———————–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
04 अगस्त 2026 मंगलवार
✍️मनोज जायसवाल
———————–
✍️
01. वृद्वों को गंभीरता से सुना कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने।

-आज आंगना विधायक जनसंपर्क कार्यालय बेवरती में प्रतिदिन की भांति जनदर्शन एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर सिंगारभाट, नवडबरी, बोदेली, घोटियावाही एवं महेशपुर सहित आसपास के विभिन्न ग्रामों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं, मांगों एवं विकास कार्यों के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किए। सभी नागरिकों से आत्मीयता के साथ संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर यथाशीघ्र एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विधायक ने कहा-जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान एवं क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास ही हमारी प्राथमिकता है। प्रत्येक नागरिक तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे तथा उनकी आवाज़ को उचित मंच मिले, इसी उद्देश्य के साथ जनसंपर्क कार्यालय प्रतिदिन आमजन के लिए खुला रहता है।जनसेवा हमारा संकल्प है, जनता का विश्वास हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
✍️ 02.जिला पंचायत सीईओ ने विभिन्न मावा मोदोल लाइब्रेरी व छात्रावासों का किया निरीक्षण। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था पर दिया जोर।

— जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी ने सोमवार को विकासखण्ड अंतागढ़ के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, मावा मोदोल पुस्तकालयों, छात्रावासों तथा जिला प्रशासन द्वारा संचालित नवाचारों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के लिए बेहतर अध्ययन वातावरण, गुणवत्तापूर्ण संसाधनों की उपलब्धता तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान मावा मोदोल लाइब्रेरी आमाबेड़ा में शीघ्र प्रारंभ होने वाली अध्ययन गतिविधियों की तैयारियों का अवलोकन करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने पुस्तकालय के संचालन से पूर्व विद्यार्थियों का पंजीयन, पर्याप्त बैठक व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं की नवीन एवं उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता, स्वच्छ पेयजल तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएँ समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने बीएसएफ कैम्प, कड़ईखोदरा का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय अंतागढ़ पहुँचकर छात्राओं से संवाद किया तथा छात्राओं के स्वास्थ्य, आवास, भोजन तथा अध्ययन व्यवस्था की जानकारी लेते हुए वर्तमान मौसम में मलेरिया एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इसी तरह मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने मावा मोदोल लाइब्रेरी अंतागढ़ में अध्ययनरत विद्यार्थियों से उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, अध्ययन समय और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की तथा उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य आधारित तैयारी के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में उन्होंने बालक छात्रावास, भानुप्रतापपुर का भी दौरा कर वहां चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी लेकर संबंधित एजेंसी को 15 दिनों के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही मावा मोदोल लाइब्रेरी कोरर का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से चर्चा की तथा वहां आवश्यकतानुसार प्रतियोगी परीक्षाओं की पर्याप्त पुस्तकें, स्वच्छ पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अध्ययन के लिए आवश्यक सभी सुविधाएँ तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
———————
✍️ 03. शिक्षक भर्ती परीक्षा कोचिंग के लिए स्क्रीनिंग परीक्षा के परिणाम घोषित, काउंसिलिंग 05 अगस्त को, नियमित कक्षाएं 6 अगस्त से
—छत्तीसगढ़ शासन की आगामी शिक्षक एवं सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा-2026 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए जिला प्रशासन कांकेर द्वारा आयोजित स्क्रीनिंग परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। स्क्रीनिंग परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों की निःशुल्क शिक्षक भर्ती परीक्षा कोचिंग के लिए काउंसिलिंग 5 अगस्त को प्रातः 10 बजे से निर्धारित अध्ययन केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। काउंसलिंग के बाद अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से प्रवेश दिया जाएगा।इस संबंध में बताया गया कि काउंसिलिंग मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग सेंटर, कांकेर (कचहरी चौक) तथा मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग सेंटर, भानुप्रतापपुर (बीईओ कार्यालय के समीप) में आयोजित होगी। चयनित अभ्यर्थियों के लिए दोनों केंद्रों पर 6 अगस्त 2026 से नियमित कक्षाएं प्रारंभ की जाएंगी। कोचिंग के दौरान विषय विशेषज्ञों द्वारा पाठ्यक्रम आधारित अध्यापन, नियमित टेस्ट, मॉडल प्रश्नपत्रों का अभ्यास, डाउट क्लास तथा परीक्षा उन्मुख मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे अभ्यर्थियों को शिक्षक भर्ती परीक्षा की बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा।जिला शिक्षा अधिकारी ने चयनित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ काउंसिलिंग में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर प्रवेश सुनिश्चित करने की अपील की है। निर्धारित समय पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों के स्थान पर प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थियों को अवसर दिया जा सकता है।
————————
✍️ 04.दिव्यांगजनों की अत्याधुनिक पुनर्वास सेवाएं पीआरआरसी माना कैम्प में उपलब्ध, कलेक्टर ने अधिकारियों को पत्र जारी कर निःशुल्क सेवाओं का लाभ दिलाने के दिए निर्देश।
—फिजिकल रेफरल रिहैबिलिटेशन सेंटर (पीआरआरसी) एवं सेरेब्रल पॉल्सी गेट लैब माना कैम्प रायपुर एक विशेषीकृत पुनर्वास संस्थान है, जहां विभिन्न प्रकार के दिव्यांगजनों को आधुनिक तकनीकों एवं विशेषज्ञ सेवाओं के माध्यम से निःशुल्क पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती है। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी तथा जिला मिशन समन्वयक को पत्र जारी कर उक्त संस्था के माध्यम से दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क कृत्रिम अंग, ऑर्थोटिक उपकरण, विशेष सहायक उपकरण का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।कलेक्टर श्री क्षीरसागर द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि माना कैम्प रायपुर स्थित पीआरआरसी एवं सेरिब्रल पॉल्सी गेट लैब में स्थापित अत्याधुनिक फिजियोथैरेपी एवं गेट एनालिसिस मशीनों के माध्यम से विशेषज्ञ फिजियोथैरेपिस्ट द्वारा वैज्ञानिक पद्धति से फिजियोथैरेपी, गेट टेªनिंग, बैलेंस ट्रेनिंग, मसल रिएजुकेशन तथा पुनर्वास सेवाएं वर्तमान में प्रदान की जा रही है। इन सुविधाओं से विशेष रूप से सेरेब्रल पॉल्सी, स्ट्रोक, स्पाइनल कॉर्ड इंजरी, न्यूरोलॉजिकल एवं अस्थि संबंधी दिव्यांगजनों को अत्याधिक लाभ प्राप्त हो रहा है। यह भी बताया गया कि संस्थान द्वारा उक्त सेवाएं निःशुल्क प्रदाय की जा रही हैं। कलेक्टर ने पत्र के माध्यम से निर्देशित किया है कि विशेष रूप से स्कूली शिक्षा प्राप्त कर रहे अथवा ऐसे बच्चे जो उक्त समस्या के चलते शिक्षा प्राप्त करने से वंचित हों, का चिन्हांकन करें तथा सभी स्वास्थ्य केंद्रों, जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों, विशेष विद्यालयों तथा समावेशी शिक्षा से जुड़ी संस्थाओं तक इन निःशुल्क पुनर्वास सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे पात्र दिव्यांगजनों को इसका लाभ मिल सके।
————————
✍️ 05. खेल पुरस्कारों व खेलवृत्ति के लिए 05 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित ।
— छत्तीसगढ़ शासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए राज्य खेल अलंकरण, नगद प्रोत्साहन राशि, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, प्रेरणा निधि एवं खेलवृत्ति (डाईट मनी) के लिए 05 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह पुरस्कार राज्य के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को प्रदान किया जाता है। राज्य खेल अलंकरण के अंतर्गत सीनियर वर्ग के ऐसे खिलाड़ियों को शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार से अलंकृत किया जाता है, जिनके द्वारा राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में या राष्ट्रीय खेलों में कोई पदक प्राप्त किया गया हो या अधिकृत अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व किया गया हो।खेल एवं युवा कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इसी तरह जूनियर वर्ग के उन खिलाड़ियों को शहीद कौशल यादव पुरस्कार से अलंकृत किया जाता है, जिनके द्वारा जूनियर वर्ग के राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में कोई पदक प्राप्त किया गया हो। ऐसे खिलाड़ी जिन्होंने विगत 5 वर्षो में चार बार सीनियर वर्ग में राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ की ओर से प्रतिनिधित्व करने वाले महिला, पुरूष खिलाड़ियों को शहीद पंकज विक्रम सम्मान से सम्मानित किया जाता है। प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को वीर हनुमान सिंह पुरस्कार से अलंकृत किया जाता है। खेल से जुड़े 55 वर्ष से या अधिक उम्र के अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भाग लिया हो या राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किया हो, उन्हें शहीद विनोद चौबे सम्मान से अलंकृत किया जाता है। इसी प्रकार सीनियर व जूनियर वर्ग में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त दल को मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान की जाती है।जिला खेल अधिकारी कार्यालय द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार हेतु 03 लाख रूपये, शहीद कौशल यादव पुरस्कार हेतु 01 लाख 50 हजार रूपये, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार हेतु 01 लाख 50 हजार रूपये, शहीद विनोद चौबे सम्मान एवं पंकज विक्रम सम्मान हेतु 25-25 हजार रूपये नगद पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे। इसी प्रकार सीनियर एवं जूनियर वर्ग के दलीय खेलों के लिए मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान की जायेगी, जिसमें ऐसे दलीय खेल जिसके सदस्यों की संख्या 04 है, उन्हें सीनियर वर्ग में रूपये 02 लाख एवं जूनियर वर्ग में रूपये 01 लाख का पुरस्कार दिया जायेगा तथा ऐसे दलीय खेल जिनमें सदस्यों की संख्या 04 से अधिक हैं, उन्हें सीनियर वर्ग में 05 लाख रूपये तथा जूनियर वर्ग में 03 लाख रूपये का पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। पुरस्कार के अतिरिक्त मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर एवं टाई प्रदान की जावेगी। आवेदन पत्र संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण रायपुर या कार्यालय जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण कांकेर में 05 अगस्त तक कार्यालयीन समय में जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्रों की प्रारूप विभाग की वेबसाईट http://sportsw.cg.gov.in पर उपलब्ध है। पुरस्कार संबंधी आवेदन केवल आनलाईन के माध्यम से स्वीकार किया जाएगा।
————————
✍️06. कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने पखांजूर क्षेत्र के दूरस्थ गांवों का किया आकस्मिक निरीक्षण, घरों, आश्रम छात्रावासों व स्कूलों में जाकर ली स्वास्थ्य की जानकारी।

–कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर आज कोयलीबेड़ा विकासखण्ड के दूरस्थ ग्रामों का आकस्मिक दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा जनसमस्याओं से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सितरम क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर वहां स्थित स्कूलों, आश्रम छात्रावासों तथा घरों में जाकर लोगों का हालचाल पूछा तथा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी ली। इस दौरान ग्राम कंदाड़ी में मलेरिया से पीड़ित लगभग 08 वर्षीय बालक को मोटर बोट पर अपने साथ लाकर तत्काल सिविल अस्पताल पखांजूर में भर्ती कराया।

कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने आज कोयलीबेड़ा विकासखण्ड के दूरस्थ एवं दुर्गम इलाके में बसे ग्राम कंदाड़ी, आलदण्ड, खैरीपदर, बांगो भोड़िया आदि का मौका मुआयना कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने ग्राम कंदाड़ी के घोटुल में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान इसी ग्राम के टोलापारा में मलेरिया प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। मलेरिया प्रभावित तीन परिवारों से मुलाकात के दौरान 08 वर्षीय बीमार बालक की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उसे अपने साथ मोटरबोट से लाकर सिविल अस्पताल पखांजूर में भर्ती कराया तथा बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश बीएमओ को दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम को तत्काल उपचार एवं दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान वहां उपस्थित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि सितरम सेक्टर के आरोग्य मंदिर के तहत आने वाले 13 ग्रामों में आज कैंप लगाकर 217 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें 08 मलेरिया पॉजिटिव के मरीज पाए गए, जिनका तत्काल प्राथमिक उपचार प्रारंभ कर दिया गया है। इसके अलावा कलेक्टर ने इन ग्रामों के आश्रम छात्रावास, स्कूलों व घरों में जाकर विद्यार्थियों व ग्रामीणों से मिलकर उनका हालचाल जाना।

इसके पश्चात कलेक्टर ने पखांजूर के समीप स्थित अंजाड़ी नाला पुल का निरीक्षण किया। उक्त पुल में दरार आने की जानकारी मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बताया गया कि क्षेत्र में भारी वाहनों, विशेषकर सूरजगढ़ माइंस से संबंधित वाहनों के आवागमन के कारण पुल मे दरारें आई हैं।
नाव से नदी पार कर लिया विभिन्न ग्रामों का लिया जायजा
इसके पश्चात कलेक्टर बेचाघाट पहुंचे, जहां जलभराव की स्थिति के कारण उन्होंने मोटर बोट से नदी पार कर दोपहिया वाहन के माध्यम से कंदाड़ी घोटुल पहंुचे, जहां ग्रामीणों की मांग पर आवागमन की सुविधा के लिए क्षेत्र में दो अतिरिक्त मोटरबोट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मोटरसायकल पर सवार होकर खैरीपदर एवं बांगोभोड़िया के जर्जर स्कूल भवनों का अवलोकन किया और नए भवनों की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कांदाड़ी आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कंदाड़ी शासकीय प्री-मैट्रिक 50 सीटर छात्रावास का निरीक्षण किया, जहां केवल 25 छात्र उपस्थित पाए गए। उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए नए भवन की स्वीकृति के लिए आवश्यक कार्रवाई की बात कही। इसके अलावा ग्राम छोटेबेठिया स्थित नवनिर्मित प्री-मैट्रिक छात्रावास का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को शेष निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर छात्रावास को उपयोग के लिए तैयार करने के निर्देश दिए। क्षेत्र के भ्रमण के दौरान कंदाड़ी के सरपंच ने नल-जल योजना के तहत पेयजल आपूर्ति नहीं होने की समस्या से कलेक्टर को अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कलेक्टर ने कंदाड़ी के पात्र ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत अधिक से अधिक लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसपी श्री निखिल राखेचा, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मण्डावी, जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा के सीईओ श्री उदय नाग सहित संबंधित विभागांे के अधिकारीगण उपस्थित थे।
————————
✍️07. डेयरी एनालॉग उत्पादों पर तत्काल प्रतिबंध, खाद्य प्रतिष्ठानों को बंद करने के निर्देश।
—खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक रायपुर के आयुक्त द्वारा विशेषकर एनालॉग पनीर के विनिर्माण, भण्डारण, वितरण, विक्रय, उपयोग आदि पर प्रतिषेध आदेश जारी किया गया है। उक्त आदेशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन कांकेर ने जिले के सभी डेयरी विनिर्माताओं, विक्रेताओं एवं अन्य रेस्टोरेंट तथा विभिन्न खाद्य परिसर जहां डेयरी उत्पादों का उपयोग किया जाता है, उन प्रतिष्ठानों को तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए हैं।खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी ने बताया कि ऐसे उत्पाद, जो वास्तविक दुग्ध उत्पाद नहीं हैं, जिनमें दूध के स्थान पर वनस्पति वसा, वनस्पति तेल अथवा अन्य गैर-दुग्ध अवयवों का उपयोग किया जाता है तथा जिनकी लेबलिंग, पैकेजिंग या विक्रय की प्रक्रिया उपभोक्ताओं को भ्रमित करती है, उन पर प्रतिबंध रहेगा। प्रतिबंधित डेयरी एनालॉग उत्पादों के विनिर्माण, भंडारण, वितरण, विक्रय अथवा उपयोग पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा विनियम 2011 कार्यवाही की जाएगी।
————————
✍️08.हमर लक्ष्य से संवरेंगे विद्यार्थियों के सपने, बोर्ड मेरिट और जेईई, नीट की तैयारी होगी मजबूत
-आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम और अधिक विद्यार्थियों को राज्य मेरिट सूची में स्थान दिलाने के उद्देश्य से जिले में संचालित ‘हमर लक्ष्य’ कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय कोर समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों के नियमित निरीक्षण, मासिक टेस्ट, कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाओं तथा बोर्ड परीक्षा की सुनियोजित तैयारी पर जोर दिया गया।जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी संकुल प्राचार्यों को प्रत्येक माह विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति और परीक्षा तैयारी की समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही मासिक, त्रैमासिक, अर्द्धवार्षिक एवं प्री-बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों का विषयवार विश्लेषण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर बल दिया। बैठक में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए जेईई, नीट और एनडीए जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु अतिरिक्त कक्षाएं, टेस्ट सीरीज, प्रश्न अभ्यास और डाउट क्लास नियमित संचालित करने का निर्णय लिया गया। जिला मिशन समन्वयक ने बताया कि जिला कोर समिति एवं विषय विशेषज्ञ समय-समय पर विद्यालयों का भ्रमण कर शिक्षकों और विद्यार्थियों को शैक्षणिक मार्गदर्शन दिया जाएगा। बैठक में अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने के लिए नियमित पालक बैठक आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।
————————
✍️09.कलेक्टर के निर्देशन में दिव्यांग विद्यार्थियों को मिल रही त्वरित सहायता

-कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग द्वारा विकासखण्ड चारामा के संकुल स्त्रोत समन्वयक द्वारा दो दिव्यांग छात्राओं के यूडीआईडी कार्ड एवं सहायक उपकरण के लिए समाज कल्याण कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया गया। जिस पर कार्यवाही करते हुए विभाग द्वारा यूडीआईडी पंजीयन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई तथा 80 प्रतिशत दिव्यांग छात्र आदित्य को व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई। व्हीलचेयर मिलने से अब आदित्य के परिजनों को उसे विद्यालय लाने-ले जाने में काफी सुविधा होगी और उसकी नियमित शिक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
———————–
✍️
10. मूर्तिकला एवं टेराकोटा शिल्पकार श्री परमेश्वर चक्रधारी को कला गुरु सम्मान 2026 से सम्मानित

—संस्कार भारती इकाई कांकेर द्वारा गुरू पूर्णिमा के शुभ अवसर पर प्रति वर्ष गुरु- शिष्य परंपरा के महत्त्व को रेखांकित करते हुए कला के देवता भगवान नटराज की पूजा की जाती है और कला गुरुओं का सम्मान किया जाता है । इकाई द्वारा इस वर्ष 2 अगस्त 2026 को यह कला गुरु सम्मान उत्सव श्री सत्य साईं भवन मांझा पारा काँकेर में अत्यंत गौरव पूर्ण रूप में मनाया गया।उत्सव का शुभारंभ कला के देवता भगवान नटराज की पूजा व विद्या की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती की पूजा अर्चना व दीप प्रज्वलित कर किया गया । माँ सरस्वती वंदना कुलदीप जी ने प्रस्तुत किया । मंचस्थ परमेश्वर चक्रधारी, श्रीमती बसंती चक्रधारी, अध्यक्ष डॉ.श्रीमती गीता शर्मा, वरिष्ठ साहित्यकार श्री सुरेश चन्द्र श्रीवास्तव एवं शिव सिंह भदौरिया जी का स्वागत एवं परिचय पश्चात। सभी ने अपने उदबोधन में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरु शिष्य परम्परा व कला गुरु सम्मान के महत्व को बताया। सम्मान गौरव का विषय है मनोरंजन का नहीं। कला के प्रति रुचि कम लोगों की होती है । इसलिए उपस्थित जनों की संख्या महत्वपूर्ण नहीं होती है। अपने उदबोधन में सभी ने कला गुरु सम्मान के आयोजन के महत्व को लेकर इकाई के प्रयासों की प्रसंशा की। इस अवसर पर श्रीमति मंजू शर्मा ने गुरु शिष्य पर अपने उदगार रखे तो श्री रिजेंद्र गंजीर ने संक्षिप्त कविता से समा बांध दिया।
बासंती बेला में अनमोल, ज्ञान गीता यहाँ पर है।
पंच परमेश्वर हैं मंचस्थ, शिव गर्जना यहाँ पर है।
स्वर्णिम पल गुरु पूर्णिमा, सुरेश दैदीप्यमान यहाँ पर है।
अवधपति रामशरण मिल जाय, गोपी संतोष यहाँ पर है।
सुगंधित गुलाब, मंजू, कुलदीप, सत्य साईं यहाँ पर है।
अविस्मरणीय पल अभिनव, रीना, राज गोवर्धन यहाँ पर है।
सुनीता, शीला, ललिता कांता, सोनू संस्कार यहाँ पर है।
यहाँ उल्लेखनीय है कि कला (टेराकोटा) के बेजोड़ शिल्पकार श्री परमेश्वर चक्रधारी, ग्राम बांसला भानुप्रतापपुर जिला कांकेर के निवासी हैं, जो कि लगभग डेढ़ दशक से अधिक समय से वे मूर्तिकला व टेराकोटा के शिल्पकार हैं । उनकी यह कला, लंबी कला साधना, अनुभव, शिक्षण- प्रशिक्षण एवं संघर्षों से यात्रा करती विभिन्न राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त करते हुए राष्ट्र स्तरीय सम्मान के द्वार तक पहुँच गई है और नामांकित की गई है । यह काँकेर जिले के लिए बेहद ख़ुशी और गर्व की बात है । परमेश्वर जी इस कला को मिट्टी की इस सुगंध को जीवंत तो रख रहे हैं, पर उनके ऐसे शिष्य शायद थोड़े है, यह बताते समय खुशी से आँखे छलक आई की उनकी एक शिष्या के हाथों से गढ़ी गई आदिवासी घोटुल की माटी कला राज्य स्तरीय सम्मान के लिए नामांकित की गई हैं और उनकी ये शिष्या उनकी धर्म पत्नी श्रीमती बसंती चक्रधारी है।

पश्चात सम्मान उत्सव प्रारंभ हुआ और युवा मूर्तिकला टेराकोटा शिल्पकार श्री परमेश्वर चक्रधारी का श्री रामशरण जैन ने तिलक चंदन से वन्दन किया और इकाई द्वारा शॉल, श्रीफल, मोमेंटो, कला गुरु सम्मान पत्रक, नगद राशि भेंट कर भव्य रूप से करतल ध्वनि के साथ सम्मान किया गया। अविस्मरणीय पल में उनके साथ उनकी धर्म पत्नी बसंती चक्रधारी का अभिनंदन शॉल, श्रीफल भेट कर दोनों को शुभकामनाएं दी गई।
इस ऐतिहासिक पल को श्री सत्य साँई बाबा समिति के भजन मण्डली द्वारा भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनों में श्रद्धा व आनंद की अनुभुति का संचार कर दिया।
उत्सवमय समापन के वातावरण में अवधेश लारिया ने इस सफल कार्यक्रम के लिए इकाई के सभी दायित्ववान व संस्कार मित्रों, उपस्थित जनों का हार्दिक आभार व्यक्त किया । इसी दौरान परमेश्वर जी की उत्कृष्ट टेराकोटा शिल्प कला और बसंती चक्रधारी जी की श्रेष्ठ माटी कला को लेकर जल्द ही एक राज्य स्तरीय मूर्तिकला व टेराकोटा शिल्प कला की कार्यशाला सह प्रशिक्षण आयोजित करने की योजना पर दोनोँ ने सहमति दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रांत मंत्री रिजेंद्र गंजीर मय कुशल मंच संचालन, महामंत्री अवधेश लारिया, श्रीमती मंजू शर्मा, उपाध्यक्ष, श्रीमती रीना लारिया, कोष प्रमुख रामशरण जैन, संतोष श्रीवास्तव, कुलदीप जी, गोपी रमानी एवं गरिमामयी उपस्थिति भजन साँई समिति के जगदीश, मरावी, श्रीमती ललिता केमरो, डॉ. गोवर्धन नेताम,डॉ.श्री राज सिंह मण्डावी, सुरेश रायकवार, श्रीमती शीला जैन , सुनीता शर्मा, कांता मोटवानी, गुलाब साहू, सोनू व साथी की रही।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






