———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
08 अक्टूबर 2026 गुरूवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
विज्ञापन

✍️ 01.पुलिस बर्बरता,लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस ने काला दिवस मनाया।

— अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चारामा द्वारा विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी के नेतृत्व में राहुल गांधी एवं श्रीमती प्रियंका गांधी सहित इंडिया ब्लॉक के सांसदों के साथ बर्बरता पूर्वक दूर्व्यवहार एवं लाठी चार्ज के विरोध में धरना प्रदर्शन कर काला दिवस मनाया गया। नरेंद्र यादव‚हिरवेंद्र साहू‚ सत्तार खान सहित मौके पर काफी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।
———————–
✍️ 02. वन्यप्राणी हमारी धरोहर और पहचान, इनके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की – वन मंत्री श्री केदार कश्यप।

—लाख विस्तार एवं प्रशिक्षण केंद्र, माकड़ी कांकेर में आयोजित राज्य स्तरीय वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि वन्यप्राणी हमारी धरोहर और हमारी पहचान हैं। वनों के साथ-साथ वन्यप्राणियों का संरक्षण भी अत्यंत आवश्यक है। हमें प्रकृति और वन्यप्राणियों के साथ सह-अस्तित्व की भावना से रहना होगा। उन्होंने कहा कि वन एवं वन्यप्राणियों को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।वन मंत्री श्रीकश्यप ने कहा कि राज्य में वन्यप्राणियों के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में बाघों की संख्या 17 से बढ़कर 35-36 तक पहुंच गई है। देश का तीसरा सबसे बड़ा टाइगर रिजर्व गुरुघासीदास-तमोरपिंगला छत्तीसगढ़ में स्थित है। इसी तरह बारनवापारा अभ्यारण्य में ब्लैक बक (काला हिरण) की संख्या लगभग 30 से बढ़कर 250 तक पहुंच गई है। काला हिरण को गोमार्डा अभ्यारण्य में भी शिफ्ट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 में छत्तीसगढ़ में हाथियों की संख्या लगभग 250 थी, जो अब बढ़कर 450 से अधिक हो गई है। राज्य में हाथियों के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं तथा मानव-हाथी द्वंद्व से संबंधित शिकायतों में भी कमी देखने को मिल रही है।

गौरैया, गिद्ध और कौआ सहित पक्षियों के संरक्षण पर भी जोर
वन मंत्री ने कहा कि वनों को बचाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। हमारे आसपास पाए जाने वाले गौरैया, गिद्ध और कौआ जैसे पक्षी भी धीरे-धीरे विलुप्ति की ओर बढ़ रहे हैं, इसलिए इनके संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने बीजापुर जिले में गिद्ध संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि इन्द्रावती टाइगर सफारी को शीघ्र ही पर्यटकों के लिए खोला जाएगा।कांकेर जिले में भालुओं के संरक्षण के संबंध में वन मंत्री ने कहा कि भालुओं के संरक्षण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आगामी एक वर्ष के भीतर कांकेर में भालू-मानव संघर्ष की समस्या को काफी हद तक दूर करने का प्रयास किया जाएगा। भालुओं को उनके प्राकृतिक रहवास में संरक्षित करने के साथ ही उनके प्राकृतिक आवास में ही पर्याप्त प्राकृतिक भोजन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि भालुओं की निगरानी एवं सुरक्षा के लिए कांकेर में एआई अलर्ट सिस्टम विकसित किया गया है, जिसमें 140 कैमरे जुड़े हुए हैं। वन मंत्री श्री कश्यप ने कांकेरवासियों से अपील करते हुए कहा कि खाद्य पदार्थों के अपशिष्ट को घरों के बाहर खुले में न फेंकें, क्योंकि इससे भालू आकर्षित होते हैं और मानव-वन्यप्राणी संघर्ष की स्थिति निर्मित हो सकती है।

कांकेर वनमंडल के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कांकेर वनमंडल में वन्यप्राणी संरक्षण एवं मानव-वन्यप्राणी संघर्ष की रोकथाम के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने हिंसक वन्यप्राणियों की सटीक लोकेशन ट्रेसिंग के लिए रेडियो कॉलरिंग हेतु 40 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके अलावा एआई कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी तथा ग्रामीणों को मोबाइल अलर्ट भेजने के लिए एप निर्माण हेतु 20 लाख रुपये स्वीकृत किए जाने की घोषणा की। वन्यप्राणियों के त्वरित एवं सुरक्षित रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए आधुनिक उपकरण तथा एक नया रेस्क्यू वाहन उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई।

वन और वन्यप्राणी एक-दूसरे के पूरक – आशाराम नेताम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम ने वन्यप्राणियों की सुरक्षा और संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वन्यप्राणी और मानव एक-दूसरे के पूरक हैं। पक्षी कीट प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और किसानों के सहयोगी हैं। वर्तमान में गौरैया, गिद्ध और कौआ जैसे पक्षी विलुप्त होने के कगार पर हैं, इसलिए इनके संरक्षण के लिए विशेष प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वन्यप्राणियों के साथ-साथ वनों को बचाना भी जरूरी है। इसके लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाए जाने चाहिए।जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी ने कहा कि कांकेर जिले में भालू, तेंदुआ और अजगर सहित विभिन्न वन्यप्राणी अक्सर दिखाई देते हैं, जो जिले की प्राकृतिक समृद्धि और खूबसूरती को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मध्य भारत में कांकेर जिले में भालुओं की संख्या अधिक होना जिले के लिए गौरव और उपलब्धि की बात है।
कार्यक्रम को प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण पाण्डे तथा प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) ओ.पी. यादव ने भी संबोधित किया। उन्होंने बताया कि कांकेर वन बाहुल्य जिला है और जिले का लगभग 50 प्रतिशत क्षेत्र वनों से आच्छादित है। यहां भालू एवं तेंदुओं की संख्या भी अधिक है। वन्यप्राणी संरक्षण के लिए वन विभाग के मैदानी अधिकारी लगातार कार्य कर रहे हैं।कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, कलेक्टर कुन्दन कुमार तथा वनमंडल अधिकारी शशिगानंदन के. ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मुख्य वन संरक्षक कांकेर विवेकानंद झा ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर गोमार्डा वन्य जीव अभ्यारण एवं गुरूघासी दास तमोरपिंगला टाइगर रिजर्व और अचानकमार की जीती जागती कहानी-झुमरी की जुबानी से संबंधित काफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया, साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महेश जैन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, जनपद अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा कावड़े, नगर पंचायत उपाध्यक्ष उत्तम यादव, राजा देवनानी सहित जनप्रतिनिधिगण तथा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
———————–
✍️ 03. टीबी मुक्त भारत अभियान को मिली नई गति, जोश टीम का हुआ शुभारंभ। कांकेर की 179 टीबी मुक्त ग्राम पंचायतें हुईं सम्मानित, जनभागीदारी से टीबी उन्मूलन अभियान को मिलेगा विस्तार।

—राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत कांकेर जिले को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से जनभागीदारी को और मजबूत करने के लिए कांकेर में संयुक्त स्वास्थ्य दल ‘जोश टीम’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांकेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशाराम नेताम थे। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, दिलीप जायसवाल सहित नगर पालिका कांकेर के पार्षद गण उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान टीबी उन्मूलन की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की 179 टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों को प्रशस्ति पत्र के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। कांकेर जिले में 454 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें से 179 ग्राम पंचायतों का टीबी मुक्त होना जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह उपलब्धि ग्राम पंचायतों, स्वास्थ्य विभाग, जनप्रतिनिधियों और समुदाय के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। आगामी समय में शेष ग्राम पंचायतों को भी टीबी मुक्त बनाने के लिए जोश टीम एवं सहयोगी स्वयंसेवकों के माध्यम से अभियान को और व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा।
युवा शक्ति और स्वयंसेवकों की होगी महत्वपूर्ण भूमिका
‘जोश टीम’ के माध्यम से ग्राम स्तर पर युवाओं, स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स, मेरा भारत स्वयंसेवकों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़ा जाएगा। टीम द्वारा लोगों को टीबी के लक्षणों के प्रति जागरूक करने, संभावित टीबी मरीजों की पहचान एवं जांच के लिए प्रेरित करने तथा उपचार के दौरान मरीजों का मनोबल बढ़ाने का कार्य किया जाएगा। साथ ही टीबी से जुड़ी भ्रांतियों और सामाजिक भेदभाव को दूर करने के लिए भी जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स एवं मेरा भारत स्वयंसेवकों की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। युवाओं और स्वयंसेवकों को समुदाय के बीच पहुंचकर टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने तथा समय पर जांच और उपचार के लिए लोगों को प्रेरित करने के लिए सक्रिय रूप से जोड़ा जा रहा है।

जनभागीदारी से बनेगा ‘टीबी मुक्त कांकेर’
जोश टीम के माध्यम से जिले में टीबी उन्मूलन की गतिविधियों को ग्राम स्तर तक व्यापक रूप से पहुंचाया जाएगा। इसका उद्देश्य टीबी मरीजों के लिए सहयोगात्मक एवं भेदभाव रहित वातावरण तैयार करना और प्रत्येक संभावित मरीज को समय पर जांच एवं उपचार की सुविधा से जोड़ना है। कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि ‘टीबी मुक्त कांकेर’ का लक्ष्य सामूहिक जनभागीदारी से ही हासिल किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग के साथ एनसीसी, मेरा भारत स्वयंसेवक, ग्राम पंचायत, जनप्रतिनिधि, युवा एवं आम नागरिक मिलकर टीबी उन्मूलन अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
————————
✍️ 04.आधार सेवाओं और विवरण संशोधन के लिए यूआईडीएआई की नवीन मानक लागू। जिला प्रशासन ने नागरिकों से निर्धारित नियमों और वैध मूल दस्तावेजों के साथ ही आधार संबंधी कार्य कराने की अपील की।
— भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण यूआईडीएआई द्वारा आधार नामांकन एवं आधार में विवरण संशोधन से संबंधित नवीन मानक संचालन प्रक्रिया लागू की गई है। इस परिप्रेक्ष्य में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि आधार नामांकन अथवा आधार में किसी भी प्रकार का विवरण अपडेट कराते समय निर्धारित नियमों तथा श्रेणीवार आवश्यक मूल दस्तावेजों का अनिवार्य रूप से पालन करें। इससे आधार संबंधी कार्यों का सुचारू, पारदर्शी एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
नाम में बदलाव या सुधार के लिए निर्धारित नियम
यूआईडीएआई द्वारा नाम परिवर्तन की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए अलग-अलग श्रेणियों में नियम निर्धारित किए गए हैं। मामूली बदलाव जैसे नाम की वर्तनी में सुधार, नाम का क्रम बदलना, इनिशियल लिखना अथवा मिडिल नेम/सरनेम जोड़ने या हटाने के लिए आवेदक को नाम वाला वैध पहचान प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। यदि आधार में नाम की प्रविष्टि ऑपरेटर की गलती से गलत हो गई है, तो 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के आवेदक के लिए अनुबंध-बी तथा 18 वर्ष से कम आयु के आवेदक के लिए अनुबंध-सी के निर्धारित पत्र एवं मूल दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। विवाह अथवा तलाक के बाद सरनेम या नाम में बदलाव के लिए मूल विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र अथवा सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दस्तावेज के साथ अनुबंध-डी तथा पहचान प्रमाण प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। पूर्ण या बड़ा नाम परिवर्तन के मामले में भारत सरकार अथवा राज्य सरकार द्वारा जारी वैध राजपत्र अधिसूचना तथा पुराने नाम का मूल फोटो पहचान प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। आधार में दर्ज नाम से ‘उर्फ’ हटाने के लिए यूआईडीएआई द्वारा निर्धारित पृथक प्रक्रिया एवं आवश्यक शपथ पत्र प्रस्तुत करना होगा।
जन्म तिथि संशोधन के लिए भी विशेष नियम
18 वर्ष से कम आयु के बच्चों की जन्म तिथि में संशोधन के लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी वैध डिजिटल एवं क्यूआर कोड युक्त जन्म प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा। वहीं 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के आवेदकों के लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी वैध डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र अथवा मान्यता प्राप्त बोर्ड की 10वीं कक्षा की मूल अंकसूची मान्य होगी। यदि पूर्व में ऑपरेटर की गलती से जन्म तिथि गलत दर्ज हो गई हो अथवा जन्म तिथि संशोधन की निर्धारित यूआईडीएआई सीमा समाप्त हो चुकी हो, तो निर्धारित वैध दस्तावेजों के साथ विधिवत नोटरीकृत अनुलग्नक संलग्न करना होगा। इसके बाद ही प्रकरण को क्षेत्रीय कार्यालय स्तर पर निराकरण के लिए अग्रेषित किया जाएगा।
नवीन आधार नामांकन के लिए मुख्य दिशा-निर्देश
नवीन आधार नामांकन के दौरान 18 वर्ष से कम आयु के बच्चे नामांकन के समय माता अथवा पिता में से किसी एक की भौतिक उपस्थिति अनिवार्य है। बच्चे का डिजिटल जन्म प्रमाणपत्र तथा उपस्थित अभिभावक का मूल पहचान पत्र आवश्यक होगा। जन्म प्रमाण पत्र में दर्ज माता-पिता के नाम और उनके पहचान पत्र के नाम में पूर्ण समानता होनी चाहिए।
बायोमेट्रिक नियम: 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का केवल फोटो व अभिभावक का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण लिया जाएगा। 05 वर्ष से अधिक आयु होने पर बच्चे का निर्धारित बायोमेट्रिक दर्ज किया जाएगा। 18 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के नागरिक के लिए नवीन नामांकन हेतु मान्य सरकारी फोटो पहचान पत्र तथा जन्म तिथि सत्यापन हेतु वैध डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है।
केवल मूल दस्तावेज मान्य- आधार सेवा केंद्र पर केवल मूल प्रति ही प्रस्तुत करें। फोटोकॉपी, मोबाईल स्क्रीनशाट अथवा सामान्य स्कैन कॉपी स्वीकार नहीं की जाएगी। दस्तावेजों में किसी प्रकार की कटिंग, ओव्हर राईटिंग, व्हाईटनर या या छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए। बार कोड अथवा क्यूआर कोड युक्त दस्तावेजों पर लिमिनेशन न कराएं।
स्टाम्प व नोटरी की अनिवार्यता
नाम सुधार, अनुबंध-बी, अनुबंध-सी, विवाह संबंधी अनुबंध-डी एवं जन्म तिथि सुधार (लिमिट क्रास एवं त्रुुटि) से संबंधित निर्धारित प्रपत्र का नमूना आधार सेवा केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध है। आवेदक इस प्रारूप को आधार केंद्र से प्राप्त कर निर्धारित मूल्य के स्टाम्प पेपर पर टाईप करवाकर अधिकृत नोटरी से सत्यापित करवाकर सेवा केंद्र में प्रस्तुत कर सकते हैं। सफल नामांकन अथवा अपडेट उपरांत संचालक से पावती पर्ची अवश्य प्राप्त किया जाए, इसमें आईडी नम्बर दर्ज होता है।
आधार सेवा के लिए निर्धारित अधिकारिक शुुल्क
नवीन आधार निःशुल्क, अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट 05 वर्ष व 15 वर्ष की आयु पर निःशुल्क, डेमोग्राफिक अपडेट- नाम, पता, मोबाईल नम्बर अथवा लिंग अपडेट कराने पर 75 रूपए शुल्क निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार पूर्ण बायोमेट्रिक अपडेट- बायोमेट्रिक के साथ फोटो के लिए 125 रूपए शुल्क निर्धारित किया गया है।
————————
✍️ 05.नवरात्रि दुर्गा उत्सव को लेकर पखांजूर पुलिस ने दुर्गा समितियों की बैठक लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश। दुर्गा पंडालों में सुरक्षा, अग्निशमन एवं विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश।सीसीटीवी कैमरे एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखने की दी गई हिदायत। ध्वनि यंत्रों का निर्धारित अनुमति एवं समय-सीमा के अनुसार उपयोग करने के निर्देश।प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग एवं विसर्जन स्थल का उपयोग करने की समझाईश दी गई।

—पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा (भा.पु.से.)के निर्देशन में राकेश कुर्रे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी श्री तेज कुमार वर्मा की उपस्थिति में आगामी नवरात्रि दुर्गा उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 08 अक्टूबर 2026 को थाना पखांजूर में थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गा मूर्ति स्थापना समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पखांजूर, कापसी, संगम, मथुरा बाजार सहित क्षेत्र की विभिन्न दुर्गा उत्सव समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।बैठक में दुर्गा प्रतिमा स्थापना, पूजा-अर्चना, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।दुर्गा समितियों को निर्देशित किया गया कि पंडाल का निर्माण सुरक्षित एवं उपयुक्त स्थान पर किया जाए। विद्युत कनेक्शन एवं वायरिंग को सुरक्षित रखा जाए तथा अग्निशमन की दृष्टि से फायर एक्सटिंग्विशर, रेत एवं पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आकस्मिक परिस्थितियों में श्रद्धालुओं के सुरक्षित निकास हेतु पर्याप्त मार्ग उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। पंडाल एवं आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की स्थापना तथा समिति के जिम्मेदार पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों की ड्यूटी निर्धारित करने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने हेतु भी समझाइश दी गई।
धार्मिक आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार के विवादित, भड़काऊ अथवा किसी धर्म/समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाले गीत, नारे, भाषण अथवा प्रदर्शन से पूर्णतः बचने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग सक्षम प्राधिकारी द्वारा निर्धारित अनुमति एवं समय-सीमा के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए।प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग एवं निर्धारित विसर्जन स्थल का ही उपयोग करने, यातायात व्यवस्था बाधित न करने, पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करने तथा जुलूस में अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस द्वारा सभी दुर्गा समितियों से पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं आपसी भाईचारे के वातावरण में मनाने की अपील की गई।
————————–
✍️06.सहायक शिक्षक के रिक्त पदों पर भर्ती हेतु लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर को।
—छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मण्डल रायपुर के द्वारा सहायक शिक्षक के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा (एलएसएटी-26) 11 अक्टूबर दिन रविवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए कांकेर शहर में 06 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें जिले के लगभग 1685 परीक्षार्थी शामिल होंगे।कलेक्टर कुन्दन कुमार द्वारा परीक्षा के सफल संचालन हेतु डिप्टी कलेक्टर श्री टीकाराम देवांगन को नोडल अधिकारी तथा सहायक संचालक शिक्षा श्री लक्ष्मण कावड़े को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उक्त परीक्षा के लिए जिले में शासकीय भानुप्रतापदेव स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर, शासकीय इंदरू केंवट कन्या कॉलेज भीरावाही अलबेलापारा कांकेर, शासकीय कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल लट्टीपारा, स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मिडियम मॉडल कॉलेज कांकेर, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र सिंगारभाट कांकेर और शासकीय नरहरदेव हायर सेकेंडरी स्कूल कांकेर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
————————
✍️07.उजियारा अभियान के तहत भानुप्रतापपुर पुलिस की अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई ।अवैध शराब बिक्री करते आरोपी गिरफ्तार, 5.950 लीटर शराब जप्त।

—उजियारा अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी भानुप्रतापपुर शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी श्री अम्बर सिंह भारद्वाज के नेतृत्व में अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।इसी क्रम में दिनांक 08.09.2026 को थाना भानुप्रतापपुर पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बोगर में एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से शराब बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी एवं कार्रवाई की गई।मौके पर अवैध शराब बिक्री करते पाए जाने पर आरोपी नंदकुमार कांगे, पिता स्व. रामनाथ कांगे, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम मरदेल के विरुद्ध थाना भानुप्रतापपुर में अपराध क्रमांक 209/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
जप्त सामग्री:
देशी प्लेन शराब – 15 नग पौवा, कुल 2,700 एमएल
सिम्बा बीयर – 05 नग, कुल 3,250 एमएल
कुल शराब – 5.950 लीटर
कुल अनुमानित कीमत – ₹2,250/-
पुलिस टीम में प्रआर. 0551 विजय कुमार कटकवार, आरक्षक कोमल साहू, आरक्षक गौतम हुपेंडी एवं महिला आरक्षक रेवती शोरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
————————
✍️08. कांकेर नगर के राजापारावासियों को आवाजाही में हो रही परेशानी को देखते समस्या से अवगत कराया।

✍️09. एक दिवसीय सस्वर मानसगान सम्मेलन(चतुर्थ वर्ष) का आयोजन 11 अक्टूबर को तेलगरा के सुरावंड(चारामा)में।
—एक दिवसीय सस्वर मानसगान सम्मेलन(चतुर्थ वर्ष) का आयोजन 11 अक्टूबर को तेलगरा के सुरावंड(चारामा) में कार्यक्रम रखा गया है। सुबह शोभायात्रा 9 बजे होगी। मोर मयारू मानस परिवार गुदगुदा,विंध्येश्वरी महिला मानस मंडली गोकुलपुर धमतरी, जय महाकाल ामानस परिवार मांझी, आठगांव(फरसगांव) श्रीसीताराम बालिका मानस मण्डली भोथली(धमतरी)जैसी लोकप्रिय मानस मण्डलियां अपनी प्रस्तुति देंगी। श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी, विधायक भानुप्रतापपुर, श्रीमती किरण नरेटी जिला पंचायत अध्यक्ष कांकेर, मोहन मंडावी पूर्व सांसद कांकेर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मंच संयोजन बिसेश्वर साहू ने जानकारी दी है।
———————–
✍️
10.आमाबेड़ा में जिला स्तरीय सेवा सेतु शिविर, 1,043 हितग्राहियों को मिला शासकीय योजनाओं का लाभ।

—सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम आमाबेड़ा में जिला स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराया गया। शिविर में कुल 1,043 हितग्राही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए। इस अवसर पर सेवा सेतु शिविर के साथ मेगा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।शिविर में 143 किसानों को खसरा एवं बी-1, 42 हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र, 47 को निवास प्रमाण पत्र तथा 46 हितग्राहियों को आय प्रमाण पत्र वितरित किए गए। अधिकार अभिलेख स्वामित्व योजना के तहत 103 हितग्राहियों को लाभ मिला। वहीं 36 हितग्राहियों को ईपीक कार्ड तथा 5 हितग्राहियों को राशन कार्ड प्रदान किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री पेंशन योजना के तहत 20 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इनमें 10 हितग्राहियों को छड़ी एवं 5 हितग्राहियों को श्रवण यंत्र प्रदान किए गए। लखपति दीदी योजना के तहत 20 महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत 22 कार्यों के कार्यादेश प्रदान किए गए, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 07 हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी गई। इसी प्रकार सहकारिता विभाग द्वारा 12 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि विभाग द्वारा 10 किसानों को रागी बीज, पशुधन विभाग द्वारा 07 हितग्राहियों को उन्नत बैकयार्ड कुक्कुट, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 500 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। उद्यानिकी विभाग द्वारा 05 हितग्राहियों को फलदार पौधे, मत्स्य विभाग द्वारा 03 हितग्राहियों को जाल एवं आइस बॉक्स, श्रम विभाग द्वारा 02 हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपये के चेक तथा शिक्षा विभाग द्वारा 03 दिव्यांग हितग्राहियों को व्हीलचेयर प्रदान की गई। सेवा सेतु शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिला।
नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विकास कार्यों को मिली गति – सांसद नाग
शिविर को संबोधित करते हुए सांसद भोजराज नाग ने कहा कि आमाबेड़ा क्षेत्र नक्सलवाद से प्रभावित रहा है, जिसके कारण यहां विकास कार्य प्रभावित हुए। अब नक्सलवाद के समाप्त होने के साथ क्षेत्र में विकास कार्यों में तेजी आई है और शांति एवं विकास का वातावरण बन रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविर के माध्यम से विभिन्न विभाग ग्रामीणों के बीच पहुंचकर योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दे रहे हैं। विभागीय अधिकारी शिविर में काउंटर लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे हैं तथा उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, वय वंदन कार्ड, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने, किसानों को जैविक खेती अपनाने तथा गोबर आधारित खाद एवं जैविक कीटनाशकों का उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही ग्रामीणों से मुर्गीपालन, मछलीपालन एवं सुकरपालन जैसी गतिविधियों को अपनाकर अपनी आय बढ़ाने का आह्वान किया।
अंदरूनी क्षेत्रों में विकास कार्यों में आई तेजी – विधायक उसेंडी
अंतागढ़ विधायक श्री विक्रम उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। आमाबेड़ा में सेवा सेतु शिविर के साथ मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने कहा कि वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत लगभग 375 प्रकार के कार्य कराए जा सकते हैं, जिससे गांवों की मूलभूत समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी। नक्सलवाद समाप्त होने के बाद अंदरूनी क्षेत्रों में भी विकास कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने बताया कि नवंबर माह से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होगी। आमाबेड़ा क्षेत्र के नांगरबेड़ा सहित 13 ग्रामों में नए धान खरीदी केंद्र शुरू करने की अनुमति शासन द्वारा दी गई है। इन केंद्रों में धान खरीदी के लिए वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत चबूतरा निर्माण सहित आवश्यक कार्य कराए जाएंगे।

विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर जोर
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हरेश मंडावी ने शिविर को संबोधित करते हुए वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक कार्यों के प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य स्वीकृत होने के बाद विकास एवं निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ किए जाएं तथा सभी कार्य गुणवत्ता एवं नियमानुसार पूर्ण किए जाएं। उन्होंने बताया कि सभी विकासखंडों के 25-25 बड़े ग्रामों में धरसा निर्माण के कार्य भी स्वीकृत किए जा रहे हैं। इसके अलावा आंगनबाड़ी भवन, उचित मूल्य दुकान, स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष एवं ग्राम पंचायत भवन सहित अन्य आवश्यक विकास कार्यों को भी स्वीकृति दी जा रही है। कार्यक्रम को जनपद अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मंडावी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कुबलसिंह भुसाखरे, अपर कलेक्टर एवं एसडीएम अंतागढ़ जी.डी. वाहिले, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंच-सरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






