———————–
संपादकीय-
साहित्य जगत में होकर कितनी स्वतंत्रता?
– दुनिया के लिए ‘प्रेरणा’ पर खुद की जिंदगी घुटनभरी क्यों ?
साहित्य जगत में कई जो स्त्री इस साहित्य दुनिया में मुखर होकर काव्य के माध्यम या गद्द के माध्यम सामाजिक विषयों पर ‘बेबाक’ कलम चला रही है, वही कुछ ‘स्त्री’ स्वयं के घर में कारूणिक जीवन जीने विवश है। दूसरों के लिए ‘प्रेरणा’ बनी यह स्त्री कभी पति के खातिर तो कभी परिवार के संस्कार के नाम…! खुद का धरातलीय जीवन इतना बेबसपूर्ण है कि इन दुखों से उनकी रचनाएं उभर कर सामने आती है। लेकिन खुद के लोग उनकी इस पुण्य कृतियों का सम्मान नहीं करते।
ठीक ऐसा ही ‘कला जगत’ में आज भी शिक्षित लोगों का भी नजरिया सांस्कृतिक मंचों पर प्रस्तुति देते कलाकार के प्रति साम्य नहीं होता। हालांकि उस दशक से अभी बडी मुश्किल से पार कर रहे हैं,जहां आंचलिक शुटिंग में उक्त कलाकार के साथ अभिभावक शुटिंग स्पाट तक जाते थे। आप लिख तो सकते हैं, कला के माध्यम शुभ संदेश दे सकते हैं,लेकिन यह अपनी प्रस्तुति तक सीमित रह गयी है,क्योंकि आपकी साधना स्वतंत्रतापूर्वक नहीं रह रही, जिसका आप पक्षधर हैं,तो नैतिक रूप से सर्पोट करने में खुद के लिए कितना संतुष्टिकारक रहेगा।
लेकिन हां,जैसा भी हो प्रयास हमेशा होना चाहिए कि जिस तरह साहित्य कला जगत में आप बिंदास एवं आधुनिक रूप से शुभ विचारों के साथ आपकी निजी लाईफ है,वो भी स्वच्छंद हो ऐसा वातावरण आपको स्वयं निर्मित करना है। दुनियां के दर्द को देखकर आपमें संवेदना नहीं जगी तो फिर महज नाम के लिए कोई अलंकार पूर्ण रचना लिख कर पोस्ट करना मिथ्या वाहवाही होगी ।
✍️मनोज जायसवाल
———————–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
22 जुलाई 2026 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
———————–
✍️
01. चारामा पुलिस ने सूने मकान में हुई लाखों की चोरी का किया खुलासा, 01 आरोपी गिरफ्तार। सूने मकान में हुई चोरी के मामले का सफल खुलासा, चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी। आरोपी पीड़ित का पड़ोसी निकला, निजी आर्थिक आवश्यकता पूरी करने के उद्देश्य से वारदात को दिया अंजाम। 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस आरोपी तक पहुंची।
—पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि—निखिल अशोक कुमार राखेचा, पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशन, योगेश साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा मोहसीन खान, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर के पर्यवेक्षण में थाना चारामा पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए 01 आरोपी को गिरफ्तार किया। प्रकरण थाना चारामा के अपराध क्रमांक 155/2026 धारा 305(ए), 331(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत पंजीबद्ध किया गया। प्रार्थी पंकज मेश्राम, पिता स्व. रमेश मेश्राम, उम्र 48 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 02, चारामा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे 15 जुलाई 2026 को अपने परिवार सहित दानीटोला (धमतरी) गए थे। घर में ताला लगा हुआ था। 17 जुलाई 2026 को पड़ोसी द्वारा सूचना मिली कि घर का पिछला दरवाजा खुला हुआ है। वापस आकर देखने पर घर के अंदर आलमारी का ताला टूटा मिला तथा उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी सहित लगभग 8,45,000 की संपत्ति चोरी हो चुकी थी।
पुलिस जांच एवं गिरफ्तारी
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर संदेही पवन सोनकर (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 02, चारामा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 16 जुलाई 2026 को मकान के पीछे से प्रवेश कर दरवाजे एवं आलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी चोरी की थी। चोरी किए गए सामान को घर में रखे पर्स में भरकर उसी रास्ते से निकल गया। आरोपी ने निजी आर्थिक आवश्यकता पूरी करने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।आरोपी के कब्जे से चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई, जिसमें सोने एवं चांदी के विभिन्न आभूषण, नगदी राशि, घटना में प्रयुक्त 01 मोटरसाइकिल, 01 मोबाइल फोन, लोहे का पलटा, पेचकस, प्लास एवं आरी सहित अन्य औजार बरामद किए गए। बरामद संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 8 लाख है। गिरफ्तार आरोपी पवन सोनकर, पिता मिलन सोनकर, उम्र 25 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 02, चारामा, थाना चारामा, जिला उत्तर बस्तर कांकेर (छ.ग.)।
सराहनीय पुलिस टीम
इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर के नेतृत्व में उप निरीक्षक रूपेन्द्र पटेल, उप निरीक्षक (प्रशिक्षु) हेमंत कुमार, सहायक उप निरीक्षक दुष्यंत दीवान, आरक्षक तरुण सिन्हा, आरक्षक अनिल जैन, आरक्षक हिरामन यादव तथा साइबर सेल कांकेर के निरीक्षक यशवंत श्याम एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। उत्कृष्ट कार्य पर सम्मानआरोपी की त्वरित गिरफ्तारी एवं चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी जैसे उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा थाना चारामा टीम को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके सराहनीय कार्य की प्रशंसा की गई।
———————-
✍️02.”प्रोजेक्ट संवाद” के तहत तनाव से समाधान की ओर : कांकेर पुलिस ने शुरू किया मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान । पुलिस कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता :अवसाद रोकथाम एवं तनाव प्रबंधन पर कांकेर पुलिस की संवेदनशील पहल, विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन ।
—पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार राखेचा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में आज दिनांक 22 जुलाई 2026 को पुलिस लाइन कांकेर में “प्रोजेक्ट संवाद” के अंतर्गत पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से “तनाव प्रबंधन एवं अवसाद रोकथाम” विषय पर विशेष जागरूकता एवं परामर्श कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीएसपी (IUCAW) सुश्री प्रतिभा लहरे, डीएसपी (मुख्यालय) सुश्री विंकेश्वरी पिंदे, डीएसपी श्रीमती कविता धुर्वे, रक्षित निरीक्षक गोविंद वर्मा सहित जिले के विभिन्न थाना, चौकी एवं पुलिस लाइन के अधिकारी-कर्मचारी तथा उनके परिजन सहित 150 की संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय कांकेर से आए मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों की टीम में आशीष जैन (साइकेट्रिक नर्स), उमाशंकर सोनकर (क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट) एवं सुश्री गार्गी वर्मा (साइकेट्रिक सोशल वर्कर) ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को मानसिक तनाव, अवसाद, भावनात्मक चुनौतियों तथा आत्महत्या की रोकथाम संबंधी विषयों पर वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।

विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों से संवाद करते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया । कार्यशाला में मनोरोग विशेषज्ञों की टीम ने पुलिस सेवा के दौरान आने वाली चुनौतियों, लगातार कार्य के दबाव, मानसिक तनाव, अवसाद, चिंता, भावनात्मक असंतुलन एवं आत्महत्या के जोखिम जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूक रहना, समय रहते लक्षणों की पहचान करना तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेना अत्यंत आवश्यक है। इससे मानसिक समस्याओं का प्रभावी ढंग से उपचार संभव है और गंभीर परिस्थितियों से बचा जा सकता है। विशेषज्ञों द्वारा तनाव कम करने के व्यावहारिक उपाय, सकारात्मक सोच विकसित करने, योग एवं ध्यान की भूमिका, पर्याप्त विश्राम, पारिवारिक एवं सामाजिक सहयोग, सहकर्मियों के साथ बेहतर संवाद तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में उपयोगी सुझाव दिए गए। साथ ही उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए मानसिक स्वास्थ्य संबंधी भ्रांतियों को भी दूर किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, तनावमुक्त एवं सकारात्मक कार्य वातावरण विकसित करना, आत्महत्या जैसी गंभीर घटनाओं की रोकथाम करना तथा पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को मानसिक रूप से सशक्त एवं स्वस्थ बनाए रखना है। कांकेर पुलिस भविष्य में भी “प्रोजेक्ट संवाद” के माध्यम से पुलिस बल के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए इस प्रकार के जागरूकता एवं परामर्श कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करती रहेगी।
———————
✍️ 03.दुर्गूकोंदल जनपद पंचायत में नवनियुक्त सीईओ का सरपंचों ने किया आत्मीय स्वागत।

— जनपद पंचायत दुर्गूकोंदल में पदभार ग्रहण करने वाले नवनियुक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी वी आर सुखदेवे (सीईओ) का बुधवार को क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं सरपंचों ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं तथा जनपद क्षेत्र के समग्र विकास, पंचायतों के सुदृढ़ संचालन और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की अपेक्षा व्यक्त की।
————————
✍️ 04. शासकीय पॉलिटेक्निक कांकेर का शानदार परीक्षा परिणाम।
—छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई द्वारा घोषित डिप्लोमा इन सिविल इंजीनियरिंग छठवें सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में शासकीय पॉलिटेक्निक कांकेर के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। कॉलेज के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के छात्र तीजेन्द्र कुमार ने 87.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संस्थान में प्रथम स्थान हासिल किया। लाकेश कुमार ने 85.2 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा दानेश्वर ने 82 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार अन्य सफल विद्यार्थियों में रेणुका 80.2 प्रतिशत, कुसुम 79.2 प्रतिशत, भावना 78.4 प्रतिशत, तनीषा 77.2 प्रतिशत, अंजलि ठाकुर 75.1 प्रतिशत, सोनम 73.9 प्रतिशत तथा हिमांशी 60.4 प्रतिशत शामिल हैं। संस्था के प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए विद्यार्थियों की उपलब्धि को उनकी मेहनत, अनुशासन और प्राध्यापकों का परिणाम बताया है।
————————
✍️ 05. प्रयास आवासीय विद्यालयों के कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु काउंसिलिंग 22 जुलाई से
—मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं (सत्र 2026-27) में प्रवेश हेतु काउंसिलिंग 22 जुलाई से 05 अगस्त तक प्रयास आवासीय विद्यालय ईमलीपारा में किया जाएगा। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/ पर काउंसिलिंग हेतु विद्यार्थियों की सूची एवं तिथि प्रदर्शित की गई है। विद्यार्थी उक्त निर्धारित तिथि को आवश्यक दस्तावेज के साथ काउंसिलिंग स्थल में उपस्थित हो सकते हैं।
————————
✍️06. जिले के सभी ग्राम पंचायतों में 30 जुलाई को विशेष ग्राम सभा का आयोजन
—राज्य शासन द्वारा दिए गए निर्देशानुसार आगामी 30 जुलाई 2026 को जिले के सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। उक्त ग्राम सभा में 16वंे वित्त आयोग अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्मित ग्राम पंचायत विकास योजना का अनुमोदन किया जाना है। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा ग्राम सभा में लिए गए निर्णयों की अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकॉर्डिंग करने तथा वीडियो को ग्राम सभा निर्णय (GS NIRNAY) मोबाइल ऐप में अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। भारत सरकार पंचायती राज मंत्रालय द्वारा ग्राम सभाओं की कार्यवाही का ए.आई. आधारित कार्यवाही विवरण तैयार करने हेतु नवीन पोर्टल ‘‘सभासार’’ बनाया गया है। सभी ग्राम पंचायतों में इस पोर्टल का उपयोग करते हुए कार्यवाही विवरण करने के लिए कहा गया है। साथ ही ग्राम सभा के गतिविधियों को वाइब्रेंट ग्राम सभा पोर्टल https://meetingonline.gov.in एवं जीपीडीपी पोर्टल में शत-प्रतिशत अपलोड कराने के भी निर्देश सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए गए हैं।।
————————
✍️07. अऋणी किसानों के लिए फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई
—प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अऋणी किसानों के लिए फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। कृषि विभाग ने जिले के सभी अऋणी किसानों से अपील की है कि वे समय-सीमा के भीतर अपनी संबंधित बैंक शाखा समिति एवं नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) अथवा अन्य वित्तीय संस्थानों के माध्यम से फसल बीमा अवश्य कराएं। कृषि विभाग के उप संचालक ने बताया कि इस वर्ष अल नीनो एवं मौसम को देखते हुए अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में होने वाले फसल क्षतिपूर्ति का लाभ प्राप्त कर सकें। जिले में अब तक 261.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है, जो पिछले 10 वर्षों की इस अवधि की औसत वर्षा का केवल 50.8 प्रतिशत है। संभावित उपज में कमी को दृष्टिगत रखते हुए किसानों को फसल बीमा कराने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ ऋणी एवं अऋणी दोनों प्रकार के किसानों को मिलेगा। भू-धारक एवं बटाईदार किसान भी योजना के लिए पात्र होंगे। अधिसूचित फसल के लिए जिन किसानों को वित्तीय संस्थानों से मौसमी कृषि ऋण स्वीकृत हुआ है, उन्हें योजना में अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा। गैर ऋणी किसान भी आधार कार्ड, बैंक पासबुक, बी-1, खसरा तथा स्व-प्रमाणित फसल बुवाई प्रमाण-पत्र के साथ योजना में शामिल हो सकते हैं। योजना के तहत किसानों को कुल बीमित राशि का केवल 02 प्रतिशत प्रीमियम जमा करना होगा। यदि किसी किसान ने एक ही अधिसूचित क्षेत्र और फसल के लिए अलग-अलग वित्तीय संस्थानों से ऋण लिया है, तो उसे केवल एक ही स्थान से बीमा कराना होगा तथा इसकी जानकारी संबंधित बैंक को देना आवश्यक होगा। जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के संचालन के लिए बजाज जनरल इंश्योरेंस कंपनी को नामित किया गया है। कृषि विभाग ने सभी पात्र किसानों से शीघ्र फसल बीमा कराने की अपील की है।
————————
✍️08. कर्तव्य में लापरवाही बरतने के कारण प्रधान पाठक निलंबित।
—जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा विकासखण्ड नरहरपुर के प्राथमिक शाला डोकरानाला के प्रधान पाठक शोभा राम धु्रव को कर्तव्य में लापरवाही बरतने एवं अनुशासनहीनता के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी नरहरपुर द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार प्राथमिक शाला डोकरानाला के प्रधान पाठक शोभा राम धु्रव मदिरापान की अवस्था में विद्यालय में उपस्थित पाए जाने पर उन्हें छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के उप नियम 1,2,3 का गंभीर उल्लंघन करने के कारण जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम (9) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी कोयलीबेड़ा नियत किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
————————
✍️09.कांकेयर ब्रांड बना ग्रामीण महिलाओं की पहचान, शुद्ध जैविक उत्पादों की बढ़ी मांग।

– कांकेर जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार ‘कांकेयर’ ब्रांड तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। यह ब्रांड जिले की हजारों महिलाओं की मेहनत, आत्मनिर्भरता और गुणवत्तापूर्ण प्राकृतिक उत्पादों का प्रतीक बन चुका है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने बताया कि ‘कांकेयर’ ब्रांड के तहत सरसों तेल, अरहर दाल, छिंद गुड़, शहद, रागी, कोदो, मक्का, आम का अचार सहित विभिन्न जैविक एवं प्राकृतिक उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। दण्डकारण्य क्षेत्र की प्राकृतिक परिस्थितियों में उगाए गए ये उत्पाद पूरी तरह शुद्ध, प्राकृतिक और उच्च गुणवत्ता वाले होते हैं। यह उत्पाद जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा पारंपरिक एवं जैविक पद्धति से तैयार किया जाता है, जिसमें रासायनिक उर्वरकों का उपयोग नहीं होता है। एफएसएसएआई (FSSAI) से पंजीकृत होने के कारण उत्पादों की गुणवत्ता और शुद्धता का पूरा ध्यान रखा जाता है। वर्तमान में ‘कांकेयर’ उत्पाद सी-मार्ट के माध्यम से स्थानीय बाजारों और कांकेश्वरी एफपीसी के जरिए इनका वितरण और बिक्री सुनिश्चित की जा रही है। थोक खरीदने हेतु जिला पंचायत परिसर में स्थापित पैकेजिंग इकाई से खरीदा जा सकता है। अब ग्राहक इन्हें ऑनलाइन भी Kancare.Shop वेबसाइट के माध्यम से घर बैठे ऑर्डर कर सकते हैं और घर बैठे शुद्ध एवं प्राकृतिक उत्पाद प्राप्त कर सकते हैं। जिला पंचायत के अनुसार अब तक कांकेयर’ ब्रांड के तहत अरहर दाल 92 किलोग्राम, शहद 5.5 किलोग्राम, छिंद गुड़ 05 किलोग्राम, रागी आटा 09 किलोग्राम तथा मक्का आटा 06 किलोग्राम की बिक्री हो चुकी है। ‘कांकेयर’ ब्रांड आज केवल एक उत्पाद नहीं, बल्कि कांकेर जिले की ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और गुणवत्तापूर्ण जैविक उत्पादन की नई पहचान बनकर उभर रहा है।
———————–
✍️
10.राम मंदिर चढ़ावा मामले की निपक्ष जांच के समर्थन में कांकेर जिला में चलेगा हस्ताक्षर अभियान : जगदीश नेताम वीरेंद्र ठाकुर

—आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आहान पर भगवान श्री राम मंदिर के चढ़ावे में कथित वित्तीय अनीयताओं के आरोपों की निपक्ष एवं स्वतंत्र जांच की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है इसी क्रम में कांकेर जिला में भी यह अभियान संचालित किया जाएगा आम आदमी पार्टी ब्लॉक अध्यक्ष नरहरपुर जगदीश नेताम ने कहा कि भगवान श्री राम करोड़ों भारतीयों की आस्था के केंद्र है। उनके नाम पर देशभर के श्रद्धालुओ अर्पित किया गया प्रत्येक रुपया पूरी पार दर्शित। और ईमानदारी से उपयोग होना चाहिए आदि चढ़ावे के उपयोग को लेकर किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार सामने आते हैं तो उनकी निपक्ष जांच करना सरकार की जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का उद्देश्य किसी के धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाना नहीं बल्कि करोड़ों राम भक्तों की आस्था और विश्वास की रक्षा करना है। जो लोग भगवान श्री राम के नाम पर चढ़ाया गया धन देते हैं उन्हें यहां जानने का पूरा अधिकार है की उसका उपयोग किस प्रकार किया गया।आम आदमी पार्टी के कोषाध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि इस अभियान के तहत आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता कांकेर जिला के विभिन्न ब्लॉक पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में जाकर आम नागरिकों और राम भक्तों से संपर्क करेंगे तथा प्रधानमंत्री के नाम लिखी चिट्ठी के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार से मांग की जाएगी की पूरे मामले की निरपेक्ष जांच कराई जाए तथा यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए उन्होंने जिले के सभी पदाधिकारीयों कार्यकर्ताओं समर्थकों एवं आम नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अधिक से अधिक लोगों का समर्थन जुटाने की अपील की उन्होंने कहा कि आस्था का सम्मान तभी सुरक्षित रहेगा जब निपक्ष और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
————————
नोट:- कांकेर जिले में दिनभर लगातार कल से हो रही है,बारिश। इसी तरह बारिश जारी रही तो आगे महानदी में जल स्तर बढेगी।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






