———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
29 अगस्त 2026 शनिवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️
01.सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन का वीडियो वायरल, कलेक्टर द्वारा जांच समिति गठित।
—सोशल मीडिया के माध्यम से 25 अगस्त को स्कूल शिक्षा विभाग के कतिपय कर्मचारियों द्वारा सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन किए जाने का वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर कुंदन कुमार द्वारा प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। गठित समिति में अनुविभागीय दंडाधिकारी (रा.) भानुप्रतापपुर, जिला शिक्षा अधिकारी कांकेर एवं खंड शिक्षा अधिकारी भानुप्रतापपुर को शामिल किया गया है। समिति द्वारा वायरल वीडियो में सामने आए घटित कृत्य की जांच कर संयुक्त अभिमत सहित प्रतिवेदन 7 दिवस के भीतर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कांकेर के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।कलेक्टर कुंदन कुमार ने शासकीय सेवकों द्वारा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा अनुशासनहीनता के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
—————–
✍️ 02. पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने निगरानी समिति गठित। जिला पंचायत सीईओ और अपर कलेक्टर बनाए गए नोडल अधिकारी।
— कलेक्टर कुंदन कुमार द्वारा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए जिला स्तरीय निगरानी समिति गठित की गई है। जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी और अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे को नोडल अधिकारी बनाया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित कांकेर के कार्यपालन अभियंता सतीश किण्डो, भानुप्रतापपुर के कार्यपालन अभियंता सुरेश ठाकुर तथा पखांजूर के कार्यपालन अभियंता जी.एन.देवांगन को इस समिति का सचिव नियुक्त किया गया है। योजना अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति एवं त्वरित क्रियान्वयन के लिए जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सभी तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं समस्त नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी इस निगरानी समिति के साथ समन्वित रूप से कार्य करेंगे।कलेक्टर कुंदन कुमार ने निगरानी समिति के समस्त अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि यह योजना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल है। अतः निगरानी समिति के सभी सदस्य व्यक्तिगत रुचि लेते हुए शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करें। साथ ही योजना के क्रियान्वयन में प्रगति से अवगत करायें। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन ऊर्जा विभाग द्वारा सौर ऊर्जा के क्षेत्र में रुफटाप सोलर प्लांट की हिस्सेदारी बढ़ाने एवं आवासीय परिसरों स्वयं की बिजली का उत्पादन कर बिजली के क्षेत्र में उपभोक्ता को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना शुरू की गई है।
———————–
✍️ 03.चौगेल पुनर्वास केंद्र में आत्मसमर्पित माओवादियों ने डी आर जी जवानों को बांधी राखी, कहा—अब बंदूक नहीं, हुनर से संवारेंगे भविष्य।

—कभी जंगलों में बंदूक के साथ आमने-सामने रहने वाले हाथ आज भाईचारे और विश्वास के धागे से जुड़ गए। भानुप्रतापपुर क्षेत्र के ग्राम चौगेल (मुल्ला) स्थित पुनर्वास केंद्र में आज आत्मसमर्पित माओवादियों ने जिला रिजर्व गार्ड डी आर जी के जवानों को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। यह दृश्य संघर्ष से शांति, हिंसा से मुख्यधारा और हथियार से हुनर की ओर बढ़ते बदलाव की भावुक तस्वीर बन गया। आत्मसमर्पित माओवादी शांति कवाची ने बताया कि वह पहली बार रक्षाबंधन का त्योहार मना रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कौशल विकास प्रशिक्षण के माध्यम से उन्होंने राखी बनाना सीखा और आज उन्हीं हाथों से तैयार की गई राखी पुलिस जवानों की कलाई पर बांधना उनके लिए बेहद खास और भावुक अनुभव है।

उन्होंने कहा कि आत्मसमर्पण के बाद अब ऐसा महसूस हो रहा है कि वे वास्तव में समाज की मुख्यधारा में लौट आई हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नक्सल पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर उन्होंने आत्मसमर्पण का निर्णय लिया। पुनर्वास केंद्र में उन्हें सिलाई, काष्ठ शिल्प कला और राखी निर्माण सहित विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे भविष्य में इन हुनरों के माध्यम से सम्मानपूर्वक आजीविका चला सकें और अपने परिवार के साथ समाज में सामान्य जीवन जी सकें। वहीं डी आर जी जवान टेकेश्वर हिचामी ने कहा कि पहले परिस्थितियां ऐसी थीं कि दोनों पक्ष बंदूक लेकर आमने-सामने रहते थे। आज वही हाथ राखी के पवित्र धागे से जुड़े हैं। उन्होंने कहा, आज उनकी बांधी राखी हमारी कलाई पर है, जो भाई की लंबी उम्र और सुख-शांति की कामना का प्रतीक है। यह अपने आप में एक अलग और भावुक अनुभव है। यह रक्षाबंधन सिर्फ एक पर्व का उत्सव नहीं, बल्कि बदलाव की उस कहानी का प्रतीक है, जिसमें कभी संघर्ष का हिस्सा रहे लोग आज विश्वास और भाईचारे के रिश्ते को स्वीकार कर रहे हैं। पुनर्वास और कौशल विकास के माध्यम से आत्मसमर्पित माओवादी अब अपने हाथों में हथियार की जगह हुनर लेकर नई जिंदगी की शुरुआत कर रहे हैं।कल तक आमने-सामने थे, आज एक-दूसरे की कलाई पर विश्वास का धागा है।बंदूक से राखी तक का यह सफर, शांति और पुनर्वास की नई कहानी लिख रहा है।
————————
✍️ 04.जिला स्तरीय खेल दिवस का आयोजन 29 अगस्त को।

— प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त को खेल एवं युवा कल्याण विभाग कांकेर द्वारा खेल दिवस का आयोजन किया जाएगा। उक्त आयोजन में जिले के विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी एवं जिला मुख्यालय के स्कूलों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। जिला खेल अधिकारी टीकाराम देवांगन ने बताया कि खेल दिवस के अवसर पर शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के खेल मैदान में हॉकी प्रतियोगिता तथा मिनी स्टेडियम कांकेर के खेल मैदान में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन दोपहर 02 बजे से किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी से अधीनस्थ विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने कहा गया है।
————————
✍️ 05.कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने बहनों से राखी बंधा कर पावन त्यौहार मनाया।

—आज रक्षाबंधन पर्व पर नगर में भीडभाड रही।खासकर राखी एवं मिठाईयों की दुकानों में लोगों की भीड देखी गई।

पावन रक्षा पर्व पर कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने बहनों के घर जाकर रक्षा सुत्र बंधवाया। उन्होंने कहा-इस पावन पर्व पर बहनों ने राखी बाँधकर जो स्नेह, विश्वास और अपनत्व व्यक्त किया, वह समाज एवं क्षेत्र की सेवा के लिए और अधिक समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
————————
✍️06.मरकाटोला में आज विभीन्न विकास कार्यों का भुमिपूजन कांकेर विधायक आशा राम नेताम के करकमलों से संपन्न हुआ ।

—जिले के ग्राम पंचायत मरकाटोला फ़तेचंद में आज विभीन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन कांकेर विधायक आशा राम नेताम के करकमलों से किया गया। इस मौके पर कलार समाज भवन, टीना शेड निर्माण एवं व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की आधारशिला रखी गई।

उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा- ये विकास कार्य क्षेत्र की सामाजिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए नए अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायक होंगे। विकास की गति निरंतर जारी है, जनहित हमारी प्राथमिकता है।
————————
✍️07. उजियारा अभियान के तहत कांकेर पुलिस की बड़ी कार्यवाही। राजधानी बस में गांजा तस्करी कर रहे महिला सहित 02 आरोपी गिरफ्तार । आरोपियों के कब्जे से 5 किलो 80 ग्राम गांजा बरामद । बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 4,00,000/-

—पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर हरीश कुमार पाटिल (रा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध “उजियारा अभियान” के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना चारामा पुलिस एवं जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम को दिनांक 28.08.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति राजधानी बस में सवार होकर अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा की तस्करी कर रहे हैं।सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना चारामा पुलिस एवं जिला साइबर सेल की टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक पैकेट में कुल 5 किलो 80 ग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4,00,000/- है। मामले में थाना चारामा में अपराध क्रमांक 175/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
————————
✍️08. बंदूक से राखी तक—संघर्ष की राह से भाईचारे और विश्वास की ओर। चौगेल पुनर्वास केंद्र में आत्मसमर्पित माओवादियों ने DRG जवानों को बांधी राखी। पुनर्वास एवं मुख्यधारा से जोड़ने की पहल को मिला भावनात्मक स्वरूप।

—भानुप्रतापपुर क्षेत्र के ग्राम चौगेल (मुल्ला) स्थित पुनर्वास केंद्र में रक्षाबंधन के अवसर पर आत्मसमर्पित माओवादियों ने DRG जवानों की कलाई पर राखी बांधकर पर्व मनाया।कभी बंदूक लेकर आमने-सामने रहने वाले हाथ आज विश्वास, भाईचारे और शांति के पवित्र धागे से जुड़े। यह आयोजन हिंसा से मुख्यधारा और हथियार से हुनर की ओर बढ़ते बदलाव का भावुक प्रतीक बना।आत्मसमर्पित माओवादी शांति कवाची ने बताया कि उन्होंने पहली बार रक्षाबंधन मनाया और मुख्यमंत्री कौशल विकास प्रशिक्षण के माध्यम से स्वयं तैयार की गई राखी DRG जवान की कलाई पर बांधी। उन्होंने कहा कि आत्मसमर्पण के बाद उन्हें समाज की मुख्यधारा में लौटने का अनुभव हो रहा है।पुनर्वास केंद्र में आत्मसमर्पित माओवादियों को सिलाई, काष्ठ शिल्प, राखी निर्माण सहित विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर सम्मानजनक आजीविका से जुड़ सकें।DRG जवान टेकेश्वर हिचामी ने कहा कि पहले दोनों पक्ष बंदूक लेकर आमने-सामने होते थे, लेकिन आज वही हाथ राखी के पवित्र धागे से जुड़े हैं। यह पल विश्वास और शांति की नई शुरुआत का प्रतीक है।
————————
✍️09. स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंस कंपनी में 3.41 लाख की धोखाधड़ी एवं गबन का मामला। भानुप्रतापपुर पुलिस ने आरोपी रिकवरी कर्मचारी को किया गिरफ्तार। महिला समूहों से ऋण की किस्तों की राशि वसूल कर कंपनी में जमा नहीं करने का आरोप।

— पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण प्रकार कि— थाना भानुप्रतापपुर में प्रार्थी अजीत कुमार देशलहरे, पिता शिवचरण देशलहरे, उम्र 30 वर्ष, निवासी घुरसेना, थाना नांदघाट, जिला बेमेतरा, हाल कर्मचारी कॉलोनी भानुप्रतापपुर, जिला —कांकेर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई।प्रार्थी स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंस लिमिटेड, भानुप्रतापपुर में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उक्त फाइनेंस कंपनी द्वारा विभिन्न महिला समूहों के सदस्यों को ऋण उपलब्ध कराया जाता है तथा ऋण की निर्धारित मासिक किस्तों की राशि ग्राहकों से वसूल कर कंपनी में जमा कराई जाती है।वर्ष 2025-26 में महिला समूहों को प्रदान किए गए ऋण की मासिक किस्तों की वसूली हेतु कंपनी द्वारा आरोपी सुमन विश्वास को रिकवरी कर्मचारी के रूप में नियुक्त किया गया था।कंपनी द्वारा दी गई जिम्मेदारी के अनुसार आरोपी को विभिन्न महिला समूहों के ग्राहकों से ऋण की किस्तों की राशि वसूल कर कंपनी में जमा करना था। आरोप है कि आरोपी द्वारा विभिन्न महिला समूहों के ग्राहकों से ऋण की किस्तों की राशि वसूल की गई। इसके अतिरिक्त आरोपी द्वारा ग्राहकों को अधिक ऋण दिलाने का लालच एवं झांसा देकर भी राशि प्राप्त की गई। आरोपी द्वारा वसूली गई कुल 3,41,134/- (तीन लाख इकतालीस हजार एक सौ चौंतीस रुपये) की राशि कंपनी में जमा नहीं की गई तथा राशि का गबन करते हुए कंपनी के साथ धोखाधड़ी की गई।मामले की जानकारी सामने आने के बाद प्रार्थी द्वारा थाना भानुप्रतापपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर दिनांक 28.08.2026 को थाना भानुप्रतापपुर में अपराध क्रमांक 174/2026 धारा 316(5) 318(4) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
———————–
✍️
10. नाबालिग बालिकाओं के शोषण के गंभीर मामले में बड़गांव पुलिस की त्वरित कार्यवाही। तीन आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






