आज की टॉप 10 खबर 24 अप्रेल 2026 शु्क्रवार

———————-

आज जन्म दिवस पर बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं….

श्री सुना राम तेता
अध्यक्ष- जनपद पंचायत
भानुप्रतापपुर,जिला-कांकेर

———————-

संपादकीय-

छत्तीसगढ की शादी में ‘मंगरोहन’ से बारात पाणिग्रहण तक…

-इन दिनों छत्तीसगढ़ में शादी की धूम है। शादी हो रही हो तो बारात का जिक्र ना आये ऐसा नहीं हो सकता। वर पक्ष की ओर से पारंपरिक शादी में दुल्हन की सारे सामानों के साथ बारात प्रस्थान होता है। बारात प्रस्थान से पुर्व दुल्हे से दुल्हन को सकुशल इस घर में लाने की कामना के साथ पानी पिलाया जाता है। बारात की शुरूआत कब से हुई इसका प्रमाण तो हम नहीं बता सकते पर कहा जाता है कि देवों के देव भगवान शंकर के बारात से शायद इसका शुरूआत हुआ। उस समय शिव के बारात में सारे प्राणी बारात गये थे। कथानक काफी लंबा होने के चलते यहां जिक्र नहीं कर सकते। पारंपरिक शादी में बारात का विशेष महत्व है। मनोज जायसवाल का पोस्ट आप पढ रहे हैं। मंडपाच्छादन मंगरोहन स्थापना के पास मातृकापुजन में समस्त पितरों का आव्हान कर बारात प्रस्थान की शुरूआत होती है। यहां बारात में युवाओं की फौज देखते बनती है। बाराती युवाओं में जोश तो बता नहीं सकते। पिछले कुछ समय तक तो जोश के चलते कुछ घटनाएं भी हुई है,जिसके चलते अब सुधार हुआ है और बारात शांति पुर्वक सम्पन्न की जाती है। छत्तीसगढ़ में जैसे ही बारात दुल्हन के गांव पहुंचती है उसे एक निश्चित अस्थायी डेरा दिया जाता है। दुल्हे की सालियों के द्वारा लालभाजी खिलाने की रस्म अदा की जाती है। यहां से गाजे बाजे, पटाखों के साथ घोड़ी पर बिठाकर या आजकल अमुमन सजाये हुए कार में बिठाकर दुल्हन के घर के सामने दरवाजे के पास खडी महिलाओं जो आरती लेकर खडी होती है आरती लिया जाता है और दुल्हे द्वारा एक छडी से सुप के ऊपर से टच किया जाता है। इसके बाद साकोचार,सात फेरे,लगन टिकावन जैसी सारी परंपरा का निर्वाह किया जाता है। सात फेरे और सात वचन के साथ सारी जिम्मेदारियां स्वीकार की जाती है। मंगरोहन का छत्तीसगढी शादी में विशेष स्थान है। मंडपाच्छादन से पुर्व मंगरोहन की स्थापना का होता है। बारात के बाद आयोजन में देर रात्रि होना स्वाभाविक है। समय तिथि दिन के अनुसार निर्धारित किया जाता है ताकि बारात की वापसी शुभ मुर्हुत में हो।

✍️मनोज जायसवाल

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 
24 अप्रेल 2026  शुक्रवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

01.कांकेर शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने पुलिस एवं नगर पालिका की संयुक्त कार्यवाही। सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी । गलत पार्किंग करने वाले वाहनों पर लॉक लगाकर चालानी कार्यवाही । 

— निखिल राखेचा (भा.पु.से.) पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशन में कांकेर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने एवं आमजन को सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यातायात पुलिस कांकेर एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया।संयुक्त टीम ने भ्रमण के दौरान दुकानदारों को उनके प्रतिष्ठानों के बाहर सड़क एवं फुटपाथ पर रखे गए सामान को तत्काल हटाने हेतु समझाइश दी। साथ ही संबंधित दुकानदारों को विधिवत नोटिस जारी कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर अतिक्रमण हटाने निर्देशित किया गया। दुकानदारों को दुकान के सामने किसी भी प्रकार का सामान बाहर न रखने तथा ग्राहकों के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा गया। वहीं आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को भी निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की समझाइश दी गई, जिससे यातायात बाधित न हो।अभियान के दौरान गलत तरीके से खड़े किए गए वाहनों पर लॉक लगाकर चालानी कार्यवाही की गई तथा सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाकर निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया गया। कांकेर पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि शहर की सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें ,यातायात नियमों का पालन करें, नशे में वाहन न चलाएं एवं हेलमेट/सीट बेल्ट का अनिवार्य रुप से उपयोग करें। यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए जाने पर शॉर्ट वीडियो बनाकर हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर सूचना देवे।

 ———————–

02. अवैध गांजा बिक्री करने वाले 04 आरोपी गिरफ्तार, 5किलो 550ग्राम गांजा, 02 मोटर सायकल एवं 03 मोबाईल बरामद। गांजा कीमती 2,65,000 रूपयें व दो मो.सा. कीमती 60,000 रूपयें एवं 03 मोबाईल कीमती 8,000 रूपयें नगद 850 रूपयें कुल जुमला रकम 3,33,50 रूपयें बरामद।  गांजा की आपूर्ति श्रृंखला पर कांकेर पुलिस का कडा प्रहार।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि- अवैध नशा के खिलाफ जिला में चलाये जा रहें उजियार अभियान के तारम्य में दिनांक 23.04.2026 को सूचना मिला कि केशकाल से कांकेर की ओर दो मोटर सायकल पर कुछ थैला में अवैध मादक पदार्थ गांजा बिक्री करने ला रहें हैं । पुलिस अधीक्षक उ.ब.कांकेर  निखिल अशोक कुमार राखेचा(भा.पु.से.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर  योगेश कुमार साहू तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर नोडल)  दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में एवं अनु. अधिकारी पुलिस मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कांकेर प्रतीक बनसोडे (भापुसे0) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित किया गया।सायबर प्रभारी यशवंत सिंह श्याम व टीम द्वारा मुखबिर के बताए अनुसार कान्हा ढाबा, ग्राम कुलगांव के पास घेराबंदी कर संदिग्ध दोनों मोटर सायकलों को रोका गया। पुलिस को देखकर आरोपी अपने पास रखे थैलों को छुपाने का प्रयास करने लगे।गवाहों के समक्ष तलाशी लेने पर आरोपियों के संयुक्त कब्जे से एक सफेद बोरी एवं गुलाबी थैले के अंदर 5 किलो 550 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। साथ ही आरोपियों से –02 मोटर सायकल, 03 मोबाइल फोन, नगदी रकम  850/-जब्त किया गया।आरोपियों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली कांकेर में अपराध क्रमांक 142/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया तथा आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय पेश किया गया।

———————

03.गांजा तस्करी पर वार, 02 आरोपी गिरफ्तार, 48,500 का माल बरामद,थाना चारामा पुलिस की बड़ी कार्यवाही  बाड़ी में गांजा खेती, थैले में बिक्री का माल,अवैध नशे के खिलाफ एक्शन, चारामा पुलिस ने गांजा सप्लाई चैन तोड़ी। गांजा पौधे समेत 885 ग्राम मादक पदार्थ जप्त ।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि- 23.04.2026 को थाना चारामा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मचान्दुर, सड़कपारा में रहने वाला डमरू सिंह अपने घर की बाड़ी में अवैध रूप से गांजा के पौधे लगाकर रखा है तथा पौधों के पास थैले में गांजा बिक्री हेतु रखा हुआ है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए श्रीमान पुलिस अधीक्षक कांकेर  निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  योगेश साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सायबर नोडल)   दिनेश सिन्हा के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर  मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में थाना चारामा पुलिस टीम द्वारा तत्काल रेड कार्यवाही की गई। पुलिस टीम द्वारा मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंचकर संदेही व्यक्ति से पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम डमरू सिंह निवासी मचान्दुर बताया। उसके घर बाड़ी की तलाशी लेने पर बाड़ी में लगे 06 नग छोटे-बड़े गांजा पौधे बरामद हुए, जिनका कुल वजन 605 ग्राम पाया गया। साथ ही पौधों के पास रखे कपड़े के थैले से 280 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। इस प्रकार कुल 885 ग्राम गांजा एवं गांजा पौधे जप्त किए गए, जिसकी अनुमानित कीमत 48,500/-पूछताछ में आरोपी द्वारा बताया गया कि विरेन्द्र सिंह के साथ मिलकर गांजा खरीदकर बिक्री करते थे। मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।। 

————————

04 गैदसिंह भवन पखांजूर में दिव्यांगजन मूल्यांकन शिविर आयोजित।

—कलेक्टर   निलेश कुमार महादेव श्रीरसागर निर्देशानुसार जिले में दिव्यांगजनों के मूल्यांकन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज पखांजूर के गैंदसिंह भवन मे शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें दिव्यांगजनों का प्रमाणीकरण के साथ ही यूडीआईड कार्ड बनाये गये एवं सहायक उपकरण का वितरण किया गया। शिविर में 15 दिव्यांगजनों का मेडिकल, 6 नवीनीकरण, 2 व्हील चेयर, 1 श्रवण यंत्र, 2 बैशाखी, 1 सी.पी. चेयर, 1 ट्रायसायकल, 1 बेटरी सायकल इस प्रकार कुल 27 हितग्राही को सहायक उपकरण वितरण किया गया तथा 03 हितग्राहियों का पेंशन प्रकरण बनाए गए। शिविर में समाज कल्याण की विभागीय टीम के साथ स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सों के टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं दिव्यांगता मूल्यांकन किया गया।

————————

05 . अपर कलेक्टर एवं डिप्टी कलेक्टरों के मध्य कार्य विभाजन।

—कलेक्टर   निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले में पदस्थ अपर कलेक्टर एवं डिप्टी कलेक्टरों के मध्य नए सिरे से कार्य विभाजन किए हैं। अपर कलेक्टर  जितेन्द्र कुर्रे को अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी के अलावा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सामान्य एवं स्थानीय निर्वाचन का दायित्व भी सौंपा गया है। इसके साथ ही तहसील कांकेर, चारामा, नरहरपुर, सरोना, भानुप्रतापपुर, दुर्गूकोंदल, अंतागढ़ एवं आमाबेड़ा के राजस्व प्रकरण छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता के तहत प्रस्तुत अपील, पुनरीक्षण, पुनर्विलोकन, प्रकरणों मद परिर्वतन, संबंधी प्रकरणों का निराकरण एवं छत्तीसगढ़ पंचायती राज अधिनियम 1993 के अंतर्गत प्रस्तुत अपील, पुनरीक्षण प्रकरणों का निराकरण संबंधी दायित्व सौंपे गए हैं। अपर कलेक्टर श्री कुर्रे को जिला कार्यालय के विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी जैसे-खनिज शाखा, उद्योग, नगर तथा ग्राम निवेश, जनशिकायत निवारण प्रकोष्ठ, विभागीय जांच, कोष लेखा पेंशन, विकास शाखा, जनगणना, विवाह अधिकारी, वेब इन्फ्रॉर्मेशन मैनेजर, नोडल अधिकारी लोकसभा, विधानसभा एवं राज्यसभा, सूचना का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत प्रथम अपीलीय अधिकारी, वन अधिकार पट्टा, मालिक मकबूजा प्रकोष्ठ, मोबाइल टावर निर्माण, नक्सल प्रभावित योजनाओं की मॉनिटरिंग एवं विकास इत्यादि शाखाओं के प्रभारी अधिकारी भी बनाए गए हैं।संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सरस्वती बंजारे को जिला नजुल अधिकारी के साथ ही विभिन्न शाखाओं जैसे-तृतीय एवं चतुर्थ कर्मचारियों का अवकाश, अग्रीम यात्रा भत्ता इत्यादि, चिकित्सा व्यय, नजुल नवकरण शाखा, वित्त एवं स्थापना शाखा, राजस्व शाखा, राहत, पुनर्वास शाखा, रेडक्रास, नजारत, समाज कल्याण से संबंधित प्रभारी अधिकारी बनाए गए हैं।
डिप्टी कलेक्टर  टिकाराम देवांगन को प्रभारी अधिकारी खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, जनसूचना अधिकारी कलेक्टर कार्यालय, लोक सेवा गारण्टी अधिनियम, प्रपत्र शाखा, अल्प बचत, अल्प संख्यक, वक्फ बोर्ड, जवाहर नवोदय विद्यालय, केन्द्रीय विद्यालय, चिप्स, लोकसेवा केन्द्र, जेल, नगर सेना, विशेष कनिष्ठ कर्मचारी चयन बोर्ड के साथ ही नगरीय प्रशासन एवं विकास, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला शहरी विकास अभिकरण के प्रभारी अधिकारी बनाए गए हैं।डिप्टी कलेक्टर  मनीष देव साहू को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं   अनुविभागीय दण्डाधिकारी पखांजूर का दायित्व सौंपा गया है। डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आस्था बोरकर को वरिष्ठ लिपीक शाखा, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व, पुरातत्व संस्कृति एवं पर्यटन मण्डल, सैनिक कल्यण इत्यादि शाखाओं के प्रभारी अधिकारी बनाए गए हैं।

————————

06. आवासीय खेल अकादमी में प्रवेश हेतु चयन ट्रायल, जिले के खिलाड़ियों से 27 अप्रैल तक आवेदन

— खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा रायपुर में स्थित आवासीय खेल अकादमी में हॉकी, वेटलिफ्टिंग, तीरंदाजी, एथलेटिक्स (बालक-बालिका) एवं फुटबॉल (बालिका) के नवीन खिलाड़ियों को प्रवेश दिया जाना है, इसके लिए चयन ट्रायल आयोजन किए जाएंगे। इसके अंतर्गत हॉकी, वेटलिफ्टिंग, तीरंदाजी, एथलेटिक्स (बालक-बालिका) एवं फुटबॉल (बालिका) खेलों में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।जिला खेल अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 से 29 अप्रैल को वेटलिफ्टिंग (बालक-बालिका) एवं फुटबॉल (बालिका) के लिए चयन ट्रायल रायपुर के कोटा में आयोजित होगा। इसी प्रकार तीरंदाजी एरिना (बालक-बालिका) का चयन ट्रायल बालिका छात्रावास के सामने रायपुर में आयोजित होगा। इसी प्रकार 30 अप्रैल से 1 मई तक हॉकी एवं एथलेटिक्स (बालक-बालिका) का चयन ट्रायल कोटा एवं हॉकी स्टेडियम पिच -2, बालक छात्रावास के सामन रायपुर में आयोजित किया जाएगा। चयन ट्रायल में 01 अप्रैल 2026 की स्थिति में 13 से 17 आयु वर्ग के बालक-बालिका शामिल हो सकते हैं। जिले के इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित आवेदन पत्र भरकर अपनी उपलब्धियों के प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड की छायाप्रति सहित आगामी 27 अप्रैल तक कार्यालय जिला खेल अधिकारी खेल एवं युवा कल्याण इंडोर स्टेडियम भवन कांकेर में जमा कर सकते हैं।

  ————————

07. बस्तर मुन्ने, सुशासन तिहार एवं नियद नेल्लानार 0.2 के सफल संचालन हेतु जिले में 01 मई से शिविरों का आयोजन शिवरों के लिए 46 क्लस्टर बनाए गए।

— राज्य शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए बस्तर संभाग में संचालित बस्तर मुन्ने तथा नियद नेल्लानार 2.0 और राज्य व्यापी सुशासन तिहार अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 46 क्लस्टर बनाए गए हैं। अभियान के तहत जिले में क्लस्टरवार 01 मई से शिविरों का आयोजन किया जाएगा, इन शिविरों के पर्यवेक्षण, निरीक्षण तथा विभागीय सहयोग एवं समन्वय के लिए कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जनपद पंचायत अंतागढ़ में 08 क्लस्टर, भानुप्रतापपुर में 05 क्लस्टर, चारामा में 06 क्लस्टर, दुर्गूकोंदल में 04 क्लस्टर, जनपद पंचायत कांकेर में 04 क्लस्टर, कोयलीबेड़ा में 08 क्लस्टर और जनपद पंचायत नरहरपुर के अंतर्गत 11 क्लस्टर बनाए गए हैं।जनपद पंचायत अंतागढ़ में आमागांव, जेठेगांव, बेलोण्डी, करमरी, मासबरस, कलगांव, कोलर और टिमनार को क्लस्टर बनाए गए हैं। इसी प्रकार जनपद पंचायत भानुप्रतापपुर अंतर्गत परवी, कराठी, भानबेड़ा, हाटकर्रा, भैंसाकन्हार (डू) और जनपद पंचायत चारामा में चारामा, हाराडुला, लखनपुरी, पुरी, शाहवाड़ा एवं लिलेझर, जनपद पंचायत दुर्गूकोंदल अंतर्गत तरहूल, हामतवाही, बरहेली, खुटगांव तथा जनपद पंचायत कांकेर में धनेलीकन्हार, पीढ़ापाल, माकड़ीखूना, गढ़पिछवाड़ी एवं जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा में ऐसेबेड़ा, उदनपुर, गोण्डाहूर, बान्दे कॉलोनी, कोयलीबेड़ा, बड़गांव, छोटेकापसी एवं बेलगाल और जनपद पंचायत नरहरपुर के अंतर्गत सुरही, जामगांव, मुसुरपुट्टा, धनोरा, साल्हेभाट, करप, धनेसरा, जुनवानी, किशनपुरी, बिरनपुर और अमोड़ा को क्लस्टर बनाया गया है। इन सभी क्लस्टरों के लिए जिला स्तर से नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

 ————————

08. जिले के विद्यार्थियों ने जेईई में रचा इतिहास, 25 छात्र जेईई एडवांस के लिए किया क्वालीफाई, प्रयास विद्यालय व भीरागांव स्कूल के 5-5 और पीएमश्री स्कूल के 3 छात्रों को मिली सफलता।

—जिले के विद्यार्थियों ने जेईई (द्वितीय चरण) परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इतिहास रचा है। घोषित परिणामों के अनुसार कुल 25 विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस के लिए क्वॉलीफाई किया है, जो जिले की बड़ी उपलब्धि है। इसके अलावा लगभग 24 छात्र एनआईटी, आईआईटी एवं अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश के लिए पात्र हैं। इस उल्लेखनीय सफलता के पीछे छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों का मार्गदर्शन और शिक्षा विभाग के ‘हमर लक्ष्य‘ अभियान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसके तहत विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग, विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और नियमित टेस्ट सिरीज की सुविधा प्रदान की गई थी।कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिले की सुदृढ़ होती शिक्षा व्यवस्था का सकारात्मक परिणाम है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी ने भी विद्यार्थियों, शिक्षकां और अभिभावकों को उनके अथक परिश्रम, सही दिशा और आत्मविश्वास से मिली सफलता के लिए बधाई दी है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जेईई के दूसरे चरण की परीक्षा में जिले के कुल 25 विद्यार्थियों ने क्वालीफाई किया है। इनमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भीरागांव और प्रयास आवासीय विद्यालय कांकेर के 5-5 तथा पीएमश्री विद्यालयों के 03 विद्यार्थी शामिल हैं।सफल विद्यार्थियों में प्रयास विद्यालय कांकेर के सौरभ कुमार मंडावी (82.34 प्रतिशत) ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि हायर सेकण्डरी स्कूल आंवरी के लोचन पटेल ने (81.06 प्रतिशत) द्वितीय एवं मल्लिका मरकाम (78.19 प्रतिशत) के साथ तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अलावा प्रयास विद्यालय की वेदिका (77.77) एवं तनूजा नेताम (77.66), उमावि भीरागांव की चंचल (76.84), पीएमश्री दुर्गूकोंदल के भूपेश कुमार (76.45), उमावि भीरागांव के हर्षल कुमार (75.98), भूपेन्द्र माहवे (73.03), पीएमश्री दुर्गूकोंदल के करण (72.62), हायर सेकण्डरी स्कूल लोहत्तर के भावेश कुमार (71.99), हायर सेकण्डरी स्कूल अमोड़ा की पायल वट्टी (69.71), पीएमश्री अंतागढ़ की बीना उसेण्डी (64.41 प्रतिशत)। इसी प्रकार हायर सेकण्डरी स्कूल भीरागांव की सुषमा कोमरा (62.89), हायर सेकण्डरी स्कूल बोंदानार के अरूण कुमार (62.69), हायर सेकण्डरी स्कूल हाटकोंदल के धर्मेन्द्र कुमार (61.71), हायर सेकण्डरी स्कूल आमाकड़ा के गितेश कुमार (60.24), हायर सेकण्डरी स्कूल बोंदानार की सिमरन मरकाम (58.62), बालक हायर सेकण्डरी स्कूल अंतागढ़ की पार्वती वट्टी (56.96), हायर सेकण्डरी स्कूल बोंदानार कोण्डे के रोशन (56.75), हायर सेकण्डरी स्कूल भीरागांव की प्रतिभा नायक (55.71), हायर सेकण्डरी कन्या स्कूल अभनपुर की प्रेरणा वट्टी (55.52), हायर सेकण्डरी स्कूल लोहत्तर की साक्षी (54.94) तथा हायर सेकण्डरी स्कूल कोण्डे की विद्यार्थी राखी ने (52.94 प्रतिशत) अंक हासिल कर जेईई एडवांस के लिए क्वालीफाई किया है।यह सफलता जिले में विकसित हो रहे सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण, गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन एवं विद्यार्थियों के बढ़ते आत्मविश्वास का प्रतीक है। कांकेर जिला शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर रहा है और भविष्य में और भी बड़ी उपलब्धियों की अपेक्षा की जा रही है। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी प्राचार्यों को काउंसिलिंग एवं सी-सैट काउंसिलिंग पर ध्यान देने तथा मॉडल शिक्षक के माध्यम से बच्चों का काउंसिलिंग कराने के लिए निर्देशित किया गया है। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया शीघ्र ही शासन द्वारा प्रारंभ की जाएगी। क्वॉलीफाइड एक भी छात्र काउंसिलिंग से वंचित न हों, इस बात का विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।।

 ——————–

09 .बस्तर मुन्ने के तहत ग्राम स्तर पर आयोजित की जाएंगी विभिन्न गतिविधियां, छूटे हुए पात्र हितग्राहियों को नियद नेल्लानार 2.0 के तहत किया जाएगा लाभान्वित।

-छत्तीसगढ़ शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार जिले के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘बस्तर मुन्ने’ (अग्रणी बस्तर) अभियान का चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत आगामी 01 मई से जिले की सभी ग्राम में विशेष ’संतृप्तता शिविरों’ का आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने उक्त अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शासन के प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता, जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन एवं समाज के वंचित वर्गों तक उनका समयबद्ध लाभ के लिए बस्तर संभाग के सभी 07 जिलों में ‘बस्तर मुन्ने’ (गोंडी में ‘अग्रणी बस्तर‘) अभियान के अंतर्गत संतृप्तता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का मूल उद्देश्य एनसीएईआर सर्वेक्षण में नियद नेल्लानार अंतर्गत 31 जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित परिवारों को शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित किया जाना है। उन्होंने बताया कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा वर्तमान अप्रैल माह में ग्राम पंचायत, क्लस्टर एवं विकासखण्ड स्तरीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके पहले चरण में हाट बाजारों एवं ग्राम पंचायतों में मुनादी, दीवार लेखन एवं अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत को योजनाओं की सूची, पात्रता मापदंड एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी साझा की जाएगी। प्रत्येक विभाग द्वारा सुनिश्चित किया जाएगा कि मैदानी अमलां तक हितग्राहियों की सूची एवं योजना की जानकारी उपलब्ध हो सके। अभियान के दूसरे चरण में ग्राम पंचायत स्तर पर संतृप्तता शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिसके तहत एनसीएईआर सर्वेक्षण, जिला सर्वेक्षण के आधार पर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदाय किया जाएगा। साथ ही सर्वे में छूटे परिवारों का पंजीयन किया जाएगा। यह भी बताया गया कि पंचायती राज दिवस 24 अप्रैल से एक सप्ताह तक ग्राम सभाओं का आयोजन एवं तीन प्रमुख सामुदायिक कार्यों का संकलन एवं ग्राम सभा में अनुमोदन किया जाएगा। इसके तीसरे चरण में ग्राम पंचायत स्तर पर अनिराकृत प्रकरणों का क्लस्टर स्तर पर शिविरों का आयोजन कर समीक्षा एवं निराकरण किया जाएगा, जबकि चौथे चरण में क्लस्टर स्तर पर अनिराकृत प्रकरणों का जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में विकासखण्ड स्तर पर शिविरों का आयोजन कर निराकरण किया जाएगा। इसी तरह अभियान के पांचवें चरण में अंतिम समीक्षा, प्रभाव आंकलन, डेटाबेस, वेब पोर्टल एवं शिविर प्रबंधन संबंधी कार्य किया जाकर शत-प्रतिशत संतृप्ति का लक्ष्य जिला स्तर पर निर्धारण किया जायेगा।कलेक्टर ने बताया कि व्यक्तिमूलक योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया जाएगा, जिसमें बी-1 खसरा, आय प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, आयुष्मान कार्ड, आभा कार्ड, वय वंदना कार्ड आदि का मौके पर ही तैयार कर वितरण किया जाएगा। प्रत्येक शिविर के प्रतिभागी का पंजीयन करने हेतु प्रतिभागी पंजी संधारित की जायेगी, जिसमें आवश्यक जानकारी एंट्री कर रखा जाएगा।

————————

10. थानापारा दुर्गूकोंदल में जिम्मेदारीन आयाना कार्यक्रम 26 अप्रैल को, विधायक सावित्री मंडावी होंगी शामिल।

-दुर्गूकोंदल के ग्राम थानापारा दुर्गूकोंदल स्थित जिम्मेदारीन प्रांगण स्थल के नवनिर्मित नवीन भवन मंदिर में 26 अप्रैल को जिम्मेदारीन आयाना कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन को लेकर ग्रामवासियों में उत्साह का माहौल है तथा कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। ग्राम गायता बैजनाथ नरेटी एवं अन्य सदस्यों ने भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया। विधायक श्रीमती मंडावी ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में पहुंचने की बात कही, जिससे ग्रामवासियों में खुशी की लहर है।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 23 अप्रेल 2026 गुरूवार

———————- आज जन्म दिवस पर बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं…. ———————- संपादकीय- -समाज के अंदर वैवाहिक आयोजनों में ”बफर सिस्टम” किसी मायने में गलत नहीं है, चाहे लाख बुराई कर लें।…

आज की टॉप 10 खबर 22 अप्रेल 2026 बुधवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….  22 अप्रेल 2026  बुधवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- 01. कांकेर पुलिस ने लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से अवैध लेनदेन के लिए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *