संपादकीय—
मुशी प्रेमचंद
(प्रसिद्ध हिन्दी साहित्यकार )

प्रेमचंद का जन्म वाराणसी से लगभग चार मील दूर, लमही नाम के गाँव में 31 जुलाई, 1880 को हुआ। प्रेमचंद के पिताजी मुंशी अजायब लाल और माता आनन्दी देवी थीं। प्रेमचंद का बचपन गाँव में बीता था।प्रेमचंद के पितामह, मुंशी गुरुसहाय लाल, पटवारी थे। उनके पिता, मुंशी अजायब लाल, डाकमुंशी थे और उनका वेतन लगभग पच्चीस रुपये मासिक था। उनकी माँ, आनन्द देवी, सुन्दर सुशील और सुघड़ महिला थीं। छ: महीने की बीमारी के बाद प्रेमचंद की माँ की मृत्यु हो गई। तब वे आठवीं कक्षा में पढ़ रहे थे।ग़रीबी से लड़ते हुए प्रेमचन्द ने अपनी पढ़ाई मैट्रिक तक पहुँचाई। जीवन के आरंभ में ही इनको गाँव से दूर वाराणसी पढ़ने के लिए नंगे पाँव जाना पड़ता था। इसी बीच में इनके पिता का देहान्त हो गया। प्रेमचन्द को पढ़ने का शौक़ था, आगे चलकर यह वकील बनना चाहते थे, मगर ग़रीबी ने इन्हें तोड़ दिया। बड़े घर की बेटी‚सौत‚सज्जनता का दण्ड‚ पंच परमेश्वर‚नमक का दारोग़ा‚ उपदेश‚ परीक्षा की गणना प्रेमचंद की सर्वश्रेष्ठ कहानियों में गणना होती है।मुंशी प्रेमचंद की स्मृति में भारतीय डाक विभाग की ओर से 31 जुलाई, 1980 को उनकी जन्मशती के अवसर पर 30 पैसे मूल्य का एक डाक टिकट जारी किया।8 अक्टूबर, 1936 को जलोदर रोग से उनका देहावसान हुआ।
✍️मनोज जायसवाल
———————–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
31 जुलाई 2026 शुक्रवार
✍️मनोज जायसवाल
———————–
✍️
01.कृषकों के फसल बीमा की तिथि में वृद्धि, अब 14 अगस्त तक करा सकेंगे बीमा
-प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अधिसूचित फसलों का बीमा कराने की निर्धारित तिथि 31 जुलाई 2026 थी, जिसमें विभिन्न संस्थाओं व कृषकों की मांग पर उक्त तिथि में वृद्धि की गई है। उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले किसान बीमा कराने से वंचित न हों, इसके लिए शासन द्वारा निर्णय लिया गया है कि अब आगामी 14 अगस्त तक फसल बीमा कराया जा सकेगा। उन्होंने सभी अऋणी किसानों से अपील करते हुए कहा है कि वे आगामी 14 अगस्त तक संबंधित बैंक शाखा या नजदीकी सीएससी सेवा केंद्र अथवा वित्तीय संस्थानों में जाकर फसल बीमा योजना का लाभ अवश्य लें।उप संचालक कृषि ने बताया कि योजना में ऋणी तथा अऋणी दोनों प्रकार के किसान शामिल हो सकते हैं तथा भू-धारक और बटाईदार किसान भी इसके पात्र होंगे। अधिसूचित फसल के लिए जिन किसानों वित्तीय संस्थानों से मौसमी कृषि ऋण स्वीकृत हुआ है, उन्हें योजना में अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा। इसके अलावा गैर ऋणी किसान भी आधार कार्ड, बैंक पासबुक, बी-1 खसरा और स्वप्रमाणित फसल बुवाई प्रमाण पत्र के साथ योजना में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि किसानों को कुल बीमित राशि का दो प्रतिशत प्रीमियम देय होगा। एक ही अधिसूचित क्षेत्र और फसल के लिए अलग-अलग वित्तीय संस्थानों से ऋण लेने की स्थिति में किसान को एक ही संस्थान से बीमा कराना होगा तथा इसकी सूचना बैंक को देना अनिवार्य है।
✍️ 02.स्वामी आत्मानंद कॉलेज में बीएससी बॉयो और मैथ्स में प्रवेश के लिए पोर्टल फिर खुला, 14 अगस्त तक आवेदन का अवसर।
—उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय, कांकेर ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीएससी बॉयोलॉजी (केमिस्ट्री, बॉटनी, जूलॉजी/केमिस्ट्री, बॉटनी, माइक्रोबायोलॉजी) तथा बीएससी मैथ्स (फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथमेटिक्स/फिजिक्स, बायोलॉजी, मैथेमेटिक्स) प्रथम वर्ष में रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई है।महाविद्यालय प्रबंधन के अनुसार ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने 12वीं (विज्ञान संकाय) उत्तीर्ण की है और उक्त पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेना चाहते हैं, वे शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर के ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल www.smkvbastar.in के माध्यम से 14 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।महाविद्यालय ने विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी महाविद्यालय की वेबसाइट www.sagemmckanker.in पर उपलब्ध है। इसके अलावा कार्यालयीन समय में महाविद्यालय के दूरभाष 07868-299288 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। महाविद्यालय प्रबंधन ने पात्र विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाकर निर्धारित समय पर आवेदन करने का आग्रह किया है।
———————
विज्ञापन

———————
✍️ 03. जिले के 254 स्कूलों में बनेंगे बालिका शौचालय, जिला प्रशासन की पहल।

— जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के शासकीय स्कूलों में अध्ययनरत बालिकाओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देश पर जिले के 254 ऐसे शासकीय विद्यालयों का चयन किया गया है, जहां बालिका शौचालय उपलब्ध नहीं हैं। इन सभी विद्यालयों में विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) विकसित भारत जी-रामजी के तहत बालिका शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी ने बताया कि चयनित 254 विद्यालयों में से 139 स्कूलों के लिए प्रशासनिक स्वीकृति जारी की जा चुकी है, जबकि शेष प्रस्तावों की स्वीकृति प्रक्रिया भी जल्द पूरी कर ली जाएगी। संबंधित ग्राम पंचायतों को स्वीकृत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन के अनुसार यह पहल केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार नहीं, बल्कि बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा और गरिमापूर्ण शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्कूलों में पृथक एवं सुरक्षित शौचालय उपलब्ध होने से बालिकाओं की नियमित उपस्थिति बढ़ेगी, स्कूल छोड़ने की प्रवृत्ति में कमी आएगी तथा किशोरियों को स्वच्छता संबंधी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने बताया कि अंतागढ़ विकासखण्ड में चयनित 40 स्कूलों में से 13 स्वीकृत, भानुप्रतापपुर में 40 में से 23 स्वीकृत, चारामा में 36 में से 18 स्वीकृत, दुर्गूकोंदल में 25 में 22, कांकेर में 25 में 08, कोयलीबेड़ा में 50 में 26 तथा नरहरपुर विकासखण्ड में 38 में से 29 स्कूलों में शौचालय निर्माण कार्य की स्वीकृति मिल चुकी है। इस प्रकार कुल 254 चयनित शालाओं में से 139 की स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि शेष की स्वीकृति शीघ्रता से प्रदान की जाएगी।।
————————
✍️ 04.जिले में मलेरिया से हुई मौतों पर विभाग गंभीरता से संज्ञान लें। निचले स्तर पर नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराएं, कलेक्टर ने स्वास्थ्य एवं संबंधित विभागों की बैठक लेकर हाई अलर्ट मोड पर कार्य करने के दिए निर्देश, कहा- भविष्य में पुनरावृत्ति होने पर संबंधितों के विरूद्ध की जाएगी सख्ती से कार्यवाही।

— कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने स्वास्थ्य विभाग की बैठक लेकर जिले में मलेरिया से हुई मृत्यु के मामलों की समीक्षा की तथा स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रकरणों को विभाग बेहद गंभीरता से लें तथा जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं व अन्य विभागीय अमलों को नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही जिन ग्रामों में मलेरिया के अधिक प्रकरण सामने आ रहे हैं, वहां हाई अलर्ट मोड में काम करने तथा स्थिति पर सतत् निगरानी रखने व उच्च कार्यालय को तत्काल सूचित करने के निर्देश दिए।जिला कार्यालय के सभा कक्ष में आज सुबह 11.30 बजे आयोजित बैठक में कलेक्टर ने साफ तौर पर कहा कि जिले में स्थित सभी आश्रम-छात्रावासों में अध्ययनरत विद्यार्थियों का नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कराएं तथा मलेरिया के अलावा डायरिया, टायफाइड, पीलिया जैसी अन्य वेक्टरजनित बीमारियों के लक्षण पाए जाने पर स्वास्थ्य कैम्प लगाकर प्रत्येक विद्यार्थी और शिक्षक का सैम्पल लें। इसके अलावा आशा वर्कर (मितानिन) की पेटियों में सभी आवश्यक दवाएं उपलब्ध रहे। इसके अतिरिक्त जमीनी कार्यकर्ता सतत् उच्चाधिकारी को सूचित करें व उच्च कार्यालय की बिना पुष्टि के भ्रामक अभिमत न दें। बैठक में कलेक्टर ने यह भी कहा कि राज्य शासन मलेरिया से हुई मौतों को लेकर बेहद संजीदा है, जिसकी गंभीरता इस बात से पता चलती है कि स्वास्थ्य मंत्री एवं स्वास्थ्य सचिव द्वारा बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अगर भविष्य में मलेरिया से मौत के मामले आए तो शासन संबंधितों पर सख्ती से कार्यवाही करने से परहेज नहीं करेगा।

उन्होंने पुनः स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों के अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करते हुए मलेरिया की रोकथाम के लिए अगले दो माह तक सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर दायित्वों का निर्वहन करने और उच्च कार्यालय के आदेशों का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिए।राष्ट्रीय वेक्टरजनित रोग एवं मौसमी बीमारियों की समीक्षा बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.सी. ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि मलेरिया के अधिकतर मामले जुलाई-अगस्त में परिलक्षित होते हैं तथा इसके लिए विभागीय अमले द्वारा आश्रम-छात्रावासों में रैपिड फीवर सर्वे (आरएफएस) कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सर्वे के दौरान जिले के अंतागढ़, भानुप्रतापपुर तथा कांकेर विकासखण्ड में अपेक्षाकृत अधिक मामले मिल रहे हैं। उन्हांेने बताया कि कुल 19 हजार 844 सैम्पल में से 672 सकारात्मक प्रकरण सामने आए हैं, जिनका त्वरित उपचार किया गया।

इसके लिए जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। साथ ही पायलट प्रोजेक्ट के तहत 35 हजार दवा लेपित मच्छरदानी वितरित की गई है तथा घरों के आसपास गड्ढों में जलभराव व पेयजल स्रोतों के समीप दवा छिड़काव कराया जा रहा है। जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि मलेरिया के अलावा डेंगू, जेई तथा फाइलेरिया की भी सतत् जांच की जा रही है तथा संवेदनशील ग्रामों में स्वास्थ्य अमले की तैनाती कर स्थिति पर निगाह रखी जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि किसी प्रकार की बीमारी का पता चलने पर अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में अवश्य स्वास्थ्य जांच कराएं। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, विशेषज्ञ चिकित्सक, मेडिकल कॉलेज कांकेर के वरिष्ठ चिकित्सक तथा संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
————————
✍️ 05. देवीनवागाँव स्कूल के विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा व कानून की दी गई जानकारी।

– बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं योजनान्तर्गत ऑनलाईन सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग कांकेर द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवीनावागाँव में किया गया जिसमें स्कूल के सभी छात्र एवं छात्राएँ सम्मिलित हुए। उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिस विभाग के मास्टर ट्रेनर के द्वारा छात्राओं को वर्तमान में हो रहे ऑनलाईन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, मंहगे गिफ्ट का झांसा, शीघ्र लोन प्राप्ति हेतु अनजान एप्लीकेशन का उपयोग एवं सोशल मीडिया में एआई के माध्यम से हो रहे साइबर क्राइम से सतर्क रहने और इस प्रकार की घटनाओं से स्वयं को सुरक्षित रखन के उपायों को विस्तार से बताया गया। महिला संरक्षण अधिकारी के द्वारा घरेलु हिंसा के बारे में जानकारी देते हुए गुड टच, बेड टच तथा आकस्मिक घटनाओं से बचाव एवं छेड़छाड़ से स्वयं को सुरक्षित रखने आदि के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक एवं जेण्डर विशेषज्ञ के द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत मिशन शक्ति के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं, घरेलु हिंसा, सखी वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्प लाईन 181, चाइल्ड हेल्प लाईन 1098 एवं कन्या भ्रूण हत्या आदि के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा टीम, महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत जिला महिला सशक्तिकरण केन्द्र से जिला मिशन समन्वयक, महिला संरक्षण अधिकारी, जेण्डर विशेषज्ञ, परामर्शदाता एवं स्कूल के प्राचार्य सहित समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।
————————
✍️06. लगभग चार दशक की गौरवपूर्ण पुलिस सेवा को समर्पित एएसआई समसुद्दीन खान एवं प्रधान आरक्षक महादेव शोरी को कांकेर पुलिस ने दी सम्मानपूर्ण एवं भावभीनी विदाई।

—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कांकेर परिसर में सेवानिवृत्त हो रहे सहायक उप निरीक्षक समसुद्दीन खान एवं प्रधान आरक्षक महादेव शोरी के सम्मान में गरिमामय एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में दोनों अधिकारियों के दीर्घ, उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय सेवाकाल का सम्मानपूर्वक स्मरण करते हुए उन्हें पुलिस विभाग की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डीएसपी (बा.वि.अ.अ.) सुश्री प्रतिभा लहरे, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सुश्री विंकेश्वरी पिंदे, रक्षित निरीक्षक गोविंद वर्मा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान दोनों अधिकारियों को प्रतीक चिन्ह, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ अर्पित कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया तथा उनके स्वस्थ, सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सहायक उप निरीक्षक समसुद्दीन खान ने 15 जुलाई 1987 को आरक्षक के रूप में पुलिस सेवा प्रारंभ की। लगभग 39 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने जगदलपुर एवं जिला उत्तर बस्तर कांकेर के विभिन्न थाना, शाखाओं एवं रक्षित केंद्र में पदस्थ रहकर ईमानदारी, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। अपने शांत स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यशैली के कारण वे अधिकारियों एवं सहकर्मियों के बीच सदैव सम्मानित रहे। प्रधान आरक्षक महादेव शोरी ने 02 फरवरी 1989 को आरक्षक के रूप में पुलिस सेवा प्रारंभ की। लगभग 36 वर्ष 10 माह के गौरवपूर्ण सेवाकाल में उन्होंने विशेष रूप से डॉग हैंडलर के रूप में उल्लेखनीय योगदान दिया। अपराध अनुसंधान, कानून-व्यवस्था एवं विभिन्न विशेष अभियानों में उनकी सेवाएँ विभाग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रहीं। उन्होंने अपने समर्पण, अनुशासन एवं कर्मठता से पुलिस विभाग की गरिमा को निरंतर बढ़ाया। समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संकल्प है। दोनों अधिकारियों ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, निष्ठा एवं अनुशासन के साथ कार्य करते हुए विभाग की प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। उनका अनुभव एवं सेवाभाव आने वाली पीढ़ी के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखी एवं सफल जीवन की मंगलकामनाएँ कीं तथा विश्वास व्यक्त किया कि उनका योगदान और कार्यशैली हमेशा कांकेर पुलिस परिवार के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
————————
✍️07. जिले में अब तक 5933 मिलीमीटर वर्षा दर्ज
—जिले में 01 जून से अब तक 11 तहसीलों में कुल 5933.6 मिलीमीटर वर्षा यानी 539.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। कलेक्टर कार्यालय के भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक सर्वाधिक वर्षा कोयलीबेड़ा तहसील में 854.1 मिलीमीटर तथा सबसे कम आमाबेड़ा तहसील में 197.4 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई है। इसी प्रकार कांकेर तहसील में 522.4 मिलीमीटर, भानुप्रतापपुर तहसील में 530.2 मिलीमीटर, दुर्गूकोंदल में 475.8 मिलीमीटर, चारामा़ में 517.4 मिलीमीटर, अंतागढ़ में 564.6 मिलीमीटर, पखांजूर में 452.7, नरहरपुर में 504.2, सरोना में 504.1 मिलीमीटर और बांदे तहसील में 810.7 मिलीमीटर वर्षा अब तक दर्ज की गई है। इसी तरह पिछले 24 घंटे में जिले में 192 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।
————————
✍️08. लगभग डेढ़ लाख शिक्षक नियमित रूप से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर निभा रहे हैं अपनी जिम्मेदारी।शिक्षा मंत्री ने जताया आभार, 85 प्रतिशत शिक्षक रोज लगाते है ऑनलाइन अटेंडेंस ।

-स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा है कि शिक्षक संगठनों एवं शिक्षकों द्वारा व्हीएसके ऐप में आ रही तकनीकी त्रुटियों एवं एरर संबंधी शिकायतों को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्हीएसके ऐप में आने वाली तकनीकी समस्याओं के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। शिक्षकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। श्री यादव ने बताया कि संबंधित अधिकारियों एवं तकनीकी टीम को व्हीएसके ऐप में आ रही सभी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। लक्ष्य निर्धारित किया गया है कि 15 अगस्त तक ऐप में आ रही तकनीकी खामियों का समाधान कर इसे पूरी तरह सुचारु बनाया जाए, ताकि शिक्षकों को बिना किसी परेशानी के अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की सुविधा मिल सके। शिक्षा मंत्री ने प्रदेश के शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के लगभग 01 लाख 75 हजार शिक्षकों में से 85 प्रतिशत शिक्षक लगभग डेढ़ लाख शिक्षक प्रतिदिन व्हीएसके ऐप के माध्यम से अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। यह दर्शाता है कि प्रदेश के शिक्षक नई तकनीक को अपनाते हुए शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं आधुनिक बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिक्षक केवल शिक्षण कार्य ही नहीं, बल्कि डिजिटल व्यवस्था को सफल बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। सरकार उनके इस सहयोग, अनुशासन और समर्पण का सम्मान करती है। शिक्षकों के सुझावों और अनुभवों के आधार पर व्हीएसके ऐप को और अधिक सरल, उपयोगी एवं प्रभावी बनाया जाएगा। श्री गजेंद्र यादव ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुविधा और हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि किसी शिक्षक को तकनीकी कारणों से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में कठिनाई आती है, तो उसके हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी। किसी भी शिक्षक को तकनीकी खामी का खामियाजा नहीं भुगतना पड़ेगा। उन्होंने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे पूर्व की भांति व्हीएसके ऐप का उपयोग करते रहें तथा यदि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या या सुझाव हो तो उसे संबंधित अधिकारियों तक अवश्य पहुंचाएं। सरकार प्रत्येक सुझाव का सकारात्मक परीक्षण कर आवश्यक सुधार करेगी, ताकि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं तकनीक-सक्षम बन सके।।
————————
✍️09. अनुशासनहीनता पर कांकेर पुलिस की बड़ी कार्यवाही। सहायक आरक्षक सेवा से पृथक।लगातार अनाधिकृत अनुपस्थिति एवं विभागीय जांच में दोषी सहायक आरक्षक सेवा से बर्खास्त।
—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में पुलिस विभाग में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं जवाबदेही बनाए रखने हेतु सख्त कार्रवाई करते हुए थाना कोयलीबेड़ा में पदस्थ सहायक आरक्षक क्रमांक-136 झिरटी राम दुग्गा को विभागीय जांच में दोषी पाए जाने पर सेवा से पृथक कर दिया गया है। सहायक आरक्षक झिरटी राम दुग्गा दिनांक 05.07.2024 से बिना किसी सूचना अथवा स्वीकृति के लगातार अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित था। मामले की प्रारंभिक जांच थाना स्तर पर कराई गई, जिसमें आरोप प्रमाणित पाए जाने पर विभागीय जांच आदेशित की गई। विभागीय जांच अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, अंतागढ़ द्वारा संपादित की गई। जांच में यह प्रमाणित हुआ कि संबंधित कर्मचारी 05.07.2024 से लगातार अनाधिकृत रूप से गैरहाजिर रहा। इसके अतिरिक्त उसके पूर्व सेवा काल में भी शासकीय कर्तव्यों के प्रति लापरवाही एवं अनुशासनहीनता के कारण 08 अवसरों पर विभागीय दंड दिया जा चुका था तथा 16 अवसरों पर कुल 1024 दिवस की अनाधिकृत अनुपस्थिति का निराकरण “काम नहीं, वेतन नहीं” के सिद्धांत के तहत किया गया था। बार-बार अवसर दिए जाने के बावजूद संबंधित कर्मचारी के आचरण में कोई सुधार नहीं आया तथा उसने विभागीय नियमों के विपरीत आचरण जारी रखा। गंभीर कदाचार एवं आरोप प्रमाणित होने पर विभागीय नियमों के तहत दिनांक 28.07.2026 को सहायक आरक्षक झिरटी राम दुग्गा को सेवा से पृथक कर दिया गया।
———————–
✍️
10.जनगणना प्रशिक्षण 31 जुलाई से 10 अगस्त तक।
—छत्तीसगढ़ जनगणना निदेशालय द्वारा जारी समय सारिणी अनुसार जनगणना 2027 अन्तर्गत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका हेतु ग्राम एवं नगर निर्देशिका आंकड़ों के संकलन तथा संचयन किए जाने सभी 17 चार्जों के क्षेत्र पदाधिकारियों को एक दिवसीय प्रशिक्षण 31 जुलाई से 10 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। जिला मुख्यालय कांकेर में 31 जुलाई को जिले के सभी नगरीय निकायों-नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सभी 17 चार्जों में अगल अगत तिथियो में 10 अगस्त तक प्रशिक्षण दिए जाएंगे।
————————
विशेष-
उजियारा अभियान में बड़ी सफलता : 67 किलो से अधिक गांजा तस्करी मामले का फरार आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार। क्रेटा वाहन में 67.380 किलोग्राम गांजा परिवहन करने वाले गिरोह के फरार आरोपी को नरहरपुर पुलिस ने बदायूं (उ.प्र.) से पकड़ा।

— पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि—जिला उत्तर बस्तर कांकेर में पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी श्री मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में संचालित “उजियारा अभियान” के तहत अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना नरहरपुर पुलिस ने 67.380 किलोग्राम अवैध गांजा परिवहन के मामले में फरार चल रहे आरोपी प्रदीप गिहार (22 वर्ष), निवासी मीरासराय, थाना सिविल लाइन, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
घटना का विस्तृत विवरण बता दें कि— दिनांक 11 अप्रैल 2026 को थाना नरहरपुर पुलिस को सूचना मिली कि एक क्रेटा वाहन में अवैध गांजा भारतमाला मार्ग से डब्बीपानी की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को वाहन चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ग्राम डब्बीपानी के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त कर दिया और वाहन छोड़कर फरार हो गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखी तीन बोरियों के 13 पैकेटों से 67.380 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। साथ ही लगभग ₹10 लाख मूल्य का क्रेटा वाहन भी जप्त किया गया। कुल ₹43.69 लाख मूल्य की संपत्ति जप्त कर थाना नरहरपुर में अपराध क्रमांक 83/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस एवं 20(B)(ii)(C) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया।
प्रकरण की विवेचना के दौरान पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। शेष फरार आरोपी के उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में छिपे होने की सूचना मिलने पर थाना नरहरपुर एवं साइबर सेल कांकेर की संयुक्त टीम ने बदायूं पहुंचकर तकनीकी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी प्रदीप गिहार को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। विधिवत गिरफ्तारी के बाद उसे कांकेर लाकर 31 जुलाई 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
————————
कांकेर विधायक आशा राम नेताम के करकमलों से करप में विभीन्न विकास कार्यो का भुमिपूजन।

– कांकेर विधायक आशा राम नेताम के करकमलों से ग्राम पंचायत करप में विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया। इस दौरान मारीपारा में रंगमंच निर्माण कार्य, बड़ेपारा में सीसी रोड निर्माण कार्य तथा सरईटोला में टीन शेड निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा आवागमन की सुविधा भी सुदृढ़ होगी।

चित्र— प्राचार्य डॉ. मीरा आर्ची द्वारा आयोजन मंच पर विधायक आशा राम नेताम का स्वागत करते हुए ।
उन्होंने मंच से संबोधित करते हुए कहा-हमारी प्राथमिकता है कि गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो और विकास का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, पंचायत पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी के सहयोग और विश्वास से क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है।कांकेर विधानसभा के प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना हमारा संकल्प है।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————







