———————-
संपादकीय-
स्वीमिंग पुल में नहाके नमकीन हो गई हूं…और प्राकृतिक नदी में नहाके ?

–शहरों में भौतिक सुख सुविधाओं से लैस रेस्टारेंट में नहाने का मजा आज गांव के लोग भी आकषित हो रहे हैं।प्राकृतिक नहर नालियों,स्वच्छ तालाबों के होते राजमर्रा यह हो गया है कि वे बाथरूम से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं, लेकिन शहरों में जाकर सिर्फ स्वीमिंग पुल जैसे सेंटरों में घुसने का 500 रूपये जमा कर रहे हैं। अपने क्षेत्र से दूर शहरों से बाहर बने उन सेंटरों के स्वीमिंग पुल जो तथाकथित रूप से आज इंज्वाय का केंद्र माना जाता है,वहां अपने नाते रिश्तेदार जान पहचान नहीं होने के चलते उन्मुक्त रूप से आनंद लेने का हिमायती होता है। गांव के तालाबों,नहरों में नहाना उन्हें शायद अब गवारूपन लगता है। उन्हें याद नहीं कि बचपने में गांव की इन्हीं तराइयों में अपने मित्रों के साथ इसी तालाब में निर्वस्त्र होकर तालाब में डुबकी लगा रहे होते थे। जहां, मां गांव की उन टोलियों पड़ोसियों से पूछती कि मेरा लाल किधर है। परेशान होकर जब तालाब की ओर जाती तो भरी दुपहरी में तालाब में डुबकी लगा रहे होते थे। वही आज कहते हैं कि स्वीमिंग पुल में नहाके और भी नमकीन हो गई हूं। गांव के प्राकृतिक नदीनालों में बहती स्वच्छ जलधार में वो मजा नहीं है, लेकिन उन्हे आज का वह स्वीमिंग पुल में आनंद है,जहां पानी को स्वच्छ रखने के लिए नमक मिलाया जाता है। इस तल्ख खारे पानी को जोड़ते अपने को नमकीन की संज्ञा दिया जाता है। स्वीमिंग पुल में नहाके नमकीन हो गए हो, तो प्राकृतिक नदी नालों में नहाके क्या हो गए?।
✍️मनोज जायसवाल
———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
01 मई अप्रेल 2026 शुक्रवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
01.कांकेर सांसद भोजराज नाग एवं भाजपा नेता राजा देवनानी पहूंचे ठेलकाबोड जैन परिवार के वैवाहिक आयोजन में ।

—कांकेर सांसद भोजराज नाग एवं भाजपा नेता एवं जानेमाने व्यवसायी राजा देवनानी कांकेर से सटे ग्राम ठेलकाबोड पहूंच कर दोलेश जैन(उप सरपंच ग्राम पंचायत ठेलकाबोड) की सुपुत्री सौ.कां. उर्वशी संग चि.खिलावन के वैवाहिक आयोजन में पहूंच कर वर-वधु को शुभआशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर भाजपा के अन्य पदाध्किारी भी मौजूद रहे। सांसद ने सभी परिवारजनों के साथ मिलकर खुशियां साझा की। सी.आर.जैन, श्रीमती रोमबाई जैन, डोरेलाल जैन,श्रीमती शिवकुमारी जैन, दोलेश जैन,शांति जैन,परस राम जैन,राधा बाई,केवल,लक्ष्मी,आत्मा राम इंदिरा, भूषण मीना बाई,चुनेश्वर जैन, आदि मौजूद रहे।

फोटो-कांकेर सांसद भोजराज नाग वर-वधु, परिवारजनों के साथ।
———————–
02. बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित: 10वीं में एक व 12वीं में 03 छात्रों ने मेरिट सूची में बनाई जगह।

— छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा आज बोर्ड कक्षाओं के परीक्षाफल घोषित कर दिए गए हैं। इसमें कांकेर जिले के कक्षा 10वीं से 01 छात्र ने तथा कक्षा 12वीं में 03 छात्रा ने राज्य मेरिट में वर्चस्व बनाया है। साथ ही जिले में बोर्ड कक्षाओं 10वीं एवं 12वीं में उतीर्ण विद्यार्थियों का प्रतिशत क्रमशः 93.68 एवं 93.75 रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले दस वर्ष के परीक्षा परिणामों में उत्तीर्ण विद्यार्थियों का पासिंग पर्सेंटेज इस साल सर्वश्रेष्ठ रिजल्ट रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में संचालित 247 हाई एवं हायर सेकंडरी विद्यालयों में जिले के बोर्ड कक्षाओं में रिजल्ट प्राप्त करने के उददेश्य से ’हमर लक्ष्य’ कार्यक्रम के तहत प्रारंभ से ही बोर्ड कक्षाओं के रिजल्ट में सुधार हेतु विशेष प्रयास किए जाते रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में कुल 8884 छात्र सम्मिलित हुए जिनमें से 6075 विद्यार्थियों अर्थात 68.38 प्रतिशत बच्चे प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं 2202 विद्यार्थियों ने द्वितीय और सिर्फ 14 छात्र-छात्राओं ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिसमें से एक छात्रा ने राज्य की प्रवीण्य सूची में अपनी जगह बनाई है। उन्होंने बताया कि इसी तरह कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 7662 बच्चों ने भाग लिया जिनमें से 5371 प्रथम श्रेणी अर्थात 70.09 प्रतिशत छात्र-छात्रा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं, जबकि 1777 द्वितीय श्रेणी और मात्र 19 तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण रहे, जिसमें से तीन विद्यार्थियों ने राज्य की मेरिट सूची में स्थान बनाया है। कक्षा 12वीं बोर्ड कक्षा में श्री यश खोब्रागढे़ पीएमश्री नरहरदेव शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय कांकेर ने 96.40 प्रतिशत, कु. अपर्णा बिश्वास, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कापसी विकासखंड कोयलीबेड़ा ने 96.40 प्रतिशत एवं कु. महेश्वरी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनपुरी विकासखंड चारामा 96.40 प्रतिशत के साथ राज्य मेरिट में दसवां स्थान प्राप्त किया है। वहीं कक्षा 10वीं में चारामा विकासखंड मुख्यालय के निजी स्कूल की छात्रा ईशा दुर्गासी ने 97.83 अंक प्राप्त कर राज्य मेरिट में आठवां स्थान प्राप्त किया है। इस प्रकार जिले से कुल 04 विद्यार्थियों ने राज्य की मेरिट में जगह बनाई है। कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर एवं जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी ने सफल सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। साथ ही उन्होंने जिले के पासिंग पर्सेंटेज व बोर्ड कक्षाओं में प्रथम स्थान हेतु अधिक से अधिक बच्चों के चयन होने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए सभी विद्यार्थियों, पालकों, प्राचार्यों, शिक्षकों को उनके अथक एवं सतत परिश्रम के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की है।
———————
03.जिले के खाद्य प्रतिष्ठानों एवं स्ट्रीट फूड वेंडरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त नजर, स्वच्छता में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

– जिले में आमजनों को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर सघन जांच एवं जागरूकता अभियान ’सही दवा शुद्ध आहार- यही छत्तीसगढ़ का आधार’ चलाया जा रहा है। कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर फल दुकानों, स्ट्रीट फूड वेंडरों, गुपचुप एवं चाट ठेलों का सघन निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान जिले को कार्बाइड मुक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।अधिकारियों ने फल विक्रेताओं को फलों को पकाने के लिए कैल्शियम कार्बाइड जैसे खतरनाक रसायनों का उपयोग किसी भी स्थिति में नहीं करने की समझाइश देते हुए बताया गया कि कार्बाइड से पके फल मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक होते हैं और इससे पेट संबंधी समस्याएं, तंत्रिका तंत्र पर प्रभाव तथा गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे मामलों में पकड़े जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्हें प्राकृतिक तरीके से फल पकाने तथा सुरक्षित विकल्प अपनाने की सलाह दी गई। वहीं, स्ट्रीट फूड वेंडरों, गुपचुप एवं चाट विक्रेताओं की स्वच्छता व्यवस्था की भी गहन जांच की गई। कई स्थानों पर साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। खाद्य सामग्री खुले में रखी हुई मिली तथा कुछ विक्रेता बिना ग्लव्स एवं कैप के खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं परोसने का कार्य करते पाए गए। इस पर अधिकारियों ने तत्काल सुधार करने के निर्देश देते हुए सख्त चेतावनी दी। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम से संबंधित आवश्यक नियमों एवं मानकों की जानकारी भी दी गई, ताकि वे सुरक्षित तरीके से खाद्य सामग्री का निर्माण एवं विक्रय कर सकें। प्राप्त शिकायत के आधार पर वृंदावन रेस्टोरेंट कांकेर का आकस्मिक निरीक्षण दल के द्वारा किया गया एवं मौके पर बूंदी लड्डू एवं गुलाब जामुन का नमूना संकलित किया गया जिसे परीक्षण हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किया जा रहा है। इस दौरान पाई गई कमियां एवं अनियमितता के आधार पर रेस्टोरेंट संचालक को नोटिस जारी कर सुधार हेतु निर्देशित किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जानकारी विभाग को दें और साफ-सफाई का ध्यान रखने वाले विक्रेताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदें।
————————
04 आपसी रंजिश के चलते रची गई थी हत्या की साजिश, आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया गया पेश। हत्या के प्रयास मामले का खुलासा, 05 आरोपी गिरफ्तार,रंजिश में 20 हजार की सुपारी देकर कराया गया हमला\ चाकू,मोटरसाइकिल एवं 04 मोबाइल फोन जब्त। थाना लोहत्तर पुलिस ने सुलझाई साजिशन हमले की गुत्थी।
—थाना लोहत्तर में प्रार्थी लालजी पुड़ो पिता बहादुर पुड़ो उम्र 32 वर्ष निवासी तुमरीसूर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 24-25.04.2026 की दरम्यानी रात लगभग 12:00 बजे वह राजकुमारी के शादी समारोह से वापस अपने घर जा रहा था। इसी दौरान घर के सामने दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उस पर प्राणघातक हमला कर जान से मारने का प्रयास किया गया। घटना में प्रार्थी के सिर एवं हाथ में गंभीर चोटें आईं, जिसे उपचार हेतु सीएचसी दुर्गूकोंदल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल कांकेर रेफर किया गया। रिपोर्ट पर थाना लोहत्तर में अपराध क्रमांक 04/2026 धारा 3(5) बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया गया।जांच एवं प्रकरण का खुलासा :-पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देशन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी भानुप्रतापपुर श्री शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में थाना लोहत्तर पुलिस द्वारा त्वरित जांच प्रारंभ की गई। तकनीकी साक्ष्य व संदेहियों से पूछताछ के आधार पर प्रकरण का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया।जांच में ज्ञात हुआ कि आरोपी अनिल पुड़ो, राजेश उर्फ राकेश आंचला एवं मनसा नेताम, निवासी ग्राम तुमरीसूर, प्रार्थी लालजी पुड़ो से आपसी रंजिश रखते थे। इसी रंजिश के चलते तीनों आरोपियों ने प्रार्थी की हत्या करवाने हेतु ₹20,000/- में रोहित जैन निवासी शाहकट्टा एवं भुरू उर्फ दिनेश उयके निवासी बसंतनगर भानुप्रतापपुर को सुपारी दी। दोनों आरोपियों द्वारा उस पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। घायल के शोर मचाने पर आरोपी उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए तथा घटना में प्रयुक्त हथियार को पास स्थित खंडहर मकान में छिपा दिया गया। वैधानिक कार्यवाही :-प्रकरण में हत्या का षड्यंत्र रचना, साक्ष्य मिटाने का प्रयास करना एवं आर्म्स एक्ट के प्रावधान पाए जाने से धारा 61(2), 238 बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट जोडकर विवेचना में लिया गया।
————————
05 . कांकेर पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता।ग्रामबड़ेधौसा-मानकोट-उपरकोटगांव-जिक्लामारी के मध्य जंगल पहाड़ी क्षेत्र से 07 नग कुकर आईईडी, 02 नग पाईप बम, अन्य नक्सल सामाग्री बरामद। डीआरजी ,जिला पुलिस बल,बीएसएफ एवं बीडीएस टीम की संयुक्त कार्यवाही।
— पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि सुन्दरराज पी. (भा.पु.से.) पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज जगदलपुर के मार्गदर्शन तथा निखिल कुमार राखेचा (भा.पु.से.) पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशन में जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। नक्सलियों के विरुद्ध सघन सर्चिंग अभियान के साथ-साथ उनके द्वारा पूर्व में लगाए गए IED एवं छुपाकर रखी गई सामग्री की बरामदगी हेतु निरंतर कार्यवाही की जा रही है।इसी क्रम में दिनांक 27-28.04.2026 को डीआरजी, जिला पुलिस बल एवं बीडीएस टीम द्वारा थाना आमाबेड़ा, कोरर, कांकेर एवं ताड़ोकी क्षेत्रांतर्गत ग्राम बड़ेधीसा, मानकोट, उपरकोटगांव एवं जिवलामारी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान पुलिस टीम ने जंगल क्षेत्र से भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की, जिसमें 07 नग 05-05 किलो प्रेशर कुकर IED, 02 नग पाइप बम, 01 नग कोडेक्स वायर,03 बंडल वर्दी कपड़ा, 07 बंडल इलेक्ट्रिक वायर सहित अन्य नक्सली उपयोग की सामग्री शामिल है।बरामद विस्फोटक सामग्री को बीडीएस टीम द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही डिफ्यूज कर नष्ट किया गया।पुलिस टीम:–उक्त कार्यवाही में उप पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स ) गिरिजा शंकर साव,उप पुलिस अधीक्षक (डीआरजी ) अविनाश कुमार ठाकुर, डीआरजी कमांडर श्री बलराम उसेंडी, चंद्रशेखर ठाकुर एवं अन्य डीआरजी ,जिला पुलिस बल, बीएसएफ की संयुक्त टीम शामिल रही।
————————
06.अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर रायपुर निवास में विधायक सावित्री मंडावी ने मनाया बोरे-बासी दिवस।
—अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर पूरे छत्तीसगढ़ में परंपरागत रूप से बोरे-बासी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इसी क्रम में भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने अपने रायपुर निवास में बोरे-बासी ग्रहण कर श्रमिक भाई-बहनों के सम्मान को नई गरिमा प्रदान की।रायपुर निवास में आयोजित इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी बोरे-बासी का आनंद लिया और छत्तीसगढ़ी संस्कृति पर गर्व व्यक्त किया।
————————
07ग्राम कोलर में सर्वेक्षण दल को मिलीं प्राचीन और दुर्लभ पांडुलिपियां।

-ज्ञान भारतम् राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान के तहत कांकेर जिले में एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अंतागढ़ ब्लॉक के ग्राम कोलर में सर्वेक्षण दल को प्राचीन और दुर्लभ पांडुलिपियां प्राप्त हुई हैं।कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नोडल अधिकारी श्री हरेश मंडावी द्वारा प्रबुद्धजन, समाज प्रमुख, ब्लाँक प्रमुख, महाविद्यालय के प्रोफेसर, समिति के सदस्यों की बैठक आयोजित कर सर्वे कार्य को तीव्र गति से करने एवं पांडुलिपि की पहचान करने के निर्देश दिए तथा बताया गया कि सर्वेक्षण में प्राप्त दस्तावेजों का विशेषज्ञों द्वारा भौतिक सत्यापन किया जाएगा, जिसके बाद इनका डिजिटलीकरण कर राष्ट्रीय पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।इसी क्रम में अंतागढ़ ब्लॉक के ग्राम कोलर में सर्वेक्षण दल को 02 स्थानों में कुल 12 प्राचीन और दुर्लभ पांडुलिपियां प्राप्त हुई हैं, जिसमें ग्राम कोलर के देहारीपारा में स्वतंत्रता सेनानी श्री चिंटू देहारी द्वारा ताड़पत्र में संरक्षित कुल 07 ताड़पत्र में दस्तावेज प्राप्त हुए हैं, जिसमें नामरत्न गीता, लक्ष्मी पुराण, देवी भागवत, कृपा सिंधु, काग बोली, पांजी संगनेष्ठी एवं भागवत पुराण शामिल हैं। श्री कुशल राम देहारी/श्री मंगल राम देहारी के यहां लरिया भाषा में कुल 05 पांडुलिपियां प्राप्त हुई हैं इनमें गणेश पुराण, कलकी कथा, नामरत्ना, ज्योतिषि, मृगणी स्तुति सम्मिलित हैं। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके पास भी कोई प्राचीन लिपि या दस्तावेज हो, तो वे ज्ञान भारतम् एप के माध्यम से उसे सूचीबद्ध कराने में सहयोग करें।
————————
08.विकसित कृषि संकल्प अभियान 5 से 20 मई तक
—कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा खरीफ सीजन 2026 के पहले विकसित कृषि संकल्प अभियान 05 से 20 मई तक चलाया जाएगा। इसके तहत कृषकों को उन्नत कृषि तकनीकियों, केन्द्र व राज्य सरकार की कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन तथा मत्स्य पालन विभाग की कृषक हितैषी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही कृषि विज्ञान केन्द्र के विषय विशेषज्ञों द्वारा कृषक वैज्ञानिक परिचर्चा का भी आयोजन किया जाएगा। उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले के सभी विकासखण्डो में उक्त तिथियों में ग्रामवार शिविर सुबह 11 बजे से आयोजित कर किसानों को कृषि एवं समवर्गीय विभागों में संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
——————–
09 . एनआरएलएम में संविदा भर्ती हेतु पात्र-अपात्र आवेदकों की सूची जारी, दावा-आपत्ति 06 मई तक आमंत्रित।
-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर रिक्त विभिन्न पदों पर संविदा भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त आवेदनों के सूक्ष्म परीक्षण उपरांत पात्र एवं अपात्र सूची का प्रकाशन किया गया है। जिला पंचायत पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने बताया कि यदि किसी आवेदक को उक्त सूची के प्रकाशन के संबंध में किसी भी प्रकार का दावा अथवा आपत्ति प्रस्तुत करनी हो तो वे आगामी 06 मई तक कार्यालयीन समय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर कार्यालय जिला पंचायत की आवक-जावक शाखा में अपनी दावा-आपत्ति सायं 05 बजे तक प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पात्र-अपात्र सूची जिला पंचायत के सूचना पटल पर तथा जिले की वेबसाइट www.kanker.gov.in पर अवलोकन किया जा सकता है। जिला पंचायत के सीईओ ने कहा है कि अभ्यर्थी जिले की वेबसाइट का समय-समय पर किसी भी अद्यतन जानकारी के लिए अवलोकन करते रहें, ताकि किसी अन्य माध्यम से इसकी पृथक से सूचना नहीं दी जाएगी।
————————
10. कांकेर पुलिस द्वारा मोबाइल दुकान संचालकों की बैठक आयोजित–सुरक्षा एवं नियमों के पालन पर जोर। महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा हेतु “अभिव्यक्ति एप” डाउनलोड करवाने की गई अपील। सेकंड हैंड मोबाइल खरीद में ID Proof अनिवार्य, बिना बिल अनलॉक पर रोक, चोरी के मोबाइल की खरीद-फरोख्त पर सख्त कार्यवाही की चेतावनी ।
-पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार राखेचा (भा.पु.से.) कांकेर के निर्देशन में ,ASP श्री योगेश साहू के मार्गदर्शन में, सुश्री प्रतिभा लहरे उप पुलिस अधीक्षक( IUCAW ) एवं सुश्री विंकेश्वरी पिन्दे उप पुलिस अधीक्षक ( मुख्यालय )के पर्यवेक्षण में कांकेर अनुविभाग के समस्त मोबाइल दुकानदारों/संचालकों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं नियमों के पालन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के मुख्य बिंदु:-
मोबाइल संचालकों को महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से ‘अभिव्यक्ति एप’ की जानकारी देकर इसकी कार्यप्रणाली एवं ऑनलाइन शिकायत करने के तरीके के बारे में बताकर ऐप डाउनलोड कराने को कहा गया।
मोबाइल दुकान संचालकों को निर्देशित किया गया कि पुराने/सेकंड हैंड मोबाइल खरीदते समय विक्रेता का वैध पहचान पत्र (ID Proof) अनिवार्य रूप से लिया जाए एवं उसका रिकॉर्ड संधारित किया जाए।
बिना वैध दस्तावेज (बिल/स्वामित्व प्रमाण) के किसी भी मोबाइल का लॉक न खोलने के सख्त निर्देश दिए गए।
चोरी/लूट के मोबाइल के खरीद-फरोख्त पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी देते हुए संदिग्ध मोबाइल की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु कहा गया।
CCTV एवं सुरक्षा व्यवस्था:
सभी मोबाइल दुकानों में CCTV कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने एवं उन्हें सुचारू स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए।
CCTV कैमरों का कवरेज दुकान के अंदर एवं बाहर (सड़क/प्रवेश द्वार) तक सुनिश्चित करने हेतु कहा गया।
CCTV फुटेज को निर्धारित अवधि तक सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर जांच में सहयोग मिल सके।
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश:-
दुकान में आने-जाने वाले ग्राहकों का संक्षिप्त विवरण रजिस्टर में दर्ज करने की सलाह दी गई।
साइबर अपराधों एवं मोबाइल से संबंधित धोखाधड़ी के मामलों में सतर्क रहने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु कहा गया।
————————
विशेष-
कु. हेमप्रभा कटबेर

-चारामा विकासखंड के ग्राम अरौद की बेटी हेमप्रभा कटबेर ने 10वीं में 98.66ःप्रतिशत अर्हता के साथ जिले का मान बढाया है।ग्राम अरौद की बेटी कु प्रियांशी कटबेर पिता दुर्गेश कटबेर माता श्रीमती हेमप्रभा कटबेर कक्षा 10 वीं शा.उ. मा.वि. मरकाटोला लारगाव से 98.66ः अंक अर्जित की। कु प्रियांशी श्री रामसिंह कटबेर सेवानिवृत्त प्रधान अध्यापक की नातिन है इस सफलता के लिए कटबेर परिवार एवं समस्त ग्राम वासी अरौद द्वारा ढेर सारी शुभकामनाएं दी गई
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






