आज की टॉप 10 खबर 16अप्रेल 2026 गुरूवार

———————-

‘संपादकीय-

” कला एवं लेखन में भी समृद् कांकेर ”

-छतीसगढ के बस्तर संभाग का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले चारामा विकासखंड के साथ कांकेर जिला छत्तीसगढी सांस्कृतिक कलाओं में हमेशा से ही उर्वर रही है। पहले ही नहीं आज भी अमूमन गावों में रामलीला के साथ कुछ न कुछ कार्यक्रम तथा अपने बैनर है। लोकगीत हो या अन्य विधा वादन हो या नृत्य हर कोना यहां के कलाकारों के लिए अछूता नहीं रहा है‚ तो मुंबई तक यहां के कलाकारों ने अपना डंका पीटा है और अभी भी कई कलाकार काम कर रहे हैं। सुरम्य कांकेर नगर के पडोसी गावों में भी उम्दा एवं माटी से जुडे कलाकार निवास करते हैं। गायन के क्षेत्र में तो मूलतः नैसर्गिक गायकी यहां देखने मिलता है। यहां के वादन एवं गायकी वाले भाई बहनों के पास उनकी कला देेखेंगे तो आपको वहां से उठने का मन नहीं करेगा। बावजूद राजधानी दूर होने के चलते कई कलाकारों ने अपनी कला से दम भी तोडा है और अन्य क्षेत्र में जीवनयापन को चुना है‚ जहां उनका कहना होता है कि हमें उपर तक अवसर नहीं मिल पाता और बने रहना काफी खर्चीली भी है। लगातार पिटते छत्तीसगढी फिल्मों तथा अत्याधुनिक तकनीकी युग के चलते उनके गीत वायरल होने से भी मेहनताने पर फर्क पडा है। कुछ कलाकारों ने तो स्वयं के एलबम निकाल कर जहां बाजार में उतरने की सोची तो कैसेट उतनी नहीं बिकी जितना सोच था। तो कुछ ने इन मूल कलाकारों की गायकी का चोरी कर मंचों में अपना नाम करने की जुगत जमाने लगे जहां मूल कलाकार ही पीछे छूटता नजर आया। न सिर्फ कलाकारी में अपितु लेखन के क्षेत्र में भी पूर्व से ही काफी समृद्व रहा है कांकेर ǃ जहां जिले में अतीत से आज तक कविताएं‚गीत‚गद्व लिखने वाले आज भी सुदूर गावों में बसते हैं।

✍️मनोज जायसवाल

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 
16 अप्रेल 2026 गुरूवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

01. कांकेर थाने के अंदर भिखारी से भी लोग परेशान, करती है बदसलुकी ।

-नगर कोतवाली थाना कांकेर, यातायात थाना,साईबर थाना अतीत से इसी जगह संचालित है। थाने को कायाकल्प कर कुछ बदलाव का स्वरूप देने में आदर्श पुलिस के रूप में जाना जाने वाले जितेंद्र साहू ने कोई कोर कसर नहीं छोडी। सबसे पहले उन्होंने स्वच्छता को मुख्य ध्वेय मानकर थाने के पीछे को सफाई कराया,जिस कोने पर स्वयं स्टाफ को भी हिचक होती वहीं पुराने वाहनों को भी सुव्यवस्थित किया गया।  जिस पर खुब प्रशंसा भी हुई।   यातायात पुलिस द्वारा नगर की यातायात व्यवस्था बनाये रखने में वो अथक बदलाव किया जहां सृदृढ स्थिति नजर आ रहा है। लेकिन थाने के बाहर तो कार्य हुआ पर स्वयं थाने के अंदर पार्किंग को व्यवस्थित किये जाने की दिशा में शायद कार्य बाकी है। इसी बीच एक महिला भिखारी यहां आने वाले लोगों के साथ भीख मांगते हुए बदसलुकी करती नजर आती है,जिसे लेकर कई लोगों में नाराजगी है। आदर्श पुलिस अधिकारियों के साथ इस प्रकार इस थाने में आने वाला कोई बदसलुकी से सामना करना पडे तो उन्हें तकलीफ ही होगा। इस दिशा में तत्काल कार्रवाई किया जाना चाहिए।

———————–

02. ‘ज्ञानभारतम् मिशन’ अंतर्गत ज्ञान परम्परा एवं बौद्धिक विकास के साक्ष्य को किया जाएगा संग्रहित जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित।

—भारत सरकार, संस्कृति मंत्रालय अंतर्गत ‘‘ज्ञानभारतम् मिशन’’ प्रारंभ किया गया है। राज्य शासन के निर्देशानुसार ‘‘राष्ट्रीय पाण्डुलिपि सर्वेक्षण अभियान’’ अंतर्गत कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति गठित की गई है। जिसकी पहली बैठक जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सह सदस्य सचिव   हरेश मण्डावी की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें सर्वेक्षण हेतु विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा की गई, जिसके अनुसार रूपरेखा तैयार कर जिले के ग्राम पंचायतों, नगरपालिका, नगर पंचायत, राज पैलेस, धार्मिक संस्थानों, प्राचीन मंदिर, ट्रस्ट, मठ, विद्यालय, महाविद्यालय स्तर पर सघन संपर्क करते हुए प्राचीन पाण्डुलिपियों, ताड़पत्रों एवं हस्तलिखित पोथियों में निहित भारत की समृद्ध (ज्ञान परम्परा एवं बौद्धिक) विकास के साक्ष्य को संग्रहित किया जाएगा, ताकि भावी पीढ़ी अपनी इस अमूल्य धरोहर से परिचित हो सके।मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मंडावी द्वारा जनजातीय बाहुल्य जिला होने के कारण विभिन्न समाज प्रमुखों के साथ प्रत्यक्ष भेंट करते हुए उनके निजी, सरकारी दस्तावेजों के माध्यम से जानकारी संग्रहित करने हेतु निर्देश दिये गये। सर्वेक्षण अभियान के सफल संचालन के लिए जिले के अंतर्गत नगरपालिका एवं नगर पंचायतों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी और सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को नोडल अधिकारी के रूप में दायित्व सौंपने के निर्देश दिए गए। बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री स्टेला खलको, भानुप्रतापदेव शासकीय स्नाकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य  चेतन लाल पटेल, सहायक प्राध्यापक   शरद ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश कुमार निषाद, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कांकेर  पवन मेरिया, जिला मिशन समन्वयक  नवनीत पटेल एवं भाषाविद श्री सुकलाल नुरेशिया उपस्थित थे।

———————

03.नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने की अधिवक्ता संघ के साथ बैठक।

—आगामी 09 मई को आयोजित होने वाली वर्ष 2026 की द्वितीय नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन एवं अधिकाधिक प्रकरणों के निराकरण हेतु जिला न्यायालय कांकेर में अधिवक्ता संघ के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष  संजीव कुमार टामक द्वारा की गई। उक्त बैठक में राजीनामा एवं समझौते योग्य लंबित प्रकरणों को नेशनल लोक अदालत के माध्यम से अधिकतम संख्या में निराकृत किए जाने पर विशेष बल दिया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री टामक द्वारा अधिवक्ताओं से अपील की गई कि वे अपने पक्षकारों को समझाकर राजीनामा योग्य प्रकरणों को समय पर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करें। बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कांकेर श्री भास्कर मिश्र, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्रीमती शांति प्रभु जैन एवं अधिवक्ता संघ कांकेर के अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

————————

04. जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारी-कर्मचारियों को अवकाश के लिए कलेक्टर की अनुमति आवश्यक

— भारत की जनगणना अंतर्गत मकानों की सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 01 मई से 30 मई तक किया जाएगा। जनगणना कार्य को सूचारू एवं समयबद्ध रूप से संपन्न कराने के लिए जनगणना कार्य में नियोजित सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अवकाश के लिए कलेक्टर की अनुमति आवश्यक किया गया है। जिले में जनगणना कार्य में लगे किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को कलेक्टर के पूर्व अनुमोदन के बिना अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। कोई भी अधिकारी-कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेगें। विशेष परिस्थितियों में जिला जनगणना शाखा के माध्यम से अवकाश आवेदन प्रस्तुति उपरांत अवकाश स्वीकृत किया जाएगा। पूर्व में कार्यालय प्रमुख द्वारा स्वीकृत अवकाश के प्रकरणों में जिला जनगणना शाखा के माध्यम से अवकाश हेतु पुनः आवेदन प्रस्तुत कर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी से अनुमोदन लिया जाना अनिवार्य है, अन्यथा अवकाश स्वीकृति मान्य नहीं होगी। उक्त आदेश का कड़ाई से पालन करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

 ————————

05 .सुशासन तिहार- 2026  जन शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए चलेगा विशेष अभियान 01 मई से 10 जून तक लगेंगे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लगेंगे शिविर

—छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से इस वर्ष भी “सुशासन तिहार 2026” के आयोजन व्यापक पैमाने पर किया जाएगा। इस अभियान के सफल आयोजन को लेकर राज्य शासन द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अभियान के अंतर्गत 30 अप्रैल तक लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा तथा 01 मई से 10 जून तक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के वार्डों में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
लंबित प्रकरणों का निराकरण 30 अप्रैल तक करने के निर्देश
जारी निर्देशानुसार 30 अप्रैल तक जिले में लंबित प्रकरणों के निराकरण हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए है। इसके अंतर्गत भूमि संबंधी प्रकरण जैसे नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, मनरेगा अंतर्गत लंबित मजदूरी भुगतान, हितग्राहीमूलक योजनाओं के लंबित भुगतान, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, बिजली एवं ट्रांसफार्मर संबंधी समस्याएं तथा हैंडपंप सुधार जैसे मुद्दों का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही पात्र हितग्राहियों को उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन 01 मई से 10 जून तक
सुशासन तिहार के अंतर्गत 01 मई से 10 जून तक जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में 15 से 20 ग्राम पंचायतों के समूह तथा शहरी क्षेत्रों में वार्ड क्लस्टर के आधार पर शिविर आयोजित होंगे। इन शिविरों में शासन की विभिन्न योजनाओं के संबंध में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ वितरण किया जाएगा। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का अधिकतम एक माह के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक आवेदक को उसके आवेदन की स्थिति की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए हैं। अभियान के दौरान मंत्रीगण, सांसद एवं विधायकगण, मुख्य सचिव एवं प्रभारी सचिव समय-समय पर शिविरों में शामिल होकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे और आमजन से संवाद स्थापित करेंगे।
मुख्यमंत्री करेंगे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक
अभियान के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय स्वयं विभिन्न जिलों में पहुंचकर विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन का औचक निरीक्षण करेंगे तथा हितग्राहियों से फीडबैक लेंगे। इसके साथ ही जिला मुख्यालयों पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर समाधान शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी। मुख्यमंत्री द्वारा निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के उपरांत प्रेसवार्ता को संबोधित किया जाएगा तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से भेंट कर सुझाव प्राप्त किए जाएंगे।

  ————————

06.आज कांकेर नगर के वार्ड क्रमांक 1 में आज तालाब के भूमि पूजन के साथ विकास कार्यों का शुभारंभ नगरपालिकाध्यक्ष अरूण कौशिक,पार्षदगण की उपस्थिति में किया गया।यह पहल क्षेत्र की सुंदरता और मूलभूत सुविधाओं को नई दिशा देने का एक महत्वपूर्ण कदम है।

  ————————

07. नगर पंचायत भानुप्रतापपुर में 9 बी.टी. सड़कों के लिए डेढ़ करोड़ रुपए मंजूर।उप मुख्यमंत्री श्री साव के अनुमोदन के बाद नगरीय प्रशासन विभाग ने जारी किया स्वीकृति आदेश जारी।दुर्गा मंदिर से मंडी तक 23.81 लाख की लागत से बनेगी बी.टी. रोड। 

-नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने कांकेर जिले की भानुप्रतापपुर नगर पंचायत में 9 बी.टी. सड़कों के लिए एक करोड़ 49 लाख 55 हजार रुपए मंजूर किए हैं। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन मंत्री  अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने संचालनालय से इनकी मंजूरी के आदेश जारी कर दिए हैं। उप मुख्यमंत्री तथा विभागीय मंत्री  अरुण साव ने सभी कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए समय-सीमा में काम पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।नगरीय प्रशासन एवं विकास विकास ने भानुप्रतापपुर नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक-7 में दो बी.टी. सड़कों के लिए 47 लाख 54 हजार रुपए स्वीकृत किए हैं। विभाग द्वारा वार्ड क्रमांक-1 में बी.टी. रोड के लिए 21 लाख 82 हजार रुपए, वार्ड क्रमांक-2 के लिए 5 लाख 95 हजार रुपए तथा वार्ड क्रमांक-9 के लिए 6 लाख एक हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।नगरीय प्रशासन विभाग ने वार्ड क्रमांक-10 में दुर्गा मंदिर से मंडी तक बी.टी. रोड के लिए 23 लाख 81 हजार रुपए, वार्ड क्रमांक-12 में बी.टी. रोड के लिए 16 लाख 9 हजार रुपए, वार्ड क्रमांक-13 के लिए 21 लाख 39 हजार रुपए एवं वार्ड क्रमांक-14 में 6 लाख 94 हजार रुपए बी.टी. सड़क के लिए स्वीकृत किए हैं।

 ————————

08. थल सेना में अग्निवीर भर्ती हेतु लिखित परीक्षा पूर्व निःशुल्क प्रशिक्षण की व्यवस्था

-भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाईन आवेदन की प्रक्रिया 10 अप्रैल तक पूर्ण किया जा चुका है। इसके लिए कांकेर जिले से 1314 आवेदकों के द्वारा ऑनलाईन आवेदन जमा किया गया है। भारतीय थल सेना द्वारा पंजीकृत आवेदकां का ऑनलाईन लिखित परीक्षा (सीईई) 01 जून से 15 जून 2026 तक आयोजित किया जाना संभावित है। परीक्षा के लिए युवाओं को बेहत्तर रूप से तैयार करने के उद्देश्य से संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशानुसार निःशुल्क प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए ऑनलाईन आवेदन रोजगार विभाग के वेबसाईट www.erojgar.cg.gov.in में 30 अप्रैल तक किया जा सकता है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन 04 मई से प्रारंभ होकर 04 जून तक किया जाएगा।निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए इच्छुक एवं पात्र आवेदक किसी भी च्वाईस सेंटर अथवा रोजगार कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर रोजगार विभाग के वेबसाईट www.erojgar.cg.gov.in पर निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर निःशुल्क प्रशिक्षण का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

 ——————–

09 .राष्ट्रीय साधन सह प्रवीण छात्रवृत्ति परीक्षा 02 मई को  पात्र विद्यार्थियों को लक्ष्य आधारित तैयारी से जोड़ा गया।

– राष्ट्रीय साधन सह प्रवीण छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएसई) का 02 मई को दो पालियों में आयोजित किया जाएगा। जिले में इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए व्यापक एवं सुनियोजित तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं शासकीय उच्च प्राथमिक शालाओं के संस्था प्रमुखों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिसके तहत कक्षा 8वीं के पात्र विद्यार्थियों को लक्ष्य आधारित तैयारी से जोड़ा गया है। जिला स्तर पर तैयार प्रश्न-पत्र, जिसमें विभिन्न वर्षों के अति महत्वपूर्ण प्रश्नों को समाहित किया गया है, के आधार पर विद्यार्थियों का नियमित अभ्यास कराया जा रहा है। इसके अंतर्गत 23 अप्रैल को मॉक टेस्ट आयोजित किया जाएगा। विद्यार्थियों की तैयारी को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रतिदिन प्रातः 09 बजे से 11 बजे तक टेस्ट आयोजित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही अगले दिवस संबंधित विद्यार्थियों को उनके टेस्ट का परिणाम प्रदान करते हुए उनकी प्रगति का विश्लेषण भी किया जाएगा, जिससे कमजोर बिंदुओं की पहचान कर सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। विद्यार्थियों की तैयारी को और सशक्त बनाने हेतु ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन भी प्रारंभ किया गया है, जिससे विद्यार्थी निरंतर मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें।जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद ने बताया कि तैयारी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सभी विद्यालयों को निर्देशित किया गया है। वे कक्षाओं, टेस्ट एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की फोटो एवं जानकारी नियमित रूप से साझा करें, जिससे मॉनिटरिंग किया जा सके।

————————

10.महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने ग्राम डांगरा में कुसुम पेड़ के नीचे लगाई ’बाल चौपाल’ग्रामीण महिलाओं एवं बच्चों के साथ सहज ढंग से किया अनौपचारिक संवाद।

— प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आज जिले के दूरस्थ क्षेत्र में स्थित दुर्गूकोंदल ब्लॉक के ग्राम डांगरा में आयोजित बाल चौपाल में सम्मिलित होकर हाई स्कूल परिसर में कुसुम पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीण महिलाओं एवं बच्चां के साथ सहज ढंग से अनौपचारिक संवाद किया। इस अवसर पर बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा तथा राज्य हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत भी उपस्थित थीं। इस दौरान बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. शर्मा ने बच्चों के बीच विभिन्न प्रकार की गैर शैक्षणिक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियां और खुली प्रतियोगिताएं आकर्षक ढंग से आयोजित कराई। इस दौरान प्रतिभागी बालिकाओं को महिला एवं बाल विकास मंत्री ने अपने हाथों से प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार वितरित किए।इस अवसर पर ग्रामीण महिलाओं और बच्चों को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि महतारी वंदन योजना से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और संबल हुई हैं, वहीं दैनिक जरूरतों की पूर्ति में काफी आसानी हुई है। उन्होंने मौके पर मौजूद महिलाओं को समझाइश देते हुए कहा कि गर्भावस्था के दौरान उन्हें विशेष रूप से खानपान पर ध्यान देने तथा अतिरिक्त पोषण आहार और प्रोटीन-विटामिन की आवश्यकता होती है जिससे मां और बच्चा दोनों स्वस्थ व निरोगी हों। इस दौरान कैबिनेट मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने ग्रामीण महिलाओं से खुली चर्चा करते हुए विभाग की योजनाओं तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना का लाभ लेने की अपील की। इसके पहले, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. शर्मा ने उपस्थित बच्चों के बीच प्रेरक गतिविधियां कराई, जिसमें गुड टच-बैड टच, लोक गीत, लोक नृत्य, व्यक्तित्व विकास, दैनंदिनी से जुड़ी गतिविधियां आदि शामिल थीं, जिसमें बच्चों ने बारी-बारी से उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया तथा खुलकर अपनी प्रतिभाओं का प्रदर्शन किया।
रेडी टू ईट से बनी खीर से कराया अन्नप्राशन, शिशुवती महिलाओं को भेंट की सुपोषण टोकरी
महिला एवं बाल विकास मंत्री ने ग्राम डांगरा में आयोजित बाल चौपाल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की, जहां उन्होंने 03 नौनिहालों को अन्नप्राशन कराया। उन्होंने ग्राम डांगरा से आई श्रीमती सुकारो बाई की 05 माह की बेटी कु.रूही नरेटी को गोद में उठाकर रेडी टू ईट से बनी खीर खिलाकर रस्म अदायगी की। साथ ही ग्राम हिंगनपुरी की श्रीमती सुशीला बाई की पुत्री कु. वामिका उइके और ग्राम भंडारडिगी निवासी श्रीमती मधु की बेटी कु. लावण्या गावड़े का भी अन्नप्राशन रेडी टू ईट से तैयार खीर खिलाकर कराया। इसी तरह पांच शिशुवती माताओं को सुपोषण टोकरी भेंट की, जिनमें शिशु कु. काव्या दर्रो, इवांशी मरकाम, कनिका यादव, अनुज कुमार और संध्या दुग्गा की माताएं शामिल थीं।
विद्यारम्भ संस्कार प्रमाण पत्र प्रदान किया
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं अन्य अतिथियों ने 05 बच्चे विधाना मरकाम, प्रियांशी कुरेटी, विकास हिड़को, ग्रेसी निषाद और रियांशी तेता को विद्यारंभ संस्कार प्रमाण पत्र सौंपा।
मौके पर 68 महिलाओं का किया गया ई-केवायसी
बाल चौपाल कार्यक्रम के दौरान मौके पर महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं का ई-केवायसी अपडेट भी किया गया। इस दौरान कुल 68 महिलाओं का ई-केवायसी सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
महिलाओं एवं बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर किया सामूहिक भोज
बाल चौपाल कार्यक्रम के उपरांत महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती राजवाड़े, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. शर्मा और राज्य हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती राजपूत ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीण महिलाओं तथा बच्चों के साथ पेड़ के नीचे जमीन पर बैठकर एक साथ सामूहिक भोज किया। अतिथियों को पेड़ों के पत्तों से तैयार किए गए दोना-पत्तल में दाल, चावल, कुल्थी की सब्जी, मड़िया पेज आदि पारंपरिक व्यंजन परोसा गया।  इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री विपिन जैन, एसडीएम भानुप्रतापपुर श्री जीडी वाहिले एवं विभाग के अधिकारी कर्मचारी, विभिन्न स्कूल से आए विद्यार्थी और काफी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। चौगेल पुनर्वास केन्द्र में आत्मसमर्पित महिलाओं से जाना हालचाल
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने प्रवास के दौरान भानुप्रतापपुर के ग्राम चौगेल (मुल्ला) स्थित पुनर्वास केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने आत्मसमर्पित महिलाओं से बातचीत कर उनका हालचाल जाना तथा केन्द्र में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. शर्मा और राज्य हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती राजपूत ने भी प्रशिक्षण कक्ष में जाकर उनसे चर्चा कर समस्याएं सुनीं और इस संबंध में आवश्यक निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिए।

————————

विशेष-
वीबीजी राम जी योजना तत्काल शुरू हो – आप
देवगांव पंचायत के उपसरपंच एवं आम आदमी पार्टी जिला संगठन संतोष मंडावी ने वीबीजी राम जी  योजना को जल्द शुरू करने हेतु मुख्यमंत्री को कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन दिया उन्होंने ज्ञापन में कहा की मनरेगा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के अधिकतर लोगों को रोजगार गारंटी के तहत रोजगार प्राप्त होती थी, परंतु VB G ram ji योजना इस वित्तीय वर्ष से चालू होनी थी ,जिसके तहत ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार की व्यवस्था रोजगार गारंटी जैसी कार्य होनी थी ,परंतु अभी इस वित्तीय वर्ष तकरीबन 15 दिन बीत चुकी है ,और जब यह योजना के बारे में प्रशासनिक अधिकारियों को पूछने पर बताया जा रहा है, कि अभी तकरीबन दो माह इसको क्रियान्वित (विस्तृत) होने में समय लगेगी इस उलझन बातों से ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी की समस्या बनी हुई है, इस प्रकार ग्रामीण क्षेत्र के बहुत सारे लोग अपनी रोज मारा जीवन यापन हेतु पलायन के लिए मजबूर हो रहे हैं ,इस विषम परिस्थिति को दिखती हुई आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री को पत्र के माध्यम से इस योजना को तत्काल ग्राम पंचायत में लागू करने करने का निवेदन किए , इस बीच आप नेता जगदीश नेताम ने शासन प्रशासन को चेतावनी भी दिए की 15 दिन के अंदर वीबीजी राम जी  योजना धरातल पर नहीं होगी तो पूरे प्रदेश स्तर पर आम आदमी पार्टी आंदोलन करेगी इस बीच अर्जुन ठाकुर, बीरेंद्र ठाकुर, दिशानु नेताम, दीपका कोडपी, संजय मसानी आदि कार्यकर्ताओं उपस्थित थे

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

जिला महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष का सफलता पूर्वक निर्वहन कोई चुनौती नही !

(मनोज जायसवाल) -पार्टी में बेहतर समन्वय बना कर चलने का ही सबुत है,कि श्रीमती मिथलेश शोरी के साथ महिलाओं की फौज लेकर चल रही है। जिले के चारामा विकासखंड अंतर्गत…

आज की टॉप 10 खबर 15अप्रेल 2026 बुधवार

———————- ‘संपादकीय- ”जिला महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष का सफलता पूर्वक निर्वहन कोई चुनौती नही !” -पार्टी में बेहतर समन्वय बना कर चलने का ही सबुत है,कि श्रीमती मिथलेश शोरी के साथ…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *