———————–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
13 जुलाई 2026 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
———————–
✍️
01. राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के वरिष्ठ सलाहकार श्री उइके 15 जुलाई को जिले के प्रवास पर।
— राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) के वरिष्ठ सलाहकार-सह-एपीएस प्रकाश कुमार उइके 15 जुलाई को जिले के प्रवास पर रहेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे अनुसूचित जनजातियों के विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री उइके जिले की सभी वन प्रबंधन समितियों के अध्यक्षों के साथ बैठक लेकर वन-धन केंद्रों के संचालन एवं गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। इसके पश्चात वे जिले की ग्राम सभाओं के अध्यक्षों के साथ संवाद करेंगे तथा अनुसूचित जनजाति समुदाय से जुड़े विभिन्न विषयों एवं जन-शिकायतों के संबंध में प्राप्त अभ्यावेदनों पर चर्चा करेंगे। कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
———————-
✍️ 02.सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों को कांकेर पुलिस ने दिया सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा की जानकारी।

—लगभग 250 छात्र-छात्राओं को यातायात नियम, गुड टच-बैड टच, अभिव्यक्ति ऐप, डिजिटल अरेस्ट एवं ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव की दी गई जानकारी । पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में जिले में जनजागरूकता अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 13 जुलाई 2026 को सरस्वती शिशु मंदिर, गढ़पिछवाड़ी, कांकेर में सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम का आयोजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल एवं योगेश कुमार साहू के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह व उप पुलिस अधीक्षक सुश्री प्रतिभा लहरे के पर्यवेक्षण में किया गया।इस दौरान रक्षित निरीक्षक दीपक साव (यातायात प्रभारी) ,यातायात पुलिस, महिला रक्षा टीम तथा साइबर टीम ने विद्यार्थियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।यातायात पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित चलने के नियम, यातायात संकेतों एवं साइन बोर्डों का महत्व, ट्रैफिक सिग्नल की जानकारी, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग की आवश्यकता, ओवरस्पीडिंग और शराब पीकर वाहन चलाने के दुष्परिणाम तथा यातायात नियमों के उल्लंघन से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के बारे में प्रोजेक्टर एवं वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से समझाया गया।कार्यक्रम में राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को शासन द्वारा 25,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि दुर्घटना की स्थिति में एम्बुलेंस या पुलिस का इंतजार किए बिना तत्काल घायल की मदद कर उसकी जान बचाने का प्रयास करना चाहिए।महिला रक्षा टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को बाल अपराध, महिला संबंधी अपराध, गुड टच-बैड टच, व्यक्तिगत सुरक्षा, संकट की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के उपाय तथा अभिव्यक्ति ऐप के उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही कंट्रोल रूम एवं पुलिस हेल्पलाइन नंबर साझा कर आवश्यकता पड़ने पर तत्काल संपर्क करने की अपील की गई।
———————
✍️ 03. उजियारा अभियान के तहत नरहरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई 07 ली, टर अवैध महुआ शराब के साथ महिला गिरफ्तार, आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज

—पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मोहसीन खान के मार्गदर्शन में जिलेभर में संचालित “उजियारा अभियान” के तहत अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।इसी क्रम में थाना नरहरपुर पुलिस ने थाना प्रभारी निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल के नेतृत्व में 13 जुलाई 2026 को ग्राम भ्रमण एवं जुर्म-जरायम पतासाजी के दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना पर ग्राम अमोडा में दबिश दी। सूचना थी कि एक महिला अपने घर में बिक्री के उद्देश्य से अवैध महुआ शराब रखे हुए है।पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर कार्रवाई करने पर श्रीमति यशोदा नेताम (40 वर्ष), पति अगेश नेताम, निवासी ग्राम अमोडा, थाना नरहरपुर के कब्जे से 07 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 700 रुपये है, जिसे विधिवत गवाहों के समक्ष जप्त किया गया।आरोपी महिला के विरुद्ध थाना नरहरपुर अपराध क्रमांक 143/2026 के तहत धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर आरोपिया को 13 जुलाई 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
————————
✍️ 04. सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष पर नरहरपुर पुलिस द्वारा थाना परिसर में वृक्षारोपण का कार्यक्रम संपन्न किया गया ।
—कांकेर पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जिलेभर में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। इसी क्रम में थाना नरहरपुर परिसर में भी वृक्षारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमे अति. पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदशन में थाना प्रभारी नरहरपुर सोमेश सिंह बघेल तथा थाना नरहरपुर के अधिकारी -कर्मचारीयों के साथ नगर के गणमान्य जनप्रतिनिधि श्रीमती प्यारी सलाम नगर पंचायत अध्यक्ष, सोमन सिंह कावडे जनपद अध्यक्ष, दिनेश पटेल नगर पंचायत उपाध्यक्ष, श्रीमती रंगीता उईके पार्षद, श्रीमती अनीता यादव पार्षद, भागवत शोरी पार्षद, श्रीमती गीता बेसरा पार्षद, मुकेश संचेती पार्षद नरहरपुर शामिल हुए और सभी ने मिलकर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण कर राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने शपथ ली। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
————————
✍️ 05. शहीद परिवारों एवं नक्सल पीड़ित परिवारों के पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास से किया जाएगा लाभान्वित ।

— कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले में संचालित सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय पर पूरा करने तथा शहीद परिवारों एवं नक्सल पीड़ित परिवारों के पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित करने के लिए निर्देशित किया है। सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, पीएम पोर्टल में प्राप्त शिकायतों केे अलावा सुशासन तिहार, बस्तर मुन्ने शिविरों के दौरान प्राप्त आवेदनों सहित विभिन्न प्रकरणों के निराकरण की विस्तृत समीक्षा की गई। उनके द्वारा सभी शिकायतों को गुणवत्ता के साथ निराकरण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। बैठक में उन्होंने अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, आंगनबाड़ी भवन, उचित मूल्य सह गोदाम भवन, प्रधानमंत्री आवास, किसानों का एग्रीस्टेक में पंजीयन, मुख्यमंत्री घोषणा मद अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्य, आयुष्मान भारत अंतर्गत पंजीयन इत्यादि कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर कांकेर जितेन्द्र कुर्रे, अपर कलेक्टर अंतागढ़ ए.एस. पैकरा, सभी एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के अधिकारी मौजूद रहे।
————————
✍️0.6 ‘मेरा युवा भारत’ जिला सलाहकार एवं जिला समन्वयक समिति की बैठक संपन्न।

— युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित ‘मेरा युवा भारत’ जिला कांकेर द्वारा आज जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सलाहकार एवं जिला समन्वयक समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में युवाओं के सर्वांगीण विकास एवं उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। मेरा युवा भारत के जिला अधिकारी श्री सुनील कुमार द्वारा जिले में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। बताया गया कि मेरा युवा भारत का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें नेतृत्व, कौशल, सेवा, रोजगार, खेल, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं व्यक्तित्व विकास के अवसर उपलब्ध कराना है। इस उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए जिले में निरंतर विभिन्न नवाचारपूर्ण कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है।बैठक में युवा मंडलों के गठन एवं सशक्तिकरण, खेल गतिविधियों के विस्तार, स्टेट यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम, कौशल विकास प्रशिक्षण, वोकेशनल ट्रेनिंग, सेवा पखवाड़ा, विकसित भारत यंग लीडरशिप डायलॉग, विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट, विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम, बजट क्विज़, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को शिक्षा, रोजगार, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सेवा एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करने की कार्ययोजना पर भी प्रकाश डाला गया। बैठक में यह भी बताया गया कि आने वाले समय में मेरा युवा भारत के तहत जिले में अनेक नवाचारपूर्ण एवं जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनसे युवाओं को नई संभावनाओं, प्रशिक्षण, रोजगारोन्मुखी अवसरों तथा सामाजिक नेतृत्व से जुड़ने का अवसर प्राप्त हो सकेगा। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए तैयार करना है। बैठक में उपस्थित अधिकारियों से यह भी आग्रह किया गया कि वे अपने-अपने विभागों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत पोर्टल पर पंजीयन कराने के लिए प्रेरित करें। पोर्टल पर पंजीयन के माध्यम से युवाओं को विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, स्वयंसेवी गतिविधियों, रोजगारपरक अवसरों, नेतृत्व विकास कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं, इंटर्नशिप, खेल गतिविधियों तथा अन्य राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में सहभागिता का अवसर प्राप्त होगा।कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने मेरा युवा भारत द्वारा जिले में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं अधिक से अधिक युवाओं को शासन की योजनाओं से जोड़ने के लिए सक्रिय सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे एवं श्री ए.एस. पैकरा, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी तथा युवा भारत के जिला अधिकारी सुनील कुमार उपस्थित रहे।
————————
✍️07.शासकीय कार्यालयों में प्री-पेड बिलिंग व्यवस्था एक अगस्त से
-राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में प्री-पेड स्मार्ट मीटर की स्थापना कर प्री-पेड बिलिंग की व्यवस्था शुरू की जा रही है, जिसके तहत आगामी 01 अगस्त से दो चरणों में प्री-पेड स्मार्ट मीटर स्थापित किए जाएंगे। आगामी 01 अगस्त से प्रथम चरण के तहत विकासखण्ड (ब्लॉक) एवं उच्च स्तर तक के सभी शासकीय कार्यालयों में बिजली की प्री-पेड व्यवस्था अनिवार्य रूप से शुरू हो जाएगी। इसके बाद द्वितीय चरण में इससे निचले स्तर के कार्यालयों को जोड़ा जायेगा।
————————
✍️08.सेवा सेतु पोर्टल के तहत राशन कार्ड बनाने व विलोपित करने की सुविधा अब सीएसस सेंटर में।
– राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम के तहत शासकीय कार्य को अधिक पारदर्शी व सुलभ बनाने के उद्देश्य से सेवा सेतु (ई-डिस्ट्रिक्ट) पोर्टल प्रारंभ किया गया है, जिसके तहत लगभग 240 से अधिक सेवाओं को शामिल किया गया है। इसी क्रम में सार्वजनिक वितरण प्रणाली तथा छत्तीसगढ़ खाद्य एवं पोषण सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत नवीन राशन कार्ड बनाने तथा विलोपित करने जैसी सेवाएं प्रारंभ की गई हैं। लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर राशन कार्ड बनाने, सदस्य जोड़ने तथा विलोपित करने का कार्य सेवा सेतु पोर्टल में शामिल किया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार चिप्स द्वारा राशन कार्ड बनाने, सदस्य जोड़ने तथा विलोपित करने संबंधी ऑनलाइन आवेदन करने का प्रावधान लोक सेवा केन्द्रों के साथ-साथ स्थानीय निकायों एवं आम नागरिकों को सेवा सेतु पोर्टल sewasetu.cgstate.gov.in के माध्यम से उपलब्ध कराया गया है। ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर ने बताया कि जिले के सभी नगरीय निकायों एवं ब्लॉक मुख्यालयों में उपरोक्त पोर्टल के माध्यम से नवीन राशन कार्ड बनाने, सदस्य जोड़ने तथा विलोपित करने हेतु ऑनलाईन आवेदन पत्र किया जा रहा है। ऑनलाईन आवेदन प्राप्त होने के उपरांत प्राधिकृत सत्यापन अधिकारी द्वारा उनका परीक्षण कर सत्यापन किया जाएगा तथा उनकी अनुशंसा पर पोर्टल में ऑनलाइन दर्ज कर डिजिटल हस्ताक्षर के उपरांत स्वीकृतकर्ता अधिकारी को अग्रेषित किया जाएगा। इसके पश्चात स्वीकृतकर्ता अधिकारी द्वारा आवेदन पत्र में दर्ज जानकारी व अपलोड किए गए दस्तावेजों का नियमानुसार परीक्षण व सत्यापन कर राशन कार्ड जारी करने की स्वीकृति दी जाएगी। इस तरह सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से अब ब्लॉक एवं पंचायत स्तरों पर भी राशन कार्ड संबंधी आवेदन प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही हेतु उच्च सक्षम कार्यालय को अग्रेषित किया जा सकेगा।
————————
✍️09.जिला स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन 16 जुलाई को।
-जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कोड़ेजुंगा कांकेर में एक दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन 16 जुलाई को सुबह 11 से अपरान्ह 03 बजे तक किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा 185 रिक्तियों के आधार पर भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी श्री बी.आर. ठाकुर ने बताया कि उक्त प्लेसमेंट कैम्प में फील्ड ऑफिसर के 30 पद, सिक्युरिटी गार्ड के 50 पद, फायरमैन के 20, फुड पैकिंग के 25, वाहन चालक हैवी के 10 और होम केयर के 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि इच्छुक आवेदक उक्त प्लेसमेंट कैम्प में उपस्थित होकर अथवा ई-रोजगार के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन https://erojgar.cg.gov.in/ पर अपना सम्पूर्ण बायोडाटा के साथ आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियोक्ता द्वारा प्राथमिक चयन कर साक्षात्कार लिया जाएगा, जिसकी सूचना पृथक से फोन के माध्यम से आवेदक को दी जाएगी।
———————–
✍️10.मुख्यमंत्री उत्कर्ष योजनांतर्गत चयनित विद्यार्थियों की काउंसिलिंग 14 जुलाई को।
-मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए चयनित विद्यार्थियों की काउंसिलिंग 14 जुलाई को प्रातः 11 बजे से कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कांकेर में जिला स्तरीय समिति द्वारा आयोजित की जाएगी। काउंसिलिंग में कक्षा 4थीं एवं 5वीं की अंकसूची, आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र तथा पालक की सहमति-पत्र के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा।गौरतलब है कि इस योजनांतर्गत कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा गत 05 जुलाई को आयोजित की थी, जिसका परिणाम जारी होने के बाद दावा-आपत्ति भी आमंत्रित किया गया था। दावा-आपत्तियों के निराकरण पश्चात जिला स्तरीय अंतिम मेरिट सूची अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजातिवार पृथक-पृथक जारी किया गया है, जिसे कांकेर जिले की वेबसाइट kanker.gov.in तथा कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कांकेर तथा सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मंडल संयोजक कार्यालय एवं संबंधित आश्रम-छात्रावास अधीक्षक कार्यालय में देखा जा सकता है। काउंसिलिंग में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को पृथक से भी सूचना दी जा रही है।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————





