———————-
संपादकीय
जामवंत परियोजना का क्या हुआॽ

वैसे तो पूरा कांकेर जिले में भालुओं की दहशत व्याप्त है,लेकिन चारामा विकासखंड में ज्यादा ही दहशत व्याप्त है,जिसके चलते आज लोगों की चर्चा का मुख्य विषय भालु बन गया है। अब तो शाम होते ही चारामा विकासखंड की पहाडियों से भालु रिहायशी इलाकों की ओर आ रहे हैं। क्योंकि जंगलों में ये भूख से व्याकुल होते हैं, जंगलों में खाने पीने की कोई चीजें नहीं रह गई है। यही कारण है कि महानदी क्षेत्र के पलेवा,बांडाटोला,टिकरापारा आदि जगहों पर लोगों से आमना सामना होते ही ये हमला कर रहे हैं।चारामा ही नहीं नरहरपुर, के साथ कांकेर जिला मुख्यालय से सटे कोकपुर,माकडी की पहाडियों से लगी सडकों में लोग रात्रि में चलने से बच रहे हैं। ऐसा अनुमान कि जब ये भालु यहां की जंगलों पर छोडे गए होंगे आज इसकी संख्या कई गुना बढ चुकी है,क्योंकि यहां इनके रहवास के लिए पहाडियों में सुरक्षित रहवास होने के चलते प्रजनन दरों में भी बढोत्तरी हुई है, वर्तमान में मादा भालुओं के हमले से कई लोग अस्पतालों में जिंदगी मौत से जुझ रहे हैं।विभाग द्वारा कांकेर जिले को भी जामवंत परियोजना से जोडा गया था,जहां ”कैम्पा” मद से भालुओं के रखरखाव के लिए संरक्षण किया जाता। जामवंत परियोजना के तहत आवास का विकास,भोजन एवं पानी की व्यवस्था लोगों के बीच संघर्ष को रोकने जैसे विषय थे। लेकिन यह परियोजना भी सफल नहीं रहा, तभी तो आज यह स्थिति है, कि जंगली भालु रोज गांवों के साथ शहरी रिहायशी इलाकों की ओर आ रहे हैं,और हमला भी कर रहे हैं। लोगों के लिए आज भालु परेशानी का सबब बने हुए हैं, अब लोगों ने सुबह का मार्निंग वॉक भी छोड दिया है। क्या करें,क्या ना करें की मुश्किलें आ रही है। हाल में कांकेर से खबर आई थी कि अब भालुओं को समेटा जायेगा और दूरस्थ जगहों पर छोडा जायेगा,लेकिन केवल शहर के लिए कि गांव के लिए भी? क्योंकि गावों के लोगों के सामने रोज संघर्ष की स्थिति है। यहां समाचार पत्रों की सुर्खियां रोज भालुओं की खबरों से रंग रही है,तो टीवी चैनलों में भी इसकी खबर ऊपर तक जा रही है,लेकिन ठोस धरातलीय कार्रवाई अभी तक देखने नहीं मिल रही है।
———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
05 सितंबर 2026 शनिवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️ 01. शिक्षक दिवस कन्हारपुरी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम।

—आज क्षेत्र के ग्राम कन्हारपुरी में आयोजित आदर्श ग्रुप के 17वें वर्षगांठ एवं “शिक्षक सम्मान” समारोह में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान कर उनके समर्पण को नमन किया। अपने उद्बोधन में आदर्श ग्रुप की 17 वर्षों की सफल यात्रा पर हार्दिक बधाई एवं आने वाले वर्षों के लिए अनंत शुभकामनाएँ। श्रीनेताम ने आगे कहा- शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी को सक्षम, संस्कारित और आत्मनिर्भर बनाना ही सशक्त समाज की आधारशिला है।
———————–
✍️ 02. कलेक्टर कुंदन कुमार ने कांकेर शहर का किया पैदल निरीक्षण। स्वच्छता एवं विकास कार्यों का लिया जायजा, अनुपस्थित सब इंजीनियर के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिये।

—कलेक्टर कुंदन कुमार ने आज कांकेर शहर के नए बस स्टैंड क्षेत्र एवं मेला भाटा का पैदल निरीक्षण कर शहर की स्वच्छता व्यवस्था सहित विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शहर की स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने सड़कों की नियमित एवं बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क के बीच बने डिवाइडरों में लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई करने तथा शहर की स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रतिदिन सुबह वार्डों का निरीक्षण करने हेतु एसडीएम, तहसीलदार एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया।कलेक्टर कुंदन कुमार ने मेला भाटा के समीप नवनिर्मित 5 हजार लीटर क्षमता की पेयजल टंकी का निरीक्षण किया और शहर में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। टंकी का निर्माण पूर्ण होने के बावजूद इससे पेयजल आपूर्ति प्रारंभ नहीं होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने एक सप्ताह के भीतर टंकी से पेयजल आपूर्ति प्रारंभ करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित सब इंजीनियर के मौके पर अनुपस्थित पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को संबंधित सब इंजीनियर के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। नए बस स्टैंड के समीप स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते समय कलेक्टर की मुलाकात शहीद रामकुमार यादव शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं से हुई। छात्राएं शिक्षक दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रही थीं। कलेक्टर ने छात्राओं से कविता, पहाड़ा एवं गीत आदि सुनाने को कहा। छात्राओं द्वारा ‘रेला’ पाठ सुनाए जाने पर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त की और छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।कलेक्टर ने मेला भाटा स्थित दूधावा तालाब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब के सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों की जानकारी ली तथा तालाब विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में आवश्यक कार्यों का विस्तृत एस्टीमेट तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारी को दिए। निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद कांकेर एसडीएम श्रीमती सरस्वती बंजारे को कलेक्टर ने शहर में संचालित अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
———————–
✍️ 03. मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण से जिले के 24 शिक्षक सम्मानित। शिक्षा दूत पुरस्कार से 21 प्राथमिक शाला शिक्षक और ज्ञानदीप पुरस्कार से 3 माध्यमिक शाला शिक्षक हुए सम्मानित।

—शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला पंचायत कांकेर में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण शिक्षक पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के 24 शिक्षकों को उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इनमें प्राथमिक शालाओं के 21 शिक्षकों को शिक्षा दूत पुरस्कार तथा माध्यमिक शालाओं के 03 शिक्षकों को ज्ञानदीप पुरस्कार प्रदान किया गया। शिक्षा दूत पुरस्कार के लिए जिले के प्रत्येक विकासखंड से 03-03 शिक्षकों का विकासखंड स्तर पर चयन किया गया था। इसी प्रकार ज्ञानदीप पुरस्कार के लिए माध्यमिक शाला के 03 शिक्षकों का जिला स्तर पर चयन किया गया। शिक्षा दूत पुरस्कार से सम्मानित प्रत्येक शिक्षक को 5 हजार रुपये तथा ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित प्रत्येक शिक्षक को 7 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि के साथ प्रशस्ति पत्र मोमेन्टो प्रदान की गई। इस प्रकार कुल 24 शिक्षकों को सम्मानित करते हुए 1 लाख 26 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
शिक्षकों को बच्चों का भविष्य गढ़ने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए : विधायक श्री नेताम

मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण शिक्षक पुरस्कार समारोह को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक कांकेर आशाराम नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण से सम्मानित होना शिक्षकों के लिए गौरव की बात है। शिक्षक बच्चों को गढ़ने का काम करते हैं और आज के कार्यक्रम में बच्चों के भविष्य को गढ़ने वाले शिक्षकों का सम्मान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अन्य शिक्षक भी सम्मानित शिक्षकों से प्रेरणा लें और बच्चों का भविष्य संवारने के लिए निरंतर समर्पण के साथ कार्य करें।विधायक श्री नेताम ने कहा कि विद्यार्थी अपने शिक्षक को हमेशा याद रखते हैं। शिक्षक समाज का मार्गदर्शक होता है, इसलिए शिक्षकों को अपने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनका उचित मार्गदर्शन भी करना चाहिए। शासकीय स्कूलों में शिक्षा का स्तर बनाए रखने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर जोर देते हुए विधायक श्री नेताम ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले अधिकांश बच्चे सामान्य परिवारों से आते हैं। उन्हें बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उनके भविष्य को संवारा जा सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हमारे शासकीय स्कूल किसी भी तरह से निजी स्कूलों से कम नहीं होने चाहिए। उन्होंने सभी शिक्षकों का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों को गढ़ने और उनका भविष्य संवारने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। अपने दायित्वों का भली-भांति निर्वहन करते हुए शिक्षक स्वयं को सम्मान का हकदार बनाएं।
शिक्षा के लिए शिक्षक गंभीरता और समर्पण के साथ कार्य करें : कलेक्टर कुंदन कुमार

समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा कि शिक्षा के प्रति शिक्षक गंभीर रहें और समर्पण भाव से कार्य करें। विद्यार्थियों के साथ अच्छा व्यवहार करें तथा स्कूल में निर्धारित समय पर पहुंचकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि शासकीय स्कूलों में पढ़ने वाले अधिकतर बच्चे ग्रामीण परिवेश तथा गरीब एवं सामान्य परिवारों से आते हैं। उन्हें अच्छी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना हमारी जिम्मेदारी है। कांकेर बस्तर का प्रवेश द्वार है और बस्तर के विकास का द्वार है। हमें शिक्षा के क्षेत्र में भी कांकेर जिले को अग्रणी बनाना है।कलेक्टर कुंदन कुमार ने कार्यक्रम में मौजूद जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग में जो भी कमियां हैं, वे आज के बाद दिखाई नहीं देनी चाहिए। उन्होंने स्कूलों में शराब का सेवन कर आने वाले शिक्षकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही मिशन 90 प्लस के लिए विशेष रूप से कार्ययोजना तैयार करने तथा तीन दिवस के भीतर प्लान बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए।
शिक्षा दूत पुरस्कार से सम्मानित 21 शिक्षक
अंतागढ़ विकासखंड से श्रीमती हेमलता मांझी, प्राथमिक शाला भैरगांव; श्री राधेश्याम ठाकुर, प्राथमिक शाला दर्रोखलारी तथा मुकेश कुमार साहू, प्राथमिक शाला कुदुरपाल को शिक्षा दूत पुरस्कार से सम्मानित किया गया। भानुप्रतापपुर विकासखंड से शेख अमजद, प्राथमिक शाला नयापारा कुंडी; हरिश्चंद्र ठाकुर, प्राथमिक शाला कोकड़े तथा पुरुषोत्तम किरशाने, प्राथमिक शाला आमापारा भानबेड़ा को पुरस्कार प्रदान किया गया। चारामा विकासखंड से श्रीमती सरला सिन्हा, शासकीय प्राथमिक शाला चारामा‚ संतोष सिन्हा, शासकीय प्राथमिक शाला रंगोपारा मरकाटोला तथा शिव कुमार सिन्हा, शासकीय प्राथमिक शाला केकतीपारा को शिक्षा दूत पुरस्कार मिला। दुर्गूकोंदल विकासखंड से नरेंद्र कुमार उयके, शासकीय प्राथमिक शाला मदले; सुकदेव कोड़ोपी, शासकीय प्राथमिक शाला नेलचांग तथा अनिल कुमार साहू, शासकीय प्राथमिक शाला चिहरो को पुरस्कार प्रदान किया गया। कांकेर विकासखंड से श्रीमती भगवती ठाकुर, शासकीय प्राथमिक शाला डुमाली छोटेपारा; श्रीमती त्रिवेणी जैन, शासकीय प्राथमिक शाला सरंगपाल तथा श्रीमती रिया मरकाम, शासकीय प्राथमिक शाला भट्टीपारा देवरी को शिक्षा दूत पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कोयलीबेड़ा विकासखंड से तुमेश्वर कुमार विश्वकर्मा, शासकीय प्राथमिक शाला छिंदटोला; रविंद्रनाथ सरदार, शासकीय पीएमश्री विद्यालय पी.टी.ई. 83 तथा श्रीमती दुर्गामनी नेताम, शासकीय प्राथमिक शाला ढुढ़ापारा को पुरस्कार प्रदान किया गया नरहरपुर विकासखंड से दिनेश कुमार साहू, शासकीय प्राथमिक शाला मावलीपारा; श्रीमती सविता नेताम, शासकीय प्राथमिक शाला माखाड़ी तथा झुमर सिंह नेताम, शासकीय प्राथमिक शाला नयापारा भिरौद को शिक्षा दूत पुरस्कार प्रदान किया गया। शिक्षा दूत पुरस्कार से सम्मानित सभी 21 शिक्षकों को 5-5 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि के साथ शाल – श्री फल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान की गई।
ज्ञानदीप पुरस्कार से तीन शिक्षक सम्मानित
ज्ञानदीप पुरस्कार से चारामा विकासखंड की सुश्री खुशबू जैन शासकीय माध्यमिक शाला खैरवाही; कांकेर विकासखंड की श्रीमती रवी नाग शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला डुमाली तथा दुर्गूकोंदल विकासखंड के मधुराम नेताम शासकीय माध्यमिक शाला सुखई को सम्मानित किया गया।ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित प्रत्येक शिक्षक को 7 हजार रुपये की पुरस्कार राशि,शाल -श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं मोमेन्टो प्रदान की गई।
गोंडी भाषा सीखकर बच्चों को शिक्षा से जोड़ने वाले शिक्षक मुकेश साहू हुए सम्मानित
शिक्षा दूत पुरस्कार से सम्मानित अंतागढ़ विकासखंड के प्राथमिक शाला कुदुरपाल के सहायक शिक्षक (एल.बी.) श्री मुकेश कुमार साहू ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बताया कि उनकी पदस्थापना वर्ष 2010 में कुदुरपाल में हुई थी। उस समय क्षेत्र के अधिकांश बच्चे अपनी स्थानीय गोंडी भाषा में ही बातचीत करते थे तथा उन्हें हिंदी और अंग्रेजी भाषा का पर्याप्त ज्ञान नहीं था। उन्होंने बताया कि बच्चों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने और उन्हें शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से उन्होंने स्वयं सबसे पहले गोंडी भाषा सीखी। इसके बाद वे बच्चों से उनकी स्थानीय गोंडी भाषा में संवाद करने लगे और धीरे-धीरे उन्हें हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा का ज्ञान देना शुरू किया। श्री साहू ने बताया कि इस प्रयास से बच्चों में भाषा को लेकर आत्मविश्वास बढ़ा और उन्हें अपने गांव से बाहर अन्य स्थानों पर लोगों से बातचीत करने में भाषा संबंधी कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ा। शिक्षा दूत पुरस्कार से सम्मानित होने पर मुकेश कुमार साहू ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं कलेक्टर कुंदन कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। शिक्षक सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, नगर पालिका अध्यक्ष अरूण कौशिक, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, शिशुपाल शोरी, नगर पालिका उपाध्यक्ष उत्तम यादव, महेश जैन, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, श्री राजीव लोचन सिंह, ईश्वर कावड़े, जिला शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
————————
✍️ 04. संभाग स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन 11 सितम्बर को ।
— जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने हेतु जिला रोजगार कार्यालय एवं प्रशासन के तत्वावधान में एक दिवसीय संभाग स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन 11 सितम्बर को सुबह 11 से अपरान्ह 03 बजे तक लाइवलीवुड कॉलेज कांकेर में किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा 1023 रिक्तियों के आधार पर भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी श्री बी.आर. ठाकुर ने बताया कि उक्त प्लेसमेंट कैम्प में फील्ड ऑफिसर के 36 पद, सिक्युरिटी गार्ड के 353 पद, फायरमेन के 20, फुड पैकिंग के 25, वाहन चालक हैवी के 10, होम केयर के 50, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के 25 और नर्सिंग स्टाफ के 10 पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक आवेदक उक्त प्लेसमेंट कैम्प में उपस्थित होकर अथवा ई-रोजगार के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन https://erojgar.cg.gov.in/ पर अपना सम्पूर्ण बायोडाटा के साथ आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियोक्ता द्वारा प्राथमिक चयन कर साक्षात्कार लिया जाएगा, जिसकी सूचना पृथक से फोन के माध्यम से आवेदक को दी जाएगी।
————————
✍️ 05. शिक्षक दिवस के अवसर पर ‘मैं हूँ साइबर शिक्षक’ के तहत साइबर शिक्षा से ही साइबर सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को साइबर अपराध, डिजिटल सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा सहित विभिन्न सामाजिक विषयों पर किया गया जागरूक।

—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में कांकेर पुलिस द्वारा जिले में “साइबर जागृति अभियान” के अंतर्गत निरंतर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उप पुलिस अधीक्षक सुश्री प्रतिभा लहरे द्वारा सेंट माइकल स्कूल में लगभग 300 विद्यार्थियों एवं शिक्षकगण को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा, साइबर ठगी के नए तरीकों एवं महिला सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।महिला रक्षा टीम द्वारा बालिकाओं को महिला सुरक्षा एवं उनके अधिकारों की जानकारी देते हुए “अभिव्यक्ति” ऐप डाउनलोड कराया गया तथा ऐप में उपलब्ध सुरक्षा सुविधाओं के उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई इसके साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबर के उपयोग तथा आत्मरक्षा के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

पुलिस टीम द्वारा नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, पुलिस/CBI/ED अधिकारी बनकर फर्जी कॉल, वीडियो कॉल के माध्यम से धमकी, OTP फ्रॉड, बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक एवं अन्य ऑनलाइन ठगी के तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्क एवं सुरक्षित रहने के उपाय बताए गए। छात्रों को विशेष रूप से समझाया गया कि पुलिस या कोई भी सरकारी एजेंसी फोन अथवा वीडियो कॉल पर डिजिटल अरेस्ट कर पैसे जमा कराने के लिए बाध्य नहीं करती। ऐसे किसी भी कॉल पर घबराने के बजाय तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें । कार्यक्रम में
म.प्र.आरक्षक 154 सौशिल्या टेकाम‚प्र.आर.766 अभिषेक साहू‚म.आ. 648 -शांति ठाकुर,725- बालेश्वरी नेताम‚1237- नीलू कोमरे ,आर. 2012 मंजित कुमार जुर्री,आर. 2041 विकास शोरी शामिल रहे।इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों तक पहुंच बनाते हुए उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने एवं साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
————————
✍️06. “प्रोजेक्ट दक्ष” से स्मार्ट पुलिसिंग की ओर कांकेर पुलिस : तकनीकी रूप से सक्षम बन रहा पुलिस बल।207 पुलिस जवानों को दिया जा चुका कंप्यूटर प्रशिक्षण, 36 अधिकारी-कर्मचारी वर्तमान में प्रशिक्षणरत।

—पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में जिला पुलिस कांकेर द्वारा पुलिस बल को तकनीकी रूप से दक्ष एवं आधुनिक पुलिसिंग के अनुरूप सक्षम बनाने के उद्देश्य से “प्रोजेक्ट दक्ष” के अंतर्गत कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। “प्रोजेक्ट दक्ष” का प्रमुख उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कंप्यूटर संचालन, डिजिटल दस्तावेज प्रबंधन, ऑनलाइन कार्यप्रणाली, कार्यालयीन सॉफ्टवेयर एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है।डिजिटल युग में पुलिसिंग की बढ़ती तकनीकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस पहल के माध्यम से पुलिस कर्मचारियों की डिजिटल दक्षता, कार्यक्षमता एवं कार्यालयीन कार्यों की गति को बढ़ाया जा रहा है। इससे विभागीय कार्यों में तकनीक का बेहतर उपयोग होने के साथ-साथ पुलिसिंग को अधिक स्मार्ट, पारदर्शी, सुगम एवं प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।“प्रोजेक्ट दक्ष” के अंतर्गत अब तक कांकेर पुलिस के 207 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सफलतापूर्वक कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान कर तकनीकी रूप से दक्ष बनाया जा चुका है। इसी क्रम में वर्तमान में 36 अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।“प्रोजेक्ट दक्ष” के तहत पुलिस रक्षित केंद्र कांकेर में कंप्यूटर लैब की स्थापना की गई है। इसका उद्देश्य प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके अधिकारी एवं कर्मचारियों को नियमित रूप से कंप्यूटर एवं डिजिटल संसाधनों पर अभ्यास के लिए आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराना है।कांकेर पुलिस द्वारा लगातार बदलती तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप अपने पुलिस बल को तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पुलिसकर्मी आधुनिक संसाधनों एवं डिजिटल तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए आमजन को त्वरित, बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं प्रदान कर सकें।
————————
✍️07. “जन सहयोग” ने किया सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान।

— समाज सेवी संगठन “जन सहयोग” द्वारा आज शिक्षक दिवस के पुण्य अवसर पर तीन वरिष्ठ सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान उनके निवास स्थानों में जाकर किया गया। संगठन के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के अनुसार वे प्रतिवर्ष शिक्षक दिवस के अवसर पर ऐसा ही सम्मान समारोह पहले भी कर चुके हैं तथा भविष्य में भी अपने गुरुजनों का यथायोग्य सम्मान करते रहेंगे। शिक्षक को हमारे देश में राष्ट्र निर्माता कहा गया है, जिनका दर्ज माता-पिता से कम नहीं माना जाता। विद्वानों ने यहां तक कहा है कि “गुरु गोविंद दोऊ खड़े, काके लागूं पाँय, बलिहारी गुरु आपने ,गोविंद दियो बताय,,,,,,,, पहले चरण सेवा गुरु की ही होनी चाहिए, क्योंकि उन्होंने ही ईश्वर से हमें परिचित कराया है। आज “जन सहयोग” द्वारा सम्मानित शिक्षकों में भगवानजी भाई टांक ने अपने अभिनंदन पर अत्यंत अभिभूत होकर कहा कि अजय पप्पू मोटवानी और उनकी संस्था अनेक बड़े सामाजिक कार्य कर रहे हैं, जिनके लिए मेरा आशीर्वाद उनके साथ है । आज उन्होंने अपने साथियों सहित मुझे याद किया है। मुझे भी अपने बचपन के गुरुजन याद आने लगे हैं। “जन सहयोग” ने सेवानिवृत्त प्राचार्य बहादुर लाल तिवारी का भी सम्मान उनके निवास स्थान पर जाकर किया, जो आजकल अस्वस्थ चल रहे हैं। “जन सहयोग” ने सेवानिवृत्त अंग्रेज़ी भाषा के शिक्षक सैयद ज़ुल्फ़िकार अली का भी अभिनंदन किया। उन्होंने बताया कि मेरी आयु अब 84 वर्ष की है, फिर भी मैं बच्चों को पढ़ाता हूं। सेवा निवृत्ति के पश्चात मैं निजी स्कूलों में भी वर्षों तक शिक्षा प्रदान की है लेकिन इतने लंबे शिक्षकीय जीवन में मुझे अभिनंदन के नाम पर काग़ज़ का एक टुकड़ा भी कहीं से नहीं मिला था, इसीलिए आज आपके द्वारा जो मेरा सम्मान किया गया है, उससे मैं हृदय से अभिभूत हूं ,आप सबको मेरा आशीर्वाद है। आज के इस सादगीमय महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के अलावा राजकुमार फव्यानी वरिष्ठ पत्रकार अनुराग उपाध्याय, डॉ श्याम देव, धर्मेंद्र देव, जितेंद्र प्रताप देव,प्रवीण गुप्ता, शैलेंद्र देहारी, दिलीप कुमार गंजीर, गणेश तिवारी, वसंत ठाकुर वकील साहब, देवेश श्रीवास्तव तथा भूतपूर्व सैनिक टेश्वर जैन आदि वरिष्ठ जनों की उपस्थिति गरिमामय थी। शहर भर में गुरुजनों के अभिनंदन की प्रशंसा की जा रही है।
————————
✍️08. ब्रह्माकुमारीज में जन्माष्टमी मनाई गई।

—जन्माष्टमी के पावन अवसर की संध्या 7 बजे से पंडरीपानी कांकेर में स्थित ब्रह्मकुमारीज प्रांगण में हर वर्ष की भांति धूमधाम से, कृष्ण जन्माष्टमी मनाई गई, राधे कृष्ण की सुंदर झांकी , सजाई गई, आकर्षण का केंद्र बिंदु बाल कृष्ण के रूप में ढाई वर्ष की बच्ची आराध्या रही, जिसने अपने बाल चरित्र से, अतिथियों सहित सबका मन मोह लिया, उसने अपने नन्हे हाथों से, मटके से निकाल कर दही खाए, और खिलाया ,कार्य क्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विशेष अजय पप्पू मोटवानी, को उनके समाज सेवा के उत्कृष्ट कार्य के लिए बॉम्बे में मिले अवार्ड, के सम्मान लिए आमंत्रित किया गया था, विशिष्ट अतिथि के रूप में कांकेर थाना के पुलिस सब इंस्पेक्टर रामेश्वर चतुर्वेदी उपस्थित थे, उनके सम्मान के पश्चात , संचालिका बीके रामा दीदी ने, सबको बधाई देते हुए, इस संदर्भ में प्रकाश डालते हुए कहा, हमें श्री कृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने जीवन को भी मूल्यवान बनाना है, अवगुण रहित बनना है, उन्होंने बताया, स्वयं परमपिता परमात्मा, सत्य गीता ज्ञात और राजयोग के माध्यम से मानव को वर्तमान में देवतुल्य बना रहे हैं, और हर कोई बन सकता है। अजय पप्पू मोटवानी नेअपने सारगर्भित विचार, रखते हुए कहा मेरा जीवन जन सेवा के लिए समर्पित है, और शिवबाबा की कृपा से सालों से हम यह निस्वार्थ सेवा कार्य कर रहे है, और करते रहेंगे,रामेश्वर चतुर्वेदी ने कहा हम हमेशा बिजी रहते हैं, आज कार्यक्रम में उपस्थिति भी ऊपर वाले की मर्जी से हुई है, उन्होंने अपने जीवन के कई ऐसे घटनाओं का जिक्र किया, जिसमें, वे हमलों में बाल -बाल बचे, जाको राखें साइयाँ मार सके न कोय । सबको बधाई दिया तदपश्चातसभी अतिथियों ने बाल गोपाल बच्चो के साथ मिलकर साथ मिलकर केक कटिंग किया, रामनरायल पटेल, और अमृता सोनी भजन , प्रस्तुत किये,, मंच संचालन सत्यप्रकाश शर्मा ने किया इस अवसर संस्था के सदस्यों सहित सहयोग संस्था, के सदस्य उपस्थित थे
————————
✍️09. चारामा में सर्व पिछड़ा वर्ग समाज की बैठक संपन्न: रामदेव सिन्हा बने नए ब्लॉक अध्यक्ष, 3 अक्टूबर को कोंडागांव में महारैली की तैयारी।
—छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज को संगठित करने और उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए शनिवार को चारामा में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से समाज के वरिष्ठ व सक्रिय कार्यकर्ता रामदेव सिन्हा को सर्व पिछड़ा वर्ग समाज का नया ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके साथ ही, आगामी 3 अक्टूबर को कोंडागांव में प्रस्तावित विशाल आंदोलन एवं प्रदर्शन की तैयारियों पर विस्तृत रणनीति बनाई गई। पिछड़ा वर्ग समाज अपने लंबे समय से लंबित अधिकारों को लेकर आंदोलनरत है। बैठक में समाज के प्रमुखों ने निम्नलिखित मांगों को पुरजोर तरीके से उठाया। नौकरियों और शैक्षणिक संस्थानों में ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया जाए। राष्ट्रीय जनगणना में पिछड़ा वर्ग के लिए अलग से कॉलम की व्यवस्था हो और निष्पक्ष जातिगत जनगणना कराई जाए। समाज के अधिकारों को सुरक्षित करने के लिए इन्हें पाँचवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग की गई।
सड़क से सदन तक की लड़ाई लड़ी जाएगी: रामदेव सिन्हा
नवनिर्वाचित ब्लॉक अध्यक्ष रामदेव सिन्हा ने समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता समाज को अंतिम व्यक्ति तक जागरूक और संगठित करना है। हमारी यह लड़ाई केवल कांकेर या कोंडागांव तक सीमित नहीं रहेगी। यदि सरकारें हमारी न्यायसंगत मांगों को पूरा नहीं करती हैं, तो यह आंदोलन सड़क से लेकर सदन तक पहुंचेगा। गांव-गांव जाकर प्रत्येक व्यक्ति को समाज से जोड़ा जाएगा।
पिछड़ा वर्ग समाज एक होकर लड़ाई लड़ें तो सरकार हमारी मांगे जरूर पुरा करेगी -परमानंद साहु संरक्षक पिछड़ा वर्ग समाज
समाज हित में समर्पण की भावना आवश्यक: गोपाल गजेंद्र
बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेता गोपाल गजेंद्र ने कहा कि समाज में काम करने के लिए पद का लालच छोड़कर अपने हक और अधिकार के लिए आगे आना होगा। उन्होंने भावुक होकर कहा, “जिस समाज में हमने जन्म लिया है, उसके हित के लिए यदि सिर भी कटाना पड़े तो उसमें मेरा सिर सबसे आगे रहेगा। हमें व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज को सशक्त बनाना है।
———————–
✍️
10. जन्माष्टमी पर कुरिष्टकुर पहूंचे कांकेर विधायक आशा राम नेताम।

—क्षेत्र के ग्राम कुरिष्टकुर में आयोजित पावन श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने इस अवसर पर र भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की तथा श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से आत्मीय भेंट कर उन्हें जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा-भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म के मार्ग पर अडिग रहते हुए सत्य, कर्तव्य और लोककल्याण के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।इस पावन पर्व पर भगवान श्रीकृष्ण से कांकेर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।“धर्म की राह पर चलें, कर्म को अपना धर्म बनाएं।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






