आज की टॉप 10 खबर 29 सितंबर 2026 मंगलवार

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

29  सितंबर  2026  मंगलवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

✍️ 01. पटवारियों के बाद कृषि अधिकारियों ने भी पीवी एप से फसल गिरदावरी से जताई असहमति। कलेक्टर एवं उपसंचालक कृषि को सौंपा ज्ञापन, राजस्व कार्यों में कृषि अमले की ड्यूटी नहीं लगाने की मांग।

— छत्तीसगढ़ में खरीफ फसल गिरदावरी वर्ष 2026-27 को लेकर अब विवाद बढ़ता जा रहा है। पहले राजस्व पटवारी संघ द्वारा पीवी एप के माध्यम से फसल गिरदावरी एवं भौतिक सत्यापन कार्य का बहिष्कार किए जाने के बाद अब कृषि विभाग के अधिकारियों ने भी इस कार्य को लेकर अपनी असहमति जताई है।कृषि विभाग के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, कृषि विकास अधिकारी एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों ने पीवी एप के माध्यम से फसल गिरदावरी का कार्य कराए जाने पर आपत्ति जताते हुए कलेक्टर एवं उपसंचालक कृषि को ज्ञापन सौंपकर इस कार्य से कृषि अमले को मुक्त रखने की मांग की है।

फसल गिरदावरी राजस्व विभाग का मूल कार्य
कृषि अधिकारी संघ का कहना है कि खसरा एवं रकबा वार फसल गिरदावरी का कार्य मूल रूप से राजस्व विभाग से संबंधित है। राजस्व अमले को खेतों के खसरा नंबर, नक्शा, रकबा, सीमांकन, बटांकन एवं भौगोलिक स्थिति की जानकारी उपलब्ध रहती है। इसके विपरीत कृषि विभाग के मैदानी अधिकारियों के पास राजस्व अभिलेखों एवं खेतों के सटीक सीमांकन संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं होती।ऐसे में कृषि अधिकारियों को पीवी एप के माध्यम से मौके पर खसरा चिन्हित कर फसल विवरण दर्ज करने का कार्य सौंपना व्यावहारिक कठिनाइयों वाला है। संघ का कहना है कि इससे कृषि विभाग की नियमित योजनाओं एवं मैदानी कार्यों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक कृषि अमले को इस गैर-विभागीय राजस्व कार्य से मुक्त नहीं किया जाता तब तक कृषि अधिकारी पीवी एप के माध्यम से गिरदावरी कार्य नहीं करेंगे।
संघ ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि खेतों की वास्तविक स्थिति, अद्यतन राजस्व अभिलेख, सीमांकन एवं संबंधित विभाग के तकनीकी अमले की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए फसल गिरदावरी की व्यवस्था निर्धारित की जाए, ताकि किसानों के हितों के साथ-साथ शासकीय अभिलेखों की शुद्धता भी सुनिश्चित हो सके।
पटवारियों के बाद कृषि अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
खरीफ गिरदावरी वर्ष 2026-27 में वास्तविक खसरा रकबा के अनुरूप ही मंडी में धान खरीदी के लिए शासन द्वारा पीवी एप से जीपीएस आधारित सर्वे कार्य शुरू करवाई है 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक समय निर्धारित किया गया था पटवारी स्तर पर डिजिटल माध्यम से गिरदावरी का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान पीवी एप के माध्यम से पटवारी संघ द्वारा इस कार्य का बहिष्कार किए जाने के बाद प्रशासन द्वारा कृषि विभाग के मैदानी अधिकारियों को भी यह जिम्मेदारी सौंपे जाने की प्रक्रिया शुरू हुई।

पीवी एप एवं नक्शे में तकनीकी खामियों का मुद्दा
कृषि अधिकारी संघ ने वर्तमान भुइयां नक्शे में तकनीकी खामियों का भी उल्लेख किया है। संघ के अनुसार मौके पर विभाजित किए गए अनेक खसरे अभी तक तकनीकी कारणों से भुइयां रिकॉर्ड में सही रूप से शामिल नहीं हो पाए हैं। ऐसी स्थिति में जिन खसरों का नक्शा विभाजन नहीं हुआ है, उन्हें मौके पर सटीक रूप से चिन्हित करना चुनौतीपूर्ण है। साथ ही खेतों की वास्तविक स्थिति एवं राजस्व अभिलेखों में उपलब्ध जानकारी के बीच अंतर होने की स्थिति में फसल गिरदावरी की शुद्धता प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।
बारिश एवं खेतों में पानी और कीचड़ से भी बढ़ी मुश्किलें
वर्तमान में खरीफ फसल खेतों में खड़ी है तथा अनेक क्षेत्रों में खेतों में पानी भरा हुआ है। पीवी एप के माध्यम से भौतिक सत्यापन के दौरान खेत के चारों कोनों से जीपीएस आधारित लाइव फोटो लेने की प्रक्रिया मैदानी स्तर पर कठिन बताई गई है।संघ के अनुसार पीवी एप में फसल की एंट्री के लिए संबंधित खेत के अंदर जीपीएस लोकेशन होना आवश्यक है। ऐसे में जलभराव वाले खेतों तथा दुर्गम स्थानों तक पहुंचकर प्रत्येक खसरे का भौतिक सत्यापन करना व्यावहारिक चुनौती बन सकता है। कई गांवों में बड़ी संख्या में खसरे शेष होने के कारण निर्धारित समय सीमा में यह कार्य पूरा करना भी कठिन हो सकता है।
राजस्व कार्यों में कृषि अमले की ड्यूटी नहीं लगाने की मांग
कृषि अधिकारी संघ ने कलेक्टर एवं उपसंचालक कृषि को ज्ञापन सौंपकर राजस्व विभाग से सम्बंधित फसल गिरदावरी एंव पीवी ऐप सत्यापन से मुक्त रखने अपनी मांग रखी है

 ———————–

✍️ 02. आंगन मिलन सेवा कार्यक्रमों में योजनाओं की जानकारी के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान। 

—सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को सम्मानित भी किया जा रहा है।

बडेतोपाल में सांसद भोजराज नाग ने किया आंगन मिलन कार्यक्रम में सहभागिता
अंतागढ़ विकासखण्ड के ग्राम पंचायत बडेतोपाल के आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों के हित में कार्य कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा दीदियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के उपरांत आंगनबाड़ी केंद्र में न्यौता भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान सांसद श्री भोजराज नाग ने स्वयं अपने हाथों से बच्चों को भोजन वितरित किया। कार्यक्रम में श्री जितेन्द्र मरकाम, श्री महेश उइके, श्री अमरसिंह नरवास एवं ग्राम पंचायत बडेतोपाल के उप सरपंच एवं पंचगण, परियोजना अधिकारी श्री जगेश्वर परते, पर्यवेक्षक सुश्री कृष्णा पवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित रहे।

विधायक आशाराम नेताम ने किया आंगनबाड़ी केन्द्र बेवरती के कार्यकर्ताओं का सम्मान
परियोजना कांकेर अंतर्गत सेक्टर कोदाभाट के आंगनबाड़ी केंद्र बेवरती-2 में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक श्री आशाराम नेताम एवं ग्राम पंचायत बेवरती के ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं महतारी वंदन योजना से लाभान्वित हितग्राही श्रीमती मुकेश्वरी निषाद ने योजना से प्राप्त राशि का उपयोग स्वयं एवं अपने बच्चे के स्वास्थ्य तथा पोषण पर करने की जानकारी दी। उन्होंने शासन की योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विधायक श्री आशाराम नेताम ने आंगनबाड़ी केंद्र बेवरती में पदस्थ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती मनोरमा तिवारी एवं सहायिका श्रीमती कंचन नेताम को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
लखनपुरी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन सम्मानित
चारामा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत लखनपुरी में आयोजित आंगन मिलन कार्यक्रम जिला पंचायत सदस्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती तेजेश्वरी सिन्हा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत लखनपुरी अंतर्गत कार्यरत सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को उनके सेवाभावी कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष चारामा श्रीमती जागेश्वरी भास्कर, जनपद सदस्य श्रीमती संतोषी सिन्हा, श्रीमती अमीता बंजारे, श्रीमती लोखनी पटेल, परियोजना अधिकारी चारामा सुश्री गंगा पोया, सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती चित्रेश्वरी जैन, सुश्री निलिमा उसेण्डी, सुश्री सुनीता मंडावी, ग्राम सरपंच श्री सुरेन्द्र मरकाम, श्री निर्मल मेश्राम सहित पंचगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका, मितानिन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में परियोजना अधिकारी चारामा सुश्री गंगा पोया ने उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।

———————–

✍️ 03. जल संरक्षण का संदेश लेकर निकले एनएसएस स्वयंसेवक। रैली एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जल के सदुपयोग और संरक्षण के प्रति किया जागरूक।

—सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय लाल कालिंद सिंह महाविद्यालय अंतागढ़ के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों द्वारा जल संरक्षण एवं जल के सदुपयोग के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रैली एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने जल संरक्षण, स्वच्छ पेयजल एवं जल जीवन मिशन के महत्व का संदेश आमजन तक पहुंचाया।जागरूकता रैली का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य   रमेश कुमार दर्राे ने महाविद्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया। रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर राजीव गांधी चौक तक पहुंची। इस दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने विभिन्न जागरूकता संदेशों के माध्यम से लोगों को जल का संरक्षण करने, पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा स्वच्छ पेयजल के महत्व के प्रति जागरूक किया। रैली के पश्चात अंतागढ़ बाजार स्थल पर ’’जल जीवन मिशन’’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक घर तक सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता, जल स्रोतों के संरक्षण तथा पानी के सदुपयोग के महत्व को सरल, रोचक एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। नुक्कड़ नाटक को बाजार में मौजूद लोगों ने रुचिपूर्वक देखा और जल संरक्षण का संकल्प लेने का संदेश प्राप्त किया।इस अवसर पर प्राचार्य  रमेश कुमार दर्राे ने कहा कि जल हमारे जीवन का आधार है। इसका संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक कर उन्हें इस अभियान से जोड़ना महाविद्यालय की महत्वपूर्ण पहल है। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी   सचिन कुमार ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल घर-घर तक पानी पहुंचाना ही नहीं, बल्कि जल संरक्षण एवं उसके सतत उपयोग के प्रति लोगों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। रैली और नुक्कड़ नाटक जैसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश सीधे आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में श्री भूषण कुमार देवांगन, श्री बहादुर नेताम,   मिनेश मरकाम, श्री रोशन कुमार कैमरो,  खेमराज सिन्हा,   धर्मेंद्र कुमार एवं सुश्री निधि नेताम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

————————

✍️ 04. खाद्य सचिव रीना कंगाले ने चारामा की उचित मूल्य दुकानों और लैम्प्स का किया निरीक्षण। ई-केवायसी शीघ्र पूर्ण कराने और शेष खाद्यान्न का तत्काल वितरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।

—सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु शिविर में शामिल होने के लिए कांकेर प्रवास पर पहुंची सचिव, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने चारामा विकासखंड की शासकीय उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था, राशनकार्डधारियों की ई-केवायसी तथा खाद्यान्न वितरण की स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सचिव श्रीमती कंगाले ने चारामा शहरी क्षेत्र अंतर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित चारामा एवं किसान विपणन सहकारी समिति चारामा द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के लखनपुरी स्थित मां शक्ति स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राशन कार्डधारियों की लंबित ई-केवायसी की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही माह सितंबर 2026 के शेष खाद्यान्न का तत्काल वितरण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न प्राप्त हो सके। उन्होंने उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने पर भी जोर दिया। इसके पश्चात सचिव श्रीमती रीना कंगाले ने लैम्प्स चारामा का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां कृषकों से संबंधित एग्रीस्टेक एवं किसान पंजीयन कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को पंजीयन एवं एग्रीस्टेक से जुड़े कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान खाद्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

————————

✍️ 05. छत्तीसगढ़ राज्य पात्रता परीक्षा 04 अक्टूबर को, नोडल अधिकारी नियुक्त। जिले में 39 परीक्षा केंद्र बनाए गए, 6622 परीक्षार्थी होंगे शामिल।

—छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मण्डल रायपुर के द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य पात्रता परीक्षा (सेट-2026) 04 अक्टूबर दिन रविवार को दो पाली में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली पूर्वान्ह 10 बजे से 11.15 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 02 बजे से सायं 4.15 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिले में 39 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें लगभग 6622 परीक्षार्थी शामिल होंगे।  कलेक्टर  कुन्दन कुमार द्वारा परीक्षा के सफल संचालन हेतु डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आस्था बोरकर को नोडल अधिकारी तथा सहायक संचालक शिक्षा  लक्ष्मण कावड़े को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उक्त परीक्षा के लिए जिले में शासकीय भानुप्रतापदेव स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर, शासकीय इंदरू केंवट कन्या कॉलेज भीरावाही अलबेलापारा कांकेर, शासकीय शहीद गैंदसिंह कॉलेज चारामा, स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मिडियम मॉडल कॉलेज कांकेर, कृषि एवं रिसर्च सेंटर सिंगारभाट, शासकीय नरहरदेव हायर सेकेंडरी स्कूल कांकेर, शासकीय कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल लट्टीपारा, शासकीय पंडित विष्णुप्रसाद शर्मा हायर सेकेण्डरी स्कूल गोविन्दपुर कांकेर, डाईट कांकेर और शासकीय महिला आईटीआई कांकेर में परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इसी प्रकार शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल सिंगारभाट, शासकीय कन्या आश्रम हाई स्कूल सिंगारभाट, हाई स्कूल बरदेभाठा, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम चारामा, शासकीय हाई स्कूल शीतलापारा कांकेर, सेंट माइकल हायर सेकेंडरी स्कूल गोविंदपुर, जेपी इंटरनेशनल स्कूल सरंगपाल, पैराडाइज हायर सेकेण्डरी स्कूल ईमलीपारा, सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकेण्डरी स्कूल गढ़पिछवाड़ी, जुपिटर वर्ल्ड पब्लिक स्कूल माहुरबंदपारा कांकेर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल डुमाली, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल सिदेसर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल बागोडार, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल आतुरगांव, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल पटौद, शासकीय हाई स्कूल दशपुर, शासकीय कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल ईच्छापुर, शासकीय हाई स्कूल माकड़ी, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल नाथियानवागांव, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल मुरडोंगरी, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल कोकपुर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल कन्हारपुरी, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल धनेलीकन्हार, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल कोदागांव, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल पोटगांव, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल कोकानपुर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल तारसगांव, शासकीय आदर्श हायर सेकेण्डरी स्कूल लखनपुरी और शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल गोलकुम्हड़ा को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। 

————————— 

✍️06. सेवा संकल्प अभियान के तहत खाद्य विभाग ने लगाया सेवा सेतु शिविर। राशन कार्ड, आधार प्रमाणीकरण सहित खाद्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी।

—सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के माध्यम से सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा न्यू कम्युनिटी हॉल, कांकेर में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की प्रमुख सचिव एवं जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले, नगरपालिका अध्यक्ष  अरुण कौशिक एवं जनपद अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा कावड़े विशेष रूप से उपस्थित रहे।शिविर में हितग्राहियों को खाद्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने के साथ आधार प्रमाणीकरण, नए राशन कार्ड के लिए आवेदन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन से संबंधित जानकारी एवं सुविधाओं के बारे में भी हितग्राहियों को अवगत कराया गया।शिविर को संबोधित करते हुए विधायक श्री आशाराम नेताम ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री   नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से विभिन्न विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को आम नागरिकों तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खाद्य विभाग की सेवाएं सीधे आम नागरिकों के जीवन से जुड़ी हैं तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने नागरिकों से स्वयं योजनाओं का लाभ लेने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित कराने का आह्वान किया।प्रमुख सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में विभिन्न माध्यमों से जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। स्वास्थ्य शिविर सहित विभिन्न गतिविधियां जिलेभर में आयोजित की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इनका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम वर्ष 2013 में लागू हुआ, जबकि छत्तीसगढ़ में इससे पहले ही छत्तीसगढ़ खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2012 प्रभावशील हो गया था।श्रीमती कंगाले ने बताया कि छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में हितग्राही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के दायरे में आते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में निःशक्तजन एवं निराश्रित व्यक्तियों के लिए पृथक राशन कार्ड की व्यवस्था करते हुए प्रतिमाह 10 किलो राशन निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने खाद्य वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सुदृढ़ एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम का उल्लेख करते हुए बताया कि रायपुर, दुर्ग एवं बिलासपुर में ऐसी व्यवस्था शुरू की गई है, जिसके माध्यम से हितग्राही निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुविधाजनक तरीके से खाद्यान्न प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी आधुनिक तकनीक आधारित सुविधाओं को कांकेर जिले में भी उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि राशन कार्ड में नए सदस्य का नाम जोड़ने अथवा नया राशन कार्ड बनवाने के लिए ग्राम पंचायतों एवं नगरपालिका को अधिकृत किया गया है तथा नागरिक ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  हरेश मंडावी ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले के अलग-अलग स्थानों पर सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने के लिए दूर न जाना पड़े। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर को ग्राम मोदे में सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर लाभ लेने की अपील की।श्री मंडावी ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में जनभागीदारी से आयोजित गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में लगभग 10 लाख दीयों से ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ जनभागीदारी के माध्यम से सेवा की भावना को मजबूत करना है।इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष  अरुण कौशिक एवं पूर्व सांसद  मोहन मंडावी ने भी नागरिकों को संबोधित किया और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में खाद्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।

 ————————

✍️07.मुख्यमंत्री दर्शन योजना से वरिष्ठ नागरिकों के तीर्थ दर्शन का सपना हुआ साकार। शिरडी, शनि शिंगणापुर और त्र्यंबकेश्वर के लिए चार दिवसीय यात्रा पर रवाना हुआ 410 दर्शनार्थियों का जत्था।  

— सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री दर्शन योजना के तहत जिले के 410 वरिष्ठ नागरिकों को चार दिवसीय धार्मिक यात्रा के लिए रवाना किया गया। दर्शनार्थियों का जत्था शिरडी, शनि शिंगणापुर एवं त्र्यंबकेश्वर के दर्शन के लिए रवाना हुआ। नगरपालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष   अरूण कौशिक एवं   रामचरण कोर्राम ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग एवं जनपद पंचायत कांकेर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।धार्मिक यात्रा पर रवाना होने को लेकर वरिष्ठ नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। दर्शनार्थियों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन की उनकी लंबे समय से इच्छा थी, जो मुख्यमंत्री दर्शन योजना के माध्यम से पूरी हो रही है। उन्होंने इस यात्रा के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। वरिष्ठ नागरिकों ने मुख्यमंत्री   विष्णुदेव साय के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री दर्शन योजना के माध्यम से उन्हें धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है। यह यात्रा उनके लिए यादगार अनुभव रहेगी।

————————

✍️08.नगर पंचायत नरहरपुर के वार्डों का आरक्षण 14 अक्टूबर को। 

—नगर पंचायत नरहरपुर निर्वाचन-2026 के लिए वार्डों के आरक्षण की कार्यवाही 14 अक्टूबर बुधवार को दोपहर 12 बजे से जिला पंचायत कांकेर के सभाकक्ष में की जाएगी। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार द्वारा वार्डों के आरक्षण की कार्यवाही के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कांकेर श्रीमती सरस्वती बंजारे को नोडल अधिकारी तथा नगर पंचायत नरहरपुर के मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री रोशन सिंह ठाकुर को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनकी सहायता के लिए सहायक ग्रेड-03 श्री गणेश राम ध्रुव को दायित्व सौंपा गया है। कलेक्टर ने नियुक्त अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे नगर पंचायत नरहरपुर के वार्डों के आरक्षण की कार्यवाही निर्धारित तिथि एवं शासन के निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराना सुनिश्चित करें।

नगर पंचायत नरहरपुर के 15 वार्डों का आरक्षण
छत्तीसगढ़ नगर पालिका (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं महिलाओं के लिये वार्डों का आरक्षण) नियम 1994 के तहत विहित प्राधिकारी द्वारा नगर पंचायत नरहरपुर निर्वाचन-2026 के लिए वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया 14 अक्टूबर बुधवार को में दोपहर 12 बजे से जिला पंचायत कांकेर के सभाकक्ष उपस्थित नागरिकों के समक्ष आरक्षण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
।

 ————————— 

✍️09. ‘गांधी जयंती’ के अवसर पर शुष्क दिवस घोषित।

—कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी  कुन्दन कुमार ने गांधी जयंती के अवसर पर आगामी 02 अक्टूबर 2026 को शुष्क दिवस घोषित किया है। उक्त दिवस को जिले की समस्त देशी, विदेशी (कम्पोजिट), प्रीमियम मदिरा की फुटकर दुकानों, देशी, विदेशी (कम्पोजिट) मदिरा के फुटकर दुकान में संलग्न अहातों एवं एफ.एल.4 (क) व्यवसायिक क्लब एवं एफ.एल.7, सैनिक कैंटीन को पूर्णतः बंद रखे जाने के लिए आदेशित किया गया है। शुष्क दिवस के दौरान मदिरा का सम्पूर्ण संव्यवहार प्रतिबंधित रहेगा। कलेक्टर ने जिले में अवैध मदिरा संग्रहण, विनिर्माण, परिवहन व विक्रय पर पूर्णतः प्रतिबंध रखने हेतु जिला आबकारी अधिकारी को निर्देशित किए हैं।

  ———————–

✍️ 10.सेवा संकल्प अभियान के तहत कल ग्राम मोदे में लगेगा ‘सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर’। ग्रामीणों को मिलेगी विशेषज्ञ चिकित्सकों की निःशुल्क सेवाएं।   

—सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला प्रशासन कांकेर द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से 30 सितंबर को विकासखंड कांकेर के ग्राम मोदे में ‘सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर   कुंदन कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।शिविर में स्त्री रोग, बाल रोग, अस्थि रोग, नाक-कान-गला, नेत्र रोग, मनोरोग एवं दंत रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच एवं परामर्श दिया जाएगा। इसके साथ ही सामान्य बीमारी की जांच एवं उपचार के लिए एम.डी. मेडिसिन की सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लें। ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने की यह पहल स्वस्थ गांव, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ कांकेर की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 28 सितंबर 2026 सोमवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 28  सितंबर  2026  सोमवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01. जिले में भाजपा को एक और झटका,कोमल हुपेंडी ने दिया इस्तीफा। —आदिवासी…

आज की टॉप 10 खबर 27 सितंबर 2026 रविवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 27  सितंबर  2026 रविवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01. मन की बात के बहाने बदली तस्वीर, लामकन्हाऱ के गांव में आत्मसमर्पित…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *