———————–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
08 जुलाई 2026 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
———————–
01.भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी का जन्म दिवस चारामा में पूरे धूमधाम से मनायी जाने की तैयारियां पूरी।

— कांग्रेस से भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी का जन्म दिवस चारामा में देर शाम पूरे धूमधाम से मनायी जाने की तैयारियां पूरी कर ली गई है। ब्लाक कांग्रेस कमेटी चारामा के अध्यक्ष हिरवेंद्र साहू ने सशक्त पथ संवाद कांकेर टॉप 10 को बताया कि कल 09 जुलाई को क्षेत्र के ग्राम हल्बा में अपरान्ह 11 बजे हल्बा में आदिवासी कन्या छात्रावास में वे छात्राओं के बीच जन्म दिवस केक काटेंगी और सभी से रूबरू होंगी वहीं देर शाम निवास कार्यालय में विधानसभा के पार्टी पदाधिकारियों,कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों के बीच जन्मदिवस का केक काटेंगी। इस हेतु अत्यावश्यक तैयारियां कर ली गई है। पार्टी के कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है।
———————-
02.चौकी हल्बा अंतर्गत शास. उच्च. माध्य. विद्यालय शाहवाड़ा में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा व साइबर क्राइम से सम्बन्धित जानकारी दी गई।
— आज 08 जुलाई को यातायात जागरूकता कार्यक्रम अंतर्गत निखिल राखेचा पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशानुसार, आकाश श्रीश्री माल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर तथा योगेश साहू, अतिरिक्त पुलिस कांकेर के मार्गदर्शन में डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, उप पुलिस अधीक्षक के पर्यावेक्षण मे दीपक साव, रक्षित निरीक्षक यातायात प्रभारी कांकेर एवं यातायात बल कांकेर के द्वारा जिले में संचालित चौकी हल्बा अंतर्गत शास.उच्च. माध्य. विद्यालय शाहवाड़ा में छात्र-छात्राओं को यातायात जागरूकता सम्बंधी क्लास लिया गया। बच्चों को यातायात नियमों का पूर्णरूप से पालन करने, रोड़ पर चलने के तरीके, साइन बोर्ड के माध्यम से सड़कें हमसे कैसे बातें करती है, सिग्नल लाइट्स के बारे मे पूरी जानकारी, हेलमेट उपयोग करने से क्या फायदे-नुकसान है, सीट बेल्ट उपयोग करने, ओव्हर स्पीड नहीं चलने, शराब सेवन कर वाहन नहीं चलाने, यातायात नियम का पालन नहीं करने से कैसे सड़क दुर्घटना होती है इत्यादि प्रोजेक्टर के माध्यम से वीडियो दिखाकर छात्रों को समझाया गया। साथ ही सड़क दुर्घटनाओ में घायल व्यक्ति को समय रहते अस्पताल पहुंचने पर राहवीर योजना के अंतर्गत अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को शासन की ओर से 25000/- की राशि दिया जाना है बताया गया. इससे यह होगा की अब जब कोई दुर्घटना होंगी तो एम्बुलेंस व पुलिस का इंतजार किये बिना घायल को अस्पताल पहुंचाकर जान बचायी जा सकती है. साथ ही महिला रक्षा टीम द्वारा स्कूली बच्चों को बाल अपराध, महिला संबंधी अपराध, गुड टच बेड टच के बारे व अभिव्यक्ति ऐप के बारे मे बताया गया साथ ही साइबर क्राइम के बारे में भी छात्र-छात्राओं को जानकारी दी गयी, इस दौरान स्कूल की प्राचार्य समेत शिक्षकगण व लगभग 200 स्कूली छात्र/ छात्राएं लाभान्वित हुए।
———————
03. उजियारा अभियान के तहत अवैध महुआ शराब बिक्री पर थाना अंतागढ़ पुलिस की प्रभावी कार्यवाही। दो मामलों में 20 लीटर देशी महुआ शराब के साथ एक महिला आरोपी सहित 01आरोपी गिरफ्तार।आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) व 34(1)( क) के तहत प्रकरण दर्ज।

—पुलिस जानकारी अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि पुलिस अधीक्षक, कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आशीष बंछोर कांकेर के मार्गदर्शन व अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में जिले में संचालित “उजियारा अभियान” के अंतर्गत अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।इसी क्रम में दिनांक 07.07.2026 को थाना अंतागढ़ पुलिस के द्वारा मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी अंतागढ़ के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर गढ़पारा अंतागढ़ व पोंडगाँव में पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई। आरोपी उमेश कुमार निषाद निवासी गढ़पारा अंतागढ़ के कब्जे से प्लास्टिक जरीकेन में 04 लीटर अवैध हाथ भट्ठी देशी महुआ शराब, एवं शराब बिक्री रकम 100 रुपये तथा श्रीमति सुषमा नरेटी निवासी पोड़गांव के कब्जे से प्लास्टिक जरीकेन में 16 लीटर अवैध हाथ भट्ठी महुआ शराब कीमत 1600रुपये बरामद की गई।
————————
04. मुख्यमंत्री उत्कर्ष योजना चयन परीक्षा का परिणाम जारी दावा-आपत्ति 09 जुलाई तक।
— मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा का आयोजन गत 05 जुलाई रविवार को आयोजित की गई थी, प्रयास जिसका परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है, जिसे कांकेर जिले की वेबसाइट kanker.gov.in अपलोड किया गया है। जारी परीक्षा परिणाम सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय एवं संबंधित आश्रम-छात्रावास अधीक्षकों के पास देखा जा सकता है। उक्त परीक्षा परिणाम की सूची के संबंध में यदि किसी अभ्यर्थी को पर दावा-आपत्ति प्रस्तुत करना हो तो वे 09 जुलाई शाम 05 बजे तक सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय कांकेर में अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। प्राप्त दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद अंतिम मेरिट सूची 11 जुलाई को जारी किया जाएगा तथा जिला स्तरीय काउंसिलिंग समिति द्वारा चयनित विद्यार्थियों की काउंसिलिंग 14 जुलाई को की जाएगी।
————————
05. शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला टिकरापारा-राजापारा के प्रवेश उत्सव में नव प्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर किया स्वागत, पुस्तक, गणवेश वितरण के साथ कराया गया न्योता भोज।

—शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला टिकरापारा-राजापारा, कांकेर में नवीन शिक्षा सत्र के शुभारंभ पर प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश वितरित किए गए तथा मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर आयोजित न्योता भोज में बच्चों, पालकों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।कार्यक्रम का आयोजन संकुल समन्वयक रोमन जैन के नेतृत्व में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वार्ड पार्षद आनंद चौरसिया ने कहा कि “हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

पालकों को चाहिए कि वे बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, क्योंकि शिक्षा ही उनके उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।”विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनिता देहारी ने कहा कि “प्रवेश उत्सव का उद्देश्य बच्चों में विद्यालय के प्रति अपनापन, उत्साह और सीखने की रुचि विकसित करना है। हमारा विद्यालय प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।”कार्यक्रम में वार्ड पार्षद आनंद चौरसिया, प्रधानाध्यापिका अनिता देहारी, शिक्षक राजेश ठाकुर, दुर्गा वर्मा, सिंधु श्रीवास्तव, प्रिया वर्मा, टीनू चंदवानी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, पालकगण, वार्डवासी एवं रसोइयों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
————————
06.प्रबंधकारिणी समिति की बैठक में पंचवर्षीय तथा वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने कलेक्टर ने दिए निर्देश

— जिला खनिज संस्थान न्यास निधि प्रबंधकारिणी समिति की बैठक कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसके तहत स्वीकृत निर्माणाधीन कार्यों तथा अपूर्ण कार्यों की समीक्षा की गई। इसके अलावा पंचवर्षीय एवं वार्षिक निर्माण कार्यों की कार्ययोजना तैयार किए जाने के संबंध में विभागों से प्राप्त प्रस्तावों पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने बैठक में स्पष्ट रूप से कहा कि जो कार्य लंबित हैं तथा अब तक प्रारंभ नहीं हो पाए हैं, उन्हें निरस्त कर राशि वापस जमा कराएं। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह 11.30 बजे से आयोजित प्रबंधकारिणी समिति की बैठक में कलेक्टर ने विभागवार स्वीकृत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने ऐसे स्वीकृत कार्य जो अब तक प्रारंभ नहीं हो पाए हैं, पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्हें निरस्त करने तथा आबंटित राशि वापस जमा कराने के लिए जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी को निर्देशित किया। कलेक्टर ने डीएमएफ मद से जिले में स्वीकृत निर्माण एवं विकास कार्यों की वर्षवार एवं विभागवार आबंटित राशि के व्यय और निर्माण कार्य की स्थिति की जानकारी ली। इसके अलावा बैठक में पंचवर्षीय एवं वार्षिक निर्माण कार्यों के विभाग द्वारा तैयार की गई कार्ययोजना एवं प्राप्त प्रस्तावों पर चर्चा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
————————
07. ‘ डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार’ हेतु 31 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित।
– कृषि विभाग द्वारा वर्ष 2026 हेतु ‘डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार’ हेतु कृषकों से 31 जुलाई मे आवेदन आमंत्रित किया गया है। आवेदन पत्र प्रोजेक्ट डायरेक्टर आत्मा सह उप संचालक कृषि कार्यालय कांकेर से निःशुल्क प्राप्त कर निर्धारित प्रपत्र में भरकर 31 जुलाई तक जमा कर सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। इस संबंध में विस्तृत जानकारी कृषि विभाग के वेबसाइट www.agriportal.cg.nic.in पर उपलब्ध है।
————————
08.‘बिहान’ योजना से श्रीमती सविता साहू बनीं ‘लखपति दीदी’ चटिया मिल और मशरूम उत्पादन से आर्थिक रूप से हुई आत्मनिर्भर

— जिले में ‘बिहान’ राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी कई महिलाएं विभिन्न व्यवसायिक गतिविधियों से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। सालाना 01 लाख रूपए से अधिक की आय अर्जित कर ‘लखपति दीदी’ बन रही हैं, इससे उन्हें सम्मानजनक पहचान मिल रही है।विकासखण्ड कांकेर के ग्राम सिदेसर निवासी श्रीमती सविता साहू आज ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की मिसाल बन चुकी हैं। महानदी महिला क्लस्टर संगठन माकड़ीखूना के अंतर्गत संचालित गायत्री स्व सहायता समूह की सदस्य सविता साहू ने बिहान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर अपने जीवन को नई दिशा दी है। सविता साहू ने बताया कि समूह में जुड़ने से पहले उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर थी। परिवार का खर्च चलाना, बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करना कठिन था। स्वयं का व्यवसाय शुरू करने की इच्छा होने के बावजूद आर्थिक संसाधनों की कमी थी।श्रीमती सविता साहू ने बताया कि बिहान योजना के बारे में जानकारी मिलने पर गायत्री स्व सहायता समूह से जुड़कर सदस्यता ग्रहण की। समूह में नियमित बचत और बैठकों के माध्यम से उन्हें आर्थिक सहयोग मिलने लगा। बिहान योजनांतर्गत चक्रीय निधि, प्रोत्साहन स्वरूप राशि भी प्राप्त हुआ तथा आजीविका गतिविधियों के लिए 60 हजार रुपये की सामुदायिक निवेश राशि का लाभ मिला। बैंक से लेन-देन करना भी सीख गई। समय-समय पर बिहान के बीपीएम, एसी एवं पीआरपी के मार्गदर्शन से उनका आत्मविश्वास बढ़ा। बैंक से मुद्रा ऋण प्राप्त करने में भी बिहान की टीम ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। बिहान के मार्गदर्शन में सविता साहू ने चटिया मिल एवं मशरूम उत्पादन का व्यवसाय शुरू किया। उनके इस उद्यम से वर्ष 2024-25 में लगभग 03 लाख रुपये की वार्षिक आय प्राप्त हुई, जबकि वर्ष 2025-26 में 01 लाख 21 हजार रूपए अर्जित कर अपने व्यवसाय का विस्तार कर रही है। आज सविता साहू न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर चुकी हैं, बल्कि अन्य ग्रामीण महिलाओं को भी स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
————————
09.सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर की प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई को, नोडल अधिकारी नियुक्त, परीक्षा में 1,908 परीक्षार्थी होंगे शामिल।
— छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग रायपुर द्वारा सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग, प्लाटून कमांडर की प्रारंभिक परीक्षा-2024 का आयोजन 12 जुलाई दिन रविवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किया जाएगा। उक्त परीक्षा में लगभग 1,908 परीक्षार्थी शामिल होंगे।कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा परीक्षा के सफल संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आस्था बोरकर को नोडल अधिकारी तथा सहायक संचालक शिक्षा श्री दुर्गेश शोरी को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। परीक्षा के लिए शहर के शासकीय भानुप्रतापदेव स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर, शासकीय इंदरू केंवट कन्या कॉलेज भीरावाही अलबेलापारा कांकेर, शासकीय पीएमश्री नरहरदेव हायर सेकेंडरी स्कूल कांकेर, शासकीय कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल लट्टीपारा, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) उदय नगर, नरहरदेव हाई स्कूल के पीछे और शासकीय महिला आईटीआई कांकेर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
———————–
10.कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई गड़बड़ी करने वाले 4 दुकानों के विक्रय पर लगा प्रतिबंध ।

— नकली कृषि अदान सामाग्री और अमानक बीज कीटनाशकों रसायन की बिक्री पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से प्रशासन ने कृषि विभाग की टीम को बड़े पैमाने पर छापेमार कार्रवाई के निर्देश दिए है जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित संयुक्त टीमों ने पखांजुर के 4 कृषि प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान 4 दुकानों में गंभीर अनिमियता पाए जाने पर तत्काल विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया पखांजुर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी नवलू राम नेताम , एवं खाद बीज कीटनाशक रसायन निरीक्षक अनिमेश गावड़े द्वारा ग्राम बड़गांव के निजी बीज दुकानों का निरीक्षण किया गया जिसमें मेसर्स जायसवाल कृषि केंद्र, बाला कृषि केंद्र, दास कृषि केंद्र, माही कृषि केंद्र, का निरीक्षण किया गया जिसमें मेसर्स जायसवाल कृषि केंद्र द्वारा बीज लाइसेंस वैधता समाप्त होने के बाद बीज का व्यापार किया जा रहा था जिसे विक्रय प्रतिबंधित किया गया तथा बाला कृषि केंद्र, दास कृषि केंद्र, माही कृषि केंद्र के द्वारा बीज लाइसेंस में स्रोत प्रमाण पत्र संलग्न किए बिना बीज का भंडारण किया गया था जिसे विक्रय प्रतिबंधित किया गया तथा सभी संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने हेतु कहा गया संतोषजनक लिखित जवाब नहीं पाए जाने पर सम्बंधित प्रतिष्ठानों ऊपर खाद बीज रसायन उर्वरक विक्रय अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






