आज की टॉप 10 खबर 25 अगस्त 2026 मंगलवार

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
2 अगस्त  2026 मंगलवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

✍️ 01.अंतागढ़ के जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। नक्सलवाद मुक्त होने के बाद अंदरूनी क्षेत्रों का सतत् विकास किया जाएगा, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत आवश्यकताओं पर रहेगा फोकस: कलेक्टर

—कलेक्टर   कुंदन कुमार आज जिले के दूरस्थ अंचल के प्रवास पर रहे। इस दौरान वे विकासखण्ड मुख्यालय अंतागढ़ पहुंचे, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनसे भेंट कर क्षेत्र की समस्याओं और मांगों को लेकर चर्चा की। कलेक्टर ने उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार की मंशानुसार नक्सलमुक्त होने के बाद संवेदनशील रहे ग्रामों का तत्परता से सर्वांगीण विकास किया जाएगा। क्षेत्र की समस्याओं व मांगों पर चर्चा के दौरान उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से कहा कि जिले के सुदूर अंचल में स्थित गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसरंचनाओं का विकास और आधारभूत सुविधाओं पर जोर दिया जाएगा। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने मुख्यालय में रहकर अपने कार्यक्षेत्र का सतत् दौरा करके जनमानस की अपेक्षाओं पर खरा उतरें। साथ ही उनकी समस्याओं को अपनी समस्या समझकर उन्हें दूर करने हरसंभव प्रयास करें। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों के ब्लॉक अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर कर प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया, ताकि उन कार्यों का प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित किया जा सके। इसके अलावा उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, वन, लोक निर्माण सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक अधिकारियों को जन आकांक्षाओं पर खरा उतरते हुए आमजनता के हितों को सर्वाेपरि रखकर काम करने और विभागीय दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ  हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर अंतागढ़  एएस पैंकरा सहित अनुभाग एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी कर्मचारी व काफी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। इसके पहले कलेक्टर ने अंतागढ़ विकासखण्ड के ग्राम पोडगांव के खेत में जाकर डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य के तकनीकी पहलुओं को जाना, साथ ही ग्राम लामकन्हार में स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में विद्यार्थियों से रु-ब-रु हुए।

—————–

✍️ 02. त्यौहारों के मद्देनजर विभिन्न प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री की जांच। 

— कलेक्टर  कुंदन कुमार के निर्देशानुसार ‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ अभियान के तहत आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन, खाद्य विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा मिठाइयों में मिलावट रोकने के लिए जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं सैंपल लिया गया तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही भी की जा रही है।कलेक्टर श्री कुंदन कुमार के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों नरहरपुर, चारामा, कांकेर, पखांजूर, भानुप्रतापपुर, अंतागढ एवं दुर्गूकोंदल के मिठाई निर्माण स्थल, मिठाई दुकानों, कन्फेक्शनरी के थोक दुकानों, किराना दुकानों तथा होटलों में नियमित निरीक्षण व नमूना संकलन की कार्यवाही निरंतर जारी है। इस आशय की जानकारी देते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन के जिला अभिहित अधिकारी सुस्मित देवांगन ने बताया कि औचक निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारी को खाद्य परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखने, अखाद्य रंग का प्रयोग नहीं करने, स्वच्छ पेयजल उपयोग करने, अखबारी कागज का उपयोग नहीं करने निर्देशित किया गया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं टीम द्वारा निरीक्षण के दौरान नमूना परीक्षण हेतु विभिन्न खाद्य पदार्थों का 24 सैंपल भी लिया गया, जिनमें मिठाईयां, पनीर, दूध, दही, नमकीन एवं घी आदि शामिल हैं। जिन्हें परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया। जांच उपरांत प्राप्त रिपोर्ट अनुसार नमूना जांच में यदि अमानक पाया जाएगा तो नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी एवं प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। विभाग द्वारा बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने एवं एक्सपायरी खाद्य सामग्री विक्रय पर तीन खाद्य प्रतिष्ठानों पर प्रकरण दर्ज भी किए गए।
खाद्य विभाग द्वारा उपभोक्ताओं से अपील की गई कि बाजार में बिकने वाले खुले व अमानक खाद्य सामग्री का उपयोग करने से बचें, अधिक रंगयुक्त मिठाईयों के उपयोग से बचें एवं मार्केट से कोई भी खाद्य पदार्थ खरीदने से पहले उसका लेबल जांच लें, खाद्य पदार्थ के निर्माण की तिथि एवं उपयोग की तिथि अवश्य देखकर खरीदें।

———————–

✍️ 03. कलेक्टर ने किया एसडीएम कार्यालय भानुप्रतापपुर का निरीक्षण। पुराने परिचित स्टाफ से की आत्मीय मुलाकात, गले लगाये।

—कलेक्टर  कुंदन कुमार ने कांकेर जिले में पदस्थापना के बाद अनुविभाग मुख्यालय भानुप्रतापपुर का प्रथम प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने एसडीएम एवं तहसील कार्यालय का अवलोकन तथा निरीक्षण कर वहां पदस्थ स्टाफ से आत्मीय मुलाकात की।इस दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षों में जाकर निरीक्षण किया और स्टाफ से भेंट की। ज्ञात हो कि आज से लगभग 10 वर्ष पहले कलेक्टर श्री कुमार, भानुप्रतापपुर एसडीएम के तौर पर इसी कार्यालय में पदस्थ रहे। उन्होंने यहां सेवारत स्टाफ से मुलाकात की और आत्मीयता के साथ गले लगाकर पुरानी यादें ताजा की।

इसके उपरांत वे भानुप्रतापपुर के रेलवे स्टेशन का दौरा किया तथा आवश्यक जानकारी ली। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी सहित स्थानीय नागरिक और मीडिया प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

————————

✍️ 04. छात्रवृत्ति हेतु अस्वच्छ व्यवसाय में कार्यरत परिवारों के बच्चों को प्रमाण पत्र बनाने की सुविधा।

—कक्षा पहली से 10वीं तक अध्ययनरत अनुसूचित जाति एवं अन्य वर्ग के विद्यार्थियों को प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति के कंपोनेंट 2 के अंतर्गत अस्वच्छ व्यवसाय छात्रवृत्ति प्रदान करने के लिए आवश्यक अस्वच्छ व्यवसाय प्रमाण पत्र अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार के स्तर से ऑनलाइन बनाए जाने की सुविधा प्रारंभ की गई है। संबंधित वर्ग के छात्र तहसीलदार कार्यालय के लोक सेवा केन्द्रों पर पहुंचकर आय, जाति, निवास प्रमाण पत्रों की भांति अस्वच्छ व्यवसाय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया अपना सकते है। इसके लिए 10 रुपए के स्टाम्प में शपथ पत्र के साथ निर्धारित प्रारूप में सरपंच, पार्षद से हस्ताक्षर व पटवारी के हस्ताक्षर उपरांत आवेदन किया जा सकता है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जिले के सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों प्राचार्य तथा प्रधान पाठकों को अस्वच्छ व्यवसाय छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए निर्देशित किया गया है ताकि सभी पात्र विद्यार्थियों का प्रमाण पत्र बनाया जाकर छात्रवृत्ति का लाभ दिया जा सके।

————————

✍️ 05.जिला कांकेर थाना छोटेबेठिया ग्राम मोरखण्ड़ी जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से नक्सल डम्प से हथियार सहित अन्य सामग्री बरामद। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नक्सल उन्मूलन अभियान को लगातार प्रभावी रूप से संचालित करते हुए हथियार सहित अन्य नक्सल सामग्री बरामद।

— बद्री नारायण मीणा(भा.पु.से.) पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज के निर्देशन में, दीपक तिवारी डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर निखिल राखेचा पुलिस अधीक्षक कांकेर एवं श्री सुभाष चंद्र 2ic प्रभारी सेनानी 94 वीं वाहिनी बीएसएफ बांदे के मार्गदर्शन में जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला बल, बीएसएफ एवं बीडीएस टीम के संयुक्त बल द्वारा संचालित अभियान के दौरान नक्सल डम्प से-: भारमार बंदूक-04 नग भारमार बंदूक बैरल-03 नग वायरलेस सेट-01नग बिजली वायर-03 बंडल जीपीएस-01 नग सोलर प्लेट छोटा-01 नग चार्जर-01नग नक्सल साहित्य व अन्य भारी मात्रा मे नक्सल सामग्री बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।कांकेर पुलिस द्वारा नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान संचालित किया जा रहा है। सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु सघन सर्चिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। टीम कंमाडर—.हनुमान मीणा इंस्पेक्टर बीएसएफ 94 वीं वाहिनी‚मोहित बंसल उप निरीक्षक बीएसएफ 94 वीं वाहिनी‚ रोशन लाल मीणा उप निरीक्षक बीएसएफ बीडीएस टीम कमांडर  थे।

————————

✍️06.पुलिस को करीब से जानने पहुंचे जे.पी. स्कूल के नन्हे बच्चे । सिटी कोतवाली एवं यातायात शाखा का किया शैक्षणिक भ्रमण ।  

—पुलिस अधीक्षक   निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक   योगेश कुमार साहू के मार्गदर्शन में एसडीओपी   हरीश पाटिल के पर्यवेक्षण में यातायात प्रभारी   दीपक साव, थाना प्रभारी जितेंद्र साहू एवं थाना/यातायात टीम द्वारा जे.पी. स्कूल कांकेर के नन्हे बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत सिटी कोतवाली कांकेर एवं यातायात शाखा का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। बच्चों ने थाना कोतवाली परिसर का भ्रमण कर थाना की कार्यप्रणाली, शिकायत प्राप्त करने की प्रक्रिया, अपराध पंजीयन, पुलिस हेल्प डेस्क तथा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के दायित्वों की जानकारी प्राप्त की। पुलिस अधिकारियों द्वारा बच्चों को सरल एवं रोचक तरीके से बताया गया कि पुलिस आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधों की रोकथाम के लिए किस प्रकार कार्य करती है। 

यातायात पुलिस द्वारा बच्चों को ट्रैफिक सिग्नल, रोड सेफ्टी उपकरण, बैरिकेड्स, रिफ्लेक्टिव जैकेट, कोन, साइन बोर्ड सहित विभिन्न यातायात सुरक्षा उपकरणों के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों को सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, यातायात सिग्नल का पालन करने तथा वाहन में यात्रा करते समय सीट बेल्ट एवं हेलमेट के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को बचपन से ही यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा पुलिस एवं यातायात व्यवस्था को व्यवहारिक रूप से समझाना था। भ्रमण के दौरान बच्चों में पुलिस कार्यप्रणाली एवं यातायात व्यवस्था को लेकर काफी उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली।

 ————————

✍️07. “साइबर जागृति अभियान” के दूसरे सप्ताह में कांकेर पुलिस ने बैंक ,शैक्षणिक एवं वित्तीय संस्थानों में चलाया जागरूकता अभियान ।  बैंक ग्राहकों एवं आम नागरिकों को UPI फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल एवं डिजिटलधोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए गए।

—पुलिस अधीक्षक कांकेर  निखिल राखेचा के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले में संचालित “साइबर जागृति अभियान” के दूसरे सप्ताह के अंतर्गत दिनांक 25 अगस्त 2026 को विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में बैंक एवं वित्तीय संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों, बैंक ग्राहकों एवं विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सजग करना तथा डिजिटल लेन-देन के दौरान आवश्यक सुरक्षा सावधानियों की जानकारी देना रहा। LIC ऑफिस कांकेर एवं कोरर पुलिस द्वारा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा कोरर, थाना ताड़ोकी पुलिस द्वारा भारतीय स्टेट बैंक ताड़ोकी तथा थाना बड़गांव पुलिस द्वारा यूको बैंक बड़गांव में बैंक कर्मचारियों के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।थाना गोंडाहुर पुलिस द्वारा ग्राम हॉकेर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। चौकी दमकसा में हायर सेकेंडरी स्कूल दमकसा में “राखी मिलन समारोह” एवं “साइबर जागरूकता कार्यक्रम” आयोजित किया गया।कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

 कांकेर पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि OTP, UPI PIN, ATM PIN, CVV, पासवर्ड अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और बिना सत्यापन के किसी के कहने पर QR Code स्कैन न करें। बैंक अथवा किसी सरकारी संस्था के नाम पर प्राप्त संदिग्ध कॉल एवं मैसेज पर तत्काल विश्वास न करें।यदि आपके साथ साइबर ठगी हो जाती है तो घबराएं नहीं—तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें तथा अपने संबंधित बैंक को भी सूचित करें।

————————

✍️08.गांव-गांव में मोटर पंप चोरी करने वाले शातिर आरोपी को पखांजूर पुलिस ने किया गिरफ्तार।चोरी के मोटर पंप एवं केबल वायर सहित लगभग ₹7,000/- का मशरूका बरामद।
घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल एवं 02 मोबाइल फोन जप्त।

—पुलिस अधीक्षक   निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक   राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस   कुलदीप बंजारे के पर्यवेक्षण में थाना पखांजूर पुलिस ने मोटर पंप चोरी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया ।प्रार्थी अमरेश मंडल, पिता स्व. अनादी मंडल, निवासी पी.व्ही. 27 हृदयपुर द्वारा थाना पखांजूर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 20.08.2026 की रात्रि 12:00 बजे से 21.08.2026 की सुबह 07:00 बजे के मध्य घर में रखा 2 HP का मोटर पंप, केबल तार सहित, जिसकी कीमत लगभग ₹7,000/- है, किसी अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया है।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पखांजूर में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 305, 331(4) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना एवं माल-मशरूका की पतासाजी प्रारंभ की गई।विवेचना के दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर संदेही मंगल मंडल, पिता स्व. पंचराम मंडल, उम्र 52 वर्ष, निवासी पी.व्ही. 27 हृदयपुर से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार की तथा चोरी किया गया मोटर पंप अपने जीजा के घर ग्राम पी.व्ही. 102 बांदे में छिपाकर रखना बताया।आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया मोटर पंप केबल वायर सहित बरामद कर जप्त किया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल क्रमांक CG 10 P 5517 एवं 02 मोबाइल फोन भी जप्त किए गए।आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे जिला जेल कांकेर में निरुद्ध किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी
मंगल मंडल, पिता स्व. पंचराम मंडल, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम पी.व्ही. 27 हृदयपुर, थाना पखांजूर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर।

————————

✍️09.टीईटी की अनिवार्यता के खिलाफ कांकेर में शिक्षकों का जबर्दस्त आंदोलन प्रदर्शन‚ नगर में रैली निकाल कर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन।

—ब्लॉक स्तरीय प्रदर्शन के बाद आज जिला मुख्यालय में शिक्षकों ने कांकेर नये बस स्टैण्ड में एक दिनी धरना प्रदर्शन कर सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता का राज्य शासन के नियम का विरोध जताया। जमकर नारेबाजी कर रैली निकाली गई और अपनी पांच मांगों के साथ प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। वेतन विसंगति, पदोन्नति नियमों में संशोधन की मांग की गई है। बीएड धारक शिक्षकों के लिए विभागी ब्रिज कोर्स कराये जाने की मांग रखी गई है।

———————–

✍️ 10.संत शिरोमणि गुरू रविदास महाराज की 650 वीं जयंती में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम।

—संत शिरोमणि श्रीगुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर जिला स्तरीय कमरा वंदन अभियान के अंतर्गत आयोजित भव्य कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी के चरणों में श्रद्धापूर्वक नमन एवं वंदन किया।उन्होंने कहा-संत रविदास ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समानता, सामाजिक समरसता, भाईचारे, मानवता और सेवा का संदेश दिया। उनके महान विचार आज भी समाज को एकता, सद्भाव और सकारात्मक परिवर्तन की राह दिखाते हैं।इस अवसर पर कांकेर भाजपा जिला प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती रंजना साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश जैन कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग जी,भाजपा के जिला पदाधिकारीगण, कार्यकर्तागण एवं उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों पर विचार विमर्श हुआ संत रविदास की शिक्षाएँ हम सभी को समाज में प्रेम, समानता और सद्भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहें।

————————

विशेष—

छत्तीसगढ पिछडा वर्ग समाज की 03 अक्टूबर को कोण्डागांव में विशेष बैठक।

—छत्तीसगढ पिछडा वर्ग समाज की आगामी 03 अक्टूबर को कोण्डागांव में  विशेष बैठक का आयोजन रखा जा रहा है। बैठक में संगठन की मजबूती के  साथ आगे की रणनीति बनाई जायेगी।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

अँगना से मायूस नहीं जाता कोई…

(मनोज जायसवाल) कांकेर विधानसभा क्षेत्र का विधायक कार्यालय जिसे ‘अंगना’ नाम दिया गया है, इसके प्रारंभ होने के बाद से ही प्रतिदिन लोगों का आना जाना लगा रहता है। कांकेर…

आज की टॉप 10 खबर 24 अगस्त 2026 सोमवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 24 अगस्त  2026 सोमवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01. अमर शहीद परमानंद कोर्राम के शहीद स्मारक अनावरण कार्यक्रम में शामिल हुए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *