। शिविर स्थल में 15 निशक्तजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
कलेक्टर ने विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने शिविर में लगाए गए प्रत्येक विभागीय स्टॉल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की जानकारी ली। उन्होंने वन अधिकार पट्टाधारी किसानों की मृत्यु के बाद उनके वारिसों के नाम पट्टे का नामांतरण करने, समाज कल्याण विभाग को पेंशन संबंधी आवेदनों का परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति प्रदान करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत मुरागांव के आश्रित ग्राम भैंसगांव में माध्यमिक शाला प्रारंभ करने शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए गए। आंगनबाड़ी एवं स्कूली बच्चों के आधार कार्ड बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी तथा ईडीएम को समन्वय से कार्य करने कहा गया। ग्राम पंचायत मुरागांव में नल-जल योजना के लिए जारी टेंडर को निरस्त कर पुनः टेंडर जारी करने तथा भैंसगांव में हैंडपंप खनन कराने के निर्देश कार्यपालन अभियंता पीएचई को दिए गए। जनपद पंचायतों को वीबी-जी रामजी योजना के तहत बालिका शौचालय निर्माण कराने तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को गंभीर कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केन्द्र भेजने के निर्देश दिए गए। उद्यानिकी विभाग के स्टॉल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केला, पपीता एवं मुनगा जैसे फलदार एवं उपयोगी पौधों की खेती को बढ़ावा देने के लिए हितग्राहियों के प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों से बोले कलेक्टर- योजनाओं की जानकारी लें और लाभ उठाएं
सेवा सेतु शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि मोदे में आयोजित यह जिले का पहला सेवा सेतु शिविर है। ग्रामीणजन यहां पहुंचकर शासन की योजनाओं की जानकारी लें और पात्रतानुसार उनका लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि शिविर के साथ मेगा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया जा रहा है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सक पहुंचकर मरीजों की जांच और उपचार कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बीमार व्यक्ति शिविर में पहुंचकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराएं और आवश्यक उपचार प्राप्त करें। कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी फ्लेक्स के माध्यम से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि ग्राम भैंसगांव में माध्यमिक शाला शुरू करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा, जिससे बच्चों को माध्यमिक शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। ग्राम पुसाझर में सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा निर्माणाधीन स्कूल भवन को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
शिविर को   महेश जैन एवं जिला पंचायत सीईओ   हरेश मंडावी ने भी संबोधित किया और ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा कावड़े, उपाध्यक्ष श्रीमती तारणी ठाकुर, जनपद सदस्य श्रीमती हेमलता कवाची सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
लोकनृत्य ने बांधा समां, ग्रामीणों के आत्मीय स्वागत से अभिभूत हुए कलेक्टर
ग्राम मोदे पहुंचने पर ग्रामीणों ने कलेक्टर  कुन्दन कुमार का आत्मीय स्वागत किया। पारंपरिक लोकनृत्य दल की प्रस्तुति और ग्रामीणों के उत्साह ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया। महिलाओं ने चावल का टीका लगाकर कलेक्टर का स्वागत किया। इस दौरान लोकनर्तक दल द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक आदिवासी नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। आदिवासी संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुति से प्रभावित होकर कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार भी स्वयं को रोक नहीं पाए और लोकनर्तक दल के साथ कदम से कदम मिलाते हुए थिरकने लगे। कलेक्टर को अपने बीच पारंपरिक नृत्य में शामिल होता देखकर ग्रामीणों में भी उत्साह और खुशी का माहौल दिखाई दिया। यह आत्मीय क्षण सेवा सेतु शिविर में ग्रामीणों और प्रशासन के बीच जुड़ाव की खूबसूरत तस्वीर बन गया।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 29 सितंबर 2026 मंगलवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 29  सितंबर  2026  मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01. पटवारियों के बाद कृषि अधिकारियों ने भी पीवी एप से फसल गिरदावरी…

आज की टॉप 10 खबर 28 सितंबर 2026 सोमवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 28  सितंबर  2026  सोमवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01. जिले में भाजपा को एक और झटका,कोमल हुपेंडी ने दिया इस्तीफा। —आदिवासी…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *