———————–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
15 जून 2026 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
———————–



कांकेर जिले की औद्वोगिक नगरी‚लखनपुरी में कल भव्य शुभारंभ……
प्रो. धनंजय साहू‚लखनपुरी
———————–
01.नरहरपुर क्षेत्र के ग्राम दुधावा बस स्टैंड में आयोजित सेवानिवृत्त हवलदार लोकेश साहू के स्वागत एवं सम्मान समारोह में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणजनों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ मुखातिब होते हुए हालचाल जाना।

———————-
02. ‘अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस‘ का आयोजन 26 जून को, नशापान के विरूद्ध चलाया जाएगा जन जागरूकता अभियान।
— राज्य शासन द्वारा दिए गए निर्देशानुसार नशापान की बढ़ती प्रवृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से 26 जून को ‘अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस’ के अवसर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा ‘अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस’ के सफल आयोजन हेतु जिले के विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।जारी निर्देशानुसार नशापान करने की प्रवृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण एवं समाज में नशामुक्ति के पक्ष में सकारात्मक वातावरण निर्मित किए जाने हेतु रेडियो एवं दूरदर्शन के माध्यम से नशामुक्ति कार्यक्रमों का प्रसारण करने कहा गया है। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने नशा पीड़ितों से प्रत्यक्ष संवाद विकसित कर उन्हें नशापान के दुष्परिणामों की जानकारी देने तथा समारोह स्थल पर प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नशामुक्ति साहित्यों का वितरण करने के लिए निर्देशित किया है। इसी प्रकार सोशल मीडिया पर प्रेरक स्लोगन एवं चित्रों का प्रचार-प्रसार करने के साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में नशापान के दुष्परिणामों पर आधारित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। नशामुक्ति संबंधी गतिविधियों की जानकारी एवं फोटोग्राफ्स एनएमबीए मोबाइल एप एवं पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए हैं। कलेक्टर ने सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी पहल की जा सके।।
———————
03. प्रधानमंत्री स्वनिधि लोन महोत्सव का आयोजन बड़ी संख्या में उपस्थित हुए शहरी पथ विक्रेता

— धानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत् पथ एवं फुटकर विक्रेताओं को स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुराना कम्युनिटी हॉल में प्रधानमंत्री स्वनिधि लोन महोत्सव मेले का आयोजन किया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री पवन कुमार मेरिया ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पथ विक्रेताओं, शहरी गरीबों एवं असंगठित श्रमिकों को वित्तीय समावेश, डिजिटल सशक्तीकरण एवं सामाजिक सुरक्षा लाभों से जोड़ना है। मेले में बड़ी संख्या में पथ एवं फुटकर विक्रेताओं ने अपने व्यवसाय के विस्तार के लिए ऋण आवेदन जमा किए। अग्रणी बैंक सहित विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों के काउंटर लगाए गए, जहां आवेदकों को ऋण प्रक्रिया, पात्रता और अन्य आवश्यक जानकारियां प्रदान की गई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने निकाय क्षेत्र के सभी पथ और फुटकर विक्रेताओं से अपील की है कि आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ उठाएं और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए ऋण सुविधा प्राप्त करें। शिविर संचालन के सफल संचालन के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। शिविर में ऋण प्राप्त करने के इच्छुक हितग्राहियों से आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पैन कार्ड की छायाप्रति और पासपोर्ट आकार का फोटो जमा करने को कहा गया।
टीम कंमाडर रमेश कुमार रजक एसी बीएसएफ 94 वीं वाहिनी‚.सुमन कंथोसू इंस्पेक्टर बीएसएफ 94 वीं वाहिनी‚.रोशन लाल मीणा उप निरीक्षक बीएसएफ 94 वीं वाहिनी रहे।
————————
04. लोक कल्याण मेला शिविर का आयोजन 16 से 23 जून तक।
—मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री पवन मेरिया ने बताया कि कांकेर के न्यू कम्युनिटी हॉल में 16 जून को लोक कल्याण मेला शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार 19 जून को नगर पालिका परिषद सभाकक्ष में तथा 23 जून को पुराना कम्युनिटी हॉल कांकेर में प्रातः 10.30 बजे से दोपहर 02 बजे तक किया जाएगा तथा 24 जून को नगर पालिका परिषद सभाकक्ष में प्रातः 11 बजे से दोपहर 02 बजे तक पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे।
————————
05.शिक्षा विभाग में बड़ा बदलाव, 16 जून से ऑनलाइन हाजिरी और अवकाश आवेदन अनिवार्य। डिजिटल उपस्थिति नहीं लगाने पर रुक सकता है जून का वेतन, डीपीआई ने जारी किए निर्देश
—छत्तीसगढ़ के शिक्षा विभाग में प्रशासनिक कार्यों को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़ा बदलाव किया गया है। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने प्रदेश के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षकों के लिए ऑनलाइन उपस्थिति और ऑनलाइन अवकाश आवेदन प्रणाली को अनिवार्य कर दिया है। नई व्यवस्था 16 जून 2026 से प्रभावी होगी।जारी निर्देशों के अनुसार अब विभागीय कर्मचारी एवं शिक्षक अपनी उपस्थिति डिजिटल माध्यम से दर्ज करेंगे तथा किसी भी प्रकार के अवकाश के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
————————
06. विज्ञापन पोस्टरों से छलनी हो रहे वृक्ष, सर्व आदिवासी समाज ने उठाई आवाज ।

—मुख्य सड़कों और मार्गों के किनारे लगे हरे-भरे वृक्षों में विज्ञापन पोस्टर लगाने के लिए कील ठोकने की बढ़ती प्रवृत्ति को लेकर पर्यावरण संरक्षण की चिंता गहरा गई है। इस गंभीर मुद्दे पर सर्व आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ (युवा प्रभाग) ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए दोषी कंपनियों एवं व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
युवा प्रभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष ललित नरेटी ने वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप तथा प्रमुख सचिव को पत्र प्रेषित कर इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। साथ ही पत्र की प्रतिलिपि वन परिक्षेत्र अधिकारी दुर्गूकोदल को भी भेजी गई है, ताकि स्थानीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
अपने पत्र में ललित नरेटी ने उल्लेख किया है कि मुख्य सड़क एवं अन्य मार्गों के किनारे स्थित वृक्षों पर विभिन्न कंपनियों के विज्ञापन पोस्टर लगाए जा रहे हैं। इन पोस्टरों को लगाने के लिए लोहे की कीलों का उपयोग किया जा रहा है, जिन्हें सीधे पेड़ों के तनों में ठोका जा रहा है। इससे वृक्षों की बाहरी छाल को नुकसान पहुंच रहा है तथा उनके प्राकृतिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ।
————————
07. जिला स्तरीय किसान मेला कल कांकेर नगर के होटल बाफना लॉन में। शाम 4 बजे आयोजन की होगी समाप्ति। कृषि वैज्ञानिकों का व्याख्यान‚जैविक कृषि पर होगा फोकस।

————————
08. शहीद गणेश कुंजाम की 06 वीं पुण्यतिथि चारामा के गिधाली में मनाया गया।

—आज शहीद गणेश कुंजाम का 06 वां पुण्यतिथि गृहग्राम चारामा विकासखंड के गिधाली में मनाया गया। इस कार्यक्रम में समस्त परिवारजन, थाना चारामा के थाना प्रभारी सुरेश राठौर के साथ ही क्षेत्र के सत्कार पटेल,महेश सिन्हा सरपंच श्रीमती रेखा कुंजाम जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन (आईएन)संजय शुक्ला, एनएम और सेवानिवृत्त कार्यालय के कर्मचारी एवं भूतपूर्व सैनिक,ग्राम क्षेत्रवासी, उपस्थित हुए। इस अवसर पर चारामा थाना प्रभारी सुरेश राठौर ने शहीद को पुष्पमाला अर्पण कर सम्मानित किया तो जिला सैनिक कल्याण अधिकारी द्वारा शहीद की माताजी को श्रीफल भेंट किया।
————————
09.जिले में ऐन खेती किसानी के समय डीजल का संकट गहरा गया है। पेट्रोल पंप में डीजल नहीं मिलने के चलते नगर के ज्ञानी चौक में किसानों ने आज कुछ देर के लिए चक्का जाम कर दिया। आने वाले समय में इसी प्रकार डीजल की अनुपलब्धता रही तो खेती किसानी कैसा होगा यह स्वयं विचार करें,क्योंकि खाद की समस्या से वैसे भी किसान जुझ रहा है। आज परेशान किसानों ने सरकार के विरूद्व जमकर नारे भी लगाए।
———————–
10. बारिश नहीं होने के चलते गर्मी एवं उमस से परेशान हैं‚ लोग। बारिश नहीं होने से फिर से लौ—वोल्टेज की समस्या हो सकती है।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






