आज की टॉप 10 खबर 05 अगस्त 2026 बुधवार

 ———————–

संपादकीय—
‘सामाजिक संगठनों की लडाई अब सोशल तक’

-सिर्फ चुपचाप उनकी आवाज सुनें, नहीं तो ग्रुप से निकाले जायेंगे। अंतिम व्यक्ति की अभिव्यक्ति सामने ना आये इसलिए ग्रुप को किया जाता है,ओनली एडमिन केन सेंड मैसेज !

किस कदर राजनीति के बाद अब समाजसेवा के क्षेत्र में एकाएक इतनी दौड चल रही है कि संगठन भी बन रहे हैं,और व्यवस्था को बनाये रखने के लिए बनाये जाने वाले पद के लिए भी घमासान मचा हुआ है। सवाल तो यह है कि संगठन की व्यवस्था को बनाये रखने के लिए नामित वो पद जो संवैधानिक भी नहीं है के लिए इतनी प्रतिस्पर्धा और हव्वा क्यों मचा हुआ है?

क्या इन पदों पर नामित मात्र हो जाने से लोगो की भीड में वो सम्मान मिल जायेगा जो थोथी भ्रम मात्र है। क्या इन पदों की दौड के सिवाय अपनी प्रतिभा के दम पर लोगों के बीच लोकप्रिय नहीं हो सकते? क्या प्रिंट,इलेक्ट्रानिक एवं सोशल मीडिया में समाजसेवा के नाम बगैर प्रचार प्रसार सेवा नहीं की जा सकती? क्या यह जरूरी है कि किसी पहूंचे राजनीतिक हस्ती या अन्य विभूति के साथ खडे होकर फोटो खिंचा कर सोशल मीडिया में चेपने भर से वो सम्मान मिल जायेगा? जहां खुद को निखारने के लिए कोई मेहनत ना की हो !

कैसा दिन आ गया है कि सम्मान की खातिर संगठनों में पद के लिए मारामारी मची हुई है,और जो प्रमुख बने हुए हैं, वो सोशल मीडिया में ग्रुप बना कर वहां सेटिंग में (ओनली एडमिन केन सेंट मैसेज) यानि उक्त ग्रुप में एडमिन जो कि प्रमुख समाजसेवी है, वही कोई मैसेज भेज सकता है,बाकी सदस्य मूक दर्शक बन कर देखें और हामी भरे। यदि ऐसा नहीं कर सकते,जिन्हें अपनी स्वतंत्र अभिव्यक्ति प्यारी है तो ग्रुप से विदा ले लें। संभवतया यही संदेश जा रहा है। इतना ही नहीं किसी दूसरे एडमिन द्वारा भी यदि भूल से अपनी स्वतंत्र अभिव्यक्ति के नाम कुछ लिख दिया तो उनका मैसेज मिटा कर उन्हें भी विदा कर दिया जाता है।

अब सवाल यह है कि सामाजिक संगठन सबको साथ लेकर चलने के लिए है,या अपने को सबसे ज्यादा लोकप्रिय,ज्ञानी मान कर दूसरों को निम्नतर समझने की बेहद गंदी सोच है? तमाम ऐसी बातें है,जिसे लेकर बौद्विक वर्ग ऐसे संगठनों की गतिविधियां सुन रह हैं,पर वहां जा नहीं रहे, तो कई ऐसे लोग ऐसे कई कारणों के चलते संगठन में जाना ही नहीं चाहते। अमूमन का मानना है कि जब ऐसे संगठनों में अंतिम व्यक्ति तक की उनकी अभिव्यक्ति की सुनी नहीं जाती,पाबंदियों का वर्चस्व हो तो वो अपने अपमान के लिए आखिरकार क्यों जाये? कुल मिलाकर अब सामाजिक संगठनों में भौतिक लडाई के अतिरिक्त अब सोशल मीडिया प्लेटफार्म वाट्सएप आदि पर विचारों की लडाई से एक दूसरे के पैर खिंचाई कर आ पहूंची है।

समाज का सीधा अर्थ जोडने के लिए है,लेकिन अपने को बडा समझ कर मैं की भावना के चलते लोग तोड रहे हैं,जिसके चलते समाज में कुंठा के साथ मतभेद बढ रहा है।

✍️मनोज जायसवाल

 ———————–

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
05  अगस्त  2026 बुधवार

✍️मनोज जायसवाल

 ———————–

✍️ 01. बस्टर टाईगर शहीद महेंद्र कर्मा की जयंती के साथ चारामा में कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर बदलने हेतु फार्म भरवाने की शुरूआत की।

-आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चारामा की मासिक बैठक में विधायक श्रीमती सावित्री मनोज की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। आयोजन में बस्तर टाइगर शहीद महेंद्र कर्मा की जयंती पर श्रद्वासुमन अर्पित कर उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर बूथ स्तर पर स्मार्ट मीटर बदलने हेतु फार्म भरवाने की शुरुआत चारामा से की गई।बैठक में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हिरवेन्द्र साहू के साथ ही मोहित नायक, के.एल. मरकाम रानू कमलेश सेन, सौरभ तारम ,कुंजलाल जैन ,महेंद्र नायक, गोविन्द पटेल, चंद्र कुमार कांगे, सत्तार खान ,मंजू सोनकर ,जितेंद्र साहू ,देवानंद कोरेटी ,संतोष शिंदे ,शिव सोनकर गोपाल यादव, धीरज साहू, जीवधर कावड़े, गोपाल गजेंद्र ,सुमन साहू ,छोटी चन्द्रिका चौहान ,कुबेर ठाकुर ,बोधन लाटिया, राजू नरेटी ,कैलाश कठोलिया ,मंगेश मेश्राम, शंकर सिन्हा गिरवर सोरी, देवेंद्र पोया ,नंद कुमार देवांगन, भाऊ राम मेश्राम ,रामानंद साहू ,रेखराम मंडावी ,सुधांशु पाण्डेय ,समीर बछोड़ ,शिव सोनवानी, विकाश मंडावी सुरेंद्र साधवानी ,अर्जुन देवांगन, रवि मंगतानी ,चंदन रजक, सूरज यादव, कोमल देवांगन ,ओमकार जैन साहिल रामटेके ,भुनेश्वर चौहान ,मंजीत मेश्राम ..और.. ब्लॉक के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे!

✍️ 02.वन्य प्राणी जंगली भालू के हमले से 02 ग्रामीणों की मृत्यु की खबर पर तत्काल परिजनों के यहां पहूंचे कांकेर विधायक आशा राम नेताम।

— आज जिले के बरपारा एवं मरकाटोला में भालू के हमले से दो ग्रामीणों की दुःखद मृत्यु एवं एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिलते ही कांकेर विधायक आशा राम नेताम तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। इस मौके पर उपस्थित वन विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों से घटना की उन्होंने जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का उपचार रायपुर के अस्पताल में जारी है। उनके बेहतर उपचार हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

 ———————

✍️ 03. कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई गड़बड़ी करने वाले कोरर कृषि केंद्र के विक्रय पर लगा प्रतिबंध ।

—नकली कृषि अदान सामग्री और अमानक बीज एक्सपाइरी कीटनाशकों, रसायन की बिक्री पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से प्रशासन ने कृषि विभाग की टीम को बड़े पैमाने पर छापेमार कार्रवाई के निर्देश दिए है। तत्संबंध में शिकायत मिलने के उपरांत अनुविभागीय अधिकारी कृषि एल.के.नाग के निर्देश पर गठित संयुक्त टीमों ने भानुप्रतापपुर विकासखंड के कोरर स्थित किसान कृषि सेवा केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान एक दुकान में गंभीर अनिमियता पाए जाने पर तत्काल विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया।

जांच टीम में भानुप्रतापपुर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी महात्मा त्रेता, खाद बीज कीटनाशक रसायन निरीक्षक मनोज सरकार ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी किरण भंडारी प्रवीण कवाची द्वारा कोरर के निजी कृषि दुकान का निरीक्षण किया गया, जिसमें मेसर्स किसान कृषि सेवा केंद्र के संचालक योगेश्वर कुमार सिन्हा के कृषि दुकान में कृषि अदान सामग्री कीटनाशकों रसायनों की उपयोगिता तिथि समाप्त हो चुकी थी, जिसमे विराट फफूंदनाशक 5 लीटर 5 सौ एमएल फिनिक्स कीटनाशक 6 सौ एमएल कबाली कीटनाशक 5 सौ एमएल वरदान एक्स्ट्रा कीटनाशक 5 लीटर 4 सौ एमएल लावा कीटनाशक 1 लीटर डोजल प्लान्ट ग्रोथ हार्माेन्स 30 नग मैग्नेट 5 जी 18 किलोग्राम उक्त कृषि सामाग्री एक्सपाइरी डेट हो चुकी है, जिस पर तत्काल विक्रय पर प्रतिबंध लगाया लगाया गया। संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिवस में जवाब प्रस्तुत करने हेतु कहा गया संतोषजनक लिखित जवाब नही पाए जाने पर सम्बंधित प्रतिष्ठान ऊपर उर्वरक एवं कीटनाशक रसायन विक्रय अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

————————

✍️ 04. ट्रिपल-ई फॉर्मूले से सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने कांकेर पुलिस द्वारा पखांजूर अनुभाग के अंदरुनी इलाके में पहुंचकर की गई कार्यवाही ।

—पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशानुसार तथा , राकेश कुमार कुर्रे ‚एएसपी (पखांजूर ) के मार्गदर्शन में, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री कुलदीप बंजारे के साथ थाना पखांजूर प्रभारी श्री तेज वर्मा व यातायात प्रभारी   दीपक साव एवं यातायात पुलिस कांकेर द्वारा पखांजूर अनुभाग में Triple E (Engineering, Enforcement & Education) अभियान को निरंतर कार्यवाही जारी रखा ।कांकेर पुलिस द्वारा संचालित Triple E (3E) अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात संस्कृति विकसित कर नागरिकों के जीवन की रक्षा करना है।

इंजीनियरिंग
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पखांजूर व्यापारी संघ के सहयोग से क्षेत्र के लगभग 100 से अधिक पेड़ों पर रेडियम स्टिकर लगाए गए, कई मवेशीयो पर रेडियम बेल्ट बंधा गया जिससे रात्रि के समय सड़क किनारे की स्पष्ट पहचान हो सके। साथ ही दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार हेतु विस्तृत प्रतिवेदन तैयार किया गया।

प्रवर्तन
यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस एवं थाना पखांजूर की संयुक्त टीम द्वारा अनुभाग के विभिन्न मार्गों पर एमसीपी लगाकर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रिपल राइडिंग, मोबाइल का उपयोग, ओवरस्पीडिंग एवं शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले चालकों पर प्रभावी कार्रवाई की गई तथा नशामुक्त एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।

शिक्षा
कान्वेंट आराधना स्कूल पखांजूर व पखांजूर से लगभग 12 किलो. अंधरूनी इलाके में स्थित शा. हायर सेकेंडरी स्कूल ऐसेबेडा में विद्यार्थियों के लिए सड़क सुरक्षा विषयक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रोजेक्टर के माध्यम से यातायात नियमों, सुरक्षित वाहन संचालन एवं सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में लगभग 1500 विद्यार्थी एवं शिक्षकगण शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान राहवीर योजना, PM राहत ( कैशलेस योजना ) की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को शासन द्वारा ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है व सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को 1 सप्ताह तक 1.5 लाख तक इलाज करवाई जा सकती है | साथ ही डायल-112 की त्वरित आपातकालीन सेवाओं एवं दुर्घटना पीड़ितों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।

महिला रक्षा टीम ने किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान महिला रक्षा टीम द्वारा विद्यार्थियों को बाल अपराध, महिला संबंधी अपराध, गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा तथा अभिव्यक्ति ऐप के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।

 ————————

✍️ 05. शासकीय कोमलदेव जिला अस्पताल परिसर से चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद, आरोपी गिरफ्तार। कांकेर पुलिस की त्वरित कार्यवाही में चोरी की वारदात का सफल खुलासा। आरोपी के कब्जे से चोरी की होंडा लियो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 19 BG 2967, कीमत 30,000 बरामद।

—पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि—   पुलिस अधीक्षक  निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।प्रार्थी घनश्याम शोरी, निवासी पंडीपारा हरनपुरी, थाना कोरर ने थाना सिटी कोतवाली कांकेर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 02 अगस्त 2026 को वह अपनी होंडा लियो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 19 BG 2967 को शासकीय कोमलदेव जिला अस्पताल कांकेर की पार्किंग में खड़ी कर अस्पताल के अंदर भोजन देने गया था। कुछ समय बाद लौटने पर उसकी मोटरसाइकिल पार्किंग से गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर थाना सिटी कोतवाली कांकेर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 261/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा तकनीकी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर वाहन की तलाश की गई। पतासाजी के दौरान शासकीय शराब दुकान पण्डरीपानी के पास संदेही नीरज नाग के कब्जे में उक्त मोटरसाइकिल पाई गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वयं के उपयोग के लिए अस्पताल परिसर से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।आरोपी नीरज नाग पिता कृष्णा नाग, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम हाटकोगेंरा, जिला उत्तर बस्तर कांकेर के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल क्रमांक CG 19 BG 2967, कीमत लगभग ₹30,000 बरामद कर जप्त की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को दिनांक 04 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय कांकेर में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।जांच के दौरान आरोपी के विरुद्ध पूर्व में अपराध क्रमांक 251/2024 के तहत भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होना पाया गया।

  ————————

✍️06.  ब्लेड दिखाकर मोबाइल लूटने वाला शातिर आरोपी 06 घंटे के भीतर गिरफ्तार। कांकेर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, लूटा गया रियलमी मोबाइल बरामद। आरोपी शिवा वाल्मिकी के कब्जे से 12,000 कीमत का मोबाइल जब्त।

—पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— पुलिस अधीक्षक   निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस ने मोबाइल लूट की घटना का मात्र 06 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लूटा गया मोबाइल बरामद किया। प्रार्थी सयजू सलाम, निवासी ग्राम मंगहूर, थाना बड़गांव ने थाना सिटी कोतवाली कांकेर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह निजी कार्य से रायपुर गया था तथा दिनांक 02 अगस्त 2026 की रात्रि वापस कांकेर पहुंचकर बस स्टैंड में रुका हुआ था। दिनांक 03 अगस्त 2026 की सुबह लगभग 06:00 बजे एक व्यक्ति ने उसे धारदार ब्लेड दिखाकर धमकाया और उसका रियलमी C35 मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गया। पीछा करने पर आरोपी टिकरापारा बस्ती की ओर भाग गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली कांकेर में अपराध क्रमांक 259/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर प्रधान आरक्षक दिनेश कुलदीप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने टिकरापारा बस्ती, मेलाभाठा क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी शिवा वाल्मिकी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने ब्लेड दिखाकर मोबाइल लूटना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर लूटा गया रियलमी C35 मोबाइल फोन, जिसकी अनुमानित कीमत ₹12,000 है, बरामद कर विधिवत जप्त किया गया। आरोपी शिवा वाल्मिकी पिता तिजूराम वाल्मिकी, उम्र 28 वर्ष, निवासी टिकरापारा, कांकेर के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर दिनांक 04 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय कांकेर में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

————————

✍️07. नरहरपुर विकासखण्ड के ग्राम देवीनवागांव में 18 अगस्त और दुर्गूकोंदल विकासखण्ड के ग्राम करकापाल में 20 अगस्त को जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर।

—कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार आमजनता की शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। नरहरपुर विकासखण्ड के ग्राम देवीनवागांव में 18 अगस्त मंगलवार को और दुर्गूकोंदल विकासखण्ड के ग्राम करकापाल (नेलचांग) में 20 अगस्त को जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आम जनता की समस्या व शिकायतों का निराकरण किया जावेगा। नरहरपुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत देवीनवागांव में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्राम पंचायत बागडोंगरी, बिरनपुर, देवीनवागांव, मर्रामपानी, मारवाड़ी, सुरही, डुमरपानी, नावडबरी, थानाबोड़ी, बादल, कोचवाही और आंखीहर्रा के ग्रामीण शामिल होंगे। इसी प्रकार दुर्गूकोंदल विकासखण्ड के ग्राम पचांयत करकापाल (नेलचांग) में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में ग्राम पंचायत करकापाल, कोड़ेकुर्से, सुरूंगदोह, गुदुम, साधुमिचगांव, चाउरगांव, कराकी, कोण्डरूज, जाड़ेकुर्से, गोड़पाल, ओटेकसा, हामतवाही, चिखली, मंगहूर, पचांगी, कोण्डे और सराधुघमरेे ग्राम पंचायत के ग्रामीण शिविर में शामिल होंगे।जनसमस्या निवारण शिविर में शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया जाएगा, साथ ही योजनाओं का लाभ उठाने में कोई कठिनाई आ रही हो तो उसका समाधान भी शिविर में मौके पर किया जाएगा। कलेक्टर ने जनसमस्या निवारण शिविर में जिला स्तरीय, ब्लॉक स्तरीय एवं क्लस्टर स्तर के साथ ही मैदानी अधिकारी-कर्मचारियों को भी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर ग्रामीणों की विभिन्न मांगों और समस्याओं का यथासंभव मौके पर निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।।

————————

✍️08.जिला स्तरीय टी.बी. मुक्त भारत समिति गठित। 

—टी.बी. रोग के उन्मूलन के लिए देश में टी.बी. मुक्त भारत अभियान का क्रियान्वयन किया जा रहा है। शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत टी.बी. मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के उद्देश्य से कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टी.बी. मुक्त भारत समिति का गठन किया गया है। समिति में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी, जिला युवा अधिकारी, एनसीसी समूह/यूनिट कमांडर, मेडिकल कॉलेज के प्रतिनिधि, जिला पंचायती राज अधिकारी, जिला श्रम अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी एवं अन्य संबंधित हितधारक को शामिल किया गया है। यह समिति ब्लॉक, नगरीय क्षेत्र स्तर की टीमों के गठन और उनके संचालन में सहायता प्रदाय करेगी, साथ ही जिले में टी.बी. मुक्त भारत अभियान का सफल क्रियान्वयन करवाना सुनिश्चित करेगी।

————————

✍️09.कलेक्ट्रेट परिसर एवं आसपास की परिधि में धारा-163 लागू। धरना, प्रदर्शन, सभा, रैली, जुलूस, नारेबाजी पूर्णतः प्रतिबंधित।

—कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आदेश जारी कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के धारा 163 (1) (2) के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर तथा परिसर के आसपास 200 मीटर की परिधि में लोक शांति एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 03 अगस्त 2026 से 01 अक्टूबर 2026 तक कुल 60 दिवस की अवधि के लिए प्रतिबंधित किया है। जारी आदेश के अनुसार उक्त अवधि के दौरान कलेक्टर परिसर एवं परिसर के आसपास के 200 मीटर की दूरी में सभी प्रकार की धरना, प्रदर्शन, सभा, रैली, जुलूस, नारेबाजी इत्यादि के लिए पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है।

  ———————–

✍️ 10. जुलाई माह का विश्लेषण: अपराध नियंत्रण, जनजागरूकता और आधुनिक पुलिसिंग में कांकेर पुलिस की प्रभावी उपलब्धियां।

—पुलिस जानकारी अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में कांकेर पुलिस ने जुलाई 2026 के दौरान अपराध नियंत्रण, नशे के विरुद्ध अभियान, सामुदायिक पुलिसिंग, यातायात सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं पुलिस आधुनिकीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। जिले के सभी थाना-चौकी एवं पुलिस इकाइयों ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्य किए।

अपराध एवं कानून व्यवस्था
– जुलाई माह में गंभीर अपराधों के 17 प्रकरण दर्ज हुए तथा 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई की गई।-
– NDPS एक्ट के तहत 01 प्रकरण में 0.420 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग ₹21,000) जब्त कर 01 आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
– आबकारी अधिनियम के 54 प्रकरणों में 58 आरोपियों की गिरफ्तारी कर 586.8 लीटर अवैध शराब (अनुमानित कीमत ₹1,99,647) जब्त की गई।
– जुआ एवं सट्टा एक्ट के 06 प्रकरणों में 34 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹56,500 नगद जब्त किए गए।
– कोटपा अधिनियम के 58 प्रकरणों में ₹11,600 की चालानी कार्रवाई की गई।
– थाना भानुप्रतापपुर में 505 आबकारी प्रकरणों की 3,188.935 बल्क लीटर अवैध शराब का विधिवत नष्टीकरण किया गया।
– प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत 126 प्रकरणों में 204 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
– लंबे समय से फरार 06 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
– 67 किलो गांजा तस्करी के प्रकरण में उत्तर प्रदेश से एक फरार अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
जनजागरूकता एवं सामुदायिक पुलिसिंग
– “मोर मितान–कांकेर पुलिस” अभियान के तहत 60 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लगभग 1,400 नागरिकों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, यातायात, मानव तस्करी एवं नशा उन्मूलन के प्रति जागरूक किया गया।
– महिला रक्षा टीम ने लगभग 2,858 लोगों को जागरूक करते हुए 148 लोगों से अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड कराया तथा महिला एवं बाल सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी दी।
यातायात सुरक्षा
– जीरो एक्सीडेंट मिशन के अंतर्गत नशे में वाहन चलाने वाले 55 चालकों पर धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत ₹5.07 लाख का अर्थदंड लगाया गया।
– अन्य मोटर व्हीकल एक्ट के 443 प्रकरणों में ₹1.78 लाख का समन शुल्क वसूला गया।
– पुलिस जवानों को रेडियम जैकेट, बैटन लाइट एवं अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए।

आधुनिक एवं तकनीकी पुलिसिंग
– प्रोजेक्ट ‘दक्ष’ के तहत 14 जवानों ने ड्राइविंग स्किल प्रशिक्षण प्राप्त किया।
– 177 अधिकारी-कर्मचारियों को कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया गया, जबकि 30 कर्मचारी प्रशिक्षणरत हैं।
नशामुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य

– प्रोजेक्ट ‘करूणा’ के तहत एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति को उपचार हेतु मानसिक चिकित्सालय भेजा गया।
04 कर्मचारियों को नशामुक्ति केंद्र भेजकर उपचार एवं पुनर्वास की व्यवस्था की गई।
“प्रोजेक्ट संवाद” के माध्यम से पुलिस कर्मियों एवं नागरिकों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और भावनात्मक सहयोग के लिए विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।

  ————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 04 अगस्त 2026 मंगलवार

———————– कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 04  अगस्त  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————– ✍️ 01. वृद्वों को  गंभीरता से सुना कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने। -आज…

आज की टॉप 10 खबर 03 अगस्त 2026 सोमवार

———————– कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 03  अगस्त  2026 सोमवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————– ✍️ 01. ‘नशा मुक्त विकसित भारत अभियान’ के तहत कृषि महाविद्यालय में प्रधानमंत्री के…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *