———————–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
07 जुलाई 2026 मंगलवार
✍️मनोज जायसवाल
———————–
01.जेपरा(चारामा)में शाला प्रवेशोत्सव अवसर पर वृक्षारोपण के साथ छात्राओं को सायकल वितरण किया गया।
— जिले के चारामा विकासखंड के ग्राम पंचायत जेपरा स्थित स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में वृक्षारोपण, शाला प्रवेश उत्सव और साइकिल वितरण का कार्यक्रम एक साथ भव्य रूप से मनाया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण से हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत चारामा की सभापति श्रीमती रेणुका सिन्हा और विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत कांकेर की सभापति श्रीमती तेजेश्वरी सिन्हा उपस्थित रहीं।कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत जेपरा के सरपंच ने की। इस अवसर पर वन मंडल अधिकारी एसडीओ श्री माड़वी, कन्हैया लाल घरत, रामकुमार रॉयस्त , राजेंद्र साल सहित समस्त वन मंडल चारामा स्टाफ मौजूद रहा। नये सत्र में प्रवेश लेने वाले नन्हे बच्चों का तिलक लगाकर शाला प्रवेश उत्सव मनाया गया। वहीं, दूर-दराज से आने वाली छात्राओं को पढ़ाई में सुविधा हो, इसके लिए साइकिलें वितरित की गईं।कार्यक्रम में समस्त शाला परिवार, ग्रामवासी और आसपास के क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर इसे यादगार बना दिया।
———————-
02.सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष पर अंतागढ़ पुलिस के विविध जनजागरूकता कार्यक्रम संपन्न।

—कांकेर पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जिलेभर में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आशीष कुमार बंछोर, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी श्री शुभम तिवारी तथा थाना प्रभारी अंतागढ़ श्री प्रहलाद यादव के मार्गदर्शन में दिनांक 06 एवं 07 जुलाई 2026 को थाना अंतागढ़ क्षेत्र में जनसहभागिता आधारित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं जनजागरूकता कार्यक्रम :- दिनांक 06 जुलाई 2026 को थाना अंतागढ़ परिसर में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के पेंशनरों, वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित कर उनका सम्मान किया गया । कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के वरिष्ठजनों के अनुभवों का सम्मान करते हुए उन्हें वर्तमान समय के महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों, साइबर सुरक्षा एवं नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता ,एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम सहित नए आपराधिक कानूनों की प्रमुख विशेषताओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने, डिजिटल भुगतान संबंधी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड एवं अन्य साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी देकर सतर्क रहने की अपील की गई। वृक्षारोपण के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से वृक्षारोपण किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्री राधेलाल नाग, पेंशनर समाज अंतागढ़ के अध्यक्ष श्री रामरतन शांडिल्य सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं लगभग 100 से अधिक नागरिक उपस्थित रहे। विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता एवं जागरूकता का संदेश :- दिनांक 07 जुलाई 2026 को थाना क्षेत्रांतर्गत एकलव्य आवासीय विद्यालय, लामकंहार (अंतागढ़) में विद्यार्थियों के लिए निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश” रखा गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से प्रेरित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, यातायात नियमों का पालन, वित्तीय सुरक्षा, गुड टच एवं बैड टच, नशे के दुष्प्रभाव, मानव तस्करी (ह्यूमन ट्रैफिकिंग), बच्चों से संबंधित नवीन कानूनों तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी प्रदान की गई। कांकेर पुलिस की अपील है कि— वरिष्ठ नागरिकों ,विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से कहा गया कि किसी भी प्रकार की वित्तीय धोखाधड़ी, साइबर अपराध अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल कांकेर पुलिस हेल्पलाइन 9479155125 में दें । पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि कांकेर पुलिस सदैव उनकी सुरक्षा एवं सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।
———————
03. उजियारा अभियान के तहत अवैध महुआ शराब बिक्री पर सिटी कोतवाली पुलिस की प्रभावी कार्यवाही।25 लीटर देशी महुआ शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार।जब्त शराब की अनुमानित कीमत 2,500 आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज।
—पुलिस जानकारी अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि- पुलिस अधीक्षक, उत्तर बस्तर कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू कांकेर के मार्गदर्शन व अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में जिले में संचालित “उजियारा अभियान” के अंतर्गत अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं अन्य आपराधिकगतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।इसी क्रम में दिनांक 07.07.2026 को थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सिंगारभाट स्थित संभव मोटर्स के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी महुआ शराब रखकर बिक्री हेतु ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना पर सहायक उपनिरीक्षक सोमेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई।पुलिस को देखकर शराब खरीदने आए कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि शराब बेच रहे रामेश कुमार मोर्य को मौके पर गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20 लीटर एवं 05 लीटर की प्लास्टिक जरीकेन में कुल 25 लीटर देशी महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2,500 है, बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपी:–रामेश कुमार मोर्य, पिता घसिया राम, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम मनकेशरी, थाना कांकेर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 230/2026 धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
————————
04. एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु काउंसलिंग तिथि में वृद्धि।
— एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में शिक्षण सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु काउंसलिंग तिथि में वृद्धि की गई है। ऐसे अभ्यर्थी जो पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 जून से 06 जुलाई के बीच किसी कारणवश काउंसलिंग में शामिल नहीं हुए हैं, इन अभ्यर्थियों के लिए अब 08 जुलाई एवं 09 जुलाई को ऑनलाइन काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त सुश्री जया मनु ने बताया कि काउंसलिंग से वंचित विद्यार्थी आवश्यक दस्तावेजों के साथ काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल होने जिले में संचालित किसी भी एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में उपस्थित हो सकते हैं।के अधिकारी-कर्मचारी तथा जिले के बड़ी संख्या में पारंपरिक वैद्य उपस्थित रहे।
————————
05. राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं एवं अवैध अतिक्रमण की रोकथाम हेतु जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति गठित।
—राष्ट्रीय राजमार्गों पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और अवैध अतिक्रमणों जैसी गंभीर समस्याओं की रोकथाम के लिए सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति का गठन किया गया है।जारी आदेशानुसार मॉनिटरिंग समिति के अध्यक्ष कलेक्टर कांकेर होंगे। समिति में पुलिस अधीक्षक कांकेर, वनमंडलाधिकारी (सामान्य) कांकेर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, परियोजन निदेशक भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण परियोजन कार्यान्वयन ईकाई अभनपुर मोनफोर्ड स्कूल भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण रायपुर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कांकेर, चारामा, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग कांकेर सदस्य तथा कार्यपालन अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग कोण्डागांव को सदस्य सचिव बनाया गया है। इसी प्रकार कार्यपालन अभियंता (संचा/संधा) छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड कांकेर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कांकेर, जिला परिवहन अधिकारी कांकेर तथा तहसीलदार कांकेर एवं चारामा समिति के सदस्य होंगे। उक्त समिति की बैठक प्रतिमाह के प्रथम समय-सीमा की समीक्षा बैठक के उपरांत आयोजित किया जाएगा।गौरतलब है कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा राष्ट्रीय राजमार्गों पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और अवैध अतिक्रमणों को लेकर स्वतः संज्ञान में लिया गया है तथा न्यायालय द्वारा विभिन्न बिन्दुओं पर दिशा निर्देश जारी किए गए हैं, जिसके तहत राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग पर रोक, निरीक्षण एवं शिकायत व्यवस्था, अतिक्रमण हटाना, लाइसेंस एवं एनओसी, जिला हाईवे सुरक्षा टास्क फोर्स, निगरानी एवं गश्त, आपातकालीन सहायता, ट्रक पार्किंग एवं विश्राम स्थल, ब्लैक स्पॉट की पहचान के साथ अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
————————
06. समर्थन मूल्य पर धान विक्रय हेतु कृषकों का नवीन पंजीयन 31 अक्टूबर तक, गत वर्ष 2025-26 में पंजीकृत किसानों को इस वर्ष 2026-27 के लिए पंजीकृत माना जाएगा
—खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए ऑनलाईन सोसायटी माड्यूल से 31 अक्टूबर 2026 तक नवीन पंजीयन तथा संशोधन करने के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है। विगत खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में पंजीकृत किसानों को आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए पंजीकृत माना जाएगा एवं इसके लिए विगत खरीफ वर्ष में पंजीकृत किसानों की दर्ज भूमि एवं धान के रकबे तथा खसरा को राजस्व विभाग के माध्यम से एग्रीस्टेक पंजीयन पोर्टल में अद्यतन करा लिया जाएगा।राज्य शासन द्वारा एग्रीस्टेक में कृषक पंजीयन कराने हेतु दिशा-निर्देश जारी किया गया है। जारी निर्देशानुसार खरीद कार्यों में पारदर्शिता में सुधार के लिए बायोमेट्रिक आधारित खरीदी प्रणाली गत वर्ष अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में भी लागू रहेगी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी हेतु कृषक पंजीयन के लिए खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में पंजीकृत किसानों को आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए पंजीकृत माना जाएगा एवं इसके लिए विगत खरीफ वर्ष 2025-26 में पंजीकृत किसानों की दर्ज भूमि एवं धान के रकबे एवं खसरे को राजस्व विभाग के माध्यम से एग्रीस्टेक पंजीयन पोर्टल से अद्यतन करा लिया जाए। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में उपार्जन केन्द्रों में धान विक्रय हेतु कृषकों के पास कृषि मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित एग्रीस्टेक पोर्टल के माध्यम से एग्रीस्टेक आईडी/फार्मर आईडी प्राप्त किया जाना अनिवार्य होगा। इस वर्ष कृषकों को कृषि विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के एकीकृत किसान पोर्टल में किसान पंजीयन किये जाने की आवश्यकता नहीं होगी।वन पट्टाधारी, डूबान, शासकीय पट्टेदार, कोटवार, संस्थागत कृषकों को भी धान विक्रय किये जाने हेतु एग्रीस्टेक में पंजीयन किया जाना अनिवार्य होगा। ऐसे कृषक जिन्होंने विगत खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान विक्रय हेतु पंजीयन कराया था एवं जिनके पास एग्रीस्टेक फार्मर आईडी तथा किसान कोड उपलब्ध है, उन्हें पृथक से कोई नवीन पंजीयन कराए जाने की आवश्यकता नहीं होगी।खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में कृषक पंजीयन के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है, जिसके अनुसार नवीन किसान पंजीयन, विगत वर्ष से पंजीकृत कृषकों के खसरा मैपिंग, बैंक विवरण संशोधन, एग्रीस्टेक पोर्टल के अथोराईजेशन मॉड्यूल का प्रयोग कर अधिया, रेगहा हेतु नॉमिनी पंजीयन तथा वनाधिकार पट्टाधारी, डूबान कृषकों एवं संस्थागत का नवीन पंजीयन 01 जुलाई से 31 अक्टूबर तक किया जाएगा। इसी प्रकार नॉमिनी संशोधन 01 जुलाई से धान खरीदी की अवधि तक तथा डिजिटल क्राप सर्वे के माध्यम से फसल की प्रविष्टि 15 अगस्त से 31 अक्टूबर तक किया जाएगा।
————————
07. ‘ डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार’ हेतु 31 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित।
– कृषि विभाग द्वारा वर्ष 2026 हेतु ‘डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार’ हेतु कृषकों से 31 जुलाई मे आवेदन आमंत्रित किया गया है। आवेदन पत्र प्रोजेक्ट डायरेक्टर आत्मा सह उप संचालक कृषि कार्यालय कांकेर से निःशुल्क प्राप्त कर निर्धारित प्रपत्र में भरकर 31 जुलाई तक जमा कर सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। इस संबंध में विस्तृत जानकारी कृषि विभाग के वेबसाइट www.agriportal.cg.nic.in पर उपलब्ध है।
————————
08.धान खरीदी के लिए 31 अक्टूबर तक होगा नवीन पंजीयन, वनाधिकार पट्टाधारी व डूबान कृषकों का नवीन पंजीयन हेतु कम्पार्टमेन्ट नंबर, संस्था का रजिस्ट्रेशन नंबर प्रविष्टि खाद्य विभाग कार्यालय में होगा
— राज्य सरकार द्वारा लिए गए निर्णय अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए नवीन किसान पंजीयन, पंजीकृत किसानों का खसरा मैपिंग, बैंक विवरण संशोधन एग्रीस्टेक पोर्टल में अथोराईजेशन माड्यूल का प्रयोग कर अधिया, रेगहा हेतु नॉमिनी पंजीयन और वनाधिकार पट्टाधारी व डूबान कृषकों, संस्थागत, ट्रस्ट का नवीन पंजीयन 01 जुलाई से प्रारंभ होकर 31 अक्टूबर तक किया जाएगा। नॉमिनी संशोधन 01 जुलाई से धान खरीदी अवधि तक एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से फसल की प्रविष्टि 15 अगस्त से 31 अगस्त तक विभागीय वेबसाईट fcs.cg.gov.in के ऑनलाईन सोसायटी मॉड्यूल में किया जाएगा। गत वर्ष 2025-26 में पंजीकृत किसानों को वर्तमान वर्ष 2026-27 में पंजीकृत माना जाएगा।वर्तमान वर्ष 2026-27 में वनाधिकार पट्टाधारी एवं डूबान कृषकों का नवीन पंजीयन हेतु कम्पार्टमेंट नंबर, नॉमिनी, कृषक का आधार एवं रकबा की प्रविष्टि तथा विगत वर्ष में पंजीकृत संस्थागत ट्रस्ट का रजिस्ट्रेशन हेतु प्रतिनिधि, संस्था का रजिस्ट्रेशन नंबर प्रविष्टि जिला कार्यालय खाद्य शाखा कांकेर में किया जाएगा। नवीन पंजीयन व संस्था का प्रतिनिधि प्रविष्टि के लिए कृषक कम्पार्टमेंट नंबर, नॉमिनी, आधार, रकबा, मोबाइल नंबर एवं संस्था का रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ खाद्य कार्यालय में उपस्थित होने कहा गया है।
————————
09.पंजीकृत श्रमिकों के ई-केवाईसी कराने सीएससी संचालकों को दिया गया प्रशिक्षण।

— छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल तथा असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों के ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में रायपुर से आए मास्टर ट्रेनर विकास नायक एवं गिरीष कुमार द्वारा जिले के सभी च्वाइस सेंटर (सीएससी) संचालकों एवं वीएलई को श्रमिक पंजीयन, ई-केवाईसी, ऑनलाइन पंजीकरण तथा विभिन्न श्रमिक कल्याण योजनाओं में तकनीकी संबंधी जैसे- ई-केवाईसी प्रक्रिया, श्रमिक पंजीयन, पोर्टल संचालन तथा योजना संबंधी तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण दो पालियों में आयोजित किया गया, जिसमें पहली पाली में 85 तथा दूसरी पाली में 220 सीएससी संचालकों एवं वीएलई ने भाग लिया। इस प्रकार प्रशिक्षण में 305 सीएससी संचालकों एवं वीएलई को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
———————–
10.आधार बायोमेट्रिक अपडेट का विशेष अभियान: विद्यालयों में लगेंगे शिविर। 05 से 07 एवं 15 से 17 वर्ष के बच्चों का मेंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य।

— भारत सरकार एवं भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के निर्देशानुसार कांकेर जिले में निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों के मेंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) के लिए विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देश पर शिक्षा विभाग के समन्वय से जिले के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें पात्र विद्यार्थियों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट का कार्य किया जाएगा।शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार यूआईडीएआई के दिशा-निर्देशों के अनुसार 05 से 07 वर्ष की आयु के बच्चों का प्रथम तथा 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों का द्वितीय मेंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट कराना अनिवार्य है। इस प्रक्रिया में विद्यार्थियों के फिंगरप्रिंट, आईरिस (नेत्र पुतली) तथा नवीनतम फोटोग्राफ का अद्यतन किया जाता है, जिससे आधार की प्रमाणिकता बनी रहे और भविष्य में आधार आधारित प्रमाणीकरण संबंधी सेवाएं बिना किसी बाधा के संचालित हो सकें।शिक्षा विभाग द्वारा ऐसे सभी विद्यालयों की पहचान की गई है, जहां पात्र विद्यार्थियों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है। इन विद्यालयों में चरणबद्ध रूप से विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों के संस्था प्रमुखों को पात्र विद्यार्थियों की सूची तैयार करने, पालकों को समय पर सूचना देने तथा निर्धारित तिथि पर विद्यार्थियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक विद्यालय में इस अभियान के सफल संचालन के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं, जो निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अभियान को मूर्त रूप देंगे। जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश कुमार निषाद ने सभी पालकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के आधार की स्थिति की जांच करें और यदि मेंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है तो विद्यालय में आयोजित विशेष शिविर में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर यह प्रक्रिया अवश्य पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि समय पर आधार अपडेट नहीं कराने की स्थिति में भविष्य में आधार आधारित प्रमाणीकरण, छात्रवृत्ति, परीक्षा पंजीयन, शासकीय योजनाओं के लाभ तथा अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ लेने में अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। डीएमसी नवनीत पटेल ने बताया कि यह अभियान जिले के प्रत्येक पात्र विद्यार्थी का आधार अद्यतन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके लिए सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, संकुल प्राचार्यों, संस्था प्रमुखों एवं संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






