———————–
शोक समाचार
भरतलाल मटियारा जी

-छत्तीसगढ़ प्रदेश मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष 63 वर्षीय भरतलाल मटियारा जी (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) का हैदराबाद के अस्पताल में उपचार के दौरान हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उन्होंने कांकेर जिला सहित प्रदेश की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके पहले, मटियारा पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में भी राज्य मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रह चुके हैं। आज जैसे ही कांकेर में यह खबर मिली सब लोगो में गमगीन माहौल रहा। सबके बीच लोकप्रिय रहे भरत मटियारा की खबर पर सोशल मीडिया में श्रद्वांजलि अर्पित करते लोग दिखे। कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने श्रद्वांजलि देते हुए सोशल पटल पर पोस्ट शेयर की।

कल 18 मई को जिला मुख्यालय से सटे गृह ग्राम ठेलकाबोड से नादनमारा मुक्तिधाम के लिए प्रातः 11 बजे निकलेगी अंतिम यात्रा।
✍️मनोज जायसवाल
———————–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
17 मई 2026 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
———————–
01. अवैध रूप से देशी महुआ शराब बिक्री करने वाले आरोपी पर आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही। आरोपी के कब्जे से 20 लीटर देशी महुआ शराब एवं बिक्री रकम सहित कुल 2100 रुपये जप्त।आदर्श आचार संहिता का पालन कराने एमसीसी समिति का गठन।

—पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि- पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार साहू के मार्गदर्शन व अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मो. मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में जिले में संचालित “उजियार अभियान” के तहत थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस द्वारा अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध कार्यवाही की गई दिनांक 17.05.2026 को थाना प्रभारी प्रतीक दादासाहब बनसोडे को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम आतुरगांव में एक व्यक्ति अपने घर बाड़ी में अवैध रूप से देशी महुआ शराब बनाकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर महिला प्रधान आरक्षक सावित्री मरकाम के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मौके पर रेड कार्यवाही की गई। रेड कार्यवाही के दौरान आरोपी अंकालू चतुर्वेदी पिता स्व. उदय उम्र 65 वर्ष निवासी आतुरगांव थाना कांकेर जिला उत्तर बस्तर कांकेर के कब्जे से 04 नग पांच लीटर वाली जरकीन में कुल 20 लीटर देशी महुआ शराब कीमती 2000 रुपये एवं बिक्री रकम 100 रुपये कुल जुमला 2100 रुपये बरामद कर जप्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 163/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत कार्यवाही की गई।
———————–
02.“मोर मितान – कांकेर पुलिस” अभियान अंतर्गत बीट पुलिसिंग समीक्षा एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित। उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 बीट आरक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित।
—कांकेर पुलिस द्वारा “मोर मितान – कांकेर पुलिस” अभियान के अंतर्गत पुलिस एवं आम जनता के मध्य मधुर संबंध स्थापित करने, सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अपराधों की रोकथाम हेतु पुलिस रक्षित केंद्र कांकेर में बीट आरक्षकों की समीक्षा एवं प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारी, बीट प्रभारी, बीट स्टाफ सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा नागरिकों एवं पुलिस के बीच आपसी विश्वास एवं समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से कांकेर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बीट पुलिसिंग प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू किया गया है। इसके तहत जिले के कुल 154 ग्रामों को चिन्हांकित कर बीट प्रणाली संचालित की जा रही है। समीक्षा एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 140 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
समीक्षा बैठक में बीट प्रणाली के उद्देश्य, महत्व एवं कार्यप्रणाली पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। प्रत्येक बीट प्रभारी को अपने क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर आम नागरिकों से सतत संवाद स्थापित करने, स्थानीय समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा क्षेत्र में होने वाली आपराधिक, सामाजिक, साम्प्रदायिक, राजनीतिक, छात्र एवं श्रमिक गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही क्षेत्र में निवासरत नागरिकों एवं नए आगंतुकों की गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। बैठक में बीट ड्यूटी के दौरान पुलिस रेगुलेशन के अनुरूप कार्यप्रणाली अपनाने, ग्रामों में नियमित शिविर आयोजित कर सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने तथा आमजन को साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त लंबित समंस एवं वारंटों की तामील, स्थायी वारंटियों की पतासाजी, अवैध शराब बिक्री पर त्वरित कार्यवाही, निगरानीशुदा बदमाशों की नियमित जांच तथा चोरी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में सक्रिय पतासाजी करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान प्रत्येक बीट आरक्षक को बीटबुक का उचित एवं नियमित संधारण करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही प्रत्येक बीट प्रभारी को अपने-अपने क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यक्तियों, सरपंच, पटेल, कोटवार, जनप्रतिनिधियों, नवयुवकों एवं महिला स्व-सहायता समूहों के साथ समन्वय स्थापित कर “व्हाट्सएप ग्रुप “के माध्यम से सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक मजबूत करने हेतु प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
समीक्षा बैठक के दौरान विभिन्न बीट आरक्षकों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों, अपराध नियंत्रण, जनसंपर्क एवं सामुदायिक पुलिसिंग से संबंधित गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 बीट आरक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने हेतु प्रेरणा मिल सके।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि यदि बीट क्षेत्र में किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध संबंधी सूचना प्राप्त होती है, तो तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर विधिसम्मत कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।साथ ही समस्त बीट आरक्षकों को अपने निर्धारित बीट क्षेत्र में सतर्क, सक्रिय एवं जिम्मेदार पुलिसकर्मी के रूप में कार्य करने का संकल्प दिलाया गया।
———————
03. राज्य शासन द्वारा संचालित “सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत विकासखंड दुर्गूकोदल में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासकीय योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत दमकसा में 18 मई 2026 को प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक “बस्तर मुन्ने अग्रणी बस्तर सुशासन तिहार” एवं “नियद नेल्लानार 2.0” अभियान के तहत विशेष समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा।
————————
04. सड़क-पुल निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, नरहरपुर कॉलेज भवन के ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश,लोक निर्माण विभाग के सचिव ने कांकेर में सड़कों और पुलों का काम देखा, विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यों में तेजी लाने कहा

-राज्य शासन वनांचलों और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने पूरी सक्रियता से काम कर रही है। अंदरूनी इलाकों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता व समय-सीमा सुनिश्चित करने लगातार कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज कांकेर जिले का दौरा कर भानुप्रतापपुर में विभाग के कांकेर और भानुप्रतापपुर संभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बैठक में कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ फील्ड में उतरकर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी भी बैठक में मौजूद थे।लोक निर्माण विभाग के सचिव ने निर्माणाधीन सड़कों, पुलों और भवनों को तेजी से पूर्ण करने को कहा। उन्होंने स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरा कर धरातल पर काम शुरू करने के निर्देश दिए। आगामी मानसून को देखते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि बरसात की शुरुआत से पहले सभी सड़कों की मरम्मत अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाए। बारिश के दिनों में सड़कों या उनके किनारों पर गड्ढों की वजह से पानी जमा नहीं होना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने पुलों पर रिफ्लेक्टर्स और रेलिंग लगाने के काम को भी तत्काल पूरा करने को कहा ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
श्री बंसल ने दूरस्थ अंचलों में सुगम यातायात को शासन की प्राथमिकता बताते हुए पहुंचविहीन गांवों को बारहमासी सड़कों से जोड़ने के लिए पुल निर्माण के प्रस्ताव तैयार कर तत्काल शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने पुल और सड़क के बीच का ज्वाइंट स्मूथ रखने को कहा, ताकि इसकी वजह से यातायात की रफ्तार धीमी न हो। विभागीय सचिव ने नरहरपुर में कॉलेज भवन के निर्माण में अत्यधिक ढिलाई बरतने पर संबंधित ठेकेदार को तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काम में देरी और गुणवत्ताहीन कार्य करने वाले ठेकेदारों पर नियमानुसार पेनाल्टी लगाई जाए, उन्हें डिग्रेड किया जाए और जरूरत पड़ने पर टर्मिनेशन की कार्रवाई भी की जाए। उन्होंने अभियंताओं को ठेकेदारों द्वारा किए गए कार्यों का परीक्षण कर तत्परता से भुगतान करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने विभागीय कार्यों में कसावट लाने और सभी अधिकारियों को अनिवार्य रूप से अपने मुख्यालयों में निवास करने को कहा। उन्होंने फील्ड का नियमित दौरा कर चल रहे कार्यों का बारीकी से निरीक्षण कर गुणवत्ता और समय-सीमा में कार्य पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर शासन का जवाब दाखिल करने, सर्किट हाउसों व विश्राम गृहों का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
निर्माणाधीन सड़कों और पुलों का किया निरीक्षण
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने भानुप्रतापपुर सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेने के बाद निर्माणाधीन सड़कों और पुलों का निरीक्षण किया। उन्होंने भानुप्रतापपुर के पास छोटे नारायणपुर में खंडी नदी पर तथा जिला मुख्यालय नारायणपुर के पास राजनांदगांव-बैलाडीला मार्ग में मेढकी नदी पर निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल का निरीक्षण कर कार्य प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अंतागढ़ से नारायणपुर तक 46 किमी लंबे करीब 120 करोड़ की लागत के सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य का भी अवलोकन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों को समय-सीमा में इन कामों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। जगदलपुर परिक्षेत्र के अधीक्षण अभियंता श्री संजय सूर्यवंशी और कांकेर के कार्यपालन अभियंता सहित भानुप्रतापपुर एवं कांकेर संभाग के सभी उप अभियंता भी बैठक में उपस्थित थे।
————————
05.जल जीवन मिशन : ग्राम गौरगांव में पेयजल योजना का जल जीवन मिशन के मिशन संचालक ने किया निरीक्षण, उत्साहपूर्वक मनाया गया ‘जल अर्पण दिवस’

— विकासखंड कांकेर के अंतर्गत ग्राम गौरगांव में जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजना का राष्ट्रीय मिशन संचालक नई दिल्ली के. के. सोन एवं एरिया ऑफिसर श्री उमेश भारद्वाज द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान गौरगांव में अतिरिक्त मिशन संचालक ओंकेश चंद्रवंशी की उपस्थिति में ‘जल अर्पण दिवस’ भी उत्साहपूर्वक मनाया गया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रीमती देवबती निषाद के घर में पहुंचकर क्रियाशील घरेलू नल कनेक्शन का भौतिक सत्यापन किया तथा जल प्रदाय व्यवस्था का जायजा लिया। टीम ने ग्रामवासियों एवं योजना के हितग्राहियों से सीधा संवाद कर जल जीवन मिशन से उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों और योजना से मिल रहे लाभों की जानकारी प्राप्त की।ग्राम सरपंच अखबीर दर्रो ने योजना के संचालन एवं संधारण की जानकारी अधिकारियों को दी। वहीं पंप ऑपरेटर सुश्री सुरेखा साहू ने पेयजल योजना के नियमित संचालन,वॉटर टेस्टिंग के संबंध में विस्तार से बताया।कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम गौरगाव के टंकी परिसर में ‘जल अर्पण कार्यक्रम’ एवं ‘जल बंधन कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम सचिव तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई।इस दौरान जल संरक्षण हेतु ग्रामीणों को शपथ भी दिलाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय मिशन संचालक श्री के. के. सोन ने कहा कि हमें जल का संरक्षण करना चाहिए। स्वच्छ जल उपलब्ध होने से बीमारियां कम होंगी तथा लोगों का स्वास्थ्य बेहतर रहेगा।इस अवसर पर ‘जल बहिनी’ महिला समूहों द्वारा किए जा रहे जल गुणवत्ता परीक्षण (वॉटर टेस्टिंग) की प्रक्रिया का भी वरिष्ठ अधिकारियों ने अवलोकन किया और उनकी कार्यप्रणाली की सराहना की।कार्यक्रम एवं निरीक्षण के दौरान विभाग से मुख्य अभियंता जी. एल. लखेरा, अधीक्षण अभियंता श्री आर. के. शुक्ला, कार्यपालन अभियंता कुंदन राणा, सहायक अभियंता राजेश हिरकने सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
————————
06.प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आज 17 मई को को भानुप्रतापपुर में पेट्रोल पंप के सामने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं द्वारा डीजल पेट्रोल के दाम में बढ़ोतरी एवं किल्लत के चलते आम जनता को हो रही परेशानियों को लेकर भाजपा सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया गया। काफी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

————————
07. जिला आदिवासी कांग्रेस कमेटी बैठक आयोजित किया गया है। नवनियुक्त जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी गठन किया गया।जिसमें मुख्य अतिथि मा. जनक ध्रुव जी प्रदेश अध्यक्ष, विधायक बिन्द्रानवागढ़,मा. राजेश तिवारी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सचिव,मा. सावित्री मनोज मंडावी जी विधायक भानुप्रतापपुर,मा. हिरावती गोड़ प्रभारी आदिवासी कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़, शंकर ध्रुवा पूर्व विधायक, कांकेर,विजय ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष आदिवासी कांग्रेस,मा. बसंत यादव जिला अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी कांकेर, मा. ठाकुर राम कश्यप प्रभारी जिला आदिवासी कांग्रेस कमेटी कांकेर, नितिन पोटाई, पुरुषोत्तम पाटिल,राजेश भास्कर,तरेन्दर भंडारी, भारतीय सलाम, मिथलेश शोरी, सोप सिंह आचला, धनेश नरेटी,गोपी बढ़ाई,अनिल दर्रों, लोमेन्द्र यादव,रोहिदास सोरी, यासिन कारणी, निर्मला कावड़े उपाध्यक्ष जनपद पंचायत भानुप्रतापपुर, किशोर नेताम, रमेश गावड़े कमलेश कोमरा ,के .एल. मरकाम, कमलेश पद्माकर, बद्रीनाथ गावड़े,भगवान सिंह कुंजाम, नरसिंह तेता मैनी कचलाम , दीपा सलाम,महेंद्र नायक,सरोज मरकाम, ममता ठाकुर, सौरभ तारम,राम गावड़े,बलराम टेपरिया, खोमेन्द्र उयके, किशोर नाग, विष्णु नेताम, जैना ध्रुव, नागेश कोमरा, कुबेर ठाकुर,मनेश दर्रों, सियाराम पुड़ो, रामजी पुड़ो, सूर्या नेताम, मैनूराम शोरी, पुखराज कोसमा, संदीप हिड़ामी, अजय नुरुटी,रमशीला मंडावी, सरिता कोरेटी,देवली नुरुटी, देवकी उसेंडी, आदि बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

————————
08.प्रदेश महिला कांग्रेस की नव नियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती संगीता सिन्हा विधायक संजारी बालोद का चारामा आगमन पर ब्लाक कांग्रेस कमेटी के द्वारा स्वागत अभिनन्दन किया गया।

——————–
09. हल्बा में सुशासन शिविर के बाद महानदी के समस्त घाटों पर सांसद भोजराज नाग द्वारा अधिकारियों को लेकर की गई ताबडतोड कार्रवाई के बाद सभी घाटों में सन्नाटा। इधर कांकेर जिला एवं दुर्गूकोंदल विकासखंड के अंतिम छोर में बसे ग्राम पंचायत लोहत्तर के आश्रित ग्राम पिरचोड़ गायता पारा के ग्रामीणों की सुविधा एवं आवागमन को ध्यान में रखते हुए जनपद सभापति विकास राजू नायक नें ग्रामीणों की मांग पर अमल करते हुए ग्राम के मुख्य मार्ग पर बने जर्जर लकड़ी पुल का निरीक्षण किया गया।
———————–
10.जनगणना प्रपत्र में पिछडा वर्ग का कालम नहीं होने पर अब संभाग स्तर पर सर्व पिछडा वर्ग का प्रत्येक सदस्य देश के प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रपति के नाम कार्ड प्रेषित करेंगे।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






