———————–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
03 अगस्त 2026 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
———————–
✍️
01. ‘नशा मुक्त विकसित भारत अभियान’ के तहत कृषि महाविद्यालय में प्रधानमंत्री के राष्ट्रव्यापी संबोधन का सीधा प्रसारण, युवाओं ने ली नशा मुक्ति की सामूहिक शपथ
-युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और एक स्वस्थ्य, सशक्त एवं खुशहाल समाज के निर्माण के महान उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त विकसित भारत’ अभियान के तहत रामप्रसाद पोटाई कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कांकेर में एक वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के स्मार्ट क्लासरूम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी संबोधन का सीधा प्रसारण देखा गया तथा महाविद्यालय परिवार ने पूरे उत्साह और एकाग्रता के साथ श्रवण किया। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में युवाओं को विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव बताते हुए नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने तथा अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, नवाचार और राष्ट्र निर्माण जैसे सकारात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद आयोजित सामूहिक शपथ ग्रहण समारोह में सभी उपस्थित जनों ने स्वयं, अपने परिवार, महाविद्यालय परिसर और समाज को नशामुक्त रखने तथा लोगों को नशे के विरुद्ध जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आदिकान्त प्रधान के मार्गदर्शन में किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल दिव्य ने युवाओं से नशामुक्ति की शपथ को अपने जीवन में उतारने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा गोद लिए गए गांवों में भी आगामी दिनों में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक अधिकारी-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही।
✍️ 02.धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान के तहत तकनीकी सहयोगी संस्थाओं से 10 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित।
— धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत वन अधिकार अधिनियम, 2006 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सामुदायिक वन संसाधनों के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रबंधन योजना के विकास के लिए जिला प्रशासन द्वारा तकनीकी सहयोगी संस्थाओं, सिविल सोसायटी संगठनों एवं स्थानीय संस्थाओं से 10 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय एवं आयुक्त आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चयनित संस्थाएं ग्रामसभाओं को सामुदायिक वन संसाधन संरक्षण एवं प्रबंधन योजना तैयार करने तथा उसके प्रभावी क्रियान्वयन में तकनीकी सहयोग प्रदान करेंगी। इस कार्य के लिए भारत सरकार द्वारा आवश्यक वित्तीय सहायता का भी प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि चयनित तकनीकी सहयोगी संस्थाओं की जिम्मेदारियों में ग्रामसभाओं का क्षमता विकास, वनभूमि का सर्वेक्षण, प्राकृतिक संसाधनों एवं लघु वनोपज की मैपिंग, जैव विविधता का दस्तावेजीकरण तथा सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समितियों को तकनीकी हैंडहोल्डिंग उपलब्ध कराने का दायित्व निभाना होगा। इसके अलावा ग्रामसभाओं द्वारा तैयार सामुदायिक वन संसाधन संरक्षण एवं प्रबंधन योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं क्रियान्वयन में भी सहयोग प्रदान करना होगा।
———————
✍️ 03. बारिश के दौरान पुल के ऊपर जल स्तर बढ़ने पर राहगीरों की आवाजाही बंद हो, यह सुनिश्चित करें अनुविभागीय अधिकारी , समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

—समय-सीमा की साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन आज सुबह कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में किया गया। इस दौरान उन्होंने वर्तमान में बारिश के दौरान ऐसे संवेदनशील पुल-पुलियों पर आवाजाही तत्काल प्रभाव से बंद कराने के निर्देश दिए, जिन पर जल का स्तर पुल के ऊपर आ चुका हो। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने कहा कि ग्रामीण अथवा राहगीर अपनी जान जोखिम में डालकर पुल कदापि पार न करें। साथ ही ऐसे स्कूल, जहां बारिश के दौरान आवाजाही खतरनाक हो, उन स्कूलों के विद्यार्थियों व शिक्षकों को नजदीक के स्कूल में बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने व अध्यापन कार्य कराने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए, जहां सुगमता से पहुंचा जा सके।कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एसआईआर तथा जनगणना कार्य में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों के अब तक लंबित होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए इसे गंभीरता से नहीं लेने वाले अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री पोर्टल, मुख्यमंत्री जनदर्शन, सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से गुणवत्तापूर्वक निराकरण करने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए। इसके अलावा ई-ऑफिस, ई-अटेंडेंस का नियमित रूप से उपयोग करने हेतु सभी अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर ने बस्तर मुन्ने, सुशासन तिहार तथा नियद नेल्लानार योजना के तहत प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसी तरह ज्ञान भारतम पांडुलिपि, निष्क्रिय एवं डीफ बैंक एकाउंट, प्रधानमंत्री आवास योजना, खनिज न्यास निधि के तहत निर्माण कायों, नेल्लानार पंचायतों में विकास कार्य, विशेष केंद्रीय सहायता मद के तहत स्वीकृत कार्य, ग्राम स्वराज अभियान, आयुष्मान वय वंदना, स्मार्ट मीटर सहित राजस्व विभाग में लंबित एग्रीस्टैक पंजीयन के प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसी तरह मलेरिया की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा आवश्यक दवाइयां की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के भी निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी ने बस्तर मुन्ने अभियान के तहत ग्रामीणों को सभी जरूरी दस्तावेज तैयार कर वितरित करने के लिए शीघ्र कार्यवाही करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके अलावा विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर द्वय जितेन्द्र कुर्रे एवं ए.एस. पैकरा, अनुविभागीय अधिकारीगण तथा जिला स्तर के अधिकारी मौजूद थे।कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण के निर्देश बैठक के उपरांत कलेक्टर जनदर्शन में आवेदकों से आवेदन प्राप्त कर कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को ग्रामीणों की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए।
————————
✍️ 04.अंगना कार्यालय में कांकेर विधायक आशा राम नेताम लोगों से हुए मुखातिब।

—आज प्रातः आंगना विधायक जनसंपर्क कार्यालय, बेवरती में प्रतिदिन की भांति आयोजित जनदर्शन के दौरान कांकेर विधायक आशा राम नेताम क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, मांगों एवं सुझावों को सुना। प्राप्त आवेदनों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन कर संबंधित विषयों के त्वरित निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। वे निरंतर आमजन से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान एवं क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। विश्वास और जनसेवा ही हमारे कार्यों की प्रेरणा है। जनता के बीच, जनता के लिए, जनता के साथ।
————————
✍️ 05. नये सामुदायिक भवन का कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने किया भूमिपूजन ।

— आज पहली सावन सोमवार के पावन अवसर पर कांकेर विधायक आशाराम नेताम भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप जायसवाल नपा अध्यक्ष अरुण कौशिक अलबेला पारा पार्षद सहित गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में अलबेलापारा वार्ड क्रमांक 01 में 10 लाख की लागत से बनने वाले नवीन सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया गया है।भूमिपूजन पश्चात विधायक आशाराम नेताम ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि यह भवन क्षेत्रवासियों की ामाजिक सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों का सशक्त केंद्र बनेगा। जनता की सुविधा क्षेत्र का विकास और हर वर्ग के हितों की रक्षा के संकल्प के साथ हम निरंतर कार्यरत हैं। कांकेर विधानसभा को विकास के नए आयामों तक पहुंचाना ही हमारा लक्ष्य है। विधायक आशाराम नेताम ने वार्डवासीयो से कहा कि कांकेर विधानसभा में विकास का पहिया रुकेगा नहीं। सारे विकास कार्य जल्द पूर्ण किया जाएगा। समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा नेतागण सहित अलबेला पारा वार्डवासी उपस्थित रहे।
————————
✍️06. कृषकों के फसल बीमा की तिथि में वृद्धि, अब 14 अगस्त तक करा सकेंगे बीमा ।
—प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अधिसूचित फसलों का बीमा कराने की निर्धारित तिथि 31 जुलाई 2026 थी, जिसमें विभिन्न संस्थाओं व कृषकों की मांग पर उक्त तिथि में वृद्धि की गई है। उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले किसान बीमा कराने से वंचित न हों, इसके लिए शासन द्वारा निर्णय लिया गया है कि अब आगामी 14 अगस्त तक फसल बीमा कराया जा सकेगा। उन्होंने सभी अऋणी किसानों से अपील करते हुए कहा है कि वे आगामी 14 अगस्त तक संबंधित बैंक शाखा या नजदीकी सीएससी सेवा केंद्र अथवा वित्तीय संस्थानों में जाकर फसल बीमा योजना का लाभ अवश्य लें।उप संचालक कृषि ने बताया कि योजना में ऋणी तथा अऋणी दोनों प्रकार के किसान शामिल हो सकते हैं तथा भू-धारक और बटाईदार किसान भी इसके पात्र होंगे। अधिसूचित फसल के लिए जिन किसानों वित्तीय संस्थानों से मौसमी कृषि ऋण स्वीकृत हुआ है, उन्हें योजना में अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा। इसके अलावा गैर ऋणी किसान भी आधार कार्ड, बैंक पासबुक, बी-1 खसरा और स्वप्रमाणित फसल बुवाई प्रमाण पत्र के साथ योजना में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि किसानों को कुल बीमित राशि का दो प्रतिशत प्रीमियम देय होगा। एक ही अधिसूचित क्षेत्र और फसल के लिए अलग-अलग वित्तीय संस्थानों से ऋण लेने की स्थिति में किसान को एक ही संस्थान से बीमा कराना होगा तथा इसकी सूचना बैंक को देना अनिवार्य है।
————————
✍️07. कांकेर पुलिस की सख्त कार्रवाई : जंगल में जुआ खेल रहे चार आरोपी गिरफ्तार, नगदी सहित वाहन व मोबाइल जब्त 1,25,800 मूल्य की नगदी, 2मोटरसाइकिल, 2 मोबाइल फोन, ताश के 52 पत्ते जब्त ।
—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे ” विशेष अभियान” के तहत थाना भानुप्रतापपुर पुलिस को जुआ के विरुद्ध बड़ी सफलता मिली है। दिनांक 02 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम रानीडोंगरी के जंगल में खेत के पास बनी लाड़ी में बिजली की रोशनी में कुछ व्यक्ति ताश के पत्तों से हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की ।पूछताछ में आरोपियों ने जुआ खेलना स्वीकार किया। इस पर थाना भानुप्रतापपुर में अपराध क्रमांक 156/2026 के तहत धारा 3(1), छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
————————
✍️08.आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, अंतागढ़ में कांकेर पुलिस की यातायात जागरूकता क्लास। विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों एवं राहवीर योजना की दी गई विस्तृत जानकारी। राहवीर योजना से लेकर हेलमेट-सीट बेल्ट तक, कांकेर पुलिस ने विद्यार्थियों को किया यातायात के प्रति जागरूक।

-पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल (भानुप्रतापपुर) एवं योगेश कुमार साहू के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में दिनांक 03 अगस्त 2026 को आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, अंतागढ़ में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में यातायात प्रभारी श्री दीपक साव एवं यातायात पुलिस कांकेर की टीम ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित यातायात का महत्व समझाया। विद्यार्थियों को बताया गया कि सड़क पर सुरक्षित रहने और दुर्घटनाओं से बचने के लिए प्रत्येक नागरिक का यातायात नियमों का पालन करना आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, तेज गति एवं लापरवाही से वाहन नहीं चलाने, नशे की हालत में वाहन चलाने के दुष्परिणाम, ट्रैफिक सिग्नल एवं सड़क संकेतों के पालन, ज़ेब्रा क्रॉसिंग के उपयोग तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से संबंधित कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। जागरूकता कार्यक्रम को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रोजेक्टर के माध्यम से सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों पर आधारित प्रेरणादायक वीडियो भी प्रदर्शित किए गए। वीडियो के माध्यम से विद्यार्थियों ने सुरक्षित यातायात से जुड़े व्यवहारिक पहलुओं को समझा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में अपनी भूमिका के प्रति जागरूक हुए। कार्यक्रम के दौरान राहवीर योजना की भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को शासन द्वारा ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। साथ ही डायल-112 की त्वरित आपातकालीन सेवाओं एवं दुर्घटना पीड़ितों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
–————————
✍️09.दुर्गूकोंदल। एकल अभियान के तहत ग्राम सोनादाई में शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आंगनबाड़ी, प्राथमिक शाला एवं माध्यमिक शाला के बच्चों को कॉपी एवं पेन का वितरण किया गया। शिक्षा के प्रति बच्चों में रुचि बढ़ाने और उन्हें अध्ययन के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है

———————–
✍️
10. पहली श्रावण सोमवार के दिन बारिश नहीं, छींटे जरूर पडे। दोपहर में धुप की उमस से लोग परेशान रहे।
—
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






