आज की टॉप 10 खबर 16 जून 2026 मंगलवार

संपादकीय-
”जीवन में बहार लाने कथा श्रवण जरूरी”
– अपने पारिवारिक जीवन में बहार लाने के लिए कथा श्रवण से बढ़कर और कोई सशक्त माध्यम नहीं है। कथा श्रवण के साथ पाठन भी उतना ही महत्वपूर्ण है, लेकिन श्रवण करने में लोग संत से भौतिक जुड़ाव में होते हैं,इसलिए उनके जीवन में सीधा प्रभाव पड़ता है। आज के आधुनिकतम जीवनचर्या में न जाने गृहस्थ जीवन के कड़ुवाहट तले कितनों के परिवार तबाह नजर आते हैं। वो मासूम जिनका अपने मां बाप से कोई शिकायत नहीं होता वो उनकी लड़ाई का दंश पूरी जिंदगी भोगने अनाथ की जिंदगी निर्वहन कर रहे होते हैं। पुरूष तो पुरूष कई मां इतनी निर्दयी होती है कि तलाक के नाम अन्य से विवाह रचाकर अलग जिंदगी बिता रही होती है। समझा जा सकता है कि अन्यों में भी तो वहीं भावनाएं होती है,इनकी संवेदनाएं इतनी मृत है कि कैसे अपने जीगर के टूकड़े याद नहीं आते होंगे। साहित्य आलेख हमें अच्छी शिक्षा देते हैं,जिसका अनुसरण करना है। स्थिति तो इतना है कि साहित्य क्षेत्र से जुड़े ज्ञानी भी तलाक और गृह क्लेश के दायरे में होते हैं। कई दफा तो ऐसे व्यक्ति भी सामने आते हैं,जो दूसरों का घर बसाते हैं,अपनी ज्योतिष विद्या से समस्याओं का निराकरण करते हैं,लेकिन खुद की गृहस्थी जीवन में कड़ुवाहट को जगजाहिर कर देते हैं, और लोकजीवन में इसका क्या प्रभाव पड़ेगा इसकी परवाह नहीं करते। कई तो सत्संगों में जाते जरूर हैं,पर इसे अपने जीवन में उतारने गंभीर नहीं दिखते। कथा श्रवण से बाहर आते ही वो पूर्व सा व्यवहार करते देखे जाते हैं। समाज के बीच ज्ञान की बातें लिखने वाले साहित्यकार या जो भी विधा से आते हों सर्वप्रथम अपने में उस अनुकुल होना जरूरी है। हम कितने ही दुःखों से घिरे हों, संतो के श्रीमुख से कथा श्रवण हमें मुक्ति की ओर ले जाता है, दुखों से उबार कर जीवन जीने की लालसा जगाता है। भागवत प्रवचनों में जाने की क्षमता न हो तो टीवी पर भी प्रसारण का लाभ लेना चाहिए। रोजमर्रा में भौतिक सुख साधनों की अंधी दौड़ से विलग खुद की आत्मिक शांति के लिए अपनी निष्पक्ष सोच दूसरों की सेवा भावना और किसी के लिए अहित न किये जाने का व्यवहार कायम रखते जीवन जीकर देखें कि कैसा आनंद आता है। संपदाओं को बटोर भर लेने से आत्मिक शांति नहीं आ जाती। वो आपकी जरूरतें पूरा करती है।
✍️मनोज जायसवाल

———————–

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
16 जून  2026 मंगलवार

✍️मनोज जायसवाल

 ———————–

प्रो. धनंजय साहू‚लखनपुरी

 ———————–

01.पुलिस अधीक्षक कांकेर द्वारा थाना नरहरपुर का वार्षिक निरीक्षण, प्रशासनिक एवं पुलिसिंग व्यवस्थाओं का लिया गया विस्तृत जायजा।अभिलेख संधारण, विवेचना कार्य, अनुशासन, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था एवं विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली की गई जांच। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत कर किया गया सम्मानित।

—कांकेर के पुलिस अधीक्षक   निखिल राखेचा (भा.पु.से.) द्वारा थाना नरहरपुर का वार्षिक निरीक्षण किया गया।थाना की समस्त प्रशासनिक व्यवस्थाओं, अपराध नियंत्रण एवं विवेचना कार्यों, अभिलेख संधारण, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, अनुशासन तथा कर्मचारियों के कल्याण से संबंधित व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी, विवेचकों एवं शाखा प्रभारियों से अपराधों की विवेचना, लंबित मामलों की स्थिति, शिकायतों के निराकरण, वारंट एवं समंस तामीली, प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा सामुदायिक पुलिसिंग गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने तथा जनता से बेहतर संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

अभिलेखों एवं रजिस्टरों की जांच 
थाना कार्यालय में संधारित अपराध पंजी, दैनिक डायरी, आगंतुक रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर, वारंट रजिस्टर, समंस रजिस्टर, सीसीटीएनएस अभिलेख एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। रिकॉर्ड में अद्यतन प्रविष्टियों, दस्तावेजों की शुद्धता, समयबद्ध संधारण एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैरक एवं आवासीय परिसर का निरीक्षण 
पुलिस कर्मचारियों के लिए निर्मित बैरकों एवं आवासीय परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया। कर्मचारियों को स्वच्छ एवं बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने तथा परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।शस्त्रागार (मालखाना) एवं सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण :-शस्त्रागार एवं मालखाना का परीक्षण कर शस्त्रों के रखरखाव, सुरक्षा मानकों, अभिलेख संधारण, जब्त संपत्तियों के रखरखाव तथा सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी हथियारों को सुरक्षित एवं कार्यशील स्थिति में रखने, नियमित सफाई करने तथा जवानों को समय-समय पर शस्त्र संचालन का अभ्यास कराने के निर्देश दिए गए।

थाना परिसर एवं शाखाओं का अवलोकन
थाना परिसर की स्वच्छता, सीसीटीएनएस शाखा, महिला सहायता कक्ष, रिकॉर्ड रूम, कंप्यूटर कक्ष, आगंतुक कक्ष एवं अन्य शाखाओं की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं जनसुविधा अनुकूल बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही थाना आने वाले नागरिकों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मोर मितान’ बीट आरक्षकों की समीक्षा
थाना क्षेत्र में कार्यरत ‘मोर मितान’ बीट आरक्षकों की कार्यप्रणाली, जनसंपर्क गतिविधियों एवं बीट व्यवस्था की समीक्षा की गई। बीट आरक्षकों को क्षेत्र में सतत भ्रमण कर आमजन से संपर्क बनाए रखने एवं अपराध नियंत्रण हेतु सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।कर्मचारियों से संवाद एवं समस्याओं की जानकारी :अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यक्तिगत चर्चा कर उनकी विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं की जानकारी प्राप्त की गई। कर्मचारियों के कल्याण, स्वास्थ्य, आवासीय सुविधाओं एवं कार्यपरिस्थितियों से संबंधित आवश्यक सुझाव प्राप्त कर उनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से मुलाकात
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात कर कानून व्यवस्था एवं जनसुरक्षा संबंधी विषयों पर चर्चा की तथा उनके सुझाव प्राप्त किए।उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य निष्पादन, अनुशासन, स्वच्छता एवं कर्तव्यनिष्ठा प्रदर्शित करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा उनके कार्यों की सराहना करते हुए अन्य कर्मचारियों को भी प्रेरणा लेने एवं पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया गया।

पुलिस अधीक्षक का संदेश
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने कहा कि थाना पुलिस व्यवस्था की मूल इकाई है। थाना स्तर पर अनुशासन, पारदर्शिता, संसाधनों का समुचित प्रबंधन एवं जनसहयोग जितना बेहतर होगा, कानून व्यवस्था उतनी ही अधिक प्रभावी होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने तथा जनता का विश्वास मजबूत करने हेतु निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया।उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस द्वारा प्रशासनिक सुदृढ़ता, बेहतर पुलिसिंग, कर्मचारी कल्याण, संसाधनों के प्रभावी उपयोग एवं अनुशासित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने हेतु निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

  ———————-

02. अंतागढ़ पुलिस एवं लाइफ सेवर्स ग्रुप द्वारा विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर 55 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान। रक्तदाताओं को हेलमेट प्रदान कर किया गया सम्मानित एवं यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक।

—पुलिस अधीक्षक कांकेर   निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़  आशीष बंछोर के मार्गदर्शन व अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अंतागढ़   शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर दिनांक 15.06.2026 को अंतागढ़ पुलिस एवं लाइफ सेवर्स ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में नगर अंतागढ़ स्थित सामुदायिक भवन में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।आयोजित रक्तदान शिविर में नगर अंतागढ़ सहित संपूर्ण अनुविभाग क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं, समाजसेवियों एवं विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान कुल 55 लोगों द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया।रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध कराना, लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा समाज में मानव सेवा की भावना को बढ़ावा देना था। उपस्थित नागरिकों को रक्तदान के महत्व, इसके स्वास्थ्य संबंधी लाभों एवं रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।इस अवसर पर अंतागढ़ पुलिस द्वारा विशेष यातायात जागरूकता अभियान भी चलाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों एवं वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा यातायात संकेतों का पालन करने के संबंध में जागरूक किया गया। इसके साथ ही वाहन चलाते समय वैध दस्तावेज साथ रखने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में नागरिकों की भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। रक्तदान जैसे सामाजिक एवं मानवीय कार्य में योगदान देने वाले सभी 55 रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने हेतु अंतागढ़ पुलिस एवं लाइफ सेवर्स ग्रुप द्वारा रक्तदान उपरांत हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। हेलमेट वितरण का उद्देश्य रक्तदाताओं को सम्मानित करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक करना रहा।अंतागढ़ पुलिस द्वारा समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों, जनजागरूकता अभियानों एवं सामुदायिक पुलिसिंग गतिविधियों का आयोजन कर नागरिकों को जनहित के विषयों से जोड़ने एवं समाज में सकारात्मक वातावरण निर्मित करने का सतत प्रयास किया जा रहा है।

 ———————

03. मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान की स्वास्थ्य मंत्री ने की समीक्षा, योजना की प्रगति पर जताई संतुष्टि।हितग्राहियों से संवाद कर जाना अभियान से मिले लाभ का अनुभव, स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रयासों की सराहना।

— लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री  श्याम बिहारी जायसवाल ने आज जिला कार्यालय कांकेर में मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के क्रियान्वयन के संबंध मे समीक्षा बैठक ली। बस्तर संभाग के सभी जिलों में संचालित इस अभियान के तहत कांकेर जिले में स्वास्थ्य अमला द्वारा घर-घर जाकर परिवार के सभी सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं बीमार व्यक्ति के उपचार के संबंध में की गई कार्यवाही की जानकारी लेते हुए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आमजन तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई दी। बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने योजना से लाभान्वित हितग्राहियों से चर्चा कर उनके अनुभव जाने। हितग्राहियों ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा घर-घर पहुंचकर स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने बताया कि समय पर जांच और उपचार मिलने से उन्हें काफी लाभ मिला है। हितग्राहियों ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा किए गए सहयोग एवं सेवा भावना के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि प्रत्येक व्यक्ति को समय पर जांच, उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उनके द्वारा मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के दौरान जिले के चिन्हांकित 15 मरीजों को जिनका उपचार किया गया उन्हें पोषण आहार के रूप में फूड बास्केट प्रदान किया गया।उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत स्वास्थ अमला जिसमें आरएचओ, सीएचओ, मितानिन की टीम के द्वारा घर-घर जाकर लोगों के का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। अभियान के दौरान कांकेर जिले में अब तक 08 लाख 577 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें 23 हजार 936 व्यक्ति संदेहास्पद मरीज पाए गए। इनमें से 13 हजार 370 लोगो का इलाज किया गया तथा शेष चिन्हांकित मरीजों का उपचार की व्यवस्था की जा रही है।बैठक में विधायक कांकेर  आशाराम नेताम, छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प बोर्ड के अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, नगर पालिका अध्यक्ष   अरूण कौशिक, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, आलोक ठाकुर, एसडीएम कांकेर  अरूण वर्मा, महेश जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरसी ठाकुर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं योजना से लाभान्वित हितग्राही उपस्थित रहे।

 ————————

04.निःशुल्क कैंसर एवं परामर्श शिविर का आयोजन।

—जिला स्वास्थ्य समिति कांकेर एवं बाल्को मेडिकल सेंटर रायपुर के संयुक्त तत्वाधान में निःशुल्क कैंसर एवं परामर्श शिविर का आयोजन जिला अस्पताल कांकेर में किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.सी.ठाकुर के निर्देशानुसार एवं बाल्को अस्पताल से कैंसर विशेषज्ञ डॉ. अश्वनी कुमार सचदेव, जिला अस्पताल के रेडिसीन ऑकोलॉजिस्ट डॉ. बुद्धेश्वर सिंह एवं दल द्वारा कुल 57 मरीजों का जांच किया गया, जिसमें 21 संदिग्ध मरीजों का पैप स्मीयर, मैमोग्राफी कर उचित परामर्श दिया गया। जिला कार्यक्रम प्रबंधक रोहित वर्मा, डॉ. योगेश प्रजापति जिला सलाहकार एन.सी.डी. एवं फाइनेंस लॉजिस्टिक ऑफिसर श्री राकेश राजपूत का इस कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान रहा।
 ————————

05.जैविक खेती मिशन योजना अंतर्गत जिला स्तरीय किसान मेले का आयोजन।किसानों को जैविक खेती अपनाने स्वास्थ्य मंत्री ने किया प्रेरित, प्रगतिशील कृषकों का हुआ सम्मान।

 —जैविक खेती मिशन योजना के अंतर्गत जिले में आज जिला स्तरीय किसान मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांकेर विधायक  आशाराम नेताम ने की।जिला स्तरीय किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री  श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के आह्वान पर जैविक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसान मेले का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांकेर जिले के किसान धान के साथ-साथ सब्जी, दलहन एवं तिलहन फसलों का भी उत्पादन करते हैं। वर्तमान समय में खेती को किसान व्यवसाय के रूप में अपना रहे हैं और अधिक उत्पादन के लिए रासायनिक उर्वरकों का अत्यधिक उपयोग किया जा रहा है, जिसके कारण मिट्टी की उर्वरक क्षमता प्रभावित हो रही है।उन्होंने कहा कि हमें अब जैविक खेती की ओर आगे बढ़ना होगा। इसकी शुरुआत छोटे स्तर से करते हुए धीरे-धीरे इसे व्यापक रूप से अपनाने की आवश्यकता है। किसी भी बड़े बदलाव की शुरुआत गांवों से ही होती है, इसलिए किसानों को जैविक खेती के प्रति जागरूक होकर आगे आना चाहिए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जिन किसानों ने पिछले वर्ष खरीफ सीजन में धान की फसल ली थी, यदि वे इस वर्ष धान के स्थान पर मक्का, दलहन, तिलहन अथवा अन्य फसल लेते हैं तो उन्हें राज्य सरकार द्वारा प्रति एकड़ 15 हजार रूपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की पीएम किसान सम्मान निधि पात्र किसानों को दी जा रही है। राज्य सरकार द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से नागरिकों को लाभान्वित किया जा रहा है, सभी पात्र महिलाओं को महतारी वंदन योजना लाभ दिया जा रहा है।श्री जायसवाल ने जिले के स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की जानकारी देते हुए कहा कि जल्द ही एमआरआई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे मरीजों को जांच के लिए अन्य जिलों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। कांकेर में मेडिकल कॉलेज के लिए भवन का निर्माण किया जा रहा है, इसके साथ ही बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा में भी नए मेडिकल कॉलेज की स्थापना की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम ने कहा कि किसान प्रत्येक वर्ष खेती के नए तरीकों को सीखते और अपनाते हैं। किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ अपनी आय बढ़ाने के लिए विभिन्न नवाचारों को अपनाना चाहिए। वैश्विक स्तर पर रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता में कमी को देखते हुए प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा किसानों को पारंपरिक एवं जैविक खेती के लिए प्रेरित किया जा रहा है। किसानों की आय दोगुनी करने के उद्देश्य से शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी किसानों तक लगातार पहुंचाई जा रही है।
जिला स्तरीय किसान मेले में स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा 05 कृषकों को चिरईनखी धान बीज का वितरण किया गया। साथ ही बिलासपुर, धमतरी एवं कांकेर जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे 10 प्रगतिशील कृषकों को जैविक खेती, दलहन-तिलहन उत्पादन, जल संरक्षण एवं पशुपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए शॉल एवं नारियल का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि चिरईनखी धान कांकेर जिले का स्थानीय किस्म है, जो अपने स्वाद एवं सुगंध के लिए जाना जाता है, जिसके संरक्षण के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रयास किए जा रहे है। इसका रकबा बढ़ाने तथा किस्म के संरक्षण हेतु जिला प्रशासन द्वारा इसके बीज उत्पादन हेतु कृषि विज्ञान केंद्र कांकेर को अधिकृत किया गया है, इसी कड़ी में किसानों को बीज वितरित किए गए।कार्यक्रम में हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष  अरुण कौशिक,   दिलीप जायसवाल,   विजय मंडावी,  नरेंद्र नागेश,  रामचरण कोर्राम, श्री नरोत्तम चौहान, एसडीएम  अरुण वर्मा, उप संचालक कृषि  जितेंद्र कोमरा, कृषि विज्ञान केंद्र कांकेर के वरिष्ठ वैज्ञानिक  बीरबल साहू, मत्स्य विभाग के अधिकारी  एस.एस. कंवर सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

 ————————

06. पंजीकृत श्रमिकों को 30 जून तक ई-केवाईसी एवं रिकॉर्ड अपडेट कराना अनिवार्य ।

—श्रम विभाग ने सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से अपील की है कि वे 30 जून तक अनिवार्य रूप से अपना ई-केवाईसी एवं रिकॉर्ड अपडेट करा लें। अभियान के तहत् आधार आधारित ई-केवाईसी प्रक्रिया प्रारंभ करने से पहले श्रमिकों के पंजीयन विवरण का आधार कार्ड के अभिलेखों के अनुसार सत्यापन एवं आवश्यक संशोधन किया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से संचालित होगी। संशोधन के लिए पंजीकृत श्रमिकों को अपने मूल आधार कार्ड के साथ निकटतम सीएससी केन्द्र में उपस्थित होना होगा। वहां वीएलई (ऑपरेटर) द्वारा श्रमिक की पहचान का भौतिक सत्यापन कर पोर्टल के रजिस्ट्रेशन अपडेट मॉडयूल के माध्यम से ऑनलाईन आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के हितों की सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

  ————————

07. जिले में मत्स्याखेट 15 अगस्त तक पूर्णतः निषिद्ध

— वर्षा ऋतु में मछलियों की वंश वृद्धि (प्रजनन) के दृष्टिकोण से उन्हें संरक्षण देने के लिए 16 जून से 15 अगस्त तक की अवधि को ‘बंद ऋतु’ (क्लोज सीजन) घोषित किया गया है।
मछली पालन विभाग के सहायक संचालक ने बताया कि जिले के ऐसे सभी तालाबों एवं जल स्रोतों में जिनका संबंध नदी-नालों से नहीं है, के अतिरिक्त जलाशयों में किए जा रहे केज कल्चर को छोड़कर, सभी प्रकार के जल संसाधनों में 15 अगस्त 2026 तक मत्स्याखेट कार्य पूर्णतः निषिद्ध रहेगा। इन नियमों का उल्लंघन करने पर छत्तीसगढ़ राज्य मत्स्य क्षेत्र अधिनियम 1948 की धारा 5 के अंतर्गत अपराध सिद्ध होने पर 25 हजार रूपये तक के शास्ति से दण्डित किए जाने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि उक्त नियम केवल छोटे तालाब या अन्य जल स्त्रोत जिनका संबंध किसी नदी नाले से नहीं है, के अतिरिक्त जलाशयों में किये जा रहे केज कल्चर में लागू नहीं होगा।

 ————————

08. कल 17 जून को रायपुर में सर्व पिछडा वर्ग समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित।

—कल 17 जून को प्रदेश चन्द्राकर भवन डंगनिया रायपुर में  सर्व पिछडा वर्ग समाज की बैठक आयोजित की गई है‚ जिसमें सर्व पिछडा वर्ग समाज के हितों  के लिए चर्चा की जायेगी। बैठक में सभी सामाजिक बंधुओं को उपस्थित होने की अपील प्रदेश अध्यक्ष जगन्नाथ साहू द्वारा की गई है। 

  ————————

09.आज  कांकेर जिले के औद्‍योगिक नगरी‚ मेन रोड लखनपुरी में मां गायत्री इलेक्ट्रानिक स्कूटी शो रूम का शुभारंभ पूजा अर्चना के बाद  हुआ। अखिल गायत्री के रूपलाल साहू ने विधिवत पूजा अर्चना की। शो रूम के प्रोपराईटर धनंजय साहू ने बताया कि बढती इंधन पेट्रोल की दरों को देखते वर्तमान समय इलेक्ट्रानिक बैटरी वाली बाईक चलाने का है।

वीडियो—लखनपुरी में इलेक्ट्रानिक शो—रूम का शुभारंभ विधिवत पूजा अर्चना के साथ प्रारंभ हुआ।

———————–

10.  जिले में किसान ऐन खेती के वक्त डीजल नहीं मिलने से परेशान है। आज राजमार्ग 30 में दोपहर में जैसे ही लखनपुरी में टेंकर पहूंचा देर शाम तक वाहनों की कतार लग गई। ईमली मोड स्थित पेट्रोल पंप के साथ कई पंपों में इसी तरह भीड देखने मिला।

 ————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 15 जून 2026 सोमवार

 ———————– कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 15 जून  2026 सोमवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————–  कांकेर जिले की औद्वोगिक नगरी‚लखनपुरी में  कल भव्य शुभारंभ…… प्रो. धनंजय साहू‚लखनपुरी  ———————– 01.नरहरपुर…

आज की टॉप 10 खबर 14 जून 2026 रविवार

———————– कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 14 जून  2026 रविवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————– 01.प्राचार्यों की जिला स्तरीय बैठक में जिला स्तरीय प्राचार्य फोरम का गठन। —-कांकेर। जिला…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *