आज की टॉप 10 खबर 10 अक्टूबर 2026 शनिवार

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

10  अक्टूबर  2026 शनिवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

विज्ञापन

✍️ 01.ग्राम पंचायत सचिव भर्ती हेतु अंतिम चयन सूची जारी

—जिले में ग्राम पंचायत सचिव के कुल 27 पदों पर भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत संशोधित मेरिट सूची एवं अंतिम चयन सूची जारी कर दी गई है।उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत सचिव भर्ती के लिए 08 अक्टूबर को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), माकड़ी में कौशल परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसके उपरांत मेरिट सूची जारी की गई थी। कल दिनांक 09 अक्टूबर को अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का पुनः सत्यापन किया गया। सत्यापन के उपरांत संशोधित मेरिट सूची तैयार करते हुए वर्गवार अंतिम चयन सूची एवं प्रतीक्षा सूची जारी की गई है।मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हरेश मंडावी ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मेरिट सूची के अनुसार अभ्यर्थियों के सभी दस्तावेजों का पुनः सत्यापन किया गया। इसके पश्चात संशोधित मेरिट सूची, वर्गवार अंतिम चयन सूची एवं प्रतीक्षा सूची जारी कर दी गई है।अभ्यर्थी जारी सूची का अवलोकन जिला उत्तर बस्तर कांकेर की आधिकारिक वेबसाइट kanker.gov.in पर कर सकते हैं। चयन सूची के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों के पदस्थापना आदेश शीघ्र ही जारी किए जाएंगे।

———————–

✍️ 02. जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के लिए जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण 12 से 15 अक्टूबर तक।

 —जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना का मैदानी कार्य छत्तीसगढ़ राज्य में जनवरी-फरवरी 2027 में संपादित किया जाएगा। इस कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जनगणना कार्य निदेशालय, रायपुर के निर्देशानुसार जिला स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी  कुन्दन कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रशिक्षण दो बैचों में आयोजित किए जाएंगे। प्रथम बैच का प्रशिक्षण 12 एवं 13 अक्टूबर को तथा द्वितीय बैच का प्रशिक्षण 14 एवं 15 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक जिला कार्यालय कांकेर के सभाकक्ष में आयोजित होगा।  प्रथम बैच में 12 एवं 13 अक्टूबर को आयोजित प्रशिक्षण में अनुविभागीय जनगणना अधिकारियों कांकेर एवं भानुप्रतापपुर, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी, तहसीलदार एवं चार्ज जनगणना अधिकारी (ग्रामीणद्ध कांकेर, सरोना, नरहरपुर, भानुप्रतापपुर एवं दुर्गूकोंदल, मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं चार्ज जनगणना अधिकारी (शहर) कांकेर, नरहरपुर एवं भानुप्रतापपुर, नायब तहसीलदार एवं अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी कांकेर, सरोना, भानुप्रतापपुर एवं दुर्गूकोंदल तथा जनगणना लिपिक ग्रामीण एवं शहर प्रत्येक चार्ज से एक, तकनीकी सहायक ग्रामीण एवं शहर प्रत्येक चार्ज से एक तथा जिला जनगणना कार्यालय तकनीकी सहायक को उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसी प्रकार 14 एवं 15 अक्टूबर को आयोजित द्वितीय बैच के प्रशिक्षण में अनुविभागीय जनगणना अधिकारी पखांजूर, चारामा एवं अंतागढ़, तहसीलदार एवं चार्ज जनगणना अधिकारी (ग्रामीण) पखांजूर, चारामा, अंतागढ़, आमाबेड़ा, कोयलीबेड़ा एवं बांदे, मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं चार्ज जनगणना अधिकारी (शहर) अंतागढ़, पखांजूर एवं चारामा, नायब तहसीलदार एवं अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी चारामा, जनगणना लिपिक ग्रामीण एवं शहर प्रत्येक चार्ज से एक एवं तकनीकी सहायक ग्रामीण एवं शहर प्रत्येक चार्ज से एक को उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। जनगणना कार्य को समय-सीमा में शुद्धता के साथ सम्पन्न कराए जाने के लिए विभिन्न स्तरों के अधिकारियों एवं कार्मिकों के लिए यह प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण एवं अनिवार्य है।

———————–

✍️ 03.जिले के मर्दापोटी में पुल निर्माण के भुमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम।

—आज ग्राम मर्दापोटी में पुल निर्माण कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने इस मौके पर कहा-पुल जैसे आधारभूत विकास कार्य ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने, ग्रामीणों की सुविधा बढ़ाने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं व्यापार जैसी आवश्यक सेवाओं तक बेहतर पहुँच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

हमारा संकल्प है कि क्षेत्र के प्रत्येक गाँव तक विकास की रोशनी पहुँचे और जनसुविधाओं को सशक्त बनाकर ग्रामीणों के जीवन को और अधिक सरल एवं सुविधाजनक बनाया जाए। जनआकांक्षाओं को प्राथमिकता देते हुए विकास और जनसेवा के कार्य निरंतर आगे बढ़ते रहें, यही हमारा प्रयास है।

————————

आमंत्रण

————————

✍️ 04.एक दिवसीय सस्वर मानसगान सम्मेलन(चतुर्थ वर्ष) का आयोजन कल 11 अक्टूबर को तेलगरा के सुरावंड(चारामा)में।  

—एक दिवसीय सस्वर मानसगान सम्मेलन(चतुर्थ वर्ष) का आयोजन  कल 11 अक्टूबर को तेलगरा के सुरावंड(चारामा) में कार्यक्रम रखा गया है। सुबह शोभायात्रा 9 बजे होगी। मोर मयारू मानस परिवार गुदगुदा,विंध्येश्वरी महिला मानस मंडली गोकुलपुर धमतरी, जय महाकाल मानस परिवार मांझी, आठगांव(फरसगांव) श्रीसीताराम बालिका मानस मण्डली भोथली(धमतरी)जैसी लोकप्रिय मानस मण्डलियां अपनी प्रस्तुति देंगी। श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी, विधायक भानुप्रतापपुर, श्रीमती किरण नरेटी जिला पंचायत अध्यक्ष कांकेर, मोहन मंडावी पूर्व सांसद कांकेर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मंच संयोजक बिसेश्वर साहू ने जानकारी दी है। 

————————

✍️ 05.एकल ग्रामोत्थान फाउंडेशन सिलाई प्रशिक्षण केंद्र भिरौद में प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम संपन्न ।

—आज एकल अभियान, भाग दंडकारण्य, अंचल कांकेर संघ चारामा के अंतर्गत एकल ग्रामोत्थान फाउंडेशन महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार सिलाई प्रशिक्षण केंद्र, भिरौद में तीन माह का सिलाई प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली प्रशिक्षणार्थी बहनों के लिए प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई का कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त करना है। तीन माह तक प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली प्रशिक्षणार्थियों को कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों के करकमलों से प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुश्री पद्मिनी साहू , अंचल समिति संस्कार शिक्षा सचिव प्रताप सलाम, ग्रामोत्थान फाउंडेशन सिलाई प्रशिक्षण केंद्र के अध्यक्ष   सत्कार पटेल, प्रशिक्षण केंद्र के सचिव गौकरण कुंजाम, भूतपूर्व सरपंच   गजरू राम  सिन्हा, ग्राम प्रमुख एवं ग्राम प्रमुख कार्यकर्ता हिमान साहू, भाग प्रमुख दंडकारण्य चरण कुमार सिंहा, मोबिलाइजर सुश्री लिलेश्वरी साहू तथा ट्रेनर अजय पटेल, संच प्रशिक्षक, सहित अन्य गणमान्यजन एवं प्रशिक्षणार्थी बहनें उपस्थित रहीं।

————————– 

✍️06. छत्तीसगढ अन्य पिछडा वर्ग समाज की एक अत्यावश्यक बैठक जैसाकर्रा‚चारामा में सम्पन्न हुई। जिसमें मुख्य रूप से आगामी 27 अक्टूबर को भानुप्रतापपुर में  पिछडा वर्ग समाज की स्थापना दिवस मनाये जाने की तैयारी संदर्भ में चर्चा की गई। इस महती बैठक में छत्तीसगढ अन्य पिछडा वर्ग समाज ब्लाक चारामा के अध्यक्ष राजकुमार साहू सहित काफी संख्या में सामाजिकजन शामिल हुए। बताते चलें कि कल से नवरात्रि का पर्व प्रारंभ हो रहा है‚पर्व को देखते हुए ही यह कार्यक्रम 27 अक्टूबर को आयोजित किया जा रहा है‚जहां प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे।  

 ————————

✍️07.नक्सलवाद से विकास की नई राह पर ग्राम माहला, बनेगा सोलर मॉडल गांव।सेवा सेतु शिविर में 535 हितग्राही लाभान्वित, 594 आवेदन प्राप्त; पांच ग्राम पंचायतों में 72.60 लाख रुपये के 9 विकास कार्य स्वीकृत।

—कभी नक्सलवाद से प्रभावित रहा कोयलीबेड़ा विकासखंड का ग्राम माहला अब विकास की नई इबारत लिखने जा रहा है। गांव को सोलर मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत चयनित स्थल पर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर प्लांट स्थापित कर घरों तक बिजली पहुंचाने की योजना है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम माहला में आयोजित सेवा सेतु शिविर में इसकी जानकारी दी गई। शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 535 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया, जबकि 594 आवेदन प्राप्त हुए। साथ ही वीबी-जी राम जी योजना के तहत पांच ग्राम पंचायतों में 72 लाख 60 हजार रुपये की लागत के नौ विकास कार्यों के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद  भोजराज नाग, अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री विक्रमदेव उसेंडी, कलेक्टर  कुन्दन कुमार, जिला पंचायत सीईओ  हरेश मंडावी तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती श्यामबती मंडावी की विशेष उपस्थिति में शिविर आयोजित किया गया।

सोलर मॉडल गांव के रूप में विकसित होगा माहला
ग्राम माहला में सोलर प्लांट की स्थापना से ग्रामीण परिवारों को बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। सौर ऊर्जा के उपयोग से गांव में ऊर्जा सुविधाओं का विस्तार होगा और ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी। नक्सलवाद से प्रभावित रहे इस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ विकास कार्यों को गति मिल रही है और ग्रामीण अपने पैतृक गांवों में लौटने लगे हैं।

पांच ग्राम पंचायतों में 72.60 लाख रुपये के विकास कार्य स्वीकृत
शिविर में वीबी-जी राम जी योजना के तहत पांच ग्राम पंचायतों में कुल 72 लाख 60 हजार रुपये की लागत के नौ विकास कार्यों के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय विकास को बढ़ावा मिलेगा।

शिविर में 535 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
सेवा सेतु शिविर में 110 किसानों को खसरा-बी-1, 124 किसानों को स्वामित्व अधिकार अभिलेख तथा 60 किसानों को किसान किताब प्रदान की गई। इसके अलावा 34 स्कूली बच्चों को जन्म प्रमाण पत्र वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 10 महिलाओं की गोद भराई की रस्म तथा आठ बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। अन्य विभागों के माध्यम से भी पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिया गया। शिविर में ग्रामीणों से कुल 594 आवेदन प्राप्त हुए।

नक्सलवाद के भय से उजड़े गांव में लौट रही रौनक: सांसद श्री नाग
शिविर को संबोधित करते हुए सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि ग्राम माहला ने नक्सलवाद के कारण भय और हिंसा का दंश झेला है। वर्ष 2010 के आसपास नक्सलियों द्वारा जन अदालत लगाकर 11 लोगों की हत्या कर दी गई थी, जिनमें ग्राम पटेल और गातता भी शामिल थे। इसके अलावा गांव के 25 लोगों को जान से मारने की धमकी दी गई थी। भय के कारण कई ग्रामीण अपने घर-बार छोड़कर पखांजूर में बसने को मजबूर हुए थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री   अमित शाह के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है। सुरक्षा बलों के कैंप की स्थापना और बस्तर में नक्सलवाद के प्रभाव में कमी आने के बाद विकास कार्यों में तेजी आई है। अब ग्राम माहला के लोग अपने पैतृक गांव लौटने लगे हैं और उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। गांव में 35 हितग्राहियों के प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं।

सांसद श्री नाग ने ग्रामीणों से शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना, महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन तथा पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वरिष्ठ नागरिकों को वय वंदना कार्ड के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पात्र महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है।

सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर
विधायक श्री विक्रमदेव उसेंडी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम माहला में सेवा सेतु शिविर के साथ मेगा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणजन लाभान्वित हुए। शिविर में लोगों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराया गया तथा जरूरतमंद मरीजों को उपचार की सुविधा प्रदान की गई।
उन्होंने कहा कि कोयलीबेड़ा विकासखंड का यह क्षेत्र विकास की दृष्टि से अपेक्षाकृत पिछड़ा हुआ है। इसके समग्र विकास के लिए रोडमैप तैयार कर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से छोटे-छोटे गांवों को सड़कों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, जल जीवन मिशन के तहत घरों तक पेयजल पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

कलेक्टर ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, 15 दिन में नल-जल व्यवस्था सुधारने के निर्देश
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कोयलीबेड़ा क्षेत्र में नल-जल आपूर्ति की समस्या को गंभीरता से लेते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
शिविर को जिला पंचायत सीईओ  हरेश मंडावी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती श्यामबती मंडावी तथा जिला पंचायत सदस्य  दीपांकर राय ने भी संबोधित किया।

माध्यमिक शाला में अतिरिक्त कक्ष निर्माण का भूमिपूजन
कार्यक्रम के दौरान सांसद श्री भोजराज नाग एवं विधायक  विक्रमदेव उसेंडी ने ग्राम माहला के माध्यमिक शाला में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए भूमिपूजन किया। इस अवसर पर कलेक्टर  कुन्दन कुमार, जिला पंचायत सीईओ  हरेश मंडावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

————————

✍️08. मतदाता सूची में छूटे नामों के पुनः सत्यापन और नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए एक माह का विशेष अभियान। घर-घर जाकर होगा पुनः सत्यापन, पात्र मतदाताओं का फार्म-6 भरकर किया जाएगा पंजीकरण।

—भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची से विभिन्न कारणों से विलोपित नामों के पुनः सत्यापन तथा नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए एक माह का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर विलोपित प्रविष्टियों का पुनः सत्यापन करेंगे। साथ ही पात्र नए एवं युवा मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए फार्म-6 भरवाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज होने से रोकना है।
एसआईआर के दौरान 34,237 मतदाताओं के नाम विलोपित
एसआईआर से पूर्व जिले में 5,69,601 मतदाता पंजीकृत थे। पुनरीक्षण के दौरान विभिन्न कारणों से 34,237 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए। इनमें 12,720 मृत मतदाता, 14,399 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 2,269 अन्यत्र पंजीकृत, 4,606 अनुपस्थित तथा 243 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। 23 दिसंबर 2025 को प्रकाशित प्रारंभिक मतदाता सूची में 5,35,364 मतदाता थे। इसके बाद अंतिम प्रकाशन में 4,909 मतदाताओं की वृद्धि हुई। 21 फरवरी 2026 की स्थिति में जिले की अंतिम मतदाता सूची में कुल 5,40,273 मतदाता दर्ज थे।
बुधवार और गुरुवार को लगेंगे विशेष शिविर
अभियान के अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा प्रत्येक सप्ताह बुधवार एवं गुरुवार को मतदान केंद्र स्तर पर कार्यालयीन समय में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं, शुक्रवार एवं शनिवार को पॉलिटेक्निक, कॉलेज, आईटीआई, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल तथा अन्य उच्च शैक्षणिक संस्थानों में मतदाता साक्षरता क्लब के माध्यम से विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में युवा एवं भावी मतदाताओं का पंजीकरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बीएलओ अन्य दिनों में घर-घर जाकर सर्वे करेंगे और पात्र मतदाताओं का फार्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
जिले की वेबसाइट पर उपलब्ध है विलोपित मतदाताओं की सूची
एसआईआर के दौरान विभिन्न कारणों से विलोपित मतदाताओं की सूची जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। अभियान के माध्यम से मतदाता सूची का पुनः सत्यापन कर पात्र नागरिकों को पंजीकरण का अवसर प्रदान किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
  ———————–

 ✍️09.समान नागरिक संहिता पर सामूहिक चर्चा एवं परिचयात्मक बैठक 15 अक्टूबर को।

—छत्तीसगढ़ राज्य में समान नागरिक संहिता लागू किए जाने तथा इसके प्रारूप को अंतिम रूप दिए जाने के लिए शासन द्वारा गठित उच्चस्तरीय समिति के सदस्यों की उपस्थिति में एक सामूहिक चर्चा एवं परिचयात्मक बैठक का आयोजन 15 अक्टूबर दिन गुरूवार को दोपहर 12 बजे से जिला पंचायत कांकेर के सभाकक्ष में आयोजित किया गया है। उक्त बैठक में राजनीतिक दलों, सर्वसमाज प्रमुख एवं प्रतिष्ठित नागरिकों, विशिष्ट नागरिकों, गणमान्य नागरिकों, सभी धार्मिक संगठन प्रमुख एवं सभी संगठन प्रमुखों को उक्त बैठक मे शामिल होने का अनुरोध किया गया है। 

  ———————–

✍️ 10.पीएम श्री योजना के तहत जवाहर नवोदय विद्यालय करप के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सांस्कृतिक समझ विकसित करने की पहल

—पीएम श्री योजना के अंतर्गत जवाहर नवोदय विद्यालय, करप, कांकेर के कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधानों, प्लाज्मा तकनीक और विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन का भ्रमण कर छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला, संस्कृति और बस्तर की पारंपरिक विरासत को करीब से जाना।विद्यालय के प्राचार्य  अशोक कुमार बिसेन ने सुबह शैक्षणिक भ्रमण दल को रवाना किया। विद्यार्थियों का दल दोपहर 12:50 बजे पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर पहुंचा। यहां भौतिकी विभाग में आयोजित लाइव प्लाज्मा प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को प्लाज्मा अनुसंधान और उसके व्यावहारिक उपयोगों की जानकारी मिली।प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने प्लाज्मा टॉर्च एवं ग्लोइंग डिस्चार्ज, मैग्लेव ट्रेन, न्यूक्लियर फ्यूजन रिएक्टर मॉडल, प्लाज्मा कन्फाइनमेंट तथा विग्लर सहित विभिन्न कार्यशील वैज्ञानिक मॉडलों का अवलोकन किया। प्लाज्मा के माध्यम से कृत्रिम विद्युत चमक उत्पन्न करने और परमाणु संलयन रिएक्टर में प्लाज्मा के उपयोग से ऊर्जा उत्पादन की प्रक्रिया से संबंधित प्रदर्शनों ने विद्यार्थियों में विशेष उत्सुकता पैदा की।
इसके पश्चात विद्यार्थियों ने रसायन विज्ञान विभाग का भ्रमण किया। यहां प्रदूषण की जांच करने वाले आधुनिक उपकरणों तथा चारकोल से संबंधित प्रयोगों के बारे में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने वर्चुअल रियलिटी (वीआर) कक्ष में आधुनिक तकनीक का अनुभव भी लिया। इन गतिविधियों ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई संभावनाओं को समझने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।

शाम 5:40 बजे विद्यार्थियों का दल नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन पहुंचा। यहां विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, विशेषकर बस्तर की पारंपरिक जीवनशैली, कला और लोकपरंपराओं का अवलोकन किया।विद्यार्थियों ने पारंपरिक झोपड़ियों, मंदिरों, प्राचीन मूर्तियों और बस्तरिया कलाकृतियों को देखा। इसके साथ ही बस्तर के पारंपरिक खेलों फुगड़ी एवं कबड्डी तथा गेड़ी और रेला नृत्य जैसी लोकविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। मुक्तांगन की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और विशाल वृक्षों ने भी विद्यार्थियों को प्रभावित किया। इस भ्रमण से उन्हें छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता, लोककलाओं और परंपराओं को समझने का अवसर मिला। साथ ही अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूकता विकसित हुई।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों की देखरेख एवं मार्गदर्शन के लिए विद्यालय के आठ शिक्षक-शिक्षिकाएं साथ रहे। इनमें   सूरजमल बैरवा,   राजेश कुमार,  नवीन जैन,   महावीर सामरिया, सुश्री शीतल पटेल, श्रीमती श्रुतिलिपि, सुश्री ममता पात्रा तथा सुश्री मधुलिका शामिल रहीं। सभी ने भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। विद्यालय के प्राचार्य श्री अशोक कुमार बिसेन ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ उन्हें अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को प्रत्यक्ष अनुभवों से जोड़ने में इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।  उन्होंने विद्यार्थियों को भ्रमण के दौरान प्राप्त ज्ञान और अनुभवों का उपयोग अपने शैक्षणिक जीवन तथा सर्वांगीण विकास में करने के लिए प्रेरित किया। जवाहर नवोदय विद्यालय, करप, कांकेर का यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा। विज्ञान, आधुनिक तकनीक और सांस्कृतिक विरासत के इस समन्वय ने विद्यार्थियों की जिज्ञासा बढ़ाने के साथ उन्हें अपनी सांस्कृतिक पहचान को समझने का अवसर प्रदान किया।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 09 अक्टूबर 2026 शुक्रवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 09  अक्टूबर  2026 शुक्रवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- विज्ञापन ✍️ 01.सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ रंगोली…

आज की टॉप 10 खबर 08 अक्टूबर 2026 गुरूवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 08  अक्टूबर  2026 गुरूवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- विज्ञापन ✍️ 01.पुलिस बर्बरता,लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस ने काला दिवस मनाया। — अखिल…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *