———————–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
19 जून 2026 शुक्रवार
✍️मनोज जायसवाल
———————–
01.अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को।मुख्य अतिथि होंगे वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन न्यू कम्युनिटी हॉल कांकेर में प्रातः 07 बजे से होगा सामूहिक योगाभ्यास।

—अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को प्रातः 07 बजे से न्यू कम्युनिटी हॉल कांकेर में सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन होंगे।विधायक कांकेर आशाराम नेताम, विधायक अंतागढ़ विक्रम उसेण्डी, विधायक भानुप्रतापपुर श्रीमती सावित्री मंडावी, छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, नगर पालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष अरूण कौशिक, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, जनपद पंचायत कांकेर के अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा कावड़े, उपाध्यक्ष श्रीमती तारिणी ठाकुर, सतीश लाटिया, महेश जैन एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष उत्तम यादव एवं सदस्य एफ सी आई हलधर साहू कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि होंगे। जिला प्रशासन कांकेर द्वारा नागरिकाे को सामूहिक योगाभ्यास में शामिल होने की अपील की गई है।
———————-
02. केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 20 जून तक लगाया जा रहा पंजीकरण शिविर।
—केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में ‘विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ अभियान के अंतर्गत 18 जून से 20 जून तक कंेद्र एवं राज्य सरकार के समस्त जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रत्येक राजस्व अनुविभाग स्तर पर तीन दिवसीय पंजीकरण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न अनुविभागों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जारी आदेशानुसार कांकेर अनुविभाग के लिए अपर कलेक्टर अरुण कुमार वर्मा, भानुप्रतापपुर के लिए संयुक्त कलेक्टर गंगाधर वाहिले, चारामा के लिए डिप्टी कलेक्टर नरेंद्र कुमार बंजारा, पखांजूर के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री मनीष देव साहू तथा अंतागढ़ अनुविभाग के लिए डिप्टी कलेक्टर राहुल कुमार रजक को नोडल अधिकारी बनाया गया है।अभियान का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी तथा हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। शिविरों में आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्यघर, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, पीएम कौशल विकास योजना एवं विभिन्न पेंशन योजनाओं सहित अन्य योजनाओं के लिए पंजीयन और लाभ प्रदान करने की कार्यवाही की जाएगी। शिविरों के आयोजन से पूर्व ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मुनादी, कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराने के साथ ही व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इन शिविरों का लाभ उठा सकें।।
———————
03.शिक्षा गुणवत्ता सुधार को लेकर कोयलीबेड़ा में हुई बैठक। दूरस्थ विद्यालयों के लिए तय हुई नई रणनीति। एफएलएन, नामांकन, बोर्ड परीक्षा परिणाम और डिजिटल शिक्षा की हुई समीक्षा।

—शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा देने तथा शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्र कोयलीबेड़ा में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर के निर्देशानुसार तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी के मार्गदर्शन में आयोजित यह बैठक दो पालियों में संपन्न हुई, जिसमें क्षेत्र के प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के संस्था प्रमुख, संकुल प्राचार्य एवं संकुल समन्वयक उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार निषाद एवं जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा नवनीत पटेल द्वारा की गई। उन्होंने शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, शैक्षणिक उपलब्धियों, चुनौतियों एवं आगामी कार्य योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि जिले के दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। बैठक में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था, आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) कार्यक्रम, बालवाटिका गतिविधियों, कक्षावार अधिगम स्तर में सुधार तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक सहयोग जैसे विषयों पर विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में बच्चों की सीखने की क्षमता में वृद्धि को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए तथा नियमित मूल्यांकन के आधार पर आवश्यक शैक्षणिक हस्तक्षेप सुनिश्चित किए जाएं।जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार निषाद ने संस्था प्रमुखों को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्यालयों में समयबद्ध कक्षा संचालन, पाठ्यक्रम पूर्णता, परीक्षा परिणामों में सुधार, बोर्ड परीक्षाओं की विशेष तैयारी एवं विद्यार्थियों के सीखने के स्तर की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने शिक्षकों से केवल पाठ्यक्रम पूर्ण करने तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नैतिक शिक्षा एवं जीवन कौशल विकास पर भी ध्यान देने पर जोर दिया।जिला मिशन समन्वयक श्री नवनीत पटेल ने समग्र शिक्षा अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए विद्यालय विकास योजना, पीएम श्री योजना, समावेशी शिक्षा, डिजिटल शिक्षा, पुस्तकालय गतिविधियों, शिक्षक प्रशिक्षण, खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा शाला प्रबंधन समितियों की सक्रिय भागीदारी को मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने विभागीय पोर्टलों एवं ऑनलाइन मॉड्यूल में समयबद्ध जानकारी दर्ज करने तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।बैठक में नामांकन एवं ठहराव, ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान, पुनः नामांकन अभियान, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था, छात्रवृत्ति योजनाओं की प्रगति, विद्यालय स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, खेल मैदानों के उपयोग एवं पुस्तकालयों के सुदृढ़ीकरण पर भी विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए करने पर जोर दिया। बैठक के दौरान नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने, स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप शिक्षण सामग्री विकसित करने तथा विद्यार्थियों में पठन-पाठन की रुचि बढ़ाने के लिए शिक्षकों को प्रेरित किया गया। साथ ही नियमित अकादमिक मॉनिटरिंग, संकुल स्तरीय सहयोग एवं सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।बैठक में उपस्थित संस्था प्रमुखों एवं संकुल समन्वयकों ने अपने-अपने विद्यालयों की उपलब्धियों एवं चुनौतियों को साझा किया, जिस पर अधिकारियों ने आवश्यक मार्गदर्शन एवं समाधान संबंधी सुझाव प्रदान किए। बैठक के समापन पर शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नवाचारों को बढ़ावा देने तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए सामूहिक संकल्प व्यक्त किया गया। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि कोयलीबेड़ा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में आयोजित इस प्रकार की समीक्षा बैठकें शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएंगी तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों को नई गति प्रदान करेंगी।
————————
04. एमएसएमई उद्यमियों के लिए 23 जून को इंडस्ट्रीज एवं बैंकर्स मीट का आयोजन
—सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की कार्यक्षमता को सुदृढ़ बनाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने, वित्तीय समाधान उपलब्ध कराने तथा सतत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा ‘रेजिंग एंड एक्सेलरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस (रैम्प) योजना लागू की गई है। यह एक परिणाम-उन्मुख योजना है, जिसका उद्देश्य एमएसएमई क्षेत्र के समग्र उन्नयन को सुनिश्चित करना है। उक्त योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कांकेर द्वारा 23 जून को दोपहर 12 बजे शहर के मेन रोड टिकरापारा स्थित निजी होटल में इंडस्ट्रीज एवं बैंकर्स मीट का आयोजन किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम हेतु इच्छुक उद्यमी निर्धारित समय व स्थान पर उपस्थित हो सकते हैं। इस संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए कार्यालय महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र कांकेर से संपर्क कर जानकारी प्राप्त किया जा सकता है।
————————
05.जनपद पंचायतों के लिए 64 लाख 50 हजार रूपए प्रथम किश्त जारी।
— ‘जनपद पंचायत विकास निधि योजना’ अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु जिले की सभी जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं जनपद सदस्यों के लिए 25 प्रतिशत प्रथम किश्त की राशि 64 लाख 50 हजार रूपए का आबंटन प्राप्त हुआ है। उक्त आबंटन का उपयोग छत्तीसगढ़ शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी जनपद पंचायत विकास निधि के नवीन मार्गदर्शिका में निहित निर्देशानुसार किया जाएगा।जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी ने बताया कि प्राप्त आबंटन की राशि प्रत्येक जनपद पंचायत के अध्यक्ष के लिए 01 लाख 25 हजार रूपये, उपाध्यक्ष के लिए 75 हजार रूपये तथा प्रति जनपद सदस्यों हेतु 50 हजार रूपये के मान से कुल 64 लाख 50 हजार रूपये की जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद पंचायत अंतागढ़ के लिए 07 लाख 50 हजार रूपये, भानुप्रतापपुर के लिए 08 लाख रूपये, चारामा हेतु 09 लाख 50 हजार रूपये, दुर्गूकोंदल के लिए 06 लाख 50 हजार रूपये, कांकेर हेतु 09 लाख रूपये, कोयलीबेड़ा के लिए 13 लाख 50 हजार और जनपद पंचायत नरहरपुर के लिए 10 लाख 50 हजार रूपये की राशि जारी की गई है।
————————
06. नीट परीक्षा के परीक्षार्थियों के लिए जारी किए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश।
— आगामी 21 जून को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली नीट परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा एवं परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे परीक्षा दिवस पर किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए अपने प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) का स्पष्ट प्रिंटआउट साथ रखें तथा निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। ओएमआर शीट भरने के लिए केवल काले बॉल पॉइंट पेन का उपयोग किया जाएगा, जिसकी व्यवस्था परीक्षा केंद्र द्वारा की जाएगी।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय फोटोयुक्त नीट यूजी 2026 प्रवेश पत्र, दो अतिरिक्त पासपोर्ट साइज फोटो, मूल एवं वैध फोटो पहचान पत्र (आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा राशन कार्ड) तथा पारदर्शी पानी की बोतल साथ लाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों के लिए मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्टवॉच, इयरफोन, कैलकुलेटर, टैबलेट एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पेन-पेंसिल, ज्योमेट्री बॉक्स, स्केल, राइटिंग पैड, आभूषण, धातु की वस्तुएं, बेल्ट, वॉलेट, बैग एवं खाद्य सामग्री परीक्षा केंद्र में ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा के लिए रिपोर्टिंग समय प्रातः 11 बजे निर्धारित किया गया है तथा परीक्षा केंद्र का प्रवेश द्वार दोपहर 01.30 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा दोपहर 02 बजे से सायं 05.15 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचकर सुरक्षा जांच (फ्रिस्किंग) की प्रक्रिया पूर्ण कर लें। जिला प्रशासन द्वारा नीट परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थियों को प्रवेश परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दी गई है।
————————
07. थाना पखांजूर पुलिस एवं महिला बाल विकास विभाग द्वारा संयुक्त जागरूकता अभियान आयोजित ।

—पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार कुर्रे एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पखांजूर रवि कुजूर के मार्गदर्शन में थाना पखांजूर पुलिस द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ संयुक्त रूप से व्यापक जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।उक्त अभियान में नव पदस्थ थाना प्रभारी निरीक्षक तेज कुमार वर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिकारी रीना लारिया एवं विभागीय टीम की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में थाना क्षेत्र अंतर्गत लगभग 75 ग्राम पंचायतों की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सुपरवाइजर एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं कर्मचारियों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के दुष्परिणामों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। थाना प्रभारी निरीक्षक तेज कुमार वर्मा द्वारा बताया गया कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है तथा यह कानूनन अपराध भी है। उन्होंने सभी उपस्थितजनों से अपील की कि अपने-अपने गांव एवं समाज में बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता फैलाएं तथा कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिलने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 अथवा नजदीकी पुलिस थाना में सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम में नशा मुक्ति अभियान के तहत भी व्यापक जागरूकता संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों को बताया गया कि नशा समाज एवं परिवार के लिए विनाश का प्रमुख कारण है। नशे के कारण घरेलू विवाद, अपराध, आर्थिक तंगी एवं सामाजिक अशांति जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। थाना प्रभारी द्वारा सभी से अपील की गई कि वे अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें तथा गांव-गांव में नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाकर स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज निर्माण में सहयोग करें। इसके साथ ही डायल 112 महत्वाकांक्षी योजना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल पुलिस सहायता, मेडिकल सहायता एवं अग्निशमन सेवा प्राप्त करने हेतु डायल 112 सेवा अत्यंत उपयोगी एवं प्रभावी माध्यम है। आमजन को बताया गया कि किसी दुर्घटना, विवाद, अपराध, आगजनी अथवा अन्य आपात स्थिति में बिना घबराए तुरंत डायल 112 पर कॉल करें, जिससे शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जा सके।कांकेर पुलिस द्वारा सामाजिक जागरूकता एवं जनसुरक्षा को लेकर इस प्रकार के अभियान लगातार संचालित किए जा रहे हैं, ताकि समाज में सकारात्मक वातावरण निर्मित हो एवं आमजन पुलिस से जुड़कर सुरक्षित, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण सहभागिता निभा सकें।
————————
08. “स्वस्थ बस्तर अभियान” के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन तथा खण्ड चिकित्सा अधिकारी की उपस्थिति में पुलिस लाइन सिंगारभाट, कांकेर में एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया।

—आयोजित स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिजनों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ दंत परीक्षण, नेत्र जांच, एनसीडी (नॉन कम्युनिकेबल डिजीज) स्क्रीनिंग, मलेरिया जांच, ब्लड टेस्ट एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर के दौरान कुल 158 मरीजों का ओपीडी पंजीयन किया गया, जिनका चिकित्सकीय परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के अंतर्गत 35 दंत रोगियों की जांच कर उन्हें दंत स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह दी गई। वहीं 55 व्यक्तियों की नेत्र जांच कर दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान की गई। इसके अतिरिक्त 125 लोगों की एनसीडी जांच की गई, जिसमें मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं अन्य गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग कर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया। मलेरिया नियंत्रण एवं रोकथाम को ध्यान में रखते हुए 10 लोगों की मलेरिया जांच की गई तथा 146 हितग्राहियों के ब्लड टेस्ट किए गए। शिविर में पात्र हितग्राहियों के लिए 10 आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए, जिससे उन्हें भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त हो सकेगा।स्वास्थ्य शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही। उपस्थित अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन एवं कर्मचारियों तक पहुंचाने हेतु शासन की इस पहल की सराहना की तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की आवश्यकता पर बल दिया। “स्वस्थ बस्तर अभियान” के तहत आयोजित इस शिविर के माध्यम से पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारजनों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने, समय पर रोगों की पहचान करने तथा त्वरित उपचार उपलब्ध कराने का सार्थक प्रयास किया गया।
————————
09. उजियारा अभियान के तहत अवैध शराब बिक्री करने वाले पर थाना चारामा पुलिस की कार्यवाही ।आरोपी के कब्जे से 57 नग अंग्रेजी एवं देशी प्लेन मदिरा कुल 10.260 बल्क लीटर एवं शराब बिक्री रकम 600 रू किया गया जब्त ।

– पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में “उजियारा अभियान” के तहत अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।इसी क्रम में थाना चारामा के अपराध क्रमांक 129/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के प्रकरण में थाना चारामा पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से 10.260 बल्क लीटर अवैध अंग्रेजी एवं देशी प्लेन मदिरा जप्त कर आरोपी को दिनांक 18.06.2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 18.06.2026 को थाना चारामा पुलिस गश्त एवं पेट्रोलिंग पर रवाना थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि राजेश सोनकर, निवासी बाजारपारा चारामा, अपने मुर्गा दुकान के पीछे अवैध रूप से अंग्रेजी शराब एवं देशी प्लेन मदिरा बिक्री हेतु रखकर बिक्री कर रहा है।सूचना पर पुलिस टीम द्वारा मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंचकर विधिवत कार्रवाई की गई।
———————–
10. विकसित भारत संकल्प सभा चारामा में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम।

—आज सामुदायिक भवन, कोरर चौक चारामा में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के संकल्प पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर सांसद भोजराज नाग जी, विधायक धरमलाल कौशिक तथा हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत की उपस्थिति रही।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






