आज की टॉप 10 खबर 23 अक्टूबर 2026 शुक्रवार

———————-

संपादकीय
 रेल का नहीं,कांकेर मुख्यालयवासीयों को फोरलेन का इंतजार

छत्तीसगढ के प्रमुख शहर फोरलेन मार्ग से जुड चुका है‚ अब इंतजार है‚तो बस्तर तक फोरलेन की‚जिसकी घोषणा तो हो चुकी है‚लेकिन संभवतया क्रियान्वयन धीमा है कि अभी तक उच्च डीपीआर का कार्य भी पूरा नहीं हाे सका है। फोरलेन कार्य पर ही हालांकि विभागीय व्यस्तता हो लेकिन इतनी भी देरी कि लोगों का सब्र जवाब देने लगा है‚जिसके चलते सडकों के किनारे बसे लोग भविष्य की योजनाएं नहीं बना पा रहे। आजादी के कई दशक बीत गए पर कांकेर जिला मुख्यालय रेल सुविधा से महरूम है।अभी तक डीपीआर पूरा नहीं हो पाने की बात‚फिर चारामा सहित अन्य जगहों के बायपास कार्य के चलते क्रियान्वयन आगे नहीं बढने की बात भी सुनी जाती रही है‚लेकिन खाका क्या हैॽ क्या आने वाले वर्ष 2027 में भी फोरलेन का कार्य शुरू होते देख सकेंगे या नहीं यह स्पष्टया कोई नहीं बता रहा है।

रायपुर से रावघाट और कुरूद तक पूरा होने के बाद अब धमतरी तक बडी रेल का इंतजार हो रहा है, कुछ ही समय बाद यह भी पूरा हो जाएगा, लेकिन कांकेर जिला मुख्यालय एवं क्षेत्र अब फोरलेन का इंतजार कर रहा है। लोग अब जिला मुख्यालय तक रेल की बात भी नहीं सोचते। बहुत हो चुकी उपेक्षा ! रेल दूर की बात अब पूर्व की तरह आने वाले चुनाव में फिर से सिर्फ रेल पर टीवी चैनलों में डिबेट देखी जायेगी जैसा देखते आ रहे हैं।अब इस क्षेत्र के लोग चाहते हैं कि रेल नहीं तो फोरलेन कार्य तो जल्द शुरू हो ! लेकिन…किंतु..परंतु यहां भी हो रहा है। विभाग की माने तकनीकी कार्यों की प्रगति देखें तो ऐसा नहीं लगता कि बहुत जल्द ही धमतरी से जगदलपूर तक फोरलेन का कार्य शुरू हो जाएगा। विभागीय अधिकारी अभी भी डीपीआर प्रगति की जानकारी दे रहे हैं। जैसा कि सशक्त पथ संवाद,कांकेर टॉप 10 न्यूज संपादक मनोज जायसवाल को बताया कि अभी भी डीपीआर फायनल नहीं हुआ है।
डीपीआर फायनल होने के बाद ही टेंडर लगेगा। अब जब उच्च डीपीआर ही फायनल नहीं हुआ है तो टेंडर में देरी होगी ही। जबकि राष्ट्रीय राजमार्ग 30 किनारे प्रभावितों के खातों में विभाग कब की राशि डाल चुका है,जिन्होंने अपना निर्माण भी कर लिया लेकिन सडक किनारे किसी ने अपना निर्माण नहीं तोडा। तोडेगा भी क्यों जब अभी कार्य ही शुरू नहीं हुई। तत्संबंध में एक उच्च अधिकारी ने बताया कि मुआवजा तो दिया जा चुका है,तोडना है तो तोड सकते हैं,लेकिन उनकी तरफ से तो फोरलेन निर्माण शुरू होने के बाद ही नोटिस देकर तोडने की कार्रवाई करेंगे। लखनपुरी में ओवरब्रिज नहीं बनेगा,संभावना धमतरी से लगे पुरूर की है।
कुल मिलाकर ऐसा लग रहा है कि आने वाले वर्ष 2027 के शुरू में तो नहीं अपितु अंत तक ही कुछ कहा जा सकता है। लेकिन लोगों को कुछ जानकारी नहीं होने के चलते जैसा कि कानाफुंसी चर्चा होती है,वह हो रही है। जिला मुख्यालय कांकेर रेल से जब जुडे तब लेकिन पहले पहल फोरलेन से तो जुडे।

✍️मनोज जायसवाल

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

23 अक्टूबर  2026 शुक्रवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

✍️ 01.जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 प्रतिभा को मिलेगा मंच, कलेक्टर ने दिए निर्देश।

—कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने आज जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 के आयोजन को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा भाग ले सकें और उनकी प्रतिभा जन-जन तक पहुंचे। जनप्रतिनिधियों, स्थानीय प्रभावी व्यक्तियों और सम्मानित नागरिकों की उपस्थिति भी सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में जिला खेल अधिकारी द्वारा बताया गया कि युवा उत्सव में शामिल होने के लिए प्रतिभागियों के पंजीयन की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर निर्धारित की गई है। जिला स्तरीय आयोजन 29 अक्टूबर 2026 को होगा, इसमें 15 से 29 वर्ष के युवा प्रतिभागी के रूप में भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताओं में विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज और पारंपरिक वेशभूषा शामिल हैं। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक विधा में भाग ले सकेगा और सभी प्रतिभागियों का ‘माय भारत पोर्टल’ पर पंजीयन अनिवार्य होगा। विजेताओं को प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह और पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। जिला स्तर के विजेता राज्य स्तरीय युवा उत्सव (01 से 07 दिसंबर बिलासपुर) में हिस्सा लेंगे। वहां से चयनित प्रतिभागी 10 से 12 जनवरी 2027 को नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय युवा उत्सव में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। बैठक में जिला पंचायत सीईओ   हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर  जितेन्द्र कुर्रे, सभी एसडीएम सहित जिला स्तर के अधिकारीगण, नगरीय निकाय तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उपस्थित रहे।

———————–

✍️ 02.बस्तर ओलंपिक 2026 के पंजीयन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर, युवाओं तक जानकारी पहुंचाने कलेक्टर ने दिए निर्देश।

—बस्तर संभाग के युवाओं को खेल के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक 2026 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। जिले में आयोजन की तैयारियों एवं पंजीयन की प्रगति की समीक्षा के लिए आज कलेक्टर  कुन्दन कुमार ने संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने पात्र युवाओं तक आयोजन की जानकारी पहुंचाने, प्रतियोगिता के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा युवाओं की अधिकाधिक सहभागिता के निर्देश दिए।  बैठक में कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ), नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (सीएमओ) एवं जिला शिक्षा अधिकारी से विकासखंडवार पंजीयन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, स्थानीय कर्मचारियों एवं मैदानी अमले के माध्यम से गांव-गांव तक बस्तर ओलंपिक की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र युवा इस आयोजन से परिचित होकर स्वयं आगे आएं और अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए पंजीयन कराएं।कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन विकासखंडों में पंजीयन की संख्या अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष रूप से प्रचार-प्रसार कर युवाओं को प्रतियोगिता, खेल विधाओं एवं पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे विकासखंडों कोयलीबेड़ा, दुर्गूकोंदल, अंतागढ़ एवं भानुप्रतापपुर से अधिकाधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों के युवाओं को भी अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए पर्याप्त अवसर मिले और वे उत्साहपूर्वक प्रतियोगिता में भाग लें। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे, सभी एसडीएम एवं डिप्टी कलेक्टर सहित जिला स्तर के अधिकारीगण, नगरीय निकाय तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मौजूद थे।

खेल मैदानों को पहले से तैयार करने के निर्देश
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने बस्तर ओलंपिक के सफल आयोजन के लिए खेल मैदानों की तैयारियां समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं के लिए निर्धारित मैदान समतल, सुरक्षित एवं खेल गतिविधियों के अनुकूल होने चाहिए, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिता के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। संबंधित अधिकारी मैदानों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियों को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

विकासखंड स्तर के बाद जिला स्तर पर होंगे आयोजन
बस्तर ओलंपिक 2026 के अंतर्गत पहले विकासखंड स्तर पर और उसके बाद जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं 01 से 13 नवंबर तक, जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 16 से 25 नवंबर तक तथा संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं 07 से 11 दिसंबर 2026 तक आयोजित होंगी।
विभिन्न खेल विधाओं में प्रतिभा दिखाएंगे युवा
बस्तर ओलंपिक में जूनियर वर्ग के 14 से 17 वर्ष आयु के बालक-बालिकाएं तथा सीनियर वर्ग में महिला एवं पुरुष प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स के अंतर्गत 100, 200 एवं 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो एवं 4×100 मीटर रिले रेस सहित तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल जैसे खेल शामिल हैं। हॉकी एवं वेटलिफ्टिंग का आयोजन सीधे जिला स्तर पर किया जाएगा। वहीं सीनियर महिला वर्ग में रस्साकसी को प्रदर्शनात्मक खेल के रूप में शामिल किया गया है। नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए प्रतिभागियों एवं पुनर्वासित सदस्यों की सहभागिता सीधे संभाग स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी होंगे पुरस्कृत
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि पंजीयन अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने, युवाओं तक आयोजन की जानकारी पहुंचाने तथा प्रतियोगिता की तैयारियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए बस्तर ओलंपिक को सफल बनाने के निर्देश दिए। जिले के पात्र युवाओं से अपील की गई है कि वे 30 अक्टूबर तक अपना पंजीयन अवश्य कराएं। पंजीयन की सुविधा विकासखंड स्तर पर जनपद पंचायत एवं खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय तथा जिला स्तर पर जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय, इंडोर स्टेडियम भवन कांकेर और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध है। इसके अलावा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से भी पंजीयन किया जा सकता है। बिना पंजीयन के किसी भी प्रतिभागी को प्रतियोगिता में शामिल नहीं किया जाएगा। पंजीयन के लिए आधार कार्ड अथवा वोटर आईडी तथा स्वयं के बैंक खाते की जानकारी देना अनिवार्य है। पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से प्रतिभागी के खाते में भेजी जाएगी।

———————–

✍️ 03. मावा मोदोल लाइब्रेरी, जेपरा में विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।

—आज 22 अक्टूबर को शासकीय आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय, जेपरा के विद्यार्थियों को शिक्षक  योगेश कुमार साहू के मार्गदर्शन में मावा मोदोल लाइब्रेरी, जेपरा का शैक्षणिक भ्रमण किया।विद्यार्थियों को पुस्तकालय में उपलब्ध विभिन्न पुस्तकों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित सामग्री और अध्ययन सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई। योगेश कुमार साहू ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने, समय का सदुपयोग करने और पुस्तकालय की पुस्तकों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों में पढ़ने की रुचि विकसित करना तथा उन्हें नियमित अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित करना था।

————————

✍️ 04. समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन, पीएम सूर्यघर योजना के कार्यों की प्रगति की समीक्षा। 2 नवंबर को जिले में मनाया जाएगा राज्योत्सव, विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी एवं हितग्राहियों को किया जाएगा लाभान्वित।   

 —कलेक्टर  कुन्दन कुमार ने आज जिला स्तरीय अधिकारियों की समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।

राज्योत्सव की तैयारियों की समीक्षा
कलेक्टर ने जिले में 2 नवंबर को आयोजित होने वाले राज्योत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को विभागीय स्टॉल के माध्यम से शासकीय योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा योजनाओं की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। राज्योत्सव में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित भी किया जाएगा। इस वर्ष राज्य शासन की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ के अनुरूप गतिविधियों को प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।बैठक में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सोलर रूफटॉप सिस्टम का इंस्टॉलेशन शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों में अनावश्यक विलंब न हो तथा हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर मिले। साथ ही योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर सोलर रूफटॉप लगवाने के इच्छुक पात्र उपभोक्ताओं का नवीन पंजीयन कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने हितग्राहियों से समन्वय स्थापित कर निर्माण के विभिन्न चरणों में लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा  प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा।कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की भी समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारी को सर्वे कार्य को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने तथा सर्वे के दौरान दर्ज की जाने वाली जानकारी की शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों पर विशेष ध्यान देने और शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराने पर जोर दिया। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों में प्रगति की समीक्षा किया। बस्तर मुन्ने से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने, विभागीय समन्वय बनाए रखने तथा संबंधित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ श्री हरेश मण्डावी, भानुप्रतापपुर एसडीएम   अनिकेत अशोक फड़तरे, अपर कलेक्टर   जितेन्द्र कुर्रे सहित सभी एसडीएम, जनपद सीईओ, सीएमओ सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

 ——————-

✍️ 05. फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी। फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 12 नवंबर को।  

 —भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के संबंध में कार्यक्रम जारी किया गया है। जारी कार्यक्रम अनुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 12 नवंबर 2026 गुरूवार तथा अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 सोमवार को किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम अनुसार मतदान केन्द्रों का युक्तियुक्तकरण 02 नवम्बर 2026 तक, प्रारंभिक प्रकाशन की तिथि 12 नवम्बर 2026 दिन गुरूवार, दावे-आपत्ति प्राप्त करने की तिथि 12 नवम्बर से 11 दिसम्बर 2026 तक एवं दावे आपत्तियों का निराकरण 28 दिसम्बर 2026 सोमवार तथा फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 सोमवार को किया जाएगा।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी युवा पात्र मतदाता तथा छूटे हुए मतदाता संबंधित मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी के माध्यम अथवा https://voters.eci.gov.in/ के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते हैं। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन तथा विलोपन करने के संबंध में समय-सीमा में सभी कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।

——————-

✍️06.कलेक्टर के निर्देशानुसार अब प्रत्येक शुक्रवार को अनुभाग स्तर पर होगा जनदर्शन आम नागरिकों की समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण 

—कलेक्टर  कुन्दन कुमार द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों के त्वरित और प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को प्रत्येक शुक्रवार को अनुभाग स्तर पर नियमित रूप से जनदर्शन आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत आगामी 23 अक्टूबर शुक्रवार से प्रत्येक शुक्रवार को प्रातः 11 बजे संबंधित अनुभाग मुख्यालय में जनदर्शन का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर द्वारा जारी निर्देशानुसार उक्त जनदर्शन संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अध्यक्षता में आयोजित होगा। इसमें संबंधित अनुभाग के समस्त विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी, ताकि आम नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का विधिवत पंजीयन किया जाएगा। इसके लिए आवेदक का नाम, आवेदन का विषय, संबंधित विभाग तथा निराकरण की स्थिति का व्यवस्थित अभिलेख संधारित किया जाएगा। जिन आवेदनों का निराकरण मौके पर संभव होगा, उनका तत्काल निराकरण किया जाएगा। वहीं, शेष आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा निर्धारित कर निराकरण के लिए भेजा जाएगा।प्रत्येक जनदर्शन में पूर्व में प्राप्त लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा भी की जाएगी। आवेदनों के निराकरण में अनावश्यक विलंब करने वाले अधिकारियों से कारण प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जनदर्शन के निर्धारित दिवस, समय एवं स्थान का नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायतों तथा अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
जनदर्शन के बाद जिला कार्यालय को देना होगा प्रतिवेदन
प्रत्येक जनदर्शन के आयोजन के बाद संबंधित अधिकारियों को प्राप्त कुल आवेदनों, मौके पर निराकृत आवेदनों, संबंधित विभागों को भेजे गए आवेदनों तथा लंबित प्रकरणों की जानकारी जिला कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी। सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को जनदर्शन का नियमित एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने कहा गया है। जनदर्शन में संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति अथवा आवेदनों के निराकरण में अनावश्यक विलंब होने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी। इस पहल से नागरिकों को अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण के लिए अनुभाग स्तर पर नियमित अवसर उपलब्ध होगा।

 ————————

✍️07.विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने स्वतंत्रता सेनानी इंदरू केंवट के योगदान को किया याद  

—भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के सुरूंगदोह में गुरुवार को स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय इंदरू केंवट की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भानुप्रतापपुर की विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी शामिल हुईं। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी इंदरू केंवट के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके योगदान, त्याग एवं आदर्शों को स्मरण किया।

————————

✍️08.

 

 —

———————–

 ✍️09.  

 

———————–

✍️ 10.  

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

चारामा के महानदी क्षेत्र में कालेज पर बनेगी सहमति

(मनोज जायसवाल) —सहमति बनाये जाने के स्थानीय विधायक के अनुशंसा पत्र के साथ तत्काल उच्च शिक्षा को भेजी जायेगी। आने वाले समय में पुनः एक और बैठक बुला सकती है‚…

”पेन्शनर समाज ने मनाया गणतंत्र दिवस”

(मनोज जायसवाल) कांकेर(सशक्त पथ संवाद)।गणतंत्र दिवस 26 जनवरी के अवसर पर पेन्शनर भवन कांकेर में पेन्शनर समाज कांकेर के अध्यक्ष ओमप्रकाश भट्ट के द्वारा ध्वजारोहण किया गया । ओमप्रकाश भट्ट…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *