आज की टॉप 10 खबर 30 अप्रेल 2026 गुरूवार

———————-

संपादकीय-

स्वीमिंग पुल में नहाके नमकीन हो गई हूं…और प्राकृतिक नदी में नहाके ?

–शहरों में भौतिक सुख सुविधाओं से लैस रेस्टारेंट में नहाने का मजा आज गांव के लोग भी आकषित हो रहे हैं।प्राकृतिक नहर नालियों,स्वच्छ तालाबों के होते राजमर्रा यह हो गया है कि वे बाथरूम से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं, लेकिन शहरों में जाकर सिर्फ स्वीमिंग पुल जैसे सेंटरों में घुसने का 500 रूपये जमा कर रहे हैं। अपने क्षेत्र से दूर शहरों से बाहर बने उन सेंटरों के स्वीमिंग पुल जो तथाकथित रूप से आज इंज्वाय का केंद्र माना जाता है,वहां अपने नाते रिश्तेदार जान पहचान नहीं होने के चलते उन्मुक्त रूप से आनंद लेने का हिमायती होता है। गांव के तालाबों,नहरों में नहाना उन्हें शायद अब गवारूपन लगता है। उन्हें याद नहीं कि बचपने में गांव की इन्हीं तराइयों में अपने मित्रों के साथ इसी तालाब में निर्वस्त्र होकर तालाब में डुबकी लगा रहे होते थे। जहां, मां गांव की उन टोलियों पड़ोसियों से पूछती कि मेरा लाल किधर है। परेशान होकर जब तालाब की ओर जाती तो भरी दुपहरी में तालाब में डुबकी लगा रहे होते थे। वही आज कहते हैं कि स्वीमिंग पुल में नहाके और भी नमकीन हो गई हूं। गांव के प्राकृतिक नदीनालों में बहती स्वच्छ जलधार में वो मजा नहीं है, लेकिन उन्हे आज का वह स्वीमिंग पुल में आनंद है,जहां पानी को स्वच्छ रखने के लिए नमक मिलाया जाता है। इस तल्ख खारे पानी को जोड़ते अपने को नमकीन की संज्ञा दिया जाता है। स्वीमिंग पुल में नहाके नमकीन हो गए हो, तो प्राकृतिक नदी नालों में नहाके क्या हो गए?

✍️मनोज जायसवाल

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 
30 अप्रेल 2026 गुरूवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

01.जिले के 74 श्रद्धालु रामलला दर्शन के लिए रवाना

—“श्री रामलला दर्शन यात्रा योजना” के अंतर्गत कांकेर जिले से श्रद्धालुओं का दल मंगलवार 28 अप्रैल को अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। इस यात्रा में 72 दर्शनार्थियों के साथ 02 अनुरक्षक सहित कुल 74 यात्रियों को आजीविका महाविद्यालय, गोविंदपुर कांकेर से राजनांदगांव रेलवे स्टेशन के लिए प्रस्थान कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के सभी श्रद्धालुओं ने 29 अप्रैल को राजनांदगांव रेलवे स्टेशन से अयोध्या धाम के लिए यात्रा प्रारंभ किया, जहां वे श्री रामलला के दर्शन का लाभ प्राप्त करेंगे। इस अवसर पर नगरपालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष  अरुण कौशिक, श्रीमती पूर्णिमा कावड़े,  ईश्वर कावड़े सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।
 ———————–

02. बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित: 10वीं में एक व 12वीं में 03 छात्रों ने मेरिट सूची में बनाई जगह।

— छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा आज बोर्ड कक्षाओं के परीक्षाफल घोषित कर दिए गए हैं। इसमें कांकेर जिले के कक्षा 10वीं से 01 छात्र ने तथा कक्षा 12वीं में 03 छात्रा ने राज्य मेरिट में वर्चस्व बनाया है। साथ ही जिले में बोर्ड कक्षाओं 10वीं एवं 12वीं में उतीर्ण विद्यार्थियों का प्रतिशत क्रमशः 93.68 एवं 93.75 रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले दस वर्ष के परीक्षा परिणामों में उत्तीर्ण विद्यार्थियों का पासिंग पर्सेंटेज इस साल सर्वश्रेष्ठ रिजल्ट रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में संचालित 247 हाई एवं हायर सेकंडरी विद्यालयों में जिले के बोर्ड कक्षाओं में रिजल्ट प्राप्त करने के उददेश्य से ’हमर लक्ष्य’ कार्यक्रम के तहत प्रारंभ से ही बोर्ड कक्षाओं के रिजल्ट में सुधार हेतु विशेष प्रयास किए जाते रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में कुल 8884 छात्र सम्मिलित हुए जिनमें से 6075 विद्यार्थियों अर्थात 68.38 प्रतिशत बच्चे प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं 2202 विद्यार्थियों ने द्वितीय और सिर्फ 14 छात्र-छात्राओं ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिसमें से एक छात्रा ने राज्य की प्रवीण्य सूची में अपनी जगह बनाई है। उन्होंने बताया कि इसी तरह कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 7662 बच्चों ने भाग लिया जिनमें से 5371 प्रथम श्रेणी अर्थात 70.09 प्रतिशत छात्र-छात्रा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं, जबकि 1777 द्वितीय श्रेणी और मात्र 19 तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण रहे, जिसमें से तीन विद्यार्थियों ने राज्य की मेरिट सूची में स्थान बनाया है। कक्षा 12वीं बोर्ड कक्षा में श्री यश खोब्रागढे़ पीएमश्री नरहरदेव शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय कांकेर ने 96.40 प्रतिशत, कु. अपर्णा बिश्वास, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कापसी विकासखंड कोयलीबेड़ा ने 96.40 प्रतिशत एवं कु. महेश्वरी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनपुरी विकासखंड चारामा 96.40 प्रतिशत के साथ राज्य मेरिट में दसवां स्थान प्राप्त किया है। वहीं कक्षा 10वीं में चारामा विकासखंड मुख्यालय के निजी स्कूल की छात्रा ईशा दुर्गासी ने 97.83 अंक प्राप्त कर राज्य मेरिट में आठवां स्थान प्राप्त किया है। इस प्रकार जिले से कुल 04 विद्यार्थियों ने राज्य की मेरिट में जगह बनाई है। कलेक्टर   निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर एवं जिला पंचायत के सीईओ  हरेश मंडावी ने सफल सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। साथ ही उन्होंने जिले के पासिंग पर्सेंटेज व बोर्ड कक्षाओं में प्रथम स्थान हेतु अधिक से अधिक बच्चों के चयन होने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए सभी विद्यार्थियों, पालकों, प्राचार्यों, शिक्षकों को उनके अथक एवं सतत परिश्रम के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की है।

———————

03.जिले के खाद्य प्रतिष्ठानों एवं स्ट्रीट फूड वेंडरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त नजर, स्वच्छता में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

– जिले में आमजनों को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर सघन जांच एवं जागरूकता अभियान ’सही दवा शुद्ध आहार- यही छत्तीसगढ़ का आधार’ चलाया जा रहा है। कलेक्टर  निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर फल दुकानों, स्ट्रीट फूड वेंडरों, गुपचुप एवं चाट ठेलों का सघन निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान जिले को कार्बाइड मुक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।अधिकारियों ने फल विक्रेताओं को फलों को पकाने के लिए कैल्शियम कार्बाइड जैसे खतरनाक रसायनों का उपयोग किसी भी स्थिति में नहीं करने की समझाइश देते हुए बताया गया कि कार्बाइड से पके फल मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक होते हैं और इससे पेट संबंधी समस्याएं, तंत्रिका तंत्र पर प्रभाव तथा गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे मामलों में पकड़े जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्हें प्राकृतिक तरीके से फल पकाने तथा सुरक्षित विकल्प अपनाने की सलाह दी गई। वहीं, स्ट्रीट फूड वेंडरों, गुपचुप एवं चाट विक्रेताओं की स्वच्छता व्यवस्था की भी गहन जांच की गई। कई स्थानों पर साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। खाद्य सामग्री खुले में रखी हुई मिली तथा कुछ विक्रेता बिना ग्लव्स एवं कैप के खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं परोसने का कार्य करते पाए गए। इस पर अधिकारियों ने तत्काल सुधार करने के निर्देश देते हुए सख्त चेतावनी दी। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम से संबंधित आवश्यक नियमों एवं मानकों की जानकारी भी दी गई, ताकि वे सुरक्षित तरीके से खाद्य सामग्री का निर्माण एवं विक्रय कर सकें। प्राप्त शिकायत के आधार पर वृंदावन रेस्टोरेंट कांकेर का आकस्मिक निरीक्षण दल के द्वारा किया गया एवं मौके पर बूंदी लड्डू एवं गुलाब जामुन का नमूना संकलित किया गया जिसे परीक्षण हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किया जा रहा है। इस दौरान पाई गई कमियां एवं अनियमितता के आधार पर रेस्टोरेंट संचालक को नोटिस जारी कर सुधार हेतु निर्देशित किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जानकारी विभाग को दें और साफ-सफाई का ध्यान रखने वाले विक्रेताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदें।

————————

04 आपसी रंजिश के चलते रची गई थी हत्या की साजिश, आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया गया पेश। हत्या के प्रयास मामले का खुलासा, 05 आरोपी गिरफ्तार,रंजिश में 20 हजार की सुपारी देकर कराया गया हमला\ चाकू,मोटरसाइकिल एवं 04 मोबाइल फोन जब्त। थाना लोहत्तर पुलिस ने सुलझाई साजिशन हमले की गुत्थी।

—थाना लोहत्तर में प्रार्थी लालजी पुड़ो पिता बहादुर पुड़ो उम्र 32 वर्ष निवासी तुमरीसूर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 24-25.04.2026 की दरम्यानी रात लगभग 12:00 बजे वह राजकुमारी के शादी समारोह से वापस अपने घर जा रहा था। इसी दौरान घर के सामने दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उस पर प्राणघातक हमला कर जान से मारने का प्रयास किया गया। घटना में प्रार्थी के सिर एवं हाथ में गंभीर चोटें आईं, जिसे उपचार हेतु सीएचसी दुर्गूकोंदल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल कांकेर रेफर किया गया। रिपोर्ट पर थाना लोहत्तर में अपराध क्रमांक 04/2026 धारा 3(5) बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया गया।जांच एवं प्रकरण का खुलासा :-पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देशन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी भानुप्रतापपुर श्री शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में थाना लोहत्तर पुलिस द्वारा त्वरित जांच प्रारंभ की गई। तकनीकी साक्ष्य व संदेहियों से पूछताछ के आधार पर प्रकरण का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया।जांच में ज्ञात हुआ कि आरोपी अनिल पुड़ो, राजेश उर्फ राकेश आंचला एवं मनसा नेताम, निवासी ग्राम तुमरीसूर, प्रार्थी लालजी पुड़ो से आपसी रंजिश रखते थे। इसी रंजिश के चलते तीनों आरोपियों ने प्रार्थी की हत्या करवाने हेतु ₹20,000/- में रोहित जैन निवासी शाहकट्टा एवं भुरू उर्फ दिनेश उयके निवासी बसंतनगर भानुप्रतापपुर को सुपारी दी। दोनों आरोपियों द्वारा उस पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। घायल के शोर मचाने पर आरोपी उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए तथा घटना में प्रयुक्त हथियार को पास स्थित खंडहर मकान में छिपा दिया गया। वैधानिक कार्यवाही :-प्रकरण में हत्या का षड्यंत्र रचना, साक्ष्य मिटाने का प्रयास करना एवं आर्म्स एक्ट के प्रावधान पाए जाने से धारा 61(2), 238 बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट जोडकर विवेचना में लिया गया।

 ————————

05 . कांकेर पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता।ग्रामबड़ेधौसा-मानकोट-उपरकोटगांव-जिक्लामारी के मध्य जंगल पहाड़ी क्षेत्र से 07 नग कुकर आईईडी, 02 नग पाईप बम, अन्य नक्सल सामाग्री बरामद। डीआरजी ,जिला पुलिस बल,बीएसएफ एवं बीडीएस टीम की संयुक्त कार्यवाही।

— पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि सुन्दरराज पी. (भा.पु.से.) पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज जगदलपुर के मार्गदर्शन तथा  निखिल कुमार राखेचा (भा.पु.से.) पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशन में जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। नक्सलियों के विरुद्ध सघन सर्चिंग अभियान के साथ-साथ उनके द्वारा पूर्व में लगाए गए IED एवं छुपाकर रखी गई सामग्री की बरामदगी हेतु निरंतर कार्यवाही की जा रही है।इसी क्रम में दिनांक 27-28.04.2026 को डीआरजी, जिला पुलिस बल एवं बीडीएस टीम द्वारा थाना आमाबेड़ा, कोरर, कांकेर एवं ताड़ोकी क्षेत्रांतर्गत ग्राम बड़ेधीसा, मानकोट, उपरकोटगांव एवं जिवलामारी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान पुलिस टीम ने जंगल क्षेत्र से भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की, जिसमें 07 नग 05-05 किलो प्रेशर कुकर IED, 02 नग पाइप बम, 01 नग कोडेक्स वायर,03 बंडल वर्दी कपड़ा, 07 बंडल इलेक्ट्रिक वायर सहित अन्य नक्सली उपयोग की सामग्री शामिल है।बरामद विस्फोटक सामग्री को बीडीएस टीम द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही डिफ्यूज कर नष्ट किया गया।पुलिस टीम:–उक्त कार्यवाही में उप पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स ) गिरिजा शंकर साव,उप पुलिस अधीक्षक (डीआरजी ) अविनाश कुमार ठाकुर, डीआरजी कमांडर श्री बलराम उसेंडी, चंद्रशेखर ठाकुर एवं अन्य डीआरजी ,जिला पुलिस बल, बीएसएफ की संयुक्त टीम शामिल रही।

————————

06.जिले में 13 नए उच्च स्तरीय पुलों की स्वीकृति, ग्रामीणों को मिलेगा बारहमासी आवागमन की सुविधा ।

—सरकार द्वारा कांकेर जिले  में  13 नए उच्च स्तरीय पुलों की स्वीकृति दी गई है। इन पुलों के निर्माण से लोगों को बारहमासी आवागमन की सुविधा मिलेगी। बारिश के दिनों में अब उन्हें नदी-नालों को पार करने की जोखिम नहीं लेना पड़ेगा। कोयलीबेड़ा विकासखण्ड के बेचाघाट पुल भी इसमें शामिल है, नक्सली दबाव के कारण इस पुल के निर्माण नहीं हो पा रहा था, जो अब प्रगतिरत है।लोक निर्माण विभाग सेतु संभाग कांकेर के कार्यपालन अभियंता राजेन्द्र सोनकर से मिली जानकारी के अनुसार कांकेर जिले में 13 नए उच्च स्तरीय पुल स्वीकृत किए गए हैं। रावघाट में मेढकी नदी पर 512 लाख 97 हजार रूपए की लागत से पुल का निर्माण किया जा रहा है। इसी प्रकार सोनपुर-नारायणपुर मार्ग में कोटरी नदी पर बेचाघाट में 1552 लाख 26 हजार रूपए की लागत से पुल का निर्माण हो रहा है। भानुप्रतापपुर से अंतागढ़ मार्ग में खंडी नदी पर 617 लाख 92 हजार रूपए की लागत से पुल निर्माण के कार्य प्रगति पर है। इसी प्रकार कांकेर-देवरी मार्ग में चिनार नदी पर 898 लाख 09 हजार रूपए की लागत से पुल निर्माण कार्य प्रगति पर है। इन उच्च स्तरीय पुलों के अलावा शासन द्वारा कांकेर जिले में अंतागढ़-बेड़मा मार्ग में निर्गुण नाला पर पुल निर्माण के लिए 382 लाख 40 हजार रूपए, चारामा के पास सिरसिदा नाला में पुल निर्माण के लिए 899 लाख 60 हजार रूपए, कोरर के पास जंजालीपारा में पुल निर्माण हेतु 422 लाख 54 हजार रूपए, संबलपुर से सिलपट मार्ग में संबलपुर नाला में पुल निर्माण के लिए 387 लाख 37 हजार रूपए, चारामा विकासखण्ड के टांहकापार में महानदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण हेतु 2806 लाख 90 हजार रूपए, ईच्छापुर-घोटिया मार्ग में दूध नदी पर पुल निर्माण के लिए 653 लाख 09 हजार रूपए और ताड़ोकी में निब्रा (मेढकी) नदी पर पुल निर्माण के लिए 612 लाख 60 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। यह सभी कार्य टेंडर प्रक्रिया पर हैं। इसी प्रकार कोयलीबेड़ा विकासखण्ड के छोटेबेठिया के बेलगाल में पुल निर्माण के लिए 410 लाख 38 हजार रूपए और भानुप्रतापपुर-पखांजूर मार्ग में पासंगी नाला पर पुल निर्माण के लिए 574 लाख 43 हजार रूपए की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इन कार्यों के लिए तकनीकी स्वीकृति प्रक्रियाधीन है।

  ————————

07.आज जनगणना के अंतर्गत स्व-गणना प्रक्रिया को अपनाते हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने अपने मोबाइल के माध्यम से फॉर्म भरने का कार्य सहज एवं सरल अनुभव किया। उन्होंने कहा-यह डिजिटल पहल वास्तव में नागरिकों को सशक्त बनाती है, जिससे वे घर बैठे ही सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से जनगणना में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकते हैं।

 ————————

08.जिला कांकेर में सीएससी ( चॉइस सेंटर) संचालकों का क्षमता निर्माण प्रशिक्षण आयोजित

—जिला पंचायत सभा कक्ष, कांकेर में जिला स्तरीय वीएलई क्षमता निर्माण प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी के नोडल अधिकारी  टीकाराम देवांगन, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर  घनश्याम सिंह साहू सीएससी मैनेजर पारस चांडक एवं कांकेर जिले के 130 CSC संचालक, CSC के राज्य कार्यालय से – श्रीमती नीता साहू, श्रीमती सुरुचि कल्याणी,  प्रदीप कुमार,  ऋतेश शुक्ला,  विकास नायक और   राहुल सोनी,  नारायण देवनाथ उपस्थित रहे।कार्यक्रम में ई डिस्टिक मैनेजर घनश्याम सिंह साहू के द्वारा ई डिस्टिक 2.0 परियोजना के बारे में विस्तार से बताया गया एवं ई डिस्ट्रिक्ट परियोजना में नई सेवाएं विवाह प्रमाण पत्र एवं पूर्ण नाम सुधार आवेदन हेतु भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया कार्यक्रम के दौरान श्रीमती नीता साहू (मैनेजर, G2C) ने CSC सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं, CSC पोर्टल से भुगतान करने की प्रक्रिया तथा CPGRAMS सेवा के बारे में बताया, जिसके माध्यम से नागरिक सड़क, परिवहन, शहरी विकास जैसी समस्याओं की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकते हैं।

श्रीमती सुरुचि कल्याणी ने CSC पोर्टल पर उपलब्ध विभिन्न सेवाओं और रिचार्ज सेवाओं की जानकारी दी। वहीं  राहुल सोनी ने IRCTC रेल टिकट, बस टिकट बुकिंग और HDFC बैंक सेवाओं के बारे में बताया। नारायण देवनाथ के द्वारा बैंकिंग सेवाओं की आईडी लेने हेतु विस्तार से बताया गया. विकास नायक ने UCL और आधार सेवाओं के लाभ एवं इन्हें वीएलई सेंटर पर शुरू करने की प्रक्रिया समझाई।  ऋतेश शुक्ला ने CSC लोन बाजार के तहत होम लोन, बाइक लोन और कृषि ऋण के लिए लीड सबमिट करने की जानकारी दी।बीमा सेवाओं पर प्रशिक्षण CSC राज्य कार्यालय रायपुर के मैनेजर (इंश्योरेंस) श्री प्रदीप कुमार द्वारा दिया गया। उन्होंने बीमा परीक्षा और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के बारे में बताया। वीएलई insurance.csccloud.in पर पंजीकरण कर परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद CSC पोर्टल पर बीमा सेवाएं शुरू कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि CSC पोर्टल पर लाइफ इंश्योरेंस (LIC, SBI Life, IndiaFirst, Shriram Life), हेल्थ इंश्योरेंस (HDFC Ergo, SBI General, Star Health), मोटर एवं पशुधन बीमा जैसी सेवाएं उपलब्ध हैं, जिनसे वीएलई अच्छा कमीशन कमा सकते हैं। CSC के माध्यम से बीमा करने पर तुरंत कमीशन भी प्रदान किया जाता है।कार्यक्रम में HDFC ERGO जनरल इंश्योरेंस के प्रतिनिधि श्री प्रदीप साहू भी उपस्थित रहे, जिन्होंने वाहन एवं स्वास्थ्य बीमा पर विशेष प्रशिक्षण दिया। साथ ही IFFCO Tokio की भागीदारी भी रही।यह प्रशिक्षण कार्यक्रम वीएलई को अधिक सशक्त बनाने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

——————–

09 . रूद्रप्रकाश साहू पिता रामलाल साहू निवासी गोटीटोला थाना चारामा द्वारा उनके ग्राम स्थित खेत से बोरपंप मय सेट चोरी कर लिये जाने की सुचना पर अज्ञात के विरूद्व एफआईआर दर्ज किया गया है। 

————————

10. तेज गर्मी उमस के चलते सडकों में सन्नाटा। व्यवसाय पडे सुने। 

 

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 29 अप्रेल 2026 बुधवार

———————- संपादकीय- ‘निजी पब्लिक स्कूलों की मनमानी’ –निजी शिक्षा संस्थान पब्लिक स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों को कभी फीस के नाम टार्चर तो अभिभावकों को पुस्तक कापियों, ड्रेस के नाम पर…

आज की टॉप 10 खबर 28 अप्रेल 2026 मंगलवार

———————- संपादकीय- ”एंटी इन्कंबेसी आपका पीछा नहीं छोडेगी” -अच्छा हो आप अभी से ऑट्स आफ लिविंग के साथ लोकजीवन में अपने को ऐसा बनाईये कि आप भी किसी कलमकार पत्रकार…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *