आज की टॉप 10 खबर 28 अक्टूबर 2026 बुधवार

———————-

संपादकीय—

वी. शांताराम जी(फिल्म निर्देशक)

भारतीय सिनेमा के जानेमाने फिल्म निर्देशक की पुण्य तिथि पर सादर नमन …
फिल्म निर्देशक फिल्मकार राजाराम वांकुडरे शांताराम का जन्म महाराष्ट्र के कोल्हापुर में 18 नवंबर, 1901 को एक जैन परिवार में हुआ था। उनकी प्रमुख फिल्मों में अमर कहानी, अमर भूपाली, झनक-झनक पायल बाजे, दो आंखें बारह हाथ, नवरंग आदि थी।उन्हें वर्ष 1957 में झनक-झनक पायल बाजे के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का फ़िल्मफेयर पुरस्कार दिया गया था। उनकी कालजयी फ़िल्म दो आंखें बारह हाथ के लिए सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म का पुरस्कार प्रदान किया गया। 1985 में भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े पुरस्कार दादा साहब फाल्के पुरस्कार से नवाजा गया।30 अक्तूबर 1990 को मुंबई में निधन हो गया। और उन्होंने सिनेमा जगत सहित दुनियां को अलविदा कह दिया।

✍️मनोज जायसवाल

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

28 अक्टूबर  2026 बुधवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

✍️ 01. पटवारी संघ द्वारा किये जा रहे हडताल पंडाल जाकर भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी ने दिया समर्थन।

—राजस्व पटवारी संघ, ब्लॉक इकाई चारामा के धरना स्थल पर पहुंचकर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी के साथ पटवारी संघ की चार सूत्रीय मांगों को जायज ठहराते हुए उनके प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। पटवारी संघ की प्रमुख मांगों में पटवारी संवर्ग से राजस्व निरीक्षक पद पर पदोन्नति, वर्ष 2017 में ग्रेड पे में संशोधन के फलस्वरूप उत्पन्न वेतन विसंगति का निराकरण, PV एप के स्थान पर DCS के माध्यम से शुद्ध एवं त्रुटिरहित फसल गिरदावरी सुनिश्चित करना तथा आंदोलन की पृष्ठभूमि में की गई निलंबन, स्थानांतरण एवं कारण बताओ नोटिस संबंधी कार्यवाहियों को निरस्त करना शामिल है। विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी ने पटवारी संघ की मांगों को जायज बताते हुए उनकी समस्याओं के निराकरण की आवश्यकता पर बल दिया। धरना स्थल पर पहुंचकर उन्होंने पटवारी संवर्ग की मांगों और समस्याओं के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया और सरकार से आग्रह किया है कि किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए पटवारियों के मांगों को जल्द से जल्द पूरी की जाए। इस अवसर पर हिरवेन्द्र साहू अध्यक्ष ब्लाक कांग्रेस कमेटी चारामा, भुनेश्वर नागराज अध्यक्ष नगर पंचायत चारामा, महेन्द्र नायक कार्यकारी जिलाध्यक्ष युवक कांग्रेस कांकेर, सत्तार खान अध्यक्ष कांग्रेस मंडल जैसाकर्रा,कमलेश रानू सेन पार्षद नगर पंचायत चारामा, संतोष शिन्दे, सुधांशु पांडे आदि उपस्थित रहे

———————–

✍️ 02. खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में मिलेगा स्वरोजगार को बढ़ावा। मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना के तहत बैंक ऋण पर मिलेगा 35 प्रतिशत अनुदान।

— छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में कुटीर उद्योगों की स्थापना एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बैंक के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को परियोजना राशि पर 35 प्रतिशत अनुदान का लाभ दिया जाता है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के सभी 33 जिलों में योजना का लाभ दिया जा सकता है। इच्छुक आवेदक अपना आवेदन सहायक संचालक, छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, जिला पंचायत कार्यालय कांकेर में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
सहायक संचालक ग्रामोद्योग ने बताया कि मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र आवेदकों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। योजना के अंतर्गत सेवा क्षेत्र में साइकिल रिपेयरिंग, मोबाइल रिपेयरिंग, इलेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग, ब्यूटी पार्लर, फोटोकॉपी सेंटर, वीडियोग्राफी, मंडप डेकोरेशन, कंप्यूटर सेंटर एवं होटल जैसे व्यवसायों के लिए एक लाख रुपये तक तथा विनिर्माण क्षेत्र में फैब्रिकेशन, मिठाई निर्माण, बेकरी, दोना-पत्तल निर्माण, मोमबत्ती निर्माण, अगरबत्ती निर्माण, पशु चारा निर्माण, सिलाई कार्य, मसाला निर्माण एवं दलिया निर्माण जैसे कुटीर उद्योगों के लिए तीन लाख रुपये तक की प्रोजेक्ट राशि पर शासन द्वारा 35 प्रतिशत अनुदान का लाभ दिया जाता है। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदन के साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र एवं अंकसूची, ग्राम पंचायत का अनापत्ति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, बैंक पासबुक और पेन कार्ड इत्यादि की छायाप्रति सहित आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। इस संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए सहायक संचालक, छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के दूरभाष नंबर 78989-85248 पर संपर्क किया जा सकता है।

———————–

✍️ 03. आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों और आश्रमों की व्यवस्थाओं को लेकर सीईओ जिला पंचायत ने दिए निर्देश।

—जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मण्डावी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जिले के आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों एवं आश्रमों के संचालन और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उनके द्वारा बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, खान-पान और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सीईओ जिला पंचायत ने आश्रमों – छात्रावासों के निरीक्षण के लिए नियुक्त अधिकारियों को नियमित रूप से संस्थाओं का निरीक्षण करने तथा आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों एवं आश्रमों में बच्चों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों एवं आश्रमों में शिकायत पेटी अनिवार्य रूप से रखने के लिए निर्देशित किया, ताकि विद्यार्थी अपनी समस्याओं और शिकायतों को सामने रख सकें। छात्राओं की सुरक्षा और उनकी समस्याओं को समझने के लिए महिला निरीक्षणकर्ता अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय-समय पर छात्राओं से एकांत में संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि वे बिना किसी संकोच के अपनी बात रख सकें। स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से प्रत्येक माह कम से कम एक बार स्वास्थ्य परीक्षण कराने को कहा गया। इसके अलावा, अस्वस्थ एवं बीमार विद्यार्थियों की उचित देखभाल के लिए प्रत्येक संस्था परिसर में पृथक कक्ष को मेडिकल रूम के रूप में व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। इस कक्ष में बिस्तर, आवश्यक स्वास्थ्य सामग्री एवं अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। जिला पंचायत सीईओ श्री मण्डावी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करें, ताकि आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों एवं आश्रमों में अध्ययनरत बच्चों को सुरक्षित वातावरण, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और समुचित देखभाल उपलब्ध हो सके। वीडियो कॉन्फ्रेंस में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भानुप्रतापपुर, जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, जिला मिशन समन्वयक (समग्र शिक्षा), सभी खंड शिक्षा अधिकारी, मंडल संयोजक, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय अंतागढ़ के अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

————————

✍️ 04. नरहरपुर पुलिस ने 40 गौवंश की तस्करी के प्रकरण मे 03 फरार मुख्य आरोपीयों को किया गिरफ्तार, एवं 01 हुंडई क्रेटा व 2 पिकअप वाहन जप्त। आरोपियों द्वारा गौवंशों को गौशाला भेजने के नाम पर 40 मवेशियों का किया गया तस्करी। आरोपियों से जप्त मवेशी बिक्री रकम – 10000 रुपये, व घटना में प्रयुक्त 01 क्रेटा वाहन 1500000 व 2 पिकअप वाहन कीमत 1000000 । कुल कीमती 2510000 ₹ की संपत्ति जप्त।प्रकरण में अब तक कुल 13 आरोपियों को किया गया हैं गिरफ्तार।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि—प्रार्थी रविकांत ठाकुर निवासी वार्ड क्रमांक 08 नरहरपुर द्वारा थाना नरहरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि नरहरपुर क्षेत्र के ग्रामीणों की गाय एवं बछड़े दिनांक 30.09.2026 की रात्रि से लापता हैं। पूछताछ में जानकारी प्राप्त हुई कि हिमांशू तिवारी एवं गौरव शोरी द्वारा आवारा एवं लावारिस मवेशियों को गौशाला भेजने की बात कहकर ग्रामीणों से संपर्क किया गया था।आरोपियों द्वारा पण्डरीपानी, सिहावा स्थित गौशाला में मवेशियों को भेजने की बात कहकर नरहरपुर हाईस्कूल खेल मैदान से लगभग 40 गौवंशों को पिकअप वाहनों में भरकर ले जाया गया। जब ग्रामीणों ने संबंधित गौशाला में जाकर जानकारी ली तो वहां नरहरपुर से कोई भी गौवंश पहुंचना नहीं पाया गया। शिकायत एवं पूछताछ के आधार पर थाना नरहरपुर में अपराध क्रमांक 193/2026, धारा 303(2) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा (भापुसे )के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरिश कुमार पाटिल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी की गई। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने लगभग 40 गौवंशों को गौशाला भेजने के बहाने चोरी करना स्वीकार किया। जिस पर पूर्व में कुल 10 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है तथा प्रकरण के मुख्य फरार आरोपी हेमंत यादव निवासी धमतरी व प्रियेश साहू निवासी खरतूली की पता तलाश की जा रही थी। जो आरोपियों की जानकारी मिलने पर धमतरी से घेराबंदी कर पकड़ कर पूछताछ किया गया जिन्होंने पूर्व में गिरफ्तार आरोपी हिमांशु तिवारी व गौरव सोरी के मिलकर चोरी की मवेशियों को पापड़हांडी लेजाकर 45000  में बेच देना बताया। स्वयं बचने व पुलिस को गुमराह करने के लिए कही और से मवेशी लाकर बताया की नरहरपुर से लाये गये मवेशी हैं। आरोपियों के कब्जे से :- घटना में प्रयुक्त 01 हुंडई क्रेटा वाहन कीमत 15,00,000 , 2 पिकअप वाहन कीमती 1000000, मवेशी बिक्री रकम – 10000  कुल जप्ती – 25,10,000 की जप्ती की गई। आरोपियों के द्वारा वाहन में मवेशियों ठूस ठूस कर भरकर कत्लखाना पापडहांडी उडीसा ले जाया जो धारा 4,6,10 छग क़षिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 एवं धारा 11 घ पशु क्रूरता अधिनियम का पाये जाने से आरोपियों के विरूद् धारा जोडी गई। गिरफ्तार आरोपी में—1. विजय कुमार साहू पिता चमराराम साहू उम्र 32 वर्ष, निवासी जामगांव थाना नरहरपुर जिला उ.ब. कांकेर (छ. ग.) 2. किशोर नाग पिता घासी राम उम्र 38 वर्ष, निवासी जामगांव थाना नरहरपुर जिला उ.ब. कांकेर (छ.ग.)
3. आशीष पटेल पिता स्व. लोचन पटेल उम्र 31 वर्ष निवासी जामगांव थाना नरहरपुर जिला कांकेर हैं।आरोपियों को अपराध में संलिप्त पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया।
जप्त सामग्री में—
– 01 हुंडई क्रेटा वाहन – कीमत 15,00,000 ₹
– 2 पिकअप वाहन -1000000
– मवेशी बिक्री रकम – 10000 
– कुल जप्ती – 25,10,000 

निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल, थाना प्रभारी नरहरपुर; उपनिरीक्षक (प्रशिक्षु) पियुष कुमार यादव; स उ नि बुधारू राम मरकाम, प्रधान आरक्षक संवलू राम नेताम; आरक्षक नीलेश निषाद, पवन मरकाम, गुलशन मंडावी पुलिस टीम में रहे।

 ——————-

✍️ 05. पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज   बद्रीनारायण मीणा ने किया जिला कांकेर का वार्षिक निरीक्षण। जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं लंबित प्रकरणों की गई समीक्षा ।

—पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज जगदलपुर बद्रीनारायण मीणा (भा.पु.से.) द्वारा दिनांक 26 एवं 27 अक्टूबर 2026 को जिला कांकेर प्रवास के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं रक्षित केंद्र कांकेर का वार्षिक निरीक्षण किया गया।दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा (भा.पु.से.) द्वारा पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भापुसे) के नेतृत्व में जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराधों की रोकथाम, लंबित प्रकरणों के निराकरण, विवेचना की गुणवत्ता तथा आम नागरिकों की शिकायतों पर की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय की समस्त शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यालयीन कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ-साथ निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप कार्यों का समयबद्ध निष्पादन करने पर जोर दिया गया।

दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को पुलिस महानिरीक्षक द्वारा रक्षित केंद्र कांकेर में पुलिस परेड का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस बल के अनुशासन, शारीरिक दक्षता एवं तैयारियों का जायजा लिया गया। साथ ही बलवा ड्रिल का अभ्यास कराया गया, जिसके माध्यम से भीड़ नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने तथा पुलिस बल के बीच बेहतर समन्वय एवं सामूहिक कार्यक्षमता को परखा गया। निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान ‘ पुलिस संवाद’ कार्यक्रम आयोजित कर जिले के पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुनकर पुलिस विभाग में बेहतर संवाद एवं समन्वय को बढ़ावा देना रहा।

वार्षिक निरीक्षण के दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस बल के सभी सदस्यों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही पुलिस सैलेरी पैकेज के तहत आईडी ब्लास्ट में शहीद हुए परिजनो को 1 करोड़ की सहायता राशि प्रदान की गई।यह सहायता शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों को संकट या जरूरत के समय कम ब्याज पर तुरंत ऋण उपलब्ध कराना और उनके वेतन से नियमित बचत कराकर उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस साख समिति का शुभारंभ किया गया। पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा ने आम नागरिकों की सुरक्षा, सेवा एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिसिंग में संवेदनशीलता, कार्यकुशलता, अनुशासन एवं जवाबदेही बनाए रखते हुए जनविश्वास को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान एडिशनल एसपी योगेश साहू , एएसपी राकेश कुर्रे, एसडीओपी शेर बहादुर सिंह ठाकुर,एसडीओपी हरीश पाटिल, डीएसपी सुश्री प्रतिभा लहरें, डीएसपी मुख्यालय सुश्री विंकेश्वरी पिंदे, एसडीओपी संतोष जैन, रक्षित निरीक्षक गोविन्द वर्मा, रक्षित निरीक्षक दीपक साव एवं अन्य पुलिस अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

——————-

✍️06.कांकेर विधानसभा के विधायक आशाराम नेताम एवं बस्तर रेंज आईजी बद्रीनारायण मीणा ने किया साइबर सेल का उद्घाटन। साइबर अपराधों की रोकथाम एवं साइबर संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल।

—साइबर सेल की स्थापना जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम, साइबर संबंधी शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई तथा साइबर अपराधों से संबंधित प्रकरणों के निराकरण को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से साइबर अपराधों की जांच, तकनीकी साक्ष्यों के संकलन तथा संबंधित शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी। यह पहल नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने एवं साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से की गई है।

थाना सिटी कोतवाली एवं ई-मालखाना का निरीक्षण
पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज, बद्रीनारायण मीणा (भा.पु.से.) द्वारा थाना सिटी कोतवाली कांकेर का भ्रमण कर थाने की कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान ई-मालखाना का भी अवलोकन किया गया तथा जब्तशुदा संपत्ति के डिजिटल अभिलेखीकरण एवं ऑनलाइन ट्रैकिंग प्रणाली के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। ई-मालखाना प्रणाली के माध्यम से जब्तशुदा सामग्री का डिजिटल रिकॉर्ड संधारित करने तथा उसकी स्थिति एवं उपलब्धता का व्यवस्थित विवरण सुरक्षित रखने में सुविधा होती है। इससे जब्त संपत्ति के रखरखाव में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ-साथ विवेचना तथा न्यायालयीन कार्यवाही के दौरान आवश्यक सामग्री के अभिलेखों की उपलब्धता सुगम होती है।

महिला सेल एवं महिला रक्षा टीम के कार्यों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक द्वारा महिला सेल का भ्रमण कर महिला रक्षा टीम द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित गतिविधियों, शिकायतों पर की जाने वाली कार्रवाई तथा महिला सुरक्षा के क्षेत्र में पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली गई। पुलिस महानिरीक्षक द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, तत्परता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता के साथ करें। आम नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जनविश्वास को और अधिक सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया। उक्त अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरीश पाटिल, उप पुलिस अधीक्षक (IUCAW) सुश्री प्रतिभा लहरे, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सुश्री विंकेश्वरी पिंदे, रक्षित निरीक्षक दीपक साव, रक्षित निरीक्षक गोविंद वर्मा, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जितेंद्र साहू, साइबर थाना प्रभारी राजेंद्र साहू सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 ————————

✍️07. शासकीय कोमलदेव जिला अस्पताल पहूंच कर मरीजों से मुलाकात कर कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने कुशलक्षेम जाना।

—आज कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने शासकीय कोमलदेव जिला अस्पताल पहुंचकर यहां स्वास्थ्य लाभ ले रहे मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का कुशलक्षेम जाना। इस दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों से आत्मीय संवाद कर उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

————————

✍️08.भाजपा कार्यालय कमल सदन में संगठनात्मक बैठक में शामिल हुए कांकेर विधायक आशाा राम नेताम।

—आज कमल सदन, अलबेलापारा, कांकेर में आयोजित संगठनात्मक बैठक में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, आपसी समन्वय बढ़ाने तथा जनसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। कहा-संगठन की शक्ति हमारे समर्पित कार्यकर्ताओं, आपसी सहयोग और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता में निहित है। हमारा उद्देश्य जन-जन तक पहुंचकर उनकी अपेक्षाओं को समझना और क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाना है।

 ———————–

 ✍️09.पटवारियों की हड़ताल से धान खरीदी पर संकट, पंजीयन अधूरा,29 को किसानों की मांगो को लेकर “आप” सौंपेंगी जिलास्तरीय ज्ञापन  

—छत्तीसगढ़ में राजस्व पटवारी संघ के आह्वान पर 13 अक्टूबर से जारी पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल ने प्रदेश की राजस्व व्यवस्था को गंभीर संकट में डाल दिया है। वहीं पीवी (फिजिकल वेरिफिकेशन) ऐप की तकनीकी खामियों, लंबित वेतन विसंगति, पदोन्नति और पटवारियों के खिलाफ की गई दंडात्मक कार्रवाई के विरोध में जारी इस आंदोलन का सीधा असर अब प्रदेश के किसानों और आम जनता पर पड़ रहा है। इन्हीं सभी मांगों को लेकर आम आदमी पार्टी 29 अक्टूबर 2026 को हर जिले में कलेक्टर के माध्यम से छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री को ज्ञापन सौंपेगी।आम आदमी पार्टी ने इस स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर पटवारियों की जायज मांगों और किसानों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।

———————–

✍️ 10. त्योहार में महंगाई की मार, गरीब की थाली से गायब हुई रोटी और मिठाई।केंद्र सरकार महंगाई रोकने में फेल, जनता त्रस्त – नेता व्यास यदु

—दीपावली का त्योहार नजदीक है, लेकिन बाजार में बढ़ती महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। शिवसेना नेता व्यास यदु ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ से लेकर पूरे भारत में महंगाई ने आम आदमी का जीना मुश्किल कर दिया है। सरकार हर दिन महंगाई रोकने के दावे करती है, लेकिन जमीन पर दाम लगातार बढ़ रहे हैं। सरकार सिर्फ भाषण दे रही है, गरीब क्या खाएगा इसकी चिंता किसी को नहीं है।

मजदूर की दिहाड़ी 300 और दाल 160 रुपये किलो, घर कैसे चलेगा

व्यास यदु ने कहा कि आज एक मजदूर दिन भर मेहनत करके 250 से 300 रुपये कमाता है। उसी में उसे घर चलाना है, बच्चों को पढ़ाना है, दवाई और राशन लाना है। जब रहर दाल 160 रुपये किलो, चावल 100 रुपये किलो तक बिक रहा है तो गरीब परिवार क्या खाएगा। उन्होंने बताया कि पहले एक गरीब परिवार का महीना 4000 रुपये में चल जाता था, अब 5000 रुपये में भी महीना चलना मुश्किल हो गया है। हर चीज के दाम आसमान छू रहे हैं।

बाजार में हर चीज महंगी, चावल दाल से लेकर शक्कर तक के ये हैं दाम

वर्तमान में बाजार में हर सामान महंगा हो गया है। चावल में काली मूछ 75 से 80 रुपये, एचएमटी 75 रुपये, अब्बा हुजूर 100 रुपये, जय श्रीराम 75 से 80 रुपये और जवा फूल 130 रुपये किलो बिक रहा है। दाल में रहर 160, चना 110, उड़द 150, मूंग 130, देशी चना 90 रुपये किलो है। शक्कर 55 से 60 रुपये किलो हो गई है। इसके अलावा सरसों तेल, नमक, मसाला, दूध, सब्जी, गैस सिलेंडर, दवाई, खाद बीज, डीजल, किताब कापी, कपड़ा सबके दाम बढ़ गए हैं।

किसान दोहरी मार से परेशान, खाद बीज महंगा और ऊपर से बारिश का अलर्ट

किसानों को लेकर चिंता जताते हुए व्यास यदु ने कहा कि किसानों को खाद, बीज से लेकर खेत में डालने वाली दवाइयों तक सब महंगा मिल रहा है। किसान वैसे ही परेशान है और अब मौसम विभाग ने 28 और 29 तारीख को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे छत्तीसगढ़ के किसानों को अतिरिक्त नुकसान होगा। किसान हर तरफ से दर्द सहकर धान और चावल उगाता है, लेकिन दूसरी चीजों के लिए बढ़ती महंगाई से जूझता रहता है और अपना दर्द सरकार तक नहीं पहुंचा पाता। सरकार को चाहिए कि किसान को खाद बीज सस्ता दे और धान का उचित दाम दे।

त्योहार में मिठाई और महंगी होगी, मिलावट का खतरा बढ़ा

त्योहार के समय शक्कर महंगी होने से लड्डू, बर्फी, जलेबी, पेड़ा, गुलाब जामुन, खुरमा, बताशा सब महंगा हो जाएगा। दाम बढ़ने से दुकानदार मिलावट करने लगते हैं। नकली खोवा, खराब तेल, रंग और केमिकल मिलाया जाता है। इसका सीधा असर गरीब परिवार पर पड़ता है, जो अपने बच्चे को एक लड्डू भी नहीं खिला पाता। दुर्ग भिलाई की हाल की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मां दुर्गा डेयरी में एक्सपायरी दूध से पनीर बन रहा था, गुप्ताजी लड्डू हाउस में 250 किलो लड्डू में गलत रंग और केमिकल मिला, मुस्कान फूड फैक्ट्री में गंदगी में सोनपापड़ी, पेड़ा और बर्फी बन रही थी। विभाग ने 2500 किलो मिठाई और 1000 लीटर दूध नष्ट कराया और 3 दुकानें बंद कराई। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना कांकेर जिले में न हो, इसके लिए प्रशासन को पहले से अलर्ट रहना चाहिए और मिलावट करने वालों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

गरीब के पास राशन के पैसे नहीं और पिकअप में 4 करोड़ कैश बरामद

महंगाई की मार झेल रही जनता का जिक्र करते हुए व्यास यदु ने कहा कि एक तरफ गरीब जनता एक एक पैसा नहीं जोड़ पा रही है, राशन के लिए 4000 रुपये नहीं हैं, वहीं दूसरी तरफ दुर्ग भिलाई में पुलिस ने एक पिकअप वाहन के गुप्त चेंबर से 4 करोड़ रुपये कैश पकड़ा है। गरीब के पास खाने को पैसे नहीं और 4 करोड़ कैश गुप्त चेंबर में घूम रहा है। यह पैसा कहां से आया और कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उसी दिन भाजपा उच्च प्रभारी स्मृति ईरानी का आना हुआ था, ऐसे में यह घटना कई सवाल खड़े करती है। अगर केंद्र सरकार ने बढ़ती महंगाई पर रोक नहीं लगाई तो आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी और केंद्र और राज्य की सत्ता से उखाड़ फेंकेगी।

 ————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 27 अक्टूबर 2026 मंगलवार

———————- संपादकीय— भारतीय सिनेमा के जानेमाने गीतकार आनंद जी के जन्मदिवस पर… भारतीय हिन्दी फ़िल्मों के मशहूर गीतकार आनंद का जन्म 28 अक्टूबर, 1930 को उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी…

आज की टॉप 10 खबर 26 अक्टूबर 2026 सोमवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 26 अक्टूबर  2026 सोमवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01. राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में  बनाए जा रहे रंभल सेपरेटेड  एवं जेब्रा क्रासिंग…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *