———————–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
14 जुलाई 2026 मंगलवार
✍️मनोज जायसवाल
———————–
✍️
01. तालाकुर्रा धान खरीदी मामले में खरीदी केंद्र प्रभारी, कम्प्यूटर ऑपरेटर व बारदाना प्रभारी के विरूद्ध एफआईआर दर्ज।
— खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान धान खरीदी मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई है। खाद्य अधिकारी कांकेर से मिली जानकारी के अनुसार कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार खाद्य सहकारिता एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारी-कर्मचारियों की संयुक्त टीम का गठन किया गया था। संयुक्त जांच दल द्वारा आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मरकाटोला के अंतर्गत उपार्जन केंद्र तालाकुर्रा का भौतिक सत्यापन करने पर 3692.68 क्विंटल धान की कमी पाए जाने के कारण प्रबंधक आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मरकाटोला द्वारा धान खरीदी केंद्र तालाकुर्रा के खरीदी केंद्र प्रभारी, कम्प्यूटर ऑपरेटर और बारदाना प्रभारी के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराया गया है।
———————-
✍️ 02.मृत्यु के 08 प्रकरणों में 32 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत।
— कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा सर्प काटने, नदी में बहने व डबरी/तालाब में डूबने से मृत्यु होने के 08 प्रकरणों में मृतकों के निकटतम आश्रितों के लिए चार-चार लाख रूपए की मान से 32 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत किए गए हैं। भानुप्रतापपुर तहसील अंतर्गत ग्राम सेलेगोंदी निवासी 32 वर्षीय श्रीमती दिव्या खड़हा की सर्प काटने से मृत्यु होने के प्रकरण उसके निकटतम आश्रित चेतन राम खड़हा, लतिका और हितिका के लिए चार लाख रूपए तथा ग्राम ईरागांव निवासी 54 वर्षीय ज्योतिषराम कोरेटी की तालाब में डूबने से मृत्यु होने के प्रकरण उनकी पत्नी मनसारो बाई के लिए चार लाख रूपए स्वीकृत किए गए हैं। इसी प्रकार पखांजूर तहसील अंतर्गत ग्राम बड़ेकापसी निवासी 47 वर्षीय जूगो बाई की मृत्यु तालाब में डूबने से होने पर निकटतम आश्रित अमरसिंह उसेंडी के लिए चार लाख रूपए, ग्राम मासूर निवासी 40 वर्षीय सगनी गावड़े की सर्प काटने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम परिजन राजबाबू गावड़े के लिए चार लाख रूपए तथा ग्राम पी.व्ही. 21 दुर्गापुर निवासी 59 वर्षीय जगबंधु ब्रम्हा की सर्प काटने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके पुत्र भीमब्रम्हा के लिए चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार दुर्गूकोंदल तहसील के ग्राम मिन्दोड़ा निवासी 34 वर्षीय मनिक लाल की सर्प काटने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनकी पत्नी श्रीमती अनोतिन मण्डावी के लिए चार लाख रूपए, चारामा तहसील के ग्राम बाड़ाटोला निवासी 79 वर्षीय खोरिन बाई की सर्प काटने से मृत्यु होने के कारण उनके निकटतम परिजन पवारी बाई के लिए चार लाख रूपए तथा अंतागढ़ तहसील के ग्राम पाढरगांव निवासी 28 वर्षीय नैमेश्वर बाकड़ा की नदी में बहने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम परिजन आनन्द राम बाकड़ा के लिए चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत किए गए हैं। स्वीकृत सहायता राशि का भुगतान संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार के माध्यम से हितग्राही को किया जाएगा।
———————
✍️ 03. प्रदेश में कृषि विकास अधिकारियों एवं बीज, उर्वरक तथा कीटनाशी निरीक्षकों के आंदोलन के चलते कृषि आदानों की निगरानी व्यवस्था लगभग ठप पड़ गई है

—खरीफ सीजन के चरम समय में निरीक्षण, नमूना परीक्षण, स्टॉक सत्यापन एवं विक्रय केंद्रों की जांच प्रभावित होने से किसानों के हितों पर गंभीर संकट उत्पन्न होने की आशंका है।
वर्तमान में जिले सहित पूरे प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में उर्वरक, बीज एवं कीटनाशी की मांग बढ़ी हुई है। ऐसी स्थिति में नियमित जांच नहीं होने से निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर विक्रय, स्टॉक छिपाकर रखने, अमानक सामग्री के विक्रय तथा अन्य अनियमितताओं की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। निरीक्षण नहीं होने से असामाजिक एवं लाभ कमाने वाले तत्वों को अवसर मिलने की आशंका व्यक्त की जा रही है।कृषि विभाग के निरीक्षक ही उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985, बीज अधिनियम 1966एवं कीटनाशी अधिनियम 1968 के प्रावधानों के अंतर्गत जांच, नमूना संग्रहण तथा वैधानिक कार्यवाही के लिए अधिकृत होते हैं। बिना निरीक्षक के कार्यवाही शून्य मानी जाती है पूरे राज्य में लगभग 250 निरीक्षक विभिन्न विकासखंड में तैनात है उनके आंदोलन में जाने के कारण इन व्यवस्थाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जिसका सीधा असर किसानों पर पड़ सकता है।प्रदेश के किसानों की आजीविका कृषि पर निर्भर है। यदि समय पर गुणवत्तायुक्त बीज, उर्वरक एवं कीटनाशी उपलब्ध नहीं हुए अथवा अनियमितताओं पर नियंत्रण नहीं रहा तो इसका प्रभाव फसल उत्पादन, उत्पादकता तथा किसानों की आर्थिक स्थिति पर पड़ सकता है।अतः शासन एवं कृषि विभाग से मांग की जाती है कि कृषि अधिकारियों की लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर आंदोलन का समाधान किया जाये ताकि किसानों के हितों की रक्षा हो सके और कृषि आदानों की आपूर्ति एवं गुणवत्ता पर प्रभावी नियंत्रण बना रहे।
————————
✍️ 04. सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण एवं साइबर इंटेलिजेंस की मदद से अंतजिला मंदिर चोरी का शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने मे कांकेर पुलिस को मिली महत्वपुर्ण सफलता । जिला कांकेर, धमतरी एवं बस्तर के विभिन्न मंदिरों में लगातार चोरी करने वाले आदतन अपराधी को कांकेर पुलिस द्वारा किया गया गिरफ्तार पुलिस की सतत तकनीकी निगरानी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के चलते अंतरजिला चोरी की श्रृंखला का हुआ पर्दाफाश ।
—पुलिस जानकारी के अनुसार मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार हैै कि दिनांक 09.07.2026 को प्रार्थी निपेन्द्र कुमार सिंह ठाकुर पिता स्व. छबीलाल सिंह ठाकुर, उम्र 66 वर्ष थाना कांकेर उपस्थित आकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि कि वह श्रीश्री बडे़ शीतला माता मंदिर (रियासात कालिन) कलेक्ट्रेट रोड कांकेर समिति का अध्यक्ष है। कि दिनांक 08.07.2026 के देर रात्रि लगभग 12ः30 बजे से 05ः30 के मध्य मंदिर में रखे सामान 01 शीतलामाता के मंदिर में पहने मुकुट जिसकी चौडाई लम्बाई लगभग 01 फिट वजन लगभग 200 ग्राम किमती 55000/- हजार रूपये 02. चांदी का छत्र 03 नग बडा, 03 नग छोटा कुल 06 नग जिसकी वजन लगभग 250 ग्राम किमती लगभग 62000/- हजार रूपये 03. सोने का मंगलसुत्र गुंथा हुआ वजन लगभग 05 ग्राम किमती लगभग 75000/- हजार रूपये, 04, 01 नग सोने का नथ वजन लगभग 03 ग्राम किमती लगभग 45000/- हजार रूपये दानपेटी में रखा हुआ रकम लगभग 10000/- हजार रूपये जुमला रकम 247000/- ( दो लाख सैतालिस हजार रूपये ) को अज्ञात चोर के द्वारा चोरी कर ले गया अतः उक्त अज्ञात आरोपी चोर के खिलाफ सक्त कार्यवाही करने का कृपा करें के लिखित आवेदन पर थाना कांकेर के अप.क्र.-234/2026 धारा 331-234/2026 धारा 331(4), 305(ए) पंजीबद्व कर विवेचना मे लिया गया । पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री निखिल अशोक कुमार राख्ेाचा के द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए मंदिरो मे हुए चोरी के आरोपी का यथाशीघ्र पतासाजी एंव मालमशरूका की बरामदगी हेतु दिश् ा निर्देश दिए गए। उक्त तारतम्य मे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू एवं एसडीओपी मोहसीन खान के मार्गदर्षन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर) दिनेश कुमार सिन्हा के नेतृत्व मे साइबर सेल कांकेर एंव थाना कांकेर एक विशेष टीम तैयार कर जिला कांकेर में विगत दिनों विभिन्न मंदिरों में दानपेटियों एवं देवी-देवताओं के आभूषणों की लगातार हो रही चोरी की घटनाओं बहुआयामी जांच प्रारंभ की गई। गठित टीम द्वारा घटनास्थलों का वैज्ञानिक निरीक्षण कर उपलब्ध भौतिक साक्ष्यों का संकलन किया गया। विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण, संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों का तकनीकी परीक्षण, डिजिटल ट्रेल की जांच से प्राप्त सूचनाओं के समन्वित विश्लेषण के आधार पर आरोपी की आवाजाही एवं गतिविधियों का सफलतापूर्वक पता लगाया गया। लगातार तकनीकी निगरानी एवं फील्ड इंटेलिजेंस के संयुक्त प्रयासों के आधार पर आरोपी की पतासाजी एवं गिरफ्तार हेतु पृथक पृथक रायपुर, कोण्डागांव एवं जगदलपुर टीम रवाना की गई थी जो आरोपी हरेद्र गुप्ता पिता दिनेश गुप्ता उम्र 20 वर्ष साकिन कोण्डागांव नहर पारा थाना व जिला कोण्डागांव की पहचान सुनिश्चित करते हुए उसे जगदलपुर से गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी हरेन्द्र गुप्ता (20 वर्ष), निवासी कोंडागांव ने स्वीकार किया कि वह आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से विभिन्न जिलों में बसों के माध्यम से भ्रमण कर मंदिरों की रेकी करता था तथा रात्रि के समय सुनसान मंदिरों को निशाना बनाकर दानपेटी की नकदी एवं देवी-देवताओं के चांदी के आभूषण चोरी करता था। आरोपी ने बताया कि वह सुरक्षा व्यवस्था एवं सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता का पहले निरीक्षण करता था तथा उसी आधार पर वारदात को अंजाम देता था। उसने बताया कि पूर्व में जिला धमतरी के भखारा एंव कुरूद के मंदिरो मे भी चोरी की वारदात की थी। इसके पश्चात जगदलपुर के हनुमान मंदिर, आसना स्थित राधा-कृष्ण मंदिर की दानपेटियों से नकदी चोरी की तथा एक सैलून दुकान का शटर तोड़कर मोबाइल भी चोरी किया। इसके बाद फरसगांव होते हुए कांकेर पहुंचकर विभिन्न मंदिरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। दिनांक 08-09 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि में आरोपी ने कांकेर स्थित शीतला माता मंदिर का ताला तोड़कर दानपेटी से नकदी एवं माता के चांदी के मुकुट, करधन, पायल, मंगलसूत्र, बिछिया, नयन, छत्र सहित अन्य धार्मिक आभूषण चोरी किए। इसके बाद समीप स्थित शनि मंदिर एवं शिव मंदिर की दानपेटियों से भी नकदी चोरी की। पुनः 11-12 जुलाई 2026 की रात्रि में राजापारा स्थित बालाजी मंदिर एवं उपर-नीचे रोड स्थित शिव मंदिर से भी चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि चोरी की नकदी का उपयोग उसने यात्रा, भोजन एवं जुए में कर दिया। चोरी किए गए चांदी के आभूषणों को बेचने के लिए रायपुर के विभिन्न सराफा प्रतिष्ठानों में प्रयास किया, किन्तु दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के कारण सफल नहीं हो सका। जिससे चोरी के आभूषण को खपाने के लिए पहले गीदम गया फिर बाद मे जगदलपुर आया जहा साइबर सेल कांकेर एंव साइबर सेल जगदलपुर के संयुक्त टीम के द्वारा आरोपी को माल मषरूका समेत दबोचा गया। पूरे प्रकरण में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल सर्विलांस से प्राप्त सूचनाओं एवं पारंपरिक पुलिसिंग के प्रभावी समन्वय से आरोपी तक पहुंचने में सफलता प्राप्त हुई। वैज्ञानिक अनुसंधान एवं आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग से अंतरजिला चोरी की इस श्रृंखला का सफल खुलासा करने मे सफलता प्राप्त हुई है । संपूर्ण कार्यवाही मे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर) श्री दिनेश कुमार सिन्हा के नेतृत्व में निरीक्षक यषवंत श्याम, जितेन्द्र साहू उप निरीक्षक मनोरथ जोशी, स.उ.नि. भकेष पटेल, पुरूषोत्तम कतलाम प्र.आर. सचिन सोरी, सचिन सोरी, छेदन सोनकर, नारद देवंागन आर. रामरतन निषाद, भूपेश कुमार नेताम, जितेंद्र कुमार नाग, कृष्णा केसरी, दिनेश ध्रुव, हिमेश्वर मण्डावी, छत्रेस जैन, ज्ञानचंद ठाकुर जगदलपुर साइबर टीम से उप.निरी. प्रमोद सिंह ठाकुर, अमित सिदार प्र.आर. विनोद चँादने, धर्मेंद कंवर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
————————
✍️ 05. उजियारा अभियान के तहत कांकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 35 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार स्कूटी से अवैध महुआ शराब का परिवहन करते हुए दो आरोपियों को किया गिरफ्तार। आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक कार्रवाई की गई।
— पुलिस जानकारी के अनुसार मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार हैै कि निखिल अशोक कुमार राखेचा, पुलिस अधीक्षक, उत्तर बस्तर कांकेर के निर्देशन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में जिले में संचालित “उजियारा अभियान” के अंतर्गत अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।इसी क्रम में 14 जुलाई 2026 को थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति ग्रे रंग की स्कूटी क्रमांक CG 19 BS 3488 में अवैध महुआ शराब लेकर पुराना बस स्टैंड से मस्जिद चौक की ओर जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल प्रधान आरक्षक शेख शरीफ सिद्दीकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पुराना बस स्टैंड स्थित पान दुकान के पास घेराबंदी कर स्कूटी को रोका। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम कृष्ण कुमार यादव (31 वर्ष), निवासी सुभाष वार्ड कांकेर एवं पुनित चंद्रवंशी (23 वर्ष), निवासी एम.जी. वार्ड कांकेर बताया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 07 जरीकेन में कुल 35 लीटर देशी महुआ शराब (कीमत लगभग ₹3,500) तथा परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG 19 BS 3488 बरामद की गई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 238/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
————————
✍️0.6 कांकेर विधायक आशा राम नेताम का अपने खेतों में धान रोपाई करते फोटो वायरल।

————————
✍️07.शासकीय कार्यालयों में प्री-पेड बिलिंग व्यवस्था एक अगस्त से
-राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में प्री-पेड स्मार्ट मीटर की स्थापना कर प्री-पेड बिलिंग की व्यवस्था शुरू की जा रही है, जिसके तहत आगामी 01 अगस्त से दो चरणों में प्री-पेड स्मार्ट मीटर स्थापित किए जाएंगे। आगामी 01 अगस्त से प्रथम चरण के तहत विकासखण्ड (ब्लॉक) एवं उच्च स्तर तक के सभी शासकीय कार्यालयों में बिजली की प्री-पेड व्यवस्था अनिवार्य रूप से शुरू हो जाएगी। इसके बाद द्वितीय चरण में इससे निचले स्तर के कार्यालयों को जोड़ा जायेगा।
————————
✍️08.सेवा सेतु पोर्टल के तहत राशन कार्ड बनाने व विलोपित करने की सुविधा अब सीएसस सेंटर में।
– राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम के तहत शासकीय कार्य को अधिक पारदर्शी व सुलभ बनाने के उद्देश्य से सेवा सेतु (ई-डिस्ट्रिक्ट) पोर्टल प्रारंभ किया गया है, जिसके तहत लगभग 240 से अधिक सेवाओं को शामिल किया गया है। इसी क्रम में सार्वजनिक वितरण प्रणाली तथा छत्तीसगढ़ खाद्य एवं पोषण सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत नवीन राशन कार्ड बनाने तथा विलोपित करने जैसी सेवाएं प्रारंभ की गई हैं। लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर राशन कार्ड बनाने, सदस्य जोड़ने तथा विलोपित करने का कार्य सेवा सेतु पोर्टल में शामिल किया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार चिप्स द्वारा राशन कार्ड बनाने, सदस्य जोड़ने तथा विलोपित करने संबंधी ऑनलाइन आवेदन करने का प्रावधान लोक सेवा केन्द्रों के साथ-साथ स्थानीय निकायों एवं आम नागरिकों को सेवा सेतु पोर्टल sewasetu.cgstate.gov.in के माध्यम से उपलब्ध कराया गया है। ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर ने बताया कि जिले के सभी नगरीय निकायों एवं ब्लॉक मुख्यालयों में उपरोक्त पोर्टल के माध्यम से नवीन राशन कार्ड बनाने, सदस्य जोड़ने तथा विलोपित करने हेतु ऑनलाईन आवेदन पत्र किया जा रहा है। ऑनलाईन आवेदन प्राप्त होने के उपरांत प्राधिकृत सत्यापन अधिकारी द्वारा उनका परीक्षण कर सत्यापन किया जाएगा तथा उनकी अनुशंसा पर पोर्टल में ऑनलाइन दर्ज कर डिजिटल हस्ताक्षर के उपरांत स्वीकृतकर्ता अधिकारी को अग्रेषित किया जाएगा। इसके पश्चात स्वीकृतकर्ता अधिकारी द्वारा आवेदन पत्र में दर्ज जानकारी व अपलोड किए गए दस्तावेजों का नियमानुसार परीक्षण व सत्यापन कर राशन कार्ड जारी करने की स्वीकृति दी जाएगी। इस तरह सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से अब ब्लॉक एवं पंचायत स्तरों पर भी राशन कार्ड संबंधी आवेदन प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही हेतु उच्च सक्षम कार्यालय को अग्रेषित किया जा सकेगा।
————————
✍️09.जिला स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन 16 जुलाई को।
-जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कोड़ेजुंगा कांकेर में एक दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन 16 जुलाई को सुबह 11 से अपरान्ह 03 बजे तक किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा 185 रिक्तियों के आधार पर भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी श्री बी.आर. ठाकुर ने बताया कि उक्त प्लेसमेंट कैम्प में फील्ड ऑफिसर के 30 पद, सिक्युरिटी गार्ड के 50 पद, फायरमैन के 20, फुड पैकिंग के 25, वाहन चालक हैवी के 10 और होम केयर के 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि इच्छुक आवेदक उक्त प्लेसमेंट कैम्प में उपस्थित होकर अथवा ई-रोजगार के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन https://erojgar.cg.gov.in/ पर अपना सम्पूर्ण बायोडाटा के साथ आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियोक्ता द्वारा प्राथमिक चयन कर साक्षात्कार लिया जाएगा, जिसकी सूचना पृथक से फोन के माध्यम से आवेदक को दी जाएगी।
———————–
✍️10. बारिश नहीं होने से आने वाले दिनों में हो सकती है,हाहाकार। गर्मी का प्रभाव बिजली व्यवस्था पर भी। बीती रात्रि उच्च शक्ति लाईन में खराबी आने से तकरीबन 2 घंटे बंद रही बिजली। चारामा लखनपुरी।क्षेत्र में लोग रहे परेशान।
-बारिश नहीं होने से आने वाले दिनों में हो सकती है,हाहाकार। गर्मी का प्रभाव बिजली व्यवस्था पर भी। बीती रात्रि उच्च शक्ति लाईन में खराबी आने से तकरीबन 2 घंटे बंद रही बिजली। चारामा लखनपुरी।क्षेत्र में लोग रहे परेशान रहे। बारिश नही होने के चलते किसानों के खेत सुख चुके हैं,जिन किसानों ने पहले पहल खर्री या लाईचोपी पद्वति से बुवाई किये थे,उन धान की पौध में अभी से तना छेदक का प्रकोप देखा जा सकता है,जिससे किसान धान की बाली आने के समय जुझता है। कुल मिलाकर किसान अकाल की आशंका जाहिर कर रहे हैं। इससे अनुमान लगाया जा सकता है,कि इस वर्ष खेती कैसे होगी? किसानों के कृषि पंप चालू हो जाने से लौ-वोल्टेज की समस्या भी गहरा गई है। पंखे,कुलर फिर चालू हो गए लेकिन धीमी गति के साथ। निस्तारी को प्रयोग होने वाले एक हार्स पंप भी जवाब देने लगे हैं। सेंटर गावों,नगरों में बारिश नहीं होने के चलते कृषि दवाई दुकान के साथ अन्य व्यवसाय पर भी मंदी का साया मंडरा रहा है। किसानों को फिर भी इंतजार है कि रथ यात्रा पर बदरा बरसेगा।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






