——————–—
संपादकीय
आशा भोंसले (पार्श्वगायिका)

जन्मदिवस पर बधाई…….
दीनानाथ मंगेश्कर की पुत्री आशा मंगेशकर का जन्म आज ही के दिन 8 सितंबर 1933 को महाराष्ट्र के ‘सांगली’ में हुआ था।आशा भोंसले मशहुर पार्श्वगायिका लता मंगेशकर की छोटी बहन है। पिता दीनानाथ मंगेशकर सुप्रसिद्व गायक थे। आशा भोंसले ने कम उम्र में ही पिता से शास्त्रीय संगीत की शिक्षा ग्रहण की थी। आशा भोंसले की आवाज की प्रशंसा न यहां अपितु पूरी दुनियां में होती है।1957 में दिलीप कुमार और वैजयंतीमाला अभिनीत ‘नया दौर’ फ़िल्म के ‘मांग के साथ तुम्हारा’ गीत से आशा जी ने लोकप्रियता हासिल की। आशा जी ने तकरीबन सत्रह हजार से भी अधिक गीत गाये हैं।नया दौर, तीसरी मंज़िल, संगदिल, परिणीता, कशमीर की कली, उमराव जान, इजाज़त मुख्य फिल्में रही।फ़िल्म फेयर बेस्ट फ़ीमेल प्लेबैक अवार्ड, 1996 में स्पेशल अवार्ड (रंगीला- 1995), फ़िल्म फेयर लाइफटाइम एचीवमेंट अवार्ड (2001), पद्म विभूषण पुरस्कारों ने नवाजा गया है। 1981- “दिल चीज़ क्याहै…”(उमराव जान)1986 “मेरा कुछ सामान…”(इजाज़त) राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार से नवाजा गया है।“पद्म विभूषण” के द्वारा राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल ने 5 मई 2008 को आशा जी को सम्मानित किया। यह सम्मान भारत सरकार के महत्त्वपूर्ण सम्मानों में एक है।आशा भोंसले अपने संगीतकार पति आर.डी.बर्मन के साथ कई हिट गाने दिये। ‘ओ हसीना’ और ‘पिया तू अब तो आजा’ जैसे आशा के सुपर हिट गीतों का संगीत बर्मन ने ही तैयार किया था। मदन मोहन जी के 20 साल के संगीत के सफ़र में उनके साथ आशा भोंसले ने 190 और लतामंगेशकर ने तकरीबन 290 फ़िल्मी गीत गाये। संगीत के क्षेत्र में आशा जी का इतना नाम है‚ जिसे बखान कर पाना हमारे लिए असंभव है। प्रसिद्ध पार्श्व गायिका आशा भोसले का 12 अप्रैल 2026 को 92 वर्ष की आयु में मुंबई में निधन हो गया। इस तरह कला संगीत जगत सहित दुनिया को उन्होंने अलविदा कह दिया।
———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
09 सितंबर 2026 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️ 01. इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2026-27 के लिए 15 सितंबर तक करें निःशुल्क पंजीयन।
—कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय एवं राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के तत्वावधान में देश की सबसे बड़ी कौशल स्पर्धा ‘इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2026-27’ के लिए निःशुल्क ऑनलाइन पंजीयन किया जा रहा है। इच्छुक युवा 15 सितंबर तक ऑनलाईन पंजीयन कर सकते हैं।शासकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था कांकेर से प्राप्त जानकारी अनुसार प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए किसी औपचारिक डिग्री की अनिवार्यता नहीं है, बल्कि संबंधित हुनर में दक्षता आवश्यक है। प्रतियोगिता में रोबोटिक्स, क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी, वेब टेक्नोलॉजी, वेल्डिंग, कारपेंट्री, कुकिंग, फैशन टेक्नोलॉजी, बेकरी और ऑटोमोबाइल सहित कुल 63 इंडस्ट्री-रेडी स्किल्स शामिल हैं। भाग लेने के लिए सामान्यतः अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 जनवरी 2006 या उसके बाद होनी चाहिए। वहीं क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी एवं इंडस्ट्री 4.0 जैसी आधुनिक विधाओं के लिए 01 जनवरी 2003 या उसके बाद जन्मे युवा भी पात्र होंगे।जिला स्तर से प्रारंभ होकर राज्य, क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को जापान के आइची में आयोजित वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता 2028 में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा। इच्छुक युवा https://www.skillindiadigital.gov.in पोर्टल पर जाकर निःशुल्क ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। पंजीयन संबंधी तकनीकी सहायता एवं विस्तृत जानकारी के लिए नजदीकी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था से संपर्क किया जा सकता है।
———————–
✍️ 02. विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 क्विज में युवाओं का अधिकाधिक पंजीयन कराने की अपील।
—भारत सरकार, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा स्वामी विवेकानंद जयंती (12 जनवरी) के अवसर पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2027’ विजन के अनुरूप वर्ष 2025 के ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के रूप में पुनर्गठित किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को राष्ट्र के सामाजिक-आर्थिक विकास एवं नीति-निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना है।जिला खेल अधिकारी कांकेर ने बताया कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के अंतर्गत देश को 10 रीजनल क्लस्टरों में विभाजित किया गया है। छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश को ‘सेंट्रल भारत हार्टलैंड’ के रूप में शामिल किया गया है, जिसकी थीम ‘ट्राइबल लीडरशिप, नेचुरल रिसोर्सेज एंड इनक्लूसिव डेवलपमेंट’ निर्धारित की गई है। इस महाअभियान के प्रथम चरण में छत्तीसगढ़ राज्य के लिए 04 लाख युवाओं के पंजीयन एवं क्विज में सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। डिजिटल क्विज में भाग लेने की अंतिम तिथि 30 सितंबर नियत की गई है। जिला खेल अधिकारी ने जिले के युवाओं से माई भारत पोर्टल https://mybharat.gov.in पर अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराने की अपील की है।
———————–
✍️ 03. मिनी माता सम्मान, वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार एवं माता बहादुर कलारिन सम्मान के लिए 25 सितंबर तक आवेदन आमंत्रित।
— छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं अशासकीय संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए वर्ष 2026 हेतु मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान), वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार एवं माता बहादुर कलारिन सम्मान के लिए 25 सितम्बर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान) महिलाओं, विशेषकर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक महिलाओं के उत्थान के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली राज्य की महिला अथवा अशासकीय संस्था को प्रदान किया जाता है। सम्मान के अंतर्गत चयनित महिला अथवा संस्था को 02 लाख रुपये की राशि एवं प्रशस्ति पट्टिका प्रदान किए जाने का प्रावधान है। इसी प्रकार महिलाओं में वीरता, शौर्य, साहस तथा आत्मबल को सशक्त करने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला को वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार प्रदान किया जाता है। इसके तहत चयनित महिला को 02 लाख रुपये की राशि एवं प्रशस्ति पट्टिका से सम्मानित किया जाएगा। महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष तथा नारी उत्थान के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य करने वाली महिला को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से माता बहादुर कलारिन सम्मान प्रदान किया जाता है। इसके अंतर्गत चयनित महिला को 02 लाख रुपये एवं प्रशस्ति पट्टिका प्रदान किए जाने का भी प्रावधान है। उक्त सम्मान हेतु निर्धारित प्रारूप में आवश्यक अभिलेखों सहित आवेदन 25 सितंबर तक कार्यालय कलेक्टर, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला कांकेर में जमा किए जा सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
————————
निधन-

स्व. कुबेर गजेंद्र(चारामा)
जैसाकर्रा,चारामा स्थायी निवासी कुबेर गजेंद्र,गजेंद्र फोटोकापी एवं सीएससी संचालक का आकस्मिक निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ्य चल रहे थे। आकस्मिक निधन पर परिवार सदमे में है। आज उनके अंतिम यात्रा में काफी संख्या में जनप्रतिनिधी,समाजसेवी,ग्रामवासी एवं क्षेत्र के आमजन शामिल हुए। उन्हें दो मिनट की मौन श्रद्वांजलि दी गई।
————————
✍️ 04. संभाग स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन 11 सितम्बर को ।
— जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने हेतु जिला रोजगार कार्यालय एवं प्रशासन के तत्वावधान में एक दिवसीय संभाग स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन 11 सितम्बर को सुबह 11 से अपरान्ह 03 बजे तक लाइवलीवुड कॉलेज कांकेर में किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा 1023 रिक्तियों के आधार पर भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी श्री बी.आर. ठाकुर ने बताया कि उक्त प्लेसमेंट कैम्प में फील्ड ऑफिसर के 36 पद, सिक्युरिटी गार्ड के 353 पद, फायरमेन के 20, फुड पैकिंग के 25, वाहन चालक हैवी के 10, होम केयर के 50, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के 25 और नर्सिंग स्टाफ के 10 पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक आवेदक उक्त प्लेसमेंट कैम्प में उपस्थित होकर अथवा ई-रोजगार के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन https://erojgar.cg.gov.in/ पर अपना सम्पूर्ण बायोडाटा के साथ आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियोक्ता द्वारा प्राथमिक चयन कर साक्षात्कार लिया जाएगा, जिसकी सूचना पृथक से फोन के माध्यम से आवेदक को दी जाएगी।
————————
✍️ 05. दिव्यांगजनों के लिए संभाग स्तरीय शिविर 05 एवं 15 अक्टूबर को। निःशुल्क बनेंगे कृत्रिम हाथ-पैर।
—जिले के ऐसे दिव्यांगजन, जिन्होंने जन्मजात समस्या, दुर्घटना अथवा बीमारी के कारण अपने हाथ या पैर गंवाए हैं, उनके लिए आशा की नई किरण लेकर संभाग स्तरीय शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में दिव्यांगजनों के निःशुल्क कृत्रिम हाथ-पैर का मापन एवं निर्माण किया जाएगा, जिससे उन्हें दैनिक कार्यों एवं आवागमन में सुविधा मिल सके।
समाज कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 05 अक्टूबर को जगदलपुर तथा 15 अक्टूबर को दंतेवाड़ा में शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में शामिल होने वाले हितग्राही एवं उनके एक सहयोगी को जगदलपुर लाने-ले जाने, भोजन आदि की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा निःशुल्क की जाएगी। शिविर में कृत्रिम हाथ-पैर के साथ-साथ छड़ी, व्हीलचेयर एवं ट्राईसाइकिल जैसे सहायक उपकरणों का वितरण तथा मरम्मत भी की जाएगी। जिन दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ-पैर लगाए हुए तीन वर्ष पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें शिविर में बदलने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। उक्त शिविर का लाभ लेने के लिए जिले के इच्छुक दिव्यांगजन पंजीयन के लिए समाज कल्याण विभाग कांकेर अथवा मोबाइल नंबर 94077-37367 पर संपर्क कर सकते हैं।
————————
✍️06. जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विद्यार्थियों, महिलाओं एवं ग्रामीणों सहित लगभग 1200 लोगों को साइबर अपराध एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक।

—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्री श्रीमाल के मार्गदर्शन में कांकेर पुलिस द्वारा जिलेभर में “साइबर जागृति अभियान” के अंतर्गत निरंतर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।इसी क्रम में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी भानुप्रतापपुर श्री शेर बहादुर सिंह, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री प्रतिभा लहरे तथा निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज के नेतृत्व में मावा मोदोल, एकलव्य आवासीय विद्यालय तथा मितानिन एवं महिला समूह भानुप्रतापपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकगण एवं महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा, साइबर ठगी के नए तरीकों एवं महिला सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।इसी अभियान के तहत थाना चारामा, रावघाट, पखांजूर, नरहरपुर, कोरर, आमाबेड़ा एवं चौकी हल्बा क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में स्कूली छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में जागरूक किया गया। इस प्रकार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 1200 विद्यार्थियों, महिलाओं, शिक्षकगण एवं ग्रामीणों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया।

महिला सुरक्षा पर विशेष जोर
महिला रक्षा टीम द्वारा बालिकाओं एवं महिलाओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों एवं उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान “अभिव्यक्ति” ऐप डाउनलोड कराया गया तथा ऐप में उपलब्ध सुरक्षा सुविधाओं के उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबर एवं आत्मरक्षा के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
डिजिटल अरेस्ट एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव की दी जानकारी
पुलिस टीम द्वारा डिजिटल अरेस्ट, पुलिस/CBI/ED अधिकारी बनकर फर्जी कॉल, वीडियो कॉल के माध्यम से धमकी, OTP फ्रॉड, बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड एवं अन्य ऑनलाइन ठगी के तरीकों के बारे में जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को विशेष रूप से बताया गया कि पुलिस अथवा कोई भी सरकारी एजेंसी फोन या वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को “डिजिटल अरेस्ट” कर पैसे जमा कराने के लिए बाध्य नहीं करती। ऐसे किसी भी संदिग्ध कॉल पर घबराएं नहीं और तत्काल पुलिस को सूचना दें।
————————
✍️07. जेपरा में ‘मिशन रक्षक’ के तहत निःशुल्क फिजिकल प्रशिक्षण केंद्र खोलने की मांग।

—ग्राम जेपरा(चारामा) एवं आसपास के युवाओं ने पुलिस एवं विभिन्न सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए जेपरा में ‘मिशन रक्षक’ के तहत निःशुल्क फिजिकल प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने की मांग की है।इस संबंध में ग्रामवासियों एवं युवाओं की ओर से पुलिस अधीक्षक, निखिल राखेचा कांकेर को आवेदन सौंपा गया है। आवेदन में बताया गया है कि जेपरा सहित आसपास के ग्रामों के सैकड़ों युवा बस्तर फाइटर्स, पुलिस, आर्मी, SSC-GD सहित विभिन्न सुरक्षा बलों की भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। वर्तमान में मिशन रक्षक के अंतर्गत निःशुल्क प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन विकासखंड चारामा क्षेत्र में प्रशिक्षण केंद्र नहीं होने के कारण क्षेत्र के युवाओं को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।आवेदन में बताया गया कि वर्तमान प्रशिक्षण में 100 मीटर दौड़, 1500 मीटर दौड़, गोला फेंक, लंबी कूद एवं ऊंची कूद सहित शारीरिक दक्षता की तैयारी कराई जा रही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जेपरा में पूर्व से संचालित ‘मावा मॉडल लाइब्रेरी’ परिसर को मिशन रक्षक प्रशिक्षण केंद्र के रूप में चयनित किया जाए। इससे युवाओं को एक ही स्थान पर शारीरिक एवं लिखित परीक्षा की तैयारी का अवसर मिल सकेगा।ग्रामीणों का कहना है कि जेपरा में प्रशिक्षण केंद्र शुरू होने से जेपरा के साथ आसपास के गांवों के आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को भी निःशुल्क प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा और उन्हें पुलिस एवं सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
————————
✍️08.2015 के भैसगांव-नागरमारी पहाड़ी मुठभेड़ प्रकरण में माओवादी आरोपियों को न्यायालय से सजा।नक्सली हमला एवं पुलिस जवानों की हत्या के प्रयास मामले में 5 आरोपी दोषसिद्ध।

—25 लाख का ईनामी नक्सली प्रभाकर राव संगठन में एसजेडसीएम, आरसीएम उत्तर सब जोनल ब्युरो मापोस टीम प्रभारी के पद पर तथा 08 लाख की ईनामी नक्सली उसकी पत्नी राजे कांगे संगठन में डीव्हीसीएम रावघाट एरिया कमेटी प्रभारी नक्सल संगठन में लगभग 40 वर्षो से सक्रिय रहकर कर रहे थे कार्य।प्रभाकर एवं राजे कांगे के विरूद्ध हत्या, लूट, अपहरण सहित विरूद्ध विभिन्न थानों में कुल 64 एवं 36 प्रकरण दर्ज।ईनामी नक्सली प्रभाकर राव व राजे कांगे कई गंभीर नक्सली वारदात में रहे शामिल थाना प्रभारी एवं गोपनीय सैनिक की हत्या से लेकर जनअदालत में हत्या तक में संलिप्तता। मुख्य वारदातों में बेठिया चौक गोपनीय सैनिक दूर्गू आंचला की हत्या, ग्राम अवलबरस के जंगल पुलिसकर्मी की हत्या, ग्राम तोड़हुर में घर में प्रवेश कर ग्रामीण की हत्या, हिदुर जंगल पहाड़ी पुलिस नक्सली मुड़भेड़, जिला नारायणपुर के ग्राम गोमे में जन अदालत लगाकर हत्या करना इत्यादि घटना शामिल।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 07.09.2015 को थाना कोरर, जिला कांकेर के तत्कालीन उप निरीक्षक मोहन निषाद के नेतृत्व में कुल 49 पुलिस जवान/अधिकारी-कर्मचारी नक्सली सर्चिंग करते हुए ग्राम भैसगांवदृनागरमारी पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचे थे। सर्चिंग के दौरान सीपीआई (माओवादी) नक्सली प्रभाकर, राजे कांगे एवं अन्य 07-08 वर्दीधारी माओवादी नक्सलियों द्वारा पुलिस जवानों से हथियार छीनने एवं उनकी हत्या करने के नियत से पुलिस पार्टी पर फायरिंग की गई। पुलिस बल द्वारा तत्काल आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की गई। मुठभेड़ के पश्चात माओवादी नक्सली मौके से भाग गए।अपराध पंजीबद्ध – घटना के बाद सहायक उप निरीक्षक मोहन निषाद द्वारा सर्चिंग से वापस लौटने पर दिनांक 07.09.2015 की रात्रि 22ः15 बजे थाना कोरर में प्रभाकर, राजे कांगे, रेनू दुग्गा, सोनू, मनोज, पीलाराम, श्रवण कोर्राम एवं अन्य 07-08 वर्दीधारी माओवादी नक्सलियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 108/2015 पंजीबद्ध करवाया गया। प्रकरण में धारा 147, 148, 149, 307 भादवि तथा 25, 27 आम्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।आरोपियों की गिरफ्तारी एवं विवेचना – विवेचना के दौरान प्रकरण के प्रथम सूचना पत्र में नामजद आरोपीगण प्रभाकर, राजे कांगे तथा उन्हें सहयोग एवं संरक्षण देने वाले आरोपीगण श्यामनाथ उसेंडी, चिंतूराम ताम्रकार एवं रमेश कुमार कुमेटी को को गिरफ्तार कर विवेचना की गई। विवेचना पूर्ण होने के उपरांत दिनांक 20.06.2025 को अभियुक्तगण प्रभाकर, राजे कांगे, श्यामनाथ उसेंडी, चिंतूराम ताम्रकार एवं रमेश कुमार कुमेटी के विरुद्ध धारा 147, 148, 149, 307, 212 भादवि, 25, 27 आम्स एक्ट, 38(2), 39(2), 19 विधि विरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1967 के अंतर्गत माननीय न्यायालय विशेष न्यायाधीश (एनआईए एक्ट/अनुसूचित अपराध), कांकेर के न्यायालय में आरोप प्रस्तुत किया गया।न्यायालयीन कार्यवाही – आरोप पत्र दाखिल होने के उपरांत माननीय न्यायालय द्वारा संज्ञान लेते हुए दिनांक 18.07.2025 को आरोपीगण के विरुद्ध आरोप तय किए गए। इसके बाद दिनांक 22.08.2025 से प्रकरण का विचारण प्रारंभ हुआ। माननीय न्यायालय द्वारा दिनांक 29.08.2026 को प्रकरण में निर्णय सुरक्षित रखा गया तथा आज दिनांक 07.09.2026 को आरोपीगण को दोषसिद्ध करते हुए निर्धारित धाराओं के तहत दंड से दंडित किया गया है।
प्रकरण की विवेचना में इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों का महत्वपूर्ण उपयोग – उक्त प्रकरण की विवेचना तत्कालीन पुलिस उप महानिरीक्षक, कांकेर रेंज कांकेर एवं वर्तमान अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर, रायपुर अमित तुकाराम कांबले (भापुसे) के निर्देषन तथा पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री निखिल राखेचा (भापुसे) के मार्गदर्षन एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री राजीव शर्मा के पर्यवेक्षण में व उप पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री गिरिजाशंकर साव (रापुसे) द्वारा की गई थी। प्रकरण की विवेचना के दौरान सामने आए महत्वपूर्ण इलेक्ट्रानिक दस्तावेजों एवं डिजिटल साक्ष्यों को वैज्ञानिक एवं तकनीकी तरीके से सुरक्षित रखने तथा न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की दिशा में कांकेर पुलिस द्वारा विशेष सावधानी बरती गई।प्रकरण में सीपीआई (माओवादी) प्रभाकर एवं राजे कांगे से प्राप्त इलेक्ट्रानिक दस्तावेज/डिजिटल साक्ष्यों को साइबर सेल, पुलिस मुख्यालय के तकनीकी सहयोग से आवश्यक प्रक्रिया के तहत एक्सट्रेक्ट एवं संरक्षित किया गया। इसके पश्चात उक्त इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों को विधिवत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसे माननीय न्यायालय द्वारा साक्ष्य के रूप में स्वीकार किया गया। इसी प्रकार, विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा की गई विभिन्न कार्यवाहियों एवं उनसे संबंधित महत्वपूर्ण अभिलेखों को भी ई-साक्ष्य के माध्यम से इलेक्ट्रानिक स्वरूप में संरक्षित किया गया। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 के प्रावधानों के अनुरूप विवेचना संबंधी कार्यवाहियों के इलेक्ट्रानिक रिकार्ड को सुरक्षित रखते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। माननीय न्यायालय द्वारा इन ई-साक्ष्यों एवं इलेक्ट्रानिक रूप से संरक्षित विवेचना संबंधी दस्तावेजों को साक्ष्य के रूप में स्वीकार किया जाना, कांकेर पुलिस की आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग, वैज्ञानिक विवेचना तथा साक्ष्य संकलन की बेहतर प्रक्रिया को दर्शाता है।
————————
✍️09. गांजा तस्करी के फरार आरोपी को कांकेर पुलिस ने सुकमा से किया गिरफ्तार। 20.235 किलोग्राम गांजा तस्करी के मामले में था फरार।उजियारा अभियान के तहत अवैध गांजा परिवहन के विरुद्ध कांकेर पुलिस की बड़ी कार्यवाही।

—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरीश पाटिल के पर्यवेक्षण में जिले में संचालित “उजियारा अभियान” के तहत अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि—दिनांक 27.08.2026 को थाना प्रभारी के आदेश पर पी.एस.आई. जोंटी सिंह एवं पुलिस टीम द्वारा कांकेर बायपास आवासपारा मनकेशरी चौक के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान CG 08 BG 6871 नंबर की संदिग्ध कार पुलिस को देखकर भागने लगी। पुलिस टीम द्वारा पीछा कर वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 20.235 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,21,410/- बरामद किया गया। मामले में थाना सिटी कोतवाली कांकेर में अपराध क्रमांक 297/2026, धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।प्रकरण में दो आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया जा चुका था, जबकि आरोपी अजीम खान उर्फ सलीम खान घटना दिनांक से फरार था।विवेचना के दौरान दिनांक 04.09.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि फरार आरोपी पट्टनमपारा, सुकमा में रह रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी के आदेश से पी.एस.आई. जोंटी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर सुकमा जिले के पट्टनमपारा में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसे दिनांक 05.09.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय पेश किया गया।
———————–
✍️
10. पुलिस कार्यालय के समक्ष स्थित बस्तर आर्ट पार्क में “जन- सहयोग” का स्वच्छता अभियान।

—समाजसेवी संस्था “जन सहयोग” द्वारा आज अपने स्वच्छता अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष स्थित एक विशाल पार्क में जमकर साफ़ सफ़ाई की गई, जिसे बस्तर आर्ट पार्क कहा जाता है । इस पार्क में बरसात का पानी जमा होने से बहुत सारी फालतू कांटेदार झाड़ियां तथा घास उग आई थी, जिसके कारण पार्क में तफ़रीह के लिए जाना मुश्क़िल हो गया था। इसके अलावा मदिरा प्रेमियों द्वारा फैलाए गए कचरे के विशाल अंबार तो दिख ही रहे थे। पार्क की इस बदहाली की सूचना मिलने पर जन सहयोग के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी आज रविवार को अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे और प्रातः काल 7:00 बजे से 10:30 बजे तक साफ़ सफ़ाई का श्रमदान करते रहे। उनका कहना है कि लगभग 90% सफ़ाई हो चुकी है, शेष भी हो जाएगी और हमारा निश्चय है कि शहर में जो भी छोटे बड़े पार्क हैं ,सब को अच्छी तरह साफ़ कर बच्चों तथा बुजुर्गों के लिए उपयोगी बनाया जाए आज की इस साफ़ सफ़ाई में उत्साह पूर्वक भाग लेने वाले नौजवानों के नाम इस प्रकार हैं :-अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के अलावा धर्मेंद्र देव, जितेंद्र प्रताप देव, डॉक्टर श्याम देव, सागर देव, आशुतोष देव, दिलीप कुमार गंजीर ,अखिलेश साहू ,दोमेश वलेचा, संजय कुंजाम, संजय मोटवानी अनिल वर्मा ,चंद्र नेताम आदि के नाम उल्लेखनीय हैं। बर्बाद होते जा रहे बस्तर आर्ट पार्क को दोबारा सुंदर रूप देने के संकल्प के कारण आम जनता भी “जन सहयोग” की प्रशंसा कर रही है।।
————————
———————-

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






