———————–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
27 मई 2026 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
———————–
01. बेसहारा शिशु को मिले माता-पिता, दुबई के सतवानी दंपत्ति ने लिया गोद, जिला पंचायत के सी.ई.ओ. ने दम्पति को सौंपा।

— जिले में संचालित विशेषीकृत दत्तक ग्रहण एजेंसी के 07 माह शिशु को दुबई में निवासरत अप्रवासी भारतीय दम्पति निखिल सतवानी व श्रीमती स्नेहा सतवानी ने दत्तक ग्रहण विनिमय के तहत् कानूनी रूप से गोद लिया। इसके लिए निखिल सतवानी व श्रीमती स्नेहा का पंजीयन केन्द्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण में 25 मार्च 2022 को हुआ था। इसके बाद बच्चे का रेफरल कर रिजर्व किया गया।इस प्रकार सतवानी दम्पति ने बालक से मुलाकात की और तुरंत बच्चे को स्वीकार करते हुए दत्तक ग्रहण संबंधी कानूनी प्रक्रिया का पालन किया गया। इस दौरान उन्होंने बच्चे की हर एक बाल क्रिया जैसे- बच्चे का करवट बदलना, मुस्कुराना, पलटना आदि क्रियाओं को दत्तक ग्रहण के कर्मचारियांे से संकलित की। अंततः मंगलवार 26 मई को बच्चा दत्तक ग्रहण समारोह में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हरेष मंडावी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री विपिन जैन महिला एवं बाल विकास विभाग सहित श्री महिला एवं बाल विकास अधिकारी अनुकूल पाण्डे, जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्रीमती रीना लारिया की उपस्थिति में दम्पति को बालक को सौंपा और शुभकामनाएं दीं।उल्लेखनीय है कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विषेषीकृत दत्तक ग्रहण एजेंसी में दत्तक में दिये जाने वाले 0-6 आयु के बालकों को रखा जाता है। अब तक एजेंसी के माध्यम से विधिवत कानूनी प्रक्रिया के तहत् 60 बच्चों को गोद में दिया गया है, जिसमें छत्तीसगढ़ में 21 बच्चों को दत्तक में दिया गया है व अन्य राज्यों में 31 बच्चों को दत्तक में दिया गया (विदेष) में 08 बच्चों को दत्तक में दिया गया है। वर्तमान में 44 भावी दत्तक माता-पिता विषेषीकृत दत्तक ग्रहण एजेंसी में पंजीकृत है। भारत में कानूनी रूप से बच्चा गोद लेने की प्रक्रिया पूरी तरह से विनियमित और व्यवस्थित है। वर्तमान में यह व्यवस्था किषोर न्याय (बालकों की देखरेख व संरक्षण) अधिनियम 2015 यथा संषोधित 2021 और दत्तक ग्रहण विनियम 2022 के तहत् संचालित है। इस पूरी प्रक्रिया को केन्द्र स्तर पर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अंतर्गत आने वाला एक वैधानिक निकाय केन्द्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण संभालता है जो कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार में निःषुल्क पंजीयन कराया जाता है। भारत में दत्तक ग्रहण के लिए नियम, पात्रता और इसकी प्रक्रिया है जिसके अंतर्गत गोद लेने के इच्छुक माता-पिता को बुनियादी नियमों को पूरा करना होता है जिसके तहत पहचान से संबंधित दस्तावेज, वैवाहिक स्थिति, आयु सीमा, स्वास्थ्य जांच (भावी दत्तक माता-पिता व बच्चा), गृह अध्ययन रिपोर्ट से संबंधित दस्तावेज की उपलब्धता आवश्यक रहती है। वैध और कानूनी तरीके से ही दत्तक ग्रहण सुरक्षित है। यदि कहीं भी कोई बेसहारा अनाथ बच्चा मिले तो जिला बाल संरक्षण इकाई, महिला एवं बाल विकास विभाग कांकेर या सीधे चाईल्ड हेल्पलाइन 1098 को सूचित किया जा सकता है।
———————–
02. आरोपियों के कब्जे से लगभग 59.5 लीटर देशी महुआ शराब, बिक्री रकम एवं शराब बनाने का सामान जप्त। जप्त कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत ₹7,200 /-

—पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे “उजियारा अभियान” के तहत अवैध गतिविधियों पर लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में दिनांक 26.05.2026 को थाना प्रभारी कांकेर प्रतीक दादासाहब बनसोडे (भा.पु.से.) को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि अटल आवास शिवनगर कांकेर में कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से देशी महुआ शराब का विक्रय किया जा रहा है। थाना कांकेर पुलिस द्वारा अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।सूचना पर थाना कांकेर से अलग-अलग पुलिस टीम गठित कर अटल आवास शिवनगर क्षेत्र में रेड कार्यवाही की गई। पुलिस की 09 अलग-अलग टीमों द्वारा घेराबंदी कर कुल 09 आरोपियों को पकड़ा गया।कार्यवाही के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 59.5 लीटर देशी महुआ शराब कीमती लगभग ₹6,650, बिक्री रकम ₹550 तथा शराब बनाने एवं संग्रहण में प्रयुक्त सामग्री जप्त की गई। जप्त कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत ₹7,200 है।सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत पृथक-पृथक 09 प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई।
———————
03. किसानों से खाद-बीज का अग्रिम उठाव करने कलेक्टर ने की अपील।
— कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने जिले के किसानों से खाद-बीज का अग्रिम उठाव करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिले के सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक भण्डारण किया जा रहा है, जिसका अग्रिम उठाव किसान भाई करें। वर्तमान में सहकारी समितियों में यूरिया- 7197 मेट्रिक टन, डी.ए.पी. 1588 मेट्रिक टन, सुपर फास्फेट 4614 मेट्रिक टन, पोटाश 2663 मेट्रिक टन और एन.पी.के 6833 मेट्रिक टन का भण्डारण किया जा चुका है। डीएपी के विकल्प के तौर पर सुपर फास्फेट और एन.पी.के. उर्वरकों के उपयोग की सिफारिश कृषि वैज्ञानिक के द्वारा किया गया है। जिसके आधार पर इस समितियों से कृषकों को उर्वरक वितरण किया जा रहा है। इसके साथ ही समितियों के माध्यम से नैनो यूरिया और नैनो डीएपी भी किसानों को वितरित किया जा रहा है, जिसका उपयोग बीजोपचार एवं खड़ी फसल में छिड़काव दोनांे तरीके से किया जा सकता है। नैनो उर्वरकों के उपयोग से यूरिया और डी.ए.पी. के कम मात्रा के उपयोग की आवश्यकता होगी, यह नत्रजन और फास्फोरस तत्वों की पूर्ति करता है। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें तथा अपनी आवश्यकता के अनुसार समय पर खाद-बीज का उठाव करें। प्रायः यह देखा जाता है कि कई किसान बारिश शुरू होने के बाद खाद का उठाव करते हैं, जिससे अचानक मांग बढ़ने पर आपूर्ति संबंधी समस्या उत्पन्न होती है। किसान भाईयों से आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी कुछ दिनों में मानसून प्रारंभ होने वाला है और इसी के साथ खरीफ कार्य भी शुरू हो जाएंगे, इसलिए पहले से ही खाद का उठाव कर लेने से आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सकेगा।
————————
04.उप निर्वाचन के तहत चारामा की मदिरा दुकानों व अहातों के लिए शुष्क दिवस घोषित
— कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने नगरपालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों में आम/उप निर्वाचन-2026 हेतु मतदान दिवस 30 मई को शुष्क दिवस घोषित किया है। उन्होंने छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 24 की उपधारा(1) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उक्त तिथि को देशी एवं विदेशी मदिरा दुकान चारामा तथा देशी एवं विदेशी मदिरा अहाता चारामा को मतदान समाप्ति के 48 घंटे पूर्व अर्थात 30 मई 2026 को शाम 05 बजे से मतदान समाप्ति तक पूर्ण रूप से बंद रखने के लिए शुष्क अवधि/शुष्क दिवस घोषित किया गया है। अर्थात मतदान अवधि में संबंधित क्षेत्र में मदिरा का सम्पूर्ण संव्यवहार प्रतिबंधित रहेगा।
————————
05. आईटीआई में प्रवेश हेतु ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 15 जून तक।
— जिले की सभी शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में सत्र 2026-27 एवं 2026-28 में विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन 29 मई से 15 जून आमंत्रित किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी वेबसाइट cgiti.admissions.nic.in पर ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं। संस्था के प्राचार्य ने बताया कि आवेदन करने के पूर्व अभ्यर्थी उक्त वेबसाइट पर उपलब्ध प्रवेश विवरणिका का भली भांति अध्ययन कर लें। किसी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिये अभ्यर्थी निकटतम शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था अथवा वेबसाइट पर प्रदर्शित हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
————————
06.महेन्द्रपुर में सोलर पंप कार्यशील, ग्रामवासियों को हो रहा पेयजल की आपूर्ति
-दुर्गूकोंदल विकासखण्ड के ग्राम महेन्द्रपुर में स्थापित सोलर पंप की खराब होने की खबर मिलते ही जिला प्रशासन द्वारा तत्काल संज्ञान लिया जाकर उक्त संयंत्र के मोटर पंप को सुधार कर कार्यशील कर दिया गया है। वर्तमान में ग्रामवासियों को पेयजल की आपूर्ति नियमित रूप से हो रही है।छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के सहायक अभियंता डी.एस. सिदार ने बताया कि महेन्द्रपुर में क्रेडा द्वारा सोलर ड्यूल पंप की स्थापना 31 अक्टूबर 2013 को किया गया है। उक्त संयंत्र के अकार्यशील होने की जानकारी मिलने पर क्रेडा के उप अभियंता एवं मैकेनिक द्वारा स्थल का निरीक्षण किया गया, जिसमें मोटर पंप खराब पाए जाने पर क्रेडा टीम द्वारा तत्काल आवश्यक सुधार कार्य करते हुए मोटर पंप की मरम्मत की गई तथा केबल, रोप वायर एवं पाइप सहित अन्य सहायक सामग्री को बदलकर संयंत्र को पुनः कार्यशील किया गया। वर्तमान में सोलर पंप सुचारू रूप से संचालित हो रहा है तथा ग्रामवासियों को नियमित पेयजल की आपूर्ति हो रही है।
————————
07. ग्राम मातालकुडुम का हैण्डपंप तत्काल सुधार किया गया
— विगत दिनों सोशल एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के जरिए जिले के कोयलीबेड़ा विकासखण्ड की ग्राम पंचायत गोण्डाहूर के आश्रित ग्राम (बसाहट) मातालकुडुम के ग्रामीणों द्वारा झरिया का पानी पेयजल के तौर पर उपयोग करने का मामला आया था। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने उक्त प्रकरण को तत्काल संज्ञान में लेते हुए ग्राम मातालकुडुम में स्थापित हैण्डपंप को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा सुधारा गया, जिसके पश्चात उक्त हैण्डपंप से वर्तमान में पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है। साथ ही कलेक्टर के द्वारा एक अतिरिक्त हैण्डपंप खनन के लिए विभाग के कार्यपालन अभियंता को निर्देशित किया गया। उक्त ग्राम (बसाहट) में लगभग 15 परिवार निवासरत हैं।
————————
08. शासकीय अवकाश के चलते स्थगित हुआ ‘बस्तर मुन्ने’ शिविर, अब 1 जून को होगा आयोजन

-विकासखंड दुर्गुकोंदल में आयोजित होने वाला “बस्तर मुन्ने” क्लस्टर स्तरीय शिविर शासकीय अवकाश के कारण स्थगित कर दिया गया है। जनपद पंचायत दुर्गुकोंदल प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह शिविर पहले 28 मई 2026, गुरुवार को ग्राम पंचायत दुर्गुकोंदल में आयोजित होना था, लेकिन उसी दिन सरकारी अवकाश घोषित होने के चलते कार्यक्रम की तिथि में बदलाव किया गया है।जनपद पंचायत दुर्गुकोंदल के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरेंद्र बंजारे ने जानकारी देते हुए बताया कि अब यह शिविर 1 जून 2026, सोमवार को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्राम पंचायतों के सरपंचों तथा सचिवों को नई तिथि के अनुसार अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
————————
09.
———————–
10.
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






