आज की टॉप 10 खबर 17 सितंबर 2026 गुरूवार

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

17  सितंबर  2026 गुरूवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

✍️ 01.   ”राज मिस्त्री पेटी ठेकेदार विकास मंच” वि.खं. चारामा ने जेपरा से चारामा रैली निकाली‚चारामा में अपने साथी   बिल्डिंग ठेकेदार जीवन  सिन्हा की गत दिनों सडक दुर्घटना में हुई मौत को लेकर सौंपा ज्ञापन। दुःखों के चलते सादगीपूर्ण मनाया  भगवान  विश्वकर्मा जयंती।

—आज  17 सितंबर भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर जिले के चारामा विकासखंड  में  राज मिस्त्री पेटी ठेकेदार विकास मंच के तत्वाधान में प्रातः जेपरा से अरौद तक रैली निकाली गई।  रैली चारामा में पहूंचते ही अपने साथी  बिल्डिंग ठेकेदार जीवन सिन्हा की बस की ठोकर से आकस्मिक मौत पर संगठन के लोगों ने  चारामा नगर में प्रदर्शन किया।

संघ ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई समेत कई मांगों को लेकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। संघ के अनुसार, क्षेत्र में सड़क हादसों के साथ मवेशियों की मौत की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं।  चारामा थाने में विभीन्न मांगों को लेकर न्याय के लिए ज्ञापन सौंपा। संगठन की रैली वापस जेपरा आयी जहां  यह खबर लिखे जाने तक आयोजन चल रहा है। संघ के अध्यक्ष तेज कुमार साहू ने अपनी बातें रखी।

 ———————–

विज्ञापन—

———————–

✍️ 02.  सेवा संकल्प अभियान के तहत 35 युवाओं ने किया रक्तदान। रक्तदान कर युवाओं ने दिया ‘सेवा मेरा योगदान’ का संदेश, विधायक व कलेक्टर ने बढ़ाया हौसला।

—सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज मेडिकल कॉलेज संबद्ध कोमलदेव जिला चिकित्सालय कांकेर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शहर के नागरिकों, स्वास्थ्य कर्मियों तथा मेडिकल कॉलेज एवं नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रक्तदान किया। कुल 35 युवाओं ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए अपना योगदान दिया। शिविर के साथ स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें कांकेर विधायक   आशाराम नेताम, कलेक्टर  कुन्दन कुमार सहित जनप्रतिनिधियों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इस दौरान कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने अस्पताल अधीक्षक से चिकित्सालय में उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों की जानकारी ली तथा आवश्यक कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने चिकित्सालय में पिछले कुछ दिनों से खराब ईको मशीन को रिप्लेस कर एक सप्ताह के भीतर नई ईको मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को आवश्यक जांच की सुविधा सुचारू रूप से मिल सके। रक्तदान करने वाले युवाओं को विधायक   आशाराम नेताम एवं कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. यास्मीन खान, जिला पंचायत सीईओ   हरेश मंडावी, सीएमएचओ डॉ. आर.सी. ठाकुर, अस्पताल अधीक्षक डॉ. विमल भगत, मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, नगरपालिका अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक, राजा देवनानी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

———————–

विज्ञापन

———————–

✍️ 03. दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण मिलने से आसान हुआ जीवन। पात्र दिव्यांगजनों को श्रवण यंत्र, बैटरी साइकिल, ट्राई साइकिल एवं व्हीलचेयर का किया गया वितरण।

— दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग द्वारा पात्रतानुसार निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदान किए जा रहे हैं। जिला कार्यालय समाज कल्याण विभाग कांकेर द्वारा जिले के दूरस्थ क्षेत्रों पखांजूर, बांदे सहित अन्य क्षेत्रों से आने वाले दिव्यांगजनों को मेडिकल प्रमाण पत्र बनवाने में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। मेडिकल दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी होने के उपरांत यूडीआईडी कार्ड के लिए पंजीयन, पेंशन अपडेट, राशन कार्ड एवं अन्य शासकीय योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।इसी क्रम में दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए। ग्राम एनहुर निवासी कुमारी दुलारी मंडावी को श्रवण यंत्र, श्रीमती गरिमा बखला को बैटरी साइकिल, ग्राम बरकच्छार निवासी  होमेश्वर कुमार को ट्राई साइकिल, ग्राम चपेली चारामा निवासी कुमारी देविका दर्रो को श्रवण यंत्र तथा  अखिलेश्वर कुमार सलाम, को व्हीलचेयर प्रदान की गई। समग्र शिक्षा के बीआरपी  शैलेन्द्र साहू के माध्यम से तीन दिव्यांग विद्यार्थियों के यूडीआईडी कार्ड एवं सहायक उपकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए गए थे। विभाग द्वारा आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करते हुए पात्रतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजनों के दैनिक जीवन में सुविधा के साथ उनकी आवागमन में मदद मिलेगी। सहायक उपकरण प्राप्त करने वाले दिव्यांगजनों ने मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के साथ ही जिला प्रशासन कांकेर के प्रति आभार व्यक्त किया।

————————

✍️ 04. युवा रत्न सम्मान योजना के लिए 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित। सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं को मिलेगा।

—राज्य शासन द्वारा प्रदेश के युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों द्वारा सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने एवं राज्य स्तर पर मान्यता प्रदान करने के उद्देश्य से युवा रत्न सम्मान योजना संचालित की जा रही है।योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष एक स्वैच्छिक संगठन तथा 14 विभिन्न क्षेत्रों में एक-एक उत्कृष्ट युवा को सम्मानित किए जाने का प्रावधान है। चयनित स्वैच्छिक संगठन को पदक, भाल, प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान स्वरूप 05 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान के लिए चयनित युवा को 2.50 लाख रुपये तथा अन्य युवा रत्न सम्मान के लिए चयनित प्रत्येक युवा को 01 लाख रुपये की सम्मान राशि के साथ पदक, शाल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाते हैं। योजना के तहत पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों से आवेदनपत्र 01 से 30 अक्टूबर तक आमंत्रित किए गए हैं।योजना के तहत जिला स्तर पर पात्र आवेदनों का आमंत्रण एवं परीक्षण किया जाएगा। जिला स्तरीय चयन, निर्णायक समिति द्वारा एक स्वैच्छिक संगठन एवं निर्धारित प्रत्येक क्षेत्र से एक-एक पात्र युवा के आवेदन की अनुशंसा कर संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण को भेजी जाएगी। इसके बाद राज्य स्तरीय चयन समिति द्वारा आवेदनों का परीक्षण कर अंतिम रूप से संगठन एवं युवाओं का चयन सम्मान के लिए किया जाएगा। प्राप्त आवेदनों का जिला स्तरीय चयन, निर्णायक समिति के माध्यम से नियमानुसार परीक्षण एवं सत्यापन कर पात्र आवेदकों एवं स्वैच्छिक संगठनों की अनुशंसा निर्धारित समय-सीमा में संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण को भेजी जाएगी।

 ————————

✍️ 05. कलेक्टर ने किया मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ सहभोज, युवा संवाद में जानी पढ़ाई, सुविधाओं और दैनिक गतिविधियों की जानकारी।

—कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने आज मेडिकल कॉलेज कांकेर एवं नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ सहभोज कर युवा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ सहज वातावरण में बैठकर भोजन किया और उनकी पढ़ाई, दैनिक गतिविधियों, कॉलेज एवं छात्रावास में मिल रही सुविधाओं तथा समस्याओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की। युवा संवाद के दौरान कलेक्टर ने मेडिकल कॉलेज में द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे हरियाणा के विद्यार्थियों मोहित कुमार, दीपिका आनंद और रिया से बातचीत कर कांकेर जिले के संबंध में उनके अनुभव एवं विचार जाने। उन्होंने छात्राओं से गर्ल्स हॉस्टल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली तथा किसी प्रकार की समस्या होने पर उसके संबंध में भी चर्चा की। साथ ही कॉलेज की लैब एवं अध्ययन से जुड़ी सुविधाओं के बारे में विद्यार्थियों से फीडबैक लिया। कलेक्टर  कुन्दन कुमार ने छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से अध्ययन के लिए कांकेर आए विद्यार्थियों से भी संवाद किया और उनके अनुभव जाने। उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की सलाह भी दी। युवा संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने मेडिकल कॉलेज के नवीन भवन के निर्माण को लेकर भी कलेक्टर से जानकारी ली। इस पर कलेक्टर ने नवीन मेडिकल कॉलेज भवन के निर्माण कार्य को एक वर्ष के भीतर पूर्ण कराने की दिशा में कार्य करने की बात कही। कलेक्टर ने विद्यार्थियों के साथ सहपाठी की तरह बैठकर भोजन किया और उनके साथ आत्मीय संवाद स्थापित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी खुलकर अपनी बातें साझा कीं। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मण्डावी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.सी. ठाकुर, कोमल देव जिला चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. विमल भगत सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी उपस्थित थे।

————————

✍️06.इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता के लिए अब 22 सितंबर तक करें निःशुल्क पंजीयन।

—कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय एवं राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के तत्वावधान में देश की सबसे बड़ी कौशल स्पर्धा इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2026-2027 के लिए निःशुल्क ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया जारी है। युवाओं के उत्साह को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 22 सितंबर कर दी गई है। इस राष्ट्रीय मंच पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को जापान के आइची में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय ‘वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता 2028’ में भारत का प्रतिनिधित्व करने का ऐतिहासिक अवसर प्राप्त होगा।इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किसी औपचारिक डिग्री की बाध्यता नहीं है, केवल संबंधित हुनर में दक्षता अनिवार्य है। इसमें रोबोटिक्स, क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी, वेब टेक्रोलॉजी, वेल्डिंग, कारपेंट्री, कुकिंग, फैशन टेक्नोलॉजी, बेकरी और ऑटोमोबाइल सहित कुल 63 इंडस्ट्री-रेडी स्किल्स शामिल हैं।सहभागिता हेतु सामान्यतः अभ्यर्थी की जन्म तिथि 01 जनवरी 2006 या उसके बाद की होनी चाहिए, जबकि क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी एवं इंडस्ट्री 4.0 जैसी विशिष्ट आधुनिक विधाओं के लिए आयु सीमा में छूट के तहत 01 जनवरी 2003 या उसके बाद जन्मे युवा भी पात्र होंगे। जिला स्तर से प्रारंभ होकर राज्य, क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर तक आयोजित होने वाले इस बहुस्तरीय महामुकाबले में शामिल होने के लिए इच्छुक युवा आधिकारिक पोर्टल https://www.skillindiadigital.gov.in पर जाकर 22 सितंबर तक अपना निःशुल्क ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। पंजीयन संबंधी तकनीकी सहायता अथवा विस्तृत जानकारी के लिए युवा अपने नजदीकी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था से सीधे संपर्क कर सकते हैं।

————————

✍️07.  ग्रामीण की हत्या के प्रकरण में नक्सली आरोपी पीलूराम आंचला उर्फ सालिकराम को माननीय विशेष अपर सत्र न्यायालय, भानुप्रतापपुर द्वारा दोष सिद्धी।

— पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— दिनांक 26.08.2019 को थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्रांतर्गत ग्राम जुगड़ा के जंगल में नक्सलियों द्वारा श्यामनाथ आंचला की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना के संबंध में थाना कोयलीबेड़ा में अपराध क्रमांक 09/2019 धारा 302, 364, 147, 148, 149 भादंवि., 25, 27 आर्म्स एक्ट एवं धारा 38(2), 39(2) विधिविरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में ली गई। विवेचना के दौरान प्रत्यक्षदर्शी साक्षियों के न्यायालयीन कथन, विवेचकगण द्वारा संकलित साक्ष्य तथा घटना से संबंधित परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को अभियोजन द्वारा न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा उपलब्ध मौखिक,परिस्थितिजन्य एवं अन्य साक्ष्यों का समग्र मूल्यांकन किया गया। अभियोजन द्वारा आरोपी के विरुद्ध लगाए गए आरोपों को संदेह से परे प्रमाणित पाए जाने पर आरोपी पीलूराम आंचला उर्फ सालिकराम को प्रकरण में दोषसिद्ध कर आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।आरोपी का नाम एवं पता :-पीलूराम आंचला उर्फ सालिकराम‚पिता–स्व. नोहरूराम, उम्र–35 वर्ष‚साकिन–इमलीपारा कागबरस, थाना कोयलीबेड़ा,जिला–उत्तर बस्तर कांकेर (छत्तीसगढ़) पुलिस टीम में—एसडीओपी अंतागढ़ पुपलेश कुमार ,एसडीओपी अंतागढ़ अमर सिदार, , सहायक कमांडेंट प्रदीप कुमार, निरीक्षक उमेश कुमार पाटिल, उपनिरीक्षक मोहित पारीक, प्रधान आरक्षक अमित तथा अन्य सहयोगी पुलिस टीम ।

————————

✍️08. पुलिस लाइन कांकेर में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाई गई भगवान विश्वकर्मा पूजा।कांकेर पुलिस ने विधिवत पूजा-अर्चना कर शासकीय वाहनों एवं तकनीकी संसाधनों का किया पूजन।

—पुलिस अधीक्षक   निखिल राखेचा (भापुसे) के निर्देशन में पुलिस लाइन कांकेर में भगवान विश्वकर्मा जी की पूजा श्रद्धा, आस्था एवं भक्तिभाव के साथ विधिवत संपन्न हुई। इस अवसर पर पुलिस विभाग द्वारा उपयोग किए जाने वाले शासकीय वाहनों, मशीनरी, कार्यशाला में प्रयुक्त औजारों एवं विभिन्न तकनीकी उपकरणों का विधिवत पूजन किया गया। कार्यक्रम में अति. पुलिस अधीक्षक कांकेर   योगेश साहू, रक्षित निरीक्षक एवं यातायात प्रभारी   दीपक साव, रक्षित निरीक्षक   गोविन्द वर्मा सहित पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पूजा-अर्चना के दौरान भगवान विश्वकर्मा जी का विधिवत पूजन कर पुलिस विभाग के कार्यों में उपयोग होने वाले शासकीय वाहन, मशीनरी, उपकरण एवं औजारों की पूजा की गई। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा इन संसाधनों के सुरक्षित, सुचारू एवं निर्बाध संचालन की कामना की गई। भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, सृजन, शिल्प एवं तकनीकी कौशल के प्रतीक के रूप में पूजित किया जाता है। पुलिस विभाग में विभिन्न तकनीकी संसाधनों, वाहनों एवं उपकरणों की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए पुलिस लाइन में प्रतिवर्ष विश्वकर्मा पूजा श्रद्धा के साथ मनाई जाती है। पूजा के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित वाहन शाखा एवं कार्यशाला में उपयोग किए जाने वाले संसाधनों का भी पूजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा पुलिस परिवार के सदस्य भी शामिल हुए। सभी ने भगवान विश्वकर्मा  से पुलिस विभाग के वाहनों, मशीनरी एवं तकनीकी संसाधनों के सुरक्षित संचालन तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

  ———————–

✍️09. मिशन रक्षक” प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत कोयलीबेड़ा में 257 युवाओं के निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण की शुरुआत।

—कांकेर पुलिस द्वारा पुलिस एवं पैरामिलिट्री सेवाओं में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए संचालित “मिशन रक्षक” प्रशिक्षण कार्यक्रम का दिनांक 17.09.2026 को कोयलीबेड़ा हाई स्कूल ग्राउंड में शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्र के युवाओं को निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं भर्ती परीक्षा की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है  कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक कांकेर   निखिल अशोक कुमार राखेचा (भापुसे) एवं BSF 40वीं वाहिनी कोयलीबेड़ा के कमांडेंट   रणधीर सिंह गिल रहे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़  आशीष बंछोर के मार्गदर्शन एवं SDOP अंतागढ़ श्री संतोष कुमार जैन के पर्यवेक्षण में, थाना प्रभारी कोयलीबेड़ा  निर्मल जांगड़े के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन BSF 40वीं वाहिनी कोयलीबेड़ा के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, पत्रकार एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। “मिशन रक्षक” के अंतर्गत कांकेर पुलिस के प्रशिक्षित महिला एवं पुरुष पुलिस बल तथा BSF के प्रशिक्षित प्रशिक्षकों द्वारा अभ्यर्थियों को दौड़, सहनशक्ति, नियमित शारीरिक अभ्यास एवं पुलिस/पैरामिलिट्री भर्ती में उपयोगी विभिन्न फिजिकल इवेंट्स की तैयारी कराई जाएगी। साथ ही प्रत्येक इवेंट की तकनीक एवं आवश्यक बारीकियों से अभ्यर्थियों को अवगत कराया जाएगा। कार्यक्रम के लिए कुल 358 अभ्यर्थियों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। उद्घाटन अवसर पर 155 पुरुष एवं 102 महिला, कुल 257 अभ्यर्थियों ने प्रशिक्षण में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों द्वारा युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा गया कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अनुशासन, नियमित अभ्यास, मेहनत एवं लक्ष्य के प्रति दृढ़ इच्छाशक्ति ही सफलता की मजबूत नींव है। “मिशन रक्षक” के तहत भानुप्रतापपुर, आमाबेड़ा एवं अंतागढ़ में प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्व में प्रारंभ किया जा चुका है, जहां युवाओं को नियमित रूप से शारीरिक प्रशिक्षण एवं भर्ती परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है। अधिक से अधिक युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी सप्ताह में कांकेर एवं पखांजूर में भी “मिशन रक्षक” प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया जाएगा।

 ———————–

✍️ 10.शिक्षा के नए सफर की शुरुआत, दीक्षांत समारोह कांकेर में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम।

—आज पी.जी. कॉलेज, कांकेर में आयोजित दीक्षारंभ समारोह 2026-27 में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने कहा- नवप्रवेशित विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन के नए अध्याय के शुभारंभ का हिस्सा बनेंगे। इस अवसर पर महाविद्यालय में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें उच्च शिक्षा के महत्व, अनुशासन, निरंतर मेहनत और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

दीक्षारंभ समारोह विद्यार्थियों के लिए केवल महाविद्यालय में प्रवेश का अवसर नहीं, बल्कि उनके सपनों को दिशा देने और एक नए शैक्षणिक सफर की शुरुआत का महत्वपूर्ण पड़ाव है। युवाओं की शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। कांकेर के विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अपनी प्रतिभा और कौशल को निखारने के बेहतर अवसर मिलें, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। श्रीनेताम ने आगे कहा- आज के विद्यार्थी ही कल के विकसित कांकेर और सशक्त छत्तीसगढ़ की नींव हैं। आइए, शिक्षा, संस्कार और संकल्प के साथ युवाओं को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के इस सफर को मिलकर आगे बढ़ाएं।

————————

विशेष—

आशीर्वाद दीपक पीएमश्री आत्मानंद उत्कृष्ट उच्च.मा. विद्‍यालय‚नरहरपुर का एक मनोरम दृश्य।

वीडियो—पीएमश्री आत्मानंद उत्कृष्ट उच्च.मा. विद्‍यालय‚नरहरपुर।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 18 सितंबर 2026 शुक्रवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 18  सितंबर  2026 शुक्रवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01.   ”राज मिस्त्री पेटी ठेकेदार विकास मंच” वि.खं. चारामा ने जेपरा से चारामा…

आज की टॉप 10 खबर 16 सितंबर 2026 बुधवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 16 सितंबर  2026 बुधवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01. कल 17 सितंबर भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर जिले के चारामा…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *