आज की टॉप 10 खबर 13 अगस्त 2026 गुरूवार

 ———————–

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
13 अगस्त  2026 गुरूवार

✍️मनोज जायसवाल

 ———————–

विशेष —

पिछड़ा वर्ग समाज में आने वाले जातियों के जिलाध्यक्षों की  बैठक सम्पन्न।

— आज साहू समाज मे पिछड़ा वर्ग समाज मे आने वाले सभी जिलाध्यक्षों के साथ साथ समाजिक प्रमुखों कि बैठक रखी गई जहां सभी समाज के जिलाध्यक्षों व समाज प्रमुखों ने अपने-अपने विचार रखे ज्यादातर समाज प्रमुख व जिलाध्यक्षों ने सहमति जताई कि जब-तक पिछड़ा वर्ग संगठन एक मत एक मंच पर नही आते तब तक समाज के लोग पिछड़ा वर्ग संगठन के किसी भी कार्यक्रम में नही जायेंगे।जिला अहीर कोसरिया यादव समाज के महासचिव दयालु यादव ने विस्तार पूर्वक अपनी बाते रखते हुए कहा कि हमारा यादव समाज जब तक पिछड़ा वर्ग संगठन एक नही हो जाते हमारे समाज के किसी भी परिवार के लोग नही जायेंगे।

उसी तरह से साहू समाज, सेन समाज, रजक समाज, निषाद केंवट समाज, पटेल (मरार) समाज, विश्वकर्मा समाज, ढिमर समाज, सोनी समाज व पिछड़ा वर्ग समाज में आने वाले सभी समाज प्रमुखों के बीच से यही बात निकल कर आई कि पिछड़ा वर्ग समाज में आने वाले जातियों के समाजिक जिलाध्यक्षों व प्रमुखों को विश्वास में नही लिया और एक गुट ने 11 अगस्त को ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम को रद्द किया मगर एक गुट ने अपना 19 अगस्त को कार्यक्रम को करने कि पुरी तैयारी कर ली है और वे अपने आन्दोलन को करने कि तैयारी कर रहे है जिससे समाज प्रमुख आहृत हुए हैं और सभी ने एकमत से यहा निर्णय लिया गया है कि 19 अगस्त को होने वाले आन्दोलन मे समाज के लोग शामिल नही होंगे।
बैठक मे साहू समाज के जिलाध्यक्ष बंशीलाल साहू, निषाद केंवट समाज के जिलाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र निषाद, जिला अहिर कोसरिया यादव समाज के जिलाध्यक्ष गिरधर यादव, सेन समाज के जिलाध्यक्ष रूखम सेन, रजक समाज के संभागीय अध्यक्ष दिनेश रजक, सोनी समाज के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सोनी, ढिमर समाज से मोहन नाविक, मरार समाज से रामनारायण पटेल, विश्वकर्मा समाज से विजय विश्वकर्मा, गुलाब राम साहू, घनश्याम कौशिक, वेद प्रकाश सिन्हा, गोपाल सहू, जिला महासचिव दयालु यादव, हरिराम साहू, दुर्गा प्रसाद जैन, रूपेश कुमार नागे, महेश कौशिक, नरसिंह निषाद, जीवन निषाद, संजय कौशिक, त्रिलोचन कौशिक, दाऊलाल सेन, बिसम्बर साहू, गजेन्द्र कुमार यादव, जागेश्वर यादव, सतीश साहू, योगेश यादव, शंकर साहू, बलराम साहू, रामलाल, देवप्रसाद निषाद, रमेश कुमार रजक, खादू राम पटेल, कविता यादव, हरिश्चन्द्र निषाद, कमलेश कुमार देवांगन, अर्जुन यादव, परमानंद साहू, दशरथ साहू, दिलीप पटेल, हेमन्त यादव, शिवप्रसाद साहू मनोज जायसवाल व सभी समाज के प्रमुख उपस्थित थे।

———————–

 ✍️ 01. ‘विभाजन की विभीषिका’ पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का कांकेर विधायक ने किया शुभारंभ।  

—केंद्र एवं राज्य शासन के निर्देशानुसार स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ एवं ‘भारत विभाजन की विभीषिका-स्मरण दिवस’ पर आधारित तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन आज जिला मुख्यालय के कलेक्टोरेट परिसर में किया गया। कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार लगाई गई उक्त प्रदर्शनी का शुभारंभ कांकेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक  आशाराम नेताम ने किया। जनसम्पर्क विभाग द्वारा तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी आज से 15 अगस्त तक के लिए अवलोकनार्थ लगाई गई है। 

छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ व अवलोकन करने के बाद कांकेर विधायक श्री नेताम ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी 14 अगस्त 1947 में हुए अक्षुण्ण भारत देश  के विभाजन के दंश को प्रदर्शित करती है, जिसे सम्पूर्ण देशवासियों ने झेला। उन्होंने कहा कि विभाजन के साथ ही देश के अनेक हिस्सों में दंगे, हिंसा तथा वैमनस्यता फैल गई, जिसके परिणामस्वरूप पूरा देश नफरत की आग में झुलस गया। अंग्रेजों की ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति से धार्मिक उन्माद सम्पूर्ण देश में फैल गया। विधायक श्री नेताम ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने विभाजन की विभीषिका से आम जनता को अवगत कराने के उद्देश्य से जनसम्पर्क विभाग द्वारा उक्त छायाचित्रों के माध्यम से बेहतर ढंग से विस्थापितों की पीड़ा और दर्द को प्रदर्शित करने का बेहतर प्रयास किया गया। 
उक्त प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम्’ की थीम पर दर्शाए गए छायाचित्रों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कांकेर विधायक ने आगे कहा कि बंगदर्शन पत्रिका के उपन्यास ‘आनंद मठ’ में बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने पहली बार वंदे मातरम् शब्द का इस्तेमाल किया, जो आजादी के संघर्ष के दौर से राष्ट्र की आवाज बन चुका है। इसी नारे की अगुवाई में आजादी के परवानों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी, जिनका ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता। विधायक श्री नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के आह्वान पर प्रदेश के मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय ने ‘हर घर तिरंगा’ फहराने की अपील की है, जिसके तहत देश भर में 9 से 17 अगस्त के बीच देशभक्ति से ओतप्रोत अनेक गतिविधियां आयोजित की जा रही है। मंगलवार 11 अगस्त को भी उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव के नेतृत्व में कांकेर शहर के मुख्य मार्गों में तिरंगा यात्रा सफलतापूर्वक आयोजित की गई थी, जिसमें नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ   हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर   जितेन्द्र कुर्रे सहित आगंतुकगण मौजूद रहे।
जिले के दुर्गूकोंदल विकासखण्ड के ग्राम चेमल से आए आवेदक  हेमंत रावटे, सगनू नेताम, रोशन आमले, अमित तिरसुनिया तथा शोभितराम पटेल ने छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन करने के उपरांत कहा कि उन्हें देश के इस इतिहास के बारे में पता ही नहीं था। इस प्रदर्शनी के जरिए जानकारी मिली कि देश के विभाजन के दौरान लाखों विस्थापितों के साथ अन्याय व अत्याचार हुआ। वर्तमान पीढ़ी को इस इतिहास से रू-ब-रू होने में यह  प्रदर्शनी बेहद सार्थक सिद्ध होगी। इसी तरह कांकेर के ग्राम खमढोड़गी से आए पूर्व सरपंच श्री प्यारसिंह मंडावी और उनके साथ आए ग्रामीण श्री रूपराम कोमरा ने कहा कि तत्कालीन भारत के स्वर्णिम इतिहास को जानना सभी देशवासियों के लिए बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन के दौर में वंदे मातरम् ने क्रांतिवीरों में नई जान फूंक दी थी। इसके अलावा विभिन्न ग्रामों से आए ग्रामीणों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर इसे सार्थक व बेहद प्रासंगिक बताया। 

 ———————–

✍️ 02. आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत आदि सेवा केन्द्रों में जन सुनवाई जन शिकायत और लाभार्थी संतृप्ति शिविर का आयोजन 15 अगस्त तक।

—भारत सरकार, जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले के जनजाति बाहुल्य ग्रामों में आदि कर्मयोगी अभियान का क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिसका उद्देष्य आदि सेवा केन्द्रों और आदि कर्मयोगी वालिंटियर्स के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में अंतिम छोर तक शासकीय सेवा वितरण को सुदृढ़ करना है। ग्राम स्तरीय आदि सेवा केन्द्रों को धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और पीएम-जनमन के अंतर्गत पात्रता संबंधी सुविधा, षिकायत निवारण, शासकीय योजनाओं के समन्वय और सामुदायिक सहभागिता के लिए स्थायी मंच के रूप में परिकल्पना की गई है। इसके साथ ही कार्यरत् आदि कर्मयोगी वालिंटियर्स का उद्देष्य प्रषिक्षित स्थानीय वालिंटियर्स के रूप में जागरूकता सृजन, नागरिक सुविधा विस्तार, षिकायत निवारण, डिजिटल दस्तावेजीकरण और सामुदायिक जागरूकता में सहयोग करना है।
यह अभियान जिले के सभी सातों विकासखंड के 552 जनजातीय बाहुल्य ग्रामों में क्रियान्वित किया जा रहा है। इन केन्द्रों के सुचारू संचालन से जनजातीय नागरिकों के लिए शासकीय सेवाओं को सुलभ बनाने और ग्राम स्तर पर सहभागी और उत्तरदायी शासन को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करना है। इस अभियान के अंतर्गत 13 अगस्त से 15 अगस्त तक जिले के सभी आदिसेवा केन्द्रो में जनसुनवाई (जन शिकायत निवारण और लाभार्थी संतृप्ति शिविर) का आयोजन किया किया जा रहा है। उक्त जन सुनवाई के आयोजन मंे आदिम जाति विकास विभाग, पंचायत ग्रामीण विकास विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, षिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, राजस्व विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, बैंकिग एवं सीएससी और अन्य संबंधित विभागों के जिला एवं विकासखण्ड स्तर के अधिकारियों की भागीदारी सुनिष्चित करते हुए षिविरों में इन विभागों के योजनाओं के सुविधाओं से लाभान्वित करने के निर्देष दिये गये हैं। आदि कर्मयोगी वालिंटियर्स की सहभागिता सुनिष्चित करते हुए आदि सेवा केन्द्रों में जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित करने तथा जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा निर्मित एनआईसी पोर्टल https://adiprasaran.tribal.gov.in/jansunwai/CreateUsers.aspx पर की गई कार्यवाही की जानकारी अपलोड करने के लिए निर्देशित किया गया है।

———————–

विज्ञापन—

———————–

✍️ 03. औद्‍योगिक प्रशिक्षण संस्था अंतागढ में 21 अगस्त को एक दिनी रोजगार मेला का आयोजन।

 — शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था अंतागढ़ में 21 अगस्त को एक दिवसीय रोजगार मेला प्रातः 11 बजे से दोपहर 03 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र के नियोजको द्वारा 222 रिक्तियों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक आवेदक उक्त रोजगार मेला मे उपस्थित होकर अथवा ई-रोजगार के पोर्टल https://erojgar.cg.gov.in पर सम्पूर्ण दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस आशय की जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि उक्त रोजगार मेला में सिक्यूरिटी गार्ड के 100, असिस्टेंट सुपरवाइजर के 20, सुपरवाइजर 08, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन के 21, बीमा सखी के 10, नर्सिंग स्टाफ 10, ओ.टी टेक्नीशियन 03 और ट्रेनिंग ऑफिसर के 30 रिक्त पदों पर भर्ती ली जाएगी। आवेदकों से प्राप्त आवेदन के आधार पर नियोक्ता द्वारा प्राथमिक चयन कर साक्षात्कार लिया जाएगा, जिसकी सूचना फोन के माध्यम से आवेदक को दी जाएगी। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।

————————

✍️ 04. प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं प्रवेश हेतु काउंसलिंग 16 से 20 अगस्त तक।

—राज्य में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए द्वितीय काउसिलिंग हेतु विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in पर छात्र-छात्राओं की सूची एवं काउंसलिंग सूची प्रदर्शित की गई है। काउंसलिंग 16 से 20 अगस्त तक की जाएगी। सूची में दर्शित प्रवास आवासीय विद्यालयों में प्रातः 11 बजे से सायं 04 बजे तक काउंसलिंग की जाएगी।

 ————————

✍️ 05.स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुष्क दिवस घोषित।

—कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा ‘स्वतंत्रता दिवस’ के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को जिले में शुष्क दिवस घोषित किया गया है। इस दिन जिले की समस्त देशी, विदेशी मदिरा (कम्पोजिट) प्रीमियम मदिरा की फुटकर दुकानों, देशी, विदेशी मदिरा (कम्पोजिट) मदिरा के फुटकर दुकान से संलग्न अहातों एवं एफ.एल.4 (क) व्यवसायिक क्लब व एफ.एल.7, सैनिक कैन्टीन को पूर्णतः बंद रखे जाने के लिए आदेशित किया गया है। शुष्क दिवस के दौरान मदिरा का सम्पूर्ण संव्यवहार प्रतिबंधित रहेगा। कलेक्टर ने जिले में अवैध मदिरा संग्रहण, विनिर्माण, परिवहन व विक्रय पर पूर्णतः नियंत्रण रखने के लिए जिला आबकारी अधिकारी को निर्देशित किया है।  

————————

✍️06. राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह का किया गया अंतिम रिहर्सल।

— राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को जिला स्तरीय मुख्य समारोह नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में आयोजित किया जाएगा। इसके सफल आयोजन के लिए आज अंतिम रिहर्सल किया गया, मुख्य अतिथि के तौर पर कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर सलामी दी।
गुरुवार को प्रातः 09 बजे से राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम रिहर्सल प्रारंभ हुआ, जिसमें समारोह के मुख्य अतिथि के तौर पर कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने मुख्य मंच पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सलामी दी, इसके साथ ही राष्ट्रगान की धुन का वादन किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा जिप्सी पर सवार होकर परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया गया। इस दौरान  निखिल राखेचा एवं जिला पंचायत सीईओ   हरेश मंडावी उनके साथ मौजूद थे। परेड निरीक्षण पश्चात् जिला पुलिस बल, नगरसेना के जवान, जिला पुलिस महिला प्लाटून, बस्तर फाइटर्स महिला प्लाटून, वनरक्षक, शासकीय भानुप्रतापदेव स्नाकोत्तर महाविद्यालय कांकेर, पीएमश्री नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालक-बालिका, पंडित विष्णुप्रसाद शर्मा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोविंदपुर, शहीद रामकुमार कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इत्यादि शैक्षणिक संस्थाओं के एनसीसी, एनएसएस और स्काउट गाइड कैडेट्स की 12 प्लाटूनों के द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट किया गया, तत्पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा दल प्रमुखों से परिचय प्राप्त किया गया। इसके बाद स्कूली छात्र-छात्राओं के समूह द्वारा पीटी का एक लय में प्रदर्शन किया गया। तत्पश्चात नेताजी सुभाषचंद्र बोस 200 सीटर कन्या आवासीय विद्यालय बेवरती, सरस्वती शिशु मंदिर गढ़पिछवाड़ी, पैराडाइज हायर सेकेण्डरी स्कूल कांकेर, शहीद रामकुमार शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कन्या आश्रम सिंगारभाठ और नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के छात्र-छात्राओं के द्वारा आकर्षक एवं मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आईपीएस)   आकाश श्रीमाल, अपर कलेक्टर   जितेन्द्र कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू, एसडीएम श्रीमती सरस्वती बंजारे, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री के.के. सरल, जिला शिक्षा अधिकारी   सहित प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारीगण एवं विभिन्न विभागों अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास, उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा स्वतंत्रता समारोह में करेंगे ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को पीएम श्री शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास, उच्च शिक्षामंत्री श्री टंकराम वर्मा द्वारा प्रातः 09 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। उनके द्वारा जिला स्तरीय समारोह में जिले के शहीद जवानों के परिजनों को शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित भी किया जाएगा। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के उपरांत उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के शासकीय सेवकों और नागरिकों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों व मार्च पास्ट में प्रदर्शन करने वाले दलों को भी स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। 

————————

✍️07. जिले के 74 श्रद्धालु रामलला दर्शन के लिए रवाना।

—श्री रामलला दर्शन यात्रा योजना के अंतर्गत कांकेर जिले से श्रद्धालुओं का दल मंगलवार 11 अगस्त को अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। इस यात्रा में 72 दर्शनार्थियों के साथ 02 अनुरक्षक सहित कुल 74 यात्रियों को आजीविका महाविद्यालय, गोविंदपुर कांकेर से राजनांदगांव रेलवे स्टेशन के लिए प्रस्थान कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के सभी श्रद्धालुओं ने 12 अगस्त को राजनांदगांव रेलवे स्टेशन से अयोध्या धाम के लिए यात्रा प्रारंभ की, जहां वे श्री रामलला के दर्शन का लाभ प्राप्त कर 15 अगस्त को वापस आजीविका महाविद्यालय गोविंदपुर कांकेर आएंगे। इस अवसर पर नगरपालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष  अरुण कौशिक,  दिनेश रजक,   पंकज सिन्हा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

————————

✍️08. आपदा प्रबंधन: टेबलटॉप एक्सरसाइज 18 अगस्त व मॉक एक्सरसाइज 20 अगस्त को।

— बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन विभाग छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बाढ़ से निबटने के लिए राज्य स्तरीय बाढ़ आपदा प्रशिक्षण (मॉक एक्सरसाइज) विषय पर राज्य स्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का आयोजन किया गया। उक्त वीसी में विभाग के आला अधिकारियों के द्वारा तकनीकी प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया गया, जिसमें बाढ़ नियंत्रण कक्ष का संचालन आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, राहत शिविर की पहचान, आपात सहायक हेतु स्थल चयन, स्वास्थ्य केन्द्र, अन्य निकासी मार्ग, खोज एवं बचाव, नुकसान का आंकलन, राहत एवं पुनर्वास सहित विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उक्त वीसी में कलेक्टोरेट के एनआईसी कक्ष में जिले के आपदा प्रबंधन विभाग की नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर सुश्री रानू मैथ्यूज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने हिस्सा लेकर ऑनलाइन प्रशिक्षण एजेण्डावार प्राप्त किया। इस संबंध में जिले की नोडल अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार इसके लिए प्रत्येक संबंधित विभाग में विभागीय नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इसके तहत आगामी 18 फरवरी को टेबलटॉप एक्सरसाइज सुबह 10.30 बजे से अपराह्न 03 बजे के मध्य तथा जिला स्तर पर 20 अगस्त को मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। 

————————

✍️09.स्वतंत्रता सद्भावना दौड़ का आयोजन 14 अगस्त को।

—प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस के पूर्व 14 अगस्त को प्रातः 07 बजे शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के खेल मैदान में स्वतंत्रता सद्भावना दौड़ का आयोजन किया जाएगा। जिला खेल अधिकारी ने बताया कि इस दौड़ में जिला मुख्यालय के सभी स्कूल एवं कॉलेजों के विद्यार्थी, खिलाड़ी, मीडिया प्रतिनिधि, पत्रकार, गणमान्य नागरिक और आम जनता भाग ले सकेंगे। दौड़ का आयोजन शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान से प्रारंभ होकर राष्ट्रीय मार्ग, ऊपर-नीचे रोड, भारतीय स्टेट बैंक, गिल्ली चौक, पुराना बस स्टैंड तथा शासकीय कोमलदेव जिला चिकित्सालय के पास स्थित जयस्तंभ चौक होते हुए मिनी स्टेडियम नया बस स्टैण्ड कांकेर के खेल मैदान में दौड़ का समापन होगा।

 ———————–

✍️ 10.स्वतंत्रता दिवस पर कांकेर में होगी “एक शाम शहीदों के नाम” ऑर्केस्ट्रा संध्या ।

— स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर कांकेर  में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का नाम “एक शाम शहीदों के नाम” रखा गया है। इस ऑर्केस्ट्रा और गेलार्ड ग्रुप द्वारा देशभक्ति प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम का उद्देश्य देश के शहीदों को श्रद्धांजलि देना और नागरिकों में राष्ट्र प्रेम की भावना जगाना है।

छत्तीसगढ जर्नलिस्ट यूनियन, हिन्दू परिषद और रुद्र सेना हैं आयोजक

कार्यक्रम का आयोजन सीजी जर्नलिस्ट यूनियन, अखिल भारतीय हिन्दू परिषद और रुद्र सेना के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन समिति ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर शहीदों के बलिदान को याद करना हम सबका दायित्व है। इसी उद्देश्य से इस संध्या का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम का समय और रूपरेखा तय

“एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम संध्या 7:00 बजे प्रारंभ होगा। इसमें देशभक्ति गीत, वीर रस की प्रस्तुतियां और शहीदों के जीवन पर आधारित कार्यक्रम शामिल होंगे। आयोजकों ने कहा कि यह कार्यक्रम शहीदों के बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

पुराना कम्युनिटी हॉल मैदान में होगा कार्यक्रम

कार्यक्रम का स्थान पुराना कम्युनिटी हॉल मैदान, काली मंदिर के सामने निर्धारित किया गया है। आयोजकों ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर शहीदों को नमन करें और देशभक्ति कार्यक्रम का हिस्सा बनें।

देशभक्ति और बलिदान का संदेश देगा कार्यक्रम

आयोजकों ने कहा कि “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम के माध्यम से नई पीढ़ी को देशभक्ति और त्याग का संदेश दिया जाएगा। ऑर्केस्ट्रा और गेलार्ड ग्रुप देशभक्ति गीतों के माध्यम से शहीदों के बलिदान को याद करेंगे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया जाएगा।

  ————————

विशेष —

दिवंगत आरक्षक सुरजीत कोड़ोपी के परिजनों को 01 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान ।

—छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारतीय स्टेट बैंक के साथ किए गए एमओयू के तहत “पुलिस सैलरी पैकेज” योजना लागू की गई है। इस योजना के अंतर्गत पुलिस कर्मियों को विभिन्न प्रकार की बीमा एवं वित्तीय सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, ताकि किसी आकस्मिक घटना की स्थिति में उनके परिवार को आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक  निखिल राखेचा (भा.पु.से.) की उपस्थिति में भारतीय स्टेट बैंक शाखा कांकेर के शाखा प्रबंधक  ऋषि कटियार एवं शाखा प्रबंधक नरहरपुर  श्याम निराला द्वारा दिवंगत पुलिसकर्मियों के वैध उत्तराधिकारियों को पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत प्राप्त बीमा क्लेम की सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए।

आरक्षक सुरजीत कोड़ोपी, रक्षित केंद्र कांकेर में पदस्थ थे। दिनांक 30.06.2025 को पानी में डूबने के कारण उनकी अप्राकृतिक मृत्यु हो गई थी। पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत उनके वैध उत्तराधिकारी को एक्सीडेंटल क्लेम के रूप में 01 करोड़ रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) ने दिवंगत पुलिस कर्मचारियों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को प्राप्त सहायता राशि का उपयोग परिवार के भविष्य, बच्चों की शिक्षा एवं आवश्यक कार्यों के लिए सावधानीपूर्वक करने की सलाह दी। साथ ही वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराध एवं ऑनलाइन फ्रॉड से सतर्क रहने तथा किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने के संबंध में भी जागरूक किया।

पुलिस अधीक्षक   द्वारा पुलिस विभाग के साथ निरंतर सहयोग एवं संवेदनशील पहल के लिए भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस सैलरी पैकेज जैसी योजनाएं पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों को आकस्मिक परिस्थितियों में महत्वपूर्ण आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती हैं।इस प्रकार की योजनाओं से पुलिस कर्मियों में यह विश्वास मजबूत होता है कि कर्तव्य निर्वहन के दौरान किसी आकस्मिक परिस्थिति में उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा एवं संस्थागत सहयोग प्राप्त होगा।

इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक सुश्री विंकेश्वरी पिंदे, मुख्य लिपिक विजय देवांगन, वेतन शाखा प्रभारी  राजेश भास्कर, कार्यालयीन स्टाफ, भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारीगण तथा दिवंगत पुलिस कर्मचारियों के परिजन उपस्थित रहे।पुलिस विभाग द्वारा अपने दिवंगत एवं शहीद जवानों के परिवारों के प्रति संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए उन्हें उपलब्ध बीमा एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

————————

मवेशियों को गौठानो में रखने एवं उनकी देखभाल करने आम आदमी पार्टी ने कलेक्टर महोदय के नाम ज्ञापन सौंपा।

—आम आदमी पार्टी ब्लॉक अध्यक्ष नरहरपुर जगदीश नेताम के नेतृत्व में उन्होंने कहा कांकेर जिला में आए दिन मवेशियों के कारण हमेशा एक्सीडेंट या जाम की स्थिति बनी रहती है घड़ी चौक से लेकर ज्ञानी होटल तक पूरे रोड में जगह-जगह मवेशियों का झुंड बैठा रहता है इसके चलते रोज एक्सीडेंट होते रहता है केवल शहर में ही नहीं बल्कि पूरे जिले में मवेशियों के चलते किसान भी परेशान है क्यों कि किसान की फसल लग चुकी है खेत की फसल मवेशियों द्वारा चर जाने से फसल खराब होने से किसानों को चिंता बनी रहती है।

आम आदमी पार्टी के कोषाध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर ने बताया शहर गांव गली और बाजार जहां भी देखो वहां मवेशियों का झुंड दिख जाएगा इनके मालिकों को सूचित किया जाए एवं कड़ी कार्रवाई की जाए तथा पूर्ण व्यवस्था शासन प्रशासन द्वारा कराई जाए शहर में मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं नगर पालिका अध्यक्ष  की जिम्मेदारी होती है कि इन बेजुबान बेसहारा जानवरों की रहने खाने पीने की व्यवस्था करनी चाहिए उन्होंने आगे कहा मवेशियों की व्यवस्था जल्द से जल्द करवाई जाए।

यदि एक सप्ताह तक मवेशियों का व्यवस्था नहीं होती हैं तो आम आदमी पार्टी इन मवेशियों को लेकर कलेक्टर परिसर की ओर कूच करेगी जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

 ———————–

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 11 अगस्त 2026 मंगलवार

 ———————– कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 11 अगस्त  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————– ✍️ 01.छत्तीसगढ अन्य पिछडा वर्ग समाज कोरर परिक्षेत्र की मीटिंग में समाज के कांकेर…

आज की टॉप 10 खबर 10 अगस्त 2026 सोमवार

 ———————– कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 10 अगस्त  2026 सोमवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————– ✍️ 01.मलेरिया नियंत्रण हेतु सघन जांच अभियान चलाएं: कलेक्टर श्री क्षीरसागर। पुल-पुलियों से ऊपर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *