———————–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
11 जुलाई 2026 शनिवार
✍️मनोज जायसवाल
———————–
✍️
01. उप मुख्यमंत्री ने किया सरोना में सातवीं ‘मावा मोदोल लाइब्रेरी’ का लोकार्पण ।

— प्रदेश के लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेलकूद व युवा कल्याण मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री अरूण साव ने आज नरहरपुर विकासखण्ड के तहसील मुख्यालय सरोना में नवनिर्मित मावा मोदोल लाइब्रेरी का लोकार्पण किया। यह जिले की सातवीं मावा मोदोल निःशुल्क लाइब्रेरी है। इस अवसर पर उन्होंने लाइब्रेरी के विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया तथा उपस्थित छात्र-छात्राओं से संवाद कर बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं दी।उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने मुख्य अतिथि की आसंदी से को संबोधित करते हुए कहा कि सरोना क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आधुनिक एवं निःशुल्क अध्ययन सुविधा मिलना अत्यंत खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि आज लाइब्रेरी में ऐसे विद्यार्थियों से मुलाकात हुई जो आईएएस, आईपीएस, लोको पायलट, शिक्षक सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपना भविष्य संवारने में जुटेे हैं। उन्होंने कहा कि सरोना में नवीन तहसील भवन और थाना प्रारंभ होना भी क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं। श्री साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संकल्प, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के प्रयासों एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बस्तर अब पूरी तरह नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों से आने वाले समय में यहां के बच्चे क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।इस अवसर पर सांसद भोजराज नाग ने कहा कि मावा मोदोल लाइब्रेरी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी पहल है। विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ विकसित कांकेर के निर्माण में शिक्षा की ऐसी पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरोना क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित मांग पर युवाओं पर आज मावा मोदोल लाइब्रेरी का शुभारंभ हुआ है। जिला प्रशासन की अभिनव पहल अब सरोना तक पहुंच गई है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और लगन के साथ अध्ययन करने और अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने बताया कि मावा मोदोल लाइब्रेरी में अध्ययनरत युवाओं में से 100 से अधिक अभ्यर्थियों का विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन हो चुका है, जो इस पहल की सफलता का प्रमाण है। उन्होंने उपस्थित युवक-युवतियों को इसका लाभ लेने की अपील की। उल्लेखनीय है कि जिले की यह सातवीं मावा मोदोल लाइब्रेरी है, जहां प्रतिदिन 5 बैचों में युवाओं के अध्ययन की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक बैच में 75 विद्यार्थियों के बैठने की सुविधा है। लाइब्रेरी का संचालन प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से शाम 7.30 बजे तक किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर एवं निःशुल्क अध्ययन वातावरण उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, नगर पालिका कांकेर के अध्यक्ष अरुण कौशिक, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, सतीश लटिया, महेश जैन, हलधर साहू, जिला शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
———————-
✍️ 02.किसान अपना रहे आधुनिक तकनीक: सीड ड्रील मशीन से धान-मक्का की बुवाई।
— जिले के किसान भाई आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए सीड ड्रील मशीन से धान-मक्का का बुवाई कर रहे हैं। कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा जिले के किसानों खेती की नई तकनीक को अपनाने एवं कृषि मशीनीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। सीड ड्रील मशीन के माध्यम से धान एवं मक्का की बुवाई के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। यह तकनीक कम समय, कम लागत और कम पानी में बेहतर खेती का प्रभावी विकल्प बनकर उभर रही है। खरीफ सीजन में सूखा की स्थिति एवं श्रमिकों की कमी, पानी की कमी को देखते हुए सीडड्रील मशीन से ग्राम कन्हारपुरी, कुलगांव, भनसुली (नरहरपुर) कांकेर में कृषक नरेन्द्र नेताम, देवेन्द्र देहारी, संतराम आंचला, मनोज आंचला, ताराचंद्र मिश्रा के खेतों में सीडड्रील से धान बुआई तथा ग्राम कोमलपुर के कृषक संजीव कावड़े के खेत में मक्का की बुआई का कार्य किया गया। यह तकनीक श्रमिकों पर निर्भरता कम करने के साथ-साथ जल संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।कृषि अभियांत्रिकी विभाग के मार्गदर्शन में इस खरीफ सत्र में अब तक लगभग 70 एकड़ क्षेत्र में सीड ड्रील मशीन से धान एवं मक्का की बुवाई की जा चुकी है। सीड ड्रील मशीन से एक घंटे में सवा एकड़ तक की बुआई हो जाती है। इस मशीन की सहायता से बुवाई का कार्य कम समय में कम बीज से सीधे खेत में बोया जाता है। श्रमिक की कमी और जल संकट की स्थिति में यह तकनीकी किसानों के लिए लाभदायी सिद्ध हो रहा है। कृषि अभियांत्रिकी विभाग ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे कृषि मशीनीकरण को अपनाते हुए सीड ड्रील जैसी आधुनिक तकनीकों का अधिकाधिक उपयोग करें, ताकि कम संसाधनों में अधिक उत्पादन प्राप्त कर खेती को लाभकारी बनाया जा सके।
———————
✍️ 03. उप मुख्यमंत्री श्री साव ने सरोना में नवनिर्मित तहसील कार्यालय भवन का किया लोकार्पण।

— प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरूण साव ने कांकेर जिला प्रवास के दौरान आज अपराह्न सरोना में नवनिर्मित तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया तथा परिसर में पौधारोपण भी किया। उल्लेखनीय है कि 63 लाख 81 हजार रूपए की लागत से उक्त भवन का जिला निर्माण समिति के तहत लोक निर्माण द्वारा किया गया है। सर्वसुविधायुक्त भवन में 10 कक्ष हैं जहां विभिन्न शाखाओं का संचालन किया जाएगा। इस अवसर पर कांकेर सांसद भोजराज नाग, कांकेर विधायक आशाराम नेताम, छ.ग. हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, नगरपालिका कांकेर के अध्यक्ष अरूण कौशिक सहित जिला पंचायत सी.ई.ओ. हरेश मण्डावी, एसडीएम नरेन्द्र बंजारा, तहसीलदार पुष्पराज पात्र सहित जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन व तहसील स्टाफ उपस्थित थे।
————————
✍️ 04. प्रत्येक केस प्रॉपर्टी को मिलेगी यूनिक डिजिटल पहचा। दूरस्थ थानों को आधुनिक डिजिटल प्रणाली से जोड़ने की अभिनव पहल।जब्त वाहनों, मोबाइल, नकदी, हथियार, आभूषण, एनडीपीएस सामग्री सहित सभी केस प्रॉपर्टी का होगा डिजिटल रिकॉर्ड।

—उप मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन अरुण साव जी ने आज थाना सिटी कोतवाली कांकेर में पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा के नेतृत्व में विकसित ‘ई-मालखाना’ सॉफ्टवेयर का शुभारंभ किया गया । यह प्रणाली तकनीक आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देने एवं जब्त संपत्तियों के वैज्ञानिक, सुरक्षित एवं पारदर्शी प्रबंधन की दिशा में कांकेर पुलिस की महत्वपूर्ण पहल है।इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय सांसद भोजराज नाग जी ने की। कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि विधायक कांकेर आशाराम नेताम ,हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत , जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी तथा नगर पालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष अरुण कौशिक जी उपस्थित रहे। कांकेर पुलिस द्वारा प्रारंभ की गई । ई-मालखाना प्रणाली एक आधुनिक डिजिटल प्रबंधन व्यवस्था है, जिसके माध्यम से विभिन्न प्रकरणों में जब्त की गई संपत्तियों एवं दस्तावेजों का सुरक्षित, पारदर्शी एवं व्यवस्थित रिकॉर्ड रखा जाएगा। इस प्रणाली का उद्देश्य जब्त संपत्ति के रख-रखाव को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं जवाबदेह बनाना है, ताकि विवेचना एवं न्यायालयीन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक सामग्री को शीघ्रता से खोजकर प्रस्तुत किया जा सके। ई-मालखाना में जब्त किए गए वाहन, मोबाइल फोन, नकदी, हथियार, आभूषण, एनडीपीएस प्रकरणों से संबंधित सामग्री तथा अन्य केस प्रॉपर्टी का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाता है, जिससे प्रत्येक वस्तु का सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित डेटा उपलब्ध रहता है।
ई-मालखाना की प्रमुख विशेषताएं
(1)प्रत्येक जब्त वस्तु को यूनिक QR कोड /यूनिक आईडी प्रदान की जाती है।
(2)केस नंबर, अपराध की धाराएं, वस्तु का विवरण, फोटो एवं स्टोरेज लोकेशन डिजिटल रूप से दर्ज की जाती है।
(3) चैन ऑफ कस्टडी के माध्यम से यह रिकॉर्ड सुरक्षित रहता है कि जब्त वस्तु कब, कहां और किस अधिकारी द्वारा जमा अथवा प्राप्त की गई।
(4)QR कोड स्कैन करते ही किसी भी अधिकृत मोबाइल डिवाइस से वस्तु की जानकारी तत्काल प्राप्त की जा सकती है।
(5)जब्त वस्तुओं एवं दस्तावेजों को अलग-अलग सुरक्षित बॉक्स में रखकर उन पर QR कोड अंकित किया गया है।
ई-मालखाना के प्रमुख लाभ
•जब्त संपत्ति का सुरक्षित एवं डिजिटल रिकॉर्ड।
•केस प्रॉपर्टी की जानकारी तत्काल उपलब्ध।
•रिकॉर्ड संधारण एवं निस्तारण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता।
•रिकॉर्ड गुम होने अथवा त्रुटि की संभावना में कमी।
•न्यायालय एवं वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी उपलब्ध कराने की प्रक्रिया अधिक सरल एवं प्रभावी।
कार्यप्रणाली
1. जब्त संपत्ति मालखाना में जमा की जाती है।
2. संपत्ति का विवरण, फोटो एवं आवश्यक जानकारी ई-मालखाना पोर्टल पर दर्ज की जाती है।
3. संपत्ति का सुरक्षित भंडारण किया जाता है।
4. डिजिटल माध्यम से रिकॉर्ड की सतत निगरानी एवं ट्रैकिंग की जाती है।
5. न्यायालय के आदेशानुसार संपत्ति का विधिसम्मत निस्तारण किया जाता है।
साथ ही कांकेर पुलिस को प्राप्त नवीन बस एवं 03 स्कॉर्पियो वाहनों को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान माननीय उप मुख्यमंत्री जी ने ई-मालखाना संचालन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
————————
✍️ 05. हिमाचल प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय युवा नेतृत्व शिविर में शामिल होंगे छत्तीसगढ़ के 16 युवा ।

—नेशनल यूथ प्रोजेक्ट द्वारा आयोजित “National Integration Versus Youth Leadership Camp” का आयोजन 10 जुलाई से 16 जुलाई तक पालमपुर, जिला कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) में किया जाएगा। इस राष्ट्रीय शिविर में छत्तीसगढ़ से कुल 16 युवा प्रतिनिधि सहभागिता करेंगे, जिनमें कांकेर जिले से 4 युवा, रायगढ़ जिले से 4 युवा तथा जांजगीर-चांपा जिले से 8 युवा शामिल हैं।

इस राष्ट्रीय युवा दल का नेतृत्व शिल्पा साहू एवं अशोक बाजारे करेंगे। उनके मार्गदर्शन में सभी प्रतिभागी राष्ट्रीय एकता, युवा नेतृत्व, व्यक्तित्व विकास, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों एवं गतिविधियों में भाग लेंगे।यह शिविर युवाओं को देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों के साथ संवाद स्थापित करने, नेतृत्व कौशल विकसित करने तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को सशक्त बनाने का अवसर प्रदान करेगा। छत्तीसगढ़ के युवा इस शिविर में अपने प्रदेश की संस्कृति, परंपरा एवं प्रतिभा का भी प्रभावी प्रतिनिधित्व करेंगे।यह अवसर छत्तीसगढ़, विशेषकर कांकेर, रायगढ़ एवं जांजगीर-चांपा के युवाओं के लिए गर्व का विषय है, जो राष्ट्रीय स्तर पर अपने नेतृत्व एवं प्रतिभा का परिचय देंगे।
————————
✍️0.6राजधानी से लगे नकटी ग्राम के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी ने कांकेर विधायक आशा राम नेताम को सौपा ज्ञापन।

—आम आदमी पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष नरहरपुर जगदीश नेताम के नेतृत्व में विधायक कार्यालय पहुंचकर विधायक आशा राम नेताम के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में रायपुर जिले धरसीवा विधानसभा अंतर्गत ग्राम नकटी में गरीब परिवारों के घर तोड़े जाने पर गहरा विरोध दर्ज करते हुए विधायक से प्रस्तावित विधायक कॉलोनी को स्वीकार नहीं करने तथा प्रभावित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास का समर्थन करने की मांग की आम आदमी पार्टी के कोषाध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर ने कहा कि नकटी गांव में लगभग 85 परिवारों के आशियाने उजाड़ दिए गए जिससे महिलाएं बच्चे बुजुर्ग और मजदूर परिवार खुले आसमान के नीचे रहने मजबूर हो गए उन्होंने चेतावनी दी की आदि प्रभावित परिवारों को न्याय नहीं मिला और उनके पुनर्वास की ठोस व्यवस्था नहीं की गई तो आम आदमी पार्टी जनहित में आंदोलन को तेज करेगी जिसकी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी ।
————————
✍️07.बारिश नहीं होने से पसोपेश में किसान। कृषि पंप के चालू हो जाने से पुनः लौ-वोल्टेज की समस्या। कृषि पंप पर्याप्त पानी नहीं दे पाने के चलते रोपाई कार्य पिछडता नजर आ रहा है। इसी तरह एक सप्ताह तक अगर बारिश नहीं हुई गर्मी बनी रही तो धान की फसल हो सकती है,प्रभावित।
————————
✍️08.आज भाजपा कार्यालय कमल सदन, अलबेलापारा (कांकेर) में महान राष्ट्रवादी चिंतक एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की 125वीं जयंती के पावन अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन एवं जिला मासिक बैठक में सम्मिलित हुआ।

————————
✍️09.कल 12 जुलाई को अपरान्ह सर्व पिछडा वर्ग समाज की कांकेर मेला भाठा स्थित यादव समाज भवन में महत्वपूर्ण बैठक। प्रदेश अघ्यक्ष की अगुवानी में होगी सभा।
———————–
✍️10.चारामा विकासखंड के ग्राम बासनवाही निवासी कांग्रेस के देवेंद्र सोनी के अनुज स्व. पवन कुमार सोनी के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल हुए ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासी।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






