———————-
संपादकीय—
यह है,कुर्रूभाट का ‘बैलेंसिंग राक’ व्हेल मछली की तरह

—वैसे तो सम्पूर्ण बस्तर की पहाडियों में बैलेंसिंग राक जैसे अनेकानेक पत्थरों की कलाकृतियां विद्यमान है, उत्तर बस्तर कांकेर की पहाडियों में भी इस प्रकार की विशिष्टता दिखायी देती है। कांकेर से सटे सिदेसर की पहाडियों की बात करें या रामपुर जुनवानी के तालाब बीच में रखे पत्थरों की। इसी कडी में चारामा विकासखंड के कुर्रूभाट की पहाडी में रानी माई गुफा के ऊपरी भाग को देखा जाय,जिधर अमूमन लोगों की नजर नहीं जाती,ऐसा बैलेंसिंग राक जैसे लंबी व्हेल आकार की पत्थर किसी छत की तरह रक्षा करती दिखायी देती है। ऐसा आभास होता है कि यह आगे के पत्थर जो रखे हुए है‚से लिपट जाना चाहता है। आसपास वृक्षों के चलते इसका चित्र नहीं लिया जा सकता। हवाई ड्रोन से ही इसे फोटो में कैद किया जा सकता है। फिर भी यह फोटो एक झलक है, रानी माई का मेला गत दिनों ही सम्पन्न हुआ। इसी दिन लोग गुफा तक आ पाते हैं,महिलाओं प्रवेश वर्जित है। कुछ दूर तक ही महिलाएं जा सकती है। अन्य दिनों में भी जाया जा सकता है,लेकिन कुछ लोगों के साथ, क्योंकि गुफा के चलते भालू या अन्य जंगली जानवरों का खतरा हो सकता है। क्या आपने भी देखा है,इस पत्थर को? अगर आप कुर्रूभाट आना चाहें तो राष्ट्रीय राजमार्ग 30 चारामा से आगे झिपाटोला से तकरीबन 10 किमी पर पूर्व की ओर सडक मार्ग से जा सकते हैं।
✍️मनोज जायसवाल
———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
30 अक्टूबर 2026 शुक्रवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️ 01. जिला मुख्यालय कांकेर में 02 नवम्बर को एक दिवसीय राज्योत्सव कार्यक्रम। राज्योत्सव के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व। जिला पंचायत सीईओ नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त।
—राज्य शासन द्वारा विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस ‘राज्योत्सव’ के आयोजन का निर्णय लिया गया है। शासन द्वारा दिए गए निर्देशानुसार जिला मुख्यालय कांकेर में 02 नवम्बर को राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। राज्योत्सव कार्यक्रम नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के खेल मैदान में आयोजित की जाएगी। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने राज्योत्सव के सफल क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दायित्व सौंपे हैं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी को नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर कांकेर जितेन्द्र कुमार कुर्रे को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
———————–
✍️ 02. पी.एम. किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त की राशि 30 अक्टूबर को होगी जारी ।
— प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 30 अक्टूबर को बनासकांठा (गुजरात) से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पी.एम.-किसान) योजना की 24वीं किस्त की राशि पात्र किसानों के खाते में अंतरित की जाएगी। जिसका सीधा प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से प्रातः 10 बजे से किया जायेगा। इस योजना के तहत् पात्र भूमि धारक किसानों को प्रतिवर्ष राशि 06 हजार रूपए का वित्तीय सहायता प्रत्येक 04 माह में 02 हजार रूपए तीन किस्तों में जारी की जाती है। कांकेर जिले में 24वीं किस्त से 78 हजार 973 किसान लाभान्वित होंगे। योजना की राशि किसानों के बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डी.बी.टी.) के माध्यम से प्रदाय की जाएगी।योजना का प्रमुख उद्देश्य भूमि धारक किसानों के परिवारों को वित्तीय सहायता प्रदान करना है। जिला स्तरीय कार्यक्रम कृषि विज्ञान केन्द्र, सिंगारभाट कांकेर में आयोजित किया जायेगा तथा विकासखंड अन्तर्गत विकासखंड मुख्यालय एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी क्षेत्र स्तर पर मुख्यालय स्तर पर पंचायत मुख्यालय, प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केन्द्र व प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों में भी पी.एम. किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। पी.एम. किसान दिवस पर किसान लाईव वेबकास्ट के माध्यम से मुख्य कार्यक्रम से जुड़ेंगे। जिला प्रशासन द्वारा उक्त कार्यक्रम में सहभागिता के लिए किसानों से अपील किया गया है कि वे अपने ग्राम या विकासखंण्ड में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेवें।
———————–
✍️ 03. कांकेर डाइट में विकासखंड स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेला 2026-27 का आयोजन

—बच्चों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी डाइट कांकेर में ब्लॉक स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेला 2026-27 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डाइट के सहायक प्राध्यापक दिनेश साहू, कांकेर एबीईओ दीपक कुमार ठाकुर, बीआरसी गुलराज शर्मा द्वारा माँ सरस्वती के छाया चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस प्रतियोगिता में विकासखंड कांकेर के 14 माध्यमिक, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के लगभग 80 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का आयोजन बी ई ओ केज़ुराम सिन्हा के निर्देशन एवं कांकेर जोन/जिला नोडल पुष्पांजलि ठाकुर के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न विधाओं में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के अंतर्गत विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी,विज्ञान प्रश्नमंच,एकल प्रोजेक्ट एवं समूह प्रोजेक्ट,शिक्षक टी.एल. एम.,शिक्षक संगोष्ठी,विज्ञान नाटिका का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के ब्लॉक नोडल ओमप्रकाश डड़सेना व्याख्याता हाईस्कूल ईरादाह एवं आयोजन प्रभारी टेश्वर सिन्हा थे।विभिन्न विद्यालयों से पधारे निर्णायकों दिनेश सिन्हा, अलका श्रीवास्तव, सरोजनी कृषान, कविता नेताम,चन्द्र शेखर महलवार, दिनेश सिन्हा,लखन साहू, अनामिका साहू , निशांत प्रधान, पूनम नेताम द्वारा सभी मॉडलों और प्रस्तुतियों का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न विधाओं में चयनित प्रथम, द्वितीय,तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले 40 विद्यार्थी एवं 5 शिक्षक अब आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विकासखंड कांकेर का प्रतिनिधित्व करेंगे। पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित तथा संयोजित तरीके से संचालन के लिए पंजीयन प्रभारी के रूप में सी.ए.सी. अशोक नेताम,सीएसी प्रशांत मेश्राम, शिक्षक दिनेश वर्मा, सहायक शिक्षक श्वेता रामटेके ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई । कार्यक्रम में मंच संचालन शिक्षिका हमेश्वरी सिन्हा द्वारा किया गया।
————————
✍️ 04. सुरक्षा गार्ड कोर्स में रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के लिए काउंसिलिंग 02 नवम्बर को
— जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार एवं स्व-रोजगार से जोड़कर सक्षम बनाने के लिए लाइवलीहुड कॉलेज कांकेर में सुरक्षा गार्ड कोर्स में 30 सीटों पर निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रारंभ किया जा रहा है। लाइवलीहुड कॉलेज कांकेर के सहायक परियोजना अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण के लिये 02 नवम्बर को लाईवलीहुड कॉलेज गोविन्दपुर कांकेर में प्रातः 10 बजे से शाम 04 बजे तक कांउसलिंग का आयोजन किया जाएगा। जिले के ऐसे युवा जिनकी उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक है जो इस प्रशिक्षण से जुड़कर अपना भविष्य संवारना चाहते हैं। वे शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची, आधार कार्ड, 02 पासपोर्ट साईज फोटोग्रॉफ, निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति के साथ निर्धारित समय में काउंसलिंग में उपस्थित होकर अपना पंजीयन करवा सकते हैं।
——————-
✍️ 05. युवती के साथ दुष्कर्म एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में आरोपी गिरफ्तार।

— पुलिस जानकारी के अनुसार मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि पुलिस अधीक्षक उत्तर बस्तर कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री हरीश पाटील के पर्यवेक्षण में थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस द्वारा दुष्कर्म के मामले में कार्रवाई की गई। दिनांक 28.10.2026 को पीड़िता द्वारा थाना सिटी कोतवाली कांकेर में उपस्थित होकर लिखित शिकायत दर्ज कराई गई कि आरोपी द्वारा दिनांक 05.03.2026 को उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया गया। पीड़िता के अनुसार, आरोपी मौका पाकर अपने घर में उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाता था। पीड़िता द्वारा घटना की जानकारी अपने परिजनों को देने की बात कहने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देता था तथा मारपीट भी करता था। आरोपी की धमकियों के कारण पीड़िता भयवश घटना के संबंध में अपने परिजनों को जानकारी नहीं दे पाई। पीड़िता की लिखित शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली कांकेर में अपराध क्रमांक 381/2026, धारा 64(1), 64(2)(उ), 115(2) एवं 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी की पतासाजी की गई। मुखबिर से आरोपी के अपने निवास स्थान बरदेभाटा में मौजूद होने की सूचना प्राप्त होने पर उपनिरीक्षक श्रीमती लता सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम रवाना की गई। पुलिस टीम द्वारा आरोपी मनीष गोस्वामी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों एवं गिरफ्तारी के आधारों के संबंध में अवगत कराते हुए आरोपी को दिनांक 29.10.2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। तत्पश्चात आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस टीम में निरीक्षक जितेन्द्र साहू, उपनिरीक्षक श्रीमती लता सिंह, महिला प्रधान आरक्षक हितेश्वरी चेलक, आरक्षक रूद्र जुर्री, रोशन राठौर, रामप्रसाद साहू, महिला आरक्षक गणेश्वरी कोडोपी एवं पेट्रोलिंग टीम की भूमिका रही।
——————-
✍️06. ब ने कई किसानों को किया बर्बाद।
—जिले में अर्बन चक्रवातीय तुफान ने कईयों उन किसानों को बर्बाद कर दिया है‚जिनकी धान की फसल पक चुकी थी। लाईचोपी पद्वति से लगाए गए कई खेतों में धान की फसलें गिर गई है‚ऊपर से इस बारिश का पानी चल रहा है। कुल मिलाकर धान की फसलों को सर्वाधिक बर्बाद किया है। सब्जी फसलों को भी नुकसान हुआ है‚जिसके चलते इसका असर सब्जियों की मंहगाई पर पडेगा। आज चाराम साप्ताहिक बाजार में खुब भीड रही। दो दिनों की बारिश से लोग घरों से निकल नहीं रहे थे। आज दोपहर धूप निकलने पर लोगों ने राहत की सांस ली। बावजूद बादलों की लुकाछिपी जारी थी।
————————
✍️07.ग्राम कोदापाखा में दो परिवारों की मूल धर्म में वापसी, आदिवासी रीति-रिवाजों से समाज में किया स्वागत

—दुर्गूकोदल अंतर्गत ग्राम पंचायत कोदापाखा में कई वर्षों से ईसाई धर्म अपना चुके दो परिवारों ने अपने मूल धर्म में वापसी की। इस अवसर पर ग्राम के गायता, पटेल और ग्रामीणों की उपस्थिति में आदिवासी रीति-रिवाजों एवं पारंपरिक पेन व्यवस्था के अनुसार उनका स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने चावल और टीका लगाकर दोनों परिवारों का समाज में अभिनंदन किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कोदापाखा के श्रीमती फूलमत नरेटी तथा श्रीमती रामबत्ती उईके के परिवारों ने अपने मूल धर्म में लौटने का निर्णय लिया। इसके बाद ग्राम की पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था के अनुसार स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम के प्रमुखों और ग्रामीणों ने भाग लिया तथा पारंपरिक रीति-रिवाजों के माध्यम से परिवारों का समाज में स्वागत किया।कोदापाखा में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपनी पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था के अनुसार सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में ग्राम गायता पत्तीराम नरेटी, ग्राम पटेल रामप्रसाद नरेटी, शिवप्रसाद नरेटी, बल्लीराम नरेटी, चैनूराम नरेटी, आयनु ध्रुव, कांतीलाल नरेटी सहित गांव के अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी की उपस्थिति में दोनों परिवारों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।
————————
✍️08.
—
———————–
✍️09.
—
———————–
✍️
10.
— ————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






