आज की टॉप 10 खबर 31 जुलाई 2026 शुक्रवार

संपादकीय—
मुशी प्रेमचंद (प्रसिद्ध हिन्दी साहित्यकार )

प्रेमचंद का जन्म वाराणसी से लगभग चार मील दूर, लमही नाम के गाँव में 31 जुलाई, 1880 को हुआ। प्रेमचंद के पिताजी मुंशी अजायब लाल और माता आनन्दी देवी थीं। प्रेमचंद का बचपन गाँव में बीता था।प्रेमचंद के पितामह, मुंशी गुरुसहाय लाल, पटवारी थे। उनके पिता, मुंशी अजायब लाल, डाकमुंशी थे और उनका वेतन लगभग पच्चीस रुपये मासिक था। उनकी माँ, आनन्द देवी, सुन्दर सुशील और सुघड़ महिला थीं। छ: महीने की बीमारी के बाद प्रेमचंद की माँ की मृत्यु हो गई। तब वे आठवीं कक्षा में पढ़ रहे थे।ग़रीबी से लड़ते हुए प्रेमचन्द ने अपनी पढ़ाई मैट्रिक तक पहुँचाई। जीवन के आरंभ में ही इनको गाँव से दूर वाराणसी पढ़ने के लिए नंगे पाँव जाना पड़ता था। इसी बीच में इनके पिता का देहान्त हो गया। प्रेमचन्द को पढ़ने का शौक़ था, आगे चलकर यह वकील बनना चाहते थे, मगर ग़रीबी ने इन्हें तोड़ दिया। बड़े घर की बेटी‚सौत‚सज्जनता का दण्ड‚ पंच परमेश्वर‚नमक का दारोग़ा‚ उपदेश‚ परीक्षा की गणना प्रेमचंद की सर्वश्रेष्ठ कहानियों में गणना होती है।मुंशी प्रेमचंद की स्मृति में भारतीय डाक विभाग की ओर से 31 जुलाई, 1980 को उनकी जन्मशती के अवसर पर 30 पैसे मूल्य का एक डाक टिकट जारी किया।8 अक्टूबर, 1936 को जलोदर रोग से उनका देहावसान हुआ।

✍️मनोज जायसवाल

———————–

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
31  जुलाई  2026 शुक्रवार

✍️मनोज जायसवाल

 ———————–

✍️ 01. कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने गुरू पुर्णिमा पर नगर के नरहरदेव स्कूल जाकर श्रीमती रचना श्रीवास्तव का सम्मान कर आशीर्वाद लिया।

-कांकेर विधायक आशा राम नेताम जो नगर के नरहरदेव विद्यालय कांकेर के छात्र रहे आज गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपनी गुरु एवं विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रचना श्रीवास्तव का सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया। आज शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कांकेर में आयोजित प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में विधायक आशाराम नेताम शामिल हुए। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रचना श्रीवास्तव, जिन्होंने छात्र जीवन में विधायक को शिक्षा प्रदान की थी, का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। विधायक ने अपने गुरु के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत कर उन्हें शिक्षा, अनुशासन, संस्कार एवं निरंतर परिश्रम के महत्व से अवगत कराया गया। विधायक  ने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद, विद्यालय परिवार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
गुरु का आशीर्वाद और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन ही एक समृद्ध, शिक्षित और संस्कारित समाज की नींव है।

✍️ 02.कांकेर जिले में हो रही भारी बारिश, महानदी का जल स्तर बढ रहा।

— बीती रात्रि से कांकेर जिले में लगातार बारिश हो रही है,जिसके चलते अब महानदी में भी जल स्तर बढ रहा है। रूक-रूक कर बारिश होने के चलते लोगों की जीवनचर्या भी प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी का संदेश भी लोगों के मोबाईल में मैसेज मिल रहे हैं।

 ———————

✍️ 03. ग्राम खड़कागांव-नीलेगोंदी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से 04 नग टिफिन IED बरामद।  बद्री नारायण मीणा (भा.पु.से.) पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज के निर्देशन,श्री निखिल राखेचा,पुलिस अधीक्षक कांकेर के मार्गदर्शन में जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान संचालित किया जा रहा है।

पुलिस जानकारी अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि- आज  29.07.2026 को थाना आमाबेड़ा,कांकेर सीमावर्ती ग्राम खड़कागांव-नीलेगोंदी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान के दौरान डीआरजी एंव बीडीएस की संयुक्त टीम द्वारा  1नग लगभग 05 कि०ग्रा० 03 नग लगभग 03 कि०ग्रा० कुल-04 नग टिफिन IED बरामद किया गया। बीडीएस टीम द्वारा मौके मे बरामद IED को डिफ्यूज कर नष्ट किया गया।

————————

✍️ 04. सरस्वती शिशुु मंदिर कांकेर में गुरू पुर्णिमा पर हुआ कार्यक्रम।

— सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़पिछवाड़ी कांकेर में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित हुए। जिसमें हवन पूजन के साथ ही किशोर/कन्या/बाल/ एवं शिशु भारती के पदाधिकारी को शपथ दिलवाई गई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय गढ़पिछवाड़ी कांकेर के व्यवस्थापक   अशोक राठी ने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे प्रथम गुरु हमारे माता-पिता होते हैं। तत्पश्चात हमारे शिक्षकगण होते है,जो हमें जीवन में सही राह दिखलाते हैं। हमें गुरुओं के बताएं मार्ग का अनुसरण करना चाहिए। जीवन की सार्थकता हेतु आध्यात्मिक गुरु का भी होना आवश्यक है। जिनसे हमारा जीवन सफल होता है। गुरू का स्थान सर्वोच्च होता है।हमें सदैव उनका सम्मान करना चाहिए।प्राचार्य  भूपेंद्र तिवारी ने कहा कि हम गुरूओं के मार्गदर्शन में ही अपना जीवन सफल बना सकते हैं। माता पिता के प्रति हमे सदैव आदर व सम्मान का भाव रखना चाहिए। हमे एकलव्य से शिक्षा लेनी चाहिए जो गुरू की आज्ञा का पालन करते हुए गुरु दक्षिणा में अपने दाहिने हाथ का अंगूठा अपने गुरु के चरणों में अर्पित कर दिया था।विद्यालय की वरिष्ठ दीदी श्रीमती ललता अहरवाल ने कहा कि गुरु पूर्णिमा गुरु वेदव्यास के जन्म दिवस पर मनाया जाता है। गुरु वेदव्यास ने चारों वेदों की रचना की एवं महाभारत ग्रंथ लिखा था।

उन्होंने संपूर्ण राष्ट्र को ही नहीं बल्कि पूरे विश्व को ज्ञान के प्रकाश से प्रकाशित किया। आज हम उनकी जयंती पर गुरुओं के महत्व को अंगीकार करते हैं।इसी प्रकार विद्यार्थियों में हिमाद्री जैन ने गुरु ब्रह्मा, गुरु विष्णु, गुरु देवों का भाव प्रकट करते हुए गुरु के प्रति अपने समर्पण भाव को व्यक्त किया।भैया कुशाल उइके ने जीवन में गुरु के महत्व को व्यक्त करते हुए गुरुओं के बताए रास्ते पर चलने का आग्रह किया।इस अवसर पर किशोर/कन्या/बाल व शिशु भारती के भैया बहनों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। जिसमें श्रीमती रेणुका जैन,  भागवत साहू, श्रीमती अमरिका रवानी,श्रीमती रूखमणी साहू,ने अपने विभाग के भैया बहनों को कर्तव्य परायणता की शपथ   अतिथियों से दिलवायी। हवन का कार्यक्रम  संतोष पाठक ने संपादित किया। संचालन आचार्य  जीवन गंगबेर ने किया। कार्यक्रम में कांकेर शिक्षा समिति के माननीय व्यवस्थापक   अशोक राठी के साथ ही श्री यशवंत सिन्हा व समीर कोठारी भी उपस्थित थे।समस्त आचार्यों/ दीदियों व भैया बहनों ने कार्यक्रम में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। 

 ————————

✍️ 05. पिछडा वर्ग की बैठक 02 अगस्त को साहू समाज भवन कांकेर में ।

– संगठन सुदृढ़ीकरण एवं अन्य विषयों को लेकर और आगामी कार्य योजना बनाने हेतु आगामी 02 अगस्त रविवार को समय 11 बजे से साहू समाज भवन कंकालीन पारा नया बस स्टैंड के पीछे कांकेर में जिला स्तरीय आवश्यक बैठक आहूत की गई है जिसमें आप सब पदाधिकारी एवं समाज प्रमुखों की उपस्थिति प्राथमिकता पूर्वक अनिवार्य है।

  ————————

✍️06.मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले 03 आरोपी गिरफ्तार । 04 मोबाइल फोन जब्त, आरोपियों के बैंक खातों में जमा 6.88 लाख की राशि होल्ड ।

—पुलिस जानकारी अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि- पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में जिले में संचालित अभियान के तहत अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भानुप्रतापपुर शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में थाना भानुप्रतापपुर पुलिस ने मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है। दिनांक 28.07.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बसंत नगर, नारायणपुर में कुछ व्यक्ति मोबाइल फोन के माध्यम से विभिन्न अंकों पर रुपए-पैसों का दांव लगवाकर अधिक लाभ का प्रलोभन देकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर थाना भानुप्रतापपुर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया।प्रकरण में थाना भानुप्रतापपुर में अपराध क्रमांक 147/2026 धारा 7(1) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी
1. विकास उर्फ रिंकू सॉरी, पिता रवि सॉरी, उम्र 19 वर्ष, निवासी बसंत नगर, नारायणपुर, थाना भानुप्रतापपुर, जिला कांकेर।
2. नरेंद्र जायसवाल, पिता दिनेश जायसवाल, उम्र 43 वर्ष, निवासी सालियापारा वार्ड क्रमांक-07, थाना भानुप्रतापपुर, जिला कांकेर।
3. मनोज सचदेव, पिता स्व. द्वारिका सचदेव, उम्र 38 वर्ष, निवासी संतोषी नगर, भानुप्रतापपुर, थाना भानुप्रतापपुर, जिला कांकेर।

बरामदगी
04 नग मोबाइल फोन, अनुमानित कीमत 2,50,000।
आरोपियों के बैंक खातों में जमा ₹6,88,000 की राशि होल्ड कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई में निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज (थाना प्रभारी भानुप्रतापपुर), सहायक उप निरीक्षक फलित कुमार, सहायक उप निरीक्षक कैलाश पांडे (साइबर टीम), सहायक उप निरीक्षक भागेश पटेल, सहायक उप निरीक्षक पुरुषोत्तम कतलाम तथा आरक्षक क्रमांक 1385, 1013, 1324 एवं 2112 की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

   ————————

✍️07. जिले में अब तक 5933 मिलीमीटर वर्षा दर्ज

—जिले में 01 जून से अब तक 11 तहसीलों में कुल 5933.6 मिलीमीटर वर्षा यानी 539.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। कलेक्टर कार्यालय के भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक सर्वाधिक वर्षा कोयलीबेड़ा तहसील में 854.1 मिलीमीटर तथा सबसे कम आमाबेड़ा तहसील में 197.4 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई है। इसी प्रकार कांकेर तहसील में 522.4 मिलीमीटर, भानुप्रतापपुर तहसील में 530.2 मिलीमीटर, दुर्गूकोंदल में 475.8 मिलीमीटर, चारामा़ में 517.4 मिलीमीटर, अंतागढ़ में 564.6 मिलीमीटर, पखांजूर में 452.7, नरहरपुर में 504.2, सरोना में 504.1 मिलीमीटर और बांदे तहसील में 810.7 मिलीमीटर वर्षा अब तक दर्ज की गई है। इसी तरह पिछले 24 घंटे में जिले में 192 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।

————————

✍️08. लगभग डेढ़ लाख शिक्षक नियमित रूप से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर निभा रहे हैं अपनी जिम्मेदारी, शिक्षा मंत्री ने जताया आभार, 85 प्रतिशत शिक्षक रोज लगाते है ऑनलाइन अटेंडेंस

-स्कूल शिक्षा मंत्री   गजेंद्र यादव ने कहा है कि शिक्षक संगठनों एवं शिक्षकों द्वारा व्हीएसके ऐप में आ रही तकनीकी त्रुटियों एवं एरर संबंधी शिकायतों को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्हीएसके ऐप में आने वाली तकनीकी समस्याओं के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। शिक्षकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। श्री यादव ने बताया कि संबंधित अधिकारियों एवं तकनीकी टीम को व्हीएसके ऐप में आ रही सभी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। लक्ष्य निर्धारित किया गया है कि 15 अगस्त तक ऐप में आ रही तकनीकी खामियों का समाधान कर इसे पूरी तरह सुचारु बनाया जाए, ताकि शिक्षकों को बिना किसी परेशानी के अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की सुविधा मिल सके। शिक्षा मंत्री ने प्रदेश के शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के लगभग 01 लाख 75 हजार शिक्षकों में से 85 प्रतिशत शिक्षक लगभग डेढ़ लाख शिक्षक प्रतिदिन व्हीएसके ऐप के माध्यम से अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। यह दर्शाता है कि प्रदेश के शिक्षक नई तकनीक को अपनाते हुए शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं आधुनिक बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिक्षक केवल शिक्षण कार्य ही नहीं, बल्कि डिजिटल व्यवस्था को सफल बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। सरकार उनके इस सहयोग, अनुशासन और समर्पण का सम्मान करती है। शिक्षकों के सुझावों और अनुभवों के आधार पर व्हीएसके ऐप को और अधिक सरल, उपयोगी एवं प्रभावी बनाया जाएगा। श्री गजेंद्र यादव ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुविधा और हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि किसी शिक्षक को तकनीकी कारणों से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में कठिनाई आती है, तो उसके हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी। किसी भी शिक्षक को तकनीकी खामी का खामियाजा नहीं भुगतना पड़ेगा। उन्होंने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे पूर्व की भांति व्हीएसके ऐप का उपयोग करते रहें तथा यदि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या या सुझाव हो तो उसे संबंधित अधिकारियों तक अवश्य पहुंचाएं। सरकार प्रत्येक सुझाव का सकारात्मक परीक्षण कर आवश्यक सुधार करेगी, ताकि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं तकनीक-सक्षम बन सके।।    

————————

✍️09. अनुशासनहीनता पर कांकेर पुलिस की बड़ी कार्यवाही, सहायक आरक्षक सेवा से पृथक।लगातार अनाधिकृत अनुपस्थिति एवं विभागीय जांच में दोषी सहायक आरक्षक सेवा से बर्खास्त।

—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में पुलिस विभाग में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं जवाबदेही बनाए रखने हेतु सख्त कार्रवाई करते हुए थाना कोयलीबेड़ा में पदस्थ सहायक आरक्षक क्रमांक-136 झिरटी राम दुग्गा को विभागीय जांच में दोषी पाए जाने पर सेवा से पृथक कर दिया गया है। सहायक आरक्षक झिरटी राम दुग्गा दिनांक 05.07.2024 से बिना किसी सूचना अथवा स्वीकृति के लगातार अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित था। मामले की प्रारंभिक जांच थाना स्तर पर कराई गई, जिसमें आरोप प्रमाणित पाए जाने पर विभागीय जांच आदेशित की गई। विभागीय जांच अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, अंतागढ़ द्वारा संपादित की गई। जांच में यह प्रमाणित हुआ कि संबंधित कर्मचारी 05.07.2024 से लगातार अनाधिकृत रूप से गैरहाजिर रहा। इसके अतिरिक्त उसके पूर्व सेवा काल में भी शासकीय कर्तव्यों के प्रति लापरवाही एवं अनुशासनहीनता के कारण 08 अवसरों पर विभागीय दंड दिया जा चुका था तथा 16 अवसरों पर कुल 1024 दिवस की अनाधिकृत अनुपस्थिति का निराकरण “काम नहीं, वेतन नहीं” के सिद्धांत के तहत किया गया था। बार-बार अवसर दिए जाने के बावजूद संबंधित कर्मचारी के आचरण में कोई सुधार नहीं आया तथा उसने विभागीय नियमों के विपरीत आचरण जारी रखा। गंभीर कदाचार एवं आरोप प्रमाणित होने पर विभागीय नियमों के तहत दिनांक 28.07.2026 को सहायक आरक्षक झिरटी राम दुग्गा को सेवा से पृथक कर दिया गया।

  ———————–

✍️ 10.जनगणना प्रशिक्षण 31 जुलाई से 10 अगस्त तक।

—छत्तीसगढ़ जनगणना निदेशालय द्वारा जारी समय सारिणी अनुसार जनगणना 2027 अन्तर्गत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका हेतु ग्राम एवं नगर निर्देशिका आंकड़ों के संकलन तथा संचयन किए जाने सभी 17 चार्जों के क्षेत्र पदाधिकारियों को एक दिवसीय प्रशिक्षण 31 जुलाई से 10 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। जिला मुख्यालय कांकेर में 31 जुलाई को जिले के सभी नगरीय निकायों-नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सभी 17 चार्जों में अगल अगत तिथियो में 10 अगस्त तक प्रशिक्षण दिए जाएंगे।

  ————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 29 जुलाई 2026 बुधवार

 ———————– कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 29  जुलाई  2026 बुधवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————– ✍️ 01. कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने गुरू पुर्णिमा पर नगर के नरहरदेव…

आज की टॉप 10 खबर 27 जुलाई 2026 सोमवार

 ———————– कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 27  जुलाई  2026 सोमवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————– ✍️ 01. एनसीओआरडी की जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में दी गई जानकारी।…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *