———————–
संपादकीय-

-महमूद जी मशहूर नृतक मुमताज़ अली के बेटे और चरित्र अभिनेत्री मिन्नो मुमताज़ अली के भाई थे। महमूद ने अभिनेत्री मीना कुमारी की बहन मधु से शादी की थी। आठ संतानों के पिता महमूद के दूसरे बेटे मक़सूद लकी अली जाने-माने गायक और अभिनेता हैं।उन्हें पहल सफलता 1958 की फ़िल्म ‘परवरिश’ में मिला था, जिसमें उन्होंने राज कपूर के भाई की भूमिका निभाई थी। 1961 की “ससुराल” उनके कैरियर की अहम फ़िल्म थी जिसके जरिए बतौर हास्य कलाकार स्थापित होने में उन्हें मदद मिली।1965 की फ़िल्म “जौहर महमूद इन गोवा” में उन्हें कॉमेडियन के साथ-साथ प्रमुख भूमिका निभाने का भी मौक़ा मिला। “प्यार किए जा” “पड़ोसन” महमूद की दो सर्वाधिक यादगार भूमिकाओं वाली फ़िल्में हैं।अंतिम समय में वह इलाज के लिए अमेरिका गए जहाँ 23 जुलाई 2004 को कला जगत सहित दुनियां काे अलविदा कह दिया।
आज पुण्यतिथी पर सादर नमन….
✍️मनोज जायसवाल
———————–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
23 जुलाई 2026 गुरूवार
✍️मनोज जायसवाल
———————–
✍️
01. चारामा में प्रति वर्ष राजमार्ग 30 पर जलभराव की समस्या व्याप्त रही है। जरा सी बारिश हुई कि तल्ख दूरी पर स्थित बस स्टैण्ड के पास इस समस्या से नगरवासियों सहित आम लोगों को इस समस्या से तकलीफों का सामना करना पडता है। इस बार भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी के नेतृत्व में राजमार्ग जाम कर इस समस्या के स्थायी निदान के लिए मांग किया गया। कांकेर टॉप 10 से मुखातिब होते विधायक ने बताया कि इस समस्या को उन्होंने विधानसभा में भी उठाया है। प्रशासन द्वारा दिए समय पर यदि इस समस्या का निदान नहीं हुआ तो वे आने वाले समय में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगी।

कांग्रेस ने चारामा में प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया

वहीं आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चारामा द्वारा विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी के नेतृत्व मे नीट परीक्षा में पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर में प्रदर्शन कर रहे युवाओं के ऊपर बर्बरता पूर्वक लाठी चार्ज के खिलाफ एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं विपक्ष के सांसदों के साथ अपमान जनक व्यवहार के विरोध में धरना प्रदर्शन कर केंद्र की मोदी सरकार का पुतला फुंका गया एवं शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की इस्तीफे की मांग कर छात्रों के ऊपर दर्ज मामले वापस लेने की मांग की गई।
✍️ 02.”प्रोजेक्ट संवाद” के तहत तनाव से समाधान की ओर : कांकेर पुलिस ने शुरू किया मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान । पुलिस कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता अवसाद रोकथाम एवं तनाव प्रबंधन पर कांकेर पुलिस की संवेदनशील पहल, विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन ।
—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की पहल ‘हमर लक्ष्य’ अभियान के तहत जिले में शिक्षा के क्षेत्र में नया इतिहास रचा है। नीट-यूजी 2026 की परीक्षा में जिले के 35 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है, इनमें 14 विद्यार्थी शासकीय विद्यालयों तथा 21 विद्यार्थी प्रयास आवासीय विद्यालय कांकेर के विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि को जिला प्रशासन की दूरदर्शी योजना, शिक्षकों की प्रतिबद्धता और विद्यार्थियों के अथक परिश्रम का परिणाम माना जा रहा है।कलेक्टर ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नीट की तैयारी करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को जिला मुख्यालय में आवासीय सुविधा के साथ विशेष कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अंतर्गत विषय विशेषज्ञों द्वारा नियमित कक्षाएं, टेस्ट सिरीज, अध्ययन सामग्री और व्यक्तिगत मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा, ताकि आगामी वर्षों में जिले से और अधिक विद्यार्थी मेडिकल एवं इंजीनियरिंग जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकें। जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी ने कहा कि हाल ही में जेईई प्रवेश परीक्षा में जिले के शासकीय विद्यालयों के 28 विद्यार्थियों का चयन हुआ था और अब नीट में 35 विद्यार्थियों की सफलता यह दर्शाती है कि कांकेर जिला शिक्षा के क्षेत्र में सतत् नई ऊंचाइयों को छू रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास तथा जिला मिशन समन्वयक ने भी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, विद्यालयों के प्राचार्यों, नोडल शिक्षकों, विषय विशेषज्ञों तथा प्रयास आवासीय विद्यालय के संपूर्ण शैक्षणिक स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों का सही दिशा में परिश्रम, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतिफल है।उल्लेखनीय है कि कलेक्टर के निर्देशानुसार स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विशेष शैक्षणिक नवाचार, नीट कोचिंग, नियमित टेस्ट सीरीज, विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री और सतत अकादमिक मॉनिटरिंग का सकारात्मक परिणाम इस उपलब्धि के रूप में सामने आया है। सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यार्थियों ने अनुशासन, कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर यह साबित किया कि उचित मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण अंचलों के छात्र भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
जिले के शासकीय विद्यालयों के सफल विद्यार्थियों के नाम
दीया दफादार हरनगढ़ कोयलीबेड़ा, आदित्य श्रीवास्तव पीएमश्री स्कूल भानुप्रतापपुर, संजना पुरेंद्र एकलव्य आदर्श विद्यालय, प्रियंका साहू शा. उ.मा.वि. हाटकर्रा, मयंक कोर्राम शा. उ.मा.वि. कोटेला, भावेश नाग पीएमश्री स्कूल भानुप्रतापपुर, तिया मरकाम शा. उ.मा.वि. सिंगारभाट कांकेर, देवेंद्र साहू शा. हाई.से. स्कूल भानबेड़ा, उत्कर्ष पटेल शा. उ.मा.वि. कोटेला, महिमा शा. उ.मा.वि. चारामा, यशस्वी नेताम शा. उत्कृष्ट विद्यालय दुधावा, याचना पटेल शा. बालक उ.मा.वि. सरोना, आयुष जैन पीएम श्री नरहरदेव स्कूल कांकेर, शष्ठी नरेटी शा. कन्या उ.मा.वि. कापसी।
प्रयास आवासीय विद्यालय, कांकेर के सफल विद्यार्थियों के नाम
सुमित, युक्ति पुरविया, विशाखा ठाकुर, राधिका ध्रुव, वर्षा साहू, निहारिका कोमर्रा, मोनिका नेताम, सारिका, पायल अधिकारी, खुशी यादव, खुशबू निषाद, अनामिका, रेशमा ठाकुर, माही तिवारी, डेमन नेताम, लुभेश पटेल, हर्षिता भगेल, लुईशा मरकाम, दीपाली मंडावी, दीपिका पद्माकर, दामिनी।
———————
✍️ 03.आईटीआई में रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन 24 जुलाई तक
— जिले एवं राज्य की समस्त शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में संचालित व्यवसायों में सत्र 2026-27 एवं 2026-28 में उपलब्ध सीटों में प्रवेश की कार्यवाही की जा रही है। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (आईटीआई) में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 24 जुलाई तक निर्धारित है। शासकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था कांकेर में विभिन्न व्यवसायों में रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इनमें कोपा 06 सीट, स्टेनोग्राफर (हिंदी) 22 सीट, इलेक्ट्रीशियन के 05 सीट, ड्रेस मेकिंग के 08 सीट, स्विंग टेक्नोलॉजी के 10 सीट तथा हॉस्पिटल हाउसकीपिंग के 21 सीटों में प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया के तहत चतुर्थ चरण में चयनित अभ्यर्थियों का प्रवेश 31 जुलाई से 02 अगस्त तक तथा पंचम चरण में 06 से 08 अगस्त तक किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी वेबसाइट cgiti.admissions.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए निकटतम शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था अथवा वेबसाइट पर उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर से संपर्क कर मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
————————
✍️ 04. प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करने जिला पंचायत सीईओ ने ली बैठक।

— प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्गूकोंदल, भानुप्रतापपुर एवं कांकेर विकासखंड के जनपद पंचायत सीईओ, नोडल अधिकारी, ब्लॉक समन्वय एवं अल्प प्रगति वाली ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिव शामिल हुए।
बैठक में आवास पूर्णता की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने सभी लंबित आवासों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बेहतर कार्ययोजना बनाकर साप्ताहिक लक्ष्य निर्धारित करने, सुदूर क्षेत्रों में 5 से 10 हितग्राहियों द्वारा सामूहिक रूप से निर्माण सामग्री परिवहन कर लागत कम करने तथा अप्रारंभ आवासों को शीघ्र शुरू कराने पर जोर दिया। सीईओ ने निर्देशित किया कि हितग्राहियों से राशि लेकर फरार होने वाले ठेकेदारों एवं मिस्त्रियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाए। साथ ही पंचायत प्रतिनिधि, ग्राम के गायता, पटेल एवं समाज प्रमुखों के सहयोग से हितग्राहियों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें आवास निर्माण के लिए प्रेरित करें। अप्रारंभ पड़े आवासों को जल्दी प्रारंभ करने तथा ग्राम पंचायत स्तर पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि ऐसे हितग्राही जो आवास नहीं बना पा रहे हैं उन्हें ग्राम पंचायत स्तर पर आवश्यक मदद कर आवास पूर्ण कराए। साथ ही आवास टीमों को लगातार क्षेत्र भ्रमण करने, खराब प्रगति वाले पंचायतों में विशेष निगरानी रखने तथा लापरवाही बरतने वालों को चेतावनी देकर सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एपीओ, डीसी सहित विकासखण्ड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।।
————————
✍️ 05. प्रयास आवासीय विद्यालयों के कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु काउंसिलिंग 22 जुलाई से
—मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं (सत्र 2026-27) में प्रवेश हेतु काउंसिलिंग 22 जुलाई से 05 अगस्त तक प्रयास आवासीय विद्यालय ईमलीपारा में किया जाएगा। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/ पर काउंसिलिंग हेतु विद्यार्थियों की सूची एवं तिथि प्रदर्शित की गई है। विद्यार्थी उक्त निर्धारित तिथि को आवश्यक दस्तावेज के साथ काउंसिलिंग स्थल में उपस्थित हो सकते हैं।
————————
✍️06. जिले के सभी ग्राम पंचायतों में 30 जुलाई को विशेष ग्राम सभा का आयोजन
—राज्य शासन द्वारा दिए गए निर्देशानुसार आगामी 30 जुलाई 2026 को जिले के सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। उक्त ग्राम सभा में 16वंे वित्त आयोग अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्मित ग्राम पंचायत विकास योजना का अनुमोदन किया जाना है। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा ग्राम सभा में लिए गए निर्णयों की अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकॉर्डिंग करने तथा वीडियो को ग्राम सभा निर्णय (GS NIRNAY) मोबाइल ऐप में अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। भारत सरकार पंचायती राज मंत्रालय द्वारा ग्राम सभाओं की कार्यवाही का ए.आई. आधारित कार्यवाही विवरण तैयार करने हेतु नवीन पोर्टल ‘‘सभासार’’ बनाया गया है। सभी ग्राम पंचायतों में इस पोर्टल का उपयोग करते हुए कार्यवाही विवरण करने के लिए कहा गया है। साथ ही ग्राम सभा के गतिविधियों को वाइब्रेंट ग्राम सभा पोर्टल https://meetingonline.gov.in एवं जीपीडीपी पोर्टल में शत-प्रतिशत अपलोड कराने के भी निर्देश सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए गए हैं।।
————————
✍️07. अऋणी किसानों के लिए फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई
—प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अऋणी किसानों के लिए फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। कृषि विभाग ने जिले के सभी अऋणी किसानों से अपील की है कि वे समय-सीमा के भीतर अपनी संबंधित बैंक शाखा समिति एवं नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) अथवा अन्य वित्तीय संस्थानों के माध्यम से फसल बीमा अवश्य कराएं। कृषि विभाग के उप संचालक ने बताया कि इस वर्ष अल नीनो एवं मौसम को देखते हुए अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में होने वाले फसल क्षतिपूर्ति का लाभ प्राप्त कर सकें। जिले में अब तक 261.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है, जो पिछले 10 वर्षों की इस अवधि की औसत वर्षा का केवल 50.8 प्रतिशत है। संभावित उपज में कमी को दृष्टिगत रखते हुए किसानों को फसल बीमा कराने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ ऋणी एवं अऋणी दोनों प्रकार के किसानों को मिलेगा। भू-धारक एवं बटाईदार किसान भी योजना के लिए पात्र होंगे। अधिसूचित फसल के लिए जिन किसानों को वित्तीय संस्थानों से मौसमी कृषि ऋण स्वीकृत हुआ है, उन्हें योजना में अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा। गैर ऋणी किसान भी आधार कार्ड, बैंक पासबुक, बी-1, खसरा तथा स्व-प्रमाणित फसल बुवाई प्रमाण-पत्र के साथ योजना में शामिल हो सकते हैं। योजना के तहत किसानों को कुल बीमित राशि का केवल 02 प्रतिशत प्रीमियम जमा करना होगा। यदि किसी किसान ने एक ही अधिसूचित क्षेत्र और फसल के लिए अलग-अलग वित्तीय संस्थानों से ऋण लिया है, तो उसे केवल एक ही स्थान से बीमा कराना होगा तथा इसकी जानकारी संबंधित बैंक को देना आवश्यक होगा। जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के संचालन के लिए बजाज जनरल इंश्योरेंस कंपनी को नामित किया गया है। कृषि विभाग ने सभी पात्र किसानों से शीघ्र फसल बीमा कराने की अपील की है।
————————
✍️08.
—
————————
✍️09.
—
———————–
✍️
10.
—
————————
नोट:- कांकेर जिले में दिनभर लगातार कल से हो रही है,बारिश। इसी तरह बारिश जारी रही तो आगे महानदी में जल स्तर बढेगी।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






