———————–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
17 जून 2026 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
———————–



प्रो. धनंजय साहू‚लखनपुरी
———————–
01.अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को, श्रम मंत्री श्री देवांगन होंगे मुख्य अतिथि
—अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिला स्तर पर सामूहिक योग दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर (आबकारी) श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के सुव्यवस्थित संचालन के लिए कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले के सभी विकासखण्ड के नगरीय निकायांे, जनपद पंचायतों में सामूहिक योगाभ्यास कराने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
———————-
02. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने पर लगाई जाएगी तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी। वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों द्वारा 18 जून को किया जाएगा शुभारंभ।
— देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरिमामय 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनसंपर्क विभाग द्वारा आगामी 18 से 20 जून तक केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसके शुभारंभ अवसर पर 18 जून को वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहेंगे। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय कांकेर के नया बस स्टैण्ड के समीप साप्ताहिक बाजार स्थल पर निर्मित डोम में तीन दिवसीय प्रदर्शनी अवलोकनार्थ आयोजित की जाएगी। प्रथम दिवस अपरान्ह 2.30 बजे प्रदर्शनी का शुभारंभ किया जाएगा।इसके शुभारंभ अवसर पर कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग, जगदलपुर विधायक किरणदेव सिंह, कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम, अंतागढ़ विधायक श्री विक्रम उसेण्डी, भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी, हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत सहित जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, नगरपालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहेंगे। उक्त छायाचित्र प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तथा प्रदेश़ में हुए विकास कार्यों और शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से आकर्षक चित्रों एवं जानकारी के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
जनसम्पर्क विभाग के तत्वावधान में आयोजित छायाचित्र प्रदर्शनी में किसान कल्याण, गरीब कल्याण, अधोसंरचना विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास तथा सांस्कृतिक धरोहर संरक्षण जैसे विभिन्न विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान खरीदी, कृषि निर्यात में वृद्धि सहित प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के आवासों का निर्माण, सेमीकंडक्टर निर्माण, मुफ्त राशन योजना, सुपोषण अभियान आदि को भी दर्शाया जाएगा। इसके अतिरिक्त देश की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु किए गए प्रयासों, स्वदेशी रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने, अधोसंरचना विकास, राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क का विस्तार तथा वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों की शुरुआत जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को प्रदर्शित जाएगा। इसके अलावा प्रदर्शनी में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, डिजिटल इंडिया अभियान, लखपति दीदी, युवा शक्ति सशक्तिकरण तथा अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण सहित विभिन्न उपलब्धियों को भी दर्शाया जाएगा। साथ ही एलईडी स्क्रीन के माध्यम से शासन की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।
———————
03. प्रयास विद्यालय में कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु परीक्षा परिणाम जारी।
— मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं (सत्र 2026-27) में प्रवेश हेतु प्राक्चयन परीक्षा आयोजित की गई थी। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि प्राक्चयन परीक्षा पश्चात प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण किया जाकर परीक्षा परिणाम विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/ पर जारी किया गया है, जिसमें विद्यार्थी अपना रोल नबर एवं मोबाइल नंबर प्रविष्ट कर प्राप्तांक देख सकते हैं। काउंसिलिंग हेतु विद्यार्थियों को विभागीय वेबसाइट का अवलोकन करते रहने के लिए कहा गया है। इसके लिए सूचना पृथक से अपलोड की जाएगी।
————————
04. पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किश्त 20 जून को होगी जारी।
—प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किश्त 20 जून को किसानों के खातों में जारी की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअली माध्यम से पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से पीएम-किसान योजना की 23वीं किश्त अप्रैल से जुलाई 2026 तक की अवधि के लिए जारी की जाएगी। जारी निर्देशानुसार कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले के विभागीय अधिकारियों से कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) स्तर, ब्लॉक मुख्यालयों, ग्राम पंचायतों, मंडियों तथा अन्य उपयुक्त स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित सुनिश्चित करने कहा है ताकि अधिक से अधिक कृषक लाइव वेबकास्ट के माध्यम से कार्यक्रम में जुड़ सकें।
————————
05.महतारी वंदन योजना: 30 जून तक ई-केवायसी अनिवार्यतः पूर्ण कराने की अपील
—राज्य शासन के द्वारा समस्त हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत लाभ प्राप्त करने वाले हितग्राहियों का ई-केवायसी कराये जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके क्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के तहत लाभान्वित समस्त महिलाओं का ई-केवायसी कराया जाना है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग ने योजनांतर्गत लाभार्थी महिलाओं से निकट के कॉमन सर्विस सेंटर या संबंधित ग्राम पंचायत में वीएलई के माध्यम से ई-केवायसी आगामी 30 जून तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि जिले में महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 1.80 लाख महिलाओं को प्रतिमाह लाभान्वित किया जा रहा है। इनमें से लगभग 1.72 लाख महिलाओं का ई-केवायसी पूर्ण हो चुका है। इस प्रकार कांकेर जिले में महतारी वंदन योजना से लाभान्वित शेष लगभग 07 हजार हितग्राहियों का ई-केवायसी कराया जाना है। इन महिलाओं के नाम व सूची संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के महतारी वंदन एप के लॉगिन आईडी में उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि केवल इन्हीं महिलाओं का ई-केवायसी निकट के कॉमन सर्विस सेंटर या संबंधित ग्राम पंचायत में वीएलई के द्वारा निःशुल्क कराया जा सकता है, जिसकी अंतिम तिथि 30 जून 2026 है। हितग्राही द्वारा निर्धारित समयावधि में ई-केवाईसी नहीं कराए जाने की स्थिति में अगले माह से उनके महतारी वंदन योजना की राशि प्राप्त होने में असुविधा होगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने महतारी वंदन योजना से लाभान्वित ऐसी समस्त महिलाएं जिनका ई-केवायसी करना शेष है, से अपील की है कि केवल वे महिलाएं ही आवश्यक अभिलेखों यथा (अद्यतन आधार कार्ड की मूलप्रति एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से महतारी वंदन योजना का हितग्राही पंजीयन क्रमांक लेकर) निकट के कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में उपस्थित होकर अपना ई-केवायसी 30 जून 2026 के पूर्व पूर्ण कराएं ताकि उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत निरन्तर लाभान्वित किया जा सके। इस सबंध में अधिक जानकारी के लिए निकट की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं संबंधित पर्यवेक्षक से संपर्क किया जा सकता है।।
————————
06. पंजीकृत श्रमिकों को 30 जून तक ई-केवाईसी एवं रिकॉर्ड अपडेट कराना अनिवार्य ।
—श्रम विभाग ने सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से अपील की है कि वे 30 जून तक अनिवार्य रूप से अपना ई-केवाईसी एवं रिकॉर्ड अपडेट करा लें। अभियान के तहत् आधार आधारित ई-केवाईसी प्रक्रिया प्रारंभ करने से पहले श्रमिकों के पंजीयन विवरण का आधार कार्ड के अभिलेखों के अनुसार सत्यापन एवं आवश्यक संशोधन किया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से संचालित होगी। संशोधन के लिए पंजीकृत श्रमिकों को अपने मूल आधार कार्ड के साथ निकटतम सीएससी केन्द्र में उपस्थित होना होगा। वहां वीएलई (ऑपरेटर) द्वारा श्रमिक की पहचान का भौतिक सत्यापन कर पोर्टल के रजिस्ट्रेशन अपडेट मॉडयूल के माध्यम से ऑनलाईन आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के हितों की सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
————————
07. आदिवासी क्रीड़ा परिसर कांकेर व नरहरपुर में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा जून से।छात्र-छात्राओं को मिलेगी निःशुल्क आवास एवं खेल प्रशिक्षण की सुविधा।
—जिले के शासकीय आदिवासी कन्या क्रीड़ा परिसर कांकेर तथा शासकीय आदिवासी बालक क्रीड़ा परिसर नरहरपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इसके लिए योग्य एवं अनुभवी प्रशिक्षकों के द्वारा आदिवासी छात्र-छात्राओं का चयन 10 बैटरी टेस्ट के आधार पर किया जाएगा।सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार कन्या क्रीड़ा परिसर कांकेर में प्रथम चरण की प्रवेश परीक्षा 22 जून तथा अंतिम चयन 27 जून 2026 को प्रातः 9 बजे से परिसर के खेल मैदान में आयोजित होगा। वहीं बालक क्रीड़ा परिसर नरहरपुर में प्रथम चरण की प्रवेश परीक्षा 24 जून तथा अंतिम चयन 01 जुलाई 2026 को प्रातः 9 बजे से खेल मैदान में किया जाएगा। अर्हता के संबंध में बताया गया कि इसमें प्रवेश हेतु कक्षा 6वीं के लिए आयु 11 से 12 वर्ष, कक्षा 7वीं के लिए 12 से 13 वर्ष, कक्षा 8वीं के लिए 13 से 14 वर्ष तथा कक्षा 9वीं के लिए 14 से 15 वर्ष निर्धारित की गई है। चयन प्रक्रिया में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को आधार कार्ड, अंकसूची एवं जन्म प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। साथ ही परीक्षण के दौरान निकर एवं टी-शर्ट पहनकर उपस्थित होना होगा। दोनों क्रीड़ा परिसरों में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, खो-खो, कबड्डी एवं हैंडबॉल खेल विधाओं के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के किसी भी विद्यालय अथवा आश्रम में अध्ययनरत आदिवासी छात्र-छात्राएं चयन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने बताया कि राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को बोनस अंक प्रदान किए जाएंगे तथा मिडिल स्तर के खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी। चयन के लिए निर्धारित 10 बैटरी टेस्ट में दौड़, शटल रेस, स्टैंडिंग ब्रॉड जंप, गतिशील संतुलन परीक्षण, अपर बॉडी शक्ति परीक्षण, पुश-अप्स, लेग रेजिंग, सीट-अप्स तथा उछाल परीक्षण शामिल हैं। इसी तरह कन्या परिसर में 50 मीटर एवं 400 मीटर दौड़ तथा बालक परिसर में 100 मीटर एवं 400 तथा 800 मीटर दौड़ का परीक्षण लिया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क, निष्पक्ष एवं पारदर्शी होगी। चयनित खिलाड़ियों को विभागीय नियमों एवं शर्तों का पालन करना होगा तथा स्वास्थ्य संबंधी चिकित्सा प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। क्रीड़ा परिसरों में चयनित खिलाड़ियों को निःशुल्क आवास, पौष्टिक भोजन, शिक्षा व्यवस्था, खेल परिधान, खेल सामग्री तथा चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए कन्या क्रीड़ा परिसर कांकेर हेतु मोबाइल नंबर 9406284694 एवं 9424274925 तथा बालक क्रीड़ा परिसर नरहरपुर हेतु 7879410661 एवं 9827983755 पर संपर्क किया जा सकता
————————
08. अंतागढ़ पुलिस की अभिनव पहल : यातायात जागरूकता अभियान, ड्राइविंग लाइसेंस शिविर एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन।\पुलिस-जनता संबंधों को सुदृढ़ बनाने हेतु अंतागढ़ पुलिस की सराहनीय पहल। दो दिवसीय ड्राइविंग लाइसेंस शिविर में 200 से अधिक लोगों को जारी किए गए लर्निंग लाइसेंस प्रमाण।

—पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा के नेतृत्व में कांकेर पुलिस द्वारा पुलिस-जनता संबंधों को सुदृढ़ बनाने एवं सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निरंतर जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ श्री आशीष कुमार बंछोर एवं एसडीओपी अंतागढ़ श्री शुभम तिवारी के मार्गदर्शन में अंतागढ़ पुलिस द्वारा आमजन के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।अंतागढ़ स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित दो दिवसीय ड्राइविंग लाइसेंस शिविर में यातायात पुलिस कांकेर एवं परिवहन विभाग के सहयोग से 200 से अधिक लोगों के लर्निंग लाइसेंस बनाए गए तथा उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही उपस्थित नागरिकों को सड़क सुरक्षा, सुरक्षित वाहन संचालन एवं यातायात नियमों के पालन के महत्व के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया। शिविर की विशेष उपलब्धि यह रही कि इसमें अंतागढ़ के अतिरिक्त पखांजूर, आमाबेड़ा, कोयलीबेड़ा एवं आसपास के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा शिविर का लाभ प्राप्त किया।दिनांक 16 जून 2026 को शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर अंतागढ़ पुलिस द्वारा सामुदायिक भवन में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, शाला स्टाफ तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिकों ने सहभागिता की। इस अवसर पर विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री वितरित कर शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल सुरक्षा, वित्तीय अपराधों से बचाव तथा यातायात नियमों की जानकारी सरल, रोचक एवं व्यवहारिक तरीके से दी गई। विद्यार्थियों ने प्रश्नोत्तर सत्र में सक्रिय भागीदारी निभाई तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुलिस विभाग की ओर से सम्मानित किया गया।प्रशिक्षु उप निरीक्षक लता सिंह एवं प्रशिक्षु उप निरीक्षक नकुल पैकरा ने विद्यार्थियों एवं युवाओं को करियर मार्गदर्शन प्रदान किया। इस दौरान युवाओं ने पुलिस सेवा सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगार के अवसरों से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका विस्तारपूर्वक उत्तर देकर उनका मार्गदर्शन किया गया कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी नागरिकों, विद्यार्थियों एवं युवाओं ने यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित एवं नियंत्रित वाहन चलाने तथा साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने की शपथ ली।
कांकेर पुलिस द्वारा भविष्य में भी आमजन की सुरक्षा, जागरूकता एवं पुलिस-जनता के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत बनाने हेतु ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा।
————————
09.वैध रूप से अंग्रेजी शराब बिक्री करने वाले आरोपी को आमाबेड़ा पुलिस ने किया गिरफ्तार ।15 नग 500 एमएल की केन में रखी Medusa Premium Strong Beer बरामद। कुल 07 लीटर 500 एमएल अंग्रेजी शराब, कीमत 3,750 की गई जप्त। उजियारा अभियान के तहत आमाबेड़ा पुलिस की प्रभावी कार्यवाही।
-पुलिस अधीक्षक उत्तर बस्तर कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में संचालित ‘‘उजियारा अभियान’’ के अंतर्गत अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ श्री आशीष बंछौर के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अंतागढ़ श्री शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना आमाबेड़ा पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।दिनांक 16.06.2026 को थाना आमाबेड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम गेड़गांव रोड़पारा निवासी हरेश नाग अपने घर के कमरे में बिक्री हेतु अवैध रूप से अंग्रेजी शराब संग्रहित कर रखा है। सूचना की तस्दीक कर थाना स्तर पर पुलिस टीम गठित की गई तथा बताए गए स्थान पर विधिवत आबकारी रेड कार्रवाई की गई।रेड कार्रवाई के दौरान आरोपी हरेश नाग पिता स्वर्गीय बीरसिंह नाग, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम गेड़गांव रोड़पारा के घर के कमरे की तलाशी लेने पर 15 नग 500 एमएल की केन में रखी Medusa Premium Strong Beer बरामद की गई। बरामद शराब की कुल मात्रा 07 लीटर 500 एमएल तथा अनुमानित कीमत ₹3,750 पाई गई।आरोपी के पास उक्त शराब रखने एवं बिक्री संबंधी कोई वैध दस्तावेज अथवा लाइसेंस नहीं पाए जाने पर शराब को मौके पर जप्त कर आरोपी के विरुद्ध थाना आमाबेड़ा में अपराध क्रमांक 15/2026, धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
———————–
10. सर्व पिछडा वर्ग समाज की बैठक रायपुर में सम्पन्न हुई ।
वीडियो—सर्व पिछडा वर्ग समाज की बैठक रायपुर में संबांधित करते समाज के प्रवक्ता।
—रायपुर में सर्व पिछडा वर्ग संगठन की प्रदेश स्तरीय बैठक सम्पन्न हुई,जिसमें प्रदेश भर से समाज के पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जगन्नाथ साहू ने आये सभी अतिथियों का स्वागत किया। हर क्षेत्र के पदाधिकारियों ने अपना वक्तव्य दिया। चुंकि प्रदेश में पांच अन्य संगठन समाज के हितों की रक्षा के लिए काम कर रहे हैं, ऐसे में अलग-अलग संगठन की जरूरत नहीं है,जिसके लिए एकीकरण जरूरी है। सभी ने एकीकरण मुद्दे पर हामी भरी। सर्व पिछडा वर्ग समाज को आरक्षण, वर्तमान में हो रही जनगणना में पिछडा वर्ग के लिए कालम के नहीं होने सहित तमाम विषयों पर परिचर्चा की गई।चंद्राकर समाज मंगल भवन रायपुर में आयोजित महती बैठक देर शाम को समापन किया गया। समाज के दिनेश चंद्राकर ने सभी का आभार जताया।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






